बिहार में टूट गया जेडीयू और बीजेपी का गठबंधन?
- Author, विष्णु नारायण
- पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए
बीबीसी को सूत्रों के हवाले से ये जानकारी मिली है कि बिहार में जनता दल-यू और बीजेपी का गठबंधन टूट गया है.
मंगलवार को जदयू के विधायकों, सांसदों और सभी वरिष्ठ नेताओं की बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यह फ़ैसला किया है.
मुख्यमंत्री आवास पर जारी बैठकों के दौर के बीच जदयू की तरफ़ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.
हालांकि राजद के विधायक सुधाकर सिंह ने बीबीसी हिंदी से बातचीत में कहा है कि वो राजद के तमाम विधायकों के साथ इस समय राबड़ी देवी के आवास पर हैं और शाम चार बजे नीतीश कुमार राजद के नेता तेजस्वी यादव के साथ राज्यपाल से मिलने जाएँगे.
बिहार से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पार्टी महासचिव तारिक़ अनवर ने भी एक निजी चैनल से बातचीत में इस बात की पुष्टि की है कि नीतीश कुमार राज्यपाल से मिलने जा रहे हैं.
महागठबंधन के घटक दलों के महत्वपूर्ण नेताओं के साथ सीएम नीतीश कुमार राज्यपाल से मिलकर समर्थन पत्र सौंपेंगे.
इस बीच भाजपा के आला नेताओं की बैठक भी उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद के आवास ‘5 देशरत्न मार्ग’ पर जारी है. भाजपा का नेतृत्व मीडिया से बात करने से बच रहा है.