You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

राष्ट्रपति चुनाव में मतदान प्रक्रिया पूरी, 21 जुलाई को सामने आएगा नए राष्ट्रपति का नाम

इस चुनाव में मुकाबला बीजेपी नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मु और विपक्षी दलों के साझा उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के बीच है.

लाइव कवरेज

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, मनमोहन सिंह व्हीलचेयर पर राष्ट्रपति चुनाव में मतदान करने पहुँचे

    भारत में आज देश के अगले राष्ट्रपति का चुनाव हो रहा है जिसके लिए संसद और विभिन्न राज्यों की विधानसभाओं में मतदान हो रहा है.

    इस मौक़े पर पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह भी मतदान करने संसद पहुंचे.

    मतदान करने के दौरान उनकी जो तस्वीरें सामने आई हैं, उनमें वह बेहद कमज़ोर नज़र आए. 89 वर्षीय मनमोहन सिंह व्हीलचेयर से संसद भवन पहुंचे और कुछ लोगों की मदद से अपना वोट डाला.

    भारत में कथित आर्थिक सुधार का श्रेय डॉ. सिंह को दिया जाता है. वह लगातार दस साल तक भारत के प्रधानमंत्री भी रहे.

    मनमोहन सिंह की यह ताज़ा तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. जिसमें वह मतदान करने के लिए व्हीलचेयर पर जाते दिख रहे हैं.

    लोग उनके बेहतर स्वास्थ्य की कामना कर रहे हैं.

    कांग्रेस के एक कार्यकर्ता ने ट्वीट करके उनके बेहतर स्वास्थ्य की कामना की है.

    अमन शुक्ला नाम के एक यूज़र ने भी उनके बेहतर स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की है.

    आज हो रहा है मतदान

    चुनाव में सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानी एनडीए की ओर से झारखंड की पूर्व गवर्नर द्रौपदी मुर्मू उम्मीदवार हैं. विपक्ष ने पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है.

  2. केजरीवाल को सिंगापुर जाने की मंज़ूरी मिलने में देरी पर भड़की पार्टी

    आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने अपने नेता अरविंद केजरीवाल के सिंगापुर दौरे का मुद्दा उठाया. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कहा था कि केंद्र सरकार 'सिंगापुर सिटीज समिट' में उनके हिस्सा लेने को मंज़ूरी देने में देर कर रही है.

    सिंगापुर में वर्ल्ड सिटीज समिट का आयोजन 31 जुलाई से तीन अगस्त तक है. पार्टी नेता संजय सिंह ने कहा है कि केंद्र सरकार देश की संघीय ढाँचा को कमज़ोर कर रही है.

    संजय सिंह ने कहा है, "मोदी का मॉडल नक़ली है. केजरीवाल का मॉडल असली है. सिंगापुर की सरकार ने दिल्ली मॉडल पर चर्चा के लिए अरविंद केजरीवाल को बुलाया तो मोदी जी को ग़ुस्सा आया. तीन बार के निर्वाचित मुख्यमंत्री को सिंगापुर जाने की इजाज़त क्यों नही? आज सदन की कार्यवाही स्थगित कर इस विषय पर सरकार जवाब दे. 267 नोटिस."

    इस ट्वीट के साथ ही संजय सिंह ने स्पीकर को लिखी चिट्ठी भी पोस्ट की है.

    उन्होंने यह पत्र आज ही यानी, 18 जून को लिखा है.

    पत्र के मुताबिक़, "सिंगापुर सरकार ने वर्ल्ड सिटी सम्मेलन में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के दिल्ली के विकास मॉडल के बारे में दुनिया को बताने के लिए आमंत्रित किया था लेकिन भारत सरकार ने अरविंद केजरीवाल को सिंगापुर जाने की अनुमति नहीं दी गई. सरकार ने उन्हें यात्रा की अनुमति ना देकर संघीय ढांचे पर एकबार फिर चोट की है."

    इससे एक दिन पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी को पत्र लिखकर सिंगापुर जाने की अनुमति मांगी थी.

    उन्होंने लिखा है, "मुझे सिंगापुर की सरकार ने वर्ल्ड सिटी सम्मेलन में दि्ली मॉडल प्रस्तुत करने के लिए बुलाया है. अगस्त के पहले सप्ताह में आयोजित होने जा रहे इस सम्मेलन में दुनियाभर के बड़े-बड़े नेता सिंगापुर आ रहे हैं. भारत के लिए यह गौरव का क्षण होगा. मुझे बेहद दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि मुझे अभी तक सिंगापुर जाने की अनुमति नहीं दी गई है."

    राज्यपाल के पास रुकी हुई है केजरीवाल की फ़ाइल

    आम आदमी पार्टी का आरोप है कि दिल्ली के उप-राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने केजरीवाल की सिंगापुर वाली फ़ाइल रोक रखी है. जिसकी वजह से उनकी यात्रा शेड्यूल नहीं हो पा रही है.

    मुख्यमंत्री कार्यालय का दावा है कि इस प्रस्तावित दौरे के संबंध में 7 जून को फ़ाइल एलजी के पास भेज दी गई थी, लेकिन एलजी ने अभी तक उसे रोक रखा है और क्लीयरेंस नहीं दी है.

  3. श्रीलंका में आपातकाल, कार्यवाहक राष्ट्रपति विक्रमसिंघे ने जारी की अधिसूचना

    श्रीलंका के कार्यकारी राष्ट्रपति रनिल विक्रमसिंघे ने देश में आपातकाल की स्थिति की घोषणा की है. रविवार को एक सरकारी नोटिस में इसकी घोषणा की गई.

    श्रीलंका में जारी प्रदर्शन और समाजिक अशांति को शांत करने की कोशिश की जा रही है. श्रीलंका मौजूदा समय में आर्थिक संकट से जूझ रहा है.

    सरकार की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है, "ऐसा करना जनता के हित में है, पब्लिक ऑर्डर को बनाए रखने के लिए ज़रूरी है और इसलिए भी ताकि स्पलाई और ज़रूरी सेवाओं के रख-रखाव को कायम किया जा सके."

    श्रीलंका से जुड़ी बुनियादी बातें

    • दक्षिण भारत की तरफ़ श्रीलंका एक द्विपीय देश है:1948 में श्रीलंका ब्रिटिश शासन से आज़ाद हुआ था. यहाँ तीन नस्ली समूह हैं- सिंहला, तमिल और मुस्लिम. 2.2 करोड़ की आबादी वाले देश में ये तीनों समुदाय 99 फ़ीसदी हैं.
    • सालों से एक एक ही परिवार के भाइयों का प्रभुत्व:तमिल अलगाववादी विद्रोहियों और सरकार के बीच सालों के ख़ूनी गृहयुद्ध का अंत 2009 में हुआ था. महिंदा राजपक्षे तब बहुसंख्यक सिंहला लोगों के बीच इस गृह युद्ध को ख़त्म कराने के मामले में नायक की तरह उभरे थे. उस दौरान महिंदा राजपक्षे के भाई गोटाबाया राजपक्षे श्रीलंका के रक्षामंत्री थी. अब राष्ट्रपति के तौर पर गोटाबाया को देश छोड़कर भागना पड़ा है.
    • राष्ट्रपति की शक्तियां:श्रीलंका में राष्ट्रपति मुल्क, सरकार और सेना का मुखिया होता है लेकिन कई तरह की शक्तियां प्रधानमंत्री के साथ साझी होती हैं. प्रधानमंत्री संसद में सत्ताधारी पार्टी का मुखिया होता है.
    • आर्थिक संकट के कारण सड़क पर लोग:खाने-पीने के सामान, दवाइयां और ईंधन की आपूर्ति न के बराबर है और महंगाई सातवें आसमान पर. आम आदमी ग़ुस्से में सरकार के ख़िलाफ़ सड़क पर है. श्रीलंका के लोग आर्थिक संकट के लिए राजपक्षे परिवार को ज़िम्मेदार मान रहे हैं.
  4. पीएम मोदी ने मॉनसून सत्र शुरू होने से पहले सांसदों से की अपील

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद के मॉनसून सत्र के शुरू होने से पहले कहा है कि संसद के भीतर खुले दिमाग़ से चर्चा होनी चाहिए.

    उन्होंने सत्र के शुरू होने से पहले संसद भवन के सामने मीडिया से बात की.

    पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा, "यह सत्र बेहद महत्वपूर्ण है और यह इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इसी समय राष्ट्रपति और उप-राष्ट्रपति पद के चुनाव हो रहे हैं. आज राष्ट्रपति पद के लिए मतदान भी हो रहे हैं और इसी कालखंड में देश को नए राष्ट्रपति और उप-राष्ट्रपति मिलेंगे."

    पीएम मोदी ने कहा, "संसद के भीतर खुले-दिमाग़ से चर्चा होनी चाहिए और अगर ज़रूरी हो तो वाद-विवाद भी होना चाहिए. मैं सभी सांसदों से अपील करता हूं कि गहन विचार और चर्चा करें."

    मॉनसून सत्र आज से, पेश होंगे कई विधेयक

    संसद का मॉनसून सत्र आज 18 जुलाई से शुरू हो रहा है.

    मॉनसून सत्र में केंद्र सरकार लोकसभा में दो दर्जन विधेयक पेश करेगी.

    इसमें ऊर्जा संरक्षण संशोधन विधेयक, वन संरक्षण संशोधन विधेयक, परिवार अदालत संशोधन विधेयक, व्यक्तिगत डेटा संरक्षण विधेयक, सिनेमैटोग्राफ (संशोधन) विधेयक और राष्ट्रीय रेल परिवहन संस्थान को गतिशक्ति विश्वविद्यालय में परिवर्तित से जुड़े विधेयक शामिल होंगे.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक लोकसभा सचिवालय ने शुक्रवार एक बुलेटिन जारी किया जिसके मुताबिक इन 24 नये विधेयकों के अलावा चार और विधेयक भी लाएगी जिन्हें पहले पेश किया जा चुका है और उन्हें स्टैंडिंग कमेटी को विचार करने के लिए भेजा गया था.

  5. 'टाइगर ज़िंदा है', मध्य प्रदेश निकाय चुनाव के नतीजों के बाद ज्योतिरादित्य के इस बयान की चर्चा क्यों?

    मध्य प्रदेश नगर निकाय चुनावों के नतीजे आने के बाद एक ओर जहां पीएम मोदी समेत बीजेपी के कई आला नेता एक-दूसरे को बधाई दे रहे हैं वहीं कांग्रेस को भी एक दूसरी वजह से तंज़ करने का मौका मिल गया है.

    दरअसल, कांग्रेस ने बीजेपी के केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य का गढ़ माने जाने वाले ग्वालियर की सीट पर कब्ज़ा कर लिया है.

    ग्वालियर सीट पर जीत की ख़ुशी ज़ाहिर करते हुए कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट किया है. उन्होंने लिखा है, "ग्वालियर नगर निगम चुनाव में कांग्रेस की जीत से ज़्यादा खुशी मुझे किसी और चीज़ में नहीं हुई. शानदार प्रदर्शन! भाजपा यहां 'क्रैश' होकर गिर गई है."

    भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भी एक के बाद एक कई ट्वीट किये हैं.

    ज्योतिरादित्य सिंधिया जिस समय कांग्रेस नेता हुआ करते थे, उस समय का एक वीडियो शेयर करते हुए श्रीनिवास ने लिखा है, "Tiger ने अपने संकल्प को पूरा करने की शुरुआत, ग्वालियर से कर दी है."

    दरअसल, इस वीडियो में सिंधिया बीजेपी के ख़िलाफ़ बयानबाज़ी करते हुए कह रहे हैं, "...भाजपा को मध्य प्रदेश से उखाड़कर हम फेकेंगे."

    ज्योतिरादित्य के एक अन्य बयान का वीडियो शेयर करते हुए श्रीनिवास ने लिखा है,

    "बीजेपी ने Tiger खरीदा था! नतीजन, 57 वर्षों बाद ग्वालियर का अपना गढ़ भी BJP गंवा बैठी. संवेदनाएं!!"

    ये वीडियो उस समय का जब ज्योतिरादित्य बीजेपी में शामिल हो चुके थे. इसमें सिंधिया कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ और दिग्विजय सिंह को चुनौती देते हुए नज़र आ रहे हैं.

    सिंधिया कहते हैं, "मैं उन दोनों को कहना चाहता हूं, कमलनाथ जी और दिग्विजय सिंह जी, आप दोनों सुन लीजिए..टाइगर ज़िंदा है."

    श्रीनिवास ने एक अन्य ट्वीट में लिखा है, "बीजेपी के गढ़ ग्वालियर में 57 वर्षों बाद, बीजेपी के गढ़ जबलपुर में 23 वर्षों बाद. जनता ने नफ़रत की राजनीति को नकारते हुए और गद्दारों को सबक सिखाते हुए कांग्रेस पार्टी के महापौर को चुना है. ये दोनों ही जिले मप्र के 4 बड़े महानगरों में शामिल हैं. साफ़ है कि 2023 में फिर कमलनाथ है."

    कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ ने भी दो सीटों पर मिली जीत पर खुशी जताते हुए ट्वीट किया है.

    उन्होंने लिखा है, "मप्र नगर निकाय चुनावों में सराहनीय व साहसी प्रदर्शन के लिए मप्र कांग्रेस के सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं को बधाई. भाजपा सरकार के चौतरफा हमलों, धन-बल के बावजूद आपकी जी-तोड़ मेहनत ने आज ग्वालियर नगर निगम में 57 साल बाद व जबलपुर में 23 साल बाद कांग्रेस का झंडा गाड़ कर इतिहास रच दिया."

    कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने भी ट्वीट करके कार्यकर्ताओं को बधाई दी है.

  6. आज होगा राष्ट्रपति चुनाव, द्रौपदी मुर्मू संख्या के मामले में यशवंत सिन्हा पर भारी

    भारत में आज देश के अगले राष्ट्रपति का चुनाव होना है जिसके लिए संसद और विभिन्न राज्यों की विधानसभाओं में मतदान होगा.

    चुनाव में सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानी एनडीए की ओर से झारखंड की पूर्व गवर्नर द्रौपदी मुर्मू उम्मीदवार हैं. विपक्ष ने पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है.

    राष्ट्रपति चुनाव में अभी तक सामान्यतः सत्ताधारी दल का पलड़ा भारी रहता आया है. इस बार के चुनाव में भी विपक्ष के कई दलों ने द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने की घोषणा की है जिसे देखते हुए समझा जा रहा है कि वो आसानी से जीत के लिए दो-तिहाई मत हासिल कर लेंगी.

  7. पीएम मोदी का यह रवैया "क्या असंवैधानिक नहीं?" - जयराम रमेश के सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने दिया जवाब

    कांग्रेस ने संसद के मॉनसून सत्र के पहले सर्वदलीय बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल नहीं होने पर तंज़ कसा है. रविवार को सरकार की ओर से बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में कई पार्टियों ने हिस्सा लिया था.

    कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने रविवार को ट्वीट कर पूछा, "संसद के आगामी सत्र पर चर्चा करने के लिए सर्वदलीय बैठक शुरू हो गई है और प्रधानमंत्री हमेशा की तरह अनुपस्थित हैं. क्या यह 'असंसदीय' नहीं है."

    हालांकि सरकार की ओर से जयराम रमेश के इस ट्वीट का जवाब दिया गया है. उनका आरोप है कि विपक्ष ग़ैर-ज़रूरी बातों को मुद्दा बनाने की कोशिश कर रह है.

    इस टिप्पणी के बारे में केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बाद में पत्रकारों से कहा, "विपक्ष के पास सरकार के ख़िलाफ़ कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए ग़ैर-ज़रूरी चीज़ों को मुद्दा बना रहा है."

    उन्होंने कहा, "2014 के पहले जब कांग्रेस सत्ता में थी तब प्रधानमंत्री कभी सर्वदलीय बैठक में नहीं आते थे."

    लोकसभा अध्यक्ष ने मीटिंग में हुई चर्चा के बारे में जानकारी दी

    लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने ट्वीट करके मॉनसून सत्र से पहले हुई सर्वदलीय बैठक की जानकारी दी. उन्होंने ट्वीट किया है, "संसद का मॉनसून सत्र प्रारंभ होने से पूर्व आज लोक सभा में सभी दलों के नेताओं के साथ बैठक की. उन्हें सत्र की तैयारियों की जानकारी दी. आग्रह किया की सदन की उच्च परंपराओं और मूल्यों के अनुरूप सभी दल शालीनता, गरिमा और अनुशासन के साथ कार्यवाही के सुचारू संचालन में सहयोग करें."

    उन्होंने लिखा, "सभी दलों ने सदन को मर्यादा के साथ संचालित करने में सहयोग के लिए आश्वस्त किया है. मॉनसून सत्र के दौरान प्रयास रहेगा की जनहित से जुड़े विषयों पर व्यापक चर्चा और संवाद हो."

  8. पाकिस्तान: उप-चुनाव में इमरान ख़ान की पार्टी की शानदार जीत

    पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में 20 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में इमरान ख़ान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ ने बड़ी जीत दर्ज की है.

    इमरान ख़ान की पार्टी ने 20 सीटों में से 15 सीटों पर जीत दर्ज की है.

    चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद पार्टी प्रमुख इमरान ख़ान ने ट्वीट करके पीटीआई के कार्यकर्ताओं को शुक्रिया कहा है.

    उन्होंने ट्वीट किया है, "मैं सबसे पहले पीटीआई के कार्यकर्ताओं को शुक्रिया कहना चाहता हूं. साथ ही पंजाब के मतदाताओं को भी, क्योंकि उन्होंने ना केवल पीएमएलएन के उम्मीदवारों को हराया है बल्कि राज्य की पूरी मशीनरी को भी हरा दिया है. ख़ासतौर पर पुलिस के अत्याचार को और पूरी तरह से इकतरफ़ा ईसीपी (इलेक्शन कमीशन ऑफ़ पाकिस्तान) को भी. गठबंधन के सभी सदस्यों का शुक्रिया."

    इससे पहले सत्ताधारी गठबंधन में शामिल पाकिस्तान मुस्लिम लीग- नवाज (पीएमएल-एन) और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान की पार्टी पीटीआई, दोनों ही सभी 20 सीटों पर जीत का दावा कर रही थीं.

    पाकिस्तान मुस्लिम लीग- नवाज (पीएमएल-एन) ने चार सीटों में जीत दर्ज की है और एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गई है.

    पीटीआई के लिए इन चुनावों में 14 सीटें जीतना ज़रूरी था ताकि वो पंजाब प्रांत की सरकार में वापसी कर सके.

    फिलहाल पंजाब में पीएमएल-एन के हमज़ा शहबाज़ शरीफ़ मुख्यमंत्री हैं.

    इस साल अप्रैल में हमज़ा शहबाज़ शरीफ के मुख्यमंत्री पद पर चुनाव के लिए विधानसभा में मतदान हुआ था जिसमें क्रॉस वोटिंग करने के चलते पाकिस्तान चुनाव आयोग ने दलबदल क़ानून के तहत 20 विधायकों की सदस्यता ख़त्म कर दी थी.

    उन्हीं सीटों पर ये उपचुनाव हुए थे.

  9. ज़ेलेंस्की ने लगाया अपने ही पूर्व कर्मचारियों पर यूक्रेन के ख़िलाफ़ काम करने का आरोप

    राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने देश के दो महत्वपूर्ण अधिकारियों को देशद्रोह का हवाला देते हुए उनके पद से बर्ख़ास्त कर दिया है.

    ज़ेलेंस्की ने देशद्रोह के कई मामलों का हवाला देते हुए यूक्रेन की सुरक्षा एजेंसी (एसबीयू) के प्रमुख और महाभियोजक को उनके पद से हटा दिया है.

    अपने एक बयान में उन्होंने आरोप लगाया है कि क़रीब 60 से अधिक पूर्व कर्मचारी, रूस के कब्ज़े वाले क्षेत्रों में यूक्रेन के ख़िलाफ़ काम कर रहे थे.

    उन्होंने कहा कि कानून प्रवर्तन अधिकारियों के ख़िलाफ़ कुल 651 मामले सामने आए हैं.

    हालांकि अपने पद से हटाए गए अधिकारियों, इवान बाकानोव और इरीना वेनेडिक्टोवा की ओर से अभी तक कोई टिप्पणी नहीं आई है.

    रविवार को एक वीडियो जारी करते हुए ज़ेलेंस्की ने कहा, "देश की सुरक्षा के ख़िलाफ़ इस तरह के अपराध...बहुत गंभीर प्रश्न हैं."

    एसबीयू के प्रमुख इवान बाकानोव, ज़ेलेंस्की के बचपन के दोस्त रहे हैं.

    भारतीय राजनयिक को किया था बर्खास्त

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने भारत में यूक्रेन के राजदूत इगोर पोलिखा को उनके पद से बर्खास्त कर दिया है.

    पोलिखा की पहचान यूरोप के सबसे वरिष्ठतम राजदूतों में से है जिनके पास भारत और दूसरे यूरोपीय देशों के साथ कूटनीतिक संबंधों का व्यापक अनुभव है.

    पोलिखा ने बताया था कि उन्हें इस आदेश से कोई अचरज नहीं हुआ और ना ही वो निराश हैं क्योंकि उनके असमान्य रूप से बहुत लंबे कार्यकाल को देखते हुए ऐसा होने उम्मीद थी.

  10. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया.

    हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है.

    17 जुलाई के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.