यूक्रेन पर रूस के एलान में राष्ट्रपति पुतिन ने क्यों लिया भारत का नाम

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने आज यूक्रेन के चार नए इलाक़ों को रूस में शामिल किया. इस लेकर उन्होंने मॉस्को में एक समारोह में भाषण भी दिया जिसमें उन्होंने पश्चिम के देशों पर खुलकर निशाना साधा.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे, ब्रजेश मिश्र and अभिनव गोयल

  1. यूक्रेन पर रूस के एलान में राष्ट्रपति पुतिन ने क्यों लिया भारत का नाम

    रूस के राष्ट्रपति पुतिन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने आज यूक्रेन के चार नए इलाक़ों को रूस में शामिल किया. इस लेकर उन्होंने मॉस्को में एक समारोह में भाषण भी दिया जिसमें उन्होंने पश्चिम के देशों पर खुलकर निशाना साधा.

    राष्ट्रपति पुतिन ने अपने भाषण में भारत का भी जिक्र किया.

    उन्होंने कहा कि पश्चिम ने मध्य युग में औपनिवेशिक नीति शुरू कर दी थी. इसके बाद उन्होंने स्लेव ट्रेड, अमेरिका में इंडियन ट्राइब्स का जनसंहार, भारत में लूट और चीन के खिलाफ इंग्लैंड और फ्रांस का युद्ध किया.

    उन्होंने कहा कि, "वे पूरे पूरे देश को ड्रग्स दे रहे थे और उन्होंने जानबूझकर पूरे के पूरे जनजातियों समूहों का जनसंहार किया. जमीन और संसाधनों के लिए उन्होंने लोगों के साथ जानवरों जैसा व्यवहार किया. ये व्यवहार मनुष्य के स्वभाव, सच, स्वतंत्रता और न्याय के खिलाफ है."

  2. बच्चा गोद लेने की पूरी प्रक्रिया जानिए

    वीडियो कैप्शन, बच्चा गोद लेने की पूरी प्रक्रिया जानिए

    बच्चों को गोद लेने के लिए भारत में क़ानून है. ये अलग-अलग धर्म के लोगों पर लागू होता है. आज हम बात करेंगे हिंदू दत्तक और भरण-पोषण अधिनियम 1956 के बारे में.

    ये क़ानून हिंदू, बौद्ध, जैन और सिख धर्म के लोगों पर लागू होता है. इसके बारे में विस्तार से जानकारी दे रही हैं वकील सोनाली कड़वासरा.

  3. पुतिन ने यूक्रेन के हिस्सों पर क़ब्ज़े का किया एलान, अमेरिका ने लगाए नए प्रतिबंध

    पुतिन

    इमेज स्रोत, EPA

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन के चार नए इलाक़ों को रूस में शामिल करने के दस्तावेज़ों पर हस्ताक्षर कर दिए हैं और मास्को में हुए एक समारोह में इसे लेकर भाषण भी दिया है. अगले कुछ दिनों में इन इलाक़ों को औपचारिक रूप से रूस में शामिल करने की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी.

    इसी तरह साल 2014 में रूस ने यूक्रेन के क्राइमिया प्रायद्वीप को भी अपने नियंत्रण में ले लिया था. ये इलाक़ा अभी भी रूस के नियंत्रण में ही है.

    पुतिन ने क्रेमलिन में जब अधिग्रहण के दस्तावेज़ों पर बारी-बारी से हस्ताक्षर किए तब रूस के सैन्य अधिकारी और नेता तालियां बजा रहे थे.

    क्रेमलिन में यूक्रेन के इलाक़ों को रूस में शामिल करने की घोषणा करते हुए पुतिन ने कहा कि लोगों ने अपनी पसंद ज़ाहिर कर दी है और इन इलाक़ों को रूस का हिस्सा बनाना यहां की आबादी की इच्छा थी.

  4. ईरान: हिजाब प्रदर्शनकारियों के समर्थन में काटे बाल

    वीडियो कैप्शन, ईरान: हिजाब प्रदर्शनकारियों के सपोर्ट में कटवाए बाल

    ईरान में हिजाब को लेकर जारी विरोध प्रदर्शनों को दो सप्ताह हो गए हैं और सड़कों पर विरोध जारी है. पुलिस और प्रदर्शनकारियों की झड़प में अब तक 76 लोग मारे जा चुके हैं.

    इस बीच ईरान की जेल में 6 साल गुज़ारने वाली ब्रिटिश ईरानी नागरिक ज़गारी रैटक्लिफ़ ने महसा अमीनी के प्रति अपना समर्थन जताते हुए अपने बाल काट दिए हैं.

  5. कांग्रेस में अध्यक्ष पद की लड़ाई मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर तक कैसे आई

    मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर

    भारत में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पार्टी के अगले अध्यक्ष के लिए तीन उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाख़िल किया है. मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर के अलावा झारखंड के कांग्रेस नेता कृष्णा नंद त्रिपाठी इस रेस में तीसरे उम्मीदवार हैं.

    के एन त्रिपाठी झारखंड के डाल्टनगंज से कांग्रेस विधायक रहे हैं. त्रिपाठी झारखंड सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं. हालांकि पिछले विधानसभा चुनाव में के एन त्रिपाठी अपना चुनाव हार गए थे.

    इस पद के लिए सबसे पहले अशोक गहलोत, फिर दिग्विजय सिंह ने चुनाव लड़ने का एलान किया था. लेकिन राजनीतिक उठापटक के बीच अब दोनों ही चुनाव मैदान से बाहर हैं.

    मल्लिकार्जुन खड़गे के नाम का प्रस्ताव अशोक गहलोत, दिग्विजय सिंह, प्रमोद तिवारी, पीएल पुनिया, ए के एंटनी, पवन कुमार बंसल और मुकुल वासनिक जैसे कई बड़े कांग्रेसी नेताओं ने किया है.

  6. 'प्रिवेंटिव डिटेंशन' व्यक्तिगत स्वतंत्रता पर हमला: सुप्रीम कोर्ट

    सुप्रीम कोर्ट

    इमेज स्रोत, ANI

    सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को कहा कि प्रिवेंटिव डिटेंशन व्यक्तिगत स्वतंत्रता पर हमला है.

    कोर्ट ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई को रोकने वाले कानून जो कुछ भी सुरक्षा देने का काम करते हैं उन्हें सबसे ज्यादा महत्व दिया जाना चाहिए. ऐसे कानूनों का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए.

    12 नवंबर, 2021 को त्रिपुरा सरकार ने प्रिवेंटिव डिटेंशन का एक आदेश पारित किया था. इस आदेश को रद्द करते हुए चीफ जस्टिस यूयू ललित, जस्टिस एस रविंद्र भट और जस्टिस जेबी पारदीवाला की पीठ ने ये टिप्पणी की है.

    साथ ही कोर्ट ने नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट, 1988 के तहत डिटेंशन में लिए गए अभियुक्त को तुरंत रिहा करने का भी निर्देश दिया है.

    कोर्ट ने कहा कि प्रिवेंटिव डिटेंशन के समय हिरासत में लेने वाले अधिकारियों के साथ साथ उसे एक्जिक्यूट करने वाले अधिकारियों को सतर्क रहने की जरूरत है.

  7. गुजरात में केजरीवाल ने जिस ऑटो वाले के घर खाना खाया वो असल में किसके फ़ैन हैं?

    गुजरात चुनाव

    इमेज स्रोत, ANI/BBC

    इमेज कैप्शन, एक तरफ़ केजरीवाल के साथ दूसरी तरफ बीजेपी की टोपी में ऑटो रिक्शा चालक विक्रम

    जनता के मन की बात को परखना, समझना राजनेताओं के लिए बेहद मुश्किल है. इसकी बानगी हम चुनावों में तो देखते ही हैं, गुजरात से भी एक ऐसा बड़ा उदाहरण सामने आया है.

    दरअसल, 12 सितंबर को गुजरात के एक ऑटो चालक विक्रम दंताणी के घर पर अरविंद केजरीवाल खाना खाने पहुंचे थे और ड्राइवर ने खुद को अरविंद केजरीवाल का 'बड़ा फैन बताया था'.

    30 सितंबर को वो ही ऑटो चालक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा में भी देखे गए और खुद को बीजेपी का वोटर बताया.

    बीबीसी से बातचीत में विक्रम दंताणी कहते हैं कि उन्होंने तो सिर्फ अरविंद केजरीवाल को न्योता दिया था उन्हें भरोसा नहीं था कि वो उनके घर खाने पर आ जाएंगे. इसी के साथ वो ये भी कहते हैं कि वो हमेशा से बीजेपी के साथ थे और आगे भी रहेंगे.

  8. मुफ्त राशन की योजना आगे बढ़ाई जाएगी, 80 करोड़ से अधिक लोगों को होगा फायदा: पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, ANI

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के अंबाजी में शुक्रवार को ये एलान किया कि मुफ्त राशन की योजना बढ़ाई जा रही है. उन्होंने कहा कि इस योजना का फायदा 80 करोड़ से अधिक लोगों को होगा.

    गुजरात के अंबाजी में कई योजनाओं की आधारशिला रखने के बाद एक कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा, "इस बार ऐसे समय में यहां आया हूं जब विकसित भारत का विराट संकल्प देश ने लिया है. मां अंबा के आशीर्वाद से हमें हमारे सभी संकल्पों की सिद्धि के लिए शक्ति मिलेगी, ताकत मिलेगी."

    उन्होंने कहा, "जब हम नारी सम्मान की बात करते हैं, तो हमारे लिए ये बहुत सहज सी बात लगती है. लेकिन जब हम गंभीरता से इस पर विचार करते हैं, तो पाते हैं कि हमारे संस्कारों में नारी सम्मान कितना रचा-बसा है. ये हमारे संस्कार ही हैं, कि हम अपने देश भारत को भी मां के रूप में देखते हैं, खुद को मां भारती की संतान मानते हैं."

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, ANI

    "त्योहारों के इस मौसम में गरीब परिवारों की बहनों को अपनी रसोई चलाने में समस्या ना हो, इसलिए सरकार ने मुफ्त राशन की योजना को आगे बढ़ा दिया है. मुश्किल समय में देश के 80 करोड़ से अधिक साथियों को राहत देने वाली इस स्कीम पर केंद्र सरकार करीब-करीब 4 लाख करोड़ रुपए खर्च कर रही है."

    "टॉयलेट्स हों, गैस कनेक्शन हों, हर घर जल हो, जनधन खाते हों, मुद्रा योजना के तहत मिल रहे बिना गारंटी के ऋण हों, केंद्र सरकार की हर बड़ी योजना के केंद्र में देश की नारीशक्ति है. बीते 2 दशकों के निरंतर प्रयासों से बनासकांठा की तस्वीर बदल चुकी है. नर्मदा के नीर, सुजलाम-सुफलाम और ड्रिप इरीगेशन ने स्थिति को बदलने में बड़ी भूमिका निभाई है."

  9. कांग्रेस अध्यक्ष बने तो मोदी-शाह को कितनी चुनौती दे पाएंगे सरल स्वभाव के खड़गे?

    अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करते मल्लिकार्जुन खड़गे

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करते मल्लिकार्जुन खड़गे

    "दिल मिले ना मिले, हाथ मिला के चलो."

    बीती देर रात जब मल्लिकार्जुन खड़गे को कांग्रेस अध्यक्ष पद की भारी ज़िम्मेदारी संभालने का प्रस्ताव दिया गया होगा तो बहुत मुमकिन है कि उनके दिमाग़ में ये मुहावरा आया होगा. जानकार मानते हैं कि संभवत: खड़गे को ये ज़िम्मेदारी गांधी परिवार के आशीर्वाद से मिल रही हो.

    खड़गे ने यही मुहावरा मुझे 24 मई 2004 को अपने सबसे क़रीबी दोस्तों में से एक, दिवंगत धरम सिंह के कांग्रेस विधानसभा दल का अध्यक्ष बनने का संकेत देते हुए सुनाया था. धर्म सिंह ने कांग्रेस-जनता दल सेक्यूलर (जेडीएस) की पहली गठबंधन सरकार में कांग्रेस विधायक दल का नेतृत्व किया था.

    उस समय धरम सिंह, खड़गे और एचके पाटिल, जो फ़िलहाल कंग्रेस कार्यसमिति (सीडब्लयूसी) के सदस्य हैं, बेंगलुरू में तत्कालीन मुख्यमंत्री एसएम कृष्णा के चैंबर से कांफ्रेंस हॉल के पास बने दूसरे कमरे में आईसीसी के ऑब्ज़र्वर दिवंगत विलासराव देशमुख से अंतिम बात करने के लिए जा रहे थे.

  10. ब्रेकिंग न्यूज़, यूक्रेन के चार इलाकों के रूस में विलय के एलान के बाद अमेरिका ने लगाए नए प्रतिबंध

    अमेरिका

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने यूक्रेन के चार इलाकों के रूस में विलय की घोषणा की कड़ी आलोचना की है. राष्ट्रपति बाइडन ने कहा, "यूक्रेन के संप्रभु इलाकों को रूस में मिलाने की धोखे भरी कोशिश की अमेरिका निंदा करता है.

    रूस अंतरराष्ट्रीय क़ानूनों का उल्लंघन कर रहा है, संयुक्त राष्ट्र के चार्टर को कुचल रहा है और शांतिपूर्ण देशों का अनादर कर रहा है."

    उन्होंने कहा, "ऐसे कामों की कोई वैधता नहीं है. अमेरिका हमेशा यूक्रेन की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं का सम्मान करता रहेगा. हम इन इलाकों को वापस हासिल करने की यूक्रेन की कोशिशों को अपना समर्थन देते रहेंगे. इसके लिए कूटनीतिक और सैनिक रूप से हम यूक्रेन के हाथ मजबूत करते रहेंगे."

    वीडियो कैप्शन, पुतिन के तीन लाख रिज़र्व सैनिकों को बुलाने के फ़ैसले को लेकर लोग कर रहे हैं प्रदर्शन.

    राष्ट्रपति बाइडन ने कहा कि अमेरिका ने इस हफ़्ते यूक्रेन को अतिरिक्त सुरक्षा मदद के लिए 1.1 अरब डॉलर की मदद का एलान किया है. रूस पर नए प्रतिबंधों की घोषणा करते हुए राष्ट्रपति बाइडन ने कहा, "यूक्रेन के इलाकों पर कब्ज़े के दावों के जवाब में अमेरिका अपने सहयोगियों के साथ आज नए प्रतिबंधों की घोषणा करता है. ये प्रतिबंध रूस के अंदर और बाहर यूक्रेन की सीमाओं की स्थिति बदलने की अवैध कोशिशों को राजनीतिक और आर्थिक समर्थन देने वाले व्यक्तियों और संगठनों पर लागू होंगे."

    "हम अंतरराष्ट्रीय समुदाय से रूस को इसके लिए जिम्मेदार ठहराने के लिए एकजुट करने की कोशिश करेंगे. मुझे उम्मीद है कि यूक्रेन की मदद के लिए 12 अरब डॉलर अतिरिक्त देने के प्रस्ताव वाले क़ानून को कांग्रेस से मंज़ूरी मिल जाएगी."

  11. आर्मीनिया को हथियार देकर किस तरह पाकिस्तान-तुर्की पर अंकुश लगाएगा भारत?

    पिनाका

    इमेज स्रोत, ANI

    भारत आर्मीनिया को 2000 करोड़ रुपये के हथियार बेचेगा. 2020 में आर्मीनिया की अपने पड़ोसी देश अज़रबैजान के साथ लड़ाई हो चुकी है. लेकिन एक बार फिर दोनों में तनातनी बढ़ने लगी है. लिहाज़ा आर्मीनिया के लिए भारत के साथ की गई इस डील की काफ़ी अहमियत है.

    रक्षा मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक़ 2000 करोड़ रुपये की इस डील के तहत भारत सबसे पहले उसे पिनाका मल्टी बैरल रॉकेट लॉन्चर की सप्लाई करेगा. इस मल्टी बैरल रॉकेट लॉन्चर सिस्टम को डीआरडीओ ने विकसित किया है और इसे भारत ने चीन और पाकिस्तान से लगी सीमा पर पहले ही तैनात कर रखा है. पिनाका का यह पहला इंटरनेशनल ऑर्डर है.

    अज़रबैजान,तुर्की और पाकिस्तान की तिकड़ी

    अज़रबैजान को पाकिस्तान और तुर्की के उभरते गठजोड़ के हिस्से के तौर पर देखा जा रहा है.आर्मीनिया के ख़िलाफ़ लड़ाई में अज़रबैजान ने तुर्की ड्रोन का इस्तेमाल कर उसे भारी नुक़सान पहुंचाया था. अब अज़रबैजान पाकिस्तान से चीन में बना

  12. ब्रेकिंग न्यूज़, भारत में प्राकृतिक गैस की कीमत 40 फीसदी बढ़ोतरी के साथ रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची

    प्राकृतिक गैस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    प्राकृतिक गैस की कीमत 40 फीसदी बढ़ोतरी के साथ रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं.

    प्राकृतिक गैस को ही सीएनजी और पीएनजी में बदला जाता है. गैस के दाम बढ़ने का सीधा असर ट्रांसपोर्ट और रसोई खर्च पर पड़ेगा. प्राकृतिक गैस से फर्टिलाइजर, बिजली बनाने जैसे काम भी किए जाते हैं.

    तेल मंत्रालय के एक आदेश के अनुसार पुराने क्षेत्रों से उत्पादित गैस के लिए भुगतान की दर जो पहले 6.1 अमेरिकी डॉलर थी, उसे बढ़ाकर 8.57 डॉलर प्रति मिलियन ब्रिटिश थर्मल यूनिट कर दिया गया है.

    इसके साथ ही रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड और उसकी सहयोगी कंपनियों के लिए भी गैस की कीमतों को 9.92 अमेरिकी डॉलर से बढ़ाकर 12.6 अमेरिकी डॉलर प्रति एमएमबीटीयू कर दिया है.

    अप्रैल 2019 के बाद से प्राकृतिक गैस की दरों में ये तीसरी बढ़ोतरी है.

    दरों में यह तीसरी वृद्धि होगी और बेंचमार्क अंतरराष्ट्रीय कीमतों में मजबूती के कारण आई है।

  13. पीएफ़आई पर बैन के बाद अब एसडीपीआई की चर्चा, कौन ले सकता है फ़ैसला?

    एसडीपीआई

    इमेज स्रोत, Getty Images

    पॉपुलर फ्रंट ऑफ़ इंडिया पर पाँच साल का प्रतिबंध लगने के बाद ये चर्चा चल रही है कि उसकी राजनीतिक शाखा एसडीपीआई पर प्रतिबंध क्यों नहीं लगाया गया है.

    पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफ़आई) और उसकी आठ सहयोगी संस्थाओं पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद 'सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ़ इंडिया' (एसडीपीआई) ने कहा था कि उस पर ताज़ा प्रतिबंध का कोई असर नहीं पड़ेगा.

    एसडीपीआई ने यह भी दावा किया है कि वह एक स्वतंत्र संस्था है और पीएफ़आई से उसका कोई लेना-देना नहीं है.

    अब चर्चा इस बात पर भी है कि राजनीतिक पार्टी होने के कारण क्या भारतीय चुनाव आयोग (ईसीआई) एसडीपीआई पर प्रतिबंध लगाने के लिए क़दम उठाएगा?

  14. चीनी स्मार्टफोन कंपनी शाओमी के 5,551 करोड़ रुपये की ज़ब्ती पर फेमा अथॉरिटी ने लगाई मुहर

    चीनी स्मार्टफोन निर्माता कंपनी शाओमी

    इमेज स्रोत, GETTY IMAGES

    चीनी स्मार्टफोन निर्माता कंपनी शाओमी से 5 हजार 551 करोड़ रुपये से अधिक की जब्ती के आदेश को मंजूरी दे दी गई है. ईडी के मुताबिक भारत में जब्ती के मामले में ये अब तक की सबसे बड़ी रकम है.

    ईडी ने शुक्रवार को बताया कि उन रुपयों को जब्त करने के आदेश को मंजूरी विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के तहत 'कम्पीटेंट अथॉरिटी' ने दी है.

    प्रवर्तन निदेशालय (ईडी ने 29 अप्रैल को फेमा कानून के तहत कंपनी से रुपये जब्त करने का आदेश जारी किया था जिस 'कम्पीटेंट अथॉरिटी' के पास भेजा गया था. भारत में विदेशी मुद्रा उल्लंघन के मामले में 'कम्पीटेंट अथॉरिटी' को मंजूरी के लिए आदेश भेजा जाना जरूरी है.

    जांच एजेंसी ईडी ने अपने बयान में कहा कि शाओमी टेक्नोलॉजी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ फेमा की धारा 37 ए के तहत आदेश जारी किया गया है.

    ईडी का कहना है कि कंपनी ने 5 हजार 551 करोड़ रुपये के बराबर की विदेशी मुद्रा को शाओमी कंपनी ने अवैध तरीके से भारत के बाहर भेजा है, जो फेमा के तहत कानूनों का गंभीर उल्लंघन है.

  15. आज का कार्टून: कहाँ है वो 'सूत्र' ?

    कार्टून

    कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव में अटकलों पर आज का कार्टून.

  16. पहली बार मोटो जीपी रेस की मेजबानी करेगा भारत

    मोटो जीपी रेस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारत पहली बार मोटो जीपी रेस की मेजबानी करने जा रहा है.

    साल 2023 में उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में बने बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट में ये रेस आयोजित होगी. इससे पहले यहां फॉर्मूला 1 इंडियन ग्रांड प्रिक्स हो चुकी है.

    केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि खेल के क्षेत्र में ये एक ऐतिहासिक दिन होगा.

    भारत की सड़कों पर करीब 20 करोड़ मोटर साइकिल हैं, जो कुल वाहनों की संख्या का 75 प्रतिशत है.

    खेल के कमर्शियल अधिकार स्पोर्ट्स कंपनी डोर्ना के पास हैं. कंपनी के सीईओ कार्मेलो एजपेलेट ने कहा कि भारत में हमारे बहुत सारे प्रशंसक हैं और हम उनके लिए ये रेस यहां लाने के लिए उत्साहित हैं.

    बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट ने 2011 से 2013 तक फॉर्मूला 1 रेस की मेजबानी की थी, इससे पहले इंडियन ग्रां प्री को खेल के शेड्यूल से हटा दिया गया था.

  17. सुप्रीम कोर्ट का ये फ़ैसला क्या मैरिटल रेप के ख़िलाफ़ लड़ाई को एक क़दम आगे ले जाएगा?

    Anand Vaghasiya / EyeEm

    इमेज स्रोत, Anand Vaghasiya / EyeEm

    सुप्रीम कोर्ट का ये फ़ैसला बहुत अच्छा है और मैरिटल रेप को लेकर चल रही लड़ाई में ये एक क़दम आगे है-कामिनीजायसवाल, सुप्रीम कोर्ट की वकील

    विवाहित महिला भी सेक्शुअल असॉल्ट या बलात्कार की सर्वाइवर हो सकती है. एक महिला उसके पति द्वारा उसकी मर्ज़ी के बिना बनाए गए संबध से गर्भवती हो सकती है. हम पार्टनर द्वारा की गई इस प्रकार की हिंसा की अनदेखी कर देते हैं जो कि एक सच्चाई है और बलात्कार का रूप ले सकती है-सुप्रीम कोर्ट

    सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को एक मामले की सुनवाई में महिलाओं के लिए गर्भपात कराने के दायरे को बढ़ाते हुए कहा है कि अविवाहित महिला 24 हफ़्ते तक गर्भपात करवा सकती है.

    कोर्ट में इस मामले में एक सिंगल महिला ने याचिका डाली थी.

  18. 30 सितंबर 2022 का ‘दिनभर: पूरा दिन, पूरी ख़बर’, सुनिए मानसी दाश और प्रेरणा से

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  19. पुतिन ने किया एलान, यूक्रेन के चार इलाके अब रूस का हिस्सा

    राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन

    इमेज स्रोत, EPA

    राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार को इस बात का एलान कर दिया है कि यूक्रेन के चार इलाके- दोनेत्स्क, लुहांस्क, खेरसन और ज़पोरिज़िया अब रूस का हिस्सा हैं.

    उन्होंने कहा, "यूक्रेन के चार इलाके के लोगों ने अपना फ़ैसला कर लिया है. जनमत संग्रह के नतीजे जगजाहिर हैं. लोगों ने चुनाव कर लिया है. एक मात्र फ़ैसला."

    रूस के नियंत्रण वाले यूक्रेन के इन चार इलाकों में जनमत संग्रह को पश्चिमी देशों और क़ानूनी विशेषज्ञों ने अवैध करार दिया है. पुतिन मॉस्को में क्रेमलिन से बोल रहे थे.

    उन्होंने कहा, "मुझे पूरा भरोसा है कि फेडरल असेंबली रूस के इन चार नए इलाकों को अपना समर्थन देगी क्योंकि ये लाखों लोगों की इच्छा है."

    रूस

    उन्होंने कहा कि जनमत संग्रह के नतीजे उन लोगों के 'प्राकृतिक अधिकार' को दर्शाते हैं जिन्होंने इसमें अपना वोट दिया है. पुतिन ने अपने संबोधन में इतिहास का भी जिक्र किया.

    उन्होंने दावा किया कि रूसी लोगों की कई पीढ़ियों ने इन इलाकों के लिए जंग लड़ी है. उन्होंने इस जंग में मारे गए सैनिकों की याद में एक मिनट के मौन रखने की अपील की. पुतिन ने कहा कि ये सैनिक रूस के हीरो थे.

    पुतिन ने कहा कि वे चाहते हैं कि कीएव और पश्चिमी देशों के लोग ये बात सुन लें कि डोनबास क्षेत्र के लोग अब हमेशा के लिए रूस के नागरिक बन जाएंगे.

    उन्होंने कहा कि "रूस अपनी ज़मीन की हर तरह से हिफाजत करेगा ताकि हमारे लोग सुरक्षित तरीके से रह सकें. रूस इन इलाकों के गांवों और शहरों का पुनर्निमाण करेगा और स्वास्थ्य एवं शिक्षा के बुनियादी ढांचे का विकास करेगा."

  20. आरबीआई ने फिर बढ़ाया रेपो रेट, क्या होगा आम आदमी पर असर?

    वीडियो कैप्शन, आरबीआई ने फिर बढ़ाया रेपो रेट, क्या होगा आम आदमी पर असर?

    रिज़र्व बैंक ऑफ़ इंडिया (आरबीआई) के गवर्नर शक्तिकांत दास की अध्यक्षता में मोनिटरी कमिटी की समीक्षा बैठक हुई जिसके बाद रिज़र्व बैंक ने लगातार चौथी बार रेपो रेट में बढ़ोतरी की घोषणा की है.

    आरबीआई के गवर्नर शक्तिकांत दास ने रेपो रेट में 50 बेसिस प्वाइंट बढ़ाने की घोषणा की है जो तत्काल प्रभाव से लागू होगा.

    इसी के साथ रेपो रेट 5.90 फ़ीसदी हो गया है जो तीन साल में सबसे अधिक है.

    रेपो रेट वह दर है जिस पर आरबीआई बैंकों को लोन देता है. रेपो रेट बढ़ने से होम लोन, पर्सनल लोन समेत दूसरे लोन भी महंगे हो जाएंगे.

    आरबीआई गवर्नर ने कहा कि पहली तिमाही में जीडीपी की ग्रोथ उम्मीद के मुताबिक नहीं रही है. हालांकि 13.5% की दर दुनिया की कई बड़ी अर्थव्यवस्थाओं से बेहतर थी.

    उन्होंने कहा, ‘‘लगातार बढ़ रहे भू-राजनीतिक तनावों और कमज़ोर वैश्विक वित्तीय बाजार की वजह से पैदा हुई अनिश्चितताओं के कारण मुद्रास्फीति आज लगभग 7% पर है और हमें उम्मीद है कि इस वर्ष की दूसरी छमाही में यह लगभग 6% पर बनी रहेगी.’’

    आरबीआई गवर्नर ने कहा कि दूसरी तिमाही को लेकर आंकड़े संकेत करते हैं कि आर्थिक गतिविधियां बेहतर बनी रहेंगी, निजी खपत में तेजी आ रही है और ग्रामीण क्षेत्र में मांग धीरे-धीरे बढ़ रही है, निवेश की मांग बढ़ रही है. कृषि क्षेत्र मज़बूत बना हुआ है.