अमृतसर में निहंग सिख और राधा स्वामी सत्संग ब्यास के अनुयायियों के बीच झड़प, कई घायल
अमृतसर में रविवार को निहंग सिखों और राधा स्वामी सत्संग ब्यास के अनुयायियों के बीच हुई झड़प में 10 लोग घायल हो गए.
लाइव कवरेज
कमलेश मठेनी, दीपक मंडल and प्रेरणा .
भारत के आलू-प्याज-टमाटर से पाकिस्तान क्यों नाराज़? - वुसअत का व्लॉग
वीडियो कैप्शन, पाकिस्तान के आलू-प्याज का भारत 'कनेक्शन'
पाकिस्तान का हर छठा शख्स इस वक्त बाढ़ प्रभावित है.
10 लाख से अधिक घर बर्बाद हो गए, 15 लाख से ऊपर पशुओं की मौत हो गई है. खाने-पीने की चीज़ों के दाम में काफी इजाफा हुआ है.
टमाटर, प्याज, आलू जैसी चीज़ों के दाम भी खूब बढ़े हैं, भारत और पाकिस्तान में इन चीज़ों के दाम में काफी अंतर है. लेकिन इसके बावजूद पाकिस्तान टमाटर, प्याज, आलू जैसी चीजें भी भारत से नहीं मंगा सकता.
पाकिस्तान ने भारत से खरीदारी पर प्रतिबंध लगा रखा है लेकिन सरकारी आंकड़े ही बताते हैं कि भारतीय कंपनियों ने पाकिस्तान से अरबों के कच्चे खनिज और दूसरी चीज़ें खरीदी हैं. आख़िर ऐसा क्यों?
देखिए पाकिस्तान के वरिष्ठ पत्रकार वुसअतुल्लाह ख़ान की ये ख़ास टिप्पणी.
ब्रेकिंग न्यूज़, ग़ुलाम नबी आज़ाद ने किया नई पार्टी के गठन का एलान, कहा- पार्टी को एक हिंदुस्तानी नाम दूंगा
....में
Author, मोहित कंधारी
पदनाम, मोहित कंधारी, जम्मू से बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज स्रोत, ANI
कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देने के बाद ग़ुलाम नबी आज़ाद ने रविवार को जम्मू में अपनी पहली जनसभा को संबोधित करते हुए अपने नए राजनीतिक दल की घोषणा की.
कार्यक्रम में लोगों की भीड़ जुटाकर जहाँ एक ओर उन्होंने क्षेत्रीय और राष्ट्रीय राजनीतिक दलों को अपनी मजबूती का संदेश देने की कोशिश की, वहीं दूसरी ओर अपने समर्थकों और जनता को साफ़ तौर पर "ये संदेश भी दिया कि मेरे दिल की धड़कनों में जम्मू और कश्मीर की पूरी जनता बसती है."
इमेज स्रोत, MOHIT KANDHARI/BBC
उन्होंने अपनी नई पार्टी के संबंध में कहा, "मैंने अभी तक अपनी पार्टी के लिए नाम तय नहीं किया है. मैं नहीं चाहता कि मैं दिल्ली में बैठकर पार्टी का नाम आप सब पर थोप दूँ. जम्मू और कश्मीर के लोग पार्टी का नाम और झंडा तय करेंगे. मैं अपनी पार्टी को एक हिंदुस्तानी नाम दूंगा जिसे हर कोई समझ सके."
पार्टी का रोड मैप क्या होगा, उस पर बोलते हुए आज़ाद ने कहा कि उनकी पार्टी जम्मू और कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा, भूमि का अधिकार और मूल निवासी को रोज़गार की बहाली पर ध्यान केंद्रित करेगी. आजाद ने रैली में कांग्रेस पर भी हमला बोलते हुए कहा, "पार्टी हमारे खून से बनी है, कंप्यूटर से नहीं, ट्विटर से नहीं."
इमेज स्रोत, MOHIT KANDHARI/BBC
"लोग हमें बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन उनकी पहुंच कंप्यूटर और ट्वीट तक सीमित है. यही वजह है कि कांग्रेस जमीन पर कहीं नजर नहीं आती."
ग़ुलाम नबी आज़ाद ने अपने भाषण में उन नेताओं को धन्यवाद किया, जिन्होंने उनका साथ दिया. ग़ुलाम नबी आज़ाद ने जनसभा में कांग्रेस के हल्ला बोल कार्यक्रम पर भी निशाना साधा.
इमेज स्रोत, MOHIT KANDHARI/BBC
उन्होंने कहा, "लोग अब बसों में जेल जाते हैं, वे डीजीपी, कमिश्नरों को बुलाते हैं, अपना नाम लिखवाते हैं और एक घंटे के भीतर चले जाते हैं. यही कारण है कि कांग्रेस विकसित नहीं हो पाई है."
ग़ुलाम नबी ने कहा कि उन्होंने पार्टी के लिए 50 सालों तक काम किया है. उन्होने कहा, "आज मैं कुछ नहीं हूं फिर भी राज्य की जनता से उन्हें इतना प्यार मिल रहा है. मेरी वजह से कई लोगों ने पार्टी से इस्तीफा दिया है. आप सभी का शुक्रिया अदा करता हूं जो आपने मुझे इतना प्यार और समर्थन दिया है."
इमेज स्रोत, MOHIT KANDHARI/BBC
ग़ुलाम नबी आज़ाद ने 26 अगस्त को कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दिया था. उन्होंने अपने इस्तीफ़े के बाद कहा था कि उन्हें उनका घर (कांग्रेस) छोड़ने के लिए मजबूर किया गया. उनके इस्तीफे के साथ ही एक के बाद एक कांग्रेस नेताओं के इस्तीफे आने शुरू हो गए.
जम्मू और कश्मीर पूर्व उपमुख्यमंत्री, आठ पूर्व मंत्री, एक पूर्व सांसद, नौ विधायकों के अलावा बड़ी संख्या में पंचायती राज संस्थान के सदस्यों ने पार्टी छोड़ दी है.
इमेज स्रोत, MOHIT KANDHARI/BBC
ब्रिटेन से बड़ी हुई भारत की अर्थव्यवस्था, लेकिन क्या ये ख़ुश होने की बात है?
इमेज स्रोत, Getty Images
भारत सकल घरेलू उत्पाद यानी (जीडीपी) के मामले में ब्रिटेन को पछाड़कर विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है.
ब्लूमबर्ग के ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक भारत ने मार्च 2022 के अंत में ब्रिटेन को पीछे छोड़ दिया. ब्लूमबर्ग ने ये निष्कर्ष अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ़) के आंकड़ों के आधार पर निकाला है.
ब्लूमबर्ग के मुताबिक इस साल मार्च के अंत में भारत की अर्थव्यवस्था 854.7 अरब डॉलर की थी जबकि ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था 816 अरब डॉलर की थी.
ब्लूमबर्ग के अनुमान के मुताबिक अगले कुछ सालों में भारत ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था से और भी आगे निकल जाएगा.
इसराइल के लिए जासूसी करने के आरोप में ग़ज़ा में दो फलस्तीनियों को मृत्यु दंड
इमेज स्रोत, Getty Images
ग़ज़ा पर नियंत्रण रखने वाले हमास चरमपंथियों ने रविवार सुबह को पांच फलस्तीनियों की हत्या कर दी.
इंटीरियर मिनिस्ट्री ने बताया कि इनमें से दो लोगों पर साल 2009 से 2015 के बीच इसराइल के लिए जासूसी करने का आरोप था.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, साल 2017 के बाद फलस्तीनी क्षेत्र में पहली लोगों की हत्याएं की गई हैं.
अतीत में ग़ज़ा में जब इस तरह से लोगों की हत्याएं की गई हैं तो मानवाधिकार समूहों ने इसकी आलोचना की है.
ग़ज़ा की इंटीरियर मिनिस्ट्री के बयान में मरने वालों की पहचान के बारे में विस्तार से कोई जानकारी नहीं दी गई है लेकिन इतना ज़रूर कहा गया है कि उनमें से तीन को हत्या के आरोप में दोषी ठहराया गया था और दो पर जासूसी के आरोप साबित हुए थे.
कथित रूप से जासूसी करने वाले लोगों ने इसराइल को ऐसी जानकारियां मुहैया कराई थीं जिनसे फलस्तीनी लोगों की जान ली गई.
इसराइल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने इस घटना पर अभी तक कोई टिप्पणी नहीं की है.
फलस्तीनी और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों ने इस मृत्यु दंड की सज़ा का विरोध किया है और हमास और फलस्तीनी प्राधिकरण से इस तरीके को ख़त्म करने की अपील की है.
ग़ज़ा के इलाके पर हमास और फलस्तीनी प्राधिकरण का शासन चलता है.
कांग्रेस की महंगाई पर हल्ला बोल रैली: राहुल गांधी बोले- बीजेपी और संघ के नेता नफरत पैदा करते हैं
इमेज स्रोत, ANI
"नफरत से लोग बंटते हैं, देश बंटता है, देश कमजोर होता है. बीजेपी-संघ के नेता देश को बांटते हैं, जानबूझकर देश में भय पैदा करते हैं, नफरत पैदा करते हैं. हिंदुस्तान में डर बढ़ता जा रहा है. किस चीज का डर- भविष्य का डर, महंगाई का डर, बेरोजगारी का डर. ये डर बढ़ता जा रहा है, इसके कारण हिंदुस्तान में नफरत बढ़ती जा रही है."
दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की महंगाई पर हल्ला बोल रैली के दौरान पार्टी नेता राहुल गांधी ने ये बातें कहीं.
उन्होंने कहा, "आप चले जाइए आज किसी भी दुकादार, मज़दूर और किसान से पूछ लीजिए कि यूपीए और आज के समय में क्या अंतर है. यूपीए के सरकार में 70 हज़ार करोड़ रुपये किसानों को दिए. नरेंद्र मोदी जी ने तीन काले क़ानून दिए. मज़दूरों के लिए यूपीए मनरेगा दिया. मोदी जी ने संसद में मनरेगा को लिए बोला ये बेकार है. आज उन्हें मनरेगा देना पड़ रहा है."
"हम ज़मीन अधिग्रहण क़ानून लाए और मोदी जी ने पहला काम उसे हटाने का काम किया. करोड़ों लोगों को हमने गरीबी से निकाला. मनरेगा, कर्ज़ा माफ़ी जैसे तरीक़ों से हमने लोगों को गरीबी से निकाला."
बिहार: रोहतास में आरजेडी नेता की गोली मार कर हत्या
इमेज स्रोत, Getty Images
बिहार के रोहतास जिले में राष्ट्रीय जनता दल के नेता विजेंद्र यादव की गोली मार कर हत्या कर दी गई है. यादव की हत्या करघर में निमिधारा के नजदीक हुई है.
कहा जा रहा है कि शनिवार को स्थानीय सहकारी समिति के अध्यक्ष विजेंद्र यादव खेती का काम देखने के लिए अपने खेतों की ओर जा रहे थे.
उसी वक्त बाइक सवार छह लोगों ने उन पर गोलियां बरसा दीं. यादव को दो गोलियां लगीं. एक गोली उनके सिर पर लगी और दूसरी गर्दन में. इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
हत्या के लिए पुरानी रंजिश को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक अभी तक किसी भी अभियुक्त को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने कहा है कि यादव पर पहले भी जानलेवा हमले हुए थे. हालांकि वो बच गए थे.
अग्निपथ योजना: गोरखा भर्ती पर भारतीय सेना प्रमुख से किन सवालों के जवाब चाहता है नेपाल?
इमेज स्रोत, ANI
भारतीय सेना के प्रमुख जनरल मनोज पांडे रविवार से पांच दिनों के आधिकारिक दौरे पर नेपाल में रहेंगे.
विशेषज्ञों का कहना है कि दोनों सेनाओं के बीच पारंपरिक मैत्रीपूर्ण संबंधों को मज़बूती देने के लिए काठमांडू आ रहे भारतीय सेना प्रमुख मनोज पांडे से भारतीय सेना में गोरखा भर्ती अभियान को लेकर मौजूदा भ्रम को स्पष्ट करने का नेपाल को मौका मिलेगा.
जनरल पांडे, नेपाल सेना के प्रमुख प्रभु राम शर्मा के निमंत्रण पर नेपाल पहुंच रहे हैं.
इस यात्रा के दौरान वह नेपाल की राष्ट्रपति विद्या देवी भंडारी और प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा सहित कई प्रमुख लोगों से मिलेंगे.
वह नेपाली सेना की मानद जनरल रैंक का सम्मान भी ग्रहण करेंगे. लेकिन सबकी नज़रें गोरखा भर्ती अभियान को लेकर मौजूदा भ्रम की स्थिति को दूर करने पर टिकी हैं.
FB Live: महंगाई के मुद्दे पर दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस का हल्ला बोल, ज़्यादा जानकारी के साथ अभिनव गोयल, कैमरा: जमशेद अली
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.
पोस्ट YouTube समाप्त
डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रपति बाइडन पर लगाया एफ़बीआई के गलत इस्तेमाल का आरोप
इमेज स्रोत, REUTERS
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका के
मौजूदा राष्ट्रपति को 'देश का दुश्मन' बताया है.
बीते महीने एफ़बीआई ने डोनाल्ड
ट्रंप के फ़्लोरिडा स्थित रेज़ॉर्ट पर छापेमारी की थी. इस छापेमारी के बाद यह पहला
मौक़ा है जब डोनाल्ड ट्रंप ने किसी रैली को संबोधित किया.
पेन्सिलवेनिया में अपने हज़ारों समर्थकों
को संबोधित करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने मौजूदा राष्ट्रपति जो बाइडन पर आरोप लगाते
हुए कहा कि वह उनके ख़िलाफ़ एफ़बीआई का इस्तेमाल कर रहे हैं.
इस रैली में ट्रंप ने दावा किया कि उनके ख़िलाफ़ एफ़बीआई को
हथियार की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है.
डोनाल्ड ट्रंप यहां रिपब्लिकन पार्टी के दो उम्मीदवारों को प्रमोट करने
के लिए आए हुए थे.
ट्रंप ने इस रैली में क़रीब दो घंटे तक भाषण दिया. उनके भाषण का एक बड़ा हिस्सा एफ़बीआई की आलोचना से जुड़ा हुआ ही था.
बीते महीने एफ़बीआई ने ट्रंप के रेज़ॉर्ट पर छापेमारी की थी
और वहां से कई दस्तावेज़ लेकर गई थी.
एफ़बीआई की यह छापेमारी ट्रंप ने राष्ट्रपति रहते हुए सरकारी दस्तावेज़ों को जिस तरह से संभाला था, उसकी जाँच से जुड़ी हुई थी.
पिछले साल अमेरिका के कैपिटल हिल में हुई हिंसा को लेकर भी ट्रंप एक संसदीय जाँच का सामना कर रहे हैं.
इस छापेमारी के बाद ट्रंप ने कहा था, "मैंने सभी ज़रूरी सरकारी एजेंसियों के साथ जाँच में सहयोग किया है. ऐसे में मेरे घर पर अघोषित रेड का कोई मतलब नहीं था. इस रेड में प्रक्रियागत खामी है. न्यायपालिका को अपने हिसाब से प्रभावित किया जा रहा है ताकि मैं 2024 का राष्ट्रपति चुनाव नहीं लड़ सकूं.''
राहुल गांधी ने 'हल्ला बोल' रैली में शामिल होने से पहले मोदी सरकार के ख़िलाफ़ किया ये ट्वीट
इमेज स्रोत, ANI
दिल्ली के
रामलीला मैदान में आज बढ़ती महंगाई के ख़िलाफ़ कांग्रेस 'हल्ला बोल' रैली कर रही है. इस रैली में कांग्रेस की सरकार वाले राज्यों से मुख्यमंत्री, अलग-अलग राज्यों से प्रभारी, बड़े नेता और बड़ी संख्या में समर्थक पहुंचे
हैं.
समाचार एजेंसी
एएनआई के मुताबिक इस रैली में शामिल होने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी
दिल्ली पहुंच गए हैं.
लेकिन, रैली में शामिल होने से पहले उन्होंने ट्वीट
करके मोदी सरकार पर निशाना साधा और लोगों की परेशानियों के लिए प्रधानमंत्री को
ज़िम्मेदार बताया.
राहुल गांधी ने
कहा, ''राजा मित्रों की कमाई में
व्यस्त, प्रजा महंगाई से त्रस्त.
आज, लोगों को ज़रूरत का सामान
खरीदने से पहले भी दस बार सोचना पड़ रहा है. इन तकलीफ़ों के लिए सिर्फ़
प्रधानमंत्री ज़िम्मेदार हैं. हम महंगाई के ख़िलाफ़ आवाज़ें जोड़ते जाएंगे,
राजा को सुनना ही पड़ेगा.''
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.
पोस्ट X समाप्त, 1
कांग्रेस पिछले कुछ समय से लगातार महंगाई का मुद्दा उठा रही है और इसे लेकर सरकार से सवाल पूछ रही है.
आज की हल्ला बोल रैली के बाद कांग्रेस सात सितंबर से 'भारत जोड़ो यात्रा' शुरू करने वाली है जो कन्याकुमारी से शुरू होगी और 150 दिनों बाद कश्मीर में जाकर ख़त्म होगी. इस पदयात्रा के ज़रिए 3570 किलोमीटर का सफ़र तय करने का कार्यक्रम बनाया गया है.
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.
पोस्ट X समाप्त, 2
झारखंड: निशिकांत दुबे की शिकायत पर डीसी देवघर के ख़िलाफ़ राजद्रोह का मामला दर्ज
इमेज स्रोत, Twitter/@DCDeoghar
इमेज कैप्शन, उपायुक्त देवघर मंजूनाथ भजंतरी
दिल्ली पुलिस ने उपायुक्त देवघर मंजूनाथ भजंतरी के ख़िलाफ़ ज़ीरो एफ़आईआर दर्ज की है
जिसमें राजद्रोह और सरकारी गोपनीयता क़ानून की धाराएं लगाई गई हैं.
डीसी देवघर और
कुछ अन्य पुलिस अधिकारियों के ख़िलाफ़ बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने शिकायत दर्ज
कराई है.
समाचार एजेंसी
पीटीआई के मुताबिक, ''ज़ीरो एफ़आईआर में
निशिकांत दुबे ने कहा है कि 31 अगस्त को वो और मनोज तिवारी दिल्ली के लिए फ्लाइट
लेने देवघर हवाईअड्डे पहुंचे थे.''
''हवाईअड्डे में शाम 5:25 बजे पहुंचने के बाद मैंने रात में उड़ान भरने या लैंड करने को लेकर
झारखंड हाईकोर्ट में चल रहे मामले पर एयरपोर्ट डायरेक्टर से पूछने का फ़ैसला किया.
मुझे झारखंड पुलिस अधिकारियों ने रोका और मेरे दो बेटों के साथ दुर्व्यवहार किया.
उन्होंने मुझे जान से मारने की धमकी दी और ये सब डीसी देवघर मंजूनाथ भजंतरी के
कहने पर किया. ''
इमेज स्रोत, ANI
इससे पहले झारखंड के देवघर एयरपोर्ट में कथित तौर पर सुरक्षा से खिलवाड़ के मामले में निशिकांत दुबे और मनोज तिवारी समेत नौ लोगों के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की गई थी. इस एफ़आईआर में निशिकांत दुबे के दो बेटों का नाम भी शामिल है. यह एफ़आईआर कुंडा थाने में दर्ज की गई है.
इन दोनों बीजेपी नेताओं और इनके साथ मौजूद लोगों पर एयरपोर्ट की एटीसी बिल्डिंग (एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल बिल्डिंग) में जबरन घुसने का आरोप है.
देवघर के एक अधिकारी की ओर से दर्ज शिकायत में इन लोगों पर, दबाव बनाकर जबरन एटीएस क्लीयरेंस लेने का भी आरोप है.
यह पूरा मामला बीजेपी सांसदों के झारखंड के दुमका जाने के साथ ही शुरू हुआ. निशिकांत दुबे और मनोज तिवारी कुछ अन्य लोगों के साथ 31 अगस्त को झारखंड के दुमका शहर जाने के लिए देवघर एयरपोर्ट उतरे थे.
निशिकांत दुबे और मनोज तिवारी 'एकतरफ़ा प्यार की शिकार हुई' अंकिता के परिवारवालों से मिलने पहुंचे थे. अंकिता के मोहल्ले में रहने वाले शाहरुख़ हुसैन नामक युवक ने इकतरफ़ा प्यार के नाम पर अंकिता पर पेट्रोल छिड़ककर उन्हें आग लगा दी थी.
दो दिन ज़िंदगी की जंग लड़ने के बाद 29 अगस्त को अंकिता की मौत हो गई.
बीजेपी के ये दोनों नेता अंकिता के परिवार से मिलने के लिए ही देवघर एयरपोर्ट पहुंचे थे. जहां से वे दुमका के लिए रवाना हो गए थे. उन पर देवघर से दिल्ली जाते हुए नियमों के उल्लंघन का आरोप लगा है.
गुलाम नबी आज़ाद की जम्मू में रैली, क्या करेंगे नई पार्टी की घोषणा?
....में
Author, मोहित कंधारी
पदनाम, जम्मू से बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज स्रोत, ANI
कांग्रेस पार्टी से नाता तोड़ने के बाद गुलाम नबी आज़ाद रविवार को पहली बार जम्मू में शक्ति प्रदर्शन कर अपने राजनितिक जीवन की नयी पारी की शुरुआत कर रहे हैं.
जम्मू एयरपोर्ट पर पहुँचते ही आज़ाद के समर्थकों ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया.
आज़ाद का काफ़िला एयरपोर्ट से सीधे रैली स्थल के लिए निकल गया है.
गुलाम नबी आज़ाद के साथ ढोल नगाड़ों की थाप पर नाचते-गाते उनके समर्थक भी चल रहे थे.
आज जनसभा को सम्बोधित करते हुए आज़ाद अपनी नयी पार्टी की घोषणा भी कर सकते हैं.
आज़ाद के समर्थन में कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देने वाले नेता, पूर्व मंत्री और विधायक अपने समर्थकों के साथ जनसभा को सफल बनाने के लिए जम्मू की सैनिक कॉलोनी में इकट्ठा हुए हैं.
इमेज स्रोत, FB/GM Saroori
गुलाम नबी आज़ाद ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफ़ा दे दिया है. उन्होंने इस्तीफ़ा देते हुए पांच पन्नों की एक चिट्ठी लिखी थी जिस पर काफ़ी विवाद हुआ.
उन्होंने चिट्ठी में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को पार्टी की असफ़लता के लिए ज़िम्मेदार ठहराया और पुराने नेताओं की उपेक्षा करने का आरोप लगाया.
इसके बाद आज़ाद ने किसी और दल के साथ गठबंधन करने की बजाय अपनी पार्टी बनाने की घोषणा कर दी थी. उनके बीजेपी में शामिल होने के कयास भी लगाए जा रहे थे.
आज़ाद के इस्तीफ़े के बाद कई पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री भी कांग्रेस छोड़ गुलाम नबी आज़ाद के समर्थन में आ गए.
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.
पोस्ट X समाप्त
योगी आदित्यनाथ ने यूपी में दंगों को लेकर कही बड़ी बात
इमेज स्रोत, GETTY IMAGES
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि राज्य में पिछले साढ़े पांच सालों
में कोई दंगा नहीं हुआ है, राज्य दंगा मुक्त बन गया है.
उन्होंने कहा कि
राज्य को बड़े स्तर पर निवेश मिल रहा है और रोज़गार बढ़ रहा है. अब
राज्य में हाईवे और एक्सप्रेस वे बन रहे हैं.
सीएम योगी ने
बिजनौर ज़िले में एक रैली को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं. समाचार एजेंसी
पीटीआई ने एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से लिखा कि सीएम योगी ने बिजनौर में 267 करोड़
रुपये की कई विकास परियोजनाएं शुरू कीं.
उन्होंने
एनसीआरबी की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा, ''पिछले पांच सालों में यूपी में कोई दंगा नहीं
हुआ है. दंगा मुक्त उत्तर प्रदेश बन चुका है, अपराध मुक्त उत्तर प्रदेश बन चुका है.''
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.
पोस्ट X समाप्त
उन्होंने कहा कि क़ानून-व्यवस्था बेहतर होने से राज्य में निवेश बढ़ा है और नौकरियां पैदा हुई हैं.
अपराध के लिए ज़ीरो टॉलरेंस पर ज़ोर देते हुए उन्होंने कहा कि उनकी सरकार कारोबारियों और उद्यमियों की सुरक्षा में सेंध नहीं लगने देगी.
सीएम ने कहा कि राज्य एक ज़िले में एक मेडिकल कॉलेज के लक्ष्य को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है. सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और रोज़गार सृजन जैसे कई क्षेत्रों में विकास कार्य कर रही है.
अपने संबोधन में उन्होंने बिजनौर को उत्तराखंड के ज़िलों से जोड़ती सड़क परियोजनाओं पर बात की. साथ ही बताया कि सरकार नगीना-काशीपुर-हरिद्वार सड़क परियोजना के लिए फंड जारी करने वाली है.
ग़ुलाम नबी आज़ाद कश्मीर के लिए बीजेपी के खांचे में कितने फ़िट?
इमेज स्रोत, Getty Images
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के क़द्दावर नेता ग़ुलाम नबी आज़ाद ने पार्टी छोड़कर जम्मू-कश्मीर की राजनीति में वापसी का एलान करके भारतीय जनता पार्टी के कश्मीर एजेंडा में परिवर्तन की अटकलों को जन्म दे दिया है.
टीकाकारों का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ निकटता और कश्मीर से संबंधित स्पष्ट और राष्ट्रवादी विचार रखने वाले आज़ाद ने अगर नया राजनीतिक मोर्चा बनाया और बीजेपी के साथ कोई परोक्ष या प्रत्यक्ष समझौता किया, तो बीजेपी जम्मू-कश्मीर में हिंदू मुख्यमंत्री बनाने की पुरानी मांग छोड़ भी सकती है.
आज़ाद के कांग्रेस छोड़ने का एलान करते ही उनके समर्थन में अब तक 100 से ज़्यादा कश्मीरी नेता पार्टी छोड़ चुके हैं और आज़ाद जल्द ही अपनी पार्टी की घोषणा कर सकते हैं.
ग़ुलाम नबी आज़ाद की जम्मू-कश्मीर में राजनीति और दूसरे दलों पर इसके प्रभाव पर पढ़ें ये लेख...
झारखंड में एक आदिवासी लड़की की हत्या के बाद सियासत हुई तेज़
....में
Author, रवि प्रकाश
पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए, रांची से
झारखंड के दुमका ज़िले में 14 साल की एक
आदिवासी लड़की की हत्या कर उसकी लाश पेड़ से लटकाने के मामले में अभियुक्त को पुलिस ने
गिरफ़्तार कर लिया है.
पुलिस का कहना है
कि इस मामले को आत्महत्या का रूप देने की मंशा से लाश को एक पेड़ से लटका दिया गया
था.
दुमका के डीआइजी
एसपी मंडल ने इसकी पुष्टि की है.
उन्होंने कहा, ''पुलिस की शुरुआती जाँच में पता चला है कि मृतका और उसकी हत्या का अभियुक्त युवक पहले
से परिचित थे. लड़की उस युवक से शादी करना चाहती थी. कई और बातें भी हमारी जानकारी
में आई हैं. इसलिए पुलिस ने लड़की की मां के बयान पर हत्या, बलात्कार और पोक्सो एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट
दर्ज किया है. हमने अभियुक्त युवक को गिरफ़्तार कर लिया है. उससे कड़ी पूछताछ की
गई है.''
मृतका की मां ने
स्थानीय मीडिया से कहा, ''मेरी लड़की मज़दूर थी. उसके साथ काम करने वाले एक राज
मिस्त्री अरमान अंसारी ने शादी का प्रलोभन देकर उसका बलात्कार किया. इस कारण वो
गर्भवती हो गई थी. इसके बाद शादी का दबाव बनाने के कारण अरमान ने मेरी बेटी की
हत्या कर दी.''
इस घटना के बाद
राज्य में सियासी बयानबाज़ी शुरू हो गई है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और बीजेपी
विधायक दल के नेता व पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने इस संबंधित ट्वीट किए
हैं.
मुख्यमंत्री
हेमंत सोरेन ने लिखा है, ''दुमका में हुई घटना से मर्माहत हूं. उक्त मामले में
आरोपी को गिरफ़्तार कर लिया गया है साथ ही मैंने दुमका पुलिस को न्याय सुनिश्चित करने हेतु सख़्त कानूनी कदम
उठाने का निर्देश दिया है. परमात्मा दिवंगत बिटिया को शांति प्रदान करे और शोकाकुल
परिवार को यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दे.''
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.
पोस्ट X समाप्त
इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने ट्वीट किया, ''दुमका से यह खबर खून खौला देने वाली है. आरोप है कि इस आदिवासी युवती को कल अरमान अंसारी नाम के युवक ने बलात्कार के बाद हत्या कर पेड़ पर लटका दिया है? अरमान की गिरफ़्तारी हो गई है और कितनी आदिवासी युवतियां ऐसे दरिंदों का शिकार होगी झारखंड में?''
उन्होंने कई और ट्वीट्स किए हैं. इस कारण पहले से ही क़ायम सियासी हलचल के बीच यह मुद्दा चर्चा में आ गया है.
इमेज स्रोत, Tweet/@yourBabulal
इससे कुछ ही दिन पहले दुमका में ही एक युवती को इकतरफ़ा प्यार में जलाकर मार डाला गया था. पुलिस उस मामले में भी दो लोगों को गिरफ़्तार करने के बाद चार्जशीट की तैयारी कर रही है.
नीतीश कुमार का 2024 चुनावों के लिए दावा, बताया बीजेपी को मिलेंगी कितनी सीटें
इमेज स्रोत, GETTY IMAGES
बिहार के
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को दावा किया कि अगर विपक्ष साथ मिलकर लड़े तो
2024 के चुनाव में बीजेपी 50 सीटों पर सिमट जाएगी.
नीतीश कुमार ने
कहा, ''मैं इसी अभियान पर काम कर रहा हूं. विभिन्न
राजनीतिक दलों के नेताओं से मेरी बात हुई है. इसी सिलसिले में जल्द ही दिल्ली भी
जाऊंगा.''
उन्होंने कहा, ''ललन सिंह तो 150 सीट बोल रहे हैं लेकिन बीजेपी
50 के अंदर सिमट जाएगी.''
मुख्यमंत्री
शनिवार को जदयू की राज्य कार्यकारिणी
की बैठक में बोल रहे थे.
बिहार में जदयू
और बीजेपी का गठबंधन टूटने के बाद दोनों दलों के बीच टकराव बना हुआ है. जदयू ने
राजद के साथ मिलकर राज्य में सरकार बनाई है.
नीतीश कुमार पांच
सितंबर को दिल्ली की दो दिवसीय यात्रा पर जाने वाले हैं जिसमें वो अलग-अलग दलों के
नेताओं से मिलेंगे.
इससे पहले मणिपुर
में जदयू के छह में से पांच विधायक बीजेपी में शामिल हो गए थे. वहीं, अरुणाचल प्रदेश से भी एकमात्र जदयू विधायक
बीजेपी में चले गए थे.
इसे लेकर नीतीश
कुमार ने कहा, ''जब हम एनडीए में थे तो
उन्होंने (बीजेपी) हमारे विधायकों को कुछ नहीं दिया. लेकिन, अब उन्हें मिल गया है.''
उन्होंने कहा, ''देश संकट से गुज़र रहा है. केंद्र ने
लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक मानदंडों का उल्लंघन किया है और अधिनायकवाद की
ओर बढ़ रहा है. लोगों की समस्याओं की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है.''
कार्यकारिणी की
बैठक में दो प्रस्ताव भी पास किए गए. एक प्रस्ताव में विपक्षी एकता के लिए काम
करने के लिए नीतीश कुमार को अधिकृत किया गया और दूसरे प्रस्ताव में देश में अघोषित
आपातकाल की बात कही गई.
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.
पोस्ट X समाप्त
कांग्रेस नेता राज बब्बर ने पीएम मोदी की तारीफ़ में क्या कहा
इमेज स्रोत, ANI
कांग्रेन नेता
राज बब्बर ने बीजेपी सरकार की 'प्रधानमंत्री जन धन योजना' की तारीफ़ करते हुए ट्वीट किया है.
इस ट्वीट में उन्होंने मौजूदा सरकार की मनमोहन सरकार से तुलना भी की है.
राज बब्बर ने
लिखा, ''पीएम जन धन योजना PMJDY
ने 8 साल पूरे कर लिए. लोगों तक पैसा और मदद सीधे
बिना किसी के दख़ल के पहुंचे ये क्रांति है. आधी से ज़्यादा अकॉउंट धारक महिलाएं
हैं. ऐसी योजना 'आपका पैसा आपके
हाथ' के नाम पर मनमोहन सरकार
में भी शुरू हुई थी. मौजूदा सरकार ने कार्यन्वयन यक़ीनन बेहतर किया.''
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.
पोस्ट X समाप्त
राज बब्बर लंबे समय से कांग्रेस पार्टी से जुड़े हुए हैं. वो सांसद और राज्यसभा सदस्य रह चुके हैं. वह यूपी कांग्रेस के प्रभारी भी रहे हैं. लेकिन, फिलहाल कांग्रेस में राज बब्बर किसी अहम भूमिका में नज़र नहीं आते हैं.
राज बब्बर उस जी-23 समूह का भी हिस्सा रहे हैं जिसने कांग्रेस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए चिट्ठी लिखी थी. इस समूह के दो नेता गुलाम नबी आज़ाद और कपिल सिब्बल कांग्रेस छोड़ चुके हैं.
गुलाम नबी आज़ाद ने कांग्रेस से इस्तीफ़ा देते हुए राहुल गांधी को पार्टी की असफलता का ज़िम्मेदार ठहराया था.
पिछले साल फरवरी में राज बब्बर ने जी-23 समूह को लेकर कहा था, ''लोग इसे जी-23 कहते हैं, मैं इसे 23 कहता हूं. महात्मा गांधी के जिस विश्वास और सोच के साथ देश के क़ानून और संविधान बनाए गए थे, कांग्रेस को उन्हें आगे ले जाना चाहिए.''
वहीं, उत्तर प्रदेश चुनाव से पहले राज बब्बर की समाजवादी पार्टी में वापसी करने की अटकलें लगाई गई थीं. उस दौरान कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह भी कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे.
यूक्रेन की फ़र्स्ट लेडी ब्रिटेन पर बोलीं- आप सिक्के गिन रहे हो लेकिन हम लाशें गिन रहे हैं
इमेज स्रोत, UKRAINIAN PRESIDENCY
इमेज कैप्शन, यूक्रेन की फर्स्ट लेडी ओलेना ज़ेलेंस्की
यूक्रेन की
फ़र्स्ट लेडी और राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की की पत्नी ओलेना ज़ेलेंस्की ने
ब्रिटेन को दो टूक जवाब देते हुए कहा है कि वो पेनी (सिक्के) गिन रहे हैं और यूक्रेन लाशों की संख्या गिनता है.
बीबीसी प्रेजेंटर
लॉरा कुंसबर्ग के साथ साक्षात्कार में उन्होंने रूस-यूक्रेन युद्ध के चलते उसके
सहयोगियों पर पड़ रहे प्रभाव को लेकर जवाब दिया है.
यूक्रेन की
राजधानी कीएव में हुए इस साक्षात्कार में ओलेना ज़ेलेंस्की से पूछा गया था कि ब्रिटेन में ऊर्जा के बढ़ते दामों के कारण लोगों के सामने
बहुत कम विकल्प हैं जो मुश्किलें बढ़ा रहा है. आप वहां से हमें देख रहे लोगों से
क्या कहेंगी जिन्हें आपके लोगों के साथ जो हो रहा है उसका दुख है लेकिन अपने बिल
चुकाने को लेकर चिंताएं भी हैं?
इस पर ओलेना ज़ेलेंस्की ने कहा, ''मैं समझती हूं कि स्थितियां बहुत मुश्किल हैं. लेकिन, कोविड-19 महामारी के दौरान, जो अब भी बनी हुई है, जब महंगाई बढ़ी थी तो यूक्रेन भी उससे प्रभावित हुआ था. यूक्रेन में अब भी दाम बढ़ रहे हैं लेकिन यहां लोग भी मर रहे हैं. तो जब आप अपने बैंक अकाउंट या जेब में पेनी गिनना शुरू करते हैं तो हम भी यही करते हैं लेकिन हम अपने लाशों की संख्या गिनते हैं.''
उन्होंने कहा, ''इन दिनों एक महिला ख़ारकीएव में पार्क में घूमते हुए मारी गई. कई लोग घायल हुए हैं. अगर सहयोग मज़बूत होगा तो ये स्थितियां कम समय तक रहेंगी.''
ओलेना ज़ेलेंस्की ने इस बात पर ज़ोर दिया कि युद्ध से हो रहे ज़िंदगियों के नुक़सान को सामने लाते रहना ज़रूरी है.
इससे पहले यूक्रेन की यात्रा पर गए प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा था कि यूरोप में परिवारों को जीवनयापन की लागत के संकट को सहना होगा और रूस के आक्रमण के ख़िलाफ़ यूक्रेन के साथ खड़े रहना होगा.
ब्रिटेन में इस साल महंगाई दर पिछले 42 सालों में सबसे ज़्यादा 13.3 प्रतिशत रहने का अनुमान है.
वहीं, देश की अर्थव्यवस्था एक साल से ज़्यादा समय तक सिकुड़ सकती है. बैंक ऑफ़ इंग्लैंड का कहना है कि महंगाई बढ़ने और वृद्धि कम होने का मुख्य कारण ऊर्जा के बढ़ते दाम हैं.
नासा का चंद्रमा मिशन दूसरी बार टला, अब क्या आई ख़राबी?
अमेरिकी अंतरिक्ष
एजेंसी नासा का चांद पर रॉकेट भेजने का आर्टेमिस 1 अभियान दोबारा स्थगित हो गया है जिससे कि इसके
लॉन्च का समय और लंबा हो गया है.
शनिवार को रॉकेट लॉन्च करने की कोशिश की गई लेकिन
ईंधन रिसाव के कारण ये अभियान स्थगित हो गया.
इंजीनियर्स अब
रॉकेट की जांच करना चाहते हैं और इसमें होने वाली मरम्मत अब लॉन्च पैड के बजाए
वर्कशॉप में की जा सकती है. इस पूरी प्रक्रिया में कई हफ़्तों का समय लग सकता है.
ऐसे में अक्टूबर
मध्य तक ही तीसरी बार लॉन्च की कोशिश करना संभव हो सकता है.
स्पेस लॉन्च
सिस्टम (एसएलएस) नासा का अब तक विकसित किया गया सबसे ताकतवर रॉकेट है. इसे 50 सालों बाद चांद पर अंतरिक्ष यात्री और उपकरण
भेजने के लिए बनाया गया है.
इस रॉकेट को
लॉन्च करने के लिए लॉन्च व्हीकल के चार बड़े इंजनों में 30 लाख लीटर अत्यधिक ठंडा तरल हाइड्रोजन और
ऑक्सीजन से पैदा होने वाली ऊर्जा की ज़रूरत होती है.
लेकिन, शनिवार सुबह जब रॉकेट के हाइड्रोजन टैंक को
भरने की कमांड दी गई तो ईंधन रिसने के कारण एक अलार्म बजने लगा. जहां से हाइड्रोजन
भरी जा रही थी समस्या वहां पाई गई है. उसे तुरंत ठीक करने की भी कोशिश की गई लेकिन
सफलता नहीं मिली.
नासा ने इससे
पहले सोमवार को भी रॉकेट लॉन्च करने की कोशिश की थी. लेकिन, ये भी सफल नहीं हो सका क्योंकि इसके चार इंजनों
में तापमान ठीक नहीं पाया गया था. लेकिन, बाद के विश्लेषण से पता चला कि एक सेंसर से ग़लत जानकारी मिल रही थी. चारों इंजन
पूरी तरह लॉन्च होने की स्थिति में थे.
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.
पोस्ट X समाप्त
नमस्कार!
बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया.
हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे.
यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 2 सितंबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिककर सकते हैं.