शिवसेना का चुनाव चिह्न फ्रीज़, दोनों धड़े नहीं कर सकेंगे इस्तेमाल

शिवसेना के धनुष-तीर वाले चुनाव चिह्न को लेकर पार्टी के दोनों धड़ों के बीच चल रही खींचतान के बीच इस पर चुनाव आयोग का अहम फ़ैसला आया है.

लाइव कवरेज

ब्रजेश मिश्र and अभिजीत श्रीवास्तव

  1. प्रशांत किशोर पर फिर बोले नीतीश- उनसे कोई लेना-देना नहीं है

    प्रशांत किशोर और नीतीश कुमार

    इमेज स्रोत, ANI

    बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने चुनावी राजनीतिकार प्रशांत किशोर के उस दावे का जवाब दिया है कि उन्हें जनता दल यूनाइटेड के नेता की ओर से पद का ऑफ़र दिया गया था.

    नीतीश कुमार ने पटना में पत्रकारों के साथ बातचीत के दौरान प्रशांत किशोर के उस दावे को पूरी तरह से खारिज किया है.

    नीतीश कुमार ने कहा, "नहीं, नहीं... ये गलत बात है. वो ऐसे ही बोलते रहते हैं, सुन लीजिए. कुछ नहीं है. उनको जो मर्जी, बोलते रहें. हम लोगों को उनसे कोई लेना-देना नहीं है. और इस बात को अच्छी तरह जान ही न गए हैं भाई. हम तो दिल्ली में भी और पटना में भी कह दिए हैं और इस बारे में हम रोज़-रोज़ क्या बोलें. वो मेरे साथ रहता था, मेरे घर में रहता था. हम क्या बोलें. अब जिसको जहां जाना है, जाए."

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    नीतीश कुमार ने उस घटना का भी जिक्र किया कि प्रशांत किशोर ने उन्हें जनता दल यूनाइटेड का कांग्रेस में विलय कर लेने की सलाह दी थी.

    मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, "एक बार हमको बीच में आकर वो कह रहा था कि हमको अपनी पार्टी को कांग्रेस में विलय कर लेना चाहिए. ये बहुत पहले... चार साल पहले की बात है. हम भला अपनी पार्टी को कांग्रेस में मर्ज करेंगे. इन लोगों का कोई ठिकाना नहीं है. अपना जहां गया है... बीजेपी में, उसी के हिसाब से काम कर रहा है."

    प्रशांत किशोर और नीतीश कुमार

    इमेज स्रोत, ANI

    पिछले दिनों प्रशांत किशोर के साथ हुई मुलाकात पर नीतीश कुमार ने कहा, "हम नहीं बुलाए थे, अपने आया था मिलने के लिए. ये लोग को जो करना है करे, इन लोगों को राजनीति से क्या मतलब है. हमको उससे कोई लेना-देना नहीं है. अच्छा है कि उन लोगों (बीजेपी) के साथ है, मदद कर रहा है. बढ़िया है कि उसको वहां भी जगह मिल जाए... केंद्र से भी..."

    नीतीश कुमार ने एक बार फिर ये आरोप दोहराया कि प्रशांत किशोर बीजेपी के साथ मिल कर काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा, "उसी का (बीजेपी का) काम कर रहा है वो... हम लोगों का विरोध, इनका (तेजस्वी यादव) का, सबका विरोध काहे के लिए कर रहा है."

  2. ये हैं दुनिया के सबसे ख़तरनाक कुत्ते

    वीडियो कैप्शन, ये हैं दुनिया के सबसे ख़तरनाक कुत्ते

    आम तौर पर कुत्ते को इंसान का सबसे अच्छा दोस्त बताया जाता है. लेकिन सभी कुत्ते दोस्त हों, ये ज़रूरी नहीं हैं. दुनिया में कुत्तों की कुछ प्रजातियां हैं, जो बेहद ख़तरनाक मानी जाती हैं.

    हाल में कुत्तों के कई हमलों में लोग घायल हुए हैं. यहां तक कि जान भी गई है. लेकिन कुत्ते इंसान पर हमला क्यों करते हैं?

  3. एशिया कप टी20: भारत ने बांग्लादेश को 59 रनों से हराया, पॉइंट टेबल में टॉप पर बरकरार

    स्मृति मंधाना

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, भारतीय कप्तान स्मृति मंधाना ने मैच में छह चौके की मदद से 38 गेंदों पर 47 रन बनाए

    महिला एशिया कप टी20 के एक अहम मुक़ाबले में भारत ने बांग्लादेश को 59 रन से हरा कर टूर्नामेंट में चौथी जीत दर्ज की है.

    भारत के 159 रनों के जवाब में बांग्लादेश ने 20 ओवरों में 7 विकेट पर 100 रन बनाए. बांग्लादेश ने एक वक़्त मैच में केवल एक विकेट के नुकसान पर 68 रन बनाए थे लेकिन इसके बाद रन गति बढ़ाने की कोशिश में उसके विकेट तेज़ी से गिरने लगे.

    अगले 26 बनाने में बांग्लादेश ने छह विकेट गंवा दिए. भारत की ओर से दीप्ति शर्मा और शेफाली वर्मा ने दो-दो विकेट लिए वहीं रेणुका सिंह और स्नेह राणा को एक-एक विकेट मिले.

    बांग्लादेश की तरफ़ से कप्तान निगार सुल्ताना ने 36 रनों की पारी खेली तो ओपनर फरगाना हक़ ने 30 रन और मुर्शिदा खातून ने 21 रनों का योगदान दिया. इसके अलावा बांग्लादेश की कोई अन्य बैटर पांच रन से ऊपर का स्कोर नहीं बना सकीं.

    इस जीत के साथ ही भारत ने पॉइंट टेबल में अपनी बादशाहत बरकरार रखी है.

    शेफाली वर्मा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, शेफाली वर्मा को प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया उन्होंने 55 रन बनाए और दो विकेटें भी लीं

    भारतीय टीम ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए कप्तान स्मृति मंधाना (47 रन), ओपनर शेफाली वर्मा के अर्धशतक (55 रन), जेमिमा रोड्रिग्स के नाबाद 35 रनों की बदौलत 20 ओवर में पांच विकेट पर 159 रन बनाए.

    शेफाली वर्मा को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन (अर्धशतक और दो विकेट लेने) के लिए प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया.

    यह भारत का इस टूर्नामेंट में पांचवां मैच है. अब तक भारतीय टीम ने चार मैच जीते है और वो पॉइंट टेबल में आठ अंकों के साथ शीर्ष पर बरकरार है.

    वहीं पाकिस्तान और श्रीलंका की टीमें छह अंकों समेत क्रमशः दूसरे और तीसरे नंबर पर हैं.

    भारत का अगला मैच थाइलैंड से 10 अक्टूबर को होगा.

  4. 'मैं जिस गर्भ से पैदा हुई उसी से मेरा बच्चा भी पैदा होगा'

    DEV IMAGES

    इमेज स्रोत, DEV IMAGES

    अहमदाबाद के 'इंस्टीट्यूट ऑफ़ किडनी डिज़ीज़ एंड रिसर्च सेंटर' में एक ही दिन दो यूटेरस ट्रांसप्लांट किए गए. इस सर्जरी को करने में 12-14 घंटे लगते हैं.

    जूनागढ़ की रीना वाघासिया ने अपने यूटरेस ट्रांसप्लांट के बाद बीबीसी से कहा, "मेरी मां ने मुझे यूटेरस दिया है. जिस गर्भ से मैं पैदा हुई थी, उसी से मेरा बच्चा भी पैदा होगा."

    उन्होंने बताया , "जन्म के बाद ही मेरा गर्भाशय दो हिस्सों में बंट गया था. शादी के बाद मुझे इसका पता चला. मुझे बच्चा नहीं हो रहा था. जब मैंने इलाज कराना शुरू किया तो पता चला कि मैं ज़िंदगी भर मां नहीं बन सकती."

    रीना के पति भी इस ट्रांसप्लांट के बाद बेहद ख़ुश हैं.

  5. राहुल गांधी 'भारत जोड़ो यात्रा' के दौरान बीजेपी, संघ और अडानी पर एक साथ हुए हमलावर

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, ANI

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी शनिवार को भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कर्नाटक के तुमकुरु में मीडिया से बात करते हुए एक साथ बीजेपी, संघ, सावरकर और अडानी पर बोले.

    इस दौरान उन्होंने बीजेपी के लगाए जा रहे आरोप, कि कांग्रेस पीएफ़आई का समर्थन कर रही है, पर कहा कि उनकी पार्टी नफ़रत फ़ैलाने वालों के ख़िलाफ़ अपनी लड़ाई जारी रखने में विश्वास करती है.

    राहुल बोले, "मेरा विचार है कि इससे फ़र्क़ नहीं पड़ता कि कौन नफ़रत फ़ैला रहा है, इससे फ़र्क़ नहीं पड़ता कि वो किस समुदाय से ताल्लुक रखते हैं, नफ़रत और हिंसा फ़ैलाना देश विरोधी कार्य है और हम उन लोगों से अपनी लड़ाई जारी रखेंगे."

    राहुल गांधी ने बीजेपी और संघ पर भी हमलावर हुए.

    उन्होंने कहा, "मैं जिस विचार को मानता हूं वो बीजेपी और संघ को परेशान करता है. मीडिया के करोड़ों रुपये और ऊर्जा, मुझे वो आकार देने में खर्च किए जा रहे हैं जो कि पूरी तरह से निराधार और ग़लत है. ये आगे भी जारी रहेगा क्योंकि ये तंत्र आर्थिक रूप से संपन्न है."

    संघ और सावरकर पर भी निशाना साधते हुए राहुल ने कहा, "मेरे मुताबिक संघ अंग्रेज़ों की मदद करता था और सावरकर अंग्रेज़ों से पेंशन लिया करते थे. ये एक ऐतिहासिक तथ्य है. स्वतंत्रता संग्राम में कहीं भी बीजेपी नहीं देखेगी."

    "यह कांग्रेस पार्टी के नेता थे जिन्होंनेअंग्रेज़ों से लड़ाई की, जिन्होंने जेल में कई साल बिताए."

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    अडानी, बिजनेस, कॉरपोरेट पर क्या बोले राहुल?

    राजस्थान में दो दिवसीय इन्वेस्ट राजस्थान समिट के दौरान दुनिया के दूसरे सबसे अमीर शख़्स उद्योगपति गौतम अडानी ने बताया कि उन्होंने राजस्थान के औद्योगिक क्षेत्रों में 60 हज़ार करोड़ से अधिक का निवेश किया है.

    राहुल गांधी से इस पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, "अडानी ने राजस्थान को 60 हज़ार करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया. कोई भी मुख्यमंत्री ऐसे प्रस्ताव को नहीं ठुकरा सकता. राजस्थान के मुख्यमंत्री ने अडानी को न कोई तरजीह दी, न ही अपनी राजनीतिक शक्ति का इस्तेमाल उन्हें (अडानी को) उनके बिजनेस की मदद नहीं की है."

    "मेरा विरोध ये है कि बीजेपी सरकार ने भारत के सभी बिजनेस में दो-तीन लोगों को एकाधिकार दे रखा है. मैं इसके ख़िलाफ़ हूं.मैं बिजनेस या कॉरपोरेट के ख़िलाफ़ नहीं हूं. मैं पूंजी के केंद्रीयकरण के ख़िलाफ़ हूं."

    "अगर पूरी की पूरी राजनीतिक शक्तियां ग़लत तरीक़े से दो या तीन लोगों की मदद करने में लग जाएं तो इसमें हिंदुस्तान का नुकसान होता है."

    राहुल बोले, "अगर राजस्थान की सरकार ने अडानी जी को ग़लत तरीक़े से राजस्थान में बिजनेस दिया तो मैं उसके ख़िलाफ़ खड़ा हो जाउंगा. अगर सही प्रक्रिया के तहत दिया है तो मुझे उससे कोई परेशानी नहीं है."

    यह तीसरा मौका है जब राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान मीडिया से बात की.

  6. फ़रीदाबाद: 'ना जाने कितने मर गए, इंसाफ़ के नाम पर कुछ नहीं मिलता'

    रजनी

    इमेज स्रोत, Alamy

    बुधवार को राजधानी दिल्ली से सटे फ़रीदाबाद के एक निजी अस्पताल में चार सफ़ाईकर्मियों की ज़हरीली गैस सूंघने के कारण मौत हो गई.

    विशाल, रवि गोलकर, रोहित और रवि कुमार ये चारों लड़के वाल्मीकि समुदाय से आते हैं. इन चारों का अंतिम संस्कार परिवार वालों ने गुरुवार देर शाम नौ बजे किया.

    इन चारों की मौत फ़रीदाबाद के एस निजी अस्पताल क्यूआरजी में एक सेप्टिक टैंक की सफ़ाई के दौरान हुई थी. ये काम मैनुअल स्कैवेंजिंग (मैला ढोना या हाथ से नालों-टैंक की सफ़ाई करना) के दायरे में आता है जो ग़ैर-क़ानूनी है.

    दक्षिणपुरी दिल्ली की चौड़ी व्यस्त सड़क के बग़ल में लगभग डेढ़ मीटर संकरी गली वाला ये इलाक़ा संजय कैंप है.

  7. एशिया कप टी20: भारतीय महिला टीम ने बांग्लादेश के सामने रखा 160 रनों का लक्ष्य

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    एशिया कप के एक अहम मुक़ाबले में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने बांग्लादेश के सामने जीत के लिए 160 रनों का लक्ष्य रखा है.

    भारतीय टीम ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए कप्तान स्मृति मंधाना के 47 रन, ओपनर शेफाली वर्मा के अर्धशतक (55 रन) जेमिमा रोड्रिग्स के नाबाद 35 रनों की बदौलत 20 ओवरों में पांच विकेट पर 159 रन बनाए.

    पॉइंट टेबल में शीर्ष पर चल रही भारतीय टीम लगातार तीन मुक़ाबले जीतने के बाद शुक्रवार को पाकिस्तान से मैच हार गई थी. बांग्लादेश के ख़िलाफ़ यह मैच हारने की सूरत में भारतीय टीम के दूसरे नंबर पर खिसक सकती है.

    भारत, पाकिस्तान और श्रीलंका ने अब तक चार मैच खेले हैं और तीनों टीमों ने तीन-तीन मैच जीते हैं. तीनों ही टीमों के एक समान 6 अंक हैं. हालांकि नेट रन रेट के आधार पर भारतीय टीम फिलहाल शीर्ष पर बनी हुई है.

  8. मुस्लिम बहुल देशों की इस 'एकजुटता' के बीच भारत के रुख़ पर बहस

    इंडोनेशिया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकर परिषद यानी यूएनएचआरसी में चीन के ख़िलाफ़ लाया गया प्रस्ताव आख़िरकार गिर गया है लेकिन इसको लेकर कई मुस्लिम देशों पर एक बड़ा सवाल ज़रूर खड़ा हो गया है.

    दरअसल, चीन के शिनजियांग प्रांत में वीगर मुसलमानों के मानवाधिकर उल्लंघनों पर बहस को लेकर एक प्रस्ताव गुरुवार को यूएनएचआरसी में पेश किया गया था जो गिर गया.

    अगर यह प्रस्ताव पास हो जाता तो मार्च में होने वाले अगले सत्र में वीगर मुसलमानों के मानवाधिकर उल्लंघनों को लेकर बहस होती लेकिन 47 सदस्यों वाली परिषद में 17 देशों ने इस प्रस्ताव के समर्थन में वोट किया जबकि 19 ने इसके ख़िलाफ़ वोट किया.

    जिन 19 देशों ने इस प्रस्ताव के विरोध में चीन का साथ देते हुए वोट किया उनमें अधिकतर मुस्लिम बहुसंख्यक और सोमालिया को छोड़कर सभी अफ़्रीकी देश शामिल हैं. इस प्रस्ताव के समर्थन में जापान और दक्षिण कोरिया जैसे देश थे जो इस प्रस्ताव पर यूएनएचआरसी में बहस चाहते थे.

  9. किसी भी ताक़त को पाकिस्तान को राजनीतिक या आर्थिक रूप से अस्थिर नहीं करने देंगे: जनरल बाजवा

    पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल क़मर जावेद बाजवा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल क़मर जावेद बाजवा

    पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल क़मर जावेद बाजवा ने कहा है कि किसी भी देश, समूह या संगठन को पाकिस्तान को राजनीतिक या आर्थिक रूप से अस्थिर करने की अनुमति नहीं दी जाएगी.

    एबटाबाद के काकुल में स्थित पाकिस्तान मिलिट्री एकेडमी में पासिंग आउट परेड को संबोधित करते हुए पाकिस्तान के सेना प्रमुख ने कहा कि किसी भी फ़ेक न्यूज़ और दुष्प्रचार पर ध्यान न दें, देश की सुरक्षा मजबूत हाथों में है.

    जनरल क़मर जावेद बाजवा ने पास आउट होने वाले कैडेट्स को बधाई देते हुए कहा कि आप लोगों को गर्व होना चाहिए कि आप इस महान सेना का हिस्सा बनने जा रहे हैं, इस संस्थान से पास आउट होना गर्व की बात है.

    उन्होंने कहा कि दुनिया बदल गई है, हमें भी बदलना चाहिए, नहीं तो हम सभी को 'यथास्थिति' की कीमत चुकानी पड़ेगी. सेना प्रमुख ने कहा कि पाकिस्तान एक शांतिपूर्ण देश है और अपने पड़ोसियों के साथ अच्छे संबंध चाहता है, हम पड़ोसियों के साथ सभी समस्याओं को शांति से हल करना चाहते हैं लेकिन शांति की हमारी इच्छा को कमजोरी नहीं माना जाना चाहिए.

    जनरल क़मर जावेद बाजवा ने कहा कि पाकिस्तान को चरमपंथ से मुक्ति दिलाने के लिए सेना ने बड़ी कुर्बानियां दी हैं, लोगों के पूरे समर्थन और विश्वास से चरमपंथ के ख़िलाफ़ जंग में कामयाबी हासिल की है.

    उन्होंने कहा कि शांति की चाह में पाकिस्तान ने अपने पड़ोसियों और क्षेत्रीय देशों के साथ अच्छे संबंधों के लिए बहुत प्रयास किए हैं.

  10. असम के इस परिवार में तीन पीढ़ियों से नेत्रहीन बच्चे पैदा होने की गुत्थी सुलझी

    असम

    इमेज स्रोत, Dilip Sharma/BBC

    "हमारे पिता नेत्रहीन थे. हम तीन भाई-बहन भी नेत्रहीन पैदा हुए. इस तरह हमारी तीन पीढ़ी में कुल 19 लोग आँख की रौशनी के बग़ैर पैदा हुए. पहले हमें लगता था कि अल्लाह ने हमें ऐसा ही बनाया है. लेकिन जब चिकित्सकों ने हम लोगों के परिवार की जेनेटिक जांच करवाई तब जाकर पता चला कि सालों से हमारे घर में नेत्रहीन बच्चे क्यों पैदा हो रहे थे."

    जन्म से नेत्रहीन 54 साल के मोहम्मद इसहाक़ अली बड़ी बेबसी और उम्मीद के साथ ये बातें कहते हैं. मोहम्मद इसहाक़ की बेबसी तीन पीढ़ी से उनके परिवार में पैदा हो रहे नेत्रहीन सदस्यों को लेकर थी.

    2018 में चिकित्सकों की एक टीम ने जेनेटिक जांच करके उस बीमारी का पता लगा लिया, जिससे आने वाले समय में इनके परिवार में दृष्टिहीन बच्चे के जन्म को रोका जा सकता है.

    इसके बाद परिवार को एक उम्मीद की किरण दिखी. उन्हें लगा कि आने वाली पीढ़ी में कोई नेत्रहीन पैदा नहीं होगी.

  11. पहले रूस-यूक्रेन युद्ध, अब चीन-ताइवान विवाद पर एलन मस्क ने क्या कहा

    एलन मस्क

    इमेज स्रोत, Reuters

    रूस और यूक्रेन के बीच तनाव ख़त्म करने के लिए एक संभावित समझौते का सुझाव देने के बाद अरबपति कारोबारी एलन मस्क ने अब कहा है कि चीन और ताइवान का झगड़ा ताइवान पर बीजिंग को कुछ नियंत्रण देने से सुलझ सकता है.

    दुनिया के सबसे दौलतमंद शख़्स ने फाइनैंशियल टाइम्स को दिए इंटरव्यू में कहा, "मेरा सुझाव है.... ताइवान के लिए एक स्पेशल एडमिनिस्ट्रेटिव ज़ोन की संभावना तलाशिए जो कामचलाऊ और सबको स्वीकार्य हो. मुमकिन है कि उससे सबलोग खुश नहीं होंगे."

    ये इंटरव्यू शुक्रवार को पब्लिश किया गया है. इस इंटरव्यू में जब एलन मस्क से चीन-ताइवान विवाद पर पूछा गया तो उन्होंने ये बात कही. एलन मस्क का चीन में बड़ा कारोबार है और शंघाई में उनकी एक बहुत बड़ी फैक्ट्री है. इस फैक्ट्री में एलन मस्क की टेस्ला इलेक्ट्रिक कार का उत्पादन होता है.

    वीडियो कैप्शन, रूस-यूक्रेन की लड़ाई तेज़ करने की तैयारी

    चीन का कहना है कि लोकतांत्रिक शासन व्यवस्था वाला ताइवान उसका एक प्रांत है और उसने कह रहा है कि एक न एक दिन ताइवान को उसके नियंत्रण में लाया जाएगा जबकि ताइवान की सरकार चीन की संप्रभुता के दावे को खारिज करती है और उसका कहना है कि ताइवान के दो करोड़ 30 लाख लोग ही केवल अपनी किस्मत का फ़ैसला कर सकते हैं.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, एलन मस्क ने कहा, "और ये संभव है... और मुझे लगता है कि शायद... दरअसल कुछ ऐसी व्यवस्था बनाई जा सकती है जो हांगकांग की तुलना में अधिक उदारवादी हो."

    चीन ने ताइवान को 'एक देश, दो शासन व्यवस्था' की पेशकश कर रखी है जो हागंकांग की तर्ज पर स्वायत्ता का मॉडल है. लेकिन ताइवान की मुख्यधारा की सभी राजनीतिक पार्टियों ने चीन की इस पेशकश को खारिज कर दिया था.

    ऑडियो कैप्शन, चीन और ताइवान के बीच उलझे रिश्ते

    साल 2020 में हांगकांग में कड़े नेशनल सिक्योरिटी लॉ के लागू होने के बाद 'एक देश, दो शासन व्यवस्था' वाली पेशकश को लेकर आम लोगों में कोई समर्थन नहीं है.

    ताइवान के विदेश मंत्रालय ने एलन मस्क की टिप्पणी पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है लेकिन सिक्योरिटी प्लानिंग से जुड़े एक वरिष्ठ ताइवानी अधिकारी ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स से कहा कि "मस्क को एक सुलझे हुए राजनीतिक सलाहकार की ज़रूरत है."

    उन्होंने कहा, "हांगकांग में क्या हुआ, ये दुनिया ने देख लिया है. बीजिंग के निरंकुश क़ानून के बाद हांगकांग की आर्थिक और सामाजिक विविधता ख़त्म हो गई."

    टेस्ला ने पिछले साल दुनिया भर में जितनी गाड़ियां बेची थीं, उसके आधा हिस्सा शंघाई वाली फैक्ट्री में तैयार हुआ था. एलन मस्क ने इस इंटरव्यू में कहा कि चीन ने उनसे इस बात भरोसा मांगा है कि वे अपनी स्टारलिंक की इंटरनेट सेवा चीन में नहीं मुहैया कराएंगे.

  12. पंजाब के आख़िरी सिख महाराजा दलीप सिंह का ब्रिटेन से रिश्ता

    वीडियो कैप्शन, पंजाब के आख़िरी सिख महाराजा दलीप सिंह का ब्रिटेन से रिश्ता

    पंजाब के अंतिम सिख शासक महाराजा दलीप सिंह के बारे में बेहद कम लोगों को पता है.

    15 साल की उम्र में उन्हें अंग्रेज़ों ने निवार्सित कर दिया था. जिसके बाद वो ब्रिटेन चले गए और बाक़ी की ज़िंदगी इंग्लैंड के नोफ़ोर्क में गुज़ारी.

    उनकी ज़ि़ंदगी के बारे में लोगों को बताने के लिए इंग्लैंड के नोफोर्क में एक प्रदर्शनी लगाई गई है.

    देखिए बीबीसी संवाददाता गगन सभरवाल की रिपोर्ट.

  13. भारतीय वायु सेना में होने जा रहे बड़े बदलाव क्या हैं?

    वायुसेना प्रमुख एयर चीफ़ मार्शल विवेक राम चौधरी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, वायुसेना प्रमुख एयर चीफ़ मार्शल विवेक राम चौधरी

    भारतीय वायुसेना शनिवार को अपना 90वां स्थापना दिवस मना रही है.

    इस मौके पर वायुसेना प्रमुख एयर चीफ़ मार्शल विवेक राम चौधरी ने बताया कि केंद्र सरकार ने वायुसेना में वेपन सिस्टम ब्रांच बनाने की अनुमति दे दी है.

    भारतीय वायु सेना

    इमेज स्रोत, TWITTER@IAF_MCC

    इस साल के जश्न का थीम – ‘एयरफ़ोर्स: ट्रांसफॉर्मिंग फॉर द फ्यूचर’ है.

    यह बताता है कि भारतीय वायु सेना की नई परिभाषा लिखने, नई सोच और नई ताक़त की ज़रूरत है ताकि भविष्य के लिए वो तैयार हो सके.

    भारतीय वायु सेना

    इमेज स्रोत, TWITTER@IAF_MCC

    उन्होंने कहा, "आज़ादी के बाद ऐसा पहली बार हो रहा है कि वायुसेना में एक ऑपरेशनल ब्रांच बनाई जा रही है."

    इस नई ब्रांच के तहत चार नए वेपन सिस्टम बनाए जाएंगे जो फ्लाइंग, सरफ़ेस, रिमोट और इंटेलिजेंस विंग होंगे.

    इसमें धरती से धरती पर मार करने वाली मिसाइलों को मैनेज कर वाली एक टीम होगी, दूसरी धरती से हवा में मार करने वाली मिसाइलों के लिए एक टीम होगी, रिमोट कंट्रोल से ऑपरेशन करने की टीम अलग होगी और खुफिया तंत्र के लिए एक टीम होगी.

    भारतीय वायु सेना

    इमेज स्रोत, TWITTER@IAF_MCC

    वायुसेना प्रमुख ने बताया कि इस ब्रांच को बनाने से करीब 3400 करोड़ रुपये की बचत भी होगी. क्योंकि फ्लाइंग ट्रेनिंग में खर्च होने वाला पैसा बचाया जा सकेगा.

    उन्होंने बताया कि अग्निपथ स्कीम के तहत एयरफोर्स में भी भर्तियां होंगी. इस साल दिसंबर में 3000 अग्निवीर-वायु अपनी शुरुआती ट्रेनिंग के लिए आएंगे.

  14. ओपेक प्लस के फ़ैसले के बाद रूस से तेल ख़रीदने पर भारत की दो टूक

    ओपेक प्लस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण दुनिया में कौन किस से तेल और गैस ख़रीदेगा इसको लेकर लगातार बहस तेज़ है लेकिन इसी बीच भारत ने साफ़ कर दिया है कि उसे जहाँ से तेल मिलेगा वो वहाँ से ख़रीदेगा.

    केंद्रीय तेल एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शुक्रवार को कहा कि भारत सरकार की यह नैतिक ज़िम्मेदारी है कि वो अपने नागरिकों को ऊर्जा मुहैया कराए और इसके लिए वो जहाँ से चाहे वहाँ से तेल ख़रीदेगी.

    रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण वैश्विक ऊर्जा प्रणाली पर काफ़ी गहरा असर पड़ा है, जिसके कारण सप्लाई में रुकावट आई है और ऊर्जा की मांग बढ़ी है.

    पूरी दुनिया में इसके कारण ऊर्जा के दाम बढ़े हैं जिससे इसके उपभोक्ताओं, व्यापार और यहाँ तक की कई राष्ट्रों की अर्थव्यवस्थाओं तक पर ख़ासा असर पड़ा है.

  15. क्राइमिया को रूस से जोड़ने वाले एक मात्र पुल पर लगी आग

    कर्च ब्रिज पर आग

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, रूस इस पुल का इस्तेमाल यूक्रेन में युद्ध के लिए हथियार भेजने के लिए करता है

    क्राइमिया और रूस के बीच बने रेल ब्रिज पर शनिवार सुबह भीषण आ लग गई. रूस के सरकारी मीडिया के मुताबिक एक फ्यूल टैंक में लगी है. लेकिन इसके कारणों का पता नहीं चला है.

    घटनास्थल के वीडियो में एक ट्रेन कर्च ब्रिज पर आग की लपटों में घिरी दिखी. इसी से जुड़े रोड ब्रिज को भी कुछ नुकसान पहुंचा है.

    रूस ने साल 2014 पर क्राइमिया पर कब्जा किया था और अब इस पुल का इस्तेमाल यूक्रेन में सैन्य उपकरण ले जाने के लिए कर रहा है.

    क्राइमिया के प्रमुख के एक सलाहकार ने बताया कि आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी हैं. ब्रिज पर आवाजाही रोक दी गई है.

    क्राइमिया को रूस से जोड़ने वाला ये पुल लगातार यूक्रेनी सेनाओं के निशाने पर है. यूक्रेन की सेनाएं रूसी ठिकानों और सप्लाई को तबाह कर रहा है.

    रूस के क्राइमिया पर कब्ज़े के बाद राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने साल 2018 में इस ब्रिज का उद्घाटन किया था.

    विशेषज्ञों के मुताबिक, ब्रिज पर लगी आग किसी मिसाइल हमले का असर नहीं लगती. क्योंकि जिस तरह का नुकसान या आग की लपटेंदिखी हैं वो किसी हवाई हमले की वजह से नहीं लगतीं.

    एक विशेषज्ञ ने बीबीसी से कहा, ‘‘यह एक सुनियोजित हमला हो सकता है जो नीचे किया गया होगा.’’

  16. आख़िर कौन चुका रहा है यूक्रेन में जंग की क़ीमत

    वीडियो कैप्शन, यूक्रेनः जंग की कीमत चुकातीं आम ज़िंदगियां

    यूक्रेन के सैनिक रूस के कब्ज़े से अपने कई अहम इलाकों को छुड़ा रहे हैं.

    सारा ध्यान अब नजदीकी शहर खेरसन पर है, जिसे रूस ने पिछले ही हफ्ते अवैध तरीके से अपना हिस्सा बना लिया था.

    यूक्रेन ने सामरिक रूप से महत्वपूर्ण पूर्वी कस्बे लीमान पर दोबारा नियंत्रण कर लिया है, लेकिन यहां दोनों ही पक्षों को जंग की भारी कीमत चुकानी पड़ी है.

    देखिए बीबीसी संवाददाता ओर्ला ग्यूरिन की ये रिपोर्ट.

  17. महिला एशिया कप: भारत ने बांग्लादेश से टॉस जीता, पहले बल्लेबाज़ी का फैसला

    महिला एशिया कप

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, स्मृति मंधाना

    महिला एशिया कप में भारतीय टीम की कप्तान स्मृति मंधाना ने बांग्लादेश के ख़िलाफ़ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया है.

    यह मैच बांग्लादेश के सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हो रहा है.

    भारतीय टीम शुक्रवार को पाकिस्तान से हुआ मुकाबला 13 रन से हार गई. हालांकि अब भी छह अंकों के साथ भारतीय टीम प्वाइंट टेबल पर सबसे ऊपर है.

    शुक्रवार हो हुए दूसरे मैच में श्रीलंका ने मलेशिया को 72 रनों से हरा दिया. पाकिस्तान और श्रीलंका भी छह प्वाइंट के साथ दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं.

    इस मैच में टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर को आराम दिया गया है इसलिए स्मृति मंधाना को कप्तान बनाया गया है.

  18. बांग्लादेश: दुर्गा पूजा के बाद एक हिंदू मंदिर में तोड़-फोड़ का मामला

    सांकेतिक तस्वीर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    पश्चिमी बांग्लादेश में औपनिवेशिक दौर के एक हिंदू मंदिर में अज्ञात लोगों द्वारा मूर्ति के साथ तोड़-फोड़ का मामला सामने आया है. समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने इस घटना के बाद कार्रवाई शुरू कर दी है.

    बांग्लादेशी न्यूज़ वेबसाइट बीडीन्यूज़24 की रिपोर्ट के अनुसार, झेनैदाह ज़िले के दौतिया गांव के काली मंदिर के अध्यक्ष सुकुमार कुंडा ने बताया कि पुलिस ने शुक्रवार को टूटी हुई मूर्ति के अवशेष बरामद किए. मूर्ति का सर मंदिर परिसर से काफी दूर फेंक दिया गया था.

    सुकुमार कुंडा ने बताया कि काली मंदिर में औपनिवेशिक दौर से हिंदू समुदाय के लोग पूजा किया करते थे. ये घटना दुर्गा पूजा की प्रतिमा विसर्जन के बाद हुई है.

    बांग्लादेश पूजा सेलीब्रेशन काउंसिल के महासचिव और ढाका यूनिवर्सिटी में गणित के प्रोफेसर चांदनाथ पोद्दार ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि ये घटना रात के वक़्त हुई थी. हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि बांग्लादेश में दुर्गा पूजा शांति पूर्ण माहौल में संपन्न हुई है.

    झेनैदाह ज़िले के पुलिस असिस्टेंट सुप्रिटेंडेंट अमित कुमार बर्मन ने बताया कि इस घटना को लेकर केस दर्ज कर लिया गया है और संदिग्ध लोगों की तलाश की जा रही है.

  19. सिद्धार्थ मल्होत्रा करियर और कियारा पर क्या बोले?

    कियारा आडवाणी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    आलिया भट्ट, वरुण धवन के साथ 'स्टूडेंट ऑफ़ द ईयर' से बॉलीवुड करियर शुरू करने वाले सिद्धार्थ मल्होत्रा की गिनती इंडस्ट्री के 'नई-जेनेरेशन' के अच्छे कलाकारों में होती है.

    सिद्धार्थ मल्होत्रा ने बॉलीवुड में 10 साल पूरे कर लिए हैं. इन दस सालों में उन्होंने 'हंसी तो फंसी', 'एक विलेन', 'कपूर एंड संस', 'बार-बार देखो' जैसी कई हिट फ़िल्में दी हैं. पिछले साल आई उनकी फ़िल्म 'शेरशाह' के लिए सिद्धार्थ मल्होत्रा को काफी सराहा गया था.

    'स्टूडेंट ऑफ़ द ईयर' से 'शेरशाह' तक के सफर और इसके बीच आई चुनौतियों पर सिद्धार्थ मल्होत्रा सेबीबीसी हिन्दी के लिए नयनदीप रक्षितने ख़ास बातचीत की.

    सिद्धार्थ मल्होत्रा एक ऐसे परिवार से आते हैं जिनका बॉलीवुड की दुनिया से कोई सीधा रिश्ता नहीं रहा है.

  20. दिल्ली: इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने सीएनजी और पीएनजी गैस की क़ीमत 3 रुपये बढ़ाई

    सीएनजी गैस स्टेशन

    इमेज स्रोत, ANI

    प्राकृतिक गैस की क़ीमतों में की गई बड़ी वृद्धि के बाद शनिवार को दिल्ली में सीएनजी और पीएनजी गैस में 3 रुपये की वृद्धि का एलान किया गया है.

    इस साल सात मार्च के बाद सीएनजी की कीमत में ये 14 वृद्धि है जबकि आख़िरी बार इसकी कीमत 21 मई को दो रुपये प्रति किलो की दर से बढ़ाई गई थी. इस अवधि में सीएनजी 22.60 रुपये महंगा हो गया.

    इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने अपनी वेबसाइट पर जानकारी दी है कि दिल्ली में सीएनजी की कीमत अब 75.61 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 78.61 रुपये प्रति किलो हो गई है.

    पाइप के जरिए रसोई घरों में पहुंचने वाले पीएनजी गैस की कीमत अब दिल्ली में 53.59 रुपये प्रति एससीएम (स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर) हो गई जबकि पहले ये 50.59 रुपये प्रति एससीएम थी.

    पीएनजी की कीमतों में पिछले साल अगस्त के बाद से ये दसवीं वृद्धि है. इस दौरान पीएनजी 29.93 रुपये प्रति एससीएम या लगभग 91 फीसदी महंगा हो गया है. स्थानीय करों के मुताबिक़ आईजीएल के दायरे में आने वाले शहरों में ये क़ीमत अलग-अलग हो सकती है.