You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

चीन में क्वारंटीन सेंटर जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त, 27 मरे और 20 घायल

यह हादसा रविवार की सुबह चीन के दक्षिण-पश्चिमी प्रांत गुइझोऊ में हुआ.

लाइव कवरेज

ब्रजेश मिश्र and चंदन शर्मा

  1. स्वरा भास्कर: 'मेरे करियर को बहुत नुक़सान हुआ है'

    'रांझणा', 'निल बट्टे सन्नाटा', 'अनारकली ऑफ़ आरा' जैसी फ़िल्मों से बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाने वाली स्वरा भास्कर अक्सर सुर्खियों में रहती हैं.

    सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर अपनी बेबाक राय रखने के लिए वो जानी जाती हैं. ऐसे में बीबीसी हिन्दी ने स्वरा भास्कर से उनके करियर, बॉलीवुड बायकॉट और बॉलीवुड में नेपोटिज़्म को लेकर बातचीत की है.

  2. ब्रेकिंग न्यूज़, चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में छात्राओं के वीडियो मामले में क्या बोले सीएम भगवंत मान

    चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में छात्राओं के प्राइवेट वीडियो वायरल होने के मामले में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सख्त कार्रवाई की बात कही है.

    उन्होंने कहा कि सरकार ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं.

    इस मामले में पंजाब पुलिस ने एक लड़की को गिरफ़्तार किया है जिस पर वीडियो शेयर करने का आरोप लगा है.

    सीएम भगवंत मान ने एक ट्वीट में कहा, "चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी की घटना सुनकर दुख हुआ... हमारी बेटियां हमारी शान हैं... घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं. जो भी दोषी होगा सख्त कार्रवाई करेंगे. मैं लगातार प्रशासन के संपर्क में हूं... मैं आप सब से अपील करता हूं कि अफवाहों से बचें."

  3. मिलिए नीलम से जो बाइक या कार नहीं, ट्रेन चलाती हैं

    रेल के इंजन की खिड़की से बाहर हरी झंडी दिखाते हुए जब एक महिला रेल चलाती है तो देखने वाले अक्सर हैरान हो जाते हैं.

    माथे पर लाल बिंदी, भरी हुई मांग और हाथ में लाल चूड़ी पहने हुए एक महिला रेल में सवार हज़ारों यात्रियों को सुरक्षित गंतव्य पर पहुंचाने की ज़िम्मेदारी उठाती है.

    आपने अमूमन पुरुषों को ही रेल चलाते हुए देखा होगा. अब मालगाड़ी और पैसेंजर रेल चलाने वाली उत्तर पश्चिम रेलवे की सीनियर असिस्टेंट लोको पायलट नीलम राथल की कहानी देखिए.

  4. चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी: वीडियो वायरल मामले में क्या बोली मोहाली पुलिस?

    पंजाब के मोहाली में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में छात्राओं के वीडियो वायरल होने के मामले में प्रदेश सरकार ने जांच के आदेश दिए हैं. इस मामले में पंजाब पुलिस ने एक लड़की को गिरफ़्तार किया है जिस पर वीडियो शेयर करने का आरोप लगा है.

    पंजाब के शिक्षा मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने इस मामले विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं.

    शनिवार रात कई छात्राओं के वीडियो ली’ होने के विरोध में मोहाली में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट्स ने विरोध प्रदर्शन किया.

    विरोध कर रहे लोगों का आरोप था कि एक छात्रा ने हॉस्टल में कई लड़कियों के नहाते समय वीडियो बनाए. बाद में वो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए. प्रदर्शन कर रहे स्टूडेंट्स ने दावा कि वीडियो वायरल होने के बाद कुछ छात्राओं ने हॉस्टल में आत्महत्या की कोशिश भी की.

    हालांकि पुलिस आत्महत्या की कोशिश करने की बात को इनकार कर रही है.

    'एक स्टूडेंट का ही वीडियो मिला है'

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, मोहाली के एसएसपी विवेक सोनी ने कहा, "ये मामला एक लड़की द्वारा वीडियो रिकॉर्ड करने और उसे सर्कुलेट करने का है. इस मामले में एफआईआर दर्ज कर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है. इस घटना में किसी की मौत नहीं हुई. मेडिकल रिकॉर्ड के अनुसार आत्महत्या का प्रयास नहीं हुआ और न ही किसी की मौत हुई. घबराहट और बेचैनी की वजह से एक स्टूडेंट की तबीयत बिगड़ी थी जिसे एंबुलेंस में ले जाया गया. हमारी टीम उसके संपर्क में है."

    उन्होंने बताया, "फ़ॉरेसिंक सबूत जुटाए जा रहे हैं. अब तक की जांच में हमें अभियुक्त लड़की का ही एक वीडियो मिला है. उसने किसी और का कोई वीडियो नहीं रिकॉर्ड किया.सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और मोबाइत ज़ब्त कर लिया गया है जिन्हें फ़ोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा. सिर्फ एक स्टूडेंट के वीडियो के अलावा किसी अन्य का वीडियो हमारे संज्ञान में अब तक नहीं आया."

    पंजाब के शिक्षा मंत्री ने कहा, "चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में हुई ये दुर्भाग्यपूर्ण घटना बेहद दुखद है. मामला बेहद संवेदनशील है इसलिए मेरी सबसे अपील है कि ग़लत खबरें न फैलाएं. किसी भी छात्रा ने आत्महत्या नहीं कीहै. मैं यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट्स और खासकर लड़कियों को इंसाफ़ का भरोसा दिलाता हूं. डीसी मोहाली और एसएसपी इस मामले की विस्तृत जांच करेंदे. दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा."

    पंजाब राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष मनीषा गुलाटी ने कहा, "ये एक गंभीर मामला है. जांच जारी है. मैं सभी स्टूडेंट्स के परिजनों को भरोसा दिलाती हूं कि आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा."

  5. संतोष यादव को मुख्य अतिथि बनाकर क्या संदेश देना चाहता है RSS?

    राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ इस बार अपने वार्षिक दशहरा कार्यक्रम में पर्वतारोही संतोष यादव को मुख्य अतिथि बनाएगा.

    संघ अपने इस अहम सालाना कार्यक्रम में पहली बार किसी महिला को मुख्य अतिथि बना रहा है. लिहाज़ा उसके इस फ़ैसले की ख़ासी चर्चा हो रही है.

    दो महीने पहले 'कृषि और समृद्धि' पर संघ के एक कार्यक्रम में इसके सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने इसकी बैठकों में महिलाओं की कम भागीदारी पर निराशा ज़ाहिर की थी.

    माना जा रहा है कि बीजेपी की ओर से महिला वोटरों को आकर्षित करने की कोशिश के बीच संघ ने भी महिलाओं को जोड़ने की रफ़्तार तेज़ करने के क्रम में यह फ़ैसला किया है. कोविड की वजह से पिछले दो साल से संघ ने अपना वार्षिक दशहरा कार्यक्रम नहीं किया था. लेकिन इस बार यह पर्वतारोही संतोष यादव को इसका मुख्य अतिथि बनाने जा रहा है.

  6. ब्रेकिंग न्यूज़, ताइवान में 6.8 तीव्रता का भूकंप, सुनामी की चेतावनी

    ताइवान के दक्षिण पूर्वी इलाके में रविवार को 6.8 तीव्रता वाले भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं. समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, वहां सुनामी की चेतावनी भी जारी कर दी गई है.

    अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे ने इस भूकंप की तीव्रता 7.2 मापी है. उसके अनुसार, भूकंप का केंद्र धरती के 10 किलोमीटर नीचे था.

    ताइवान के मीडिया में फिलहाल एक इमारत के ढहने की रिपोर्ट मिली है जबकि पूर्वी तट पर ट्रेन का एक डिब्बा पटरी से उतर गया. किसी हताहत होने की पूरी जानकारी सामने नहीं आई है.

    इस भूकंप के बाद यूनाइटेड स्टेट्स सुनामी वॉर्निंग सेंटर ने ताइवान में सुनामी की चेतावनी जारी की है. इस चेतावनी में कहा गया है कि भूकंप के केंद्र से 300 किलोमीटर के दायरे में ताइवान के सागर तट के पास ख़तरनाक सुनामी लहरें उठ सकती हैं.

    जापान के मौसम विभाग ने भी 1 मीटर ऊंची सुनामी लहरों के बनने की चेतावनी दी है.

  7. नामीबिया से भारत लाए जा रहे चीते भारत में ऐसे रहेंगे

    भारत में इन दिनों चीते खूब चर्चा में हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर नामीबिया से 8 चीते भारत लाए जा रहे हैं. इन चीतों को मध्य प्रदेश के कुनो नेशनल पार्क में रखा जाएगा.

    ये चीते पांच-छह महीने की उम्र के होंगे और इन्हें एक महीने क्वारंटीन ज़ोन में रखा जाएगा. नामीबिया से आ रहे ये नन्हें चीते क्या भारत की आबो-हवा के आदी हो सकेंगे?

  8. ताजिकिस्तान और किर्गिस्तान के संघर्ष में ईरान ने की मध्यस्थता की पेशकश

    ईरान ने ताजिकिस्तान और किर्गिस्तान के बीच संघर्ष में मध्यस्थता की पेशकश की है. ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नासिर कनानी ने सरकारी समाचार एजेंसी से बातचीत में इस बात का ज़िक्र किया.

    रिपोर्ट के मुताबिक, "ताजिकिस्तान और किर्गिस्तान के बीच सीमा पर चल रहे संघर्ष को देखते हुए कनानी ने बढ़ते तनाव को लेकर चिंता जताई और दोनों देशों से बातचीत और अहिंसक तरीके से स्थायी संघर्ष विराम के जरिए मतभेद सुलझाने की अपील की."

    उन्होंने दोनों देशों से ईरान के 'बेहद अच्छे' रिश्तों का ज़िक्र करते हुए कहा कि ईरान दोनों के बीच सुलह कराने में मध्यस्थता करने को तैयार है.

    किर्गिज़-ताजिक सीमा पर संघर्ष 14 सितंबर को शुरू हुआ और 16 सितंबर को बड़ी लड़ाई में बदल गया. दोनों देश एक-दूसरे पर संघर्ष विराम के उल्लंघन के आरोप लगा रहे हैं.

    दोनों देशों के बीच 971 किलोमीटर लंबी सीमा है, जिसका करीब एक तिहाई हिस्सा ही सीमांकित है. बीते कुछ सालों में विवादित इलाकों में हिंसा की घटनाएं हुई हैं. अक्सर जिसकी वजह सीमा पर सड़क बनाना, सिंचाई के पानी का इस्तेमाल, चारागाह और ज़मीन रही है.

  9. SCO सम्मेलन भारत के लिए कितना अहम

    भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से वन-टू-वन मुलाक़ात अभी तय नहीं है.

    लेकिन अगर ये मुलाकात होती है, तो इससे क्या उम्मीद लगाई जाना चाहिए, ख़ासतौर पर ऐसे वक्त में, जब सीमा के मुद्दे पर भारत-चीन के बीच लंबे समय से जारी तनाव अभी भी बरकरार है.

    भारत के लिए शंघाई सहयोग सम्मेलन के क्या मायने है, यही जानने के लिए बीबीसी ने पूर्व भारतीय राजनयिक फ़ुनचोक स्टॉबडन से बात की.

  10. यूक्रेन का मनोबल तोड़ने के लिए रूस बदल रहा है अपनी रणनीति: ब्रिटेन

    ब्रिटेन की मिलिट्री ने रविवार को कहा है कि यूक्रेन की सरकार और उसके लोगों का मनोबल कमज़ोर करने के लिए रूस अपनी रणनीति बदल रहा है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, ब्रिटिश मिलिट्री का कहना है कि रूस इसके लिए उन जगहों की लिस्ट में और ठिकाने जोड़ सकता है जो उसने हमलों के लिए चिह्नित कर रखा है.

    ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने ट्विटर पर जारी इंटेलीजेंस बुलेटिन में कहा है कि रूस ने पिछले सात दिनों में नागरिक प्रतिष्ठानों पर हमले तेज़ कर दिए हैं और यहां तक कि उन ठिकानों पर भी हमले किए जा रहे हैं जिनसे रणनीतिक रूप से कुछ बदलने वाला नहीं है.

    इस रिपोर्ट में रूसी हमलों की जद में इलेक्ट्रिसी ग्रिड और इनह्यूलेट्स नदी पर बने बांध जैसी जगहें भी आ सकते हैं.

  11. पाकिस्तान में बाढ़ के बाद बीमारी का ख़तरा

    पाकिस्तान में आई भयानक बाढ़ ने अब तक क़रीब डेढ़ हज़ार लोगों की जान ले ली है. इसे जलवायु परिवर्तन की वजह से आई आपदा कहा जा रहा है.

    लोगों को अब वहां डेंगू, मलेरिया और पेट में संक्रमण जैसी पानी से जुड़ी बीमारियां हो रही हैं. स्वास्थ्य विशेषज्ञों को चिंता है कि पाकिस्तान पर एक बड़े स्वास्थ्य संकट का ख़तरा मंडरा रहा है. बीबीसी संवाददाता पुम्ज़ा फिग्लानी की रिपोर्ट.

  12. चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में छात्राओं के आपत्तिजनक वीडियो मामले पर क्या बोले अरविंद केजरीवाल

    एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी में कई छात्राओं के वीडियो रिकॉर्ड कर वायरल करने का मामला गरमाया हुआ है. ये घटना पंजाब के मोहाली की है.

    घटना से नाराज़ स्टूडेंट्स ने कैंपस में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है.

    पुलिस का कहना है कि वीडियो रिकॉर्ड करके इसे शेयर करने वाली छात्रा को गिरफ़्तार कर लिया गया है.

    मोहाली में मौजूद बीबीसी संवाददाता गुरमिंदर सिंह ग्रेवाल के अनुसार, वीडियो की वजह से परेशान आठ लड़कियों ने कथित तौर पर आत्महत्या करने की कोशिश की है.

    केजरीवाल ने की अपील

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पीड़ित लड़कियों से हिम्मत से काम लेने की अपील की है.

    उन्होंने एक ट्वीट करके कहा, "चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में एक लड़की ने कई छात्राओं के आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड करके वायरल किए हैं. ये बेहद संगीन और शर्मनाक है. इसमें शामिल सभी दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी. पीड़ित बेटियाँ हिम्मत रखें. हम सब आपके साथ हैं. सभी संयम से काम लें."

    महत्वपूर्ण जानकारी-

    आत्महत्या एक गंभीर मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है. अगर आप भी तनाव से गुजर रहे हैं तो भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 से मदद ले सकते हैं.

    आपको अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी बात करनी चाहिए. सही समय पर सलाह और परामर्श से आत्महत्याओं को काफ़ी हद तक रोका जा सकता है.

    मानसिक समस्याओं का इलाज दवा और थेरेपी से संभव है. इसके लिए आपको मनोचिकित्सक से मदद लेनी चाहिए, आप इन हेल्पलाइन से भी संपर्क कर सकते हैं-

    समाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्रालय की हेल्पलाइन- 1800-599-0019 (13 भाषाओं में उपलब्ध)

    इंस्टीट्यूट ऑफ़ ह्यमून बिहेवियर एंड एलाइड साइंसेज-9868396824, 9868396841, 011-22574820

    हितगुज हेल्पलाइन, मुंबई- 022- 24131212

    नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ़ मेंटल हेल्थ एंड न्यूरोसाइंस-080 - 26995000

  13. फरीदकोट रियासत के 20 हज़ार करोड़ के वसीयत विवाद के निपटारे की पूरी कहानी

    सुप्रीम कोर्ट ने पिछले सप्ताह पंजाब के फरीदकोट रियासत की संपत्ति विवाद का फ़ैसला कर दिया.

    इस रियासत के अंतिम राजा हरिंदर सिंह बराड़ की पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में फैली करीब 20,000 करोड़ रुपये की संपत्ति को लेकर करीब 33 सालों से विवाद चल रहा था. विवादित संपत्ति में क़िला, इमारतें, सैकड़ों एकड़ ज़मीन, एयरोड्रम, ज्वैलरी, विंटेज कारों के अलावा बैंक में पड़े करोड़ों रुपये शामिल थे.

    सुप्रीम कोर्ट ने रियासत की संपत्ति को राजा हरिंदर सिंह बराड़ की दोनों जीवित बेटियों को सौंप दिया है.

    इस विवाद को पूरी तरह से समझने से पहले फरीदकोट रियासत की पूरी संपत्ति पर एक नज़र डाल लेते हैं. इस संपत्ति का बाज़ार मूल्य करीब 20 हज़ार करोड़ रुपये आंका गया. इसमें माशोबरा और शिमला में मौजूद भूखंड शामिल हैं. इस संपत्ति में दिल्ली के कॉपरनिकस मार्ग पर 10 एकड़ से ज़्यादा ज़मीन पर फैला फरीदकोट हाउस भी है. संपत्ति में इसके अलावा दिल्ली के डिप्लोमेटिक एनक्लेव 1, न्याय मार्ग पर भी डेढ़ एकड़ में फैला फरीदकोट हाउस, ओखला में इंडस्ट्रियल प्लॉट और रिवेरा अपार्टमेंट शामिल है.

  14. चीन ने भारत और अमेरिका को दिया बड़ा झटका, ये है पूरा मामला

    संयुक्त राष्ट्र में चीन ने एक बार फिर भारत की राह पर रोड़ा अटकाया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, अमेरिका ने लश्कर-ए-तैयबा के मोस्टवांटेड चरमपंथी और मुंबई में 26/11 हमलों के मास्टरमाइंड को ग्लोबल टेररिस्ट घोषित करने का प्रस्ताव रखा था. भारत ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया था.

    संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की प्रतिबंध समिति में चीन ने लगातार चरमपंथियों को ब्लैकलिस्ट करने के प्रस्तावों पर रोक लगाई है.

    हाल के महीनों में ऐसा तीसरी बार हुआ है जब चीन ने भारत-अमेरिका के प्रस्ताव पर रोक लगाई.

    इसके पहले चीन ने अब्दुल रहमान मक्की, अब्दुल रऊफ़ अज़हर को भी प्रतिबंध समिति में ‘सुरक्षा’ प्रदान की थी और उनके ख़िलाफ़ प्रस्तावों का विरोध किया था.

    चीन का यह कदम शुक्रवार को शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की बैठक के ठीक बाद आया है. एससीओ की बैठक में सभी सदस्य देशों ने आतंकवाद से निपटने के लिए एकजुट प्रयास करने पर सहमति जताई है.

    हालांकि इसके एक दिन बाद ही चीन के इस कदम पर उसकी आलोचना भी हो रही है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, साजिद मीर ने लश्कर-ए-तैयबा को भारत में सेटअप किया. उस पर लश्कर-ए-तैयबा के प्रमुख ज़की-उर-रहमान लखवी की सुरक्षा का भी जिम्मा था.

    ऐसा दावा है कि साजिद मीर ने कई देशों में जाकर लोगों को चरमपंथी संगठन में शामिल होने के लिए उकसाया और उनकी भर्ती की.

    कई देशों में भारत के राजदूत रह चुके अनिल कुमार त्रिगुणायत ने एएनआई से कहा, ‘मुझे बिल्कुल हैरानी नहीं है. चीन का इतिहास रहा है ये करने का. वो सीधे तौर पर आतंकवाद में शामिल हो ना हो लेकिन सिक्योरिटी काउंसिल 1267 कमिटी में ऐसे प्रस्तावों को तकनीकी तौर पर रोककर वो आतंकवाद का समर्थन करता है.’

  15. मोहम्मद शमी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिरीज़ से बाहर, ये है वजह

    ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ टी20 सिरीज़ से पहले भारत को एक झटका लगा है. तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद शमी कोरोना संक्रमित होने की वजह से इस सिरीज़ से बाहर हो गए हैं.

    ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ तीन मैचों की इस सिरीज़ का पहला मैच 20 सितंबर को मोहाली में खेला जाना है.

    शमी के बाहर होने के बाद तेज़ गेंदबाज़ उमेश यादव को टीम में जगह दी गई है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, बीसीसीआई के एक सूत्र ने कहा, ‘मोहम्मद शमी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. लेकिन चिंता की कोई बात नहीं है क्योंकि लक्षण बेहद हल्के हैं. लेकिन फिलहाल उन्हें आइसोलेशन में रहना होगा. नेगेटिव होने के बाद वो फिर से टीम में शामिल हो पाएंगे.’

    उन्होंने यह उम्मीद भी जताई कि शमी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ़ सिरीज़ के लिए फिट हो जाएंगे.

  16. चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में अश्लील वीडियो बनाने का मामला, 8 छात्राओं ने की सुसाइड की कोशिश

    बीबीसी संवाददाता गुरमिंदर सिंह ग्रेवाल के अनुसार, चंडीगढ़ के पास एक निजी विश्वविद्यालय में शनिवार देर रात कम से कम 8 लड़कियों ने आत्महत्या का प्रयास किया, जिसके बाद कैंपस में जमकर हंगामा हुआ.

    इस निजी विश्वविद्यालय के छात्रों द्वारा साझा किए गए वीडियो में, एक लड़की यह स्वीकार करती हुई दिखाई दे रही है कि उसने नहाते समय साथी लड़कियों का वीडियो बनाया था.

    आरोप है कि इस लड़की ने साथी लड़कियों के आपत्तिजनक वीडियो बनाकर शिमला में रहने वाले एक लड़के को भेज दिए, जिसने ये वीडियो वायरल कर दिए.

    हालांकि जिस यूनिवर्सिटी में यह घटना हुई है, उसने इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है. यह मामला रविवार की सुबह करीब तीन बजे पुलिस के संज्ञान में आया और पुलिस अभी भी मामले की जांच करने में लगी हुई है. उन्होंने अभी तक इस घटना के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है.

    पूरी स्टोरी पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

  17. पाकिस्तान: नवंबर में नए सेना प्रमुख की नियुक्ति, अगले साल अगस्त में चुनाव

    पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ़ ने बताया है कि प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ इस साल नवंबर में नए सेना प्रमुख की नियुक्ति करेंगे. उन्होंने यह भी बताया कि पाकिस्तान में चुनाव अगले साल अगस्त में होंगे.

    एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने इस बात की जानकारी दी. ख्वाज़ा आसिफ़ ने कहा कि नए सेना प्रमुख की नियुक्ति की बात सुनकर इमरान ख़ान निराश होंगे, क्योंकि वो एक दिन कुछ कहते हैं और अगले दिन उससे मुकर जाते हैं.

    पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने कहा कि इमरान ख़ान इस नियुक्ति को विवादों में घेरना चाहते हैं ताकि उनको नए सेना प्रमुख की नियुक्त का मौका मिल जाए.

    उन्होंने कहा, ‘’सेना प्रमुख का कार्यकाल बढ़ाने को लेकर किसी तरह की प्रक्रिया नहीं चल रही है और न ही ऐसा कोई प्रस्ताव है. इस बारे में ज़्यादा बोलना सही नहीं है.’’

    रिटायर होंगे सेना प्रमुख बाजवा

    इस समय पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल क़मर जावेद बाजवा हैं जो 61 साल के हैं और वह 29 नवंबर को सेवानिवृत्त होंगे. जनरल बाजवा नवंबर 2016 से इस पद पर हैं. तीन साल के कार्यकाल के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने उनका कार्यकाल तीन साल के लिए और बढ़ा दिया था.

    ख्वाजा आसिफ़ ने कहा कि नेताओं की एक-दूसरे से तकरार होती रहती है और यह दुनिया भर में होता है लेकिन इस लड़ाई में अपनी संस्थाओं को हिस्सा नहीं बनाना चाहिए.

    उन्होंने कहा, ‘‘ये मुद्दा इस तरह से सामने नहीं लाया जाना चाहिए था और ऐसा पहले कभी नहीं हुआ था.’’

    ख्वाजा आसिफ़ ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ ने चार बार (सेना प्रमुख की नियुक्ति करके) अपनी संवैधानिक ज़िम्मेदारी का पालन किया और जब वक़्त आएगा तो शहबाज़ शरीफ़ भी अपनी ज़िम्मेदारी उठाएंगे.

    उन्होंने कहा कि नये सेना प्रमुख संविधान और सेना के प्रति वफ़ादार होंगे.

    उनके मुताबिक, जब पाकिस्तान में मार्शल लॉ लागू था तो सेना प्रमुख ने उन पर भी इसे लागू किया जिन्होंने उनकी नियुक्ति की थी.

  18. यूक्रेन में भारी बमबारी की वजह से मंडरा रहा बड़ा ख़तरा

    संयुक्त राष्ट्र की परमाणु निगरानी संस्था (IAEA)का कहना है कि यूक्रेन के ज़ेपोरीज़िया परमाणु संयंत्र में बिजली वापस आ गई है. इलाक़े में रूस की भीषण बमबारी से पावर प्लांट से जुड़ी हुई बिजली की लाइन क्षतिग्रस्त हो गई हैं.

    इस प्लांट के सभी छह रिएक्टर बंद हो चुके हैं लेकिन इसके रिएक्टर्स को ठंडा रखने के लिए बाहर से बिजली की ज़रूरत है ताकि उन्हें पिघलने से बचाया जा सके.

    आईएईए का कहना है कि प्लांट रूस के कब्ज़े में है और इसकी मौजूदा स्थिति में सुधार हुआ है लेकिन अनिश्चितता बरकरार है.

    इस महीने की शुरुआत में इंटरनेशनल एटॉमिक एनर्जी एजेंसी (IAEA) की विशेषज्ञों की एक टीम ज़ेपोरीज़िया में स्थित यूरोप के इस सबसे बड़े न्यूक्लियर प्लांट का जायज़ा लेने पहुंची थी.

    इस टीम का ये दौरा यूक्रेन और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की ओर से सुरक्षा को लेकर जताई जा रही चिंताओं के बाद हुआ. लगातार बमबारी की वजह से न्यूक्लियर प्लांट को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका और रेडिएशन फैलने का अंदेशा भी जताया जा रहा था.

    रूस और यूक्रेन, दो दोनों देश एक दूसरे पर दक्षिण-पूर्व यूक्रेन में स्थित इस प्लांट में बमबारी के आरोप लगा रहे हैं.

    नेशनल ग्रिड से सीधे बिजली सप्लाई

    आईएईए के पहले दौरे के बाद यह सुनिश्चित किया गया है कि फिलहाल एजेंसी वहां स्थायी तौर पर मौजूदगी दर्ज कराएगी और प्लांट की स्थिति को मॉनिटर करती रहेगी.

    आईएईए ने शनिवार को एक ट्वीट करके बताया कि टीम के सदस्यों को शनिवार को इस बात की जानकारी मिली कि बमबारी में क्षतिग्रस्त हुई चार बाहरी पावर लाइनों में से एक की मरम्मत की जा चुकी है और उसके ज़रिए नेशनल ग्रिड से सीधे बिजली सप्लाई मिल सकती है.

    सामूहिक कब्रें मिलने के बाद बढ़ी चिंता

    वहीं, पूर्वी यूक्रेन के इज़्यूम शहर में सामूहिक कब्रें मिलने के बाद यूरोपियन यूनियन के अध्यक्ष ने युद्ध अपराधों के लिए अंतरराष्ट्रीय ट्राइब्यूनल बनाने का आह्वान किया है.

    शहर के बाहरी इलाके में एक जंगल में सैकड़ों लाशें बरामद हुई हैं. यहां रूसी सेनाओं को पीछे खदेड़कर यूक्रेन ने फिर से कब्ज़ा किया है.

    बताया जा रहा है कि मरने वालों में से अधिकतर आम नागरिक, महिलाएं और बच्चे हैं.

    यूक्रेन का कहना है कि यह युद्ध अपराध है.

    चेक गणराज्य के विदेश मंत्री जान लिपावस्की ने कहा, ‘21वीं सदी में इंसानी आबादी के खिलाफ़ इस तरह के हमले अकल्पनीय और घृणित हैं. हमें इसे नज़रअंदाज़ नहीं करना चाहिए. हमें सारे युद्ध अपराधियों को सज़ा दिलाने के लिए खड़े होना चाहिए.’

    उन्होंने एक ट्वीट में लिखा, ‘मैं अतिशीघ्र एक स्पेशल इंटरनेशनल ट्राइब्यूनल बनाने का आह्वान करता हूं जो आक्रामकता के साथ किए गए अपराधों पर मुकदमा चलाएगा.’

    दोनेत्स्क के विभाजित पूर्वी क्षेत्र में शनिवार को एक बार फिर जंग छिड़ गई. ये इलाक़ा रूस समर्थित अलगाववादियों के नियंत्रण में है.

  19. नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज में आपको दिनभर देश और दुनिया की ताज़ा और अहम ख़बरें दी जाएंगी. ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 17 सितंबर के अपडेट्स के लिए आप यहांक्लिककर सकते हैं.