You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

किम कार्दशियन पर क्यों लगा 1.26 मिलियन डॉलर का जुर्माना

अपने इंस्टाग्राम पेज पर इथिरियम मैक्स को अवैध रूप से प्रमोट करने के आरोप में किम कार्दशियन 1.26 मिलियन डॉलर का जुर्माना देने को तैयार हो गई हैं.

लाइव कवरेज

प्रेरणा ., रजनीश कुमार and ब्रजेश मिश्र

  1. किम कार्दशियन पर क्यों लगा 1.26 मिलियन डॉलर का जुर्माना

    अपने इंस्टाग्राम पेज पर इथिरियम मैक्स को अवैध रूप से प्रमोट करने के आरोप में किम कार्दशियन 1.26 मिलियन डॉलर का जुर्माना देने को तैयार हो गई हैं.

    यूएस सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन ने कहा है कि रियलिटी टीवी स्टार ने लोगों से ये बात छुपाई कि क्रिप्टोकरेंसी इथिरियम मैक्स के विज्ञापन के लिए उन्हें 250,000 डॉलर मिले थे. वो लोगों को अंधेरे में रखकर इस करेंसी को इंस्टाग्राम पर प्रोमोट कर रही थीं.

    किम कार्दशियन तीन साल तक क्रिप्टो संपत्ति से संबंधित चीज़ों को बढ़ावा नहीं देने पर भी सहमत हुई हैं. कार्दशियन के वकील ने बीबीसी को बताया, "कार्दशियन इस मामले को यूएस सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन के साथ सुलझाकर खुश हैं."

    ''कार्दशियन ने शुरू से ही एसईसी के साथ पूरा सहयोग किया और वह इस मामले में एसईसी की सहायता करने के लिए जो कुछ भी कर सकती है वह करने को तैयार हैं.''

    जनवरी में कार्दशियन, बॉक्सर फ़्लॉइड मेवेदर जूनियर, बास्केटबॉल खिलाड़ी पॉल पियर्स और एथेरियममैक्स के क्रिएटर्स पर निवेशकों द्वारा मुकदमा दायर किया गया था. इन सभी पर अवैध रूप से क्रिप्टोकरेंसी को बढ़ावा देने का आरोप है.

  2. कश्मीर में सिनेमा हॉल खुलने को लेकर युवा ये कह रहे हैं

    कश्मीर घाटी में तीन दशकों के बाद सिनेमा हॉल फिर से खोले गए हैं. श्रीनगर के अलावा दक्षिण कश्मीर के पुलवामा और शोपियां में भी सिनेमा को शुरू किया गया है.

    शोपियां में सिनेमा हॉल खुल तो गया है लेकिन फ़िलहाल कुछ सरकारी कर्मचारी ही हमें फिल्म देखते हुए नज़र आए. 90 के दशक में कश्मीर में चरमपंथ शुरू होने के बाद कश्मीर में सिनेमा हॉल को बंद कर दिया गया था.

    पुलवामा और शोपियां में खोले गए सिनेमा हॉल में फिलहाल 80 प्रतिशत फ़िल्में स्कूली बच्चों को दिखाई जा रही हैं.

  3. इसराइल में बाइज़ेंटाइन साम्राज्य के दौर के सोने के सिक्के मिले

    पुरातत्वविदों का कहना है कि इसराइल के उत्तरी इलाके में सातवीं सदी के 44 सोने के सिक्के मिले हैं. ये सिक्के शुद्ध सोने के हैं और एक संरक्षित क्षेत्र में मिले हैं.

    इन सिक्कों का वजन 170 ग्राम है. बनियास नदी के किनारे बसे संरक्षित क्षेत्र हरमोन स्ट्रीम में इन सिक्कों की बरामदगी हुई है. पुरातत्वविदों का अनुमान है कि 635 ईस्वी के आस-पास जब मुस्लिम आक्रमणकारियों ने इस क्षेत्र पर हमला किया था तो इन्हें छुपाकर रखा गया था.

    उनका कहना है कि ये खोज बाइज़ेंटाइन साम्राज्य के अंतिम दिनों पर रोशनी डालती है. बाइज़ेंटाइन साम्राज्य को पूर्वी रोमन साम्राज्य भी कहा जाता था और क़ुस्तुंतुनिया इसकी राजधानी थी. इस साम्राज्य का अस्तित्व हज़ार सालों से भी ज़्यादा समय तक रहा.

    उत्खनन अभियान के निदेशक योआव लेरेर ने कहा, "हम ये अंदाजा लगा सकते हैं कि सिक्कों के मालिक ने युद्ध के डर से अपना धन इस तरह से छुपा दिया होगा. उसे उम्मीद रही होगी कि एक रोज़ वो यहां लौटेगा और अपना धन वापस ले सकेगा. लेकिन हम समझ सकते हैं कि उसकी किस्मत ने उसका साथ नहीं दिया होगा."

    योआव लेरेर ने बताया कि इस खोज से बाइज़ेंटाइन साम्राज्य के आख़िरी 40 सालों में बानियास शहर की अर्थव्यवस्था का अंदाज़ा लगाया जा सकता है.

  4. भारत में बार-बार पाकिस्तान के आधिकारिक ट्वविटर अकाउंट क्यों ब्लॉक हो रहे हैं?

    सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्विटर ने भारत में पाकिस्तान सरकार के आधिकारिक ट्विटर एकाउंट @GovtofPakistan को क़ानूनी कारणों से ब्लॉक कर दिया है. हाल के महीनों में इस तरह की यह दूसरी घटना है.

    भारत में इस वक़्त पाकिस्तान सरकार के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट को एक्सेस नहीं किया जा सकता हालांकि अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जैसे फेसबुक, यूट्यूब और इंस्टाग्राम पेज एक्टिव हैं और काम कर रहे हैं.

    भारतीय यूजर्स जब @GovtofPakistan ट्विटर अकाउंट को एक्सेस करने की कोशिश करते हैं तो एक मैसेज दिखता है जिसमें लिखा है- 'अकाउंट विद हेल्ड' यानी इस अकाउंट पर रोक लगा दी गई है.

    आगे लिखा है कि क़ानूनी मांग के बाद भारत में इस अकाउंट को ब्लॉक कर दिया गया है.

  5. अमित शाह का जम्मू और कश्मीर दौरा शुरू, सुरक्षा व्यवस्था सख़्त

    गृह मंत्री अमित शाह का जम्मू और कश्मीर दौरा शुरू हो गया है. उनकी यात्रा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था सख़्त कर दी गई है.

    वे तीन दिनों के दौरे पर सोमवार शाम जम्मू पहुंचे.

    इस यात्रा के दौरान अमित शाह जम्मू और कश्मीर में दो रैलियों को भी संबोधित करेंगे. मंगलवार को जम्मू क्षेत्र के राजौरी में उनकी एक रैली है तो बुधवार को उत्तरी कश्मीर में बारामूला में दूसरी रैली संबोधित करेंगे.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले हफ़्ते जम्मू और कश्मीर में दो बड़े चरमपंथी हमले हो चुके हैं.

    अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री की सुरक्षा में कई स्तरों वाली सुरक्षा व्यवस्था का इंतज़ाम किया गया है. ऊपर से निगरानी के लिए ड्रोन भी इस्तेमाल किए जा रहे हैं. इन ड्रोन्स में हाई रिजोल्यूशन वाले कैमरे फिट हैं.

    एक अधिकारी ने बताया, "जम्मू-पुंछ और श्रीनगर-बारामूला हाईवे पर चेकिंग तेज़ कर दी गई है. हालात पर करीबी नज़र रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया गया है."

    "सुरक्षा एहतियात के तौर पर श्रीनगर के साथ-साथ कश्मीर घाटी में कई जगहों पर पुलिस और सीआरपीएफ़ के जवान तैनात किए गए हैं. कई जगहों पर ख़ासकर श्रीनगर-बारामूला-कुपवाड़ा हाईवे पर गश्त बढ़ा दी गई है."

    राज्य के पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह पिछले हफ़्ते इन दोनों जगहों का दौरा कर चुके हैं. उन्होंने बताया कि जम्मू और कश्मीर में शांति भंग करने के लिए चरमपंथियों की कोशिशें जारी हैं लेकिन हाई प्रोफ़ाइल यात्रा के मद्देनज़र सभी ज़रूरी सुरक्षा इंतज़ाम किए गए हैं.

    डीजीपी दिलबाग सिंह ने कहा, "किसी महत्वपूर्ण व्यक्ति की यात्रा या जनता के बीच सकारात्मक संदेश भेजने वाले किसी भी गतिविधि को नुकसान पहुंचाने के लिए आतंकवादी और सीमा पार मौजूद उनके हैंडलर्स ये दिखलाने की कोशिश करते हैं कि सुरक्षा के मोर्चे पर सबकुछ ठीक नहीं है."

  6. लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर 'प्रचंड' से जुडी नौ ख़ास बातें जानिए

    देश में ही निर्मित लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर (LCH) 'प्रचंड' का पहला बेडा सोमवार को भारतीय वायु सेना में शामिल किया गया. दो इंजन वाले इस हेलीकॉप्टर को औपचारिक रूप से जोधपुर वायु सेना स्टेशन स्थित 143 हेलीकॉप्टर यूनिट 'धनुष' में शामिल किया गया है.

    इस अवसर पर वायु सेना अध्यक्ष एयर चीफ मार्शल विवेक राम चौधरी ने कहा कि एलसीएच विश्व स्तर पर उपलब्ध अटैक हेलीकॉप्टरों के बराबर या बेहतर हैं.

    उन्होंने बताया कि हेलीकॉप्टर का त्वरित संचालन सुनिश्चित करने के लिए पेशेवर क्षमता के आधार पर यूनिट का चयन विशेष रूप से किया गया है.

    रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि ये हेलीकॉप्टर पूरी तरह से सेना और वायु सेना दोनों की आवश्यकताओं को पूरा करता है.

  7. आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह बाहर

    आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह बाहर हो गए हैं.

    बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने इसकी पुष्टि की है.

    बीसीसीआई के सेक्रेटरी जय शाह ने एक एडवाइजरी जारी करते हुए बताया है कि एक विस्तृत मूल्यांकन और विशेषज्ञों के परामर्श के बाद यह निर्णय लिया गया है.

    इससे पहले बुमराह को पीठ की चोट के कारण दक्षिण अफ्रीका के ख़िलाफ चल रही तीन मैचों की टी20 श्रृंखला से बाहर कर दिया गया था.

    जसप्रीत बुमराह की जगह टीम में किस खिलाड़ी की एंट्री होगी, बीसीसीआई जल्द इसकी घोषणा करेगा.

  8. ईरान में दंगों के पीछे अमेरिका और इसराइल का हाथ है: आयातुल्लाह अली ख़ामेनेई

    ईरान में महसा अमीनी की मौत के बाद शुरू हुए विरोध प्रदर्शन कई दिनों से लगातार जारी हैं. विरोध में महिलाएं जहां हिजाब को उतार कर आग के हवाले कर रही हैं वहीं प्रदर्शनकारियों की जुबान से 'तानाशाह मुर्दाबाद' जैसे नारे सुनाई दे रहे हैं.

    ईरान के कुर्दिस्तान प्रांत के शहर साक़िज़ की रहने वाली कुर्दी महिला महसा अमीनी ने 16 सितंबर को एक अस्पताल में दम तोड़ दिया था.

    महसा अमीनी तीन दिनों तक कोमा में रहीं थीं. उनकी उम्र महज़ 22 साल थी.

    चश्मदीदों का कहना है कि तेहरान में अमीनी की गिरफ़्तारी के बाद उन्हें वैन में पीटा गया था लेकिन पुलिस ने इन आरोपों का खंडन किया है.

  9. कांग्रेस नेताओं का दावा, दिखने लगा 'भारत जोड़ो यात्रा' का असर, आरएसएस को भी सताने लगी ग़रीबी और बेरोज़गारी की चिंता

    कांग्रेस पार्टी ने देश में बढ़ रही असमानता, बेरोज़गारी और गरीबी पर चिंता ज़ाहिर करने वाले राष्ट्रीय स्वयं सेवक संगठन पर कटाक्ष किया है.

    पार्टी ने कहा है कि यह राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का असर है.

    ऑल इंडिया कांग्रेस कमिटी के जनरल सेक्रेटरी जयराम रमेश ने ट्विटर पर कहा, ''भारत जोड़ो यात्रा का प्रभाव देखिए. देश को तोड़ने और समाज में ज़हर फैलाने वाले भी गरीबी, बेरोज़गारी और असमानता के मुद्दे उठा रहे हैं.''

    इससे पहले रविवार को राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ यानी आरएसएस के महासचिव दत्तात्रेय होसबाले ने देश में बढ़ती ग़रीबी, बेरोज़गारी और विषमता का मुद्दा उठाया था.

    होसबाले ने आरएसएस से जुड़े संगठन स्वदेशी जागरण मंच की ओर से आयोजित एक वेबिनार में कहा था कि ऐसा माहौल तैयार करना चाहिए जिससे उद्यमशीलता को बढ़ावा मिले ताकि नौकरी चाहने वाले लोग नौकरी देने की स्थिति में आ जाएं.

    होसबाले ने देश की अर्थव्यवस्था और अमीर गरीब के बीच बढ़ते फासले पर भी चिंता ज़ाहिर की थी.

    जिसके बाद न केवल जयराम रमेश बल्कि कांग्रेस के कई अन्य नेता भी आरएसएस पर कटाक्ष कर रहे हैं.

    मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भी कहा कि यात्रा का असर आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत और होसाबले पर दिख रहा है.

    दिग्विजय सिंह लिखते हैं, "राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ी यात्रा का क्या प्रभाव पड़ा? रामदेव ने नेहरू-गांधी परिवार की प्रशंसा करना शुरू कर दिया, मोहन भागवत ने मस्जिद और मदरसों का दौरा करना शुरू कर दिया."

    कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने ट्वीट कर लिखा, ''सुना है चिंता के बादल नागपुर पर छाने लगे हैं, अब तो होसबाले जी को भी बेरोज़गार नज़र आने लगे हैं.''

  10. बारिश में भीग कर दिया गया राहुल का भाषण कर्नाटक में कांग्रेस को कितना फायदा पहुंचाएगा

    कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी रविवार को मैसूर पहुंचे. मैसूर में कांग्रेस की सभा में जब वो भाषण देने मंच की ओर बढ़ने लगे तो बारिश होने लगी. लेकिन उन्होंने बारिश रुकने का इंतज़ार नहीं किया.

    बारिश में अपना भाषण जारी रखते हुए राहुल गांधी ने कर्नाटक की बीजेपी सरकार पर हमले करते हुए कहा कि ये बासवराज बोम्मई की सरकार परियोजनाओं को मंज़ूरी देने के लिए 40 फ़ीसदी कमीशन लेती है. न तो प्रधानमंत्री ने इसके ख़िलाफ़ कोई कार्रवाई की है और न ही मुख्यमंत्री ने.

    बारिश के बावजूद भाषण दे रहे राहुल का वहां मौजूदा लोग हौसला बढ़ा रहे थे.

    बारिश के बावजूद राहुल के भाषण के दौरान खासी भीड़ जमा थी. कुछ लोगों ने कुर्सियों को अपने सिर के ऊपर उठा रखा था. बारिश में भीग रही भीड़ को देख कर राहुल ने कहा '' बारिश हो रही है लेकिन हमने यात्रा रोकी नहीं है. चाहे गर्मी हो या तूफान आए या ठंड पड़े हम रुकने वाले नहीं''.

  11. पाकिस्तान: माफ़ीनामे के बाद इमरान ख़ान के ख़िलाफ़ रद्द हुआ अवमानना का मामला

    इस्लामाबाद हाईकोर्ट ने पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान के ख़िलाफ अवमानना के नोटिस को ख़ारिज कर दिया है.

    इमरान ख़ान के माफ़ीनामे के बाद इस्लामाबाद हाई कोर्ट की पांच सदस्यीय बड़ी बेंच ने ये फैसला लिया.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स से बात करते हुए ख़ान के वकील फैजल चौधरी ने कहा, "इमरान खान ने न्यायपालिका, और अदालत के सम्मान में आज माफ़ी मांगी और कोर्ट ने भी इस मामले को रद्द करते हुए इसे स्वीकार कर लिया.''

    पाकिस्तानी क़ानून के तहत अगर कोई राजनेता इस मामले में दोषी पाया जाता है तो उसे कम से कम पांच सालों तक चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य ठहराया जा सकता है.

    वहीं, उसे कोई भी सार्वजनिक पद धारण करने से भी रोका जा सकता है.

    20 अगस्त को इस्लामाबाद में एक रैली के दौरान अपने भाषण में अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने और महिला जज को धमकी देने के मामले में इमरान ख़ान के ख़िलाफ़ कोर्ट की अवमानना का मामला चल रहा था.

    जिसके बाद इमरान खान ने उच्च न्यायालय को आश्वासन दिया था कि वह महिला अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश के बारे में दिए गए बयान के लिए माफी मांगेंगे.

    सोमवार को कोर्ट में पेशी और माफ़ीनामा दाख़िल करने के बाद उनके ख़िलाफ़ दर्ज ये मामला रद्द हो गया और कोर्ट ने अवमानना के नोटिस को ख़ारिज कर दिया है.

  12. क्या इराक़ में गृहयुद्ध छिड़ सकता है? - दुनिया जहान

    शिया धर्मगुरु काज़िम अल हाएरी का एक बयान इराक़ में टकराव की वजह बन गया. वहां हुई हिंसा में 30 लोगों की मौत हो गई.

    शिया धर्मगुरू हाएरी ने कहा कि उनके समर्थकों को 'ईरान के सुप्रीम लीडर का प्रभुत्व मान लेना चाहिए.'

    इराक़ में बीते साल हुए चुनाव में शिया नेता मुक़्तदा अल-सद्र के गठबंधन को सबसे ज़्यादा सीटें मिलीं लेकिन सत्ता उनकी पहुंच से दूर रही और देश में राजनीतिक गतिरोध बन गया.

    मुक़्तदा अल-सद्र और उनके समर्थकों के लिए ईरान की सर्वोच्चता मंजूर करने की बात दूर की कौड़ी थी.

  13. 03 अक्तूबर 2022 का 'दिनभर: पूरा दिन, पूरी ख़बर', मोहम्मद शाहिद और अंजुम शर्मा से

  14. ईरान ने किस बात के लिए सऊदी अरब से कहा- शुक्रिया

    ईरान ने सोमवार को घोषणा की है कि जुलाई में हज यात्रा के बाद सऊदी अरब में गिरफ़्तार किए गए उसके नागरिकों में से एक अब वापस अपने घर आ रहे हैं.

    समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक़ खाड़ी के दो प्रतिद्वंद्वी ईरान और सऊदी अरब अपने राजनयिक संबंधों को बहाल करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं.

    ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नासिर कनानी ने अपने साप्ताहिक समाचार सम्मेलन में कहा, ''किए गए प्रयासों के लिए धन्यवाद, हम आज खुशी से ईरानी तीर्थयात्री की अपनी मातृभूमि में वापसी देखेंगे.''

    ईरान के विदेश मंत्रालय ने अगस्त में बताया था कि खलील दार्दमंद को पश्चिमी सऊदी अरब के मुस्लिम पवित्र शहर मक्का में हज की रस्में पूरी करने के बाद गिरफ्तार किया गया था.

    साल 2016 में जब सऊदी अरब ने प्रमुख शिया धर्मगुरु शेख निम्र अल निम्र को फांसी दे दी, तब ईरानी प्रदर्शनकारियों ने ईरान में सऊदी अरब के राजनयिक मिशनों पर हमला किया, इसके बाद से दोनों ही देशों के बीच कोई संबंध नहीं हैं.

    अप्रैल,2021 से अब तक इराक़ ने शिया मुस्लिम बहुल देश ईरान और सुन्नी बहुल देश सऊदी अरब के बीच पांच दौर की वार्ता की मेज़बानी की है.

    इराक़ यमन सहित पूरे क्षेत्र में विभिन्न संघर्षों में विरोधी पक्षों का समर्थन करता है.

    ईरान के विदेश मंत्री हुसैन अमीर-अब्दुल्लाहियन ने कहा है कि दोनों देश मुख्य रूप से सुरक्षा अधिकारियों के स्तर पर पहले दौर की हुई बातचीत के बाद, राजनीतिक और सार्वजनिक क्षेत्रों में बातचीत को उच्च स्तर पर ले जाने के लिए तैयार हैं.

    उनके इराक़ी समकक्ष फुआद हुसैन ने जुलाई में कहा था कि उनका देश कोई तारीख़ तय किए बिना सऊदी और ईरानी समकक्षों की "सार्वजनिक" बैठक की मेज़बानी करने की तैयारी कर रहा है.

  15. आज का कार्टून: सबको सन्मति दे भगवान।

    दुर्गा पंडाल में असुर की जगह महात्मा गाँधी जैसी मूर्ति लगाने पर आज का कार्टून.

  16. 'अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद में विशेषज्ञ' वाले आरोप पर पाकिस्तान ने भारत को दिया जवाब

    पाकिस्तान के संदर्भ में की गई भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर की एक टिप्पणी को पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने 'बेहद गैर-जिम्मेदार और अनावश्यक' बताया है.

    अपनी टिप्पणी में एस.जयशंकर ने पाकिस्तान को "अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद में विशेषज्ञ" बताया था.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ गुजरात के वडोदरा में शनिवार को "राइजिंग इंडिया एंड द वर्ल्ड: फॉरेन पॉलिसी इन मोदी एरा" पर अपने संबोधन में जयशंकर ने कहा था, "जहां भारत को 'आईटी में विशेषज्ञ' (सूचना प्रौद्योगिकी) माना जाता है, वहीं पड़ोसी देश को 'अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद में विशेषज्ञ' के रूप में जाना जाता है.

    जयशंकर ने कार्यक्रम के बाद दर्शकों के साथ बातचीत में कहा, ''जिस तरह से पाकिस्तान ने आतंकवाद का अभ्यास किया है, वैसा किसी और देश ने नहीं किया. आप मुझे दुनिया में कहीं भी दिखाइए कि पाकिस्तान ने इतने सालों में भारत के साथ क्या किया है. 26/11 के मुंबई हमले के बाद, हमारे लिए खुद को स्पष्ट करना महत्वपूर्ण है कि इस तरह का व्यवहार और कार्रवाई अस्वीकार्य है और इसके परिणाम होंगे."

    विदेश मंत्री के इस बयान के बाद सोमवार को पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने अपनी प्रतिक्रिया ज़ाहिर करते हुए इसे ''बेहद गैर-जिम्मेदार और अनावश्यक'' बताया.

    पाकिस्तानी विदेश कार्यालय ने कहा, ''आतंकवाद के संबंध में जयशंकर या पूर्व में भारतीय नेताओं की आई निराधार टिप्पणियां केवल अंतरराष्ट्रीय समुदाय को गुमराह करने के लिए की जाती हैं.''

  17. ईरान: तेहरान की यूनिवर्सिटी में छात्रों पर पुलिस की 'बर्बरता'

    ईरान में 22 साल की महसा अमीनी की मौत के बाद बरपा हंगामा बढ़ता ही जा रहा है.

    ईरान के सबसे प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में से एक तेहरान स्थित शरीफ़ यूनिवर्सिटी में रविवार की रात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की.

    सोशल मीडिया पर जो वीडियो सामने आए हैं उनमें छात्र भागते हुए नज़र आ रहे हैं और गोलियों की आवाज़ सुनाई दे रही है.

  18. पाकिस्तान: बलूचिस्तान में हिंदू समुदाय के लोगों ने क्यों निकाला विरोध मार्च

    पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में एक हिंदू महिला की अंत्येष्टि के बाद उनके अंतिम अवशेष के साथ अपमान का मामला सामने आया है.

    क्वेटा में मौजूद बीबीसी उर्दू के संवाददाता मोहम्मद क़ाज़िम ने बताया कि बलूचिस्तान के क़लत शहर में हिंदू समुदाय के लोगों ने इस घटना के विरोध में सड़क पर मार्च निकाला. क़लत में हिंदू समुदाय के लोगों ने अपनी दुकानों को विरोध में बंद रखा और शाही बाज़ार इलाके में लोग इकट्ठा हुए.

    स्थानीय हिंदू नेता इस विरोध मार्च की अगुवाई कर रहे थे. क़लत के हिंदुओं के साथ एकजुटता दिखाने के लिए स्थानीय धार्मिक और राजनीतिक नेताओं ने भी इस प्रदर्शन में हिस्सा लिया.

    प्रदर्शन में भाग ले रहे लोगों ने प्रशासन के ख़िलाफ़ नारे लगाए. स्थानीय मुस्लिम समुदाय के लोगों ने इस घटना की निंदा की है और मांग की है कि पुलिस इस वाकये के लिए जिम्मेदार लोगों को गिरफ़्तार करे.

    उन्होंने कहा कि इस घटना ने पूरे समाज की भावनाओं का आहत किया है. हिंदू समुदाय के प्रतिनिधियों ने बताया कि हाल ही में एक महिला की मौत हो गई थी जिसके बाद श्मशान घाट में उनका दाह संस्कार किया गया. उनके अंतिम अवशेष वहीं पर थे जब कुछ अज्ञात लोगों ने उसका अपमान किया.

    हालांकि स्थानीय प्रशासन से बातचीत के बाद प्रदर्शनकारियों ने धरना ख़त्म कर लिया लेकिन उन्होंने ये भी कहा है कि अगर दोषियों को जल्द गिरफ़्तार नहीं किया गया तो वे दोबारा धरने पर बैठेंगे.

  19. सेल्फ़ी लेने वालों ने जब करीना कपूर को घेर लिया

    बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर मुंबई हवाई अड्डे पहुंची तो परेशान हो गईं. कार से उतरते ही उनके साथ सेल्फ़ी लेने वालों की भीड़ ने उन्हें घेर लिया. इस बीच धक्का-मुक्की भी हुई.

    वो बार-बार इस भीड़ के बीच से निकलने की कोशिश कर रही थीं. लेकिन ये इतना आसान नहीं था. उनके चेहरे पर परेशानी और असहजता साफ़ पढ़ी जा सकती थी.

  20. निर्वाचन आयोग ने छह राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के तारीखों की घोषणा की

    चुनावआयोग ने सोमवार को महाराष्ट्र, हरियाणा, बिहार, तेलंगाना, ओडिशा और उत्तर प्रदेश की सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के तारीखों की घोषणा कर दी.

    चुनाव आयोग की ओर से जारी की गई प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि महाराष्ट्र की अंधेरी पूर्व, हरियाणा की आदमपुर, तेलंगाना की मुनुगोडे, उत्तर प्रदेश की गोला गोरखपुर और ओडिशा की धामनगर विधानसभा सीट पर ये उपचुनाव होने हैं.

    इसके अलावा बिहार की मोकामा और गोपालगंज विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव की तारीख का एलान किया गया है.

    चुनाव आयोग ने कहा है कि उपचुनाव की अधिसूचना छह अक्टूबर को जारी की जाएगी जबकि तीन नवंबर को वोट डाले जाएंगे.

    छह नवंबर को गिनती होगी और उसी दिन परिणाम आ जाएंगे. चुनाव आयोग ने संबंधित राज्य सरकारों से इन क्षेत्रों में कोविड की स्थिति पर भी नज़र रखने के लिए कहा है.