You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

शी जिनपिंग से मिले पुतिन, यूक्रेन पर जिनपिंग से क्या कहा पुतिन ने

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग को यूक्रेन पर उनके ‘संतुलित रुख’ के लिए शुक्रिया कहा.

लाइव कवरेज

कुमारी स्नेहा and शुभम किशोर

  1. यूक्रेन में बांध पर मिसाइल हमले के बाद बाढ़ का ख़तरा, ज़ेलेंस्की ने कहा - रूस आतंकी देश

    यूक्रेन में एक जलाशय पर बनी बांध पर मिसाइल हमले के बाद लोग बाढ़ के ख़तरे का सामना कर रहे हैं.

    स्थानीय लोगों ने मांग की है कि उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाया जाए.

    इलाक़े के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को कहा था कि क्रिवइ रिह के दो जिलों की 22 सड़कें इससे प्रभावित हैं.

    अधिकारियों ने बताया कि बांध में दरारों से 100 क्यूबिक मीटर प्रति सेकेंड की दर से पानी बहने से इनहुलेट्स नदी का जलस्तर खतरनाक रूप से बढ़ रहा है.

    यूक्रेन का दावा है कि उसके जवाबी हमले से परेशान होकर रूस ने यह हमला किया है.

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने रूस को ‘आतंकवादी देश’ बताया है.

    ज़ेलेंस्की ने बुधवार देर रात कहा, ‘‘कायर ही आम नागरिकों पर हमले करते हैं.’’

    ज़ेलेंस्की की पैदाइश क्रिवइ रिह की है और वह बुधवार देर रात लोगों को संबोधित कर रहे थे.

    उन्होंने कहा, ‘‘ वे बदमाश जो युद्ध के मैदान से भाग खड़े हुए हैं, वे दूर से हमले करके नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं.’’

    ज़ेलेंस्की इस बयान में देश के उत्तर-पूर्वी खारकीएव क्षेत्र में मिली सैन्य सफलता का हवाला दे रहे थे. हालांकि, यूक्रेन को किस स्तर तक सफलता मिल पाई है, इसकी पुष्टि अभी बीबीसी ने नहीं की है.

    ज़ेलेंस्की ने कहा कि यह जलाशय ‘सैन्यअभियान के लिहाज़ से महत्वपूर्ण नहीं था.’’

    अधिकारियों ने बताया है कि इससे जलापूर्ति प्रभावित हो गई है और 600,000 लोगों के बाढ़ से प्रभावित होने का ख़तरा है.

    हालांकि, अब तक इस कथित हमले पर रूस की प्रतिक्रिया नहीं आई है.

  2. शोएब अख़्तर और अफ़रीदी ने बताया विराट कोहली को कब होना चाहिए रिटायर

    एशिया कप में भले ही भारत फ़ाइनल तक भी न पहुँचा हो पर विराट कोहली के फॉर्म में लौटने को टी 20 वर्ल्ड कप के लिहाज़ से भारतीय क्रिकेट के लिए एक अच्छी ख़बर माना जा रहा है.

    हालांकि, पाकिस्तान के फ़ास्ट गेंदबाज़ रह चुके शोएब अख़्तर ने कहा है कि कोहली अब ज़्यादा समय तक टी 20 फ़ॉर्मेट में नहीं खेलेंगे.

    वेबसाइट 'इंडिया डॉट कॉम' के एक लाइव सेशन में शोएब अख़्तर ने कहा, “कोहली टी 20 वर्ल्ड कप के बाद रिटायरमेंट ले सकते हैं. उन्हें बाक़ी फ़ॉर्मेट में अपना करियर लंबा खींचने के लिए ये करना पड़ सकता है. मैं उनकी जगह होता तो इस बात पर गौर करता और फिर कोई फ़ैसला करता.“

    इससे पहले बुधवार को पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफ़रीदी ने भी विराट कोहली के भविष्य के बारे में टिप्पणी की थी.

    पाकिस्तानी टीवी चैनल समा टीवी से बात करते हुए अफ़रीदी ने कहा था, “ विराट एक चैंपियन खिलाड़ी हैं. लेकिन मैं मानता हूं कि एक वक्त आएगा जब आप रिटायरमेंट की ओर बढ़ रहे होंगे. और इस स्थिति में आपकी कोशिश होनी चाहिए आप टॉप पर रहते हुए क्रिकेट से अलविदा लें.''

    अफ़रीदी ने कहा, ''ऐसी नौबत नहीं आनी चाहिए कि आपको टीम से ड्रॉप होना पड़े. बहुत कम ही क्रिकेटर अपनी अच्छी फॉर्म में रहते हुए रिटायर होते हैं. खासकर एशिया में बहुत ही कम खिलाड़ी ऐसा करते हैं. लेकिन मुझे लगता है कि जब विराट रिटायर होंगे तो वह इसी स्टाइल में क्रिकेट को अलविदा कहेंगे.''

    शाहिद अफ़रीदी के इस बयान पर भारतीय खिलाड़ियों की ओर से भी कड़ी प्रतिक्रिया आ रही है.

    पूर्व भारतीय क्रिकेटर अमित मिश्रा ने ट्वीट कर कहा है कि अफ़रीदी को विराट कोहली के बारे में टिप्पणी नहीं करनी चाहिए.

    उन्होंने लिखा, "डियर अफ़रीदी, कुछ लोग सिर्फ़ एक बार रिटायर होते हैं. कोहली को इस सब से दूर रखें."

  3. यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की की कार दुर्घटनाग्रस्त, निजी वाहन से टकराई

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई है. सरकार ने एक प्रवक्ता ने ये जानकारी दी है.

    एक संक्षिप्त बयान में सर्गी निकिफ़ोरोव ने कहा है कि एक निजी कार, राष्ट्रपति की आधिकारिक कार से टकरा गई.

    उन्होंने कहा, "राष्ट्रपति की डॉक्टर ने जांच की है और पाया है कि उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं लगी है."

    राष्ट्रपति के काफ़िले से टकराई निजी कार के मालिक को भी चोटें आई थीं. उन्हें उपचार के लिए एंबुलेंस के ज़रिए अस्पताल में पहुँचाया गया.

    अधिकारियों का कहना है कि इस दुर्घटना के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच हो रही है. प्रवक्ता ने इससे अधिक जानकारी नहीं दी है.

    इससे पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमीर ज़ेलेंस्की, इज़ियम शहर पहुंचे जिसे यूक्रेनी सेना ने रूसी कब्ज़े से छुड़ा लिया है.

    अपने दौरे पर ज़ेलेस्की ने उन सैनिकों को शुक्रिया कहा जिन्होंने रूस पर हमले को अंजाम किया. इसके अलावा उन्होंने यूक्रेन के झंडे के ध्वजारोहण में हिस्सा लिया. यूक्रेन के अधिकारियों का कहना है कि वो डोनबास के इलाकों को निशाना बना रहे है.

    हाल के दिनों में यूक्रन की सेना ने कई वैसे इलाक़ों पर कब्ज़ा किया जहां रूसी सेना मौजूद थी, वहां उन्होंने रूसी सेना को पीछे खदेड़ा. ज़ेलेंस्की ने कहा कि वो ख़ारकीएव के 8000 वर्ग किलोमीटर में अपनी पकड़ मज़बूत कर रहे हैं.

  4. जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में दो चरमपंथियों की मौत

    जम्मू-कश्मीर के पुलिस अधिकारियों ने बताया है कि नौगाम थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में दो चरमपंथी मारे गए हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई को एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुरक्षाबलों को डंगरपोरा इलाके में चरमपंथियों की मौजूदगी के बारे में विशेष सूचना मिली थी. यह इलाका नौगाम थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है.

    उन्होंने बताया कि चरमपंथियों के सुरक्षाकर्मियों पर गोलीबारी करने के बाद मुठभेड़ शुरू हो गई. मुठभेड़ में दो चरमपंथी की मौत हो गई.

    अधिकारी ने बताया कि मारे गए चरमपंथी की पहचान फ़िलहाल नहीं की जा सकी.

  5. गोगरा-हॉटस्प्रिंग से भारत-चीन सेनाओं के पीछे हटने पर क्या बोले जयशंकर?

    भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने पूर्वी लद्दाख के पेट्रोलिंग पॉइंट-15 से भारत और चीन की सैनिक टुकड़ियों के पीछे हटने को ‘एक समस्या का कम’ होना बताया.

    पेट्रोलिंग पॉइंट 15 पूर्वी लद्दाख के गोगरा-हॉटस्प्रिंग इलाक़े में स्थित है.

    फ्रांस की विदेश मंत्री कैथरीन कोलोना के साथ बातचीत के बाद जयशंकर मीडिया से बात कर रहे थे.

    जयशंकर से सयुंक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में पाकिस्तान के एक आतंकवादी को वैश्विक आतंकवादी घोषित करने में चीन के रोड़ा अटकाने से संबंधित एक सवाल पूछा गया था.

    इसके जवाब में उन्होंने कहा कि आज वह कुछ नया नहीं कहेंगे, सिवाए इसके कि पीपी-15 (पेट्रोलिंग प्वाइंट) इलाके से सैनिक पीछे हटे हैं.

    उन्होने कहा कि यह प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. अब सीमा पर एक समस्या कम हो गई है.

    सैनिकों के पीछे हटने की घोषणा उज्बेकिस्तान के समरकंद में आयोजित हो रही एससीओ ( शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गेनाइज़ेशन)) से पहले हुई, जिसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच इस सप्ताह सम्मेलन से इतर की द्विपक्षीय बैठक को लेकर कयास लगाए जाने लगे.

    मोदी बृहस्पतिवार शाम में समरकंद पहुंचेंगे.

    चीन ने पिछले महीने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में जैश-ए-मोहम्मद के उप प्रमुख अब्दुल राउफ अज़हर को वैश्विक आतंकवादी करार दिए जाने के प्रस्ताव में रोड़ा अटकाया था.

    भारत और चीन ने एक साझा बयान जारी कर हाल ही में बताया था कि कोर कमांडरों के बीच 16वें दौर की बातचीत के बाद दोनों देशों की टुकड़ियां गोगरा-हॉटस्प्रिंग (पेट्रोलिंग पिलर-15) इलाक़े से पीछे हट रही हैं.

    बयान में कहा गया था कि सुनियोजित ढंग से पीछे हटना, दोनों देशों की सीमाओं पर शांति के लिए सही क़दम है. इसके बाद चीन के रक्षा मंत्रालय ने भी बयान जारी करके इसकी पुष्टि की थी.

    चीन के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "आठ सितंबर को भारत और चीन के बीच 16वें दौर की वार्ताओं के बाद ये सहमति बनी है कि दोनों देशों की सेनाएं जियनान दबान (गोगरा हॉटस्प्रिंग) से पीछे हट रही हैं."

    चीन गोगरा-हॉटस्प्रिंग को ही जियनान दबान कहता है.

    दोनों देशों के बीच पूर्वी लद्दाख में बने गतिरोध के बीच यह एक अहम घटना है. क़रीब दो साल से भारत और चीन इस इलाक़े में आमने-सामने हैं.

  6. गोवा में बाक़ी बचे कांग्रेस के तीन विधायकों ने बताया अपना प्लान

    बुधवार को गोवा में कांग्रेस के 11 में से आठ विधायक भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे. इनमें राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिगंबर कामत भी शामिल थे.

    लेकिन अब राज्य में बचे कांग्रेस के तीन विधायकों ने कहा है कि वो हर हाल में पार्टी के साथ रहेंगे.

    ये तीन विधायक हैं - यूरी अलेमाओ, एल्टोन डी'कोस्टा और कार्लोस अल्वारेस फ़रेरा.

    इन तीनों ने गोवा में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमित पाटकर की मौजूदगी में प्रेसवार्ता की और कहा कि कांग्रेस पार्टी केवल विधायकों पर निर्भर नहीं है.

    विधायक अलेमाओ ने कहा, "सारे विधायक भी छोड़ देंगे तब भी गोवा में कांग्रेस रहेगी. हम वचन देते हैं कि हम कभी पार्टी नहीं छोड़ेंगे और हमेशा इसे मज़बूत करते रहेंगे. हम कोई सामान नहीं हैं जिसे कोई ख़रीद सके.

    उन्होंने कहा कि फ़रवरी में हुए चुनावों से पहले सभी कांग्रेस उम्मीदवारों ने शपथ ली थी कि वे पार्टी नहीं छोड़ेंगे. अलेमाओ ने कहा कि उन्हें ये समझ नहीं आ रहा कि विधायक ईश्वर की सौगंध खाने के बाद कैसे मुकर सकते हैं.

    साल 2019 में भी कांग्रेस के 15 में से दस विधायक बीजेपी में शामिल हो गए थे.

    राज्य में पार्टी के प्रमुख अमित पाटकर ने कहा है कि बीजेपी पहले रात को लोकतंत्र की हत्या करती थी अब यही काम वो दिन दहाड़े कर रही है.

    कांग्रेस के गोवा प्रभारी दिनेश गुंडू राव ने ट्वीट कर कहा है कि बीजेपी में जाने वाले कांग्रेस के विधायक विश्वासघाती हैं.

    उनका दावा है कि सभी विधायकों ने मंदिरों, चर्चों और दरगाहों पर जाकर शपथ ली थी कि वे बीजेपी में शामिल नहीं होंगे.

  7. स्वीडन की प्रधानमंत्री मेगडालेना एंडरसन ने दिया इस्तीफ़ा, क्या है वजह?

    स्वीडन की प्रधानमंत्री मेगडालेना एंडरसन ने कहा कि रविवार के चुनाव परिणाम सामने आने के बाद वह पद से इस्तीफ़ा दे रही हैं.

    मेगडालेना एंडरसन की सेंटर-लेफ्ट गठबंधन, दक्षिणपंथी पार्टियों से बहुत कम अंतर से हार गया है.

    मॉडरेट पार्टी के नेता उल्फ क्रिसटेरसन के अब सरकार बनाने की संभावना है. क्रिसटेरसन ने कहा है कि वह सरकार का गठन शुरू करेंगे.

    उन्होंने कहा, ‘‘मैं स्थायी सरकार बनाने के हर संभव प्रयास करने को तैयार हूं.’’

    अभी अंतिम परिणाम की दोबारा पुष्टि नहीं हुई है.यहां वोटों की दोबारा गिनती होती है, जो कि स्वीडन में मानक चलन है.

    एंडरसन ने दोबारा गिनती से पहले ही बुधवार को न्यूज कॉन्फ्रेंस कर हार स्वीकार कर ली और वह आधिकारिक तौर पर बृहस्पतिवार को इस्तीफ़ा दे देंगी.

    उन्होंने कहा, ‘‘ संसद में उनके पास एक या दो सीट की बढ़त है. यह आंशिक बहुमत है लेकिन फिर भी बहुमत है.’’

  8. नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. अभिवादन स्वीकार करें स्नेहा और पवन का. बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज में आपको दिनभर देश और दुनिया की ताज़ा और अहम ख़बरें दी जाएंगी. ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 14 सितंबर के अपडेट्स के लिए आप यहांक्लिककर सकते हैं.