You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

भारत की श्रीलंका या पाकिस्तान जैसी स्थिति नहीं होने जा रही है: रघुराम राजन

भारतीय रिज़र्व बैंक के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन ने कहा है कि भारत की स्थिति श्रीलंका या पाकिस्तान जैसी नहीं होने जा रही है. यहां की आर्थिक समस्याएं श्रीलंका और पाकिस्तान की तरह नहीं हैं. भारत के पास पर्याप्त विदेशी मुद्रा भंडार है और विदेशी कर्ज़ भी कम है.

लाइव कवरेज

अभिनव गोयल and प्रेरणा .

  1. ताइवान के मुद्दे पर बाइडन-जिनपिंग में तनातनी, क्या हैं भारत के लिए संकेत?

    अमेरिका और चीन ने ताइवान को लेकर एक दूसरे को चेतावनी दी है. गुरुवार को अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से फ़ोन पर दो घंटे बीस मिनट लंबी बातचीत की है.

    व्हाइट हाउस के मुताबिक दोनों नेताओं के बीच सीधी और स्पष्ट बातचीत हुई. दोनों के बीच अमेरिका-चीन रिश्तों, आपसी मतभेद दूर करने और साझा हितों के मुद्दे पर काम करने की संभावना तलाशने समेत रूस-यूक्रेन युद्ध, युद्ध का वैश्विक असर, स्वास्थ्य और कई मुद्दों को लेकर बात हुई.

    दोनों नेताओं की फोन कॉल के बारे में जानकारी देते हुए व्हाइट हाउस प्रेस सचिव कैरीन शॉन पिएर ने कहा, "दोनों के बीच स्पष्ट बातचीत हुई. बाइडन करीब चार दशकों से शी जिनपिंग को जानते हैं. राष्ट्रपति बार-बार कहते रहे हैं कि नेताओं को सीधे बातचीत करनी ही चाहिए."

  2. ब्रेकिंग न्यूज़, कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का खुला खाता, वेटलिफ्टर संकेत सरगर को 55 किलोग्राम कैटेगरी में मिला रजत पदक

    इंग्लैंड के बर्मिंघम में खेले जा रहे 22वें कॉमनवेल्थ गेम्स में आज भारत को पहला मेडल मिला है.

    वेटलिफ्टर संकेत सरगर ने 55 किलोग्राम की कैटेगरी में सिल्वर मेडल जीता है.

    संकेत सरगर ने कुल 248 किलोग्राम का भार उठाकर पदक अपने नाम किया है.

    फाइनल मुक़ाबला मलेशिया के बिब अनीक और भारत के संकेत सरगर के बीच था.

    बिब अनीक ने मुक़ाबला अपने नाम कर, जहां स्वर्ण पदक जीता, वहीं केवल एक किलोग्राम के अंतर के कारण संकेत को रजत पदक से संतोष करना पड़ा. दूसरे राउंड के आखिर दो अटेंप में संकेत चोटिल भी हो गए.

    श्रीलंका की दिलांका योदागे ने कांस्य पदक अपने नाम किया.

  3. मीराबाई चानू: चैंपियन वेटलिफ़्टर पर आज होंगी निगाहें, पदक की है आस

    भारत की चैंपियन वेटलिफ़्टर मीराबाई चानू पर शनिवार को देश की नज़रें होंगी. कॉमनवेल्थ खेलों में मीराबाई चानू दमखम दिखाने उतरेंगी.

    टोक्यो ओलंपिक में भारत को मेडल दिलाने वाली मीराबाई चानू से कॉमनवेल्थ खेलों में भी पदक की आस लगाई जा रही है. उन्होंने 2018 के कॉमनवेल्थ खेलों में गोल्ड मेडल जीता था.

    मीराबाई चानू ने बीते साल जब टोक्यो ओलंपिक में पदक जीता था, तब बीबीसी ने पदक तक पहुंचने के उनके सफर का लेखा-जोखा लिया था.

  4. केरल की स्वास्थ्य मंत्री ने दी जानकारी, मंकीपॉक्स का पहला मरीज़ हुआ पूरी तरह से स्वस्थ

    भारत के दक्षिणी राज्य केरल में मंकीपॉक्स का मिला पहला मरीज़ अब पूरी तरह स्वस्थ हो चुका है. मरीज़ को शनिवार देर शाम केरल सरकारी मेडिकल कॉलेज से डिस्चार्ज कर दिया जाएगा.

    केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने शनिवार को ख़ुद इसकी जानकारी देते हुए, ''चूंकि यह देश में मंकीपॉक्स का पहला मामला था, इसलिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी (एनआईवी) के निर्देशों के अनुसार 72 घंटे के अंतराल पर दो बार टेस्ट किए गए. मरीज़ की रिपोर्ट दोनों ही बार निगेटिव आई. शारीरिक और मानसिक दोनों ही रूप से वह स्वस्थ है. शरीर के रैश पूरी तरह ठीक हो गए हैं और उसे आज ही डिस्चार्ज कर दिया जाएगा.''

    स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक़ मरीज़ के प्राथमिक संपर्क में रहे उनके परिजनों की भी जांच की की गई, सभी की रिपोर्ट्स निगेटिव आई हैं.

    केरल में अब तक मंकीपॉक्स के कुल तीन मामले सामने आ चुके हैं. एक मरीज़ जहां पूरी तरह रिकवर हो चुका है, वहीं दो अन्य की स्थिति भी ठीक है.

    देश में मंकीपॉक्स का पहला मामला बीते 14 जुलाई को आया था.

  5. वो महिला मुक्केबाज़ जिसे माना जा रहा है भविष्य की चैंपियन

    भिवानी के धनाना गांव की मुक्केबाज़ नीतू घनघस ने दिखाया है कि आपके यदि इरादे बुलंद हों तो किसी भी परिणाम को हासिल किया जा सकता है. पक्के इरादे वाली इस मुक्केबाज़ को बर्मिंघम कॉमनवेल्थ खेलों की महिला मुक्केबाज़ी के 48 किलोमग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने का मज़बूत दावेदार माना जा रहा है.

    नीतू के मुक्केबाज़ी में ग्रेजुएशन की कहानी भी काफी दिलचस्प है. वह इस साल पहली बार विश्व मुक्केबाज़ी चैंपियनशिप में भाग लेने गईं और उनका पहले ही राउंड में देश की महान मुक्केबाज़ एमसी मैरिकॉम की पुरानी रोमानियाई प्रतिद्वंद्वी स्टेलुटा से मुकाबला था.

    नीतू ने अपने आक्रामक अंदाज़ से उन्हें धोकर रख दिया. हालांकि नीतू अपने इस अभियान को पदक तक पहुंचाने में सफल नहीं हो सकीं. उन्हें क्वार्टर फाइनल में एशियाई चैंपियन बाल्कीबियोवा के हाथों 2-3 अंकों से हार का सामना करना पड़ा.

  6. न्यायपालिका को अपनी समस्याओं को नहीं छिपाना चाहिए: चीफ़ जस्टिस रमन्ना

    अखिल भारतीय ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण की बैठक के उद्घाटन सत्र में भारत के मुख्य न्यायाधीश एनवी रमन्ना ने कहा है कि न्यायपालिका को अपनी समस्याओं को नहीं छिपाना चाहिए बल्कि उन मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए जो इसके कामकाज में बाधा डालते हैं.

    इस मौके पर चीफ़ जस्टिस ने कहा, "अगर गंभीर चिंता के मामलों को हल नहीं किया जाएगा तो सिस्टम पंगु हो जाएगा. मुझे डर है कि हम सामाजिक न्याय को पूरा करने की जिम्मेदारी में असमर्थ हो सकते हैं. इसलिए मैं आपसे चर्चा, डिबेट और तय करने की गुजारिश करता हूं."

    "बहुसंख्यक न्याय वितरण तंत्र का अनुसरण नहीं कर सकते. न्याय तक पहुंच सामाजिक मुक्ति का एक साधन है. अगर आज हम न्याय के साथ लोगों के दरवाजे तक पहुंच पाए हैं, तो हमें योग्य न्यायाधीशों, उत्साही अधिवक्ताओं और सरकारों को धन्यवाद देना होगा."

    "हमारी असली ताकत युवाओं में है. दुनिया का हर पांचवां युवा भारत में रहता है. कुशल श्रमिक हमारे कार्यबल का केवल तीन फीसदी हैं. हमें अपने देश के कौशल बल का उपयोग करने की आवश्यकता है और भारत अब वैश्विक अंतर को भर रहा है."

    इस कार्यक्रम में पीएम नरेंद्र मोदी के अलावा सुप्रीम कोर्ट के जज, जस्टिस उदय उमेश ललित और डी वाई चंद्रचूड़ और केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू भी मौजूद थे.

  7. नई शराब पॉलिसी पर केजरीवाल सरकार का यू-टर्न, बताया अब कैसे मिलेगी दिल्ली में शराब

    दिल्ली में अरविंद केजरीवाल सरकार ने नई शराब पॉलिसी को बंद करने का फैसला लिया है. दिल्ली में 1 अगस्त 2022 से पुरानी आबकारी नीति के तहत शराब की बिक्री होगी.

    दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि 31 जुलाई को आबकारी पॉलिसी 2021-22 खत्म हो रही है. सरकार ईडी और सीबीआई के नाम पर प्राइवेट शराब दुकानदारों और अफसरों को डरा रही है जिसके चलते कोई अधिकारी पॉलिसी को आगे बढ़ाने के लिए तैयार नहीं है.

    उन्होंने कहा, "हमने पुरानी पॉलिसी के तहत सरकारी दुकानें खोलने के आदेश दिए हैं. नई पॉलिसी को बंद करके सरकारी दुकानों के ज़रिए अब शराब बेची जाएगी."

    हाल ही में दिल्ली के उप राज्यपाल ने नई शराब पॉलिसी के ख़िलाफ़ सीबीआई जांच की सिफ़ारिश की थी. हालांकि बीजेपी लंबे समय से दिल्ली में नई शराब पॉलिसी का विरोध कर रहा है.

    दिल्ली बीजेपी ने अरविंद केजरीवाल पर नई शराब पॉलिसी के तहत कई हज़ार करोड़ रुपये का घोटाला करने का आरोप लगाया है.

    दिल्ली बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदेश कुमार गुप्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और दिल्ली की जनता के दबाव में केजरीवाल सरकार ने शराब नीति को वापस लेने का फैसला किया है.

    मनीष सिसोदिया ने बीजेपी पर पुरानी शराब पॉलिसी के ज़रिए भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा, "पहले ज्यादातर सरकारी दुकानों के ज़रिए शराब बेची जाती थी. प्राइवेट दुकानों के लाइसेंस इन्होंने अपने यार दोस्तों, ड्राइवरों के नाम पर दिए हुए थे, जो हमने बंद कर दिए."

    'नई शराब नीति से सालाना 3500 करोड़ का फायदा'

    मनीष सिसोदिया ने कहा, "हमने बहुत पारदर्शी तरीके से शराब की दुकानों की नीलामी की. पहले दिल्ली में 850 शराब की दुकानें होती थीं. नई पॉलिसी में हमने तय किया कि कोई नई दुकान नहीं खोली जाएगी. पहले इन दुकानों से सरकार को करीब 6 हज़ार करोड़ का रेवेन्यू मिलता था."

    "जब हमने पारदर्शी तरीके से इन दुकानों की नीलामी पूरी की तब पूरे साल में 850 दुकानों से 9500 करोड़ का रेवेन्यू आना था. इस हद तक ऑक्शन गया हमारा. 6 हज़ार करोड़ रुपये की जगह 9500 करोड़ रुपये. इस तरह एक साल में नई पॉलिसी के तहत सरकार की आय डेढ़ गुणा से ज्यादा बढ़ जाती. भ्रष्टाचार खत्म हो जाता लेकिन नई पॉलिसी आने से इन लोगों ने जो भ्रष्टाचार फैला रखा था वो रुक गया."

    सीबीआई, ईडी का डर

    मनीष सिसोदिया ने बीजेपी सरकार पर सरकारी जांच एजेंसियों के गलत तरीके से इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है.

    उन्होंने कहा, "एक एक करके इन लोगों ने प्राइवेट दुकान वाले जो आए थे उन्हें ईडी, सीबीआई की धमकी दी. बहुत सारे शराब दुकान वाले तो दुकान छोड़कर चले गए और आज दिल्ली में नई पॉलिसी में जो 850 शराब की दुकानें हो सकती थीं वो सिर्फ 468 बची हैं, बाकी सब छोड़कर चले गए हैं."

    दिल्ली में शराब दुकानों की कमी

    मनीष सिसोदिया ने शराब की दुकानों को लेकर दिल्ली की तुलना बीजेपी शासित राज्यों से की.

    उन्होंने कहा, "गुरुग्राम में जहां बीजेपी की सरकार है वहां 4166 लोगों पर शराब की एक दुकान है, नोएडा में 1390 लोगों पर एक शराब की दुकान है. बेंगलुरु में 12 हजार 179 लोगों पर एक दुकान है. बीजेपी का गोवा है, वहां 761 लोगों पर एक दुकान है."

    "नई पॉलिसी के हिसाब से दिल्ली में ज्यादा से ज्यादा दुकानें भी खुल जातीं तो यहां 22 हजार 707 लोगों पर एक दुकान होती हैं. आज जब 468 दुकानें हैं तो 41 हजार 192 लोगों पर एक दुकान है."

  8. वेस्ट इंडीज़ के ख़िलाफ़ बल्ले से धमाल करने के बाद क्या बोले दिनेश कार्तिक

    वेस्ट इंडीज़ के ख़िलाफ पहले ट्वेंटी-20 मैच में आतिशी पारी के ज़रिए भारत की बड़ी जीत का आधार तैयार करने वाले दिनेश कार्तिक ने कामयाबी का श्रेय कप्तान रोहित शर्मा और कोच राहुल द्रविड़ को दिया है.

    कार्तिक ने सिर्फ़ 19 गेंदों में 41 रन बनाए और भारतीय टीम को छह विकेट पर 190 रन के मज़बूत स्कोर तक पहुंचने में मदद की.

    कार्तिक ने अपनी नाबाद पारी में चार चौके और दो छक्के लगाए.

    मैन ऑफ़ द मैच चुने जाने के बाद कार्तिक ने कहा, “आपको कप्तान और कोच के समर्थन की ज़रूरत होती है और मुझे भरपूर समर्थन मिलता है. ”

    कार्तिक ने बल्ले से धमाल उस वक़्त किया जब भारत ने 12वें ओवर में 102 रन के स्कोर पर टॉप ऑर्डर के चार बल्लेबाज़ों के विकेट गंवा दिए थे.

    कप्तान रोहित शर्मा 64 रन बनाकर 15वें ओवर में आउट हुए तो भारत का स्कोर था 127 रन. लेकिन कार्तिक ने अपनी पारी के ज़रिए वेस्ट इंडीज़ के गेंदबाज़ों को बैकफुट पर बनाए रखा.

    जीत के लिए मिले 191 रन के लक्ष्य के जवाब में वेस्ट इंडीज़ की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 122 रन ही बना सकी.

    68 रन की बड़ी जीत के जरिए भारत ने पांच मैचों की टी-20 सिरीज़ में 1-0 की बढ़त बना ली है. सिरीज़ का दूसरा मैच एक अगस्त को खेला जाएगा.

    भारतीय टीम ने वनडे सिरीज़ में 3-0 से जीत हासिल की थी.

  9. कर्नाटक के गृह मंत्री आवास में घुस गए ABVP के कार्यकर्ता, जमकर की नारेबाज़ी

      • Author, इमरान क़ुरैशी
      • पदनाम, बेंगलुरु से, बीबीसी हिंदी के लिए

    अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता शनिवार को कर्नाटक के गृह मंत्री अरगा ज्ञानेंद्र के घर में घुस गए. कार्यकर्ता कर्नाटक में भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता प्रवीण नेट्टारू की हत्या के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे.

    एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने पहले तो आवास के गेट पर नारेबाज़ी की. उसके कुछ मिनटों बाद कार्यकर्ताओं ने गेट को धक्का देकर पुलिसवालों को एक तरफ कर दिया और घर के अहाते में घुस गए.

    कार्यकर्ताओं ने, 'हम न्याय चाहते हैं. मंत्री विफल रहे हैं. उन्हें इस्तीफा देना चाहिए' जैसे नारे लगाए.

    हालांकि उस समय गृह मंत्री अपने आवास पर नहीं थे. काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने कार्यकर्ताओं को घर से बाहर खदेड़ा.

    सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील दक्षिण कन्नड़ ज़िले में मंगलवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता प्रवीण नेट्टारू की हत्या हुई थी. इस हत्या के बाद राज्य में बीजेपी की सरकार और पार्टी के नेताओं को पार्टी कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ रहा है.

    बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के ख़िलाफ़ प्रदर्शन

    प्रदर्शनकारियों ने सबसे पहले बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष नवीन कुमार की कार को तब घेरा था जब वे प्रवीण नेट्टारू के अंतिम संस्कार से ठीक पहले श्रद्धांजलि देने गए थे.

    अगले दिन प्रवीण नेट्टारू के परिवार से जब मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई मिलने गए तब उन्हें भी प्रदर्शनकारियों ने परेशान किया.

    गृह मंत्री ने कहा- दो दिन से सोया नहीं हूं

    गृह मंत्री अरागा ज्ञानेंद्र ने मीडिया को बताया कि बीजेपी सरकार के सत्ता में आने के बाद कार्यकर्ताओं के ख़िलाफ़ 2 हज़ार मामले वापस लिए गए थे. ये सभी मामले पिछली कांग्रेस सरकार ने दर्ज किए थे.

    उन्होंने कहा, "मैंने अपनी पार्टी के कार्यकर्ता की हत्या का दर्द भी महसूस किया है. मैं दो दिनों से सोया नहीं हूं."

    वहीं प्रवीण नेट्टारू हत्या मामले में मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने एनआईए जांच की मांग की है.

  10. जम्मू-कश्मीर के बारामूला में एनकाउंटर, 1 चरमपंथी की मौत

    कश्मीर ज़ोन पुलिस के मुताबिक आज जम्मू-कश्मीर के बारामूला ज़िले के वानीगाम बाला इलाके में चरमपंथियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई.

    इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक चरमपंथी के मारे जाने का दावा किया है और सर्च अभियान जारी है.

    चरमपंथियों की सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया था जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हुई.

  11. कॉमनवेल्थ गेम्स में आज भारत के इन खिलाड़ियों पर रहेगी ख़ास नज़र

    कॉमनवेल्थ गेम्स का आज दूसरा दिन है. भारत की नज़रें ख़ासकर वेटलिफ्टिंग में मीराबाई चानू पर होंगी जो 49 किलोग्राम वर्ग में हैं और आज रात 8 बजे उनका मुक़ाबला है.

    चानू के नेतृत्व में 15 सदस्यीय भारतीय दल भी मैदान में उतरेगा.

    वेटलिफ्टिंग के साथ कई अन्य खेलों पर भी भारत की निगाहें टिकी रहेंगी.

    दोपहर 1.30 बजे बैडमिंटन में भारतीय मिक्स्ड टीम का मुकाबला श्रीलंका से होगा. इसमें भारत की ओर से अश्विनी पोनप्पा और बी सुमित एक्शन में दिखाई देंगे.

    दोपहर 1.30 बजे वेटलिफ्टिंग में संकेत महादेव सरगर 55 किलोग्राम वर्ग में फाइनल खेलेंगे.

    इसी समय पुरुषों की मैराथन के फाइनल में एथलीट नितेंदर मेडल के लिए दौड़ लगाएंगे.

    दोपहर 1.30 बजे पुरुषों की आर्टिस्टिक जिमनास्टिक का फाइनल है, जिसमें योगेश्वर सिंह बने हुए हैं.

    शाम 4.15 बजे वेटलिफ्टिंग के फाइनल में गुरु राजा होंगे. वे 61 किलोग्राम वर्ग में खेल रहे हैं. गुरु राजा से भारत को मेडल की उम्मीद है.

    रात 8 बजे मीराबाई चानू वेटलिफ्टिंग के फाइनल में उतरेंगी. वे 49 किलोग्राम वर्ग में खेल रही हैं. मीराबाई चानू ने टोक्यो 2020 में रजत पदक जीता था.

    रात 9 बजे महिला 3 हजार मीटर साइकिलिंग में मीनाक्षी फाइनल खेल रही हैं.

    रात 9.56 बजे पुरुष 4 हजार मीटर साइकिलिंग के फाइनल में विश्वजीत और दिनेश पर भारत की नज़र रहेगी.

    इसके अलावा रात 10.21 बजे महिला स्प्रिंट का फाइनल है जिसमें मयूरी और त्रियशा पॉल भाग ले रही हैं.

    रात 10.47 पर साइकिलिंग का एक और फाइनल मैच है. जिसमें रोनाल्डो होंगे.

    रात 11.30 बजे बैडमिंटन का मिक्स्ड टीम मैच है, जो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला जाएगा.

    रात 11.30 बजे महिला हॉकी टीम का मैच है. सविता पूनिया की कप्तानी वाली भारतीय महिला हॉकी टीम वेल्स से खेलेगी. ये मैच सोनी स्पोर्ट्स और सोनी लिव ऐप पर देखा जा सकता है.

  12. महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के बयान का क्यों विरोध कर रही है शिवसेना

    महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के एक बयान के बाद महाराष्ट्र में विवाद खड़ा हो गया है.

    मुंबई के अंधेरी इलाके में एक चौक के नामकरण समारोह में बोलते हुए उन्होंने कहा, "कभी कभी मैं यहां लोगों से कहता हूं कि महाराष्ट्र में, विशेषकर मुंबई और ठाणे से गुजरातियों को निकाल दो और राजस्थानियों को निकाल दो तो तुम्हारे यहां कोई पैसा बचेगा ही नहीं. ये राजधानी जो कहलाती है आर्थिक राजधानी, ये आर्थिक राजधानी कहलाएगी ही नहीं."

    राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के इस बयान की विपक्ष ने निंदा की है. शिवसेना सांसद संजय राउत ने ट्वीट करते हुए लिखा कि 'जैसे ही महाराष्ट्र में बीजेपी के समर्थन से मुख्यमंत्री बने हैं तब से मराठी लोगों का अपमान शुरू हो गया है. ये मेहनती मराठी लोगों का अपमान है.'

  13. उत्तर प्रदेश में टैक्स को लेकर योगी आदित्यनाथ की घोषणा

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि व्यापक जनहित को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने न तो वैट बढ़ाया है और न ही राज्य में कोई नया कर लगाया है.

    शनिवार को योगी आदित्यनाथ ने अपने आवास पर राज्य कर विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की.

    उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में भी वैट नहीं बढ़ाया जाएगा. साथ ही कहा कि आज पेट्रोल और डीजल पर सबसे कम वैट दर उत्तर प्रदेश में है.

    2022-23 के लिए योगी सरकार का लक्ष्य जीएसटी और वैट के रूप में 1.50 लाख करोड़ जमा करने का है.

    इसके अलावा मुख्यमंत्री ने अगले छह महीने में जीएसटी पंजीकृत व्यापारियों की संख्या को बढ़ाकर 4 लाख करने का निर्देश भी दिया है.

    उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2017-18 में राज्य का कुल राजस्व संग्रह ₹58,700 करोड़ था जो 2021-22 में बढ़कर करीब 1 लाख करोड़ रुपये हो हो गया है.

    इस वित्त वर्ष की पहली तिमाही का टारगेट 31,786 करोड़ रुपये था जिसे पार करते हुए 32,386 करोड़ रुपये प्राप्त किए गए हैं.

  14. 'योगी मॉडल' से पांच कदम आगे जाएंगे, एनकाउंटर्स के लिए भी हैं तैयार: कर्नाटक के उच्च शिक्षा मंत्री

    कर्नाटक के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. सीएन अश्वथ नारायण ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार उत्तर प्रदेश से पांच कदम आगे जाने और एनकाउंटर को अंजाम देने के लिए भी तैयार है.

    उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि राष्ट्रविरोधी लोगों को वे बुखार चढ़ाने के लिए तैयार हैं.

    एक दिन पहले ही कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा था कि राष्ट्र विरोधी और सांप्रदायिक तत्वों से निपटने के लिए अगर ज़रूरत पड़ी तो योगी मॉडल की तर्ज़ पर कार्रवाई की जाएगी.

    सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील दक्षिण कन्नड़ ज़िले में मंगलवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता प्रवीण नेट्टारू की हत्या हुई थी. इस हत्या के बाद राज्य में बीजेपी की सरकार और पार्टी के नेताओं को पार्टी कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ रहा है.

    पत्रकारों से बात करते हुए मंत्री सीएन अश्वथ नारायण ने कहा उकसावे के ज़रिए लोगों के धैर्य की परीक्षा ली जा रही है. इसलिए हमारे मुख्यमंत्री ने कहा है कि ऐसे अपराधियों और हत्यारों के साथ बेरहमी से निपटा जाएगा. हम एनकाउंटर तक की इजाज़त देने के लिए तैयार हैं.

    उन्होंने कहा कि 'आने वाले दिनों में ऐसे लोगों को इतना डरा दिया जाएगा कि वे इस तरह की हत्याओं को अंजाम देने के बारे में कभी सपने में नहीं सोचेंगे. एनकाउंटर का समय आ चुका है. हम आतंकवाद विरोधी दस्ते बनाएंगे.'

    यूपी मॉडल पर बात करते हुए अश्वथ नारायण ने कहा कि 'लोगों की भावनाओं की कद्र करते हुए और कड़ी कार्रवाई की जाएगी. हम एनकाउंटर तक को इजाज़त देने के लिए तैयार हैं. हम उत्तर प्रदेश से पांच कदम आगे जाएंगे. हम यूपी मॉडल से बेहतर मॉडल देंगे.'

  15. कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत ने पाकिस्तान को यहां पर दी क़रारी शिकस्त

    कॉमनवेल्थ गेम्स के पहले दिन भारत के तैराक श्रीहरि नटराज ने पुरुषों की 100 मीटर बैकस्ट्रोक में फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है. श्रीहरि सेमीफाइनल मुकाबले में 54.55 सेकेंड के साथ सातवें स्थान पर रहे.

    वहीं दक्षिण अफ्रीका के पीटर कोएट्ज ने 53.91 सेकेंड का समय निकालकर पहला स्थान हासिल किया है.

    बीते साल श्रीहरि नटराज ने 100 मीटर के बैकस्ट्रोक में 53.77 सेकेंड का समय निकालकर नेशनल रिकॉर्ड बनाया था.

    21 साल के तैराक श्रीहरि नटराज आज फाइनल मुकाबले के लिए स्विमिंग पूल में उतरेंगे.

    बैडमिंटन में पाकिस्तान को 5-0 से हराया

    बैडमिंटन में पहले टीम मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 5-0 से हराया. बी सुमित रेड्डी और माचिमांडा पोनप्पा की जोड़ी ने मिक्स्ड डबल्स मुकाबले में मोहम्मद इरफान सईद भट्टी और ग़ज़ाला सिद्दीकी को 21-9, 21-12 से हराया.

    इसके बाद किदांबी श्रीकांत ने पुरुष एकल मुकाबले में मुराद अली को 21-7, 21-12 से हराया.

    वहीं पीवी सिंधु ने महिला एकल मैच में महूर शहज़ाद को 21-7, 21-6 से हराया.

    इसके बाद सात्विक साईराज और चिराग शेट्टी की जोड़ी, त्रेसा और गायत्री की जोड़ी ने भी पाकिस्तान के खिलाफ अपना मुकाबला जीता.

    मुक्केबाज़ी में भारी रहा थापा का पंच

    मुक्केबाज़ शिव थापा ने 63 किलोग्राम कैटेगरी में पाकिस्तान के सुलेमान बलूच को 5-0 से हराया.

    भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम ने अपने पहले ग्रुप मैच में दक्षिण अफ्रीका को 3-0 से मात दी और फिर अपने दूसरे गेम में फिजी के खिलाफ 3-0 से जीत दर्ज की, जबकि पुरुष टीम ने बारबाडोस और सिंगापुर को हराने का काम किया.

    स्क्वैश में अनाहत सिंह और अभय सिंह ने जीत दर्ज की.

    क्रिकेट में हारी भारतीय टीम

    भारत को लॉन बाउल, 50 मीटर बटरफ्लाई और 400 मीटर फ्रीस्टाइल तैराकी और साइकलिंग में हार का मुंह भी देखना पड़ा.

    वहीं भारत की महिला क्रिकेट टीम ऑस्ट्रेलिया से तीन विकेट से हार गई.

  16. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 29 जुलाई के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.