You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

गोटाबाया राजपक्षे का इस्तीफ़ा, प्रदर्शनकारियों का जश्न शुरू

श्रीलंका की संसद के स्पीकर के प्रवक्ता ने बताया है कि राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे ने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया है.

लाइव कवरेज

अभिनव गोयल and अनंत प्रकाश

  1. मोहम्मद ज़ुबैर को उत्तर प्रदेश में हाथरस कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा

    हाथरस की एक अदालत ने फ़ैक्ट चेकिंग वेबसाइट ऑल्ट न्यूज़ के सह संस्थापक मोहम्मद जुबैर को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

    साल 2018 में मोहम्मद जुबैर के ख़िलाफ़ हाथरस में दो केस दर्ज हुए थे. जुबैर के ख़िलाफ़ भारतीय दंड संहिता की धारा 153 ए, 295ए और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत केस दर्ज है.

    मोहम्मद जुबैर के खिलाफ उत्तर प्रदेश के सीतापुर, लखीमपुर खीरी, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर और हाथरस में छह मामले दर्ज हैं. इन मामलों की जाँच के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने आईजी डॉ प्रीतिंदर सिंह की अध्यक्षता में दो सदस्यीय एसआईटी का गठन किया है.

  2. श्रीलंका को आर्थिक चक्रव्यूह से निकलने के लिए क्या करना होगा?

  3. सुप्रीम कोर्ट ने छत्तीसगढ़ में 16 आदिवासियों के मारे जाने की जाँच की मांग की ख़ारिज

      • Author, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिंदी के लिए

    सुप्रीम कोर्ट ने 2009 में छत्तीसगढ़ के सुकमा ज़िले के गोमपाड़ में 16 आदिवासियों के मारे जाने के मामले की जांच की मांग को ख़ारिज कर दी है.

    जस्टिस एएम खानविलकर और जे बी पारदीवाला की पीठ ने इस मामले में याचिकाकर्ता हिमांशु कुमार पर पांच लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है.

    इसके लिए सामाजिक कार्यकर्ता हिमांशु कुमार को चार सप्ताह की मोहलत दी गई है.

    सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में झूठा आरोप लगाने संबंधी केंद्र सरकार की दलील पर कहा कि वे आईपीसी की धारा 211 के तहत कार्रवाई करने का निर्णय छत्तीसगढ़ सरकार पर छोड़ते हैं.

    अदालत ने कहा कि इस मामले में केवल झूठा आरोप लगाने का ही नहीं, बल्कि आपराधिक साज़िश रचने पर भी कार्रवाई की जा सकती है.

    हालांकि सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि इस मामले में अंतर-राज्यीय प्रभाव हो सकते हैं. उन्होंने इस मामले में केंद्रीय एजेंसी द्वारा जांच की मांग करते हुए अदालत से इसे स्पष्ट करने का अनुरोध किया. अदालत ने उनका अनुरोध मान लिया है.

    फ़ैसले के बाद हिमांशु कुमार ने बीबीसी से कहा, "यह आदिवासियों के न्याय मांगने के अधिकार पर बड़ा हमला है. अब आदिवासी न्याय मांगने में डरेगा. इससे तो यही साबित होता है कि पहले से ही अन्याय से जूझ रहा आदिवासी अगर अदालत में आएगा तो उसे सजा दी जाएगी. इसके साथ-साथ जो भी आदिवासियों की मदद की कोशिश कर रहे हैं, उन लोगों के भीतर डर पैदा करेगा."

    क्या है मामला?

    साल 2009 में गोमपाड़ में पुलिस ने 16 माओवादियों के मारे जाने का दावा किया था. लेकिन इस मामले में घायल एक आदिवासी महिला ने दावा किया था कि सुरक्षाबलों ने गांव के निर्दोष लोगों की फर्जी मुठभेड़ में हत्या की है.

    इसके बाद इस मामले में दंतेवाड़ा में रहने वाले सामाजिक कार्यकर्ता हिमांशु कुमार और अन्य 12 लोगों ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी.

    लगभग 13 सालों तक चली सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित करने की भी बात कही थी. लेकिन स्वतंत्र जांच की बात टल गई.

    इसी साल अप्रैल में केंद्र सरकार की ओर से हिमांशु कुमार और अन्य याचिकाकर्ताओं के ख़िलाफ़ अदालत में आवेदन दिया गया और याचिकाकर्ताओं के ख़िलाफ़ ही सीबीआई या एनआईए से जांच की मांग की गई थी.

  4. विराट कोहली के प्रदर्शन पर आई सौरभ गांगुली की प्रतिक्रिया, जानिए क्या कहा उन्होंने

    इन दिनों विराट कोहली अपनी पारियों को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर पा रहे हैं जिसके चलते उनके प्रदर्शन को लेकर सवाल उठ रहे हैं.

    विराट कोहली को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष सौरभ गांगुली ने कहा कि वे जल्द ही फ़ॉर्म में लौट आएँगे.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में सौरभ गांगुली ने कहा, "आप देखिए कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने क्या हासिल क्या है. उनके नंबर्स देखिए. ये सब उनकी क्षमता और क्वालिटी के बिना संभव नहीं है. उनका मुश्किल समय चल रहा है और उन्हें इस बारे में पता है. विराट एक महान खिलाड़ी रहे हैं. "

    "वे जानते हैं कि अपनी क्षमताओं के हिसाब से वे बहुत अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं और मैं देख रहा हूँ कि वे वापसी कर रहे हैं. विराट अच्छा करेंगे. उन्हें फिर से कामयाब होने के लिए अपना रास्ता तलाशना होगा जैसा कि वो पिछले 12-13 या उससे भी ज्यादा सालों से रहे हैं और विराट ही ऐसा कर सकते हैं."

    टेस्ट क्रिकेट में बल्लेबाज़ों की ताज़ा रैंकिंग में भी वे तीन स्थान फिसलकर 13वें स्थान पर आ गए हैं. साथ ही पहली बार, क्रिकेट प्रेमी टीम में उनके स्थान पर सवाल उठाने लगे हैं.

    लोग सोशल मीडिया से लेकर दूसरी जगहों पर कह रहे हैं कि कोहली की नाकामी का असर भारतीय मिडिल ऑर्डर पर पड़ रहा है.

    दूसरी ओर उनके समकालीन इंग्लैंड जो रूट, न्यूज़ीलैंड के केन विलियम्सन और ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ लगातार अपनी टीम के लिए अच्छा कर रहे हैं.

    वहीं 13 जुलाई को सौरभ गांगुली को ब्रिटिश पार्लियामेंट की तरफ से सम्मानित किया गया है.

    सौरभ गांगुली ने बताया कि उन्होंने मुझे 6 महीने पहले संपर्क किया था. वे हर साल ये अवॉर्ड देते हैं. इस साल मुझे मिला है और मैं काफी खुश हूं.

  5. श्रीलंका में उग्र प्रदर्शनों के दौरान एक की मौत, कम से कम 84 लोग घायल

      • Author, रंगा श्रीलाल
      • पदनाम, कोलंबो से बीबीसी हिंदी के लिए

    श्रीलंका में सरकार विरोधी प्रदर्शनों में एक व्यक्ति की साँस लेने में तकलीफ़ के चलते मौत हो गई है. वहीं पुलिस के आँसू गैस चलाने से एक पुलिस अधिकारी और सेवा के एक जवान समेत कम से कम 84 लोग घायल हुए हैं.

    डिफेंस प्रवक्ता ने बीबीसी को बताया कि कफ़्यू को हटा लिया गया है लेकिन आपातकाल अभी भी जारी है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कार्यालय के बाहर प्रदर्शनकारियों पर आँसू गैस के गोले चलाते हुए एक 26 साल का व्यक्ति घायल हुआ जिसकी बाद में अस्पताल में मौत हो गई.

    कोलंबो नेशनल हॉस्पिटल ने भी बुधवार को हुए प्रदर्शन में एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि की है. हॉस्पिटल के अधिकारियों ने बताया कि सांस लेने में तकलीफ के चलते व्यक्ति की मौत हुई है वहां 84 लोग घायल हुए हैं.

    श्रीलंका की संसद के आसपास सेना ने पहले से अधिक सेना के जवानों और सशस्त्र वाहनों को तैनात किया गया है. इसके साथ ही प्रदर्शनकारियों से राष्ट्रपति भवन, प्रधानमंत्री कार्यालय जैसे सरकारी संस्थान वापस लेने के लिए भी सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ाया गया है.

    मंगलवार यानी 12 जुलाई को श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे एक सैन्य जेट की मदद से श्रीलंका से भागकर मालदीव चले गए थे जो अब सिंगापुर जाने के लिए प्रतीक्षा कर रहे हैं.

    उनके श्रीलंका से भागने के बाद से कोलंबों में प्रदर्शन उग्र हो गए हैं और प्रदर्शनकारियों ने पीएम कार्यालय और राष्ट्रपति भवन जैसे संस्थानों पर कब्जा कर लिया है.

    गोटाबाया राजपक्षे ने 13 जुलाई यानी बुधवार को इस्तीफा देने की घोषणा की थी. श्रीलंका की संसद के स्पीकर महिंदा यापा अभयवर्धने का कहना है कि अभी तक उन्हें गोटाबाया का इस्तीफा नहीं मिला है.

    गोटाबाया की अनुपस्थिति में प्रधानमंत्री रनिल विक्रमसिंघे को कार्यवाहक राष्ट्रपति नियुक्त किया गया है.

  6. आदिल चिश्ती की टिप्पणी को लेकर अजमेर दरगाह शरीफ़ पर भड़का विश्व हिंदू परिषद

    विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) ने अजमेर की दरगाह शरीफ़ के अंजुमन कमेटी के सचिव सरवर चिश्ती और उनके बेटे आदिल चिश्ती पर कार्रवाई की मांग की है.

    वीएचपी के संयुक्त महासचिव सुरेंद्र जैन ने वीडियो बयान जारी करके कहा है कि इनके ज़हरीले बयानों के कारण ही देश में नफ़रत का माहौल बना है, सर तन से जुदा करने के नारे लगे और फिर कन्हैया की हत्या हुई.

    उन्होंने आदिल चिश्ती की ओर से जारी किए गए वीडियो पर भी कड़ी आपत्ति जताई है. सुरेंद्र जैन ने कहा कि इस वीडियो में हिंदू देवी देवताओं का मज़ाक उड़ाया गया है और ये घोर आपत्तिजनक है.

    सुरेंद्र जैन ने कहा- आप दूसरों के देवी-देवताओं का भरपूर मज़ाक उड़ाएँ और कोई पैगंबर मोहम्मद साहब के बारे में इतना ही कह दे, जो बाक़ी लोगों ने भी कहा है, तो उनका सर तन से जुदा करोगे. ये कौन सी सभ्यता है, ये कौन सा तरीक़ा है.

    उन्होंने राजस्थान सरकार से अपील करते हुए कहा- यदि आप वास्तव में गंभीर हैं हिंदुओं की आस्था के सम्मान के प्रति, उनकी जान माल की सुरक्षा के प्रति, तो अजमेर की दरगाह शरीफ़ के इन सब चिश्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए. सरवर और उनके बेटे आदिल को भी जेल की सलाखों के पीछे भेजा जाए.

    सुरेंद्र जैन ने चुनौती देते हुए कहा कि आप लोग सीमाएँ पार कर रहे हैं और अगर हिंदू भी सीमाएँ पार करेगा, तो क्या हाल होगा. अब आपकी धमकियों से कोई डरता नहीं है. अब हिंदुओं का अपमान हिंदू बर्दाश्त नहीं करेगा.

    क्या है मामला

    हाल ही में सरवर चिश्ती के बेटे आदिल चिश्ती का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वे हिंदू देवी देवताओं पर कथित रूप से सवाल उठा रहे हैं.

    हालाँकि बाद में आदिल चिश्ती ने अपनी टिप्पणी के लिए माफ़ी मांगी और ये भी दावा किया कि उसे एडिट किया गया है.

    उन्होंने ये कहा कि उनका मक़सद किसी की धार्मिक भावनाओं और आस्था पर चोट पहुँचाना नहीं था. वीडियो में आदिल चिश्ती 33 करोड़ हिंदू देवी देवताओं के अस्तित्व पर सवाल उठाते दिख रहे हैं.

    बीजेपी की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा की पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी के बाद उनके पिता सरवर चिश्ती ने कहा था कि अगर पैगंबर मोहम्मद का अपमान किया गया, तो मुसलमान आंदोलन करेंगे, जो भारत को हिला देगा.

    हालाँकि बाद में उन्होंने हिंदुओं और मुसलमानों से शांति से रहने की अपील की थी.

  7. श्रीलंका में पल-पल बदलता घटनाक्रम, आगे क्या है राह?

  8. श्रीलंका संकटः बढ़ते प्रदर्शन के बावजूद सुरक्षाबल कर रहे मामूली बलप्रयोग - ग्राउंड रिपोर्ट

  9. श्रीलंकाः स्पीकर ने कहा, नहीं मिला राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे का इस्तीफ़ा

    श्रीलंका की संसद के स्पीकर महिंदा यापा अभयवर्धने ने कहा कि उन्हें अभी भी राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे का इस्तीफा नहीं मिला है.

    राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे ने घोषणा की थी कि वो बुधवार यानी 13 जुलाई तक अपना इस्तीफा दे देंगे. मगर इसके एक दिन पहले वो मालदीप भाग गए.

    ऐसा माना जा रहा है कि फिलहाल गोटाबाया मालदीप में हैं और सिंगापुर पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं.

    गोटाबाया सिंगापुर जाने के लिए एक कमर्शियल फ्लाइट से पहुंचने की कोशिश में थे जो कथित रूप से सुरक्षा कारणों के चलते रात में रद्द हो गई थी.

    गोटाबाया राजपक्षे की अनुपस्थिति में बुधवार को प्रधानमंत्री रनिल विक्रमसिंघे को कार्यवाहक राष्ट्रपति नियुक्त किया गया है.

    गोटाबाया राजपक्षे के देश छोड़ने की ख़बर आने के बाद से कोलंबो में प्रदर्शनकारी उग्र हो हो रहे हैं. प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति भवन और प्रधानमंत्री कार्यालय पर कब्जा कर लिया है.

    प्रदर्शनकारी दोनों नेताओं से इस्तीफा देने की मांग कर रहे हैं. वहीं श्रीलंका में बुधवार रात को कर्फ़्यू लगा रहा. देश में बुधवार को आपातकाल भी लगा दिया गया था.

  10. श्रीलंका संकटः बढ़ते प्रदर्शन के बावजूद सुरक्षाबल कर रहे मामूली बलप्रयोग - ग्राउंड रिपोर्ट

    श्रीलंका के कार्यवाहक राष्ट्रपति रनिल विक्रमसिंघे ने प्रदर्शन के उग्र होने के बाद सेना को हर ज़रूरी क़दम उठाने के निर्देश दिए हैं. मगर क्या इसका असर हो रहा है?

    कोलंबो से बीबीसी संवाददाता नितिन श्रीवास्तव की आँखों-देखी.

  11. ऋषि सुनक ब्रिटेन का प्रधानमंत्री बनने की दौड़ में पहले नंबर पर पहुँचे, आज दूसरे दौर की वोटिंग

    ब्रिटेन के पूर्व वित्त मंत्री ऋषि सुनक ने कंज़र्वेटिव पार्टी के नेता और अगला प्रधानमंत्री बनने के लिए पहले दौर के मतदान में जीत हासिल की है.

    पार्टी सांसदों की वोटिंग में उन्हें 88 वोट मिले हैं, वहीं व्यापार मंत्री पेनी मोर्डेंट 67 वोट के साथ दूसरे स्थान पर हैं और विदेश सचिव लिज़ ट्रस 50 वोट के साथ तीसरे नंबर पर आए हैं.

    वित्त मंत्री नादिम ज़हावी और पूर्व स्वास्थ्य सचिव जेरेमी हंट प्रधानमंत्री बनने की रेस से बाहर हो गए हैं.

    उम्मीदवारों को एक और दौर की वोटिंग का सामना करना होगा, जो गुरुवार को होगी.

    अगले हफ्ते के आखिर तक इस रेस में दो उम्मीदवार बचेंगे जिसके बाद 1 लाख 60 हजार टोरी सदस्य किसी एक उम्मीदवार को कंजर्वेटिव पार्टी का नेता और ब्रिटेन का अगला प्रधानमंत्री तय करेंगे.

    5 सितंबर को ब्रिटेन के अगले प्रधानमंत्री की घोषणा होगी.

    ऋषि सुनक ने पिछले हफ्ते बोरिस जॉनसन कैबिनेट से इस्तीफा दिया था जिसके बाद कई मंत्रियों और अधिकारियों ने सरकार का साथ छोड़ा था. आखिर में बोरिस जॉनसन को कंज़र्वेटिव नेता के पद से इस्तीफा देना पड़ा.

  12. रिया चक्रवर्ती देती थीं सुशांत सिंह राजपूत को ड्रग्स: एनसीबी - प्रेस रिव्यू

    रिया चक्रवर्ती पर एनसीबी के गंभीर आरोप, आर्यन ख़ान की याचिका को मंज़ूरी, चीनी कंपनी वीवो को कोर्ट ने दी खाते संचालित करने की अनुमति, पढ़ें आज के अख़बारों की सुर्खियाँ.

  13. कनाडा के विष्णु मंदिर में महात्मा गांधी की मूर्ति के साथ तोड़फोड़, भारत ने की निंदा

    कनाडा में रिचमंड हिल के विष्णु मंदिर में महात्मा गांधी की मूर्ति के साथ तोड़-फोड़ की घटना की भारत ने निंदा की है.

    टोरंटो में भारत के कॉन्सुलेट जनरल ने ट्विटर पर बयान जारी कर कहा, "रिचमंड हिल के विष्णु मंदिर में महात्मा गांधी की प्रतिमा को तोड़े जाने से हम व्यथित हैं. बर्बरता के इस आपराधिक, घृणित कृत्य ने कनाडा में भारतीय समुदाय की भावनाओं को बहुत आहत किया है. हम इस अपराध की जांच के लिए कनाडा के अधिकारियों के संपर्क में हैं."

    कनाडा की न्यूज वेबसाइट सीबीसी के मुताबिक बुधवार को रिचमंड हिल के एक हिंदू मंदिर में लगी महात्मा गांधी की प्रतिमा के साथ तोड़फोड़ की गई.

    यॉर्क रीजनल पुलिस की प्रवक्ता एमी बोड्रो ने बताया कि प्रतिमा पर अपशब्द लिखे गए हैं.

  14. श्रीलंका संकट: केरल के हवाई अड्डों पर क्यों उतर रहे हैं श्रीलंका के विमान

    श्रीलंका में राजनीतिक उथल-पुथल और विमान ईंधन की कमी के बाद से 120 से अधिक विमानों ने तिरुवनंतपुरम और कोच्चि हवाई अड्डों पर तकनीकी लैंडिंग की है.

    केरल हवाई अड्डों के अलावा, श्रीलंका की कई विमान सेवाएँ चेन्नई हवाई अड्डे पर भी ईंधन भरने का विकल्प चुन रही हैं.

    केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने केरल में तिरुवनंतपुरम और कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों की सराहना की है.

    ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्वीट कर लिखा कि ये कदम हमारे पड़ोसी देश के साथ संबंधों को आगे बढ़ाने में काफी मददगार साबित होगा.

    द हिंदू न्यूज वेबसाइट के मुताबिक मई के अंतिम सप्ताह से 91 विमानों ने ईंधन भरने के लिए अडानी समूह द्वारा संचालित तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे पर तकनीकी लैंडिंग की है, जो अन्य हवाई अड्डों की तुलना में हवाई दूरी के मामले में श्रीलंका के करीब है.

    वहीं कोचीन अंतर्राष्ट्रीय अड्डे पर करीब 30 विमानों ने तकनीकी लैंडिंग की है.

  15. श्रीलंका में आपातकाल, तस्वीरों में देखिये कैसे डटे हैं प्रदर्शनकारी

    श्रीलंका में राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे के देश छोड़ने के बावजूद हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं. बुधवार को प्रदर्शनकारी का जत्था सड़कों पर उतर आया और जबरन पीएम रनिल विक्रमसिंघे के दफ्तर में घुस गया. सुरक्षाबलों ने प्रदर्शनकारियों को काबू करने के लिए आंसू गैस के गोले दाग रहे थे लेकिन प्रदर्शनकारियों का जत्था पीछे नहीं हट रहा था.

    और तस्वीरें देखने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

  16. श्रीलंका: डेडलाइन खत्म, गोटाबाया ने नहीं भेजा इस्तीफा

    श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे ने अभी तक अपने पद से इस्तीफा नहीं दिया है. उन्होंने घोषणा की थी कि वो बुधवार 13 जुलाई तक इस्तीफा दे देंगे. मगर इसके एक दिन पहले वो मालदीव भाग गए.

    गोटाबाया राजपक्षे की अनुपस्थिति में बुधवार को प्रधानमंत्री रनिल विक्रमसिंघे को कार्यवाहक राष्ट्रपति नियुक्त किया गया है.

    कार्यवाहक राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री रनिल विक्रमसिंघे ने सेना और पुलिस को श्रीलंका की स्थिति संभालने के निर्देश दिए हैं.

    टीवी पर बुधवार रात एक संबोधन में उन्होंने प्रदर्शनकारियों से प्रधानमंत्री कार्यालय और राष्ट्रपति भवन छोड़ने की अपील की.

    विक्रमसिंघे ने कहा, "हम संविधान की धज्जियाँ नहीं उड़ा सकते. हम फ़ासीवादियों को देश नहीं दे सकते. हम लोकतंत्र पर आए इस फ़ासीवादी ख़तरे को ज़रूर ख़त्म करना होगा."

    प्रदर्शनकारियों ने बुधवार को प्रधानमंत्री कार्यालय पर कब्ज़ा कर लिया. इससे पहले उन्होंने राष्ट्रपति भवन पर भी कब्ज़ा कर लिया था.

    बुधवार को गोटाबाया राजपक्षे के देश छोड़ने की ख़बर आने के बाद कोलंबो में प्रदर्शनकारी उग्र हो उठे. पुलिस को प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए आँसू गैस के गोले छोड़ने पड़े.

    श्रीलंका में बुधवार रात को कर्फ़्यू लगा रहा. देश में बुधवार को आपातकाल भी लगा दिया गया था.

    विपक्ष ने विक्रमसिंघे की नियुक्ति पर उठाए सवाल

    विपक्ष की तरफ से राष्ट्रपति के उम्मीदवार साजिथ प्रेमदासा ने कार्यवाहक राष्ट्रपति के रूप में विक्रमसिंघे की नियुक्ति को एक तमाशा बताया है.

    उन्होंने कहा कि एक सीट वाले सांसद को पहले देश का प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया और अब उसी व्यक्ति को कार्यवाहक राष्ट्रपति बना दिया गया है.

    साजिथ प्रेमदासा ने कहा कि ये लोकतंत्र की राजपक्षे शैली है. ये कितनी बड़ी त्रासदी है.

  17. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया.

    हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है.

    13 जुलाई के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.