इंग्लैंड ने रविवार को लाहौर में डेविड
मलान के उम्दा अर्धशतक और क्रिस वोक्स के तीन विकेट के सहारे पाकिस्तान को सातवें
टी-20 मैच में 67 रन से हरा दिया है.
टी-20 विश्व कप से
पहले इंग्लैंड ने इस जीत के साथ ही पाकिस्तान से सिरीज़ भी 4-3 से जीत लिया है.
इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 210 रन का लक्ष्य दिया था लेकिन कप्तान बाबर आज़म चार रन और मोहम्मद
रिज़वान एक रन बनाकर आउट हो गए.
33 रन पर ही पाकिस्तान के तीन विकेट गिर
गए थे. पाकिस्तान के शान मसूद ने टीम को जीत दिलाने की कोशिश की और उन्होंने 43 गेंद पर 56 रन की अहम पारी खेली. लेकिन उन्हें भी
क्रिस वोक्स ने आउट कर दिया.
पाकिस्तान की इस हार के बाद वहाँ की
टीम आम लोगों के निशाने पर है. सोशल मीडिया पर लोग आलोचना कर रहे हैं कि मोहम्मद
रिजवान और बाबर आज़म के बाद पाकिस्तान की टीम में दम नहीं बचता है.
पाकिस्तानी अभिनेता फ़ख़्र-ए-आलम ने ट्वीट कर
कहा है, ''तो बाबर और रिज़वान के आउट होने के बाद
पूरी बैटिंग लाइन सरेंडर कर देगी? क्या यही टीम का अप्रोच है? इंग्लैंड के भी जल्द ही दो विकेट गिर गए थे लेकिन इन्होंने हार नहीं
मानी. क्या हमारी यही बल्लेबाज़ी है?''
पाकिस्तान के सीनेटर फ़ैसल जावेद ख़ान ने लिखा है कि इग्लैंड के साथ टी-20 सिरीज़ में पाकिस्तान की टीम की कमज़ोरी खुलकर सामने आई है. फ़ैसल का कहना है कि टीम चयन और स्ट्राइक रेट पर ध्यान देना चाहिए.
पाकिस्तान तेज़ गेंदबाज़ शोएब अख़्तर ने भी इंग्लैंड से हार के बाद कहा है कि उनकी टीम का मध्य क्रम ठीक नहीं है.
शोएब अख़्तर ने कहा, ''पाकिस्तान का टॉप ऑर्डर परफॉर्म नहीं करेगा तो मिडिल ऑर्डर बिखर जाता है.इस तरह आप न वर्ल्ड कप में जा सकते हैं और वर्ल्ड कप जीत सकते हैं. ये बेहद दुखी करने वाला है.’’
शोएब ने कहा कि उन्हें इस बात का डर है कि पाकिस्तान वर्ल्ड कप में पहले राउंड में ही बाहर न हो जाए.
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने उन्हें पहले भी चेताया है कि अपना मिडिल ऑर्डर सुधारो, मिडिल ऑर्डर ठीक करो. लेकिन वो सुन नहीं रहे हैं. लेकिन उम्मीद है कि पाकिस्तान विश्वकप में अच्छी वापसी करेगा. अच्छा नहीं लगता जब पाकिस्तान हारता है.’’
शोएब अख़्तर ने उम्मीद जताई कि शायद पाकिस्तानी क्रिकेट टीम अपनी ग़लतियों से सीख लेगी.
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन रमीज़ राजा ने क्रिकेट प्रशंसकों से टीम पर भरोसा रखने की अपील की है.
इंग्लैंड के ख़िलाफ़ मैच से पहले उन्होंने जियो टीवा से बातचीत में कहा, ‘‘हम दुनिया की सबसे अच्छी टीम नहीं हैं लेकिन क्रिकेट खुशियां फैला रहा है. पाकिस्तानी टीम में कई खिलाड़ी मैच जिताने की क्षमता रखते हैं, सिर्फ एक या दो नहीं.’’