You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

सलमान रुश्दी के हमलावर पर हत्या की कोशिश और हमले का आरोप दर्ज

अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक सलमान रुश्दी के हमलावर पर हत्या की कोशिश और हमले का आरोप दर्ज किया गया है. रुश्दी पर हमला करने वाले हादी मतर को रिमांड पर भेज दिया गया है.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and दीपक मंडल

  1. डोनाल्ड ट्रंप के ठिकानों पर छापेमारी में एफ़बीआई ने बरामद किए 'टॉप सीक्रेट' दस्तावेज़

    अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी के दौरान जाँच एजेंसी एफ़बीआई को कई अहम 'ख़ुफ़िया जानकारी' वाले दस्तावेज़ मिले हैं.

    अमेरिकी मीडिया की ख़बरों के हवाले से समाचार एजेंसी एएफ़पी ने बताया कि एफ़बीआई एजेंट्स ने ट्रंप के घर से गोपनीय दस्तावेजों के 11 सेट बरामद किए हैं.

    ट्रंप पर आरोप लगाया जा रहा है कि उन्होंने गोपनीय दस्तावेजों को अपने आवास में रखकर जासूसी अधिनियम का उल्लंघन किया है. वहीं, ट्रंप ने इस तलाशी को राजनीतिक षड्यंत्र बताया है.

    अमेरिकी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार एफ़बीआई की तलाशी उन दस्तावेजों से संबंधित थी जो ट्रंप जनवरी 2021 में व्हाइट हाउस छोड़ने पर अपने साथ ले गए थे. इनमें से कुछ दस्तावेज़ को राष्ट्रीय अभिलेखागार ने गोपनीय दस्तावेज़ के रूप में चिह्नित किया था.

    एफ़बीआई ने ट्रंप के घर पर ऐसे वक्त में छापा मारा जब वह 2024 में राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए अपनी दावेदारी पेश करने की तैयारी कर रहे हैं.

    वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार कुछ दस्तावेजों को 'टॉप सीक्रेट' के तौर पर चिह्नित किया गया है और इन्हें केवल कुछ विशेष सरकारी संस्थाएं ही देख सकती हैं. रिपोर्ट में कहा गया है कि जिन दस्तावेज़ों को अलग किया गया है उनमें 'फ़्रांस के राष्ट्रपति' से जुड़ी जानकारी भी थी.

    रिपोर्ट के अनुसार, सात पन्नों के दस्तावेज़ में पाम बीच में ट्रंप एस्टेट की तलाशी का वारंट भी शामिल है. वॉल स्ट्रीट जर्नल ने ये भी बतायाहै कि एफ़बीआई ने ट्रंप के घर से करीब 20 बक्से भरकर सामान बरामद किया है.

    इससे पहले वॉशिंगटन पोस्ट ने जाँच से जुड़े सूत्रों के हवाले से ये दावा किया था कि ट्रंप के घर से बरामद हुए गोपनीय दस्तावेज़ों में परमाणु हथियारों से जुड़े काग़ज़ात भी शामिल हैं.

    हालाँकि, ट्रंप ने इन दावों को अफ़वाह बताते हुए ख़ारिज कर दिया है. ट्रंप ने ये भी आरोप लगाया है कि शायद एफ़बीआई उनके घर पर 'झूठे सबूत' रख रही है.

  2. सलमान रुश्दी के कार्यक्रम की सुरक्षा पर अमेरिकी मीडिया ने उठाए कई सवाल

    ब्रिटिश लेखक सलमान रुश्दी पर शुक्रवार को अमेरिका के न्यूयॉर्क में चाकू से हमला हुआ. उनकी हालत नाज़ुक बनी हुई है और वो वेंटिलेटर पर हैं. हमले के कारण सलमान रुश्दी के लिवर को नुक़सान पहुँचा है और आशंका ये भी है कि उनकी एक आंख की रोशनी जा सकती है.

    सलमान रुश्दी पर हमला उस समय हुआ जब वह न्यूयॉर्क के चौटाउक्वा संस्थान के एक कार्यक्रम में बोलने जा रहे थे.

    रुश्दी पर हुए हमले की ख़बर दुनिया समेत अमेरिकी मीडिया में भी छाई हुई है. अमेरिका के लगभग सभी बड़े मीडिया संस्थान ने सलमान रुश्दी पर हमले की ख़बर को प्रकाशित किया है.

    यूएसए टुडेने रुश्दी पर हमले की ख़बर को प्रकाशित करते हुए शीर्षक में उनकी बहु-चर्चित और विवादित किताब द सैटेनिक वर्सेज़ का उल्लेख किया है.

  3. नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के पूर्व अधिकारी समीर वानखेड़े को बड़ी राहत

    राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के पूर्व अधिकारी समीर वानखेड़े को बड़ी राहत दी है.

    मामले की सुनवाई करते हुए आयोग ने माना कि वानखेड़े अनुसूचित जाति से संबंध रखते हैं.

    आयोग ने फ़ैसला सुनाते हुए कहा कि वानखेड़े जन्म से मुस्लिम नहीं थे. साथ ही इस बात के साक्ष्य भी नहीं मिले हैं कि वानखेड़े या फिर उनके पिता ने इस्लाम धर्म अपनाया हो लेकिन यह ज़रूर साबित होता है कि वह महार जाति से संबंध रखते हैं.

    इससे पूर्व, वानखेड़े के ख़िलाफ़ आरोप लगाया गया था कि समीर वानखेड़े मुस्लिम थे. महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और एनसीपी नेता नवाब मलिक ने आरोप लगाया था कि उन्होंने फ़र्जी जाति प्रमाण पत्र के ज़रिए यूपीएससी की परीक्षा पास की थी.

    उन्होंने एक बर्थ सर्टिफ़िकेट ट्वीट करके कहा था कि समीर वानखेड़े का असली नाम 'समीर दाऊद वानखेड़े' है.

    इस सर्टिफ़िकेट में धर्म के कॉलम में मुसलमान दर्ज है.

    समीर वानखेड़े 2008 बैच के आईआरएस अधिकारी हैं. मलिक ने आरोप लगाया था कि वानखेड़े जन्म से मुसलमान हैं और नौकरी पाने के लिए उन्होंने जाली तरीक़े से एससी सर्टिफ़िकेट बनवाया था.

    मलिक ने समीर वानखेड़े की पहली शादी का कथित 'निकाहनामा' (मैरिज सर्टिफ़िकेट) भी शेयर किया था और बताया कि उनकी पहली शादी डॉक्टर शबाना क़ुरैशी से हुई थी.

    मलिक ने कहा था कि 'उनका मक़सद वानखेड़े का धर्म बताना नहीं बल्कि उनके द्वारा की गई जालसाज़ी को लोगों के सामने लाना है.'

  4. कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव की सेहत में कोई सुधार नहीं, तीन दिन से नहीं आया होश

    जाने-माने कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव की हालत में कोई सुधार नहीं है और वो अभी भी एम्स के आईसीयू में वेंटिलेटर पर हैं.

    अस्पताल के सूत्रों के हवाले से समाचार एजेंसी पीटीआई ने बताया, "राजू श्रीवास्तव की हालत नाज़ुक है और वो वेंटिलेटर पर ही हैं. उनकी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है. अस्पताल में भर्ती किए जाने के बाद से अब तक उन्हें होश नहीं आया है."

    राजू श्रीवास्तव की उम्र 58 वर्ष है. बीते बुधवार को जिम में कसरत करते समय उन्हें दिल का दौरा पड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उसी दिन उनकी एंजियोप्लास्टी भी की गई थी.

    राजू श्रीवास्तव का इलाज एम्स के कार्डियोलॉजी विभाग के प्रोफ़ेसर डॉक्टर नीतीश नाइक कर रहे हैं.

    इससे पहले शुक्रवार को राजू श्रीवास्तव के परिवार ने उनके आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज पर एक बयान भी जारी किया था, जिसमें उनकी हालत 'स्थिर' बताई गई थी.

    परिवार ने बयान में कहा, "राजू श्रीवास्तव की हालत स्थिर है. हम उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं. डॉक्टर उनके इलाज के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं. लगातार प्यार और समर्थन देने के लिए सभी शुभचिंतकों का शुक्रिया."

    परिवार ने लोगों ने किसी भी भ्रामक या फर्ज़ी ख़बर से भी बचने का आग्रह किया है.

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाँधी दोबारा कोरोना संक्रमित हुईं

    कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाँधी एक बार फिर कोरोना संक्रमित हो गई हैं. इससे पहले जून महीने में सोनिया गाँधी कोरोना पॉज़िटिव पाई गईं थीं.

    कांग्रेस सांसद और पार्टी के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने इसकी जानकारी दी है.

    उन्होंने बताया कि शनिवार को सोनिया गाँधी की कोविड-19 टेस्ट रिपोर्ट पॉज़िटिव आई है. वो सरकार द्वारा जारी प्रोटोकॉल का पालन करते हुए आइसोलेशन में रहेंगी.

    सोनिया गाँधी जून महीने के पहले सप्ताह में कोरोना संक्रमित हुई थीं, जिसके कुछ समय बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था.

    इसी सप्ताह कांग्रेस महासचिव प्रियंका गाँधी भी कोरोना संक्रमित पाई गई थीं. प्रियंका भी दो महीने में दूसरी बार कोरोना पॉज़िटिव पाई गई हैं.

    कांग्रेस नेता राहुल गाँधी ने भी बीते सप्ताह ख़राब स्वास्थ्य की वजह से अपना अलवर दौरा रद्द कर दिया था.

  6. जम्मू-कश्मीर में चार सरकारी कर्मी बर्ख़ास्त, सैयद सलाहुद्दीन के बेटे और बिट्टा कराटे की पत्नी शामिल

    जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने चरमपंथियों से रिश्ता रखने के आरोप में चार सरकारी कर्मचारियों को बर्ख़ास्त कर दिया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, बर्ख़ास्त किए गए कर्मियों में बिट्टा कराटे की पत्नी और चरमपंथी सैयद सलाहुद्दीन के बेटे सैयद अब्दुल मुईद भी शामिल हैं.

    सरकारी सूत्रों के हवाले से समाचार एजेंसी एएनआई ने बताया है कि इन चारों कर्मचारियों को 'टेरर लिंक' के आरोपों में बर्ख़ास्त किया गया है.

    सैयद सलाहुद्दीन पाकिस्तान स्थित चरमपंथी संगठन हिज़बुल मुजाहिद्दीन के मुखिया हैं.

    इससे पहले सैयद सलाहुद्दीन के एक अन्य बेटे शाहिद यूसुफ़ को साल 2017 में टेरर फ़ंडिंग से जुड़े मामले में एनआईए ने गिरफ़्तार किया था. सलाहुद्दीन के छह बेटे और दो बेटियां हैं. यूसुफ़ भी जम्मू-कश्मीर सरकार के कृषि विभाग में कार्यरत थे.

    वहीं, बिट्टा कराटे पर 1990 के दशक में कश्मीरी पंडितों की सामूहिक हत्या में शामिल होने का आरोप लगता रहा है.

    बिट्टा कराटे खुद फिलहाल टेरर-फ़ंडिंग से जुड़े मामले में जेल में हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कराटे की पत्नी कश्मीर की यूनिवर्सिटी में कार्यरत थीं.

  7. विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भारत-चीन संबंधों पर कही ये बड़ी बात

    विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने एक बार फिर से भारत और चीन के संबंधों को लेकर टिप्पणी की है.

    उन्होंने शुक्रवार को एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि भारत लगातार अपने इस रुख़ पर कायम है कि अगर सीमावर्ती इलाकों में चीन ने शांति भंग करने की कोशिश की तो इससे द्विपक्षीय संबंध प्रभावित होंगे.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार एस. जयशंकर ने कहा, "हमने कमांडर स्तर की 15 दौर की वार्ताएं की हैं. दोनों पक्षों ने कुछ स्थानों से पीछे हटने के संदर्भ में कुछ हद तक ठोस प्रगति हासिल की है. हालाँकि अभी भी ऐसे कुछ इलाके हैं जहाँ वो पीछे नहीं हटे लेकिन हमने हमेशा ये रुख़ कायम रखा है कि अगर चीन सीमावर्ती इलाकों में शांति भंग करता है तो इससे संबंधों पर असर पड़ेगा."

    जयशंकर लद्दाख में दो साल पहले हुई हिंसक झड़प के बाद चीन के साथ भारत के तनावपूर्ण संबंधों से जुड़े सवाल का जवाब दे रहे थे.

    इस दौरान जयशंकर बोले, "मैंने 2020 और 2021 में भी कहा था और 2022 में भी वही कहूंगा- हमारे संबंध सामान्य नहीं हैं. अगर सीमा पर स्थिति सामान्य नहीं हुई तो संबंध भी सामान्य नहीं हो सकते हैं और सीमा पर फ़िलहाल हालात सामान्य नहीं हैं."

    उन्होंने कहा कि सीमा की स्थिति एक बड़ी समस्या बनी हुई है क्योंकि सेना पिछली दो सर्दियों से वहां डटी हुई है. विदेश मंत्री ने कहा कि यह बहुत तनावपूर्ण स्थिति है और यह एक ख़तरनाक स्थिति भी हो सकती है, इसलिए हम बातचीत कर रहे हैं.

  8. आरएसएस और मोहन भागवत ने सोशल मीडिया डीपी में लगाया तिरंगा

    स्वतंत्रता दिवस से पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और इसके प्रमुख मोहन भागवत ने अपने सोशल मीडिया डिस्प्ले पिक्चर (डीपी) में तिरंगा लगाया है.

    भारत की आज़ादी के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुछ दिन पहले अपील की थी कि लोग डीपी में तिरंगा लगाएं.

    इसके बाद पीएम समेत कई मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों, विपक्षी नेताओं और आम लोगों ने दो अगस्त से ही अपनी डीपी पर तिरंगे की फोटो लगानी शुरू कर दी थी.

    हालाँकि, आरएसएस और संगठन प्रमुख मोहन भागवत ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट की तस्वीर नहीं बदली थी, जिसकी वजह से विपक्ष ने आरएसएस और बीजेपी को निशाने पर लिया था.

    कांग्रेस नेता राहुल गाँधी ने तंज़ कसते हुए कहा था कि जो लोग आज 'हर घर तिरंगा' का नारा लगा रहे हैं, वे उस 'देशद्रोही संगठन' से हैं जिन्होंने 52 सालों तक तिरंगा फहराने से इनकार किया.

    संघ के सोशल मीडिया अकाउंट पर डीपी बदलने के बाद कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने ट्वीट किया, "सप्ताह भर से बने भारी दबाव के बाद आख़िरकार आरएसएस ने प्रोफ़ाइल पिक्चर में तिरंगा लगाया."

    आलोचनाओं पर पलटवार करते हुए आरएसएस ने शनिवार सुबह एक वीडियो भी ट्वीट किया, जिसे मोहन भागवत की अलग-अलग मौकों पर तिरंगा फ़हराती तस्वीरों को मिलाकर बनाया गया है.

    वहीं, मोहन भागवत के अकाउंट की तस्वीर में तिरंगा लगाया गया है लेकिन इससे अभी तक कोई ट्वीट नहीं किया गया है.

    जहाँ सभी बीजेपी नेताओं ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट में तिरंगे की तस्वीर लगाई है तो वहीं, कांग्रेस नेताओं ने पूर्व पीएम जवाहरलाल नेहरू की तिरंगा हाथ में लिए फ़ोटो लगाई है.

  9. सलमान रुश्दी पर हमले के बाद तस्लीमा नसरीन इस्लाम को लेकर क्या बोलीं

    लेखक सलमान रुश्दी पर जानलेवा हमले के बाद बांग्लादेश की निर्वासित लेखिका तस्लीमा नसरीन ने टिप्पणी की है.

    उन्होंने ट्वीट किया है कि ‘अगर उन पर हमला किया जा सकता है, तो इस्लाम की आलोचना करने वाले किसी भी व्यक्ति पर हमला किया जा सकता है.’

    तस्लीमा नसरीन को भी अपनी किताब के कारण 1994 में बांग्लादेश से भागना पड़ा था और फिर उन्होंने बाद में भारत में शरण ली.

    उन्होंने ट्वीट में लिखा, “मुझे पता चला कि सलमान रुश्दी पर न्यूयॉर्क में हमला हुआ है. मैं सचमुच स्तब्ध हूं. मैंने कभी नहीं सोचा था कि ऐसा भी होगा. वो पश्चिम में रह रहे थे और 1989 से उनको सुरक्षा मिली हुई थी. अगर उन पर हमला हो सकता है तो इस्लाम की आलोचना करने वाले किसी भी व्यक्ति पर हमला किया जा सकता है. मैं चिंतित हूं.”

  10. सलमान रुश्दी पर हमले को लेकर आया फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का बयान

    फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने बुकर पुरस्कार विजेता रहे लेखक सलमान रुश्दी पर चाकू से हुए हमले को कायराना बताया है और कहा है कि वो इस लड़ाई में रुश्दी के साथ हैं.

    मैक्रों ने इस हमले पर किए ट्वीट में लिखा है, "33 सालों से सलमान रुश्दी ने आज़ादी के लिए आवाज़ बुलंद की है और रुढ़िवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई लड़ी है. वो नफ़रत और बर्बरता को बढ़ावा देने वालों के कायरतापूर्ण हमले का शिकार हुए हैं. उनकी लड़ाई हमारी लड़ाई है. ये सार्वभौमिक है. अब हम पहले से भी अधिक मज़बूती के साथ उनके साथ खड़े हैं."

    ब्रिटिश लेखक सलमान रुश्दी पर अमेरिका के न्यूयॉर्क में उस समय चाकू से हमला हुआ जब वो एक संस्थान के कार्यक्रम में बोल रहे थे. हमले के बाद से उनकी हालत नाज़ुक बनी हुई है.

    रुश्दी के एजेंट ने जानकारी दी है कि लेखक फिलहाल वेंटिलेटर पर हैं और बोल नहीं पा रहे. एजेंट एंड्रयू वाइली के अनुसार, रुश्दी हमले की वजह से अपनी आंखे गंवा सकते हैं.

    हमले के बाद पुलिस ने न्यूजर्सी के फ़ेयरव्यू से 24 वर्षीय हादी मतर नाम के एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है.

  11. लेखक सलमान रुश्दी फ़िलहाल वेंटिलेटर पर, बोल भी नहीं पा रहे

    बुकर पुरस्कार विजेता और 'द सैटेनिक वर्सेज़' के लेखक सलमान रुश्दी पर अमेरिका के न्यूयॉर्क में चाकू से हमला हुआ है.

    ये हमला उस समय हुआ जब वह न्यूयॉर्क के चौटाउक्वा संस्थान के एक कार्यक्रम में बोलने जा रहे थे. इस हमले में रुश्दी का साक्षात्कार ले रहे व्यक्ति भी घायल हुए हैं.

    सलमान रुश्दी के एजेंट ने बताया कि सलमान रुश्दी के स्वास्थ्य को लेकर जो जानकारी फिलहाल आ रही है, वो बहुत अच्छी नहीं है. न्यूयॉर्क स्टेट में चाकू से हमला होने के बाद से सलमान रुश्दी की हालत नाज़ुक बनी हुई है.

    उन्होंने बताया कि फिलहाल वह वेंटिलेटर पर हैं और बोल नहीं पा रहे हैं. एंड्र्यू वाइली ने बताया कि हमले के कारण लेखक अपनी आंख भी खो सकते हैं.

    एंड्रयू वायली ने बताया, "सलमान की एक आंख खोने की भी आशंका है, उनकी बांह में भी काफी चोट आई है और उनके लीवर में भी चाकू के वार किए गए हैं.”

    ऑनलाइन पोस्ट किए गए एक वीडियो में घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद लोग मंच पर भागते हुए नज़र आ रहे हैं. इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने हमलावर को मौके पर ही पकड़ लिया.

    पुलिस ने न्यूजर्सी के फ़ेयरव्यू से 24 वर्षीय हादी मतर नाम के एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है. सलमान रुश्दी पिछले कई सालों से जान से मारने की धमकियों का सामना कर रहे थे.

  12. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 12 अगस्त के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.