You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

अमेरिका में सिख परिवार की हत्या के मामले में पुलिस ने क्या बताया

अमेरिका में क़ैलिफ़ोर्निया में अपहरण के बाद मारे गए सिख परिवार के मामले में संदिग्ध के बारे में जानकारी सामने आई है. पुलिस के मुताबिक संदिग्ध परिवार के ट्रक कारोबार में साथ काम कर चुका था.

लाइव कवरेज

ब्रजेश मिश्र and चंदन शर्मा

  1. गांधी जयंती: महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने पहुंचे पीएम मोदी

    महात्मा गांधी की जयंती के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार सुबह राजघाट जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.

    पीएम मोदी ने एक ट्वीट में लिखा, ‘‘गांधी जयंती पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि. यह गांधी जयंती इसलिए भी ख़ास है क्योंकि भारत आज़ादी का अमृत महोत्सव मना रहा है. हम सदा बापू के आदर्शों पर चलें. मैं आप सब से गुज़ारिश करता हूं कि गांधी जी को श्रद्धांजलि के रूप में खादी और हैंडीक्राफ्ट उत्पाद खरीदें.’’

    महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी.

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी महात्मा गांधी की जयंती पर श्रद्धांजलि दी. उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘गांधीजी की 153वीं जयंती के अवसर पर मैं, सभी देशवासियों की ओर से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धा-सुमन अर्पित करती हूं.’’

    उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ भी महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करने राजघाट पहुंचे.

    कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे भी रविवार सुबह राजघाट पहुंचे और महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी.

    महात्मा गांधी की जयंती और अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस पर संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने दुनिया से शांति, सम्मान और सबकी आवश्यक गरिमा बरकरार रखने का आह्वान किया.

    उन्होंने एक ट्वीट में लिखा, ‘‘आज अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस पर हम महात्मा गांधी के जन्मदिन और शांति, सम्मान और सभी के द्वारा साझा की जाने वाली आवश्यक गरिमा के मूल्यों का जश्न मनाते हैं. हम इन मूल्यों को अपनाकर और अलग-अलग संस्कृतियों में काम करके आज की चुनौतियों से निपट सकते हैं.’’

  2. इंडोनेशिया में फ़ुटबॉल मैच के दौरान भड़की हिंसा, 127 की मौत

    इंडोनेशिया में शनिवार को एक फ़ुटबॉल मैच के दौरान भड़की हिंसा और भगदड़ में करीब 127 लोग मारे गए हैं और बड़ी संख्या में लोग घायल हैं.

    हिंसा तब भड़की जब मैच हारने वाली टीम के प्रशंसक भड़क उठे और मैदान पर आ गए.

    ईस्ट जावा प्रांत में अरेमा एफ़सी और पर्सेबाया सुरबाया के बीच मैच चल रहा था. अरेमा एफ़सी को हारता देख उसके प्रशंसक मैदान में घुसने लगे.

    अनियंत्रित भीड़ को काबू करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे गए. इस अफरा-तफरी में स्टेडियम में भगदड़ मच गई.

    समाचार एजेंसी एएफ़पी के मुताबिक, इंडोनेशिया के ईस्ट जावा प्रांत के पुलिस प्रमुख निको अफ़िन्टा ने बताया कि अपनी टीम को मैच हारता देख कुछ लोग फुटबॉल पिच की ओर भागे और उन्हें रोकने के प्रयास के दौरान हालात बेकाबू हुए.

    उन्होंने कहा, ‘‘स्टेडियम में मारपीट और अफरा-तफरी थी. 34 लोगों की मौत स्टेडियम में हुई है जबकि बाकी लोगों की मौत अस्पताल में हुई. मरने वालों में दो पुलिसकर्मी भी हैं.’’

    सोशल मीडिया पर इस घटनाक्रम के कई वीडियो शेयर किए जा चुके हैं.

    इंडोनेशिया के फ़ुटबॉल एसोसिएशन (पीएसएसआई) ने शनिवार देर रात बयान जारी कर इस घटना पर दुख जताया और बताया कि पूरे मामले की जांच के लिए एक टीम को मलंग भेजा गया है.

    बयान के मुताबिक, ‘‘कंजरुहान स्टेडियम में अरेमा के समर्थकों ने जो किया उस पर पीएसएसआई को खेद है. हम मरने वालों के परिजनों और इस घटना से प्रभावित लोगों से माफ़ी मांगते हैं. पीएसएसआई ने तत्काल इसकी जांच के लिए टीम गठित कर दी है जो मलंग के लिए रवाना हो चुकी है.’’

    फुटबॉल लीग ने दंगों जैसी स्थिति देखते हुए फिलहाल एक सप्ताह के लिए मैच स्थगित कर दिए हैं. इस घटनाक्रम में 180 लोग घायल बताए जा रहे हैं. अरेमा एफ़सी पर इस सीज़न के लिए प्रतिबंध लगा दिया गया है.

  3. नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. अभिवादन स्वीकार करिए ब्रजेश मिश्र का.

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज में आपको दिनभर ताज़ा और अहम ख़बरें मिलेंगी.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 01 अक्टूबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    शुरुआत आज की कुछ बड़ी ख़बरों से-

    • भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरा टी20 मुक़ाबला आज गुवाहाटी में खेला जाएगा.
    • महात्मा गांधी की जयंती पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे श्रद्धांजलि देने राजघाट पहुंचे.
    • चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर आज से अपनी पदयात्रा की शुरुआत करने जा रहे हैं.
    • कानपुर में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 26 लोगों की मौत. प्रधानमंत्री मोदी ने जताया शोक. मरने वालों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा.