You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

रुबैया सईद ने अपने अपहरण के 33 साल बाद पहली बार सीबीआई कोर्ट में बयान दर्ज कराया

जम्मू और कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ़्ती की बहन रुबैया सईद ने शुक्रवार को सीबीआई कोर्ट के समक्ष साल 1989 के अपहरण कांड में अपना बयान दर्ज़ कराया है.

लाइव कवरेज

भूमिका राय and अनंत प्रकाश

  1. रुबैया सईद ने अपने अपहरण के 33 साल बाद पहली बार सीबीआई कोर्ट में बयान दर्ज कराया

    जम्मू और कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ़्ती की बहन रुबैया सईद ने शुक्रवार को सीबीआई कोर्ट के समक्ष साल 1989 के अपहरण कांड में अपना बयान दर्ज़ कराया है.

    वे इस मामले में पहली बार सीबीआई कोर्ट में पेश हुई थीं.

    जम्मू-कश्मीर लिबरेशन फ़्रंट से जुड़े चरमपंथियों ने साल 1989 में तत्कालीन गृह मंत्री मुफ़्ती मोहम्मद सईद की बेटी रुबैया सईद को अगवा कर लिया था.

    इसके बाद भारत सरकार को रुबैया सईद की रिहाई के लिए कुछ चरमपंथियों को रिहा करना पड़ा था.

    इस मामले में टेरर फंडिंग मामले में तिहाड़ जेल में बंद यासीन मलिक भी एक अभियुक्त हैं.

    सीबीआई की वकील मोनिका कोहली ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया है कि रुबैया सईद का बयान आज रिकॉर्ड किया गया है, उन्होंने यासीन मलिक की पहचान कर ली है. अगली सुनवाई की तारीख़ 23 अगस्त रखी गयी है. और सईद ने अब तक कुल चार अभियुक्तों की पहचान कर ली है.

  2. ज़िम्बाब्वे ने पापुआ न्यू गिनी को हराकर ICC T20 में जगह बनाई

    ज़िम्बाब्वे ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के क्वालीफायर मुकाबले में पापुआ न्यू गिनी को 27 रन से हरा दिया है.

    इसके साथ ही ज़िम्बाब्वे की टीम ने ऑस्ट्रेलिया में आयोजित होने जा रहे वर्ल्ड कप में अपनी जगह पक्की कर ली है.

    इससे पहले क्वालिफायर मुकाबले में अमेरिका और नीदरलैंड के बीच हुए मुकाबले में नीदरलैंड ने अमेरिकी टीम को पछाड़ दिया है.

    और नीदरलैंड भी आईसीसी टी20 में हिस्सा लेगी.

  3. लखनऊ के लुलु मॉल में सुंदरकांड पढ़ने गए थे तीन लोग, यूपी पुलिस ने हिरासत में लिया

    नमाज़ विवाद के बाद चर्चा में आने वाले लखनऊ के लुलु मॉल में सुंदर कांड पढ़ने गए तीन लोगों को हिरासत में ले लिया गया है.

    लखनऊ पुलिस के अधिकारी राजेश श्रीवास्तव ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया है कि मॉल के गेट से हिंदू समाज पार्टी के तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है. इस समय हालात शांतिपूर्ण बने हुए हैं.

    कुछ दिन पहले इस मॉल में कुछ लोगों द्वारा नमाज़ पढ़ने के बाद विवाद खड़ा हो गया था. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था.

    इस मामले में लखनऊ पुलिस ने मुकदमा दर्ज़ कर लिया है. पुलिस ने बताया है कि वह वायरल हुए वीडियो के आधार पर नमाज़ पढ़ने वाले लोगों की शिनाख़्त करने की कोशिश कर रही है.

  4. श्रीलंका में 1987 वाली 'भूल' भारत क्यों नहीं दोहरा सकता

    श्रीलंका 1948 में आजाद़ हुआ. जिस राजनीतिक और आर्थिक अस्थिरता के दौर से वो आज ग़ुजर रहा है, वैसी स्थिति वहाँ पहले कभी नहीं पैदा हुई.

    यही वजह है कि भारत ने भी एक अच्छा पड़ोसी होने का धर्म निभाते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए श्रीलंका को आर्थिक मदद भेजी.

    संकट की इस घड़ी में भारत की तरफ़ से की जा रही ये आर्थिक मदद कई लोगों को नाकाफ़ी लग रही है.

    बीजेपी के पूर्व राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी भी ऐसे नेताओं में शामिल हैं.

    उनका कहना है कि भारत सरकार को हर हाल में श्रीलंका में किसी भी अलोकतांत्रिक सरकार के गठन को रोकने की कोशिश करनी चाहिए.

  5. कोच्चि एयरपोर्ट पर एयर अरेबिया की फ़्लाइट का हुआ हाइड्रॉलिक फेल, सभी यात्री सुरक्षित

    केरल के कोच्चि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एयर अरेबिया फ़्लाइट संख्या G9- 426 का हाइड्रॉलिक लैंडिंग के समय ख़राब हो गया.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, ये विमान संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह से कोच्चि आ रहा था जिसमें 222 यात्री और सात चालक दल के सदस्य सवार थे.

    जब ये विमान कोच्चि एयरपोर्ट पर उतर रहा था तभी इसका हाइड्रॉलिक फेल हो गया.

    इसके बाद कोच्चि एयरपोर्ट में सभी आपातकाल सेवाओं को मौके पर तैनात कर दिया गया है.

  6. अमेरिकी सांसद रो खन्ना: जो भारत को काट्सा कानून से छूट दिलाने की मुहिम पर हैं

    अमेरिका के हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव ने एक संशोधन पास किया है जो 'काउंटरिंग अमेरिकाज़ ऐडवर्सरीज़ थ्री सैंक्शंस ऐक्ट' या 'काट्सा कानून' के कड़े प्रावधानों से भारत को छूट देता है.

    भारतीय मूल के कांग्रेसमैन रो खन्ना ने इस संशोधन को लिखा और पेश किया था. इसके पक्ष में 330 और विरोध में 99 मत पड़े.

    काट्सा क़ानून के तहत अमेरिका उन देशों पर प्रतिबंध लगा सकता है जिन्होंने रूस से हथियार खरीदे हैं.

    भारत ने रूस से आधुनिक डिफेंस सिस्टम 'एस-400' खरीदा था, जिसके बाद कयास लगने लगे थे कि अमेरिका भारत पर भी इस कानून के अंतर्गत प्रतिबंध लगा सकता है.

  7. संसद में धरने पर बैन को लेकर हुए विवाद पर क्या बोले स्पीकर ओम बिरला

    लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शुक्रवार को लोकसभा बुलेटिन पर विवाद खड़ा होने के बाद स्पष्टीकरण दिया है.

    मॉनसून सत्र से पहले जारी की गई इस लोकसभा बुलेटिन में कहा गया है कि सांसद संसद भवन के परिसर का इस्तेमाल किसी भी विरोध प्रदर्शन, धरना, हड़ताल, व्रत और धार्मिक अनुष्ठान के लिए नहीं कर सकते.

    कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने इस बुलेटिन को सोशल मीडिया पर जारी किया है.

    वहीं, इस मुद्दे पर एनसीपी चीफ़ शरद पवार ने कहा है कि उन्हें संसद के स्पीकर की ओर से संदेश मिला है जिसके मुताबिक़ इस तरह का प्रतिबंध नहीं लगाया गया है.

    इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी इस बारे में स्पष्टीकरण देते हुए कहा है कि लोकसभा में इस तरह का सर्कुलर जारी नहीं किया गया है लेकिन ये प्रक्रिया 2009 और उससे पहले से चल रही है.

    लोकसभा और विधानसभा में बिना तथ्यों के किसी भी तरह के आरोप-प्रत्यारोप से बचना चाहिए. लोकतांत्रिक संस्थाओं को सशक्त करने की कोशिश सभी राजनैतिक दलों को करनी चाहिए.

  8. सऊदी अरब और अमेरिका के रिश्तों में राष्ट्रपति बाइडन के मध्य पूर्व दौरे से क्या बदलेगा

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के सऊदी अरब दौरे की घोषणा के बाद से एक्टिविस्ट का एक समूह वॉशिंगटन में सऊदी दूतावास के बाहर 'ख़ाशोज्जी वे' पर प्रदर्शन के लिए जमा हो गया.

    'ख़ाशोज्जी वे' अमेरिका में सऊदी दूतावास के बाहर बनी सड़क का नाम है, जिसे अमेरिका में रह रहे सऊदी अरब के पत्रकार जमाल ख़ाशोज्जी की याद में दिया गया था.

    प्रदर्शन करने वालों का कहना है कि ये सच्चाई से आंख मूंदने वाले राजनयिकों को रोज याद दिलाने के लिए है कि जमाल ख़ाशोज्जी की मौत के लिए सऊदी अरब की सरकार ज़िम्मेदार है.

    वो राष्ट्रपति बाइडन की सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान (एमबीएस) से मुलाक़ात का भी विरोध कर रहे हैं क्योंकि अमेरिकी ख़ुफ़िया एजेंसियों ने क्राउन प्रिंस पर जमाल ख़ाशोज्जी की हत्या होने का आरोप लगाया था.

  9. यूक्रेन युद्ध की तनातनी के बीच अमेरिका और रूस के बीच हुई ये डील

    रूस और यूक्रेन के बीच बीती फरवरी में युद्ध शुरू होने के बाद से अमेरिका और रूस के बीच रिश्ते बेहद ख़राब हो गए हैं.

    लेकिन अब दोनों मुल्कों के बीच एक मुद्दे पर समझौता होने की ख़बर आ रही है. समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने शुक्रवार को इस बारे में जानकारी दी है.

    इस डील के तहत नासा और रूसी अंतरिक्ष एजेंसी रॉसकोस्मॉस के बीच अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र के लिए उड़ानें शुरू की जाएंगी.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, इस समझौते के तहत रूसी अंतरिक्ष यात्री अमेरिकी स्पेसक्राफ़्ट और अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री रूसी स्पेसक्राफ़्ट सोयूज़ में यात्रा कर सकेंगे.

    रोस्कोस्मॉस ने इस बारे में बयान जारी करते हुए कहा है कि "ये समझौता अमेरिका और रूस के हित में है, और इससे आईएसएस फ़्रेमवर्क के तहत आपसी सहयोग में बढ़ोतरी होगी."

    बयान में बताया गया है कि इस समझौते से ‘शांतिपूर्ण उद्देश्यों से अंतरिक्ष की पड़ताल’ की जा सकेगी.

    समझौते के तहत अमेरिकी एस्ट्रोनॉट फ्रैंक रूबियो आगामी सितंबर में सर्गेइ प्रोकोपयेव और दिमित्री पेटेलिन के साथ कज़ाख़स्तान स्थित बाइकोनूर कॉस्मोड्रोम से उड़ान भरेंगे.

  10. लखनऊ के लुलु मॉल में नमाज़ के वायरल वीडियो का क्या है पूरा मामला

    लखनऊ में हाल में मशहूर 'लुलु' मॉल के उद्घाटन के बाद विवाद उठ खड़ा हुआ है.

    दरसअल, मॉल में कुछ नमाज़ियों का नमाज़ अदा करते हुए एक वीडियो वायरल हुआ. इसके बाद कुछ धार्मिक संगठनों ने उसका विरोध करना शुरू कर दिया.

    वीडियो मॉल की दूसरी मंज़िल पर फ्लोर एरिया है, जिसमें लोग दिन के समय नमाज़ अदा करते नज़र आ रहे हैं.

    वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया आने लगी कि अगर मॉल में नमाज़ अदा करने की इजाज़त है तो फिर उसकी तर्ज़ पर दूसरे धार्मिक कार्यक्रमों की भी इजाज़त होनी चाहिए.

  11. 15 जुलाई 2022 का दिनभर- पूरा दिन पूरी ख़बर, सुनिए मानसी दाश और अंजुम शर्मा के साथ

  12. एसबीआई का लोन हो सकता है महंगा, बैंक ने एमसीएलआर बेस्ड लोन रेट बढ़ाया

    देश के सबसे बड़े बैंक एसबीआई का लोन अब और महंगा हो सकता है. बैंक ने अपना मार्जिनल कॉस्‍ट ऑफ लैंडिंग रेट (एमसीएलआर) आधारित लोन दरों को 0.10 फीसदी बढ़ा दिया है. ये दरें 15 जुलाई से लागू हो जाएंगी.

    मार्जिनल कॉस्‍ट ऑफ फंड बेस्ट लैंडिंग रेट ऑटो, होम और पर्सनल समेत ज्यादा लोन दरों के लिए इस्तेमाल किया जाता है. एसबीआई ने अब एक साल के लिए इस दर को 7.40 फीसदी से बढ़ा कर 7.50 फीसदी कर दिया है.

    ओवरनाइट से छह महीने की दरें 71.5 से 7.45 फीसदी की रेंज में बढ़ाई गई हैं. दो से तीन साल के एमसीएलआर में क्रमश: 7.15 फीसदी से लेकर 7.45 फीसदी तक की बढ़ोतरी की गई है. एसबीआई ने जून में भी एमसीएलआर में इजाफा किया था.

    हाल के दिनों में कई बैंकों ने एमसीएलआर में बढ़ोतरी की है. इससे पहले प्राइवेट सेक्टर के सबसे बड़े बैंक एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक ने भी एमसीएलआर में बढ़ोतरी की थी.

    बैंकों के लोन के लिए एमसीएलआर बेंचमार्क रेट होता है. इसमें बढ़ोतरी से लोन महंगा हो जाता है. वहीं इसमें कटौती लोन दरें घटा देती हैं.

  13. पुतिन का ईरान दौरा- ईरानी ड्रोन बदलेंगे यूक्रेन युद्ध की दिशा?

    इस हफ़्ते अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन इसराइल और सऊदी अरब के दौरे पर हैं. अगले सप्ताह रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ईरान और तुर्की के दौरे पर जाएंगे.

    राजनीतिक टीकाकार कहते हैं ये इस बात का संकेत है कि पश्चिमी एशिया की अहमियत यूक्रेन में जारी युद्ध और अमेरिका की चीन को लेकर चिंताओं के बावजूद किसी मायने में कम नहीं हुई है

    ईरान और सऊदी अरब, मध्य-पूर्व की दो बड़ी शक्तियां हैं और इस इलाक़े में अपना सिक्का ज़माने के लिए दोनों देश, दुनिया के शक्तिशाली देशों को अपने पक्ष में लाने की कोशिश करते रहते हैं.

    फ़रवरी से यूक्रेन के ख़िलाफ़ जारी भीषण युद्ध के बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अपने दूसरे विदेशी दौरे पर अगले मंगलवार को ईरान की राजधानी तेहरान में होंगे.

  14. भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में 8.062 अरब डॉलर की गिरावट

    भारतीय रिज़र्व बैंक के मुताबिक़, बीती 8 जुलाई को ख़त्म होने वाले हफ़्ते में भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में भारी गिरावट दर्ज़ की गई है.

    इस हफ़्ते में 8.062 अरब डॉलर की कमी होने के बाद विदेशी मुद्रा भंडार 580.252 अरब डॉलर रह गया है.

    इससे पहले एक जुलाई को ख़त्म होने वाले हफ़्ते में विदेशी मुद्रा भंडार 5.008 अरब डॉलर की कमी के बाद 588.314 अरब डॉलर रह गया था.

    आरबीआई ने बताया है कि इस कमी की वजह फॉरेन करेंसी एसेट्स में गिरावट आना है जो कि कुल विदेशी मुद्रा भंडार का एक बड़ा हिस्सा है.

  15. बूस्टर डोज़: सरकारी केंद्रों पर मुफ़्त में कोरोना प्रिकॉशन डोज़, कब से और कहां मिलेगा?

    कोरोना के ख़िलाफ़ जंग में एक और क़दम उठाते हुए भारत सरकार ने 18 साल या इससे अधिक उम्र वाले लोगों को मुफ़्त में प्रिकॉशन डोज़ देने का फ़ैसला किया है.

    केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने बताया है कि ''आज़ादी के अमृत महोत्सव'' के तहत 15 जुलाई से 75 दिन तक सरकारी टीकाकरण केंद्रों पर ये अभियान चलाया जाएगा.

    15 जुलाई से 30 सितंबर, 2022 तक 75 दिनों के लिए चलने वाले इस अभियान के लिए वो सभी लोग पात्र हैं, जो 18 साल या इससे अधिक की उम्र के हैं, और जिन्होंने दूसरी ख़ुराक लगाने की तारीख़ के बाद 6 महीने (26 सप्ताह) का समय पूरा कर लिया है.

    15 जुलाई तक कोविड के कितने डोज़ दिए गए?

    15 जुलाई की सुबह जारी सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अबतक 199.47 करोड़ (1,99,47,34,994) से अधिक डोज़ अलग-अलग आयु वर्गो में दिए जा चुके हैं.

  16. ब्रेकिंग न्यूज़, श्रीलंका के सुप्रीम कोर्ट ने महिंदा और बासिल राजपक्षे के देश छोड़ने पर लगाई रोक

    श्रीलंका के सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे और पूर्व वित्त मंत्री बासिल राजपक्षे के श्रीलंका छोड़ने पर प्रतिबंध लगा दिया है.

    बासिल राजपक्षे ने पिछले दिनों श्रीलंका छोड़कर जाने की कोशिश की थी लेकिन एयरपोर्ट कर्मचारियों ने उन्हें विमान में सवार नहीं होने दिया.

    इसके बाद श्रीलंका की सर्वोच्च अदालत ने दोनों नेताओं के 28 जुलाई तक देश छोड़कर जाने पर प्रतिबंध लगा दिया है.

    इससे पहले श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे देश छोड़कर सिंगापुर पहुंच चुके हैं. उन्होंने सिंगापुर से ही ईमेल के ज़रिए अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया है.

    सिंगापुर सरकार ने गोटाबाया राजपक्षे के वहां पहुंचने के बाद लगाए जा रहे कयासों का खंडन करने के लिए स्पष्टीकरण जारी किया है.

    सिंगापुर सरकार ने कहा है कि उन्हें किसी तरह की राजनीतिक शरण नहीं दी गई है और वह अपने निजी दौरे पर सिंगापुर पहुंचे हैं.

    वहीं, श्रीलंका में प्रधानमंत्री रनिल विक्रमसिंघे ने अंतरिम राष्ट्रपति पद की शपथ ले ली है.

    अंतरिम राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के बाद रनिल विक्रमसिंघे ने दो महत्वपूर्ण घोषणाएँ कीं.

    उन्होंने बयान जारी कर कहा, “अंतरिम राष्ट्रपति बनने के साथ ही मैंने दो अहम फ़ैसले लिए हैं. पहला अहम फ़ैसला यह कि मैं राष्ट्रपति के लिए ‘महामहिम’ शब्द को प्रतिबंधित कर रहा हूँ और दूसरा यह कि वे राष्ट्रपति के ध्वज को निरस्त कर रहे हैं.”

  17. आज का कार्टून: वो डॉलर नीचे कर लें...

    रुपये की ऐतिहासिक गिरावट पर आज का कार्टून.

  18. नमाज़ विवाद के बाद लखनऊ के लुलु मॉल ने धार्मिक प्रार्थना पर रोक लगाई

      • Author, अनंत झणाणे
      • पदनाम, लखनऊ से, बीबीसी हिंदी के लिए

    नमाज़ विवाद की वजह से चर्चा में आने वाले लखनऊ के लुलु मॉल के प्रबंधन ने स्थानीय थाने में तहरीर देकर बताया है कि नमाज़ पढ़ने वालों में उनके कर्मचारी शामिल नहीं है.

    इसके साथ ही प्रबंधन ने मॉल परिसर में धार्मिक प्रार्थनाएँ करने पर रोक लगा दी है. इस बारे में जानकारी देने के लिए अलग-अलग जगहों पर पोस्टर लगाए गए हैं.

    मॉल प्रबंधन ने एक वीडियो जारी करते हुए कहा है कि वह सभी धर्मों का सम्मान करते हैं. लेकिन यहाँ किसी को प्रार्थना करने की इजाज़त नहीं है. ये जगह एक मॉल है जो ख़रीदारी और मनोरंजन का केंद्र है.

    कुछ दिनों पहले लुलु मॉल के अंदर कुछ लोगों द्वारा नमाज़ पढ़े जाने की वजह से विवाद खड़ा हो गया था. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था जिसके बाद मॉल के अंदर सुंदरकांड पढ़ने की मांग भी की गई थी.

    उत्तर प्रदेश पुलिस ने इस मामले में मुक़दमा दर्ज करके जाँच शुरू कर दी है, और वायरल वीडियो में नज़र आ रहे लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है.

    इसके साथ ही उत्तर प्रदेश पुलिस ने मॉल की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है.

  19. हामिद अंसारी ने नुसरत मिर्ज़ा विवाद को लेकर बीजेपी के सवाल पर फिर दिया स्पष्टीकरण

    पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने शुक्रवार को एक बार फिर पाकिस्तानी पत्रकार नुसरत मिर्ज़ा के मामले में स्पष्टीकरण दिया है.

    भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार सुबह प्रेस कॉन्फ्रेंस करके एक तस्वीर जारी की थी जिसमें हामिद अंसारी और नुसरत मिर्ज़ा नज़र आ रहे हैं.

    बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने बताया है कि – ‘आतंकवाद के विषय पर आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय कांफ्रेंस की तस्वीर में दिख रहा है कि बीच में हामिद अंसारी जी बैठे हैं, उसी मंच पर पाकिस्तान के बहरूपिया पत्रकार, पाकिस्तान का एजेंट नुसरत मिर्जा भी बैठा है.’

    हामिद अंसारी के दफ़्तर की ओर से जारी ताज़ा बयान में बताया गया है कि – भारत के पूर्व उप-राष्ट्रपति अपने पुराने बयान पर टिके हैं कि वह पाकिस्तानी पत्रकार नुसरत मिर्ज़ा को नहीं जानते हैं और उन्होंने उन्हें किसी कॉन्फ्रेंस में नहीं बुलाया है. इनमें नुसरत मिर्ज़ा द्वारा बताए गई 2009 में हुई आतंकवाद पर कॉन्फ्रेंस एवं अन्य मौके भी शामिल हैं.’

    पिछले दिनों बीजेपी ने हामिद अंसारी और कांग्रेस पार्टी पर गंभीर सवाल उठाए थे. दरअसल पाकिस्तानी पत्रकार नुसरत मिर्ज़ा ने आरोप लगाया था कि भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने उन्हें साल 2005-2011 के बीच पाँच बार दिल्ली बुलाया

    और इस दौरान हुई बातचीत में ख़ुफ़िया और संवेदनशील जानकारियां साझा कीं. नुसरत मिर्ज़ा ने दावा किया कि उन्होंने ये जानकारियां पाकिस्तान की ख़ुफ़िया एजेंसी आईएसआई के साथ साझा की थी जिसका इस्तेमाल भारत के ख़िलाफ़ किया गया. इसके बाद ही बीजेपी ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस करके हामिद अंसारी को घेरा था.

  20. सुष्मिता सेन ने ललित मोदी के साथ डेटिंग पर कही ये बात

    मिस यूनिवर्स और अभिनेत्री सुष्मिता सेन ने ललित मोदी के साथ डेटिंग की ख़बरों पर चुप्पी तोड़ते हुए कहा है कि इस बारे में पर्याप्त स्पष्टीकरण दिया जा चुका है.

    सुष्मिता सेन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लिखा है, "मैं ज़िंदगी के ख़ुश लम्हे में हूं. शादी नहीं...सगाई नहीं...बिन शर्त मोहब्बत से घिरी हुई. काफी कुछ कहा जा चुका..बस अब बहुत हुआ.

    मेरी खु़शियों में शामिल रहने के लिए शुक्रिया.और जो खु़श नहीं हैं...उनके लिए तो 'नन ऑफ योर बिजनेस'... बहुत-बहुत प्यार."

    आईपीएल के संस्थापक माने जाने वाले ललित मोदी ने गुरुवार शाम ट्विटर और इंस्टाग्राम पर सुष्मिता सेन के साथ डेटिंग की बात कही थी.