शिवसेना: दशहरे पर शिवाजी पार्क में कौन करेगा रैली- शिंदे या ठाकरे? केस कोर्ट में
उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले शिवसेना गुट ने शिवाजी पार्क में वार्षिक दशहरा रैली आयोजित करने के लिए बॉम्बे हाई कोर्ट का रुख किया है.
शिवसेना मुंबई में पारंपरिक रूप से दशहरा के मौके पर वार्षिक रैली का आयोजन करती रही है.
इस मौके पर शस्त्र पूजा से लेकर तमाम अन्य तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं. और ये वार्षिक कार्यक्रम शिवसेना के वजूद का अहम हिस्सा माना जाता है.
लेकिन शिवसेना में दो फाड़ होने के बाद इस कार्यक्रम के आयोजन को लेकर नए सवाल खड़े हुए हैं. इस समय शिव सेना का एक गुट एकनाथ शिंदे के साथ है जिन्होंने बीजेपी के साथ मिलकर सरकार बनाई है.
वहीं, दूसरा गुट ठाकरे परिवार के साथ है जिन्होंने लगभग ढाई साल पहले कांग्रेस और एनसीपी के साथ मिलकर सरकार बनाई थी.
इन दोनों गुटों की ओर से मांगी गई इजाज़त पर बीएमसी की ओर से अब तक कोई फ़ैसला नहीं किया गया है.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, बॉम्बे हाई कोर्ट इस मामले में आगामी 27 सितंबर को सुनवाई करेगा.