You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पहले टी20 मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को चार विकेट से हराया

ऑस्ट्रेलियाई टीम की जीत के हीरो कैमरून ग्रीन और मैथ्यू वेड रहे.

लाइव कवरेज

ब्रजेश मिश्र and प्रेरणा .

  1. मोहाली में खेले गए पहले टी20 मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को दी चार विकेट से मात

    पंजाब के मोहाली में खेले जा रहे तीन टी20 मैचों के टूर्नामेंट के पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 4 विकेट से हरा दिया है. इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने इस सिरीज़ में 1-0 की बढ़त ले ली है.

    भारत से जीत के लिए मिले 209 रनों के लक्ष्य को ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 4 गेंद बाक़ी रहते हासिल कर लिया. ऑस्ट्रेलियाई टीम की जीत के हीरो कैमरून ग्रीन और मैथ्यू वेड रहे.

    कैमरून ग्रीन ने पारी की शुरुआत करते हुए महज 30 गेंदों में धुआंधार 61 रन बनाए. ग्रीन को 'मैन ऑफ़ द मैच' घोषित किया गया.

    वहीं मैथ्यू वेड ने एक समय हार के ख़तरे से जूझ रही अपनी टीम को 21 गेंदों में 45 रन की पारी खेलकर जीत में शानदार योगदान दिया.

    पैट कमिन्स ने अंतिम ओवर की दूसरी गेंद पर चौका मारकर ऑस्ट्रेलिया को जीत दिला दी.

    उधर भारत की ओर से सबसे सफल गेंदबाज़ अक्षर पटेल रहे, जिन्होंने 4 ओवरों में 17 रन देकर 3 विकेट लिए. उमेश यादव ने दो विकेट लिए. एक विकेट युजवेंद्र चहल को मिला.

    इससे पहले भारतीय टीम की बल्लेबाज़ी में कई खिलाड़ियों ने योगदान दिया. टाॅस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी भारतीय टीम के लिए हार्दिक पंड्या, केएल राहुल और सूर्य कुमार यादव ने अच्छी पारी खेली.

    पंड्या ने 30 गेंदों में 71 रन बनाए थे, जबकि केएल राहुल ने 35 गेंदों में 55 रनों का योगदान दिया. वहीं सूर्य कुमार यादव अर्धशतक पूरा करने से चूक गए और 25 गेंदों में 46 रन बनाए.

    आज बल्लेबाज़ी में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और पूर्व कप्तान विराट कोहली के बल्ले का जादू नहीं चल सका.

    बात ऑस्ट्रेलियन गेंदबाजों की करें तो सबसे अधिक 3 विकेट नाथन एलिस ने चटकाए. वहीं जॉश हेजलवुड ने भी दो विकेट लिए और कैमरन ग्रीन ने 1.

    प्लेइंग-11 में ये थे खिलाड़ी

    भारत की तरफ से रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, विराट कोहली, यूर्य कुमार यादव, हार्दिक पांड्या, दिनेश कार्तिक, अक्षर पटेल, हर्षल पटेल, भुवनेश्वर कुमार उमेश यादव और यजुवेंद्र चहल खेल रहे हैं.

    वहीं ऑस्ट्रेलिया के प्लेइंग-11 में एरॉन फिंच (कप्तान), कैमरन ग्रीन, स्टीव स्मिथ, जॉश इंग्लिस, ग्लेन मैक्सवेल, टिम डेविड, मैथ्यू वेड, पैट कमिंस, जॉश हेजलवुड, एडम जैम्पा और नाथन एलिस हैं.

  2. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नहीं लड़ेंगे फूलपुर संसदीय क्षेत्र से चुनाव

      • Author, नीरज सहाय
      • पदनाम, पटना से बीबीसी हिंदी के लिए

    मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के उत्तर प्रदेश के फूलपुर संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ने को लेकर लगाये जा रहे तमाम कयासों पर मंगलवार को विराम लग गया है.

    सत्तापक्ष इसको लेकर अति उत्साहित था तो विपक्ष के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने नीतीश कुमार की उम्मीदवारी को सीधे-सीधे चुनौती देते हुए कहा था कि वो कहीं से लडें उनकी ज़मानत जब्त हो जाएगी.

    लेकिन पिछले कुछ दिनों से कयास पर आधारित तमाम दावों-प्रतिदावों पर खु़द नीतीश कुमार ने मंगलवार को विराम लगा दिया.

    राजधानी पटना में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम के बाद इस बारे में उन्होंने पत्रकारों से कहा कि ऐसी बातों पर हमें भी आश्चर्य होता है. फूलपुर से चुनाव लड़ने जैसी कोई बात ही नहीं है.

    उन्होंने कहा, ‘‘मेरी रुचि सिर्फ एक चीज में है कि ज्यादा से ज्यादा विपक्षी पार्टियां एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगी, तो 2024 में बहुत बड़ी सफलता मिलेगी. हम इसके लिए काम कर रहे हैं. हमें अपने लिए कुछ नहीं चाहिए. नयी पीढ़ी के लिए काम करना है और मेरा ध्यान देश को आगे बढाने पर है.’’

    नीतीश कुमार के अनुसार, ‘‘आज जो देश की हालत है, वो किसी से छिपी नहीं है. देश के विकास के लिए विपक्षी पार्टियों का एकजुट होना जरुरी है. अभी समाज में टकराव पैदा करने की कोशिश की जा रही है.''

    ''हिन्दू-मुस्लिम में टकराव पैदा कर विवाद खड़ा करने की कोशिश हो रही है. इसलिए मैं चाहता हूँ कि सारी विपक्षी पार्टियां एकजुट होकर काम करें तो देश बहुत आगे बढ़ेगा. मेरे लिए देशहित सर्वोपरि है.’’

  3. संयुक्त राष्ट्र महासभा में एंटोनियो गुटेरेस ने दुनिया को चेताया

    संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में आज संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा कि हमारी दुनिया संकट में है और दुनिया की व्यवस्था लाचार हो गई है.

    सहयोग और संवाद ही आगे बढ़ने का एकमात्र रास्ता है. कोई भी शक्ति या समूह अकेले किसी बड़ी वैश्विक चुनौती का हल नहीं खोज सकती. हमें दुनिया की एकजुटता की ज़रूरत है.

    गुटेरेस ने महासभा को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय समुदाय हमारे युग की नाटकीय चुनौतियों से निपटने के लिए तैयार या इच्छुक नहीं है.

    ''यूएन चार्टर और इसके द्वारा प्रस्तुत आदर्श खतरे में हैं.कार्रवाई करना हमारा कर्तव्य है. हमें अंतरराष्ट्रीय कानून और मानवाधिकारों के संरक्षण के संबंध में हर जगह ठोस कार्रवाई करने की ज़रूरत है.

    गुटेरेस ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म्स पर नफ़रत और नकारत्मकता फैलाने का भी आरोप लगाया.

    दुनियाभर के 193 देशों के नेता न्यूयॉर्क में आयोजित संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे हैं.

    भारत के विदेश मंत्री एस.जयशंकर भी न्यूयॉर्क पहुंच चुके हैं लेकिन चीन और रूस के राष्ट्रपति इस बार बैठक में हिस्सा नहीं ले रहे हैं.

    महासभा के एजेंडे में इस बार जलवायु संकट से लेकर शिक्षा व्यवस्था में बदलाव जैसे अहम मुद्दे शामिल हैं.

  4. यूक्रेन के लुहांस्क में रूसी अधिकारी कर रहे हैं जनमत संग्रह की तैयारी

    यूक्रेन के लुहांस्क में रूसी अधिकारी जनमत संग्रह की तैयारी कर रहे हैं.

    मतदान इसी शुक्रवार से शुरू होने हैं. इसी मतदान से तय होगा कि रूस के कब्ज़े वाले यूक्रेन के इलाके क्या रूस में शामिल होने चाहते हैं या नहीं.

    यहां तक की दोनेत्स्क और खेरसॉन में भी ऐसी ही तैयारियां चल रही हैं. वहीं ज़ेपोरज़िया में रूसी-नियुक्त एक अधिकारी ने सुझाव दिया है कि इसी तरह का जनमत संग्रह उस क्षेत्र के कब्जे वाले हिस्सों में कुछ दिनों के भीतर हो सकता है.

    रूस के एक वरिष्ठ अधिकारी दिमित्री मेदवेदेव ने कहा, ''रूस में ऐसे क्षेत्रों को शामिल करने से मास्को को 'आत्मरक्षा' के सिद्धांत के तहत उनकी रक्षा करने की अनुमति मिल जाएगी.''

    वहीं यूक्रेन रूस द्वारा उठाए जा रहे इन कदमों को एक दिखावा मानता है. यूक्रेन का कहना है कि ज़मीन पर कब्जा करने के लिए रूस ने ऐसी योजना बनाई है.

    यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने कहा, ''वे कुछ नहीं बदलेंगे और यूक्रेन अपने क्षेत्रों की आज़ादी के लिए लड़ता रहेगा, चाहे रुस कुछ भी कहे.''

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, हार्दिक की धुआंधार पारी, ऑस्ट्रेलिया के सामने 209 रनों का लक्ष्य

    भारत-ऑस्ट्रेलिया टी-20 सिरीज़ के पहले मैच में भारत ने ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए 209 रनों का लक्ष्य रखा है.

    तीन मैचों की सिरीज़ का पहला मैच पंजाब के मोहाली में शाम 7 बजे से शुरू हुआ.

    मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का निर्णय लिया.

    केएल राहुल और हार्दिक पांड्या दोनों ही अर्धशतक जड़ने में कामयाब रहे. केएल राहुल ने जहां 35 गेंदों में 55 रन बनाए, वहीं हार्दिक पांड्या ने 30 गेंदों में 71 रन जोड़े.

    सूर्य कुमार यादव अर्धशतक पूरा करने से चूक गए. वे 25 गेंदों में 46 रन ही जोड़ सके.

    वहीं कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली के बल्ले का जादू नहीं चल सका.

    बात ऑस्ट्रेलियन गेंदबाज़ों की करें तो सबसे अधिक 3 विकेट नाथन एलिस ने चटकाए. वहीं जॉश हेजलवुड ने भी दो विकेट लिए और कैमरन ग्रीन ने 1.

    प्लेइंग-11 में ये खिलाड़ी

    भारत की तरफ़ से रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, विराट कोहली, यूर्य कुमार यादव, हार्दिक पांड्या, दिनेश कार्तिक, अक्षर पटेल, हर्षल पटेल, भुवनेश्वर कुमार उमेश यादव और यजुवेंद्र चहल खेल रहे हैं.

    वहीं ऑस्ट्रेलिया के प्लेइंग-11 में एरॉन फिंच (कप्तान), कैमरन ग्रीन, स्टीव स्मिथ, जॉश इंग्लिस, ग्लेन मैक्सवेल, टिम डेविड, मैथ्यू वेड, पैट कमिंस, जॉश हेजलवुड, एडम जैम्पा और नाथन एलिस हैं.

  6. स्पाइसजेट ने अपने 80 पायलटों को बिना वेतन तीन महीने की छुट्टी पर भेजा

    सस्ती विमान सेवा देने वाली कंपनी स्पाइसजेट ने अपने 80 पायलटों को बिना वेतन तीन महीने की छुट्टी पर जाने को कहा है.

    एयरलाइन के गुड़गांव मुख्यालय ने कहा कि कंपनी ने यह कदम अपनी वित्तीय हालत को देखते हुए उठाया है.

    स्पाइसजेट ने अपने बयान में कहा, " हमारा ये कदम कर्मचारियों को नौकरी से नहीं निकालने की हमारी नीति के अनुरूप है. हमने अपनी इस नीति का पालन कोविड महामारी के दौरान भी किया था. इस कदम से पायलटों की संख्या को विमानों के बेड़े से सुसंगत किया जा सकेगा.''

    जिन पायलटों को बिना वेतन छुट्टी पर भेजा गया है, वे एयरलाइन के बोइंग और बॉम्बार्डियर बेड़े के हैं.

    एक पायलट ने समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए कहा, ‘‘हम एयरलाइन के वित्तीय संकट से अवगत थे, लेकिन अचानक लिए गए इस फैसले से हमें झटका लगा है. तीन महीने बाद कंपनी की वित्तीय स्थिति क्या होगी इसे लेकर भी अनिश्चितता है. इस बात का कोई आश्वसन नहीं दिया गया है कि छुट्टी पर भेजे गए पायलटों को वापस बुलाया जाएगा.’’

  7. कबड्डी खिलाड़ियों को टॉयलेट में रखा खाना परोसने पर अधिकारी सस्पेंड

    यूपी के सहारनपुर में राज्य स्तरीय कबड्डी टूर्नामेंट में खिलाड़ियों को कथित तौर पर टॉयलेट में रखा खाना परोसा गया.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, 16 सितंबर की इस घटना का एक कथित वीडियो, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. वीडियो में दिख रहा है कि डॉक्टर भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में सब-जूनियर लड़कियों के कबड्डी टूर्नामेंट में भाग लेने वाले एथलीटों को शौचालय में रखे चावल और पूरी परोसे गए.

    वायरल वीडियो को ट्वीट करते हुए कांग्रेस पार्टी ने उत्तर प्रदेश सरकार को घेरा है. कांग्रेस ने कहा कि झूठे प्रचार पर करोड़ों ख़र्च करने वाली बीजेपी सरकार के पास हमारे खिलाड़ियों के लिए अच्छी व्यवस्था करने के पैसे नहीं हैं.

    सस्पेंड कर दिए गए ज़िला खेल अधिकारी

    इस मामले के तूल पकड़ने के बाद एडिशनल चीफ़ सेक्रेटरी (स्पोर्ट्स) नवनीत सहगल ने पीटीआई को बताया कि इस लापरवाही के लिए सहारनपुर खेल अधिकारी को सस्पेंड कर दिया गया है. वहीं ज़िला मजिस्ट्रेट अखिलेश सिंह ने कहा कि अपर ज़िला दंडाधिकारी राजीव कुमार मिश्रा इस पूरे मामले की जांच करेंगे और अगले तीन दिनों में रिपोर्ट जमा करेंगे.

    सिंह ने कहा, ''चावल और पूरी टॉयलेट में रखे जाते थे. जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, उसमें खिलाड़ी टॉयलेट में रखा खाना लेते नज़र आ रहे हैं.''

    सहारनपुर में कबड्डी टूर्नामेंट का आयोजन 16 सितंबर से 18 सितंबर के बीच किया गया था और इसमें राज्य के 16 संभागों से कुल 300 खिलाड़ी हिस्सा लेने पहुंचे थे.

  8. 20 सितंबर का ‘दिनभर: पूरा दिन, पूरी ख़बर’ सुनिए मोहम्मद शाहिद और अंजुम शर्मा से

  9. महारानी एलिज़ाबेथ द्वितीय को श्रद्धांजलि देने पहुंचे शख़्स को पुलिस ने हिरासत में लिया

    महारानी एलिजाबेथ द्वितीय को श्रद्धांजलि देने पहुंचे हॉन्ग कॉन्ग के एक 43 वर्षीय शख्स को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. ये शख्स महारानी को श्रद्धांजलि देने सोमवार रात ब्रिटिश वाणिज्य दूतावास पहुंचा था.

    पुलिस ने बीबीसी की चीनी सेवा को बताया कि इस व्यक्ति को औपनिवेशिक युग के राजद्रोह कानून के तहत हिरासत में लिया गया था.

    स्थानीय रिपोर्टों में कहा गया है कि ये ब्रिटिश वाणिज्य दूतावास के बाहर अपने हारमोनिका पर कई गाने बजा रहा था. इनमें 2019 के विरोध प्रदर्शनों से जुड़े गानों के साथ ब्रिटिश राष्ट्रगान भी शामिल था.

    सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किए गए फुटेज में वाणिज्य दूतावास के बाहर खड़े इस शख्स को हारमोनिका पर "ग्लोरी टू हॉन्ग कॉन्ग" बजाते हुए दिखाया गया है. ये हॉन्ग कॉन्ग में 2019 के लोकतंत्र समर्थक विरोध प्रदर्शनों के दौरान प्रदर्शनकारियों का अनौपचारिक गाना था.

    पुलिस ने बीबीसी को बताया कि शख्स को "देशद्रोह के इरादे से काम" करने के संदेह में हिरासत में लिया गया था.

    हॉन्ग कॉन्ग ब्रितानी शासन के अधीन था, लेकिन साल 1997 में इसे 'एक देश दो विधान' सिद्धांत के तहत चीन को सौंप दिया गया था.

    चीन एक देश दो व्यवस्था के सिद्धांत के तहत हॉन्ग कॉन्ग पर शासन करने के लिए सहमत हुआ, जहां अगले 50 साल तक उसे विदेश और रक्षा मामलों को छोड़कर राजनीतिक और आर्थिक आज़ादी हासिल होती.

    इस समझौते के बाद हॉन्ग कॉन्ग विशेष प्रशासनिक क्षेत्र बन गया लेकिन यहां के लोगों का मानना है कि विरोधियों पर कार्रवाई, चीन द्वारा अपने राष्ट्रीय सुरक्षा क़ानून लागू करना और केवल राष्ट्रवादियों को ही शासन करने की अनुमति देने जैसे कानून साल 1997 के हैंडओवर सिद्धांतों का उल्लंघन है.

  10. स्वाति मालीवाल ने चाइल्ड पोर्नोग्राफी के मामले में ट्विटर इंडिया और दिल्ली पुलिस को किया तलब

    दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर के भारतीय नीति प्रमुख और दिल्ली पुलिस को तलब किया है.

    आयोग ने चाइल्ड पोर्नोग्राफी और महिलाओं, बच्चों के बलात्कार से जुड़े वीडियो ट्वीट्स मामले में ये कदम उठाया है. आयोग ने ऐसे कई ट्वीट्स पर स्वत: संज्ञान लिया है, जो खुलकर बच्चों से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो साझा कर रही थीं.

    आयोग ने ऐसे ट्वीट्स की एक लिस्ट दिल्ली पुलिस और ट्विटर से साझा की है.

    स्वाति मालीवाल ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा कि दुनिया के सबसे बड़े सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स में से एक ट्विटर बच्चों के पॉर्न वीडियो बेचने का माध्यम बन गया है. छोटी बच्चियों के बलात्कार के वीडियो की ट्विटर पर भरमार है. ₹20-₹30 रुपए में बच्चियों के अश्लील वीडियो बेचे जा रहे हैं. आयोग ने विशेष रूप से ट्विटर से पूछा है कि ऐसे ट्वीट्स को न तो डिलीट और ना ही रिपोर्ट करने के पीछे की क्या वजह है?

    स्वाति मालीवाल ने अपने एक ट्वीट में कहा है, ''ख़ुफ़िया कैमरे से महिलाओं की नहाते हुए वीडियो डाले जा रहे है.कंपनी विदेश में कानूनों का पालन करती है लेकिन हिंदुस्तान में महिलाओं के साथ अश्लीलता और बलात्कार पर आंखें मूंद लेती हैं.''

    आयोग ने इस मामले में दिल्ली पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करने के लिए समन भी जारी किया है. महिला आयोग ने सिफारिश की है कि चाइल्ड पोर्नोग्राफी और बलात्कार वीडियो में नज़र आने वाले बच्चों और महिलाओं की पहचान कर उनकी मदद की जाए.

  11. ब्रेकिंग न्यूज़, म्यांमार: स्कूल पर सेना के हेलीकॉप्टर से फायरिंग, 11 बच्चों की मौत

    उत्तरी म्यांमार में सेना के एक हेलीकॉप्टर से सैनिकों ने एक स्कूल पर फायरिंग की है. यूनिसेफ का कहना है कि इस गोलीबारी में 11 बच्चे मारे गए हैं और 15 से ज़्यादा लापता हैं.

    ये घटना पिछले शुक्रवार की है.

    म्यांमार की सैन्य सरकार का कहना है कि उसका निशाना विद्रोही थे, जो कथित तौर पर इस स्कूल में छिपे हुए थे.

    बीबीसी की बर्मी सेवा ने पहले कहा था कि छह बच्चों की मौत हुई है. इस हमले में सात और चौदह साल की उम्र के दो लड़के की मौत हो गई. तीन लड़कियां भी मारी गईं. उनकी उम्र क्रमश: सात, नौ और ग्यारह साल की थी. अपने पिता के साथ मछली पकड़ रहा एक 13 साल का लड़के की भी इस हमले में मौत हुई है. ज्यादातर बच्चों के शव सेना ले गई.

    उधर, म्यांमार की सेना ने कहा है कि उसे विद्रोहियों के स्कूल में छिपे होने की सूचना मिली थी. सेना का कहना है कि विद्रोही लेट येट कोन गांव के एक स्कूल में छिपे हुए थे. इस स्कूल में किंडरगार्टन से लेकर किशोर उम्र के बच्चे पढ़ते हैं.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक सोशल मीडिया पर जो तस्वीरें सामने आई हैं, उनमें स्कूल के भवन पर गोलियों के निशान और खून के धब्बे दिखाई दे रहे हैं.

  12. भारत, ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सिरीज़ का पहला मुक़ाबला मोहाली में आज., स्टेडियम के बाहर क्रिकेट प्रशंसकों से बात कर रही हैं ताहिरा भसीन

  13. ऑस्ट्रेलिया के समुद्र तट पर 14 स्पर्म व्हेल्स मरी मिलीं

    ऑस्ट्रेलिया के तस्मानिया समुद्र तट पर एक साथ चौदह स्पर्म व्हेल्स मरी मिली हैं.

    स्थानीय लोगों ने सबसे पहले तट पर इन मरी हुई व्हेल को देखा और अधिकारियों को इसकी सूचना दी.

    व्हेल यहां कैसे फंस गईं, इसके कारणों का अभी पता नहीं चला है. वन्यजीव जीवविज्ञानी और एक पशु चिकित्सक को जांच के लिए वहाँ भेजा गया है.

    हालांकि तस्मानिया में व्हेल का तटों पर फंसना कोई नई बात नहीं है. विशेषज्ञों का कहना है कि ये द्वीप इस तरह की घटनाओं का ''हॉटस्पॉट'' है.

    सरकार के एक प्रवक्ता ने कहा कि हवाई सर्वेक्षण से पता चलेगा कि इलाके में कहीं और जीव तो नहीं फंसे हैं.

    पूरी दुनिया में स्पर्म व्हेल की प्रजाति पर ख़तरा मंडरा रहा है. ये 18 मीटर तक लंबी और 45 टन तक भारी हो सकती हैं.

    सितंबर साल 2020, में ऑस्ट्रेलिया के तस्मानिया में वेस्ट कोस्ट पर फंसने से 380 पायलट व्हेल की मौत हो गई थी.

  14. नारायण राणे: हाई कोर्ट ने लगाया 10 लाख का जुर्माना, अवैध निर्माण को गिराने का आदेश

    बॉम्बे हाईकोर्ट ने बीएमसी को केंद्रीय मंत्री नारायण राणे के मुबंई, जुहू स्थित बंगले में अनाधिकृत निर्माण को 2 हफ़्तों के भीतर ध्वस्त करने का निर्देश दिया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ कोर्ट ने राणे पर 10 लाख का जुर्माना भी लगाया है. बीएमसी ने इससे पहले अनधिकृत निर्माण से जुड़े दो नोटिस राणे को भेजे थे, लेकिन राणे के वकील ने कोर्ट से और समय की मांग की थी. कोर्ट ने समय देने से मना कर दिया और कहा कि आपको पहले ही पर्याप्त समय दिया जा चुका है.

    इससे पहले राणे ने बॉम्बे हाईकोर्ट से अपील की थी कि जब तक वे सुप्रीम कोर्ट में अर्ज़ी दायर करते हैं, तब तक उन्हें राहत दी जाए. लेकिन कोर्ट ने उनकी इस अपील को ख़ारिज कर दिया.

    राणे जुहू में कालका रियल एस्टेट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी द्वारा निर्मित एक आठ मंजिला बंगले में रहते हैं. राणे के बंगले में अनधिकृत निर्माण से जुड़े इस मामले की जानकारी आरटीआई एक्टिविस्ट संतोष दौंडकर ने 2017 में दी थी.

  15. ओवैसी ने कश्मीर में सिनेमा हॉल खुलने पर उठाए सवाल, पूछा- मस्जिद क्यों बंद हैं?

    जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल मनोज सिन्हा ने कश्मीर के पहले मल्टीप्लेक्स का उद्घाटन किया है. ये मल्टीप्लेक्स श्रीनगर में है.

    करीब तीन दशक के बाद कश्मीरियों को बड़े पर्दे पर फ़िल्में देखने का मौका मिलेगा. इससे पहले, 18 सितंबर को भी मनोज सिन्हा ने दक्षिण कश्मीर के शोपियां और पुलवामा में मल्टीपरपज सिनेमा हॉल का उद्घाटन किया था.

    ऑल इंडिया रेडियो के अनुसार मनोज सिन्हा ने इन मल्टीपरपज सिनेमा हॉल को विशेष रूप से कश्मीर की युवा पीढ़ी को समर्पित किया है. मनोज सिन्हा का कहना है कि कश्मीर के युवा इस पल का लंबे समय से इंतज़ार कर रहे थे.

    तो वहीं एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने सिनेमा हॉल के उद्घाटन पर सवाल खड़ा किया है. ओवैसी ने ट्वीट कर राज्यपाल मनोज सिन्हा से पूछा है,''आपने शोपियां और पुलवामा में सिनेमा हॉल खोले हैं लेकिन श्रीनगर जामिया मस्जिद हर शुक्रवार को क्यों बंद रहती है. कम से कम इसे शुक्रवार के मैटिनी शो के दौरान तो बंद न करें''

  16. नेपाल में निलंबित मुख्य न्यायाधीश का मामला बढ़ा रहा है सियासी सिरदर्द

  17. क्रिकेट के नियमों में ICC ने किए बड़े बदलाव, क्या हैं नए नियम?

    इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने खेल के नियमों में कई बदलाव किए हैं. ये बदलाव सौरव गांगुली की अगुवाई वाली मेंस क्रिकेट कमिटी (एमसीसी) की सिफ़ारिशों के आधार पर चीफ़ एक्जीक्यूटिव कमिटी (सीईसी) ने भेजी थीं. एमसीसी की सिफ़ारिशों को विमेंस क्रिकेट कमिटी के साथ साझा किया गया था जिसने इन सुझावों पर सहमति जताई.

    क्रिकेट खेलने की शर्तों में एक अक्टूबर 2022 से लागू होने वाले मुख्य बदलाव -

    - कैच आउट होने पर आने वाला नया बल्लेबाज़

    किसी भी खिलाड़ी के कैच आउट होने पर जो नया बल्लेबाज़ आएगा वही स्ट्राइक लेगा. भले ही इसके पहले दोनों बल्लेबाज़ रन दौड़कर छोर बदल चुके हों.

    - गेंद चमकाने के लिए थूक का इस्तेमाल

    गेंद को चमकाने के लिए थूक के इस्तेमाल पर बीते दो सालों से कोरोना महामारी की वजह से प्रतिबंध था, अब इसे स्थायी किया गया है.

    -आने वाला बल्लेबाज़ बैटिंग के लिए तुरंत तैयार हो

    टेस्ट और वनडे मैचों में बैटिंग के लिए आने वाले बल्लेबाज़ को दो मिनट के भीतर स्ट्राइक के लिए तैयार होना होगा. हालांकि टी20 मैचों के लिए डेढ़ मिनट का नियम बरकरार रहेगा.

    - गेंद खेलने का स्ट्राइकर का अधिकार

    बल्ले या व्यक्ति (बल्लेबाज़) के कुछ हिस्से का पिच के भीतर रहना ज़रूरी है.

    अगर बल्लेबाज़ या बल्ला पिच से बाहर जाता है तो अंपायर उसे डेड बॉल घोषित करेगा. ऐसी गेंद जिसपर बल्बेबाज़ पिच के बाहर जाने को मजबूर हो, वो नो बॉल होगी.

    - फ़ील्डिंग टीम की अनुचित गतिविधि

    गेंदबाज़ जब गेंदबाज़ी के लिए दौड़ना शुरू करे तो उस समय किसी भी तरह से जानबूझकर या अनुचित व्यवहार करने पर अंपायर गेंद को डेडबॉल करार देकर बल्लेबाज़ी टीम को पांच रन दे सकते हैं.

    - नॉन स्ट्राइकर को रन ऑउट करना

    मौजूदा नियमों के तहत नॉन स्ट्राइकर को रन आउट तो किया जा सकता है पर इसे ‘रन आउट फ़्रॉम अनफ़ेयर प्ले’ कहा जाता है. अब इसे रन आउट कहा जा जाएगा.

    - गेंद डालने से पहले गेंदबाज़ का स्ट्राइकर के छोर पर गेंद फेंकना

    अबतक गेंद फेंकने से पहले, गेंदबाज़ स्ट्राइकर को क्रीज़ से बाहर निकलते देख, उसे रन आउट करने का प्रयास कर सकता था. अब इसे डेड बॉल क़रार दिया जाएगा.

    - दूसरे बड़े बदलाव

    मैच के दौरान पेनाल्टी का जो सिस्टम जनवरी 2022 में टी-20 में लागू किया गया था (जिसमें फ़ील्डिंग टीम निर्धारित समय में अपने ओवर नहीं डालती तो बाकी के बचे हुए ओवर में उन्हें एक अतिरिक्त फील्डर घेरे के अंदर रखना होता है), ये नियम 2023 में होने वाली आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप सुपर लीग के बाद वनडे मैचों में भी लागू होगा.

    यह भी तय हुआ है कि सभी पुरुष और महिला टीमों के लिए वनडे और टी20 मैचों में खेलने की शर्तों में बदलाव किया जाएगा. ताकि अगर दोनों टीमें तैयार हों तो हाइब्रिड पिच का इस्तेमाल किया जाएगा.

    फ़िलहाल हाइब्रिड पिच का इस्तेमाल सिर्फ़ महिला टी20 मैचों में ही हो सकता है.

  18. महबूबा मुफ़्ती ने स्कूलों में 'रघुपति राघव राजा राम' पर उठाए सवाल, बीजेपी का पलटवार

    जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीडीपी नेता महबूबा मुफ़्ती के एक बयान से कश्मीर में सियासी पारा गरम हो गया है.

    महबूबा मुफ़्ती ने स्कूलों में होने वाली प्रार्थना में ‘रघुपति राघव राजा राम…’ को लागू करने पर सवाल उठाए हैं और इसे बीजेपी की साजिश करार दिया है.

    महबूबा मुफ़्ती ने स्कूल में प्रार्थना गाते हुए शिक्षकों और छात्रों का एक वीडियो भी ट्वीट किया.

    ''हमारे मज़हब पर सीधा हमला है ये''महबूबा मुफ़्ती ने कहा, ‘‘हमारे संविधान ने सबको अपने मज़हब का पालन करने की आज़ादी है. लेकिन ये बदकिस्मती है कि हमारी ज़मीन, हमारी पहचान छीनने के बाद अब ये लोग हमारे मजहब पर हमला कर रहे हैं. 2019 से हमारी जामा मस्जिद बंद है. अब हमारे स्कूल के मुसलमान बच्चों को भजन गाने के लिए कहा जाता है. टीचर भी यही करते हैं. मुझे लगता है कि अब ये हमारे मज़हब के ऊपर सीधे तौर पर हमला है.’’

    उन्होंने यह भी कहा, ‘‘बीजेपी का जो रैपिड हिंदुत्व है वो इसकी प्रयोगशाला कश्मीर में बनाना चाहते हैं. ये नहीं चलेगा. हम गांधीजी की बहुत इज्जत करते हैं जिनका सहारा लेकर बीजेपी ये कश्मीर में लागू करना चाहती है.''

    बीजेपी नेता ने उठाए सवाल

    महबूबा मुफ़्ती के बयान पर बीजेपी ने आपत्ति जताई है और कई सवाल किए हैं.

    जम्मू कश्मीर बीजेपी के अध्यक्ष रविंदर रैना ने महबूबा मुफ़्ती पर राजनीतिक साजिश रचने का आरोप लगाया है.

    वो कहते हैं, ‘‘रघुपति राघव राजा राम…’’ ये वो भजन है जिसे गुनगुनाते हुए आजादी की लड़ाई में महात्मा गांधी ने देश को जोड़ने का काम किया था. इसमें आपत्तिजनक क्या है? बच्चे ‘लब पे आती है दुआ बन के तमन्ना मेरी...’ भी गाते हैं. किसी को कोई परेशानी नहीं है. जम्मू कश्मीर में महबूबा मुफ्ती का समर्थन करने वाला कोई रहा नहीं. इसलिए वो एक राजनीतिक षड़यंत्र करने की कोशिश कर रही हैं.‘’

    ‘‘महबूबा मुफ़्ती ये सब करके अपनी खोई हुई राजनीति ज़मीन वापस पाने की कोशिश कर रही हैं. लेकिन जम्मू कश्मीर की जनता को उनका ये हथकंडा मालूम है कि महबूबा मुफ़्ती इस तरह के बयान क्यों दे रही हैं.’’

  19. नोएडा में दीवार गिरने से चार लोगों की मौत, जांच के आदेश

    उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक सोसाइटी की दीवार गिरने से चार लोगों की मौत हो गई है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, यह मामला नोएडा सेक्टर 21 के जलवायु विहार सोसाइटी का है.

    सोसाइटी की बाउंड्री वॉल से सटी नाली की मरम्मत का काम चल रहा था. इसी दौरान दीवार गिर गई जिससे वहां काम कर रहे मज़दूर दब गए.

    गौतमबुद्धनगर के ज़िलाधिकारी सुहास एल वाई ने बताया कि दीवार गिरने से चार लोगों की मौत हुई है.

    ज़िलाधिकारी ने बताया, ‘’नोएडा अथॉरिटी ने सेक्टर 21 में जलवायु विहार के पास ड्रेनेज रिपेयर के लिए कॉन्ट्रैक्ट दिया था. हमें बताया गया है कि काम के दौरान मज़दूर ईंटें निकाल रहे थे, जिससे दीवार गिर गई. इसकी जांच की जाएगी. दो लोगों की मौत ज़िला अस्पताल में और दो लोगों की मौत कैलाश अस्पताल में हुई है.’’

    फिलहाल मौके पर राहत बचाव का काम जारी है. कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है.

    प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर शोक प्रकट किया है और घायलों के इलाज के लिए समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, नोएडा के कमिश्नर आलोक सिंह ने बताया कि चार लोगों की मौत हुई है और नौ लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. एनडीआरएफ़ और फ़ायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर राहत-बचाव के काम में लगी हुई हैं. इस मामले में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी.

    पीएम मोदी ने जताई थी चिंता

    ये हादसा उस वक़्त हुआ है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए देशभर में बीजेपी के मेयरों से बात करते हुए इमारतों के गिरने और आग लगने की घटनाओं पर चिंता जता रहे थे.

    पीएम मोदी ने कहा, ‘पुरानी इमारतों का गिरना और शहरों में इमारतों में आग लगने की घटनाएं चिंता का विषय हैं. अगर नियमों का पालन किया जाए तो इन्हें रोका जा सकता है.’

  20. हरियाणा सिख गुरुद्वारा एक्ट पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फ़ैसला

      • Author, सुचित्र मोहंती, बीबीसी हिंदी के लिए

    सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को एक फ़ैसले में हरियाणा सिख गुरुद्वारा (प्रबंधन) एक्ट 2014 की संवैधानिक वैधता को बरकरार रखा है.

    सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस हेमंत गुप्ता की अगुवाई वाली दो जजों की बेंच ने अपने फ़ैसले में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी (SGPC) के नियंत्रण वाले गुरुद्वारों पर कब्ज़ा करने की हरियाणा सरकार की दलील को ख़ारिज कर दिया है.

    सुप्रीम कोर्ट ने अपने फ़ैसले में कानून के ख़िलाफ़ दायर याचिका को खारिज कर दिया गया है और कानून की वैधता बरकरार रखी गई है.

    हरभजन सिंह नाम के याचिकाकर्ता ने सुप्रीम कोर्ट में हरियाणा कानून तो चुनौती देते हुए कहा था कि राज्य विधानमंडल के पास गुरुद्वारा प्रबंधन के लिए कोई संगठन बनाने का अधिकार नहीं है. याचिकाकर्ता का कहना था कि ये अधिकार सिर्फ़ संसद के पास है.

    हरियाणा कानून को चुनौती देते हुए हरभजन सिंह ने सुप्रीम कोर्ट में कहा कि यह सिख गुरुद्वारा एक्ट 1925, राज्य पुनर्गठन अधिनियम 1956, पंजाब पुनर्गठन अधिनियम 1966 और अंतरराज्यीय निगम अधिनियम 1957 का भी उल्लंघन है.