You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

#INDvsENG : 188 गेंद रहते भारत ने मैच 10 विकेट से जीता

इंग्लैंड के 111 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए शिखर धवन ने 31 तो रोहित शर्मा ने 76 रन बनाए. दोनों बल्लेबाज़ नाबाद रहे हैं.

लाइव कवरेज

अभिनव गोयल and रजनीश कुमार

  1. श्रीलंका में बग़ावत, अब क्या होगा आगे?

  2. पीएम मोदी आज झारखंड और बिहार दौरे पर, देवघर एयरपोर्ट का करेंगे उद्घाटन

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को झारखंड और बिहार जा रहे हैं जहाँ वे कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे.

    पीएम मोदी ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है. उन्होंने लिखा, "12 जुलाई को यहां एयरपोर्ट के उद्घाटन का भी सुअवसर मिलेगा. इससे श्रद्धालुओं के लिए बाबा धाम की यात्रा और आसान होगी, साथ ही झारखंड के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा."

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक पीएम मोदी ने 25 मई 2018 को झारखंड में देवघर हवाई अड्डे की आधारशिला रखी थी. रांची के बाद यह झारखंड का दूसरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा होगा.

    देवघर में आज होने वाले कार्यक्रम में कई सड़क, रेल और बुनियादी कार्यों का भी शुभारंभ होगा.

    देवघर के बाद पीएम मोदी पटना जाएंगे, जहां वे विधानसभा के शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे. साथ ही विधानसभा संग्रहालय की आधारशिला भी रखी जाएगी.

  3. 5 सितंबर को होगा ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री का एलान, अब तक 11 उम्मीदवार आए सामने

    ब्रिटेन में 5 सितंबर को देश के नए प्रधानमंत्री के नाम का एलान हो जाएगा. कंज़र्वेटिव पार्टी के नेतृत्व ने बताया है कि इस दिन पार्टी के नेता का चुनाव होगा जो देश का अगला प्रधानमंत्री होगा.

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने पिछले सप्ताह कंज़र्वेटिव पार्टी के नेता पद से इस्तीफ़ा दे दिया था. उनकी सरकार के कुछ वरिष्ठ मंत्रियों ने उनके नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए पद छोड़ दिया था.

    पार्टी के कई सांसदों ने भी बोरिस जॉनसन का समर्थन करने से इनकार कर दिया जिसके बाद उन्हें इस्तीफ़ा देना पड़ा.

    7 जुलाई को इस्तीफा देने की घोषणा करते हुए बोरिस ने कहा था कि जब तक कोई नया नेता नहीं आ जाता, वह पीएम पद पर बने रहेंगे.

    प्रधानमंत्री की रेस में अब तक 11 उम्मीदवार सामने आए हैं. इनमें वित्त मंत्री के पद से इस्तीफ़ा देने वाले भारतीय मूल के ऋषि सुनक और स्वास्थ्य मंत्री के पद से इस्तीफ़ा देनेवाले पाकिस्तानी मूल के साजिद जाविद के नाम शामिल हैं.

    भारतीय मूल की गृह मंत्री प्रीति पटेल की दावेदारी को लेकर अभी कुछ साफ नहीं है.

    इसके अलावा अन्य उम्मीदवार अभी भी प्रधानमंत्री बनने की रेस में शामिल हो सकते हैं. पार्टी ने कहा है कि दावेदारी पेश करने लायक समर्थन जुटाने के लिए उम्मीदवारों के पास मंगलवार तक का समय है.

    हर प्रत्याशी को नेता पद की दावेदारी में शामिल होने के लिए कम-से-कम 20 सांसदों का समर्थन चाहिए. इसके बाद बुधवार को अगले चरण के चुनाव के लिए पार्टी सांसद वोटिंग शुरू करेंगे.

    सांसदों के मतदान के बाद 21 जुलाई तक उम्मीदवारों की संख्या घटकर दो रह जाएगी.

    इसके बाद पार्टी के सदस्य मतदान कर नए नेता का चुनाव करेंगे. 5 सितंबर को विजेता उम्मीदवार की घोषणा होगी जो प्रधानमंत्री बनेगा.

  4. जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंज़ो आबे का आज टोक्यो के बौद्ध मंदिर में अंतिम संस्कार

    जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंज़ो आबे का अंतिम संस्कार मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच टोक्यो के एक बौद्ध मंदिर में होगा.

    शुक्रवार को एक चुनाव प्रचार कार्यक्रम में भाषण देते हुए उनकी हत्या कर दी गई थी.

    सोमवार को शिंज़ो आबे के परिवार और करीबी दोस्तों ने प्रार्थना सभा रखी. इस सभा में जापान के प्रधानमंत्री फुमिया किशिदा और अमेरिकी ट्रेजरी सचिव जेनेट येलैंड समेत करीब ढाई हज़ार लोगों ने हिस्सा लिया.

    शिंज़ो आबे को पीछे से गोली मारी गई थी. जापान टाइम्स के अनुसार, गोली लगने के कारण आबे की गर्दन ज़ख़्मी हुई थी और सीने के भीतर ब्लीडिंग भी हुई.

    पुलिस ने घटनास्थल से 41 साल के संदिग्ध हमलावर को पकड़ा है. जापानी मीडिया के अनुसार, हमलावर मैरीटाइम सेल्फ़-डिफेंस फ़ोर्स का मेंबर है.

    संदिग्ध हमलावर की पहचान तेत्सुया यामागामी के रूप में की गई है. वह नारा शहर का ही रहने वाला है. जापान के सरकारी प्रसारक एनएचके के अनुसार, हमलावर ने हैंडमेड गन से गोली मारी थी.

    पुलिस ने जब संदिग्ध हमलावर के घर छापेमारी की थी तो उन्हें वहां से विस्फोटक भी बरामद हुए थे.

  5. राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू के समर्थन में शिवसेना सांसद, उद्धव ठाकरे पर बढ़ा दबाव

    18 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव को लेकर शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने सोमवार को बैठक की थी. इस बैठक में शिवसेना के 19 लोकसभा सांसदों में से 12 मौजूद थे.

    शिवसेना के इन 12 सांसदों ने राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करने की मांग की है.

    द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने की सबसे पहले मांग शिवसेना के दक्षिण-मध्य मुंबई के सांसद राहुल शेवाले ने पिछले हफ्ते की थी.

    उत्तर-पश्चिम मुंबई के शिवसेना सांसद गजानन कीर्तिकर ने दावा किया कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के गुट में शामिल भावना गवली और मुख्यमंत्री के बेटे श्रीकांत शिंदे को छोड़कर सभी सांसद मातोश्री में हुई बैठक में मौजूद थे. उन्होंने कहा कि सभी सांसद उद्धव ठाकरे के साथ हैं.

    अख़बार टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक सांसदों ने उद्धव ठाकरे से कहा कि बीजेपी के साथ गठबंधन के बिना 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ना मुश्किल होगा और अगर शिवसेना, बीजेपी के साथ नहीं गई तो पार्टी को इससे नुकसान होगा.

    हालांकि बैठक में उद्धव ठाकरे ने कोई फैसला नहीं लिया. सांसदों का कहना है कि जल्द इस बारे में फैसला लिया जाएगा.

    शिवसेना के महाराष्ट्र में 18 सांसद हैं वहीं एक सांसद दादरा और नगर हवेली से है.

    शिवसेना नेताओं का कहना है बैठक में हिस्सा नहीं लेने वाले सांसदों ने पहले ही अपनी अनुपस्थिति के बारे में बता दिया था.

    टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक शिवसेना का एक प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर सकता है.

    शिवसेना सांसद गजानन कीर्तिकर ने कहा कि सभी सांसदों ने कहा कि शिवसेना को द्रौपदी मुर्मू के लिए वोट करना चाहिए. इस बारे में उद्धव ठाकरे एक दो दिन के अंदर फैसला लेंगे.

  6. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया.

    हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है.

    11 जुलाई के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.