You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

बिलकिस बानो गैंगरेप केस में सभी 11 दोषियों की हुई रिहाई, गुजरात सरकार ने लिया फैसला

गुजरात के बिलकिस बानो गैंगरेप केस में उम्रकैद की सजा पाने वाले सभी 11 दोषियों को रिहा कर दिया गया है. इन्हें ये रिहाई 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस के दिन दी गई है. ये सभी गोधरा जेल में बंद थे.

लाइव कवरेज

भूमिका राय, चंदन शर्मा and अभिनव गोयल

  1. मुकेश अंबानी और उनके परिवार को धमकी, पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया

    मुंबई पुलिस ने सोमवार को एक व्यक्ति को रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और उनके परिवार को धमकी भरे कॉल के मामले में हिरासत में लिया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ डीसीपी जोन-2, नीलोत्पल का कहना है कि अभियुक्त से पूछताछ जारी है.

    क्या है मामला

    समाचार एजेंसी एएनआई ने मुंबई पुलिस के हवाले से बताया कि रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में अंबानी और उनके परिवार को धमकी देने वाले तीन से अधिक फ़ोन कॉल आए थे.

    फ़ोन कॉल के बाद अस्पताल ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है.

    पुलिस के मुताबिक़ ये धमकी भरे कॉल आज सुबह 10.30 बजे आए थे.

    पिछले महीने सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को मुकेश अंबानी और उनके परिवार के सदस्यों के लिए सुरक्षा कवर जारी रखने की अनुमति दी थी.

  2. नीतीश कुमार की नौकरी पर घोषणा के बाद तेजस्वी यादव का बीजेपी पर हमला

    बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान पर निशाना साधा है, जिसमें उन्होंने फ्री रेवड़ी कल्चर को लेकर तंज कसा था.

    तेजस्वी यादव ने कहा- भाजपा के लोग अब मजाक उड़ा रहे हैं कि रेवड़ियाँ बँट रही है, बल्कि हम बिहार में रोजगार देने के वादे को पूरा कर रहे हैं. हमारी वजह से ही आज रोज़गार के मुद्दे पर चर्चा हो रही है. हम ही हैं जो वादा पूरा करेंगे, बीजेपी वादा पूरा नहीं करती.

    उन्होंने कहा कि आज नीतीश कुमार ने गांधी मैदान से 10 लाख लोगों को रोजगार देने वाली बात पर मुहर लगा दी है.

    तेजस्वी यादव ने बीजेपी को जुमला पार्टी बताते हुए कहा कि उन्होंने लोगों के दो साल बर्बाद कर दिए हैं. उन्होंने कहा कि हमारी घोषणा, बीजेपी की उन घोषणाओं जैसी नहीं है जो उन्होंने लोगों से की थी कि 2 करोड़ रोजगार, 19 लाख नौकरियों मिलेंगी.

    स्वतंत्रता दिवस पर पटना के गांधी मैदान से अपने संबोधन में नीतीश कुमार ने उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के वादे को अपना समर्थन दिया और यहाँ तक कहा कि वे तो 20 लाख नौकरी देने का सोच रहे हैं.

    नीतीश कुमार ने कहा था- हमलोग बड़ी संख्या में रोज़गार देंगे. नौकरी वाली जो बात है, हमलोग एक साथ हैं. हमलोगों का कॉन्सेप्ट है कि हमलोग कम से कम इसे 10 लाख कर दें. लेकिन हम तो यही कहेंगे कि हम करेंगे बच्चे-बच्चियों की नौकरी के लिए भी. और इसके अलावा उसके रोज़गार के लिए भी. नौकरी और रोज़गार दोनों का इंतजाम इतना कराएँगे, सरकारी और सरकार के बाहर भी. हर तरह से इतना ज़्यादा काम बढ़ना चाहिए कि ये हो जाएगा तो हमलोगों का मन तो है कि इसको हमलोग 20 लाख तक पहुँचाएँ.

    बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार की इस घोषणा को ऐतिहासिक कहा है. उन्होंने कहा कि पटना के गांधी मैदान से इसकी घोषणा की गई है, इससे बड़ा प्लेटफ़ॉर्म क्या हो सकता है.

    दूसरी ओर केंद्रीय मंत्री और बिहार से बीजेपी के सांसद गिरिराज सिंह ने नीतीश कुमार की घोषणा पर चुटकी ली है.

    उन्होंने उनका वीडियो शेयर करते हुए ट्विटर पर लिखा- इनका इतिहास और हम सभी अनुभव कहता है कि यह इसमें भी यू-टर्न ले लेंगे!

  3. पाकिस्तान का राष्ट्रगान दोबारा क्यों रिकॉर्ड किया गया?

    पाकिस्तान के 76वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दोबारा रिकॉर्ड किया गया राष्ट्रगान रिलीज़ कर दिया गया है. यह राष्ट्रगान 13 महीने में रिकॉर्ड किया गया है और इस बार इसे 155 गायकों ने गाया है.

    पाकिस्तान के राष्ट्रगान को पहली बार 13 अगस्त 1954 को रेडियो पाकिस्तान पर प्रसारित किया गया था जिसके बोल हफ़ीज़ जालंधरी ने लिखे थे और धुन अहमद ग़ुलाम अली छागला ने तैयार की थी.

    अब साल 2022 में दोबारा रिकॉर्ड किए गए राष्ट्रगान की ख़ास बात यह है कि 68 साल पहले पहली बार रिकॉर्ड की गई धुन और राष्ट्रगान के बोल में कोई बदलाव नहीं किया गया है और न ही वाद्ययंत्रों (म्यूज़िकल इंस्ट्रूमेंट्स) में कोई बदलाव किया गया है. हालांकि, इसमें अब पाकिस्तान में मौजूद सभी समुदायों और संगीत की सभी शैलियों के गायकों को जगह दी गई है और भाषाई, सांस्कृतिक, धार्मिक और लैंगिक विविधता पर विशेष ध्यान दिया गया है.

    इसके अलावा इसे रिकॉर्ड करने के लिए नई टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है.

  4. ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने स्वतंत्रता दिवस पर मोदी सरकार को ऐसे घेरा

    तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पार्टी के सांसद अभिषेक बनर्जी ने स्वतंत्रता दिवस पर बिना नाम लिए नरेंद्र मोदी की सरकार पर निशाना साधा है.

    पार्टी के ट्विटर हैंडल से जारी एक वीडियो संदेश में उन्होंने कहा है कि क्या ये सही मायने में वो आज़ादी है, जिसके लिए हमारे पुरखों ने अपनी जान गँवा दी?

    अभिषेक बनर्जी ने कहा- आप ख़ुद से पूछिए. क्या ये नेताजी का भारत है? क्या आज का भारत भगत सिंह का भारत है? क्या ये वो भारत है, जिसका गांधी जी ने सपना देखा था. उन्होंने कहा कि आज जान-बूझकर सरकार और राष्ट्र के बीच लकीर खींचने की कोशिश की जा रही है. केंद्रीकृत भारत की धारणा को लेकर संकल्प लेने की प्रवृत्ति बढ़ती जा रही है, जो ये नहीं करते हैं, उन्हें देशद्रोही कहा जाता है. उन्हें याद दिलाने का समय आ गया है कि देश के प्रति हमारा प्यार केंद्रीकृत भारत की धारणा से परे है.

    उन्होंने ट्वीट करके भारत को लेकर अपने सपने के बारे में भी विस्तार से बताया है. उन्होंने कहा कि वो ऐसे भारत का सपना देखते हैं, जहाँ हर भारतीयों की आवाज़ सुनी जाए, उनकी शिकायतों पर ध्यान दिया जाए और जहाँ सुशासन एक सच्चाई हो.

    अभिषेक बनर्जी ने आगे लिखा है- एक ऐसा भारत, जहाँ विविधता को बढ़ावा मिले और समानता बरकरार रहे. अपनी मातृभूमि के लोगों के लिए मैं इस सपने के लिए बिना थके काम करने का वादा करता हूँ.

  5. इमरान ख़ान ने फिर की भारत की तारीफ़, कहा - ये होता है आज़ाद मुल्क़

    पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने एक बार फिर भारत की "स्वतंत्र विदेश नीति" की प्रशंसा की है. उन्होंने भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर की रूस से तले ख़रीदने के मसले पर अमेरिकी दवाब को नज़रअंदाज़ करने की भी तारीफ़ की.

    इमरान ख़ान पाकिस्तान की 75वीं वर्षगांठ पर लाहौर में हुई अपने पार्टी पाकिस्तान तहरीके इंसाफ़ की रैली में बोल रहे थे.

    उन्होंने कहा कि अमेरिका के लगातार दवाब के बावजूद भारत रूस से सस्ता तेल ख़रीदने पर अडिग रहा. इमरान ख़ान ने कहा कि भारत ने रूसी तेल इसलिए ख़रीद क्योंकि ऐसा करना लोगों के हित में है, लेकिन पाकिस्तान की शहबाज़ शरीफ़ की सरकार कहती है कि पाकिस्तान के लिए बिना अमेरिकी समर्थन के जीना संभव नहीं है.

    इमरान ख़ान ने रैली के दौरान भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर की एक प्रेसवार्ता का वीडियो प्ले किया और कहा, "भारत के विदेश मंत्री को हुक्म दिया कि आप रूस से तेल न ख़रीदें. हिंदूस्तान अमेरिका का 'रणनीतिक सहयोगी' है.हमारा कोई अमेरिका के ख़िलाफ़ एलांयस नहीं है. इसके बावजदू देखें रूस से तेल ख़रीदने को मना करना पर उनके विदेश ने क्या कहा."

  6. नरेंद्र मोदी ने लाल क़िले से उठाया परिवारवाद का मुद्दा, कांग्रेस ने दिया ये जवाब

    कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण पर सवाल उठाते हुए उसे एक थका हुआ भाषण बताया है.

    उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों से आय दोगुनी, सबको घर दिलवाने, काला धन वापस लाने, रोज़गार देने जैसे वादे किए थे. ये वादे ख़ुद उन्हें अब सोने नहीं देते हैं, इसलिए वे थके हुए नज़र आते हैं.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के स्वतंत्रता दिवस के मौक़े पर भ्रष्टाचार और परिवारवाद जैसी चुनौतियों की बात की. इस बात को लेकर भी पवन खेड़ा ने उन पर हमला बोला.

    पवन खेड़ा ने कहा, "भारतीय जनता पार्टी में एक परिवारवाद है. एक आदमी जिसने लॉर्ड्स में सेंचुरी लगाई हो, मैंने तो नहीं देखा वो क्रिकेट में एक बड़े पद पर पहुँच गए हैं. एक और मंत्री हैं जिनके बेटे ने फॉरेन सर्विस तो पास नहीं की लेकिन एक बहुत बड़े थिंक टैंक में बड़े पद पर हैं. अब वो हमला अपने ही मंत्रियों पर है, मंत्री पुत्रों पर वो तो मोदी जी ही बताएँगे."

    पवन खेड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारतीय जनता पार्टी के आंतरिक मामलों को इस तरह से लाल क़िले की प्राचीर से बखान नहीं करना चाहिए.

    वहीं दूसरी तरफ जब मीडिया ने पीएम मोदी के भाषण का हवाला देते हुए राहुल गांधी से परिवारवाद पर सवाल किया तो उन्होंने टिप्पणी करने से मना कर दिया. राहुल गांधी ने कहा, "मैं इस पर कोई कमेंट नहीं करूंगा, लेकिन सबको बहुत बहुत बधाई."

  7. चीन ने ताइवान के आसपास फिर शुरू किया सैन्य अभ्यास, जानिए क्या है वजह?

    अमेरिका के कुछ राजनेताओं की ताइवान यात्रा के बीच चीन ने एक बार फिर सैन्य अभ्यास किया है. चीन ने ये अभ्यास ताइवान के नज़दीक किया है.

    कुछ ही दिन पहले चीन ने ताइवान के आसपास चल रहे सैन्य अभ्यास को रोका था. उस समय अमेरिका में प्रतिनिधि सभा की स्पीकर नैंसी पेलोसी की ताइवान यात्रा के बाद चीन ने अभ्यास शुरू किया था.

    अब अमेरिका के चार सांसद ताइवान की यात्रा पर पहुँचे हैं. रविवार को बिना किसी घोषणा के अमेरिका के ये राजनेता ताइवान पहुँचे हैं. उम्मीद है कि अपने दौरे में वे ताइवान की राष्ट्रपति ताइ इंग वेन से मिलेंगे. चीन अपनी वन चायना पॉलिसी के तहत ताइवान को अपना हिस्सा मानना है.

    चीन ताइवान में किसी भी विदेशी प्रतिनिधिमंडल के जाने का विरोध करता है. चीन ने अपनी इसी नीति के लिए नैंसी पेलोसी की यात्रा पर आपत्ति जताई थी.

    लेकिन पेलोसी ने चीन की आपत्तियों को नज़रअंदाज़ करते हुए ताइवान की यात्रा की. वैसे तो अमेरिका वन चायना पॉलिसी का समर्थन करता है, लेकिन बाइडन सरकार ने पेलोसी की यात्रा पर यही कहा था कि वे स्पीकर को कहीं जाने से नहीं रोक सकते.

    अमेरिकी सांसदों की ताज़ा यात्रा के चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता वांग वेनबिन ने कहा कि चीन अपनी संप्रभुता और अखंडता की सुरक्षा के लिए मज़बूत क़दम उठाएगा.

    उन्होंने कहा कि अमेरिका के कुछ राजनेता ताइवान की आज़ादी का समर्थन करने वाले अलगाववादी ताक़तों से मिलकर वन चाइना पॉलिसी को चुनौती देने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनका नाकाम होना तय है.

  8. नेहरू के स्वतंत्रता सेनानी होने को लेकर क्यों मचा बवाल, भिड़े कांग्रेस और बीजेपी

    भारत के स्वतंत्रता सेनानियों को स्मरण करते हुए कर्नाटक की बीजेपी सरकार ने बीते दिन एक विज्ञापन दिया था जिसे लेकर विवाद शुरू हो गया है और विपक्षी कांग्रेस पार्टी ने इसे लेकर बीजेपी पर हमला बोला है.

    दरअसल, इस विज्ञापन में महात्मा गांधी की तस्वीर से लेकर नेताजी सुभाष चंद्र बोस, सरदार पटेल, चंद्रशेखर आज़ाद, भगत सिंह समेत तमाम नेताओं की तस्वीर है. लेकिन इसमें पंडित जवाहर लाल नेहरू की तस्वीर नहीं है.

    कर्नाटक सरकार ने भारत-सरकार की मुहिम "हर घर तिरंगा" को लेकर एक विज्ञापन दिया था. यह विज्ञापन 14 अगस्त को समाचार पत्रों में प्रकाशित हुआ था. इसमें ऊपर की तरफ़, अलग से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कर्नाटक के मुख्यमंत्री बोम्मई की भी तस्वीर है.

    कांग्रेस ने इस विज्ञापन की निंदा की है. पार्टी के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने ट्वीट कर सीधे-सीधे कर्नाटक के मुख्यमंत्री पर निशाना साधा है.

  9. सलमान रुश्दी पर हमले के लिए अमेरिका ने ईरान को बताया ज़िम्मेदार, ईरान की भी आई प्रतिक्रिया

    अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने ईरान की सरकारी संस्थाओं पर पीढ़ियों से सलमान रुश्दी के ख़िलाफ़ हिंसा भड़काने का आरोप लगाते हुए इसे घिनौना काम बताया है.

    उन्होंने सरकारी मीडिया संस्थानों पर रुश्दी पर हमले के बाद जश्न मनाने का आरोप भी लगाया है.

    एंटनी ब्लिंकन ने कहा, ‘‘अमेरिका और उनके सहयोगी हर तरीक़े का इस्तेमाल करके इन ख़तरों के खि़लाफ़ खड़े होने के अपने निश्चय से नहीं डगमगाएंगे. सलमान रुश्दी और दुनिया के वे सभी लोग जिन्होंने ऐसे ख़तरों को झेला है, उनसे हमारे संकल्प को मजबूती मिलती है.’’

    ब्लिंकन ने आगे कहा, ‘‘सााथ ही इन सार्वभौमिक अधिकारों को चुनौती देने वालों के ख़िलाफ़ पूरी दुनिया के एकजुट होकर खड़े होने की ज़रूरत को बताती है.

    ईरान ने नकारे आरोप

    हालांकि अमेरिका के आरोपों को ईरान ने नकारते हुए सोमवार को कहा कि इस मामले में उनका देश शामिल नहीं है. समाचार एजेंसी एपी ने ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नासिर कनानी के हवाले से यह जानकारी दी है.

    नासिर कनानी ने संवाददाताओं से कहा कि केवल रुश्दी और और उनके समर्थकों को छोड़कर किसी को भी इस मामले में आरोप लगाने का अधिकार नहीं है.

  10. 15 अगस्त 1947 को क्या कर रहे थे महात्मा गांधी?

  11. हेमंत सोरेन ने कहा- झारखंड में फिर से बहाल होगी पुरानी पेंशन योजना

    झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य में जल्द ही पुरानी पेंशन व्यवस्था फिर से बहाल करने का भरोसा दिया है. झारखंड के मुख्यमंत्री कार्यालय के आधिकारिक ट्वीटर हैंडल से इसकी जानकारी दी गई है.

    ट्वीट में हेमंत सोरेन ने कहा है कि इस बारे में कामकाज के नियम और तरीके यानी एसओपी बनाए जा रहे हैं. इसे जल्द ही पूरी तरह से लागू कर दिया जाएगा.

    उन्होंने ट्वीट में लिखा, ‘‘सरकारी कर्मियों के लिए पुरानी पेंशन बहाल करने के सम्बन्ध में मैंने वादा किया था. इस संबंध में कैबिनेट से प्रस्ताव भी पारित हो चुका है. एसओपी निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है, शीघ्र ही इसे पूर्णरुपेण लागू कर दिया जायेगा.’

    पुरानी पेंशन योजना

    लगभग डेढ़ महीने पहले जून अंत में हेमंत सोरेन ने कहा था कि उनकी सरकार सभी वर्गों के सामाजिक सुरक्षा को लेकर संवेदनशील है, इसलिए राज्य में 15 अगस्त तक पुरानी पेंशन योजना लागू कर दी जाएगी.

    राज्य में इससे पहले 1 अप्रैल, 2004 को पुरानी पेंशन योजना बंद कर दी गई थी. उसे नेशनल पेंशन सिस्टम से बदल दिया गया था.

    झारखंड के सीएम सोरेन ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी रांची में तिरंगा फहराया.

  12. पीएम मोदी ने लाल क़िले से भ्रष्टाचार, परिवारवाद पर बोला हमला

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के 75वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल क़िले से अपने भाषण में मौजूदा वक़्त में देश के सामने खड़ी कई चुनौतियों का ज़िक्र किया. आइए पढ़ें कि प्रधानमंत्री ने किन प्रमुख मुद्दों का ज़िक्र किया.

    प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "मैं जानता हूँ चुनौतियाँ अनेक हैं. मर्यादाएँ अनेक हैं. मुसीबतें भी हैं. बहुत कुछ है. हम लगातार कोशिश कर रहे हैं. हम रास्ते खोजते हैं. लेकिन दो विषयों की चर्चा मैं यहाँ करना चाहता हूँ. चर्चा अनेक विषयों की हो सकती है, मगर समय की कमी की वजह से मैं केवल दो विषयों पर चर्चा करना चाहता हूँ."

    "मैं सबकी चर्चा नहीं करते हुए केवल दो विषयों पर ज़रूर चर्चा करना चाहता हूँ. एक है- भ्रष्टाचार, और दूसरा है- भाई-भतीजावाद, परिवारवाद."

  13. सलमान रुश्दी पर हमले को लेकर न्यूयॉर्क की गवर्नर ने कहा, कलम को चाकू से नहीं किया जा सकता है चुप

    जाने-माने लेखक सलमान रुश्दी को चाकू मारे जाने के बाद न्यूयाॅर्क की गवर्नर कैथी होचुल ने रविवार को उसी स्थान पर एक भाषण दिया है.

    इस भाषण में गवर्नर होचुल ने कहा कि न्यूयॉर्क हमेशा अभिव्यक्ति की आज़ादी के लिए खड़ा रहेगा. उन्होंने कहा कि कोई शख़्स अपने चाकू से किसी कलम वाले को चुप नहीं करा सकता.

    उन्होंने अपने एक ट्वीट में लिखा, ‘‘हम हमेशा अभिव्यक्ति की आज़ादी, शिक्षा और सहनशीलता जैसे उन मूल्यों के साथ खड़े रहेंगे, जिनके लिए सलमान रुश्दी और चैटाउक्वा संस्थान लंबे समय से लड़ते रहे हैं.’’

    सलमान रुश्दी अपने उपन्यास ‘द सैटेनिक वर्सेज़’ में कथित तौर पर इस्लाम और पैगंबर का अपमान करने के चलते 1989 से मौत की धमकियों का सामना कर रहे हैं. ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह ख़ामेनेई ने तब उनके ख़िलाफ़ एक फ़तवा जारी किया था.

    उसके बाद वे ब्रिटेन में 9 सालों तक छिपकर रहे. बाद में वे अमेरिका चले गए, जहाँ वे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में रहते आए हैं. इसके बाद भी शुक्रवार को उन पर एक शख़्स ने एक कार्यक्रम में मंच पर चढ़कर चाकू से हमला कर दिया.

  14. नरेंद्र मोदी और भारतवासियों को फ़्रांस के राष्ट्रपति ने स्वतंत्रता दिवस पर हिंदी में भेजा ये संदेश

    भारत आज अपनी आज़ादी की 75वीं वर्षगाँठ मना रहा है. इस मौक़े पर देश-विदेश से भारत को बधाइयाँ मिल रही हैं.

    अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने भी भारत को बधाई दी है. अब फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने हिंदी में ट्वीट पर पीएम मोदी और भारत की जनता को बधाई दी है.

    उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा है- प्रिय मित्र @NarendraModi, प्रिय भारतवासियों, स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाइयाँ. आप जब पिछले 75 वर्षों में भारत की शानदार उपलब्धियों का गर्व से जश्न मना रहे हैं, आप भरोसा कर सकते हैं कि फ्रांस हमेशा आपका साथ देगा.

  15. नीतीश कुमार की घोषणा को तेजस्वी यादव ने कहा 'ऐतिहासिक', लेकिन गिरिराज सिंह ने ऐसे ली चुटकी

    बिहार में लोगों को नौकरी देने की मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की घोषणा को लेकर बयानबाज़ी का दौर शुरू हो गया है. स्वतंत्रता दिवस पर पटना के गांधी मैदान से अपने संबोधन में नीतीश कुमार ने उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के वादे को अपना समर्थन दिया और यहाँ तक कहा कि वे तो 20 लाख नौकरी देने का सोच रहे हैं.

    नीतीश कुमार ने कहा- हमलोग बड़ी संख्या में रोज़गार देंगे. नौकरी वाली जो बात है, हमलोग एक साथ हैं. हमलोगों का कॉन्सेप्ट है कि हमलोग कम से कम इसे 10 लाख कर दें. लेकिन हम तो यही कहेंगे कि हम करेंगे बच्चे-बच्चियों की नौकरी के लिए भी. और इसके अलावा उसके रोज़गार के लिए भी. नौकरी और रोज़गार दोनों का इंतजाम इतना कराएँगे, सरकारी और सरकार के बाहर भी. हर तरह से इतना ज़्यादा काम बढ़ना चाहिए कि ये हो जाएगा तो हमलोगों का मन तो है कि इसको हमलोग 20 लाख तक पहुँचाएँ.

    बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार की इस घोषणा को ऐतिहासिक कहा है. उन्होंने कहा कि पटना के गांधी मैदान से इसकी घोषणा की गई है, इससे बड़ा प्लेटफ़ॉर्म क्या हो सकता है.

    पत्रकारों से बातचीत में तेजस्वी यादव ने कहा- ये एक ऐतिहासिक घोषणा है. उन्होंने गांधी मैदान से कहा है कि 10 लाख नौकरियाँ दी जाएँगी और फिर इसे बढ़ाकर 20 लाख भी किया जाएगा. ये बहुत बड़ा मुद्दा है. आप लोग उस पर क्यों नहीं बहस करते हैं. आज बिहार के हर नौजवान के दिल में जो उम्मीद थी, जो ख़्वाहिश थी. उसको हमलोग साथ मिलकर पूरा कर रहे हैं. आपको पूछ रहे थे कि नौकरियों का क्या होगा. तो इससे बड़ा प्लेटफ़ॉर्म क्या होगा. माननीय मुख्यमंत्री जी ने गांधी मैदान से घोषणा की है कि हमलोग साथ मिलकर नौजवानों को नौकरी देने का काम करेंगे.

    हाल ही में नीतीश कुमार ने बीजेपी से नाता तोड़ते हुए राष्ट्रीय जनता दल के साथ फिर सरकार बनाई है. तेजस्वी यादव को बिहार का उप मुख्यमंत्री बनाया गया है.

    दरअसल वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव के दौरान राष्ट्रीय जनता दल ने 10 लाख नौकरी देने का वादा किया था. लेकिन उस समय नीतीश कुमार ने बीजेपी के सहयोग से सरकार बनाई थी.

    आरजेडी नेता तेजस्वी यादव उन दिनों हर रैली में इस वादे का ख़ूब ज़िक्र करते थे. दूसरी ओर केंद्रीय मंत्री और बिहार से बीजेपी के सांसद गिरिराज सिंह ने नीतीश कुमार की घोषणा पर चुटकी ली है.

    उन्होंने उनका वीडियो शेयर करते हुए ट्विटर पर लिखा- इनका इतिहास और हम सभी अनुभव कहता है कि यह इसमें भी यू-टर्न ले लेंगे!

    लेकिन राष्ट्रीय जनता दल और उसके नेता नीतीश कुमार की घोषणा की जमकर तारीफ़ कर रहे हैं.

    लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने ट्वीट करके लिखा है- 10 लाख नौकरियों के अलावा 10 लाख अतिरिक्त नौकरियाँ. यही है स्वतंत्रा दिवस की खूबसूरती, जिसमें आदरणीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज चार चांद लगा दिया. जय हिन्द

    तेजस्वी याद ने भी ट्वीट कर नीतीश कुमार को इसके लिए धन्यवाद दिया है.

    उन्होंने ट्विटर पर लिखा है- गांधी मैदान से बेरोजगारों एवं युवाओं की अपेक्षाओं और सपनों के अनुरूप बिहार में 10 लाख नौकरियाँ एवं अन्य 10 लाख नौकरियों की व्यवस्था करने की ऐतिहासिक घोषणा पर आदरणीय मुख्यमंत्री श्री @NitishKumar जी का कोटि-कोटि धन्यवाद। हम और आप ले चलेंगे बिहार को विकास और प्रगति के पथ है शपथ!

  16. काबुल से LIVE: अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान शासन का एक साल

  17. नरेंद्र मोदी ने महात्मा गांधी पर जो कहा, उस पर कांग्रेस ने ऐसे साधा है निशाना

    कांग्रेस पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लालक़िले से देश के नाम दिए संबोधन में महात्मा गांधी के रास्ते पर चलने की बात पर तंज़ किया है.

    अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर कांग्रेस पार्टी ने ट्वीट किया, ‘‘आम जनता से लूटकर चुनिंदा उद्योगपति मित्रों की जेब भरने वाले लोग महात्मा गांधी का नाम न लें तो बेहतर है.’’

    इस ट्वीट में देश में ग़रीबों के बुरे हाल का हवाला देते हुए लिखा गया, ‘‘देश में 84 प्रतिशत लोगों की आय कम है, भारत सामूहिक गरीबी वाले देशों में फिर से शुमार हो रहा है और अमीर और ग़रीब के बीच खाई और चौड़ी हो रही है.’’

    एक अन्य ट्वीट में कहा गया, ‘‘सिर्फ़ 5 साल के अंदर ही उद्योगपति मित्रों का ₹10 लाख करोड़ का लोन बट्टे खाते में डालने वाले लोगों की कोशिशें किसी से छिपी नहीं है.’’

    एक अन्य ट्वीट में कहा गया, ‘‘सिर्फ़ 5 साल के अंदर ही उद्योगपति मित्रों का ₹10 लाख करोड़ का लोन बट्टे खाते में डालने वाले लोगों की कोशिशें किसी से छिपी नहीं है.’’

    क्या कहा पीएम मोदी ने?

    पीएम मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत में बापू को याद किया और कहा, ‘‘हम सभी देशवासी पूज्य बापू, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, वीर सावरकर के ऋणी हैं, जिन्होंने कर्तव्य पथ पर जीवन को खपा दिया. कर्तव्य पथ ही उनका जीवन पथ रहा.’’

    अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के सपनों को पूरा करने के लिए ख़ुद को समर्पित कर दिया है.

    नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘‘मैंने उन लोगों को सशक्त करने में समय दिया, जो पिछड़े रहे. देश के वंचित, शोषित, दलित, पिछड़े लोगों के कल्याण के लिए महात्मा गांधी के सपने को पूरा करने के लिए ख़ुद को समर्पित कर दिया है.’’

    उन्होंने कहा, ‘‘महात्मा गांधी का सपना था कि देश के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचा जाए. यह आज़ादी के अमृत काल की पहली सुबह है और मैं आज देश का सौभाग्य देख रहा हूँ कि भारत का जन मन आकांक्षित जन मन है.’’

    कांग्रेस मुख्यालय में भी फहराया गया तिरंगा

    राहुल गांघी की मौजूदगी में पार्टी के मुख्यालय में तिरंगा फहराया गया. इस मौके पर पार्टी के कई अन्य नेता भी उपस्थित रहे.

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘आज़ादी के 75 साल पूरे होने पर आज कांग्रेस मुख्यालय में ध्वजारोहण समारोह में शामिल हुआ. ये एक ऐतिहासिक और यादगार पल है. आज हम आज़ादी के 76वें वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं. हमें मिलकर एक नई ऊर्जा का संचार कर, देशहित के कार्यों को नई दिशा और गति देनी होगी.’’

  18. आज़ादी के 75 साल: भारत के बंटवारे पर बनीं ये 5 यादगार फ़िल्में आपने देखी हैं?

    भारत के बंटवारे, दंगों और उसके बाद हुए लाखों लोगों के विस्थापन को मानवीय इतिहास की सबसे बड़ी त्रासदियों में गिना जाता है लेकिन इस विषय पर बनीं फ़िल्मों को ऊंगलियों पर गिना जा सकता है.

    आइए बात करते हैं ऐसी पांच ख़ास फ़िल्मों की जो विभाजन विभीषिका के कई सुने-अनसुने पहलुओं का मार्मिक चित्रण करती हैं.

  19. मोहन भागवत ने आरएसएस मुख्यालय पर फहराया तिरंगा और कहा- ध्वज के केंद्र में है धर्म चक्र

    राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ यानी आरएसएस के प्रमुख मोहन भागवत ने स्वतंत्रता दिवस के मौक़े पर नागपुर स्थित मुख्यालय पर तिरंगा फहराया और भारत माता की तस्वीर पर माल्यार्पण भी किया.

    मोहन भागवत ने कहा कि 15 अगस्त को हमें जो आज़ादी मिली उसके लिए कई लोगों ने अनेक काम किए.

    उनके अनुसार, ‘‘यदि हम 1857 के बाद देखें तो सशस्त्र संघर्ष, राजनीतिक जागरुकता लाकर आंदोलन करके, सामजिक बुराइयों को दूर करके समाज को संगठित करके और समाज में देशभक्ति का भाव पैदा करके इन चारों रास्तों पर अनेक लोगों ने अपना सब कुछ देकर काम किया है."

    बताया तिरंगा के तीनों रंगों का महत्व

    इस अवसर पर उन्होंने देश के सभी नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए तिरंगा के तीनों रंगों के महत्व को समझाया है.

    उन्होंने कहा- राष्ट्र ध्वज के शीर्ष पर स्थित रंग को हम केसरिया कहते हैं, जो त्याग, कर्म, प्रकाश और ज्ञान का रंग है. वहीं हम पवित्र बनेंगे, हमारा मन विकारों से ग्रस्त नहीं होगा, इसके लिए दूसरा रंग सफेद है और सभी प्रकार की समृद्धि का रंग हरा, लक्ष्मी जी का प्रतीक है.

    उन्होंने आगे कहा, ‘‘ऐसा हम धर्म का पालन करके ही कर सकते हैं, इसलिए ध्वज के केंद्र में धर्म चक्र है. इन बातों को समझकर हमें परिश्रम करना चाहिए. हमें ये नहीं सोचना चाहिए कि मुझे क्या मिलेगा. मैं अपने देश को क्या दे रहा हूँ, इसका विचार करके ही हमें अपना जीवन जीने की आवश्यकता है.’’

  20. भारत की आज़ादी की आवाज़ कैसे बना था शिकागो रेडियो

    साल 1929 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के एक स्वयंसेवक को ज़िंदगी बदल देने वाला अहसास हुआ.

    भारत के पूजनीय राष्ट्रीय हीरो महात्मा गांधी विशाल स्वतंत्रता समर्थक रैली में अपनी आवाज़ लोगों तक पहुंचाने के लिए संघर्ष कर रहे थे. नानिक मोटवाने उन्हें देख रहे थे.

    बाद में नानिक मोटवाने ने इस बारे में लिखा कि महात्मा गांधी एक ही रैली में अपनी बात लोगों तक पहुंचाने के लिए अलग-अलग मंचों से बोल रहे थे ताकि लोग उनकी कमज़ोर आवाज़ को बड़ी तादाद में सुन सकें.

    ये वो पल था जब 27 वर्षीय मोटवाने ने तय किया कि वो गांधी की आवाज़ को लोगों तक पहुंचाने का तरीक़ा निकालेंगे.