You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

शिवसेना का चुनाव चिह्न फ्रीज़, दोनों धड़े नहीं कर सकेंगे इस्तेमाल

शिवसेना के धनुष-तीर वाले चुनाव चिह्न को लेकर पार्टी के दोनों धड़ों के बीच चल रही खींचतान के बीच इस पर चुनाव आयोग का अहम फ़ैसला आया है.

लाइव कवरेज

ब्रजेश मिश्र and अभिजीत श्रीवास्तव

  1. ख़ालिस्तानियों ने जब किया भारत में रोमानिया के राजदूत का अपहरण

    20 अगस्त 1991 को रोमानिया में भारत के राजदूत जूलियो रिबेरो शाम को छह बजे अपने दफ़्तर से लौटते ही अपनी पत्नी के साथ वॉक पर निकल गए. उनसे 30 मीटर पीछे दो रोमानियन सुरक्षाकर्मी चल रहे थे.

    उनके पास रिवॉल्वर थी जिसे उन्होंने अपनी जेबों में छिपा रखा था. रोमानिया सरकार को इस बात की भनक थी कि रिबेरो की जान को ख़तरा है क्योंकि वो पंजाब में पुलिस महानिदेशक रह चुके थे. रिबेरो दंपत्ति क़रीब आधा किलोमीटर चले होंगे कि उन्हें अपने पास कार के तेज़ी से ब्रेक लगने की आवाज़ सुनाई दी.

    आवाज़ सुनते ही रिबेरो चौकन्ने हो गए. उन्होंने पीछे मुड़ कर देखा तो चार लोग हाथों में हथियार लिए कार से तेज़ी से नीचे उतर रहे थे. उनमें से एक ने रिबेरो की दिशा में फ़ायर किया.

    जूलियो रिबेरो अपनी आत्मकथा 'बुलेट फ़ॉर बुलेट' में लिखते हैं, "मैं उतनी तेज़ी से भागा जितना 62 साल का एक शख़्स भाग सकता था. मैंने दौड़ते हुए सड़क पार की जो बहुत चौड़ी थी. दो हमलावर मेरा पीछा कर रहे थे. वो अपनी एके 47 से मुझ पर लगातार फ़ायर कर रहे थे. एके 47 से किसी एक ख़ास व्यक्ति को निशाना बनाने की संभावना बहुत कम होती है.''

  2. अडानी के साथ तस्वीर पर बीजेपी ने घेरा, अशोक गहलोत ने किया पलटवार

    राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की उद्योगपति गौतम अडानी के साथ तस्वीरों पर बीजेपी की ओर से सवाल उठाए जा रहे हैं. इस पर सीएम गहलोत ने भी पलटवार किया है.

    अशोक गहलोत ने कहा कि गहलोत और कांग्रेस के विरोध में भाजपा राजस्थान के युवाओं के सुनहरे मौकों का भी विरोध कर रही है.

    दरअसल, राजस्थान सरकार ने राज्य में निवेश को बढ़ावा देने के लिए सात और आठ अक्टूबर को इन्वेस्ट राजस्थान समिट का आयोजन किया है.

    शुक्रवार यानी सात अक्टूबर को इन्वेस्ट राजस्थान समिट में अडानी समूह के मालिक गौतम अडानी भी शामिल हुए. मुख्यमंत्री गहलोत के साथ उनकी तस्वीर सोशल मीडिया पर छाई रही.

    इस तस्वीर पर बीजेपी ने सवाल खड़े किए.

    दरअसल, जिस वक़्त अडानी गहलोत के साथ मंच साझा कर रहे थे और अपने भाषण में गहलोत अडानी की तारीफ़ कर रहे थे, ठीक उसी वक़्त कांग्रेस नेता राहुल गांधी ट्वीट करके मोदी सरकार पर पूंजीपतियों को फ़ायदा पहुंचाने का आरोप लगा रहे थे. हालांकि इस ट्वीट में राहुल गांधी ने किसी का नाम नहीं लिया लेकिन वो बीजेपी के निशाने पर आ गए. क्योंकि राहुल गांधी लगातार केंद्र सरकार पर अडानी समूह को फायदा पहुंचाने के आरोप लगाते रहे हैं.

    अडानी ने की निवेश और नौकरी देने की घोषणा

    गौतम अडानी ने राजस्थान सरकार और सीएम अशोक गहलोत के विजन की तारीफ करते हुए राज्य में करीब 65 हज़ार करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की. इसके साथ ही उन्होंने 40 हज़ार नौकरियां देने की भी बात की.

    अडानी ने गहलोत सरकार की समाजिक सुरक्षा योजनाओं की तारीफ की. उन्होंने सोलर एनर्जी और दूसरे क्षेत्रों में निवेश की योजना भी बताई.

    बीजेपी ने उठाए सवाल

    राजस्थान बीजेपी ने अपने आधिकारिक ट्विटर पर राहुल गांधी का एक वीडियो पोस्ट किया और तंज कसा कि जिन पर राहुल गांधी सवाल उठा रहे हैं, पैसों के लिए कांग्रेस सरकार उन्हीं के करीब जा रही है.

    बीजेपी विधायक और पूर्व मंत्री वासुदेव देवनानी ने गहलोत और अडानी की तस्वीर शेयर की और लिखा कि यह तस्वीर कांग्रेस हाईकमान के मुंह पर करारा तमाचा है.

    गहलोत का जवाब

    अडानी के साथ तस्वीर और तारीफ को लेकर उठ रहे सवालों पर सीएम अशोक गहलोत ने बीजेपी पर पलटवार किया. उन्होंने एक ट्वीट करके बीजेपी से सवाल किए.

    गहलोत ने लिखा, ‘‘आज राजस्थान में करीब 11 लाख करोड़ रुपये के निवेश के प्रस्ताव आए हैं. इन्वेस्ट राजस्थान कार्यक्रम में सिर्फ एमओयू और एलओआई ही साइन नहीं हुए, बल्कि करीब 40% प्रोजेक्ट अगले स्टेज पर पहुंच गए हैं. राज्य में जब अभी तक का सबसे बड़ा निवेश आ रहा है तब अफसोस की बात यह है कि भाजपा और मीडिया का एक तबका इसकी नेगेटिव पब्लिसिटी में लगा हुआ है.’’

    गहलोत ने आगे कहा, ‘‘कांग्रेस कभी उद्योगों के खिलाफ नहीं रही. मुझे समझ नहीं आ रहा कि भाजपा इसका विरोध क्यों कर रही है? आप अशोक गहलोत का विरोध करिए, कांग्रेस का विरोध करिए, लेकिन राजस्थान के युवाओं के भविष्य के मौकों का विरोध क्यों कर रहे हैं? क्या राजस्थान भाजपा हमारे इतने अंधविरोध में आ गई है कि वो प्रदेश के सुनहरे भविष्य के लिए हो रहे कामों का भी विरोध करेगी. राजीव गांधी के समय इन लोगों ने कंप्यूटर का विरोध बैलगाड़ी से चलकर किया था.’’

  3. नासिक में कंटेनर से टक्कर के बाद बस में लगी आग, 11 लोगों की मौत

    महाराष्ट्र के नासिक में शनिवार सुबह एक निजी बस में आग लगने से 11 लोगों की मौत हो गई. इस हादसे में करीब 38 लोग घायल बताए जा रहे हैं.

    पुलिस के मुताबिक़, दुर्घटना नासिक-औरंगाबाद मार्ग पर नंदूरनाका के पास सुबह क़रीब साढ़े पाँच बजे हुई. मुंबई से यवतमाल जा रही बस एक कंटेनर ट्रक से टकरा गई और बस में आग लग गई.

    नासिक के पुलिस उपाधीक्षक अमोल तांबे ने बताया, ‘’हादसे में 38 यात्री मामूली रूप से घायल हुए हैं. उनका इलाज चल रहा है. मरने वालों की पहचान की जा रही है. घटना की जांच की जा रही है कि हादसा कैसे हुए और बस में आग कैसे लगी.’’

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर अफसोस जताया है और मुआवजे की घोषणा की है.

    पीएमओ ने एक ट्वीट में लिखा, ‘‘नासिक की घटना से हैरान हूं. इसमें दुर्घटना में जिन लोगों ने अपनों को खोया है उनके साथ मेरी संवेदनाएं हैं. सभी घायल जल्द स्वस्थ हों. स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हर संभव मदद कर रहा है.’’

    प्रधानमंत्री मोदी ने घटना में मरने वालों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हज़ार रुपये देने की घोषणा की है.

    महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हादसे पर शोक प्रकट किया. उन्होंने हादसे में मरने वालों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये देने की घोषणा की है. साथ ही घायलों का इलाज सरकारी खर्चे पर कराने का भी एलान किया है.

  4. महिला एशिया कप में भारत को हराने पर क्या बोल रहे पाकिस्तानी

    बांग्लादेश में खेले जा रहे महिला एशिया कप में पाकिस्तान ने शुक्रवार को भारतीय महिला टीम को 13 रनों से हरा दिया. इस जीत पर पाकिस्तानी क्रिकेट फ़ैन ट्विटर पर जश्न मना रहे हैं.

    शुक्रवार को भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए मैच की स्टार ऑलराउंडर निदा डार रहीं. निदा ने बल्ले से कमाल दिखाया और 37 गेंदों में 56 रनों की नाबाद पारी खेली. निदा डार और टीम की कप्तान बिस्माह मारूफ़ ने 76 रनों की साझेदारी की. टीम ने भारत के सामने 137 रनों का लक्ष्य रखा था.

    निदा डार ने गेंदबाज़ी में भी करिश्मा दिखाया और दो विकेट झटके.

    पूर्व महिला क्रिकेटर अंजुम चोपड़ा ने भारतीय टीम के प्रदर्शन पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि टीम को देखकर यह समझ नहीं आ रहा था कि वो क्या करने की कोशिश कर रही है.

    उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लग ही नहीं रहा था कि ये वही टीम है जो कॉमनवेल्थ गेम्स में सिल्वर मेडल जीती है या जिन्होंने इंग्लैंड के ख़िलाफ़ अच्छा प्रदर्शन किया है. बीते दो-तीन महीने से जो क्रिकेट खेल रही थी भारतीय टीम, वो कौन सी टीम है.’’

    ट्विटर पर भारतीय टीम की हार पाकिस्तान की जीत पर पाकिस्तान में लोग क्या-क्या कह रहे हैं-

    पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शोएब मलिक ने ट्वीट किया और भारत को पराजित करने पर पाकिस्तानी महिला टीम की तारीफ की.

    उन्होंने लिखा, ‘‘महिला एशिया कप में भारत को हराने पर हमारी महिला टीम पर बेहद गर्व है. बिस्माह मारूफ़ की कप्तानी और निदा डार ने तरह आज अपना अंदाज़ दिखाया, वो उनकी लगन को दर्शाता है.’’

    हसन अली ने भी टीम की तारीफ़ के पुल बांधे.

    उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ऐसा उन्होंने पहली बार नहीं किया है. एशिया कप में भारतीय टीम को हराने पर पाकिस्तानी महिला क्रिकेट टीम को बधाई. इस महिला क्रिकेट टीम ने हमें एक बार फिर गौरवान्वित किया है.’’

    मोहम्मद हफ़ीज़ ने टीम को बधाई दी और निदा डार को सुपरस्टार बताया.

    उन्होंने लिखा, ‘‘पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम को बधाई. निदा डार ने बहुत अच्छा खेला. आप सुपरस्टार हैं.’’

    टीवी होस्ट फ़ख़र-ए-आलम ने टीम को बधाई दी और लिखा, ‘‘भारतीय टीम के ख़िलाफ़ पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम का शानदार प्रदर्शन. बहुत शुभकामनाएं. इस जीत के लिए बधाई लड़कियों. आने वाले दिनों में और कामयाबी मिले.’’

    ट्विटर यूज़र फ़िरोज़ ख़ान ने इस जीत के लिए निदा डार को श्रेय दिया और कहा कि पूरी टीम ‘क्वालिटी क्रिकेट’ खेल रही है.

    उन्होंने लिखा, ‘‘क्या खेल था.. क्या शानदार जीत. सभी को बधाई हो और इस जीत का क्रेडिट बेशक निदा डार को उनके आल-राउंड प्रदर्शन के लिए दिया जाना चाहिए. पूरी महिला क्रिकेट टीम शानदार क्रिकेट खेल रही है.’’

    एक यूज़र ने लिखा कि पाकिस्तानी टीम ने इतिहास रच दिया है और उम्मीद जताई कि एशिया कप पाकिस्तान की टीम ही जीतेगी. उन्होंने लिखा, ‘‘पाकिस्तान की महिला टीम ने भारत से मुकाबला जीत लिया है. इतिहास रचा गया है. इंशाअल्लाह यह एशिया कप हमारा है.’’

    भारत को हराने के बाद अब पाकिस्तानी टीम रविवार को यूएई के ख़िलाफ़ खेलेगी. भारत के साथ मैच से पहले 6 अक्टूबर को पाकिस्तानी टीम की टक्कर थाइलैंड से हुई थी. इस मैच में पाकिस्तानी महिला टीम को हार का सामना करना पड़ा था. थाइलैंड महिला क्रिकेट टीम ने आखिरी ओवर में एक गेंद शेष रहते पाकिस्तान को चार विकेट से हराया था.

  5. धर्म बदलने के बाद क्या दलितों को मिलेगा आरक्षण, सरकार ने उठाया बड़ा कदम

    केंद्र सरकार ने तीन सदस्यीय आयोग का गठन किया है जो यह पता लगाएगा कि क्या ऐसे लोगों को अनुसूचित जाति का दर्जा दिया जा सकता है, जिन्होंने हिंदू, सिख और बौद्ध धर्म के अलावा कोई अन्य धर्म अपना लिया हो.

    इस आयोग की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के पूर्व चीफ़ जस्टिस केजी बालाकृष्णन करेंगे.

    केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय की ओर से जारी की गई अधिसूचना के मुताबिक़, इस आयोग में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी डॉ. रवीद्र कुमार जैन और यूजीसी की सदस्य प्रोफ़ेसर डॉ. सुषमा यादव भी बतौर सदस्य रहेंगी. आयोग को दो साल में अपनी रिपोर्ट सौंपनी है.

    यह राष्ट्रीय आयोग मुख्य रूप से इस्लाम और ईसाई धर्म अपनाने वाले अनुसूचित जाति के लोगों के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक स्तर का अध्ययन करेगा.

    संविधान के अनुसूचित जाति आदेश 1950 के मुताबिक़, हिंदू, सिख और बौद्ध धर्म के अलावा किसी अन्य धर्म को मानने वाले व्यक्ति को अनुसूचित जाति का सदस्य नहीं माना जा सकता. मूल आदेश में सिर्फ हिंदुओं में ही अनुसूचित जाति थी, लेकिन बाद में इसमें संशोधन करके सिख और बौद्ध धर्म को भी शामिल किया गया.

    सरकार ने आयोग का गठन ऐसे वक़्त में किया है जब सुप्रीम कोर्ट नेशनल काउंसिल ऑफ़ दलित क्रिश्चियन्स (NCDC) की ओर से दायर एक जनहित याचिका पर सुनवाई कर रहा है. इस संबंध में साल 2004 से अब तक सुप्रीम कोर्ट में कई मामले दायर हो चुके हैं.सुप्रीम कोर्ट ने अगस्त में केंद्र सरकार से इस मामले में मौजूदा स्थिति स्पष्ट करने को कहा था.

  6. आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने जाति व्यवस्था पर क्या कहा?

    राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने जाति और वर्ण व्यवस्था को ख़त्म करने की वकालत की है. उन्होंने शुक्रवार को कहा कि समाज का हित सोचने वाले लोगों को यह मानना पड़ेगा कि वर्ण और जाति व्यवस्था पुरानी व्यवस्था थी जो अब प्रासंगिक नहीं है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, एक कार्यक्रम में आरएसएस प्रमुख ने कहा, ‘‘वर्ण और जाति की अवधारणा भूलनी होगी. आज अगर कोई इस बारे में बात करे तो... समाज का हित चाहने वाले हर व्यक्ति को यह कहना चाहिए कि वर्ण और जाति व्यवस्था पुरानी सोच थी जिसको अब भूल जाना चाहिए.’’

    उन्होंने कहा कि ऐसी कोई भी चीज़ जो भेदभाव पैदा कर रही हो उसे हर तरह से ख़ारिज कर देना चाहिए. भारत हो या फिर कोई और देश, पिछली पीढ़ियों ने ग़लतियां ज़रूर की हैं.

    मोहन भागवत ने कहा, ‘‘हमें उन ग़लतियों को स्वीकार करने में कोई समस्या नहीं होनी चाहिए. और अगर आप को यह लगता है कि हमारे पूर्वजों ने ग़लती की है अगर हम ये मान लेंगे तो उनका महत्व कम हो जाएगा तो ऐसा नहीं है क्योंकि हर किसी के पूर्वजों ने ग़लतियां की हैं.’’

    इसके पहले बुधवार को मोहन भागवत ने समाज में आपसी भाईचारा बढ़ाने की बात कही थी. उन्होंने कहा था कि ‘अल्पसंख्यकों को ख़तरे में डालना न तो संघ का स्वभाव है और न ही हिंदुओं का.’

    कांग्रेस और दूसरे विपक्षी दल आरएसएस पर लोगों को भड़काने और एक दूसरे के ख़िलाफ़ उकसाने की कोशिश के आरोप लगाते रहे हैं.

    कांग्रेस ने अपनी भारत जोड़ों यात्रा में बीजेपी और आरएसएस दोनों को निशाने पर लिया है और उन पर देश को बांटने के आरोप भी लगाए हैं. कांग्रेस का आरोप है कि आरएसएस और बीजेपी लोगों को एक दूसरे के ख़िलाफ़ लड़ा रही हैं.

    ‘‘जनसंख्या पर नीति की ज़रूरत’’

    इसके पहले भागवत ने कहा था कि भारत को एक व्यापक जनसंख्या नीति की ज़रूरत है और धर्म आधारित जनसंख्या के 'असंतुलन' का मामला नज़रअंदाज़ नहीं किया जाना चाहिए.

    बुधवार को दशहरे के मौक़े पर नागपुर में अपने संबोधन में भागवत ने कहा कि जनसंख्या के 'असंतुलन' के कारण भारत ने गंभीर परिणाम भुगता है. उन्होंने 1947 में भारत के विभाजन और पाकिस्तान के बनने के लिए धर्मों के बीच जनसंख्या में कथित असंतुलन को ज़िम्मेदार ठहराया.

  7. नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है.

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज में आपको दिनभर ताज़ा और अहम ख़बरें मिलेंगी.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 07 अक्टूबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    शुरुआत आज की कुछ बड़ी ख़बरों से-

    • महाराष्ट्र के नासिक में बस और कंटेनर की टक्कर के बाद लगी आग. तीन लोगों की मौत, 15 घायल.
    • राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े संगठन ने उद्योगपति रतन टाटा को ‘सेवा रत्न’ सम्मान दिया.
    • इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने दिल्ली में सीएनजी की कीमतें तीन रुपये प्रति किलो बढ़ाईं. अब सीएनजी 78.61 रुपये प्रति किलो मिलेगी. नोएडा-गाज़ियाबाद में बढ़ी हुई कीमत 81.17 रुपये हुई.