You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

#INDvsENG : 188 गेंद रहते भारत ने मैच 10 विकेट से जीता

इंग्लैंड के 111 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए शिखर धवन ने 31 तो रोहित शर्मा ने 76 रन बनाए. दोनों बल्लेबाज़ नाबाद रहे हैं.

लाइव कवरेज

अभिनव गोयल and रजनीश कुमार

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, #INDvsENG : 188 गेंद रहते भारत ने मैच 10 विकेट से जीता

    इंग्लैंड के 111 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए शिखर धवन ने 31 तो रोहित शर्मा ने 76 रन बनाए. दोनों बल्लेबाज़ नाबाद रहे हैं.

    दोनों बल्लेबाज़ों के बीच 18वीं बार शतकीय साझेदारी हुई है. ओवल के इस ग्राउंड पर दोनों के बीच चौथी बार शतकीय साझेदारी है.

    हारने के बाद इंग्लैंड के कप्तान जॉस बटलर ने कहा कि भारत ने टी-20 और इस मैच में बहुत शानदार गेंदबाज़ी की है.

    रोहित शर्मा ने कहा कि पिच की स्थिति और मौसम को देखते हुए पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला सही रहा. आज पिच तेज़ गेंदबाज़ों के लिए अच्छी थी.

    अपने और शिखर धवन के बीच शतकीय साझेदारी पर रोहित बोले कि हम एक दूसरे को अच्छी तरह जानते हैं, हम इंग्लैंड के गेंदबाज़ी भी समझते हैं.

    जसप्रीत बुमराह मैन ऑफ़ द मैच

    19 रन पर छह विकेट लेने वाले जसप्रीत बुमराह मैन ऑफ़ द मैच चुने गए.

    उन्होंने कहा, "जब सीम मूवमेंट होता है तो सफ़ेद गेंद के गेंदबाज़ के लिए यह रोमांचक समय होता है. जब मैेने पहली गेंद फेंकी और यह स्विंग हुई तो मुझे बहुत खुशी हुई."

  2. श्रीलंका के हालात क्या भारत के लिए हैं चिंता का सबब

    श्रीलंका के मौजूदा हालात के लिए क्या वहां की सरकार ज़िम्मेदार है या इस संकट के पीछे और भी वजह हैं.

    कई महीने से चल रहे इस संकट के समाधान में भारत की भूमिका कितनी अहम रही है और श्रीलंका की ये अस्थिरता भारत के लिए कितनी बड़ी चिंता है?

  3. 5जी स्पेक्ट्रम की रेस में अदाणी डेटा नेटवर्क्स, जियो, एयरटेल और वोडाफोन आइडिया

    टेलीकॉम विभाग ने मंगलवार को बताया कि अदाणी डेटा नेटवर्क्स, रिलायंस जियो, भारती एयरटेल और वोडाफोन आइडिया ने 5जी स्पेक्ट्रम नीलामी में भाग लेने के लिए आवेदन दिया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, 26 जुलाई 5जी स्पेक्ट्रम की नीलामी शुरू होगी.

    एक तरफ़ रिलायंस जियो और भारती एयरटेल टेलीकॉम बाज़ार में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहेंगे तो दूसरी तरफ़ अरबपति गौतम अदाणी की कंपनी इस बाज़ार में उतरने की तैयारी कर रही है.

    ऐसे में माना जा रहा है कि कुछ फ्रीक्वेंसी बैंड्स के लिए ऊंची बोली देखने में मिल सकती है.

    टेलीकॉम विभाग ने बताया कि 600 MHz, 700 MHz, 800 MHz, 900 MHz, 1800 MHz, 2100 MHz, 2300 MHz, 2500 MHz, 3300 MHz and 26 GHz बैंड्स के इस्तेमाल के अधिकार के लिए इन कंपनियों की ओर से आवेदन मिले हैं.

    19 जुलाई तक कोई कंपनी चाहे तो नीलामी प्रक्रिया से अपना नाम वापस ले सकती है.

    शनिवार को अदाणी समूह ने कहा था कि वो स्पेक्ट्रम हासिल करने की दौड़ में शामिल है. लेकिन उसकी ओर से ये भी स्पष्ट किया गया है कि ये स्पेक्ट्रम उसे अपने कारोबार को सपोर्ट करने के लिए चाहिए.

  4. श्रीलंका: आर्थिक स्थिति इतनी ख़राब क्यों हुई?

    श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में अपने घर पर हुए हमले के बाद वहां के राष्ट्रपति ने कहा कि वो अपने पद से इस्तीफ़ा देने के लिए तैयार हैं.

    श्रीलंका में महंगाई और खाने और तेल की किल्लत के कारण कई महीनों से चल रहे विरोध प्रदर्शन के बाद ये नौबत आई.

    श्रीलंका में क्या हो रहा है?

    रोज़मर्रा के सामानों के कीमतें बढ़ रही है. महंगाई दर पचास प्रतिशत को पार कर चुकी है, लोगों को बिजली की कमी का सामना भी करना पड़ रहा है. दवाइयों की कमी के कारण पूरी स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गई है.

    देश में बस, ट्रेन और मेडिकल ज़रुरतों से जुड़े वाहनों के लिए ईंधन नहीं बचा है. अधिकारियों का कहना है कि आयात के लिए पर्याप्त विदेशी मुद्रा अब नहीं बची है.

  5. बिहार विधानसभा परिसर में क्या बोले पीएम मोदी

    बिहार विधानसभा के सौ साल पूरे होने के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि "आज मुझे बिहार विधानसभा परिसर में आने वाले देश के पहले प्रधानमंत्री होने का सौभाग्य भी मिला है. मैं इस स्नेह के लिए बिहार के जन-जन को हृदय से नमन करता हूँ."

    उन्होंने कहा, "बिहार का ये स्वभाव है कि जो बिहार से स्नेह करता है, बिहार उसे वो प्यार कई गुना करके लौटाता है. आज मुझे बिहार विधानसभा परिसर में आने वाले देश के पहले प्रधानमंत्री होने का सौभाग्य भी मिला है. मैं इस स्नेह के लिए बिहार के जन-जन को हृदय से नमन करता हूँ."

    बिहार के इतिहास का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, "बिहार विधानसभा का अपना एक इतिहास रहा है और यहां विधानसभा भवन में एक से एक, बड़े और साहसिक निर्णय लिए गए हैं. आज़ादी के पहले इसी विधानसभा से गवर्नर सत्येंद्र प्रसन्न सिन्हा जी ने स्वदेशी उद्योगों को प्रोत्साहित करने, स्वदेशी चरखा को अपनाने की अपील की थी."

    उन्होंने कहा, "आज़ादी के बाद इसी विधानसभा में जमींदारी उन्मूलन अधिनियम पास हुआ. इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुये, नीतीश जी की सरकार ने बिहार पंचायती राज जैसे अधिनियम को पास किया. दशकों से हमें ये बताने की कोशिश होती रही है कि भारत को लोकतन्त्र विदेशी हुकूमत और विदेशी सोच के कारण मिला है."

    "लेकिन, कोई भी व्यक्ति जब ये कहता है तो वो बिहार के इतिहास और बिहार की विरासत पर पर्दा डालने की कोशिश करता है. जब दुनिया के बड़े भूभाग सभ्यता और संस्कृति की ओर अपना पहला कदम बढ़ा रहे थे, तब वैशाली में परिष्कृत लोकतन्त्र का संचालन हो रहा था."

    "जब दुनिया के अन्य क्षेत्रों में जनतांत्रिक अधिकारों की समझ विकसित होनी शुरू हुई थी, तब लिच्छवी और वज्जीसंघ जैसे गणराज्य अपने शिखर पर थे. भारत में लोकतन्त्र की अवधारणा उतनी ही प्राचीन है जितना प्राचीन ये राष्ट्र है, जितनी प्राचीन हमारी संस्कृति है."

    'भारत मदर ऑफ़ डेमोक्रेसी' है, इसका जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, "भारत लोकतन्त्र को समता और समानता का माध्यम मानता है. भारत सह अस्तित्व और सौहार्द के विचार में भरोसा करता है. हम सत् में भरोसा करते हैं, सहकार में भरोसा करते हैं, सामंजस्य में भरोसा करते हैं और समाज की संगठित शक्ति में भरोसा करते हैं."

    "विश्व में लोकतन्त्र की जननी हमारा भारत है, भारत मदर ऑफ़ डेमोक्रेसी है. और बिहार की गौरवशाली विरासत, पाली में मौजूद ऐतिहासिक दस्तावेज़ भी इसके जीवंत प्रमाण हैं. बिहार के इस वैभव को न कोई मिटा सकता है, न छिपा सकता है."

    "बिहार ने आज़ाद भारत को डॉक्टर राजेन्द्र प्रसाद के रूप में पहला राष्ट्रपति दिया. लोकनायक जयप्रकाश, कर्पूरी ठाकुर और बाबू जगजीवन राम जैसे नेतृत्व इस धरती पर हुए. जब देश में संविधान को कुचलने का प्रयास हुआ, तो भी उसके खिलाफ बिहार ने सबसे आगे आकर विरोध का बिगुल फूंका."

    "देश के सांसद के रूप में, राज्य के विधायक के रूप में हमारी ये भी ज़िम्मेदारी है कि हम लोकतंत्र के सामने आ रही हर चुनौती को मिलकर हराएं. पक्ष विपक्ष के भेद से ऊपर उठकर, देश के लिए, देशहित के लिए हमारी आवाज़ एकजुट होनी चाहिए."

    "दुनिया के लिए 21वीं सदी भारत की सदी है. और भारत के लिए ये सदी कर्तव्यों की सदी है. हमें इसी सदी में, अगले 25 सालों में नए भारत के स्वर्णिम लक्ष्य तक पहुँचना है. इन लक्ष्यों तक हमें हमारे कर्तव्य ही लेकर जाएंगे. इसलिए, ये 25 साल देश के लिए कर्तव्य पथ पर चलने के साल हैं."

    "हमें अपने कर्तव्यों को अपने अधिकारों से अलग नहीं मानना चाहिए. हम अपने कर्तव्यों के लिए जितना परिश्रम करेंगे, हमारे अधिकारों को भी उतना ही बल मिलेगा. हमारी कर्तव्य निष्ठा ही हमारे अधिकारों की गारंटी है.

  6. श्रीलंका में बग़ावत, अब क्या होगा आगे?

    श्रीलंका में आर्थिक समस्या से पैदा हुआ राजनीतिक संकट फ़िलहाल और गहरा गया है. श्रीलंका की हैरान-परेशान करने वाली तस्वीरें सारी दुनिया देख रही है.

    लोगों के मन में कई सवाल हैं और सबसे बड़ा सवाल ये है कि आर्थिक संकट से जूझ रहा श्रीलंका अब किस राह पर है?

  7. ब्रेकिंग न्यूज़, बुमराह, शमी ने इंग्लैंड का किया सफाया, पूरी टीम 110 पर ऑल आउट

    भारतीय गेंदबाज़ों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत पहले एक दिवसीय मुक़ाबले में इंग्लैंड की पूरी टीम केवल 110 रन बना कर आउट हो गई है.

    इस मुक़ाबले में जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी छा गए हैं. दोनों ने मिलकर नौ विकेट लिए. इनमें से चार खिलाड़ी अपना ख़ाता तक नहीं खोल सके.

    बुमराह ने छह विकेट लिया तो शमी को तीन विकेट मिले. भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीत कर इंग्लैंड को पहले बल्लेबाज़ी के लिए उतारा.

    मैच के दूसरे ओवर में ही जसप्रीत बुमराह ने दो खिलाड़ियों को पवेलियन लौटाया. जेसन रॉय शून्य पर बोल्ड आउट हुए तो जो रूट भी खाता नहीं खोल सके.

    अगले ओवर में शमी ने बेन स्टोक्स को शून्य पर आउट कर दिया. वहीं लियाम लिविंग्स्टन को मैच के आठवें ओवर में शून्य पर बुमराह ने बोल्ड किया.

    मैच में इन दोनों गेंदबाज़ों का कहर इस कदर छाया रहा कि इंग्लैंड की आधी टीम केवल 26 रन बना कर आउट हो गई.

    हालांकि कप्तान जॉस बटलर ने 30 रन और डेविड विली ने 21 रनों का योगदान दिया. इंग्लैंड की पूरी टीम केवल 110 रन बना कर आउट हो गई.

  8. ट्रैक्टर चलाती हैं ये महिला किसान

    अपने पिता की मौत के बाद पंजाब की गुरबीर कौर ने उनकी किसानी की विरासत संभाली.

    धीरे-धीरे उन्हें उस ज़मीन से प्यार हो गया. आज वो अपने पूरे परिवार की ज़िम्मेदारी संभालती हैं.

  9. ब्रेकिंग न्यूज़, यूपी में मोहम्मद ज़ुबैर के ख़िलाफ़ सभी छह मामलों की जांच के लिए एसआईटी गठित

    उत्तर प्रदेश सरकार ने मोहम्मद ज़ुबैर के ख़िलाफ़ राज्य में दर्ज सभी मामलों की जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम का गठन किया है.

    उत्तर प्रदेश पुलिस के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने मंगलवार को राज्य सरकार के इस फ़ैसले की जानकारी दी.

    आईजी (प्रीज़न) इस एसआईटी की अगुवाई करेंगे. फैक्ट चेक करने वाली वेबसाइट ऑल्ट न्यूज़ के को-फाउंडर मोहम्मद ज़ुबैर के ख़िलाफ़ उत्तर प्रदेश में अभी तक छह मामले दर्ज किए जा चुके हैं.

    यूपी पुलिस के बयान में कहा गया है कि मोहम्मद ज़ुबैर पर चैनलों के एंकर पर व्यंग्यात्मक टिप्पणी करने, हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को भड़काने, देवी-देवताओं के अपमान और भड़काऊ सोशल पोस्ट डालने का आरोप है.

    इस सिलसिले में सीतापुर, मुज़फ़्फ़रनगर, ग़ाज़ियाबाद, हाथरस और लखीमपुर खीरी के अलग-अलग पुलिस थानों में उनके ख़िलाफ़ छह मामले दर्ज किए गए हैं.

    पुलिस के बयान के मुताबिक़, इस एसआईटी से उम्मीद की जाती है कि वो मोहम्मद ज़ुबैर के ख़िलाफ़ लगाए गए आरोपों की जांच जल्द पूरी कर उनके ख़िलाफ़ अदालत में आरोप पत्र दाखिल करेगी.

  10. क्या भारत और चीन श्रीलंका का साथ देने के लिए मिलाएंगे हाथ?

    बीजिंग में हाल में एक ब्रीफिंग में चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजियान ने कहा कि हम श्रीलंका को इस स्थिति से निकालने के लिए भारत के साथ मिलकर काम करने को तैयार हैं.

    मीडिया से उसी बातचीत के दौरान झाओ लिजियान ने इस मामले में भारत की अहम कोशिशों की सराहना की, साथ ही ये दावा भी किया कि चीन ने श्रीलंका को हाल में 730 करोड़ डॉलर की मदद मुहैया करवाई है.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता के इस बयान से हफ्ते भर पहले सरकारी मीडिया 'ग्लोबल टाइम्स'ने अपने एक लेख में चीन और भारत के साथ आने की बात कही थी.

    मई के अंत में छपे लेख में कहा गया, 'हालांकि भारत श्रीलंका में चीन की बीआरआई (बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव्स) प्रोजेक्ट्स को लेकर सतर्क रहा है, हमें फिर भी यक़ीन है कि भारत और चीन क्षेत्र की आर्थिक प्रगति के लिए साथ मिलकर काम कर सकते हैं.'

  11. 12 जुलाई 2022 का दिनभर- पूरा दिन पूरी ख़बर सुनिए, मानसी दाश और अंजुम शर्मा के साथ

  12. गुजरात के बाद यूपी में भी फर्ज़ी आईपीएल का मामला, रूस और पाकिस्तान से कनेक्शन

    गुजरात में फर्ज़ी आईपीएल टूर्नामेंट का आयोजन कराने वाले एक गिरोह के भंडाफोड़ के बाद अब यूपी में भी ऐसे ही एक गिरोह का पर्दाफ़ाश हुआ है. यूपी पुलिस ने इस मामले में दो अभियुक्तों की गिरफ़्तारी की है.

    'बिग बॉस टी 20 पंजाब लीग' के नाम से चलने वाला ये फ़र्जी क्रिकेट लीग मेरठ के क्रिकेट ग्राउंड्स में आयोजित होता था. आयोजक 'क्रिक हीरोज़' नाम के एक ऐप की मदद से मैच में सट्टा लगाने के लिए सट्टेबाजों को आमंत्रित करते थे.

    पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गुजरात फेक क्रिकेट लीग की तरह ही इस गिरोह का मास्टरमाइंड भी इस पूरे ऑपरेशन को रूस की राजधानी मॉस्को से ऑपरेट करता था. फर्ज़ीवाड़े में शामिल दोनों ही अभियुक्त शिताब अली शब्बू और ऋषभ को पुलिस की टीम ने मेरठ बाइपास रोड से गिरफ़्तार किया है.

    हापुड़ के पुलिस सुपरिटेंडेंट दीपक भुकेर ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, "मुख्य साजिशकर्ता अशोक चौधरी, ऋषभ को 40 से 50 हजार रुपये प्रति मैच का भुगतान करता था. यहां तक की खिलाड़ियों को भी मैचों के लिए पैसे दिए जाते थे. पकड़े गए अभियुक्तों की व्हॉट्सऐप कॉल और मेसेजेस को खंगालने के बाद पता चला कि ये फ़ोन नंबर रूस और और एक नंबर पाकिस्तान का है. हम बाद में इन नंबरों की जांच करेंगे. ये मैच पिछले चार-पांच महीनों से मेरठ में आयोजित हो रहा था."

    एसपी भुकेर के मुताबिक़ साजिशकर्ता आगे आने वाले दिनों में वॉलीबॉल मैच का भी आयोजन करने की योजना बना रहे थे, ताकी इन मैचों पर भी सट्टेबाज़ी शुरू की जा सके. पुलिस को अभियुक्तों के फ़ोन से वॉलीबॉल मैच के वीडियोज भी मिले हैं.

    आईपीएल के असली मैच के तीन हफ़्तों बाद गुजरात सट्टेबाज़ी सिंडिकेट सक्रिय हो गया था. इस फेक टी-20 लीग को प्रमाणिक बनाने के लिए सट्टेबाज़ों ने सुदूर गांव के एक खेतिहर ज़मीन को किराए पर लिया था. इस फ़ेक फिल्ड को काफ़ी हाइटेक रूप से तैयार किया गया था.

    हाई रिज़ॉल्यूशन वाले कैमरे इंस्टॉल किए गए थे, लाइव स्ट्रीमिंग स्कोरबोर्ड लगाए गए थे, यहां तक की मैच देखते लोगों की आवाज़ भी रिकॉर्ड की गई थी. क्रिकेट मैच खेलने के लिए किसान और बेरोज़गार युवाओं को रखा गया था. इस फर्ज़ी क्रिकेट का प्रसारण यूट्यूब के एक चैनल 'आईपीएल' पर भी किया जाता था.

    यूट्यूब चैनल पर मुकाबलों के सीधे प्रसारण की मदद से रूस में बैठे सट्टेबाजों से रूसी करेंसी रूबल में सट्टा लगवाया जाता था.

    पुलिस के मुताबिक़ उत्तर प्रदेश में भी जांच के बाद ये बात सामने आई कि गिरोह का मास्टरमाइंड अशोक चौधरी रूस में बैठे आसिफ़ मोहम्मद की लगातार संपर्क में था. चौधरी की मदद से ही आसिफ़ रूस बैठे इस लीग को चलाता था.

    पुलिस ने बताया, "अभियुक्त शिताब अली शब्बू क्रिकेट क्रिकेट मैच के लिए ग्राउंड का चुनाव किया करता था. वहीं ऋषभ क्रिक हीरोज एप पर रंजी खिलाड़ियों की जगह स्थानीय लड़कों की जानकारियां अपलोड करता था. न मैचों को यूट्यूब पर लाइव प्रसारित किया जाता था, जहां सक्रिय सट्टेबाज़ अपना सट्टा लगाते थे." पुलिस ने दोनों ही अभियुक्तों से 15,150 रुपये कैश, 7800 श्रीलंकाई रुपये, 6 मोबाइल फ़ोन, 2 डेबिट कार्ड, 2 कैमरे, एक एलसीडी मॉनीटर और कुछ दूसरे गैजेट्स बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल वो सट्टेबाज़ी में किया करते थे.

  13. मध्य प्रदेश: दो घंटे तक छोटे भाई का शव लेकर बैठा रहा 8 साल का बच्चा

    मध्य प्रदेश के मुरैना शहर में आठ साल का मासूम अपनी गोद में दो साल के भाई का शव लिए सड़क किनारे बैठा था.

    रिपोर्ट्स के मुताबिक, बच्चे का गरीब पिता छोटे बेटे के शव को घर ले जाने के लिए सस्ता वाहन तलाश रहा था.

    मुरैना ज़िले के अंबाह के बड़फरा गांव निवासी पूजाराम जाटव अपने दो साल के बेटे राजा को ज़िला अस्पताल लाए. एनीमिया और पेट में पानी भरने की बीमारी से ग्रसित राजा ने ज़िला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.

  14. ब्रेकिंग न्यूज़, उद्धव ठाकरे का एलान, राष्ट्रपति पद के लिए शिवसेना करेगी द्रौपदी मुर्मू का समर्थन

    शिवसेना ने भारत के राष्ट्रपति पद के लिए एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को अपना समर्थन देने की घोषणा की है. शिवसेना प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने शिवसेना भवन में एक संवाददाता सम्मेलन में ये घोषणा की.

    उद्धव ठाकरे ने इस खबर का भी खंडन किया कि शिवसेना के सांसद राष्ट्रपति पद के लिए द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करने के लिए उन पर दबाव बना रहे थे. पिछले कुछ दिनों से मीडिया में खबरें आ रही हैं कि शिवसेना सांसदों ने उद्धव ठाकरे पर द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करने का दबाव बनाया है.

    प्रेस कॉन्फ्रेंस में उद्धव ठाकरे ने कहा, "आज मैं अपनी तरफ से बोल रहा हूं, क्योंकि अजीबोगरीब तरीके से लोगों के सामने कुछ खबरें निकली हैं. मैं साफ तौर पर कहूंगा कि कल सांसदों की बैठक में कोई दबाव नहीं था. ये फैसला हमारा है."

    उन्होंने कहा, "पिछले चार-पांच दिनों से शिवसैनिकों, विशेष रूप से आदिवासी समुदाय में काम करने वालों ने अनुरोध किया था कि अगर किसी व्यक्ति को राष्ट्रपति बनने का मौका मिलता है, तो आप उसका समर्थन करेंगे तो हमें खुशी होगी. इन अनुरोधों का सम्मान करते हुए शिव शिवसेना राष्ट्रपति पद के लिए द्रौपदी मुर्मू का समर्थन कर रही है."

    उद्धव ठाकरे ने प्रतिभा पाटिल और प्रणब मुखर्जी को अपने पहले के समर्थन का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, "जब प्रतिभा पाटिल को राष्ट्रपति पद के लिए नामांकित किया गया था, तब भी शिवसेना प्रमुख ने देश के बारे में सोचा था. प्रणब मुखर्जी का भी शिवसेना ने समर्थन किया था."

  15. गुजरात के गंगाभाई ने पांच कुएं खोदकर पानी निकाल दिया

    वीडियो में दिख रहे ये शख़्स वैसे तो एक आम इंसान की तरह दिखते हैं लेकिन इन्होंने कुछ ऐसा कर दिखाया है जो किसी आम इंसान के लिए सोचना तक मुश्किल है.

    गुजरात के डांग ज़िले में आहवा तालुका के वासुर्णा गांव में रहने वाले गंगा भाई पिछले पांच साल से पानी के लिए शारीरिक और मानसिक तौर पर थका देने वाली लड़ाई लड़ रहे हैं.

    वो एक के बाद एक पांच कुएं खोदते रहे, जब तक कि उन्हें ज़मीन से पानी नहीं मिल गया. जानिए गंगा भाई की कहानी.

  16. झारखंड के दौरे पर बोले पीएम मोदी- शॉर्ट-कट की राजनीति से बचकर रहें

    "शॉर्ट-कट की राजनीति करने वाले कभी नए एयरपोर्ट नहीं बनवाएंगे, कभी नए, आधुनिक हाईवेज नहीं बनवाएंगे. शॉर्ट-कट की राजनीति करने वाले कभी एम्स नहीं बनवाएंगे, हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज के लिए मेहनत नहीं करेंगे."

    झारखंड के दौरे पर आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देवघर एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद एक रैली में ये बात कही, "भारत आस्था, अध्यात्म और तीर्थस्थलों की धरती है. तीर्थयात्राओं ने हमें, बेहतर समाज और बेहतर राष्ट्र के रूप में गढ़ा है. हम देवघर को ही देखें तो यहां शिव और शक्ति भी है. ज्योतिर्लिंग और शक्तिपीठ यहां दोनों मौजूद हैं."

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देवघर स्थित बाबा वैद्यनाथ धाम में पूजा अर्चना भी की. उन्होंने कहा, "बाबा वैद्यनाथ धाम हो, काशी विश्वनाथ धाम हो, केदारनाथ धाम हो, अयोध्या धाम हो, रामायण सर्किट हो, भगवान बुद्ध से जुड़े पवित्र स्थान हों, देश में आस्था, अध्यात्म और ऐतिहासिक महत्व से जुड़े हर स्थान में आधुनिक सुविधाएं तैयार की जा रही हैं."

    स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, "ये हमारी सरकार के लिए बहुत गर्व की बात है कि 15 नवंबर, भगवान बिरसा मुंडा के जन्म दिवस को हमने जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया है. धरती आबा बिरसा मुंडा के बेहतरीन और आधुनिक संग्रहालय के निर्माण का सौभाग्य भी हमें ही मिला है."

    उन्होंने कहा, "बीते 8 वर्षों में हमने उनको सशक्त किया है, जिनको पहले सिर्फ राजनीतिक नारों में समेट दिया गया था. वो गरीब, वो आदिवासी, वो दलित, वो पिछड़ा, वो बहनें-बेटियां जिनका नंबर हमेशा सबसे अंत में आता था, वो आज हमारी प्राथमिकताओं में पहली पायदान पर हैं."

    एनडीए सरकार ग़रीबों के लिए क्या काम कर रही है, इसका जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "भाजपा की सरकार, एनडीए की सरकार, गरीब की सेवा की भावना से, उनके लिए जी-जान से काम कर रही है. हमारी सरकार गरीब की मुश्किल समझती है, गरीब के सुख-दुख की साथी है. कोरोना के इस कालखंड में, 100 साल की सबसे बड़ी महामारी आई."

    "इस दौरान हमारी सरकार ने गरीब को मुफ्त वैक्सीन से लेकर उसके खाने-पीने तक हर चीज़ का ध्यान रखा. आज हमारे देश के सामने एक और ऐसी चुनौती आ खड़ी हुई है, जिसे हर देशवासी को जानना और समझना जरूरी है. ये चुनौती है, शॉर्ट-कट की राजनीति की."

    देशवासियों को शॉर्ट-कट की राजनीति से बचकर रहने का आग्रह करते हुए उन्होंने कहा, "बहुत आसान होता है, लोकलुभावन वायदे करके, शॉर्ट-कट अपनाकर लोगों से वोट हासिल करना. शॉर्ट-कट अपनाने वालों को ना मेहनत करनी पड़ती है और ना ही उन्हें दूरगामी परिणामों के बारे में सोचना पड़ता है."

    "लेकिन ये बहुत बड़ी सच्चाई है कि जिस देश की राजनीति शॉर्ट-कट पर आधारित हो जाती है, उसका एक ना एक दिन शॉर्ट-सर्किट भी हो जाता है. देशवासियों को शॉर्ट-कट की राजनीति से बचकर रहने का आग्रह कर रहा हूं. शॉर्ट-कट की राजनीति करने वाले कभी नए एयरपोर्ट नहीं बनवाएंगे, कभी नए, आधुनिक हाईवेज नहीं बनवाएंगे. शॉर्ट-कट की राजनीति करने वाले कभी एम्स नहीं बनवाएंगे, हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज के लिए मेहनत नहीं करेंगे."

  17. चेन्नई में पलानीसामी और पनीरसेल्वम के समर्थक भिड़े, तोड़फोड़

    तमिलनाडु के दो पूर्व मुख्यमंत्रियों ई. पलानीस्वामी और ओ. पनीरसेल्वम के समर्थक आपस में भिड़ गए हैं.

    दोनों नेताओं के कार्यकर्ता AIADMK पार्टी मुख्यालय में आमने-सामने आ गए.

    यह टकराव पार्टी की जनरल बॉडी मीटिंग से पहले हुआ है.

    पलानीस्वामी और पनीरसेल्वम के बीच सत्ता को लेकर टकराव लंबे समय से चल रहा है.

  18. ब्रिटिश स्पेशल फोर्सेज़ ने अफ़ग़ानिस्तान में निहत्थे लोगों की हत्या की- बीबीसी इन्वेस्टिगेशन

    बीबीसी की पड़ताल में इस बात के सबूत सामने आए हैं कि ब्रिटिश स्पेशल फोर्सेज़ ने अफ़ग़ानिस्तान में निहत्थे और हिरासत में लिए गए लोगों की हत्या की है.

    बीबीसी के पैनोरमा कार्यक्रम में पता चला है कि एक यूनिट ने 54 लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या की.

    जांच में पाया गया कि वरिष्ठ अधिकारियों ने कथित हत्याओं को रिपोर्ट नहीं किया और ना ही सैन्य पुलिस के सामने सबूतों को पेश किया.

    रक्षा मंत्रालय का कहना है कि कार्यक्रम आरोपों को आधार बनाकर एक ऐसे निष्कर्ष पर पहुंचा है जो गलत है. मंत्रालय का कहना है कि इस मामले की जांच की जा चुकी है.

  19. भारतीय सेना में जाना चाहती हैं तो ये है पूरी प्रक्रिया

    भारतीय सेना में लगभग सात हज़ार महिलाएं कार्यरत हैं. साल 2021 में पहली बार महिला सैनिकों की भर्ती सैनिक के तौर पर कोर ऑफ मिलिट्री पुलिस या सीएमपी में हुई.

    देश में लड़कियों की एक बड़ी आबादी ऐसी भी है जो सेना में अपना करियर बनाना चाहती हैं. ऐसे में लेफ़्टिनेंट कर्नल सोफ़िया क़ुरैशी बता रही हैं कि कैसे सेना में शामिल हुआ जा सकता है.

  20. ईरान रूस को सैकड़ों ड्रोन सप्लाई की तैयारी कर रहा है: अमेरिका

    अमेरिका ने सोमवार को कहा कि यूक्रेन के ख़िलाफ़ चल रही जंग में इस्तेमाल के लिए रूस ईरान से सैकड़ों ड्रोन हासिल करने की कोशिश कर रहा है.

    अमेरिका का कहना है कि इन ड्रोन में हथियार के तौर पर इस्तेमाल किए जा सकने वाले ड्रोन भी शामिल हैं.

    अमेरिका के नेशनल सिक्योरिटी ए़डवाइजर जेक सुलिवन ने कहा कि इस पर तस्वीर साफ़ नहीं है कि ईरान ने रूस को ये ड्रोन अब तक मुहैया कराए हैं या नहीं.

    लेकिन उन्होंने ये भी कहा कि अमेरिका को ऐसी जानकारी मिली है जिससे पता लगता है कि ईरान रूसी सैनिकों को जल्द से जल्द इसी महीने इन ड्रोन्स के इस्तेमाल की ट्रेनिंग देने की तैयारी कर रहा है.

    उन्होंने सोमवार को पत्रकारों से कहा, "हमारे पास जो जानकारी है, उससे ऐसे संकेत मिलते हैं कि ईरान की सरकार रूस को कई सौ ड्रोन मुहैया कराने की तैयारी कर रहा है."

    जेक सुलिवन ने कहा कि यूक्रेन में रूस की बमबारी जिस तरह से बढ़ी है, ये इस बात का संकेत है.

    जेक सुलिवन का ये बयान राष्ट्रपति जो बाइडन की इसराइल और सऊदी अरब की यात्रा शुरू होने के एक दिन पहले आया है. माना जा रहा है कि बाइ़डन के दौरे में ईरान के परमाणु कार्यक्रम और क्षेत्र में उसकी गतिविधियों पर चर्चा होगी.