You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

IndvsPak: भारत की पाकिस्तान पर रोमांचक जीत, हार्दिक- जडेजा चमके

भारत ने एशिया कप के अपने पहले मुक़ाबले में पाकिस्तान को पांच विकेट से हरा दिया. भारत ने दो गेंद बाकी रहते जीत हासिल की

लाइव कवरेज

चंदन शर्मा and अभिनव गोयल

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, #IndVsPak: भारत की पाकिस्तान पर रोमांचक जीत, हार्दिक- जडेजा ने दिखाया बल्ले का दम

    भारत ने एशिया कप के अपने पहले मैच में पाकिस्तान को पांच विकेट से हरा दिया. आखिरी ओवर तक रोमांचक रहे मुक़ाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान से मिले 148 रन का लक्ष्य दो गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया.

    भारत को आखिरी ओवर में जीत के लिए सात रन बनाने थे. पहली ही गेंद पर मोहम्मद नवाज़ ने रवींद्र जडेजा को बोल्ड कर दिया.

    दूसरी गेंद पर दिनेश कार्तिक ने एक रन लिया लेकिन तीसरी गेंद पर हार्दिक पांड्या कोई रन नहीं बना सके. अब तीन गेंद में छह रन बनाने थे. चौथी गेंद पर हार्दिक ने छक्का जमाकर मैच भारत की झोली में डाल दिया.

    हार्दिक 17 गेंद में 33 रन बनाकर नाबाद रहे. उन्होंने चार चौके और एक छक्का जमाया.

    भारत के लिए जडेजा और विराट कोहली ने 35- 35 रन बनाए.

    भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही. पहला मैच खेल रहे नसीम शाह ने केएल राहुल को दूसरी ही गेंद पर बोल्ड कर दिया. वो खाता भी नहीं खोल पाए.

    दो गेंद बाद विराट कोहली भी पैवेलियन लौट गए होते लेकिन फखर ज़मां कैच नहीं पकड़ पाए. पहले ओवर में भारतीय टीम के खाते में सिर्फ़ तीन रन जुड़े.

    सौवां ट्वेंटी-20 मैच खेल रहे विराट कोहली ने दूसरे ओवर में एक चौका जमाया और चौथे ओवर में हैरिस राउफ की गेंद पर विकेट कीपर के सिर के ऊपर से छक्का जड़ दिया.

    अगले ओवर में कोहली ने शाहनवाज़ दहानी की गेंद पर चौका जड़ा. कोहली ने छठे ओवर में राउफ की गेंद को बाउंड्री के बाहर भेजा. छह ओवर के बाद भारत का स्कोर था एक विकेट पर 38 रन.

    सातवें ओवर में पाकिस्तान के कप्तान ने शादाब खान को गेंद थमाई. इस ओवर में तीन रन बने. आठवें ओवर में मोहम्मद नवाज़ मोर्चे पर थे. इस ओवर में कप्तान रोहित शर्मा ने तीसरी गेंद पर छक्का जमाया और भारत के 50 रन पूरे हो गए. लेकिन एक गेंद बाद नवाज़ ने रोहित को इफ़्तिखार अहमद के हाथों कैच करा दिया.

    भारतीय कप्तान ने 18 गेंद में 12 रन बनाए. नवाज़ ने अगले ओवर में विराट कोहली को भी आउट कर दिया. विराट ने 34 गेंद में 35 रन बनाए. तीसरा विकेट गिरा तो स्कोर था 53 रन. जीत 95 रन दूर थी और भारतीय टीम मुश्किल में दिखने लगी.

    जडेजा - हार्दिक का जलवा

    चौथे नंबर पर बल्लेबाज़ी के लिए आए रवींद्र जडेजा ने नवाज़ पर छक्का जड़कर दबाव कम करने की कोशिश की. 10 ओवर के बाद भारत का स्कोर था तीन विकेट पर 62 रन.

    जडेजा का साथ निभाने आए सूर्यकुमार यादव ने शादाब ख़ान की गेंद पर चौका जमाकर लय में होने संकेत दिया.

    हालांकि वो बड़ी पारी नहीं खेल सके और 15वें ओवर की दूसरी गेंद पर नसीम शाह ने उन्हें बोल्ड कर दिया. उन्होंने 18 गेंद पर 18 रन बनाए. 15 ओवर के बाद भारत का स्कोर था चार विकेट पर 97 रन. जीत के लिए 51 रन की ज़रूरत थी.

    टीम की उम्मीदें जडेजा और हार्दिक पटेल की जोड़ी पर थी. भारत को आखिरी तीन ओवर में जीत के लिए 32 रन बनाने थे.

    नसीम शाह ने 18वें ओवर की शुरुआत वाइड से की. अगली गेंद पर जडेजा ने चौका जमाया. नसीम क्रैंप से परेशान थे लेकिन वो संघर्ष में जुटे थे.

    चौथी गेंद पर रिव्यू के जरिए आउट होने से बचे जडेजा ने पांचवीं गेंद पर छक्का जमाया. भारत को आखिरी दो ओवर में 21 रन बनाने थे.

    19वें ओवर में रउफ की तीसरी गेंद पर हार्दिक पांड्या ने चौका जमाया. अगली गेंद पर उन्होंने एक और चौका जड़ा. ओवर की आखिरी गेंद पर हार्दिक ने एक और चौका जमाया.

    भारत को आखिरी छह गेंद में जीत के लिए सात रन बनाने थे. 20वें ओवर की पहली गेंद पर जडेजा को मोहम्मद नवाज़ ने बोल्ड कर दिया. लेकिन हार्दिक रुकने को तैयार नहीं थे. चौथी गेंद पर छक्का जमाकर उन्होंने भारत को जीत दिला दी.

    हार्दिक के इस अंदाज़ पर दिल्ली ट्रैफ़िक पुलिस ने अपने ट्विटर हैंडल से दिलचस्प ट्वीट किया, "पाकिस्तान आपको रुकना पड़ेगा... रेड लाइट है. टीम इंडिया हार्दिक बधाइयां."

    हार्दिक को मैन ऑफ़ द मैच चुना गया.

    पाकिस्तान की पारी

    इसके पहले भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पाकिस्तान को बल्लेबाज़ी के लिए बुलाया. पाकिस्तान टीम 19.5 ओवर में 147 रन के स्कोर पर ऑलआउट हो गई.

    पाकिस्तान के लिए मोहम्मद रिज़वान ने 43 और इफ़्तिख़ार अहमद ने 28 रन बनाए. पाकिस्तान के कप्तान बाबर आज़म बड़ी पारी नहीं खेल सके. वो 10 रन बना पाए.

    भारत के लिए भुवनेश्वर कुमार ने 26 रन देकर चार विकेट लिए. हार्दिक पांड्या ने 25 रन देकर तीन विकेट हासिल किए. अर्शदीप सिंह ने दो और आवेश ख़ान ने एक विकेट लिया.

    भारत और पाकिस्तान ग्रुप ए में हैं. भारत का अगला मैच 31 अगस्त को हॉन्ग कॉन्ग के ख़िलाफ़ है.

  2. चीन से तनाव के बीच अमेरिका के दो युद्धपोत ताइवान के आसपास

    अमेरिका के दो युद्धपोत ताइवान जलडमरूमध्य से गुजर रहे हैं.

    ताइवान और चीन के बीच हालिया तनाव के बाद पहली बार अमेरिकी नौसेना के ये दो युद्धपोत यहां से गुजर रहे हैं.

    अमेरिका और दूसरे पश्चिमी देशों की नौसेना के युद्धपोत इस मार्ग से गुजरते रहे हैं लेकिन ताइवान और चीन के बीच जारी तनाव के दौरान अमेरिकी नौसेना के युद्पोत पहली बार यहां से गुजर रहे हैं.

    अगस्त की शुरुआत में अमेरिकी कांग्रेस की स्पीकर नैंसी पलोसी के ताइवान दौरे से चीन खफा हो गया था.

    इसके बाद इसने ताइवान के आसपास के इलाके से मिलिट्री ड्रील शुरू कर दी थी.

    रविवार को ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि इसने 23 चीन विमानों को पता लगाया है. इसके अलावा चीन के आठ समुद्री जहाज भी ताइवानी इलाके के आसपास गश्त कर रहे हैं.

    अमेरिका ने कहा है कि इसके दो गाइडेड मिसाइल क्रूजर यूएसएस एंटीटेम और यूएसएस चासंलर विले समुद्र में अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग में आने-जाने की आजादी का प्रदर्शन कर रहे हैं. लेकिन चीन इसे उकसाने वाली कार्रवाई मान रहा है. उसका कहना है कि ताइवान द्वीप इसका अभिन्न हिस्सा है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक रविवार को उसने कहा कि वह इन दो युद्धपोतों पर नजर बनाए हुए है. अगर कोई भड़काने वाली कार्रवाई हुई तो वह इसका जवाब देगा.

  3. ब्रेकिंग न्यूज़, #IndVsPak : पाकिस्तान ने भारत को दी 148 रन की चुनौती, भुवनेश्वर ने लिए चार विकेट

    पाकिस्तान ने एशिया कप में भारत को जीत के लिए 148 रन की चुनौती दी है. पाकिस्तान की टीम 19.5 ओवर में 147 रन पर ऑल आउट हो गई.

    पाकिस्तान के लिए मोहम्मद रिज़वान ने 43 रन बनाए. भारत के लिए भुवनेश्वर कुमार ने चार और हार्दिक पांड्या ने तीन विकेट लिए.

    टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर गेंदबाज़ी चुनी. भुवनेश्वर कुमार ने तीसरे ही ओवर में पाकिस्तान के कप्तान बाबर आज़म को आउट कर दिया. बाबर ने नौ गेंदों में दो चौकों की मदद से 10 रन बनाए.

    पहला विकेट गिरा तो पाकिस्तान का स्कोर था 15 रन. इसके बाद मोहम्मद रिज़वान और फखर ज़मां ने दूसरे विकेट के लिए 27 रन जोड़े.

    छठे ओवर की पांचवीं गेंद पर आवेश ख़ान ने फखर ज़मां को आउट कर दिया. फखर ने भी 10 रन बनाए.

    पहले ही ओवर में अंपायर के फ़ैसले पर रिव्यू लेकर विकेट बचाने वाले मोहम्मद रिज़वान एक छोर थामे हुए थे और रन बनाने का हर मौका भी भुना रहे थे. आवेश ख़ान के पहले ओवर में उन्होंने लगातार गेंदों पर एक छक्का और एक चौका जड़ा.

    दूसरे छोर पर इफ़्तिख़ार अहमद के रूप में भरोसेमंद साथी मिला. सातवें ओवर की पांचवीं गेंद पर पाकिस्तान पारी के 50 रन पूरे हो गए.

    दस ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर था दो विकेट पर 68 रन.

    हार्दिक का कमाल

    भारत को तीसरी कामयाबी 13वें ओवर में हार्दिक पांड्या ने दिलाई. उन्होंने इफ़्तिखार को दिनेश कार्तिक के हाथों कैच कराया. इफ़्तिख़ार ने 22 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 28 रन बनाए.

    हार्दिक पांड्या ने अपने अगले ओवर में मोहम्मद रिज़वान को भी आउट कर दिया. रिज़वान ने 42 गेंदों में 43 रन बनाए. उन्होंने चार चौके और एक छक्का जमाया. दो गेंद बाद उन्होंने खुशदिल शाह को रवींद्र जडेजा के हाथों कैच करा दिया. शाह ने दो रन बनाए. पांचवां विकेट गिरा तो पाकिस्तान का स्कोर था 97 रन.

    पाकिस्तान टीम ने 15वें ओवर में सौ रन पूरे कर लिए. 17वें ओवर में आसिफ अली को आउटकर भुवनेश्वर कुमार ने पाकिस्तान को छठा झटका दिया. आसिफ ने नौ रन बनाए.

    18वें ओवर की पहली ही गेंद पर अर्शदीप सिंह ने मोहम्मद नवाज़ को आउट कर दिया. उन्होंने एक रन बनाया.

    19वें ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने पाकिस्तान को आठवां झटका दिया. शादाब 10 रन बनाकर उनका शिकार बने. अगली गेंद पर भुवनेश्वर ने नसीम शाह को आउट कर दिया. वो खाता भी नहीं खोल पाए.

    20वें ओवर की पहली चार गेंदों पर पाकिस्तान के बल्लेबाज़ों ने 11 रन जुटाए. पांचवीं गेंद पर अर्शदीप ने शाहनवाज़ दहानी का विकेट लेकर पाकिस्तान टीम को ऑल आउट कर दिया.

    भारत और पाकिस्तान ग्रुप ए में हैं. भारत का अगला मैच 31 अगस्त को हॉन्ग कॉन्ग के ख़िलाफ़ है. शाहनवाज़ ने छह गेंद पर 16 रन बनाए.

  4. पंजाब में लंपी वायरस से दूध उत्पादन में 20 प्रतिशत तक गिरावट

    पंजाब में लंपी वायरस के बढ़ते प्रकोप के बीच डेयरी किसानों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ प्रोग्रेसिव डेयरी फार्मर्स एसोसिएशन (पीडीएफए) ने रविवार को बताया कि प्रदेश में होने वाले कुल दूध उत्पादन में 15-20 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है.

    लंपी वायरस एक संक्रामक रोग है जो मवेशियों, विशेषकर गायों को प्रभावित करता है. इससे मवेशियों की जान भी जा सकती है. ऐसे में छोटे और मध्यम डेयरी किसान, जिनकी आजीविका इन्हीं मवेशियों पर टिकी है, वो सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं.

    राज्य में पशुपालन विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़े बताते हैं कि अब तक कुल 1 लाख 26 हज़ार मवेशी लंपी वायरस (एलएसडी) से प्रभावित हुए हैं, जबकि संक्रामक बीमारी के कारण अब तक 10 हजार से अधिक जानवरों की मौत हो चुकी है.

    हालांकि प्रोग्रेसिव डेयरी फार्मर्स एसोसिएशन का दावा है कि जुलाई से लेकर अब तक पंजाब में एक लाख से ज़्यादा मवेशियों की जान गई है.

    इस बीमारी में मवेशी के शरीर पर गाँठें बन जाती हैं और मक्खी-मच्छर जब इस पर बैठते हैं, तो यही इस बीमारी को अन्य स्वस्थ पशुओं में ट्रांसफ़र कर देते हैं.

  5. नोएडा ट्विन टावर: अवैध निर्माण के लिए यूपी बीजेपी अध्यक्ष ने समाजवादी पार्टी को बताया जिम्मेदार

    नोएडा में ट्विन टावर को तोड़े जाने के बाद उत्तर प्रदेश के बीजेपी अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि भ्रष्टाचार की इमारत ढह गई है.

    उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव और उस समय की हर अथॉरिटी को इस तरह के अवैध निर्माण पर जवाब देना चाहिए. मुझे यकीन है कि ये सभी अवैध निर्माण उस समय की समाजवादी पार्टी की सरकार के संरक्षण में हुए हैं.

    सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद आज दोपहर 2.30 बजे करीब 100 मीटर ऊंचे एपेक्स और सेयेन टावरों को गिरा दिया गया.

    सुप्रीम कोर्ट ने एमराल्ड कोर्ट परिसर के अंदर इन दो टावरों के निर्माण में मानदंडों का उल्लंघन पाया था. टावरों को ध्वस्त करने में 3700 किलोग्राम से अधिक विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया.

    ट्विन टावर गिराने जाने के बाद सुपरटेक ने बयान जारी कर करीब 500 करोड़ के नुकसान की बात कही है.

  6. नोएडा के ट्विन टावर: जानिए साल 2004 के बाद क्या-क्या हुआ, जो ऐसी नौबत आई

    नोएडा के सेक्टर 93ए में स्थित विवादास्पद ट्विन टावर को आज दोपहर 2.30 बजे गिरा दिया गया. पलक झपकते ही 30 और 32 मंजिली टावर धूल और मलबे में तब्दील हो गए.

    ट्विन टावर गिराने जाने के बाद सुपरटेक ने बयान जारी कर करीब 500 करोड़ के नुकसान की बात कही है.

    कब क्या क्या हुआ-

    2004: सुपरटेक को नोएडा के सेक्टर 93ए में नोएडा अथॉरिटी ने एक आवास परियोजना के विकास के लिए भूमि आवंटित की थी, जिसके बाद 'एमराल्ड कोर्ट' सोसायटी पर काम शुरू हुआ.

    2005: में एमराल्ड कोर्ट के हाउसिंग प्रोजेक्ट को नोएडा अथॉरिटी ने मंजूरी दी. इसमें सुपरटेक को दस मंजिला 14 आवासीय टावर बनाने की अनुमति दी गई थी.

    2006: सुपरटेक ने प्रोजेक्ट के लिए और जमीन की मांग की और नोएडा अथॉरिटी से अप्रूवल ले लिया. एक और आवासीय टावर को जोड़ने के लिए प्लान में संशोधन किया गया. संशोधन के बाद अब कुल 15 आवासीय टावर थे, जिसमें एस्टर 1 से 8, एस्पायर 1 से 4 और एम्परर 1 से 3 शामिल थे.

    2009: सुपरटेक ने एक बार फिर से सोसाइटी बनाने की योजना को संशोधित किया. इस बार दो और 24 मंजिला टावर एपेक्स और सेयेन जोड़े गए और तुरंत निर्माण शुरू कर दिया. सोसाइटी में रहने वाले कुछ लोगों ने बिल्डिंग को बनाने के मानदंडों के उल्लंघन का हवाला देते हुए इसका विरोध किया. उस समय एमराल्ड कोर्ट में करीब 40 से 50 लोग ही रह रहे थे.

    2012: बिल्डर ने एपेक्स और सेयेन टावर में मंजिलों की संख्या को 24 से बढ़ाकर 40 करने के लिए संशोधित किया. इस समय निर्माण जोरो पर था.

    दिसंबर 2012: एमराल्ड कोर्ट रेजिडेंट्स एसोसिएशन ने इलाहाबाद हाई कोर्ट का रुख किया. परिसर में रहने वालों लोगों ने कोर्ट में लोगों की सहमति, इमारतों के बीच कम से कम 16 मीटर की दूरी और ग्रीन क्षेत्र में बनाए जा रहे टावर जैसे नियमों के उल्लंघन का हवाला दिया.

    2014: इलाहाबाद हाई कोर्ट ने ट्विन टावरों को गिराने का आदेश दिया. डेवलपर के साथ मिलीभगत के लिए नोएडा प्राधिकरण की खिंचाई भी की. इस आदेश के बाद सोसाइटी में निर्माण को रोक दिया गया.

    मई 2014: सुपरटेक ने राहत की मांग करते हुए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया और कहा कि हर तरह से मंजूरी ली गई है.

    31 अगस्त, 2021: सुप्रीम कोर्ट ने ट्विन टावरों को बनाने में स्थानीय अधिकारियों की मिलीभगत को पाया और तीन महीने के अंदर ट्विन टावर को ध्वस्त करने का आदेश दिया.

    फरवरी 2022: नोएडा अथॉरिटी ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि ट्विन टावर को 22 मई को गिराया जाएगा.

    17 मई, 2022: सुप्रीम कोर्ट ने ट्विन टावर को गिराने की समय सीमा 28 अगस्त तक बढ़ा दी.

    28 अगस्त, 2022: दोपहर 2.30 बजे ट्विन टावरों को गिरा दिया गया.

  7. कांग्रेस ने बताया, 19 अक्टूबर को मिलेगा पार्टी को नया अध्यक्ष

    कांग्रेस पार्टी ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए 17 अक्टूबर को मतदान होगा और 19 अक्टूबर को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे.

    कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के लिए कार्यक्रम तय करने के लिए रविवार को कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक हुई, जिसमें तारीखों को लेकर घोषणा की गई.

    पार्टी के मुताबिक, चुनाव की अधिसूचना 22 सितंबर को जारी होगी और नामांकन दाखिल करने की तारीख 24 सितंबर से 30 सितंबर के बीच होगी.

    उम्मीदवार 8 अक्टूबर तक अपना नाम वापस ले सकते हैं.

    कांग्रेस कार्य समिति की वर्चुअल बैठक की अध्यक्षता सोनिया गांधी ने की. सोनिया गांधी राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा के साथ मेडिकल चेकअप के लिए देश से बाहर हैं.

    राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद से सोनिया गांधी कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष बनी हुई हैं.

  8. 28 अगस्त 2022 का दिनभर- पूरा दिन पूरी ख़बर, सुनिए मानसी दाश के साथ

  9. India Vs Pakistan Asia Cup Match: भारत ने जीता टॉस, चुनी गेंदबाजी

    एशिया कप का दूसरा मैच आज भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जा रहा है. रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है.

    भारत ने इस मैच में दिनेश कार्तिक को विकेट कीपर के तौर पर चुना है, वहीं ऋषभ पंत प्लेइंग इलेवन से बाहर हैं.

    भारत - रोहित शर्मा (कप्तान), लोकेश राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दिनेश कार्तिक, हार्दिक पांड्या, रविंद्र जडेजा, भुवनेश्वर कुमार, युजवेंद्र चहल, आवेश खान और अर्शदीप

    पाकिस्तान- बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिज़वान, फखर ज़मा, इफ्तिखार अहमद, खुशदिल शाह, आसिफ अली, मोहम्मद नवाज, शादाब खान, नसीम शाह, हैरिस रउफ, शाहनवाज़ दहानी

  10. India Vs Pakistan Asia Cup Match: भारत बनाम पाकिस्तान कौन बनेगा किस पर भारी?

  11. नोएडा के ट्विन टावर गिरने से कितने का नुकसान हुआ, सुपरटेक का दावा

    रियल एस्टेट कंपनी सुपरटेक ने दावा किया है कि नोएडा के ट्विन टावर के ध्वस्त होने से कंपनी को करीब 500 करोड़ का नुकसान हुआ है.

    कंपनी के चेयरमैन आर के अरोड़ा ने रविवार को ख़ुद इसकी जानकारी दी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई को आर के अरोड़ा ने बताया कि ज़मीन खरीदने से लेकर ट्विन टावर के निर्माण, अलग-अलग अप्रूवल के लिए अधिकारियों को किए गए भुगतान से लेकर सालों से बैंकों को दिए जा रहे ब्याज़ की राशि और दोनों टावरों के खरीदारों को दिए गए 12 प्रतिशत ब्याज़ के भुगतान को जोड़ लें तो कंपनी को कुल 500 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है.

    नोएडा के सेक्टर 93A में बना ट्विन टावर सुपरटेक कंपनी के एमराल्ड प्रोजेक्ट का हिस्सा थी. ट्विन टावर में बने 900 अपार्टमेंट्स की कुल मार्केट वैल्यू क़रीब 700 करोड़ थी.

    अरोड़ा ने पीटीआई को बताया कि दोनों ही टावर करीब 8 लाख स्क्वायर फिट की एरिया में बनाई गई थीं.

    उन्होंने कहा, ''हमने ये टावर नोएडा विकास प्राधिकरण के अप्रूवल के बाद ही बनवाई थी.''

    सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद रविवार दोपहर 2.30 बजे करीब 100 मीटर ऊंचे एपेक्स और सेयेन टावरों को गिरा दिया गया. सुप्रीम कोर्ट ने एमराल्ड कोर्ट परिसर के अंदर इन दो टावरों के निर्माण में मानदंडों का उल्लंघन पाया था. टावरों को ध्वस्त करने में 3700 किलोग्राम से अधिक विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया.

  12. नोएडा में ट्विन टावर बनाने वाली रियल एस्टेट कंपनी सुपरटेक ने क्या कहा

    नोएडा के ट्विन टावर गिरने के बाद उन्हें बनाने वाली रियल एस्टेट फर्म सुपरटेक ने अपना बयान जारी किया है.

    सुपरटेक ने कहा कि ट्विन टावर का निर्माण नोएडा डेवलपमेंट अथॉरिटी की मंजूरी मिलने के बाद ही किया गया था और इसमें कोई छेड़छाड़ नहीं की गई थी.

    रियल एस्टेट फर्म ने कहा कि ट्विन टावर के ध्वस्त होने से उनकी दूसरी रियल एस्टेट परियोजनाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा. समय से खरीदारों को घर दिए जाएंगे.

    सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद रविवार दोपहर 2.30 बजे करीब 100 मीटर ऊंचे एपेक्स और सेयेन टावरों को गिरा दिया गया. सुप्रीम कोर्ट ने एमराल्ड कोर्ट परिसर के अंदर इन दो टावरों के निर्माण में मानदंडों का उल्लंघन पाया था. टावरों को ध्वस्त करने में 3700 किलोग्राम से अधिक विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया.

    मामले की शुरुआत

    2011 में रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से इलाहाबाद हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की गई. याचिका में आरोप लगाया गया है कि इन टावरों के निर्माण के दौरान उत्तर प्रदेश अपार्टमेंट मालिक अधिनियम, 2010 का उल्लंघन किया गया है.

    इसके मुताबिक केवल 16 मीटर की दूरी पर स्थित दो टावरों ने कानून का उल्लंघन किया था.

    याचिका में यह भी आरोप लगाया गया है कि इन दोनों टावरों को बगीचे के लिए आवंटित भूमि पर अवैध रूप से खड़ा किया गया था.

    2012 में इलाहाबाद उच्च न्यायालय में सुनवाई के लिए मामला आने से पहले, नोएडा प्रशासन ने 2009 में दायर योजना (40 मंजिलों वाले दो अपार्टमेंट टावर) को मंजूरी दे दी थी.

    टावर गिराने का आदेश

    इस मामले में अप्रैल 2014 में फ़ैसला रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के पक्ष में आया था. इसी के तहत इन टावरों को गिराने का आदेश भी जारी किया गया था. यह भी आदेश दिया गया कि सुपरटेक को टावर गिराने का ख़र्च वहन करना चाहिए और उन लोगों को 14 फ़ीसदी ब्याज़ के साथ पैसा वापस करना चाहिए जिन्होंने यहां पहले से ही घर खरीदा है.

    उसी वर्ष मई में, सुपरटेक ने फ़ैसले को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया और दावा किया कि निर्माण कार्य उचित मानदंडों के मुताबिक ही किया गया है.

    अगस्त 2021 में इलाहाबाद उच्च न्यायालय के फ़ैसले को बरकरार रखने वाले सुप्रीम कोर्ट ने भी माना कि नियमों का उल्लंघन किया गया था.

    नतीजतन, आज, 28 अगस्त, 2022, ट्विन टावरों को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया है.

  13. ट्विन टावर के सबसे करीब खड़े शख़्स ने क्या-क्या बताया

    नोएडा में बने ट्विन टावर को रविवार दोपहर 2.31 बजे गिरा दिया गया. ट्विन टावर को गिराने का ट्रिगर बलास्टर चेतन दत्ता के हाथ में था.

    मीडिया से बात करते हुए बलास्टर चेतन दत्ता ने बताया कि वे ट्विन टावर से महज 70 मीटर की दूरी पर थे.

    उन्होंने बताया, "आधे घंटे पहले साइरन बजा दिया गया था. हम पांच लोग आपस में एक दूसरे से बात नहीं कर रहे थे. सिर्फ हम एक दूसरे का चेहरा देख रहे थे. बटन दबाने के बाद जैसे ही मैं देखने के लिए खड़ा हुआ तो वहां पर बिल्डिंग नहीं सिर्फ धुआं था. मैं वहां से सिर्फ 70 मीटर दूर था. 9 से 10 सेकेंड में पूरी बिल्डिंग क्रैश कर गई. जैसा हमने सोचा था, बिल्कुल वैसा ही हुआ."

    चेतन दत्ता ने बताया कि उनकी टीम में दस कर्मचारी, सात विदेशी एक्सपर्ट और 20 से 25 एडिफिस के इंजीनियर थे.

    चेतन दत्ता ने बताया कि इमारत गिरने के बाद उन्होंने धूल के बैठने का इंतजार नहीं किया. उन्होंने जेब से मास्क निकाले और बिल्डिंग की तरफ भागे.

    उन्होंने बताया, "हमारी पहली चिंता एमरेल्ड कोर्ट थी, उसे चेक किया, वो पूरी तरह सुरक्षित था. एटीएस की तरफ हल्के से पत्थर गिरने पर कंपाउंड की दीवार तीन से चार मीटर तक टूटी है."

  14. ट्विन टावर गिराने के बाद नोएडा अथॉरिटी की सीईओ रितु माहेश्वरी ने क्या कहा

    नोएडा के सेक्टर 93ए में स्थित विवादास्पद ट्विन टावर को रविवार दोपहर 2.31 बजे गिरा दिया गया. पलक झपकते ही 30 और 32 मंजिली टावर धूल और मलबे में तब्दील हो गए.

    टावर गिराए जाने पर नोएडा अथॉरिटी की सीईओ रितु माहेश्वरी ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, "आस-पास की हाउसिंग सोसाइटियों को कोई नुकसान नहीं हुआ है. अभी कुछ मलबा सड़क की तरफ आया है. हमें एक घंटे में स्थिति का बेहतर अंदाजा हो जाएगा."

    वहीं नोएडा के पुलिस कमिश्नर ने जानकारी देते हुए बताया, "एक्सपर्ट टीम एसेसमेंट कर रही. अभी योजना के तहत ही सब कुछ हुआ है. हम साइट पर मलबे को देखने जा रहे हैं."

    नोएडा अथॉरिटी के मुताबिक सुपरटेक के ट्विन टावर को गिराने के बाद पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, फुटपाथ, सेंट्रल वर्ज और पेड़ पौधों की धुलाई के लिए वाटर टैंकर्स, मैकेनिकल स्वीपिंग मशीन और सफाई कर्मचारियों की तैनाती की गई है.

    हवा में धूल से निपटने के लिए नोएडा प्रशासन पानी का छिड़काव कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ पुलिस साइट के आसपास मौजूद भीड़ को हटाने का काम कर रही है.

    यह भी बताया गया है कि आने वाले कई दिनों तक इलाक़े में पानी का छिड़काव किया जाएगा.

    एपेक्स (32 मंजिली) और शीआन (30 मंजिला) जुड़वां टावर भारतीय राजधानी में सबसे ऊंचे कुतुब मीनार से ऊंचे थे.

    इस टावर को गिराने का फ़ैसला एक लंबी क़ानूनी लड़ाई के बाद लिया गया था. यह संघर्ष इलाहाबाद उच्च न्यायालय से शुरू हुआ था और इसका अंतिम फ़ैसला सुप्रीम कोर्ट में लिया गया.

    कैसे हुए ब्लास्ट

    ब्लास्ट के लिए कई तरह के विस्फोटकों का इस्तेमाल किया गया. डेटोनेटर्स से प्रक्रिया की शुरुआत हुई. कछ ही मिली सेकेंड में छोटे प्लास्टिक ट्यूब शॉक वेव की मदद से विस्फोटकों को सिग्नल भेजें गए, जो दोनों बिल्डिंग में लगाए गए थे.

    कई महीनों से ब्लास्टर्स तीस मंज़िला इमारत के अलग अलग हिस्सों में जा रहे थे. इमारतों की बिजली सप्लाई काट दी गई थी. एस्केलेटर निष्क्रिय कर दिए गए थे. ये सुनिश्चित किया गया कि अलग अलग मंज़िल पर सभी 20,000 से ज़्यादा कनेक्शन एक साथ समन्वय के साथ काम कर सकें. एक गलती से पूरी प्रक्रिया अधूरी रह सकती थी.

    साइट पर मौजूद वरिष्ठ इंजीनियर मयूर मेहता ने बताया कि 11 साल पुरानी कंपनी के लिए ये बहुत चैलेंजिंग काम नहीं था.

    उन्होंने बताया कि वो पहले भी 18-20 इमारतों को गिरा चुके हैं. इसमें एक एयरपोर्ट टर्मिनल, एक क्रिकेट स्टेडियम, एक ब्रिज और एक बड़ी कंपनी की चिमनी शामिल है.

    उनका कहना है कि बिहार में गंगा नदी पर बने पुल को गिराना इससे मुश्किल था, क्योंकि वहां ये सुनिश्चित करना था कि मलबा नदी में न गिरे.

  15. ट्विन टावर गिरा और यूं फैल गया धुएं का गुबार

    नोएडा के सेक्टर 93ए में स्थित विवादास्पद ट्विन टावर्स को गिरा दिया गया है. पलक झपकते ही करीब 3700 किलोग्राम बारूद ने ट्विन टावर को ध्वस्त कर दिया.

    ये देश में गिराई जाने वाली सबसे बड़ी बहुमंजिला इमारत थी. ये नोएडा के घनी आबादी वाले इलाके में स्थित थीं. इन्हें गिराने के लिए क़रीब 3,700 किलोग्राम विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया.

  16. 10 तस्वीरों में देखिए कैसे मलबे में तब्दील हुआ नोएडा का ट्विन टावर

    नोएडा के सेक्टर 93ए में स्थित विवादास्पद ट्विन टावर्स को गिरा दिया गया है.

    पलक झपकते ही करीब 3700 किलोग्राम बारूद ने ट्विन टावर को ध्वस्त कर दिया.

    एपेक्स और केएन नामक टावर को सुपरटेक बिल्डर ने बनाया था

    30 मंजिल वाली इन इमारतों को ट्विन टावर कहा जाता था. इनकी ऊंचाई 320 फ़ीट से ज़्यादा थी.

    ये देश में गिराई जाने वाली सबसे बड़ी बहुमंजिला इमारत थी. ये नोएडा के घनी आबादी वाले इलाके में स्थित थीं.

    एहतियात के मद्देनज़र इन इमारतों के पास सोसाइटी में रहने वाले लोगों से घर खाली करवा लिया गया था.

    नोएडा अथॉरिटी के मुताबिक सुपरटेक के ट्विन टावर को गिराने के बाद पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, फुटपाथ, सेंट्रल वर्ज और पेड़ पौधों की धुलाई के लिए वाटर टैंकर्स, मैकेनिकल स्वीपिंग मशीन और सफाई कर्मचारियों की तैनाती की गई है.

    नोएडा अथॉरिटी के मुताबिक़, वहां प्रभावित क्षेत्रों में साफ-सफाई के लिए 6 मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनें और 200 कर्मचारी काम पर लग गए हैं.

    प्रभावित क्षेत्रों में सड़कों, फुटपाथ, पार्क, सेंट्रल वर्ज, पेड़-पौधों की धुलाई के लिए 100 वाटर टैंकों की व्यवस्था भी की गई है

    आसपास के इलाक़ों में मौजूद पेड़ पौधों पर जमी धूल को तुरंत हटाने का काम कुछ ही देर में शुरू कर दिया जाएगा.

  17. मलबे और धुएं में तब्दील हुआ नोएडा का ट्विन टावर

    नोएडा के सेक्टर 93ए में स्थित विवादास्पद ट्विन टावर्स को गिरा दिया गया है. पलक झपकते ही करीब 3700 किलोग्राम बारूद ने ट्विन टावर को ध्वस्त कर दिया.

    एपेक्स और केएन नामक टावर को सुपरटेक बिल्डर ने बनाया था. 30 मंजिल वाली इन इमारतों को ट्विन टावर कहा जाता था. इनकी ऊंचाई 320 फ़ीट से ज़्यादा थी.

    ये देश में गिराई जाने वाली सबसे बड़ी बहुमंजिला इमारत थी. ये नोएडा के घनी आबादी वाले इलाके में स्थित थीं. इन्हें गिराने के लिए क़रीब 3,700 किलोग्राम विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया.

    एहतियात के मद्देनज़र इन इमारतों के पास सोसाइटी में रहने वाले लोगों से घर खाली करवा लिया गया था.

    अब आगे क्या है तैयारी?

    नोएडा अथॉरिटी के मुताबिक सुपरटेक के ट्विन टावर को गिराने के बाद पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, फुटपाथ, सेंट्रल वर्ज और पेड़ पौधों की धुलाई के लिए वाटर टैंकर्स, मैकेनिकल स्वीपिंग मशीन और सफाई कर्मचारियों की तैनाती की गई है.

    नोएडा अथॉरिटी के मुताबिक़, वहां प्रभावित क्षेत्रों में साफ-सफाई के लिए 6 मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनें और 200 कर्मचारी काम पर लग गए हैं.

    इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में सड़कों, फुटपाथ, पार्क, सेंट्रल वर्ज, पेड़-पौधों की धुलाई के लिए 100 वाटर टैंकों की व्यवस्था भी की गई है.

    इस दौरान आसपास के इलाक़ों में मौजूद पेड़ पौधों पर जमी धूल को तुरंत हटाने का काम कुछ ही देर में शुरू कर दिया जाएगा. यह भी बताया गया है कि आने वाले कई दिनों तक इलाक़े में पानी का छिड़काव किया जाएगा.

  18. नोएडा का 'ट्विन टॉवर' गिराने की उल्टी गिनती शुरू

  19. थोड़ी देर में इतिहास बन जाएंगी सुपरटेक की दोनों बहुमंज़िला इमारतें

    नोएडा के सेक्टर 93ए में स्थित विवादास्पद ट्विन टावर्स रविवार दोपहर ढाई बजे इतिहास बन जाएंगे. इन दोनों बहुमंज़िला इमारतों को गिराने के लिए सारी तैयारियां पूरी हो गई हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, ‘‘आसपास की दोनों सोसाइटीज़ के लोगों को वहां से हटा दिया गया है. वहीं लगभग एक बजे वहां तैनात निजी सुरक्षा गार्डों को हटाया गया.’’

    साथ ही रसोई गैस और बिजली की सप्लाई पड़ोस की दोनों सोसाइटीज़ में बंद कर दी गई है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, घटनास्थल के आसपास एनडीआरएफ़ की टीम तैनात की गई है. साथ ही प्रशिक्षित कु़त्तों के दस्तों को भी तैनात किया गया है.

    ख़बरों के अनुसार, किसी आपात स्थिति से निपटने के लिए पास के अस्पतालों में बेड का भी इंतज़ाम किया गया है. फायर ब्रिगेड की टीम भी तैनात की गई है.

    नोएडा अथाॅरिटी के सीईओ ने अपने ट्विटर हैंडल पर बताया है, ‘‘ट्विन टावर के गिराए जाने से पर्यावरण पर पड़ने वाले बुरे असर से निपटने के लिए इन टाावरों के चारों ओर एहतियात उपाय किए गए हैं. इसके तहत विध्वंस के बाद उड़ने वाली धूल से निपटने के लिए सेक्टर 93ए में मौजूद इस स्थान के चारों ओर विभिन्न जगहों पर एंटी स्माॅग गन तैनात किए गए हैं.’’

    उनके अनुसार, ‘‘किसी आपात स्थिति से निपटने और विध्वंस के बाद साफ सफाई की गतिविधि के लिए ट्विन टावर्स के चारों ओर विभिन्न जगहों पर 100 वाॅटर टैंकर तैनात किए गए हैं.’’

    एपेक्स और केएन नामक टावर को सुपरटेक बिल्डर ने बनाया था. 30 मंजिल वाली इन इमारतों को ट्विन टावर कहा जाता है. इनकी ऊंचाई 320 फ़ीट से ज़्यादा है.

    ये देश में गिराई जाने वाली सबसे बड़ी बहुमंजिला इमारतें होंगी. ये नोएडा के घनी आबादी वाले इलाके में स्थित हैं. इन्हें गिराने के लिए क़रीब 3,700 किलोग्राम विस्फोटक का इस्तेमाल किया जाएगा.

    एहतियात के मद्देनज़र इन इमारतों के पास जो सोसाइटी है, वहां के लोगों को घर खाली करने के लिए कहा गया है.

    यहां आस पास रहने वाले लोगों के मन में कई तरह के सवाल उठ रहे हैं और साथ ही सुरक्षा का डर भी सता रहा है.

  20. सोनाली फोगाट केस की सीबीआई जांच पर फिर आया गोवा सीएम का बयान, पढ़ें- क्या बोले?

    बीजेपी नेता सोनाली फोगाट की संदिग्ध अवस्था में हुई मौत की सीबीआई से जांच कराने की मांग पर गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने रविवार को अहम बयान दिया है.

    प्रमोद सावंत ने कहा है कि रविवार को सभी ज़रूरी औपचारिकताओं पूरी करने के बाद, यदि ज़रूरी हुआ तो सोनाली फोगाट का केस सीबीआई को सौंपा जा सकता है.

    समाचार एजेंसी एएनआई से हुई बातचीत में सीएम सावंत ने कहा, ‘‘हरियाणा के सीएम खट्टर ने मुझसे बात करके इस मामले की अच्छे से जांच का अनुरोध किया है. फोगाट के परिजनों ने एक निजी मुलाक़ात में मामले की सीबीआई जांच की मांग की है, इसलिए वे भी सीबीआई से इस केस की जांच कराना चाहते हैं.’’

    उन्होंने आगे कहा, ‘‘मुझे इस मांग से कोई दिक़्क़त नहीं है. आज सभी ज़रूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद, यदि ज़रूरी लगा तो मैं इस केस को सीबीआई को दे दूंगा.’’

    हरियाणा की गोवा सरकार से मांग

    इससे पहले शनिवार को सोनाली फोगाट के परिजनों ने हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर से मुलाक़ात करके इस मामले की जांच सीबीआई से कराने की सिफ़ारिश करने का अनुरोध किया था.

    सोनाली की बहन रूपेश फोगाट ने चंडीगढ़ में बताया कि सीएम खट्टर ने उन्हें गोवा सरकार को पत्र लिखकर मांग करने का भरोसा दिया था.

    उसके बाद राज्य के अतिरिक्त मुख्य सचिव, गृह ने गोवा सरकार को पत्र लिखकर इस केस को सीबीआई को सौंपने का अनुरोध किया था.

    सोनाली फोगाट की 22 अगस्त को उत्तरी गोवा के अंजुना में मौत हो गई थी.

    पहले सोनाली फोगाट की मौत की वजह हार्ट अटैक बताई गई थी, लेकिन गोवा पुलिस ने बाद में इस मामले में हत्या के लिए आईपीसी की धारा 302 जोड़ी.