You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

यूक्रेन युद्ध: रूस के कब्जे से छूटे इज़ियुम में मिली सैकड़ों कब्रें

यूक्रेन ने बताया है कि रूस के क़ब्ज़े से हाल में छुड़ाए गए उसके शहर इज़ियुम के पास के जंगल में सैकड़ों कब्रें पाई गई हैं.

लाइव कवरेज

कुमारी स्नेहा and चंदन शर्मा

  1. महंत नरेंद्र गिरि की मौत के एक साल बाद खुला बेडरूम, क्या-क्या मिला?

  2. सुब्रमण्यम स्वामी ने बताया मोदी को शी से संभावित मुलाक़ात में क्या कहना चाहिए

    शंघाई सहयोग संगठन की समरकंद में हो रही बैठक में भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के मिलने की उम्मीद है.

    इससे पहले बीजेपी के नेता और राज्यसभा सांसद रहे सुब्रमण्यम स्वामी ने एक ट्वीट कर बताया है कि पीएम मोदी को क्या करना चाहिए.

    सुब्रमण्यम स्वामी ने बताया है कि मोदी को शी से क्या कहना चाहिए.

    उन्होंने ट्वीट किया, "चीनी सेना को भारतीय क्षेत्र से बाहर निकालें नहीं तो हम उन्हें बाहर खदेड़ देंगे. 56 इंच का सीना दिखाइए."

    शंघाई सहयोग संगठन की बैठक से पहले भारत और चीन पूर्वी लद्दाख के एक और पेट्रोलिंग पॉइंट से पीछे हट गए थे.

    ऐसे क़यास हैं कि इसके बाद दोनों देशों के नेताओं में द्विपक्षीय बातचीत हो सकती है.

    स्वामी इसी संभावित बातचीत में पीएम मोदी से शी जिनपिंग के साथ दो टूक बात करने की सलाह दे रहे हैं.

    क्या है शंघाई सहयोग संगठन?

    अप्रैल 1996 में शंघाई में हुई एक बैठक में चीन, रूस, कज़ाकस्तान, किर्गिस्तान और ताजिकिस्तान आपस में एक-दूसरे के नस्लीय और धार्मिक तनावों से निबटने के लिए सहयोग करने पर राज़ी हुए थे. इसे शंघाई फ़ाइव कहा गया था.

    जून 2001 में चीन, रूस और चार मध्य एशियाई देशों कज़ाकस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान और उज़बेकिस्तान के नेताओं ने शंघाई सहयोग संगठन शुरू किया और नस्लीय और धार्मिक चरमपंथ से निबटने और व्यापार और निवेश को बढ़ाने के लिए समझौता किया. शंघाई फ़ाइव के साथ उज़बेकिस्तान के आने के बाद इस समूह को शंघाई सहयोग संगठन कहा गया.

    शंघाई सहयोग संगठन के छह सदस्य देशों का भूभाग यूरोशिया का 60 प्रतिशत है. यहाँ दुनिया के एक चौथाई लोग रहते हैं.

    2005 में कज़ाकस्तान के अस्ताना में हुए सम्मेलन में भारत, ईरान, मंगोलिया और पाकिस्तान के प्रतिनिधियों ने भी पहली बार हिस्सा लिया. इस सम्मेलन के स्वागत भाषण में कज़ाकस्तान के तत्कालीन राष्ट्रपति नूरसुल्तान नज़रबायेफ़ ने कहा था, "इस वार्ता में शामिल देशों के नेता मानवता की आधी जनसंख्या का प्रतिनिधित्व करते हैं."

    एससीओ ने संयुक्त राष्ट्र से भी संबंध स्थापित किए हैं और यह महासभा में पर्यवेक्षक है. एससीओ ने यूरोपीय संघ, आसियान, कॉमनवेल्थ और इस्लामिक सहयोग संगठन से भी संबंध स्थापित किए हैं.

    इस संगठन का मुख्य उद्देश्य मध्य एशिया में सुरक्षा चिंताओं के मद्देनज़र सहयोग बढ़ाना है. पश्चिमी मीडिया मानता रहा है कि एससीओ का मुख्य उद्देश्य नेटो के बराबर खड़ा होना है.

  3. ट्रंप के घर से मिले दस्तावेज़ों की जांच के लिए नियुक्त हुआ जज, क्या है मामला?

    पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फ़्लोरिडा वाले घर से मिली फ़ाइलों की जांच अमेरीकी जज रेमंड डीयरी करेंगे.

    78 साल के डीयरी इस बात की जांच करेंगे कि ट्रंप के घर से मिले दस्तावेज़ों का अदालती कार्यवाही में इस्तेमाल कर सकते हैं या नहीं.

    जज डीयरी का नाम ट्रंप की टीम ने ही सुझाया था जिसपर अमेरिकी न्याय विभाग ने कोई आपत्ति दर्ज नहीं की थी.

    क्यों हो रही है ट्रंप के ख़िलाफ़ जांच

    पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति के ख़िलाफ़ राष्ट्रपति पद पर रहते हुए, ख़ुफ़िया सामग्री के इस्तेमाल की जांच हो रही है.

    इससे पहले अमेरिका के जस्टिस विभाग के अधिकारियों ने कहा था कि ट्रंप के फ़्लोरिडा वाले घर से मिले दस्तावेज़ों में कुछ ऐसी जानकारी हो सकती है जो एफ़बीआई के जांचकर्ताओं से छिपाई गई है.

    अधिकारियों का ये भी कहना है कि राष्ट्रपति पद छोड़ने के बाद, ट्रंप को ये तमाम काग़ज़ात नेशनल आर्काइव को सुपुर्द कर देने चाहिए थे. क्योंकि क़ानूनन हर अमेरिकी राष्ट्रपति को यही करना होता है.

    लेकिन डोनाल्ड ट्रंप किसी किस्म की गड़बड़ी से इनकार करते हैं और कहते हैं कि अपने कार्यकाल में ही उन्होंने इन सभी दस्तावेज़ों को सार्वजनिक कर दिया था.

  4. लखनऊ के दिलकुशा इलाक़े में दीवार गिरने से 9 लोगों की मौत, लगातार बारिश के कारण हुआ हादसा

    उत्तर प्रदेश के लखनऊ के दिलकुशा इलाके में एक दीवार गिरने से 9 लोगों की मौत हो गई.

    ख़बरों के मुताबिक हादसा दिलकुशा इलाके में हुआ है. प्रशासनिक अधिकारी और राहतकर्मी घटनास्थल पर पहुँच रहे हैं.

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों के लिए चार लाख रुपए बतौर मुआवज़ा देने का ऐलान किया है.

    न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, संयुक्त पुलिस आयुक्त (लॉ एंड ऑर्डर) पीयूष मोर्डिया ने बताया कि भारी बारिश की वजह से यह दुर्घटना हुई.

    उत्तर भारत के कई राज्यों में कल से ही लगातार बारिश हो रही है.

    भारत मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तर प्रदेश में 15-17 सितंबर के बीच भारी बारिश की आशंका जताई है.

    लखनऊ के डीएम ने लगातार हो रही बारिश से बचाव के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं.

    साथ ही किसी आपदा की स्थिति में कंट्रोल रूम के नंबर भी जारी किए हैं.

    डीएम ने अपने दिशा-निर्देशों में लिखा है कि 17 सितंबर तक भारी बारिश की संभावना है इसलिए सभी लोगों को सावधानी बरतनी होगी.

    उन्होंने लिखा है कि अति आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें.

    लखनऊ के डीएम सूर्यपाल गंगवार ने इस दुर्घटना में नौ लोगों की मौत की पुष्टि की है. दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है. भारी बारिश के बीच शुक्रवार तड़के तीन बजे यह हादसा हुआ.

    डीएम ने बताया कि निर्माणाधीन बांउड्रीवाल के पास लोग सोए थे. बचाव अभियान तड़के ही पूरा कर लिया गया. मृतकों में तीन की उम्र 18 साल से कम है.

    यह हादसा आर्मी कैंट के समीप हुआ तो मौके पर बचाव के लिए सेना के जवान पहुंच गए थे.

    ईंट से बनाई थी दीवार

    यहां मजदूर मिट्टी से ईंटों को जोड़कर कच्ची दीवार के सहारे झोपड़ी बनाए हुए थे. लखनऊ में तीन दिन से रुक-रुक कर बारिश हो रही है.

    आसपास की मिट्टी धंसने से दीवार ढह गई. घटना होते ही सेना के जवान मौके पर आकर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गए. दबे लोगों को निकालकर हॉस्पिटल पहुंचाया. नौ लोगों को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया, दो का इलाज चल रहा है.

    उन्नाव में भी ऐसी ही एक दुर्घटना हुई है. यहां एक मकान की छत गिरने से एक महिला और दो बच्चों की मौत हो गई.

  5. तालिबान के इंकार के बाद भी पाकिस्तान ने दोहराया - अफ़ग़ानिस्तान में ही है मसूद अज़हर

    पाकिस्तान ने गुरुवार को कहा कि उसने आधिकारिक तौर पर संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित आतंकवादी मसूद अज़हर के अफगानिस्तान में मौजूदगी का मुद्दा, अफ़ग़ान अधिकारियों के सामने उठाया है.

    पाकिस्तान के इस बयान से एक दिन पहले ही तालिबान सरकार ने जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मसूद अज़हर की अफ़गानिस्तान में मौजूदगी की ख़बरों को ख़ारिज कर दिया था.

    पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता आसिम इफ़्तिखार अहमद से गुरुवार को अज़हर की अफ़ग़ानिस्तान में मौजूदगी के बारे में पूछने पर उन्होंने यह जवाब दिया.

    उन्होंने कहा कि वह UN द्वारा घोषित अपराधी है और पाकिस्तान में आतंकवाद से संबंधित कई मामलों में वांटेड है.

    प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तान के साथ ही अंतरराष्ट्रीय समुदाय के पास इस बात पर विश्वास करने की पर्याप्त वजह है कि अफ़ग़ानिस्तान में अब भी कई ऐसे इलाके हैं जिसका इस्तेमाल आतंकवादी गुट सुरक्षित पनाहगाह के रूप में करते हैं.

    उन्होंने अफ़गान अधिकारियों से अपील की है कि वे अफ़ग़ानिस्तान की धरती का इस्तेमाल किसी भी देश के ख़िलाफ नहीं होने देने के अपने आश्वासन पर कदम उठाएं.

    अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार ने बुधवार को अज़हर की इस देश में मौजूदगी की ख़बरों को सीधे तौर पर ख़ारिज कर दिया था.

    तालिबान ने कहा था कि वे अफ़ग़ान भूमि का दूसरे देशों के ख़िलाफ़ इस्तेमाल की अनुमति नहीं देते हैं.

  6. CUET UG का रिजल्ट जारी, यहां चेक कर सकते हैं रिजल्ट

    नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट अंडरग्रेजुएट (CUET UG) का रिजल्ट जारी कर दिया है.

    इस परीक्षा में हिस्सा लेने वाले उम्मीदवार यहाँ क्लिक कर, अपना रिजल्ट देख सकते हैं और स्कोर कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं.

    देश के अलग-अलग विश्वविद्यालयों में दाखिले के लिए एनटीए ने 15 जुलाई से 30 अगस्त के बीच परीक्षाएं आयोजित की थी.

    इसके बाद कुछ स्टूडेंट्स की परेशानियों पर विचार करते हुए 11 सितंबर को उन्हें एक और मौका दिया गया. देश के 259 शहरों में परीक्षाएं आयोजित हुईं जबकि देश से बाहर दुबई, दोहा, सिंगापुर, न्यूयॉर्क समेत 10 शहरों में परीक्षा केंद्र बनाए गए.

    इस परीक्षा के लिए 14,90,293 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था लेकिन परीक्षा में 9,68,201 स्टूडेंट्स ने ही हिस्सा लिए.परीक्षा देने आए कुल स्टूडेंट्स में से 4,29,228 लड़कियां, 5,38,965 लड़के और थर्ड जेंडर के आठ उम्मीदवार थे.

    किन कॉलेजों या विश्वविद्यालयों में प्रवेश के लिए हुई CUET परीक्षा?

    देश के 45 केंद्रीय विश्वविद्यालयों के स्नातक पाठ्यक्रमों यानी अंडर-ग्रैजुएट कोर्सेज़ में प्रवेश के लिए ये परीक्षा हुई थी.

    यूजीसी यानी विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ने 21 मार्च 2022 को इस परीक्षा की घोषणा की थी, और साथ ही कहा था कि राज्यों के विश्वविद्यालय, प्राइवेट विश्वविद्यालय और डीम्ड विश्वविद्यालय भी इस प्रवेश परीक्षा को अपना सकते हैं.

    यानी केंद्रीय विश्वविद्यालयों से बाहर के कॉलेज या विश्वविद्यालय भी इस टेस्ट के आधार पर प्रवेश दे सकते हैं.

    इसके बारे में फ़ैसला अलग-अलग विश्वविद्यालय या कॉलेज कर सकते हैं.

    राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी या नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) क्या है?

    सीयूईटी की परीक्षा करवाने की ज़िम्मेदारी राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी को सौंपी गई है. एनटीए एक स्वतंत्र/स्वायत्त संस्था है जिसे केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने गठित किया है.

    वर्ष 2020 में नई शिक्षा नीति के एलान के तहत मानव संसाधन विकास मंत्रालय का नाम बदलकर शिक्षा मंत्रालय कर दिया गया था.

    इंजीनियरिंग कॉलेजों के लिए होने वाली जेईई परीक्षा, मेडिकल कॉलेजों के लिए होने वाली नीट परीक्षा या कॉलेजों-विश्वविद्यालयों में प्राध्यापक बनने के लिए यूजीसी-नेट जैसी परीक्षाएँ एनटीए ही आयोजित करवाता है.

  7. पुतिन ने बताया यूक्रेन युद्ध पर क्या है चीन की चिंता

    शंघाई सहयोग संगठन की बैठक में व्लादिमीर पुतिन और शी जिनपिंग के मुलाक़ात में पुतिन ने यूक्रेन पर युद्ध पर चीन की चिंताओं का ज़िक्र किया है.

    पुतिन ने कहा कि वह यूक्रेन संकट पर चीन की 'चिंताओं' को समझते हैं.

    पुतिन ने 'संतुलित रुख' बनाए रखने के लिए चीन का शुक्रिया भी अदा किया और कहा कि 'एकध्रुवीय विश्व बनाने की अमेरिका की कोशिशें' नाकाम होंगी.

    जिनपिंग ने कहा कि चीन रूस के साथ 'महा शक्तियों' की तरह साथ काम करने का इच्छुक है.

    चीन ने रूसी आक्रमण का खुलकर समर्थन नहीं किया है लेकिन रूस के साथ उसका व्यापार बढ़ा है और संबंध बेहतर हुए हैं. पुतिन और जिनपिंग इससे पहले बीजिंग में विंटर ओलंपिक के दौरान मिले थे.

    शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की बैठक से इतर इन दोनों नेताओं की ऐसे समय में मुलाकात हुई है जब रूसी सैनिक यूक्रेन के अलग-अलग इलाकों में अपनी मजबूती खोते जा रहे हैं.

    पुतिन ने शी से कहा, '' यूक्रेन संकट पर हम हम चीनी दोस्तों के संतुलित रुख का बेहद सम्मान करते हैं और वह यूक्रेन की स्थिति पर चीन के 'सवालों और चिंताओं' को समझते हैं.

    पुतिन ने क्या कहा?

    चीन की ओर से जारी एक प्रेस रिलीज़ के मुताबिक पुतिन ने कहा “दुनियाभर में कई बदलाव हो रहे हैं लेकिन जो एक चीज़ नहीं बदली है, वो है रूस और चीन की दोस्ती. रूस और चीन की साझेदारी किसी पहाड़ की तरह मज़बूत है. रूस और चीन दोनों ही एक समान और बेहतर अंतरराष्ट्रीय स्थिति के लिए काम कर रहे हैं और ये अंतरराष्ट्रीय संबंधों के लिए एक मिसाल है.”

    प्रेस रिलीज़ में कहा गया कि रूस वन-चाइना पॉलिसी के साथ है और “चीन के मामलों में दूसरे देशों के दखल की निंदा करना है.”

  8. नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. अभिवादन स्वीकार करें स्नेहा और पवन का. बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज में आपको दिनभर देश और दुनिया की ताज़ा और अहम ख़बरें दी जाएंगी. ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 15 सितंबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    आज की शुरूआत कुछ बड़ी ख़बरों से जिनपर रहेगी सबकी नज़र

    • समरकंद में हो रहे शंघाई सहयोग संगठन की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच होगी द्विपक्षीय बैठक. पाक पीएम और चीनी राष्ट्रपति से मुलाक़ात पर अब भी सस्पेंस है.
    • यूक्रेन से लौटे मेडिकल छात्रों की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में आज भी सुनवाई जारी रहेगी. कल केंद्र ने कहा था कि ये छात्र NEET में अच्छा स्कोर न ला पाने के कारण यूक्रेन गए थे.
    • नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेस टेस्ट के रिजल्ट की घोषणा कर दी है. इस वर्ष केंद्रीय विश्वविद्यायलों में दाख़िले इसी आधार पर होंगे.
    • यूक्रेन ने कहा है कि उसे लिज़ुम शहर में एक सामुहिक कब्रिस्तान के सबूत मिले हैं. इस शहर को हाल ही में रूस मुक्त करवाया गया था. आज इस बारे में यूक्रेन सबूत सार्वजनिक कर सकता है.
    • आज अफ़्रीका से एक लंबी यात्रा तय करके क़रीब 16 चीते भारत पहुंचने वाले हैं जिन्हें मध्य प्रदेश के 1.15 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल वाले कूनो नेशनल पार्क में छोड़ दिया जाएगा.