You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

गोटाबाया राजपक्षे का इस्तीफ़ा, प्रदर्शनकारियों का जश्न शुरू

श्रीलंका की संसद के स्पीकर के प्रवक्ता ने बताया है कि राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे ने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया है.

लाइव कवरेज

अभिनव गोयल and अनंत प्रकाश

  1. गोटाबाया राजपक्षे का इस्तीफ़ा, प्रदर्शनकारियों के बीच जश्न शुरू

    श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे के इस्तीफ़े की ख़बर आने के बाद श्रीलंका में प्रदर्शनकारियों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है.

    सोशल मीडिया पर तमाम ऐसे वीडियो और तस्वीरें वायरल हो रही हैं जिनमें प्रदर्शनकारी एकजुट होते दिख रहे हैं.

    कुछ वीडियोज़ में प्रदर्शनकारी गॉले पार्क में जश्न मनाते हुए दिख रहे हैं.

  2. श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे ने इस्तीफ़ा दिया

    श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे ने ईमेल के ज़रिए श्रीलंका की संसद के स्पीकर को अपना इस्तीफ़ा भेज दिया है.

    हालांकि, अब तक श्रीलंका के स्पीकर ने सार्वजनिक रूप से इसकी घोषणा नहीं की है.

    श्रीलंका के संविधान के मुताबिक़, राष्ट्रपति की ओर से इस्तीफ़े पर हस्ताक्षर करने और उसे भेजने के बाद इस्तीफ़ा देने की प्रक्रिया पूरी हो जाती है. लेकिन इसके बाद भी रनिल विक्रमसिंघे शपथ लेने तक अंतरिम राष्ट्रपति नहीं बनेंगे. तब तक वो कार्यवाहक राष्ट्रपति ही बने रहेंगे.

    एक बार शपथ लेने के बाद उनके पास संसद का अनुमोदन हासिल करने के लिए 30 दिन का समय होगा. अगर संसद उन्हें अनुमोदित नहीं करती है तो सासंद नए राष्ट्रपति का चुनाव कर सकते हैं.

  3. भारत में दो अरब डॉलर निवेश करेगा सयुंक्त अरब अमीरात

    संयुक्त अरब अमीरात ने गुरुवार को चार देशों भारत, इसराइल, यूएई और अमेरिका के समूह आईटूयूटू की कोशिशों के तहत दक्षिण एशिया और मध्य पूर्व में खाद्य संकट से निपटने के लिए भारत में 2 अरब डॉलर का निवेश करने की घोषणा की है.

    इन देशों के बीच गुरुवार को हुई बैठक में इस बारे में फ़ैसला लिया गया जिसमें इन देशों के शीर्ष नेता शामिल हुए.

    इस निवेश के तहत संयुक्त अरब अमीरात भारत में इंटीग्रेटेड फूड पार्क बनाने के लिए दो अरब डॉलर का निवेश करेगा.

    इस परियोजना में तकनीकी विशेषज्ञता इसराइल और अमेरिका की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी. भारत सरकार इन पार्कों के लिए ज़मीन उपलब्ध कराएगा और किसानों को इस परियोजना के साथ जोड़ेगी.

    इस परियोजना के तहत खाने की बर्बादी रोकने, साफ़ पानी के संरक्षण और जलवायु को ध्यान में रखकर बनाई गई तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा.

    इस बैठक के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा है कि ‘आज हम जिन चुनौतियों का सामना कर रहे हैं उनमें तेजी से जलवायु संकट या बढ़ती खाद्य असुरक्षा शामिल है. यूक्रेन के खिलाफ रूस के क्रूर हमले से अस्थिर बाजारों को और भी बदतर बना दिया गया है’

    वहीं, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि 'आज की इस पहली समिट से ही I2U2 ने एक सकारात्मक एजेंडा स्थापित कर लिया है. हमने कई क्षेत्रों में संयुक्त परियोजनाएं की पहचान की है, और उनमें आगे बढ़ने का रोडमैप भी बनाया है.

    I2U2 फ्रेमवर्क के तहत जल, ऊर्जा, परिवाहन, स्वास्थ्य, स्पेस और खाद्य सुरक्षा के लिए 6 महत्वपूर्ण क्षेत्रों में संयुक्त निवेश बढ़ाने के लिए सहमत हुए हैं.

    बढ़ती हुई वैश्विक अनिश्चिताओं के बीच हमारा कॉपरेटिव फ्रेमवर्क व्यावहारिक सहयोग का एक अच्छा मॉडल है। मुझे पूरा विश्वास है कि I2U2 से हम वैश्विक स्तर पर ऊर्जा सुरक्षा, खाद्य सुरक्षा और आर्थिक विकास के लिए महत्वपूर्ण योगदान करेंगे.'

    संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने कहा है कि 'यह देशों के बीच सहयोग का एक बड़ा अवसर है...चुनौतियों के क्षेत्रों में जिनमें खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन और हेल्थ केयर शामिल हैं.'

  4. दिनभर- पूरा दिन पूरी ख़बर, सुनिए मानसी दाश और अंजुम शर्मा के साथ

  5. गोटाबाया राजपक्षे के सिंगापुर पहुंचने पर क्या बोला भारतीय विदेश मंत्रालय

    भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने गुरुवार शाम श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे के सिंगापुर पहुंचने में भारत की भूमिका होने से इनकार किया है.

    उन्होंने कहा है, “आपने हमारे उच्चायोग का बयान देखा होगा. हम गोटाबाया राजपक्षे के श्रीलंका से जाने या उनकी यात्रा में किसी तरह की भूमिका होने से इनकार करते हैं. मैं ये कयास लगाने की स्थिति में नहीं हूं कि वह कहां हैं. मैंने भी मीडिया रिपोर्ट्स देखी हैं कि अब वो सिंगापुर में हैं. हम लोकतांत्रिक तरीकों और संवैधानिक ढांचे के ज़रिए श्रीलंका के लोगों और उनकी आकांक्षाओं के साथ खड़े रहेंगे.”

    कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे सिंगापुर पहुंच गए हैं. उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं.

    इसके साथ ही सिंगापुर सरकार ने उनके वहां पहुंचने पर स्पष्टीकरण जारी किया है.

    सरकार ने कहा है कि यह गोटाबाया का निजी दौरा है और सिंगापुर ने उन्हें राजनीतिक शरण नहीं दी है.

  6. एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में मतदान करेगा झारखंड मुक्ति मोर्चा

      • Author, रवि प्रकाश
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए, रांची से

    भारत में हो रहे राष्ट्रपति चुनाव के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) ने बीजेपी के नेतृत्व वाले गठबंधन एनडीए की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू के समर्थन की घोषणा की है.

    सियासी हलके में इसके क़यास पहले से ही लगाए जा रहे थे.

    झारखंड में सत्तारूढ़ जेएमएम ने अब से कुछ देर पहले पार्टी प्रमुख शिबू सोरेन के दस्तख़त से अपने विधायकों और सांसदों के लिए जारी अपने आधिकारिक पत्र में यह घोषणा की है.

    पार्टी ने कहा है : 'राष्ट्रपति चुनाव में झारखंड की पूर्व राज्यपाल और आदिवासी महिला श्रीमती द्रौपदी मुर्मू उम्मीदवार हैं. आज़ादी के बाद पहली बार किसी आदिवासी महिला को राष्ट्रपति बनने का गौरव प्राप्त होने वाला है. अतएव सम्यक विचारोपरांत पार्टी राष्ट्रपति चुनाव में श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में मतदान करने का निर्णय लेती है.'

    द्रौपदी मुर्मू संथाली आदिवासी हैं और झारखंड की राज्यपाल रहते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और शिबू सोरेन से उनके बेहतर संबंध रहे हैं.

    पिछले दिनों वोट माँगने के क्रम में जब वे झारखंड आयीं, तो उन्होंने हेमंत सोरेन के घर जाकर शिबू सोरेन और उनसे मुलाक़ात की थी. उससे पहले जेएमएम सांसदों-विधायकों की बैठक में इस संबंधित निर्णय के लिए पार्टी प्रमुख शिबू सोरेन को अधिकृत किया गया था.

    तभी से यह संभावना जतायी जा रही थी कि आदिवासी अस्मिता के नाम पर जेएमएम अंततः द्रौपदी मुर्मू के समर्थन की घोषणा कर देगा.

    एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को विपक्षी दलों की ओर से समर्थन मिल रहा है.

    अब तक बीजेडी, वाईएसआर कांग्रेस, शिवसेना ने उन्हें अपना समर्थन दिया है.

    इसके साथ ही 17 विपक्षी दलों ने राजनेता यशवंत सिन्हा को अपना उम्मीदवार बनाया है.

  7. श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे सिंगापुर पहुँचे, सिंगापुर सरकार ने बताया निजी दौरा

    सिंगापुर सरकार ने श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे के सिंगापुर पहुँचने पर स्पष्टीकरण दिया है.

    मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए सिंगापुर में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया है कि राजपक्षे निजी यात्रा पर सिंगापुर पहुँचे हैं.

    उन्होंने कहा, “श्रीलंका के राष्ट्रपति राजपक्षे को निजी दौरे पर सिंगापुर आने की अनुमति दी गई है. उन्होंने राजनीतिक शरण नहीं मांगी है. और किसी को शरण नहीं दी गई है. सिंगापुर सामान्य रूप से राजनीतिक शरण देने के निवेदन को स्वीकार नहीं करता है.”

    श्रीलंका में चल रही अस्थिरता के बीच एक दिन पहले ही राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे मालदीव पहुँचे थे. अभी तक उन्होंने इस्तीफ़ा नहीं दिया है.

    उनकी अनुपस्थिति में पीएम रनिल विक्रमसिंघे को कार्यकारी राष्ट्रपति बनाया गया है.

    श्रीलंका में प्रदर्शनकारी गोटाबाया राजपक्षे और विक्रमसिंघे दोनों के इस्तीफ़े की मांग कर रहे हैं.

  8. ओवैसी ने धर्मांतरण के मुद्दे पर मोहन भागवत को दिया जवाब

    लोकसभा सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने गुरुवार को धर्म परिवर्तन के मुद्दे पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत को जवाब दिया है.

    आरएसएस चीफ़ मोहन भागवत ने बुधवार को कर्नाटक में एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि धर्मांतरण की वजह से लोग अपनी जड़ों से दूर हो जाते हैं, ऐसे में हमें धर्म परिवर्तन रोकना चाहिए.

    इस पर ओवैसी ने पलटवार करते हुए कहा है कि मोहन भागवत जी बताए कि क्या भारत का कोई धर्म है.

    उन्होंने कहा है, "भागवत जी ने (धर्म) परिवर्तन की बात कही है, मोहन भागवत साहब बताएँ कि क्या भारत का कोई धर्म है. नहीं, भारत का कोई धर्म नहीं है. आप चाहते हैं कि भारत का एक धर्म हो जाए. आरएसएस चाहती है कि भारत का एक धर्म हो. एक संस्कृति हो. एक ज़बान हो. ये नहीं हो सकता.

    क्योंकि भारत कई संस्कृतियों वाला देश रहा है और रहेगा. क्या आप दक्षिण भारत की तहज़ीब को जबरदस्ती उत्तर भारत में लागू कर सकते हैं? नहीं कर सकते.

    क्या आप एक धर्म को लागू कर सकते हैं, नहीं कर सकते. भारत की ख़ूबसूरती ही यही है. अरे भाई आप इतना डर क्यों रहे हैं (धर्म) परिवर्तन से.

    इसमें डरने की बात क्या है. धर्म परिवर्तन तो इंसान की इच्छा है न...और ये च्वॉइस तो भारतीय संविधान में मूल अधिकार के रूप में दिया गया है."

  9. श्रीलंकाः मालदीव में गोटाबाया के पहुँचने पर घिरी सरकार, नशीद निशाने पर

  10. बिहार में पटना के एसएसपी ने आरएसएस पर की टिप्पणी, ग़ुस्साई बीजेपी ने माफ़ी मांगने को कहा

    बिहार की राजधानी पटना में संदिग्ध चरमपंथियों की गिरफ़्तारी के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पटना एसएसपी मानवजीत सिंह ढिल्लों के बयान पर विवाद छिड़ गया है.

    प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान उन्होंने कहा- कटुता की तरफ़ जिसे हम अंग्रेज़ी में रेडिक्लाइजेशन बोलते हैं, उसके लिए ये लगातार कार्यशील थे, इसका जो मॉडस था कि ये लोग, जैसे शाखा होती है, आरएसएस शाखा आर्गेनाइज़ करती है और लाठी की ट्रेनिंग देती है, उसी तरह ये लोग शारीरिक प्रशिक्षण, फिज़िकल एजुकेशन के नाम से अपने यूथ को बुलाकर प्रशिक्षण दे रहे थे और जो अपना एजेंडा है और प्रोपेगैंडा है, उनके माध्यम से यूथ को ब्रेनवॉश करने का काम कर रहे थे.

    दरअसल बिहार पुलिस ने दावा किया है कि उन्होंने पटना के फुलवारीशरीफ़ इलाक़े से दो संदिग्ध चरमपंथियों को गिरफ़्तार किया है. पटना पुलिस के मुताबिक उसे इंटेलिजेंस ब्यूरो से दो संदिग्ध लोगों के बारे में जानकारी मिली थी.

    गिरफ़़्तार किए गए लोगों का नाम मोहम्मद जलालुद्दीन और अतहर परवेजट है. गिरफ़्तार किए गए दोनों लोगों पर यूएपीए के तहत मामला दर्ज किया गया है. गिरफ़्तार किए गए अतहर परवेज़ के सगे भाई मंज़र पटना के गांधी मैदान ब्लास्ट मामले में अभियुक्त हैं.

    ये लोग इस्लामी संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ़ इंडिया (पीएफ़आई) और राजनीतिक पार्टी एसडीपीआई (सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ़ इंडिया) से जुड़े बताए गए हैं.

    हालांकि पीएफ़आई ने पुलिस के सभी आरोपों को खारिज किया है. पीएफ़आई ने कहा है कि सभी आरोप निराधार हैं और पीएफ़आई को बदनाम करने के लिए लगाए गए हैं.

    बिहार में बीजेपी के प्रवक्ता निखिल आनंद ने पटना एसएसपी के बयान की निंदा करते हुए कहा, "आईएएस और आईपीएस अधिकारियों को राजनीति और वैचारिक प्रभाव से ऊपर समझा जाता है. पटना एसएसपी का पीएफ़आई की आरएसएस से तुलना करना निंदनीय हैं. इन अधिकारियों के पास कार्रवाई में कोई पूर्वाग्रह और पूर्वकल्पित धारणा नहीं होनी चाहिए. उन्हें राजनीति करने से पहले माफ़ी मांगनी चाहिए और इस्तीफ़ा दे देना चाहिए."

  11. ब्रेकिंग न्यूज़, दलेर मेहंदी की दो साल की सज़ा बरकरार, पुलिस ने लिया हिरासत में

    पंजाब में पटियाला की कोर्ट ने मशहूर पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी की दो साल की सज़ा बरकरार रखी है. ये साल 2003 के मामले से जुड़ा है, जिसमें उन पर ग़ैर क़ानूनी रूप से लोगों को विदेश भेजने का आरोप लगा था.

    आरोप ये भी था कि उन्होंने इसके बदले मोटी रक़म वसूली थी. पुलिस ने दलेर मेहंदी को हिरासत में ले लिया है और उन्हें जेल भेजा जा रहा है. मेहंदी को पटियाला डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने 2003 के मानव तस्करी के एक मामले में 2018 में दोषी ठहराया था और उन्हें दो साल जेल की सज़ा सुनाई थी.

    दलेर मेहंदी ने इस फ़ैसले को सेशंस कोर्ट में चुनौती दी थी. साल 2003 में एक शख़्स ने दलेर मेहंदी के ख़िलाफ़ शिक़ायत दर्ज कराई थी. आरोप है कि दलेर और उनके भाई शमशेर सिंह लोगों को पैसों के एवज़ में अवैध रूप से विदेश ले जाते थे. दलेर पर साल 1998 और 1999 में क़रीब 10 लोगों को अवैध रूप से अमरीका पहुँचाने का आरोप लगा था.

  12. दिल्ली पुलिस ने जहांगीरपुरी दंगों के मामले में दाखिल की चार्जशीट

    दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गुरुवार को रोहिणी कोर्ट में जहांगीरपुरी में हुए दंगों के मामले में चार्ज़शीट दाखिल की है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, इस मामले में अब तक तीन मुख्य अभियुक्तों समेत कुल 37 लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.

    चार्जशीट में पुलिस ने बताया है- फेस रिकग्निशन सॉफ़्टवेयर, सीसीटीवी और मोबाइल से रिकॉर्ड किए गए वीडियोज़ के विश्लेषण से अभियुक्तों को पकड़ा गया है. अब तक 37 लोगों को पकड़ा जा चुका है और 8 लोग फरार है.

    चार्जशीट में पुलिस ने ये भी कहा है कि अब तक हुई जाँच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ये सामने आया है कि जहांगीरपुरी में जो दंगे हुए, वो 2019-20 में शाहीन बाग़ एवं 2020 के फरवरी महीने में उत्तर-पूर्वी दिल्ली में सीएए-एनआरसी के विरोध में हुए दंगों की अगली कड़ी हैं.

    ये भी कहा गया है कि 10 अप्रैल 2022 को रामनवमी से जुड़ी घटनाओं के चलते स्थिति बिगड़ गई थी. इस मामले में 9 बंदूकेंं, 5 ज़िंदा कारतूस, 2 ख़ाली कारतूस और 9 तलवारें बरामद हुई हैं.

    रोहिणी कोर्ट ने इस मामले पर विचार करने के लिए 28 तारीख़ तय की है.

  13. मोहम्मद ज़ुबैर की जमानत याचिका पर फ़ैसला सुरक्षित, कल आएगा आदेश

    दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने गुरुवार को ऑल्ट-न्यूज़ के सह-संस्थापक मोहम्मद ज़ुबैर की ज़मानत याचिका पर सुनवाई के बाद फ़ैसला शुक्रवार तक के लिए सुरक्षित कर लिया है.

    दिल्ली पुलिस ने मोहम्मद ज़ुबैर को बीती 27 जून को कथित रूप से आपत्तिजनक ट्वीट के मामले में गिरफ़्तार किया था.

    मोहम्मद ज़ुबैर के ख़िलाफ़ दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश में भी छह एफ़आईआर दर्ज़ कराई गयी हैं.

    उत्तर प्रदेश सरकार ने उनके ख़िलाफ़ दर्ज़ मामलों की जांच के लिए एक विशेष जांच दल का गठन किया है जिसका नेतृत्व राज्य के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक करेंगे.

    ज़ुबैर के वकीलों ने इस मामले में सुप्रीम कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाते हुए इन सभी रिपोर्ट्स को रद्द करने की अपील की है.

    इस बारे में ज़्यादा जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.

  14. महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे सरकार ने पेट्रोल और डीज़ल की क़ीमतों में की कटौती

    महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे की सरकार ने प्रदेश में पेट्रोल और डीज़ल पर वैट में कटौती की घोषणा की है. मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने घोषणा की है कि उनकी सरकार ने पेट्रोल पर 5 रुपए प्रति लीटर और डीज़ल पर तीन रुपए प्रति लीटर वैट घटाने का फ़ैसला किया है.

    कैबिनेट की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि इस फ़ैसले से राज्य सरकार पर 6000 करोड़ रुपए का भार आएगा.

    प्रेस कॉन्फ़्रेंस में मौजूद पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि ये फ़ैसला लोगों के कल्याण के लिए शिवसेना-बीजेपी सरकार की प्रतिबद्धता का हिस्सा है.

    उद्धव ठाकरे से बग़ावत के बाद शिवसेना के ज़्यादातर विधायकों के साथ मिलकर एकनाथ शिंदे ने सरकार बनाई है. बीजेपी इस सरकार का समर्थन कर रही है. पिछले दिनों विश्वास मत जीतने के बाद सीएम एकनाथ शिंदे ने घोषणा की थी कि वे पेट्रोल और डीज़ल की क़ीमतों में राहत देंगे.

  15. श्रीलंका का राष्ट्रपति आवास अब सेना के नियंत्रण में, प्रदर्शनकारियों से ख़ाली करवाया गया

    श्रीलंका में कोलंबो स्थित राष्ट्रपति निवास को प्रदर्शनकारियों से ख़ाली करवा लिया गया है. पिछले कुछ दिनों से हज़ारों की तादाद में प्रदर्शकारी राष्ट्रपति निवास में थे.

    राष्ट्रपति निवास को पूरी तरह सेना ने अपने नियंत्रण में ले लिया है. अब आम लोगों को अंदर नहीं आने दिया जा रहा है. अब अंदर सेना के अलावा सिर्फ़ मीडियाकर्मी मौजूद हैं.

    बढ़ती मंहगाई, ईंधन की क़िल्लत और बेरोज़गारी की वजह से इस मार्च से ही सारे श्रीलंका में असंतोष की लहर है.

    प्रदर्शनकारियों के दवाब के कारण ही राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे, देश छोड़ चुके हैं. मंगलवार यानी 12 जुलाई को राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे एक सैन्य जेट की मदद से श्रीलंका से भागकर मालदीव चले गए थे. अब वे फ्लाइट पकड़कर मालदीप से सिंगापुर जा रहे हैं.

    प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के इस्तीफ़ा न देने के विरोध में कोलंबो में कई दिनों से प्रदर्शन चल रहे हैं. इन प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री कार्यालय और राष्ट्रपति भवन समेत कई सरकारी भवनों पर क़ब्ज़ा कर लिया था.

    लेकिन कल देश में आपातकाल की घोषणा के बाद पुलिस और सेना हरकत में आई है.

    बीते सप्ताहांत हज़ारों नागरिक राष्ट्रपति निवास पर पहुंच गए थे. सोशल मीडिया पर करीब 300 साल पुराने राष्ट्रपति भवन में घूमते-फिरते लोगों के कई वीडियो वायरल हुए थे.

    इन्हीं में से एक वीडियो में कई लोगों राष्ट्रपति के स्विमिंग पूल नहाते देखा गया था. कुछ लोग जिम में कसरत करते भी नज़र आए थे.

    कल शाम प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस से थोड़ा बहुत बलप्रयोग किया था. पुलिस ने आँसू गैस का इस्तेमाल किया था. इसकी वजह से एक व्यक्ति की साँस लेने में तकलीफ़ के चलते मौत हो गई है.

    पुलिस की कार्रवाई में कम से कम 84 लोग घायल हुए हैं.

    कोलंबो नेशनल हॉस्पिटल ने भी बुधवार को हुए प्रदर्शन में एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि की है. हॉस्पिटल के अधिकारियों ने बताया कि सांस लेने में तकलीफ के चलते व्यक्ति की मौत हुई है वहां 84 लोग घायल हुए हैं.

  16. आईएमएफ़ से मिली पाकिस्तान को बड़ी राहत, पीएम शहबाज़ बिलावल से हुए ख़ुश

    अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष, पाकिस्तान को कर्ज़ की सुविधा बहाल करने के लिए तैयार हो गया है.

    आईएमएफ़ ने गुरुवार को पुष्टि की कि वो 600 करोड़ डॉलर की कर्ज़ सुविधा के लिए पाकिस्तान के साथ समझौते पर पहुँच गया है.

    इसका मतलब है कि पाकिस्तान को जल्द ही आईएमएफ़ से 117 करोड़ डॉलर का कर्ज़ मिल सकता है.

    साल 2019 में पाकिस्तान ने आईएमएफ़ से 600 करोड़ कर्ज लेने का समझौता किया था. जिसके तहत अगले तीन सालों के लिए 600 करोड़ डॉलर को मिलने थे, लेकिन आधे कर्ज़ के बाद ही आईएमएफ़ ने इस पर रोक लगा दी थी.

    इमरान खान की सरकार में आईएमएफ़ ने कर्ज जारी रखने पर रोक लगाई थी जिसके बाद पाकिस्तान में शहबाज़ शरीफ़ की नई सरकार ने दोबारा से बातचीत शुरू की.

    इस समझौते के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने आईएमएफ़ कार्यक्रम को फिर से जीवित करने के प्रयासों के लिए मंत्री मिफ़्ताह इस्माइल और बिलावल भुट्टो के नेतृत्व में वित्त और विदेश मंत्रालय की टीमों को बधाई दी है.

    उन्होंने कहा कि ये एक बेहतरीन टीम वर्क था और ये समझौता पाकिस्तान को आर्थिक मुश्किलों से बाहर निकालने में मददगार साबित होगा.

  17. विराट कोहली वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ टी-20 सिरीज़ के लिए टीम में शामिल नहीं

    वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ पाँच टी-20 मैचों की सिरीज़ के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी गई है. टीम में पूर्व कप्तान विराट कोहली को जगह नहीं दी गई है. पिछले कुछ सिरीज़ के दौरान विराट कोहली कुछ ख़ास नहीं कर पाए थे और उनके प्रदर्शन को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे.

    हालाँकि पिछले दिनों कप्तान रोहित शर्मा ने विराट कोहली का बचाव किया था. बीसीसीआई प्रमुख सौरभ गांगुली ने भी कहा था कि कई बार खिलाड़ियों का बुरा दौर चलता है.

    वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ टी-20 सिरीज़ के लिए टीम

    रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन, केएल राहुल, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुडा. श्रेयस अय्यर, दिनेश कार्तिक, ऋषभ पंत, हार्दिक पंड्या, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, आर अश्विन, रवि बिश्नोई, कुलदीप यादव, भुवनेश्वर कुमार, आवेश ख़ान, हर्षल पटेल और अर्शदीप सिंह

    बीसीसीआई ने स्पष्ट किया है कि केएल राहुल और कुलदीप यादव को उनके फ़िटनेस के आधार पर ही टीम में जगह मिलेगी.

    कब-कब होंगे मैच

    पहला टी-20- 29 जुलाई- त्रिनिडाड

    दूसरा टी-20- 01 अगस्त- सेंट किट्स

    तीसरा टी-20- 02 अगस्त- सेंट किट्स

    चौथा टी-20- 6 अगस्त-फ़्लोरिडा

    पाँचवाँ टी-20- 7 अगस्त, फ़्लोरिडा

  18. बिहार के पूर्व मंत्री और नौ बार विधायक रहे रमई राम का निधन

    बिहार के पूर्व मंत्री रमई राम का निधन हो गया है. वे 81 साल के थे और पिछले दो दिनों से पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती थे. वे राष्ट्रीय जनता दल की सरकार में मंत्री रहे और फिर नीतीश कुमार की सरकार में.

    उनका ज़्यादा समय राष्ट्रीय जनता दल में गुज़रा. एक बार तो वे पार्टी के अध्यक्ष भी बनाए गए, जब लालू प्रसाद यादव जेल में थे. वे नौ बार विधायक रहे.

    बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर उनके निधन पर दुख व्यक्त किया है.

    उन्होंने लिखा है- वरिष्ठ समाजवादी नेता, पूर्व मंत्री और 9 बार विधायक रहे आदरणीय श्री रमई राम जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ. वो एक कर्मठ और समर्पित राजनेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता थे. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति एवं परिवार को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे. ॐ शांति ॐ

    1972 में वे पहली बार विधायक चुने गए थे. बोचहाँ सीट से वे निर्दलीय चुनाव लड़े थे. 1980 में वे जनता पार्टी में शामिल हुए. बाद में वे जनता दल से जुड़े और आख़िरकार 2000 में वे राष्ट्रीय जनता दल में शामिल हुए.

    2009 में वे जनता दल यूनाइटेड में शामिल हुए. इसके बाद भी वे कांग्रेस, जनता दल-यू होते हुए फिर राष्ट्रीय जनता दल में पहुँचे.

  19. ब्रेकिंग न्यूज़, श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे मालदीव से सिंगापुर के लिए रवाना हुए

    बीबीसी को मिली जानकारी के मुताबिक़ श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे ने अपनी पत्नी और निजी सुरक्षाकर्मियों के साथ सिंगापुर जाने के लिए सऊदी एयरलाइंस की फ्लाइट ली है.

    मंगलवार यानी 12 जुलाई को राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे एक सैन्य जेट की मदद से श्रीलंका से भागकर मालदीव चले गए थे. अब वे फ्लाइट पकड़कर मालदीप से सिंगापुर जा रहे हैं.

    गोटाबाया ने 13 जुलाई तक राष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने की घोषणा की थी लेकिन अभी तक उन्होंने इस्तीफा नहीं दिया है. उनकी अनुपस्थिति में प्रधानमंत्री रनिल विक्रमसिंघे को कार्यवाहक राष्ट्रपति नियुक्त किया गया है.

    प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के इस्तीफा नहीं देने के विरोध में श्रीलंका के कोलंबो में कई दिनों से उग्र प्रदर्शन हो रहे हैं. प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री कार्यालय और राष्ट्रपति भवन समेत कई सरकारी भवनों पर कब्जा कर लिया है.

  20. वर्ल्ड इकॉनोमिक फ़ोरम की इस रिपोर्ट में भारत है 135वें नंबर पर

    वर्ल्ड इकॉनोमिक फ़ोरम की एक रिपोर्ट में भारत को लैंगिक समानता के मामले में विश्व में 135वें स्थान पर रखा गया है.

    आर्थिक भागीदारी और अवसर के क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन संबंधी ये रिपोर्ट जिनेवा में जारी की गई है.

    रैंकिंग में आइसलैंड शीर्ष पर काबिज है, जिसके बाद फिनलैंड, नॉर्वे, न्यूज़ीलैंड और स्वीडन का स्थान है. कुल 146 देशों के सूचकांक में सिर्फ़ 11 देश ही भारत से नीचे हैं.

    जबकि अफ़ग़ानिस्तान, पाकिस्तान, कांगो, ईरान और चाड इस सूची में सबसे निचले पायदान वाले पाँच देशों में शामिल हैं.