शाहबाज़ अहमद को भारतीय क्रिकेट टीम में मिली जगह, वॉशिंगटन सुंदर की लेंगे जगह
ज़िम्बाब्वे के ख़िलाफ़ तीन एक दिवसीय मैचों की सिरीज़ के लिए घायल वॉशिंगटन सुंदर की जगह शाहबाज़ अहमद को टीम में शामिल किया गया है. बीसीसीआई के मुताबिक़ चयन समिति ने शाहबाज़ अहमद के नाम पर मुहर लगाई है. वॉशिंगटन सुंदर को इंग्लैंड में एक काउंटी मैच के दौरान कंधे पर चोट लग गई थी.
इस कारण वे ज़िम्बॉब्वे के ख़िलाफ़ मैच नहीं खेल पाएँगे. भारत को ज़िम्बॉब्वे के ख़िलाफ़ तीन एक दिवसीय मैच खेलने हैं. पहला मैच 18 अगस्त को खेला जाएगा. दिसंबर 1994 में हरियाणा के मेवात में जन्मे शाहबाज़ अहमद ने अभी तक कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है. घरेलू क्रिकेट में वे बंगाल की ओर से खेलते हैं, जबकि आईपीएल में वे रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर का प्रतिनिधित्व करते हैं.
भारतीय टीम: केएल राहुल (कप्तान), शिखर धवन (उप कप्तान), रितुराज गायकवाड़, शुभमन गिल, दीपक हुडा, राहुल त्रिपाठी, ईशान किशन, संजू सैमसन, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, आवेश खॉान, प्रसिद्ध कृष्ण, मोहम्मद सिराज, दीपक चाहर और शाहबाज़ अहमद