You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

राजस्थान: नए मुख्यमंत्री के सवाल पर कांग्रेस में जमकर बवाल

सचिन पायलट के समर्थक विधायक उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की मांग कर रहे हैं लेकिन अशोक गहलोत के समर्थक इसके लिए तैयार नहीं हैं.

लाइव कवरेज

ब्रजेश मिश्र and चंदन शर्मा

  1. चीन और रूस ने यूएन महासभा में इन्हें निशाने पर लिया

    संयुक्त राष्ट्र आम सभा (UNGA) की बैठक में शनिवार को यूक्रेन में चल रहे युद्ध रोकने पर ज़ोर दिया गया.

    हालांकि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन यूक्रेन को नए सहायता पैकेज और फंड की घोषणा की.

    वहीं चीन और रूस ने अपने भाषण में अमेरिका का ज़िक्र किया.

    चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने अमेरिका की ओर इशारा करते हुए कहा कि ‘संरक्षणवाद को सिर्फ बढ़ावा दिया जा रहा है. साथ ही यह उम्मीद भी जताई कि अमेरिका चीन के साथ बड़े व्यापारिक रिश्ते को तोड़ेगा नहीं.

    वांग यी ने अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन से यूएनजीए की बैठक से अलग से मुलाक़ात की.

    इस बैठक में चीन का मुख्य फोकस ताइवान मुद्दे पर था.

    वहीं, चीनी विदेश मंत्री ने बताया कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने हाल के दिनों में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से कहा है कि यूक्रेन में चल रहे युद्ध से वो ख़ुश नहीं हैं.

    हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुतिन से कहा था कि यह समय युद्ध का नहीं है. पीएम मोदी के इस बयान की काफ़ी सराहना हुई और दुनिया के शीर्ष नेताओं ने इस बात का समर्थन भी किया कि यूक्रेन में युद्ध बंद होना चाहिए.

    यूएनजीए की बैठक में वांग यी ने कहा, ‘‘चीन यूक्रेन संकट के शांतिपूर्ण समाधान के लिए सारे प्रयासों का समर्थन करता है. पहली प्राथमिकता शांति के लिए वार्ता करवानी है. सभी पक्षों की जो सुरक्षा चिंताएं हैं उनका मौलिक समाधान होना चाहिए.’’

    यूक्रेन का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘’राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से सभी देशों की क्षेत्रीय संप्रभुता को बरकरार रखने के लिए समान, व्यापक और सतत सुरक्षा के फॉर्मूले को अपनाने पर ज़ोर दिया है.’’

    रूस के विदेश मंत्री ने क्या कहा?

    रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोफ़ यूएनजीए की बैठक में और बाद में मीडिया से बातचीत में कहा कि यूक्रेन में चल रहे युद्ध को रोकने के लिए बातचीत की शुरुआत रूस नहीं करेगा.

    उन्होंने कहा कि ‘‘पश्चिमी देशों में रूसोफ़ोबिया बेहद अजीब तरह से फैला है और यह विचित्र स्थिति है.‘’

    यह बयान तब ऐसे वक़्त में आया है जब रूस ने नए सिरे से यूक्रेन पर हमले की तैयारी की है और कई शहरों पर हमले तेज़ कर दिए हैं. इसके साथ ही जिन शहरों में रूस का कब्ज़ा है वहां जनमत संग्रह कराया जा रहा है कि क्या वो रूस के साथ रहना चाहते हैं.

    यूएनजीए में अपने भाषण में लावरोफ़ ने अमेरिका को निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि पश्चिमी देश हर तरह से रूस को तोड़ना चाहते हैं और उसे विश्व के नक्शे से हटा देना चाहते हैं.

    रूसी विदेश मंत्री ने कहा,‘‘संयुक्त राष्ट्र का गठन मानवता को स्वर्ग में ले जाने के लिए नहीं हुआ था, इसका गठन इंसानियत को नर्क में जाने से बचाने के लिए हुआ था.’’

  2. अशोक गहलोत की जगह कौन होगा राजस्थान का मुख्यमंत्री?

    कांग्रेस ने राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और राजस्थान के प्रभारी और पार्टी महासचिव अजय माकन को पर्यवेक्षक बनाकर जयपुर भेजा गया है.

    दोनों नेता यहाँ रविवार शाम होने वाली विधायक दल की बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा करेंगे.

    पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने शनिवार को ट्वीट करके इसकी जानकारी दी.

    यह बैठक राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के उस बयान के बाद होने जा रही है जिसमें उन्होंने कहा था कि उनके बाद मुख्यमंत्री कौन होगा इसका फैसला सोनिया गांधी और अजय माकन करेंगे.

    अशोक गहलोत पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव लड़ रहे हैं.

    पार्टी हाई कमान और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी यह स्पष्ट किया है कि उदयपुर घोषणा के अनुसार ‘वन मैन, वन पोस्ट’ का फॉर्मूला लागू रहेगा.

    रविवार को होने वाली बैठक में राजस्थान के अगले मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा होगी.

    बीते 48 घंटों में जयपुर में राजनीतिक समीकरण तेज़ी से बदले हैं. अशोक गहलोत का समर्थन करने वाले विधायक और मंत्री अब पूर्व मुख्यमंत्री सचिन पायलट के खेमे की तरफ झुकते दिख रहे हैं.

    सचिन पायलट को राजस्थान के मुख्यमंत्री पद की रेस में सबसे आगे माना जा रहा है.

    केरल में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल रहे सचिन पायलट शुक्रवार को जयपुर लौटे. इसके पहले उन्होंने दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा से मुलाक़ात की.

    राज्य में लौटते ही उन्होंने राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष सीपी जोशी से भी मुलाक़ात की जिनका नाम मुख्यमंत्री पद के संभावित उम्मीदवारों की लिस्ट में चल रहा है. इस बैठक में कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खचारिया और पूर्व विधायक रघु शर्मा भी मौजूद थे.

    रुख बदलने वालों में सबसे आगे ग्रामीण विकास मंत्री राजेंद्र गुधा दिखे. उन्होंने कहा, ‘अब अशोक गहलोत ने जब कांग्रेस अध्यक्ष बनने का फ़ैसला कर लिया है तो दिल्ली हाईकमान जिसे चुनेगा हमें स्वीकार है.’

    कई विधायकों ने भी पायलट से मुलाक़ात की जो अब तक गहलोत के ख़ास माने जाते थे.

  3. ईरान में हिजाब के ख़िलाफ़ विरोध-प्रदर्शन पर राष्ट्रपति रईसी ने दिए सख़्त आदेश

    ईरान के राष्ट्रपति ने क़रीब एक सप्ताह से विरोध-प्रदर्शन कर रहे लोगों पर सख़्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं.

    राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी ने विरोध प्रदर्शनों से ‘सख़्ती से निपटने’ की बात कही है. ये विरोध-प्रदर्शन अब देश के 31 से अधिक प्रांतों में फैल चुके हैं.

    अधिकारियों के मुताबिक़, महसा अमीनी की पुलिस हिरासत में मौत के बाद अब तक अलग-अलग जगह विरोध-प्रदर्शनों में क़रीब 35 लोगों की मौत हुई है.

    पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव लगातार जारी हैं.

    महसा अमीनी को हिजाब के नियम तोड़ने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. पुलिस अधिकारियों ने कथित तौर पर न सिर्फ़ अमीनी के साथ मारपीट की बल्कि उनका सिर वाहनों से टकराया.

    पुलिस का कहना है कि अमीनी के साथ बदसलूकी के कोई सबूत नहीं हैं और उनकी मौत ‘अचानक आए हार्ट अटैक’ से हुई है.

    राष्ट्रपति रईसी ने कहा है कि अमीनी की मौत की जांच की जाएगी. वहीं, ईरान के गृह मंत्री अहमद वहीदी ने दावा किया है कि हिरासत में अमीनी के साथ मारपीट नहीं हुई.

    उन्होंने कहा, ‘‘निगरानी एजेंसियों की ओर से रिपोर्ट मिली है, प्रत्यक्षदर्शियों से साक्ष्य जुटाए गए हैं, वीडियो मिले हैं, फ़ोरेंसिक नज़रिया भी लिया गया है और इस सब से स्पष्ट हुआ है कि अमीनी के साथ मारपीट नहीं हुई.’’

    ड्रेस कोड ख़ारिज करने की मांग

    सोशल मीडिया पर शेयर हो रहे वीडियो दिखाते हैं कि कैसे ईरान के कई शहर बीते कुछ दिनों में हिंसा की आग में झुलसे हैं. कई शहरों में सुरक्षाबल प्रदर्शनकारियों पर सीधे गोली चलाते हुए भी दिखे.

    राजधानी तेहरान के साथ ही कई अन्य शहरों में शनिवार को पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की ख़बरें आई हैं. एक ही जगह इकट्ठा होने की बजाय प्रदर्शनकारी अब अलग-अलग जगहों पर फैल रहे हैं.

    कुछ तस्वीरों में यह भी दिखा है कि प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाकर पेट्रोल बम फेंके.

    इस बीच सुधारवादी समूह यूनियन ऑफ़ इस्लामिक ईरान पीपल्स पार्टी ने ज़रूरी ड्रेस कोड खारिज करने और ‘शांति पूर्ण प्रदर्शन’ की अनुमति देने की मांग की है.

    एमनेस्टी इंटरनेशनल ने चेतावनी दी है कि जो सबूत उसे मिले हैं उनमें ईरानी सुरक्षाबल बेहिचक और गैरकानूनी ढंग से लोगों पर हथियारों का इस्तेमाल कर रहे हैं.

    इनका दावा है कि सरकारी सुरक्षाबलों ने बुधवार रात में हीको तीन बच्चों समेत 19 लोगों को गोली मारी. बीबीसी इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता है.

    सैकड़ों लोग को हिरासत में

    राष्ट्रपति रईसी ने विरोध प्रदर्शनों को ‘दंगे’ मानने से इनकार कर दिया है.उन्होंने कहा कि ‘‘देश की सुरक्षा और शांति के ख़िलाफ़ खड़े लोगों से सख़्ती से निपटा जाएगा.’’

    ईरान में सुरक्षाबलों ने सैकड़ों लोगों को हिरासत में लिया है. गुइलान प्रांत के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सिर्फ शनिवार को ही 60 महिलाओं समेत 739 लोगों को हिरासत में लिया गया है.

    बीबीसी ने हिरासत में लिए गए कुछ लोगों से बात की और पता चला कि उनके साथ बुरी तरह मारपीट हुई है. उन्हें खाने पीने को कुछ नहीं दिया जा रहा, यहां तक कि टॉयलेट की सुविधा भी नहीं है.

    सरकार ने स्वतंत्र मीडिया और एक्टिविस्टों के खिलाफ अभियान शुरू किया है. एक अमेरिकी संस्था के मुताबिक सोमवार से अब तक करीब 11 पत्रकारों को हिरासत में लिया गया है.

    देश की पश्चिमी सीमा पर बसे ओश्नावीह शहर में सूत्रों ने बीबीसी को बताया किप्रदर्शनकारियों ने सुरक्षाबलों को खदेड़कर शहर में कब्जा कर लिया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, शनिवार को उग्र प्रदर्शनकारियों को देखकर सरकारी अधिकारी भाग खड़े हुए.

    हालांकि सरकारी मीडिया ने इन दावों को खारिज किया है. सरकारी मीडिया ने यह माना है कि कुछ जगहों पर प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा चौकियों पर धावा बोला.

  4. नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है.

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज में आपको दिनभर ताज़ा और अहम ख़बरें मिलेंगी.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 24 सितंबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    शुरुआत आज की कुछ बड़ी ख़बरों से-

    • दक्षिण कोरिया का दावा- उत्तर कोरिया ने फिर से किया मिसाइल टेस्ट.
    • रूस में विरोध प्रदर्शन करने वाले 700 से अधिक लोग गिरफ़्तार. राष्ट्रपति पुतिन के युद्ध के लिए सेना में भर्ती होने के आदेश का हो रहा है विरोध.
    • राजस्थान में नए मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा को लेकरशाम विधायक दल की बैठक होगी. दिल्ली से पर्यवेक्षक बनाकर भेजे गए मल्लिकार्जुन खड़गे और अजय माकन.
    • बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, आरजेडी नेता लालू प्रसाद और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव आज दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाक़ात करेंगे.
    • रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोफ ने भारत की संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का स्थायी सदस्य बनाने की मांग का समर्थन किया.