दिग्गज टेनिस खिलाड़ी रोजर फ़ेडरर ने
शुक्रवार को अपने करियर के आख़िरी टूर्नामेंट में हार के साथ टेनिस को अलविदा कहा.
लेवर कप में फ़ेडरर रफ़ाएल नडाल के साथ जोड़ी बनाकर खेल रहे थे.
अमेरिका के फ़्रांसेस टियाफ़ो और जैक
सॉक के साथ हुए इस मैच में फ़ेडरर और नडाल को 4-6, 7-6, 11-9 से हार का सामना करना पड़ा. इसी हार
के साथ फ़ेडरर का टेनिस करियर ख़त्म हुआ.
मैच ख़त्म होने पर फ़ेडरर भावुक हो गए.
करियर के आखिरी मैच में हार का मलाल उनके चेहरे पर साफ़ दिखा. उन्होंने टेनिस
कोर्ट से वहां मौजूद दर्शकों का अभिवादन किया.
बीते दो दशकों में टेनिस का सबसे
चर्चित नाम रहे फेडरर ने 24 साल बाद खेल को अलविदा कहा.
अपने करियर में 20 ग्रैंडस्लैम जीतने
वाले फ़ेडरर ने 2021 विंबलडन के बाद एक भी मैच नहीं खेला था. उनके घुटने में चोट
थी.
रोजर फेडरर ने अपने टेनिस करियर के आख़िरी दिन कहा, ‘कहीं न कहीं हम सब इस पल से गुज़रते हैं. ये शानदार दिन था. मैं ख़ुश हूँ, दुखी नहीं हूँ. यहाँ होना गर्व की बात है. मैं आख़िरी बार अपने जूतों के फीते बांधकर बेहद ख़ुश हूँ, यहाँ सब मेरे लिए कुछ आख़िरी बार था.’
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने तनाव नहीं लिया. हालांकि मुझे अहसास था कि कुछ तो होने वाला है. लेकिन मैच शानदार था. रफ़ाएल के साथ खेलना और सभी शानदार लोगों और लीजेंड्स का यहाँ होना. आप सभी को शुक्रिया.’’
फ़ेडरर ने ने कहा कि टेनिस की दुनिया में उनके इस सफ़र में उनकी पत्नी का सपोर्ट बेहद ज़रूरी था.
फेडरर कहते हैं, ‘‘वो मुझे बहुत पहले रोक सकती थी. काफ़ी समय पहले लेकिन उसने नहीं रोका. उसने मुझे आगे बढ़ने दिया और लगातार खेलने दिया. यह शानदार है. शुक्रिया.’’
रोजर फे़डरर ने 20 ग्रैंड स्लैम ख़िताब अपने नाम किए. उन्होंने अपना पहला ग्रैंड स्लैम ख़िताब विम्बलडन के रूप में 2003 में जीता था. अपने करियर के दौरान फ़ेडरर ने 6 ऑस्ट्रेलियन ओपन, एक फ़्रेंच ओपन, 8 विम्बल्डन और पांच यूएस ओपन टूर्नामेंट जीते हैं. पुरुष वर्ग में ग्रैंड स्लैम ख़िताबों की कुल संख्या के मामले में इस वक़्त फेडरर अपने मुख्य प्रतिद्वंद्वियों रफ़ाएल नडाल और नोवाक जोकोविच के बाद तीसरे स्थान पर हैं.