ब्रेकिंग न्यूज़, शी जिनपिंग से मिले पुतिन, यूक्रेन पर जिनपिंग से क्या कहा पुतिन ने
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग को यूक्रेन पर उनके ‘संतुलित रुख’ के लिए शुक्रिया कहा है.
उज़्बेकिस्तान के समरकंद में दोनों ही देशों के राष्ट्रप्रमुखों की मुलाकात हुई. यूक्रेन पर हमले के बाद दोनों की पहली मुलाकात थी.
पुतिन ने “एकध्रुवीय विश्व बनाने की कोशिशों” की आलोचना की. वही जिनपिंग ने कहा कि चीन रूस के साथ “बड़ी शक्तियों” की तरह काम करने का इच्छुक है.
पुतिन ने क्या कहा?
चीन की ओर से जारी एक प्रेस रिलीज़ के मुताबिक पुतिन ने कहा कि “दुनियाभर में कई बदलाव हो रहे हैं लेकिन जो एक चीज़ नहीं बदली है, वो है रूस और चीन की दोस्ती. रूस और चीन की साझेदारी किसी पहाड़ की तरह मज़बूत है. रूस और चीन दोनों ही एक समान और बेहतर अंतरराष्ट्रीय स्थिति के लिए काम कर रहे हैं और ये अंतरराष्ट्रीय संबंधों के लिए एक मिसाल है.”
प्रेस रिलीज़ में कहा गया कि रूस वन-चाइना पॉलिसी के साथ है और “चीन के मामलों में दूसरे देशों के दखल की निंदा करना है.”
चीन ने रूसी आक्रमण का खुलकर समर्थन नहीं किया है लेकिन रूस के साथ उसका व्यापार बढ़ा है और संबंध बेहतर हुए हैं.पुतिन और जिनपिंग इससे पहले बीजिंग में विंटर ओलंपिक के दौरान मिले थे.
चीन ने रूस के साथ साझा सैन्य अभ्यास भी किए हैं, और जब दुनिया के दूसरे देशों मे रूस पर प्रतिबंध लगाए, तो चीन रूस के साथ खड़ा दिखा.