ब्रेकिंग न्यूज़, #IndVsPak: भारत की पाकिस्तान पर रोमांचक जीत, हार्दिक- जडेजा ने दिखाया बल्ले का दम

इमेज स्रोत, Getty Images
भारत ने एशिया कप के अपने पहले मैच में पाकिस्तान को पांच विकेट से हरा दिया. आखिरी ओवर तक रोमांचक रहे मुक़ाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान से मिले 148 रन का लक्ष्य दो गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया.
भारत को आखिरी ओवर में जीत के लिए सात रन बनाने थे. पहली ही गेंद पर मोहम्मद नवाज़ ने रवींद्र जडेजा को बोल्ड कर दिया.
दूसरी गेंद पर दिनेश कार्तिक ने एक रन लिया लेकिन तीसरी गेंद पर हार्दिक पांड्या कोई रन नहीं बना सके. अब तीन गेंद में छह रन बनाने थे. चौथी गेंद पर हार्दिक ने छक्का जमाकर मैच भारत की झोली में डाल दिया.
हार्दिक 17 गेंद में 33 रन बनाकर नाबाद रहे. उन्होंने चार चौके और एक छक्का जमाया.
भारत के लिए जडेजा और विराट कोहली ने 35- 35 रन बनाए.
भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही. पहला मैच खेल रहे नसीम शाह ने केएल राहुल को दूसरी ही गेंद पर बोल्ड कर दिया. वो खाता भी नहीं खोल पाए.
दो गेंद बाद विराट कोहली भी पैवेलियन लौट गए होते लेकिन फखर ज़मां कैच नहीं पकड़ पाए. पहले ओवर में भारतीय टीम के खाते में सिर्फ़ तीन रन जुड़े.
सौवां ट्वेंटी-20 मैच खेल रहे विराट कोहली ने दूसरे ओवर में एक चौका जमाया और चौथे ओवर में हैरिस राउफ की गेंद पर विकेट कीपर के सिर के ऊपर से छक्का जड़ दिया.
अगले ओवर में कोहली ने शाहनवाज़ दहानी की गेंद पर चौका जड़ा. कोहली ने छठे ओवर में राउफ की गेंद को बाउंड्री के बाहर भेजा. छह ओवर के बाद भारत का स्कोर था एक विकेट पर 38 रन.
सातवें ओवर में पाकिस्तान के कप्तान ने शादाब खान को गेंद थमाई. इस ओवर में तीन रन बने. आठवें ओवर में मोहम्मद नवाज़ मोर्चे पर थे. इस ओवर में कप्तान रोहित शर्मा ने तीसरी गेंद पर छक्का जमाया और भारत के 50 रन पूरे हो गए. लेकिन एक गेंद बाद नवाज़ ने रोहित को इफ़्तिखार अहमद के हाथों कैच करा दिया.
भारतीय कप्तान ने 18 गेंद में 12 रन बनाए. नवाज़ ने अगले ओवर में विराट कोहली को भी आउट कर दिया. विराट ने 34 गेंद में 35 रन बनाए. तीसरा विकेट गिरा तो स्कोर था 53 रन. जीत 95 रन दूर थी और भारतीय टीम मुश्किल में दिखने लगी.

इमेज स्रोत, Getty Images
जडेजा - हार्दिक का जलवा
चौथे नंबर पर बल्लेबाज़ी के लिए आए रवींद्र जडेजा ने नवाज़ पर छक्का जड़कर दबाव कम करने की कोशिश की. 10 ओवर के बाद भारत का स्कोर था तीन विकेट पर 62 रन.
जडेजा का साथ निभाने आए सूर्यकुमार यादव ने शादाब ख़ान की गेंद पर चौका जमाकर लय में होने संकेत दिया.
हालांकि वो बड़ी पारी नहीं खेल सके और 15वें ओवर की दूसरी गेंद पर नसीम शाह ने उन्हें बोल्ड कर दिया. उन्होंने 18 गेंद पर 18 रन बनाए. 15 ओवर के बाद भारत का स्कोर था चार विकेट पर 97 रन. जीत के लिए 51 रन की ज़रूरत थी.
टीम की उम्मीदें जडेजा और हार्दिक पटेल की जोड़ी पर थी. भारत को आखिरी तीन ओवर में जीत के लिए 32 रन बनाने थे.
नसीम शाह ने 18वें ओवर की शुरुआत वाइड से की. अगली गेंद पर जडेजा ने चौका जमाया. नसीम क्रैंप से परेशान थे लेकिन वो संघर्ष में जुटे थे.
चौथी गेंद पर रिव्यू के जरिए आउट होने से बचे जडेजा ने पांचवीं गेंद पर छक्का जमाया. भारत को आखिरी दो ओवर में 21 रन बनाने थे.
19वें ओवर में रउफ की तीसरी गेंद पर हार्दिक पांड्या ने चौका जमाया. अगली गेंद पर उन्होंने एक और चौका जड़ा. ओवर की आखिरी गेंद पर हार्दिक ने एक और चौका जमाया.
भारत को आखिरी छह गेंद में जीत के लिए सात रन बनाने थे. 20वें ओवर की पहली गेंद पर जडेजा को मोहम्मद नवाज़ ने बोल्ड कर दिया. लेकिन हार्दिक रुकने को तैयार नहीं थे. चौथी गेंद पर छक्का जमाकर उन्होंने भारत को जीत दिला दी.
हार्दिक के इस अंदाज़ पर दिल्ली ट्रैफ़िक पुलिस ने अपने ट्विटर हैंडल से दिलचस्प ट्वीट किया, "पाकिस्तान आपको रुकना पड़ेगा... रेड लाइट है. टीम इंडिया हार्दिक बधाइयां."
हार्दिक को मैन ऑफ़ द मैच चुना गया.
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त

इमेज स्रोत, Getty Images
पाकिस्तान की पारी
इसके पहले भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पाकिस्तान को बल्लेबाज़ी के लिए बुलाया. पाकिस्तान टीम 19.5 ओवर में 147 रन के स्कोर पर ऑलआउट हो गई.
पाकिस्तान के लिए मोहम्मद रिज़वान ने 43 और इफ़्तिख़ार अहमद ने 28 रन बनाए. पाकिस्तान के कप्तान बाबर आज़म बड़ी पारी नहीं खेल सके. वो 10 रन बना पाए.
भारत के लिए भुवनेश्वर कुमार ने 26 रन देकर चार विकेट लिए. हार्दिक पांड्या ने 25 रन देकर तीन विकेट हासिल किए. अर्शदीप सिंह ने दो और आवेश ख़ान ने एक विकेट लिया.
भारत और पाकिस्तान ग्रुप ए में हैं. भारत का अगला मैच 31 अगस्त को हॉन्ग कॉन्ग के ख़िलाफ़ है.




























