You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

एडवर्ड स्नोडेन को रूस की नागरिकता मिली

स्नोडेन पर अमरीका के कई ख़ुफ़िया दस्तावेज़ कथित रूप से लीक करने का आरोप है.

लाइव कवरेज

ब्रजेश मिश्र and अभिनव गोयल

  1. जैकलीन फ़र्नांडीस को दिल्ली की अदालत ने दी अंतरिम ज़मानत, क्या है मामला?

    फ़िल्म अभिनेत्री जैकलीन फ़र्नांडीस को दिल्ली की पटियाला हाउस अदालत ने 50 हज़ार के मुचलके पर अंतरिम ज़मानत दे दी है.

    फ़र्नांडीस पर करोड़ों की ठगी करने के अभियुक्त सुकेश चंद्रशेखर से बेशक़ीमती गिफ़्ट लेने का केस है. मनी लॉन्ड्रिंग के इस केस में जैकलीन से प्रवर्तन निदेशालय कई बार घंटों तक पूछताछ करता रहा है.

    आज वे दिल्ली की पटियाला हाउस अदालत में पेश हुईं. फ़र्नांडीस एनआईए जज शैलेंद्र मलिक की अदालत में भी पेश होंगी क्योंकि सुकेश चंद्रशेखर मनी लॉन्ड्रिंग केस में पूरक चार्जशीट भी दाख़िल की गई है.

    एडिशनल सेशंस जज शैलेंद्र मलिक ने फ़र्नांडीस की ज़मानत याचिका पर प्रवर्तन निदेशालय से जवाब मांगा है.

    तब तक अदालत ने फ़र्नांडीस के वकील की गुज़ारिश पर, उन्हें 50 हज़ार के मुचलके पर अंतिरम ज़मानत दे दी है.

    क्या है मामला

    दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने जैकलीन फर्नांडिस को धन उगाही से जुड़े एक मामले में आज पेश होने को कहा था.

    प्रवर्तन निदेशालय ने 200 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में दायर चार्जशीट में फर्नांडिस का नाम शामिल किया है.

    प्रवर्तन निदेशालय ने इस मामले की चार्जशीट में जैकलिन फर्नांडिस का नाम अभियुक्त के रूप में दर्ज किया है. इस मामले में जेल में बंद सुकेश चंद्रशेखर मुख्य अभियुक्त हैं.

  2. अफ़ग़ानिस्तान से भारत आए 55 सिख, वहां के हालात पर क्या बोले?

    अफ़ग़ानिस्तान से एक विशेष विमान 55 सिखों को लेकर रविवार रात दिल्ली पहुंचा. भारत आने वालों में 38 वयस्क, 14 बच्चे और 3 नवजात हैं.

    तालिबान शासन वाले अफ़ग़ानिस्तान में अल्पसंख्यकों पर बढ़ते हमलों के कारण उन्हें वहां से निकाला जा रहा है.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में भारत आए अफ़ग़ान सिख बलजीत सिंह ने कहा कि अफ़ग़ानिस्तान में हालात ठीक नहीं हैं.

    उन्होंने कहा, ‘‘अफ़ग़ानिस्तान में स्थिति बहुत अच्छी नहीं है. मुझे चार महीनों तक जेल में रखा गया. तालिबान ने हमारे साथ धोखा किया है. उन्होंने जेल में हमारे बाल काट दिए. मैं भारत और अपने धर्म में आकर खुश और शुक्रगुज़ार हूं.’’

    एक अन्य अफ़ग़ान शरणार्थी सिख सुखबीर सिंह खालसा ने कहा, ‘‘हम भारत सरकार के शुक्रगुज़ार हैं कि हमें तत्काल वीज़ा दे दिया और हमें भारत पहुंचने में मदद की. अब भी हम में से कई लोगों के परिजन अफ़ग़ानिस्तान में हैं. करीब 30-35 लोग अब भी वहां फंसे हैं.’’

    SGPC उठा रही है खर्च

    काबुल में एक गुरुद्वारा में हुए हमले के बाद से अब तक 68 अफ़ग़ान हिंदू और सिख भारत आ चुके हैं.

    अफ़ग़ानिस्तान से सिखों को भारत लाने का खर्च सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी (एसजीपीसी) वहन कर रही है.

    आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी ने एयरपोर्ट पहुंचकर अफ़ग़ान सिखों का स्वागत किया.

    उन्होंने कहा, ‘‘जो परिवार काबुल में, जलालाबाद में रह गए थे उनमें से 55 आज भारत आ गए हैं. इन लोगों को महावीर नगर और अर्जुन नगर में बसाने की तैयारी है. उनके लिए घर लेकर दिए जाएंगे और सुविधाएं देने की कोशिश की जा रही है. इन लोगों को ‘मेरा परिवार, हमारी ज़िम्मेदारी’ योजना के तहत लाया गया है.’’

  3. पाकिस्तान की मंत्री को लंदन में लोगों ने घेरा, आपत्तिजनक शब्द भी कहे

    पाकिस्तान की सूचना मंत्री मरियम औरंगज़ेब को लंदन में एक कॉफ़ी शॉप में कुछ लोगों ने घेर लिया.

    सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में लंदन में रहने वाले पाकिस्तानी नागरिकों को मंत्री के ख़िलाफ़ नारे लगाते देखा जा सकता है. यही नहीं, कुछ लोगों ने मरियम औरंगज़ेब को ‘चोरनी’ कहकर भी संबोधित किया.

    मरियम औरंगज़ेब को घेरने वाले लोगों का कहना था कि एक ओर जहां उनका देश भीषण बाढ़ की चपेट में है वहीं उनके नेता विदेश में जनता के पैसों पर घूमकर ऐश कर रहे हैं.

    वायरल वीडियो में दिखा कि जब लोग उनके आसपास घेरा बना रहे थे और उन पर टिप्पणी कर रहे थे तब मरियम औरंगजेब ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और वो अपने मोबाइल में व्यस्त रहीं.

    एक महिला ने उन पर टिप्पणी करते हुए कहा, ‘‘वहां ये टीवी पर बड़े बड़े दावे करती हैं लेकिन यहां इनके सिर पर दुपट्टा भी नहीं है.’’

    पाकिस्तानी पत्रकार सैयद तलत हुसैन ने ट्विटर पर घटना का एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें कुछ लोग पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ के झंडे के रंग में दिख रहे हैं. वे लोग मरियम औरंगज़ेब की तस्वीरें और वीडियो ले रहे थे.

    इस ट्वीट के जवाब और पूरे मामले में मरियम औरंगज़ेब ने एक ट्वीट किया और कहा, ‘‘ये इमरान ख़ान की नफ़रत और विभाजन की राजनीति का ज़हरीला प्रभाव है जो हमारे भाइयों और बहनों पर दिख रहा है. मैं रुकी और उनके हर सवाल का जवाब दिया. दुख की बात यह है कि वे लोग इमरान ख़ान के प्रोपगैंडा का शिकार हैं. हम इमरान ख़ान की जहरीली राजनीति का मुक़ाबला करेंगे और लोगों को साथ लाने का काम करेंगे.’’

    पाकिस्तानी न्यूज़ चैनल एआरवाई न्यूज़ के मुताबिक, लंदन में कुछ पाकिस्तानों ने पूर्व प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ के घर के बाहर भी विरोध प्रदर्शन किया.

    प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि पाकिस्तान की आवाम पर भारत के साथ कारोबार पर प्रतिबंध है लेकिन शरीफ़ ख़ानदान अपने कारोबार के लिए भारत से नजदीकियां बढ़ा रहा है.

  4. हिमाचल के कुल्लू में वाहन खाई में गिरा, सात की मौत, कई घायल

    हिमाचल प्रदेश के कुल्लू ज़िले में रविवार शाम हुई एक दुर्घटना में सात पर्यटकों की मौत हो गई है और दस घायल हो गए हैं. ये सभी लोग टेम्पो ट्रैवलर में सवार थे.

    ये वाहन बेकाबू होकर एक गहरी खाई में गिर गया था. बीजेपी के स्थानीय विधायक सुरेंद्र शौरी ने आज तड़के घटनास्थल से एक वीडियो डाला है जिसमें वो कह रहे हैं कि दुर्घटना कुल्लू की बंजार तहसील में हुई है.

    घायलों को बंजार के अस्पताल में ले जाया गया है जहां प्राथमिक उपचार के बाद कुछ को कुल्लू ज़िला अस्पताल भेजा गया है.

    बंजार के विधायक ने बताया है कि पर्यटक राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली से थे और उनकी शिनाख़्त की जा रही है.

    राहत और बचाव कार्यों में स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन की मदद की है.

    कुल्लू ज़िले के एसपी गुरदेव सिंह ने कहा कि दुर्घटना रविवार शाम साढ़े आठ बजे की है.

    उन्होंने कहा, "हादसा बंजार घाटी के घियागी इलाक़े में हुआ है. पांच घायलों को अब कुल्लू ज़ोनल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. पांच का इलाज बंजार में ही चल रहा है."

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस दुर्घटना पर खेद व्यक्त करते हुए ट्वीट किया है.

  5. राजस्थान कांग्रेस में छिड़ी कलह को बीजेपी ने बताया सियासी पाखंड, रखी ये मांग

    राजस्थान में चल रहे हाईप्रोफ़ाइल सियासी घमासान के बीच विपक्षी पार्टी बीजेपी ने राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की है.

    बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष ने एक ट्वीट किया और कहा कि भगवान राजस्थान की रक्षा करें.

    वहीं, राजस्थान बीजेपी के नेता राजेंद्र राठौड़ ने ट्वीट किया और कहा कि राजस्थान के हालात राष्ट्रपति शासन की ओर इशारा कर रहे हैं.

    उन्होंने लिखा, ‘‘राजस्थान में मौजूदा राजनीतिक हालात राष्ट्रपति शासन की ओर इशारा कर रहे हैं. मुख्यमंत्री अशोक गहलोतजी, आप नाटक क्यों कर रहे हो. मंत्रिमंडल के इस्तीफे के बाद अब देरी कैसी. आप भी इस्तीफा दे दीजिए.’’

    प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि राजस्थान के मौजूदा हालात 2023 में होने वाले चुनावों का रुझान हैं और दावा किया कि अगले चुनाव में बीजेपी की सरकार बनेगी.

    उन्होंने ट्वीट करके कहा कि राजस्थान कांग्रेस में इस्तीफ़े का सियासी पाखंड चल रहा है.

    केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने तंज कसते हुए कहा कि यह बाड़ेबंदी की सरकार है.

    कांग्रेस जारी है घमासान

    रविवार को राजस्थान में सियासी पारा गरम रहा. अशोक गहलोत के समर्थक विधायक नए मुख्यमंत्री के चुनाव से पहले अपना इस्तीफ़ा देने विधानसभा अध्यक्ष के आवास पहुंच गए.

    दरअसल, अब राज्य में सत्ता के लिए अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच टकराव साफ़ दिख रहा है.

    अटकलें लगाई जा रही थीं कि गहलोत के कांग्रेस अध्यक्ष पद की उम्मीदवारी पर सचिन पायलट को राज्य का मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है. लेकिन फिलहाल कांग्रेस में जारी घमासान ने हालात बदल दिए हैं.

    सचिन पायलट समर्थक विधायक उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की मांग कर रहे हैं, जबकि अशोक गहलोत के समर्थक विधायकों का कहना है कि मुख्यमंत्री उस समूह से होना चाहिए जिन्होंने सरकार बचाई थी.

    समाचार एजेंसी एएनआई ने कांग्रेस विधायक प्रताप सिंह खाचरियावास के हवाले से बताया है कि केवल 10-15 विधायकों को सुना गया और बाक़ी की उपेक्षा कर दी गई.

    उन्होंने कहा कि पार्टी हमलोगों की नहीं सुनना चाहती और इसके बिना ही निर्णय लिए जा रहे हैं.

  6. अमेरिका और पाकिस्तान के रिश्ते पर क्या बोले भारतीय विदेश मंत्री

    भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने रविवार को कहा कि अमेरिका और पाकिस्तान के संबंधों से, दोनों में से किसी का भला नहीं हुआ है. उन्होंने पाकिस्तान को एफ़-16 विमानों के लिए 450 मिलियन की अमेरिकी मदद पर भी सवाल उठाए.

    उन्होंने कहा, ‘‘ईमानदारी से कहूं तो इस रिश्ते ने न तो पाकिस्तान का भला किया है और न ही अमेरिका का.’’

    भारतीय अमेरिकयों से बातचीत के दौरान विदेश मंत्री ने कहा, ‘‘इसलिए अब यह अमेरिका की ज़िम्मेदारी है कि वो इस रिश्ते की खूबियां बताए.’’

    उन्होंने अमेरिका के उस दावे पर सवाल उठाए जिसमें वो कहता है कि पाकिस्तान को F-16 पैकेज चरमपंथ से निपटने के लिए दिया गया है.

    एस. जयशंकर ने कहा कि ये बात हर कोई जानता है कि एफ़-16 का इस्तेमाल पाकिस्तान कहां और किसके ख़िलाफ़ करता है.

    एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा,‘‘आप ये सब बातें कहकर किसी और को बेवकूफ़ नहीं बना रहे हैं.’’

    इस महीने की शुरुआत में बाइडन प्रशासन ने पाकिस्तान को एफ-16 लड़ाकू विमानों के रखरखाव के लिए 45 करोड़ अमेरिकी डॉलर की मदद देने का ऐलान किया था.

    बाइडन प्रशासन ने पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस फ़ैसले को पलटा है जिसमें उन्होंने पाकिस्तान को मिलने वाली सैन्य मदद खारिज कर दी थी. इसकी वजह यह थी कि पाकिस्तान पर अफ़ग़ान तालिबान और हक़्क़ानी नेटवर्क को शरण देने के आरोप लगे थे.

  7. नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. अभिवादन स्वीकार करें ब्रजेश और पवन का.

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज में आपको दिनभर ताज़ा और अहम ख़बरें मिलेंगी.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 25 सितंबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    शुरुआत आज की कुछ बड़ी ख़बरों से

    • राजस्थान में नए मुख्यमंत्री के चयन पर कांग्रेस में मतभेद, आज फिर चलेगा वार्ताओं का दौर
    • सुप्रीम कोर्ट दोषी पाए गए व्यक्तियों के चुनाव लड़ने प्रतिबंध वाली याचिका सुनवाई करेगा
    • सोनाली फोगाट मामले में कर्लीज रेस्टोरेंट पर गोवा में कार्रवाई पर सुनवाई होगी
    • एक मनी लॉन्ड्रिंग केस में फ़िल्म अभिनेत्री जैकलीन फ़र्नांडिस आज दिल्ली की पटियाला हाउस अदालत में पेश होंगी
    • लखीमपुर खीरी मामले में सुप्रीम कोर्ट में आशीष मिश्रा की ज़मानत याचिका पर सुनवाई होगी
    • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज से 28 सितंबर तक कर्नाटक के दौरे पर