You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पीटी उषा, इलैयाराजा समेत ये 4 दिग्गज राज्यसभा के लिए मनोनीत हुए

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीटी उषा को ट्विटर पर बधाई देते हुए लिखा कि वे हर भारतीय के लिए एक प्रेरणा हैं.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and अभिनव गोयल

  1. महुआ मोइत्रा के विवादित बयान से टीएमसी किनारा नहीं कर सकती: बीजेपी

    तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा देवी काली पर टिप्पणी को लेकर पैदा हुए विवाद के बीच बीजेपी ने भी उनके ख़िलाफ़ मोर्चा खोल लिया है. एक न्यूज़ चैनल के कार्यक्रम में महुआ मोइत्रा ने देवी काली पर विवादित टिप्पणी की थी. हालाँकि बाद में उन्होंने इस पर स्पष्टीकरण भी दिया था.

    उनकी पार्टी ने भी उनके बयान से किनारा कर लिया है. लेकिन बीजेपी का कहना है कि टीएमसी महुआ मोइत्रा के बयान से अपने को अलग नहीं कर सकती. पश्चिम बंगाल बीजेपी के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा- अगर टीएमसी वास्तव में इसका समर्थन नहीं करती है, तो उसे कार्रवाई करनी चाहिए. उन्हें महुआ मोइत्रा को या तो निष्कासित करना चाहिए या कुछ दिनों के लिए निलंबित करना चाहिए.

    उन्होंने कहा कि बीजेपी महिला मोर्चा के सदस्य धरना देंगे और पुलिस स्टेशन जाकर उनकी गिरफ़्तारी का अनुरोध करेंगे.

    महुआ ने कहा क्या था एक टीवी चैनल के कार्यक्रम में उनसे देवी काली के पोस्टर पर चल रहे विवाद पर सवाल पूछा गया था.

    उसके जवाब में उन्होंने कहा था- साफ़ तौर पर कहूँ तो मेरे लिए माँ काली, आप अपने भगवान को कैसे देखते हैं. भगवान को लेकर कुछ लोगों का विचार है कि जैसा आप भूटान में जाते हैं, सिक्किम जाते हैं और वहाँ पर वे लोग सुबह में पूजा करते हैं तो वे अपने भगवान को शराब देते हैं लेकिन आप उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में जाकर कहें कि आप शराब दे रहे हैं तो लोग कहेंगे कि ये ईशनिंदा है.

    महुआ मोइत्रा ने कहा था- काली के कई रूप हैं. मेरे लिए माँ काली मांस खाने वाली और शराब स्वीकार करने वाली देवी हैं. अगर आप तारापीठ जाएँगे और उसके आसपास देखेंगे तो आपको साधु स्मोकिंग करते हुए मिल जाएँगे. ये काली का रूप है जिसकी लोग पूजा करते हैं. मुझे लगता है कि हिंदू धर्म में रहते हुए, काली माँ की पूजा करने वाली, मुझे आजादी है कि अपनी काली को उस स्वरूप में देखने की. ये मेरी आजादी है और मुझे नहीं लगता है कि इस तरह से किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं.

    लेकिन जब उनके बयान पर विवाद हुआ तो उनकी पार्टी ने इससे न सिर्फ़ किनारा किया, बल्कि उनके बयान की निंदा भी की थी.

  2. महिला विश्व हॉकी कप में भारत को चीन ने रोका, बढ़ी मुश्किल

  3. एकनाथ शिंदे ने शरद पवार से 'मुलाक़ात' पर क्यों दिया है स्पष्टीकरण

    महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने स्पष्टीकरण दिया है कि उनकी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख शरद पवार से कोई मुलाक़ात नहीं हुई है.

    पिछले दिनों महाराष्ट्र में हुई सियासी उठापटक के बाद शिवसेना के बाग़ी नेता एकनाथ शिंदे बीजेपी की मदद से राज्य के मुख्यमंत्री बने हैं.

    सीएम शिंदे ने ट्वीट कर लिखा है- एनसीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद पवार के साथ एक फोटो वायरल हो रही है. लेकिन ऐसी कोई बात नहीं हुई है. अफ़वाहों पर ध्यान न दें.

    दरअसल मीडिया में एक तस्वीर वायरल हो रही है, जिसमें वे शरद पवार से मिलते दिख रहे हैं. लेकिन ये तस्वीर पुरानी है. लेकिन मीडिया में इसे ताज़ा तस्वीर बताया जा रहा है.

    एक दिन पहले ही एकनाथ शिंदे ने शरद पवार की आलोचना की थी और कहा था कि वे जो भी बोलते हैं, वो तथ्य के उलट होती है.

    महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे से पहले महाविकास अघाड़ी की सरकार थी, जो एनसीपी और कांग्रेस के साथ शिवसेना ने मिलकर बनाई थी. माना जाता है कि इस गठबंधन को बनाने में एनसीपी प्रमुख शरद पवार की अहम भूमिका थी.

  4. हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में बादल फटने के बाद अचानक आई बाढ़, चार लोग बहे

    हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में बादल फटने से अचानक आई बाढ़ की वजह से कम से कम चार लोग बह गए हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से बताया कि जानकारी मिलते ही राहत और बचाव टीम रवाना हो गई लेकिन भूस्खलन की वजह से वो बीच रास्ते में ही फँस गए.

    कुल्लू के इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर से मिली अतिरिक्त जानकारी के हवाले से पीटीआई ने बताया कि चल्लाल पंचायत के छोज गाँव में बुधवार सुबह 6 बजे बादल फटने के बाद से चार से 6 लोग लापता हैं. अचानक आई बाढ़ के बाद से पाँच मवेशी भी ग़ायब हैं.

    समाचार एजेंसी एएनआई ने कुल्लू के एसपी गुरदेव शर्मा के हवाले से बताया कि अचानक आई बाढ़ की वजह से छोज गाँव में दर्जनों घर और कैंपिंग साइट क्षतिग्रस्त हो गए हैं.

    इससे पहले शिमला के धाली इलाक़े में भी बारिश के बाद भूस्खलन हुआ. इस हादसे में एक की मौत और दो लोग घायल हो गए हैं.

    मुंबई में भी लगातार जारी ज़ोरदार बारिश से जगह-जगह पानी भर गया है. मौसम विभाग ने मुंबई में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

  5. घरेलू एलपीजी के दाम में 50 रुपए की बढ़ोतरी

    घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बुधवार को 50 रुपए की बढ़ोतरी हो गई है. बढ़े दाम आज से ही लागू होंगे.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार राजधानी दिल्ली में अब एलपीजी सिलेंडर के लिए 1053 रुपए चुकाने होंगे.

    वहीं, 5 किलोग्राम के घरेलू सिलेंडर की क़ीमत भी 19 रुपए प्रति सिलेंडर बढ़ गई है और 19 किलोग्राम के कमर्शियल सिलेंडर की कीमत साढ़े आठ रुपए कम हो गई है. बीते सप्ताह ही कमर्शियल सिलेंडर के दाम में करीब 200 रुपए की कटौती हुई थी.

  6. एकनाथ शिंदे ने कहा- कांग्रेस-एनसीपी के साथ हिंदुत्व, मुंबई धमाकों और दाऊद पर फ़ैसला नहीं ले पाए

    महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि एनसीपी और कांग्रेस के साथ मिलकर बनी महाविकास अघाड़ी के समय दाऊद, मुंबई धमाके और हिंदुत्व-सावरकर जैसे कई मुद्दों पर फ़ैसले नहीं हो पा रहे थे.

    उन्होंने उद्धव ठाकरे पर तंज़ करते हुए ये भी कहा कि ऑटो रिक्शा ने मर्सिडीज़ को पीछे छोड़ दिया.

    एकनाथ शिंदे ने समाचार एजेंसी एएनआई को दिए इंटरव्यू में कहा है, "साल 2019 में शिवसेना ने भाजपा के साथ चुनाव लड़ा था और सरकार बन गई कांग्रेस-एनसीपी के साथ. इसके कारण जब भी हिन्दुत्व के मुद्दे आए, दाऊद का मुद्दा आया, मुंबई बम धमाकों का मुद्दा और भी कई मुद्दे आते थे, हम कोई भी निर्णय नहीं ले पा रहे थे."

    उन्होंने कहा, "जब हम चुनाव में जीतते हैं तो हमारे चुनाव क्षेत्र के मतदाताओं की विकास को लेकर अपेक्षा होती है. लेकिन हमारे विधायक काम नहीं कर पा रहे थे, फ़ंड की कमी थी. हमने इस बारे में ऊपर बात की लेकिन कोई नतीजा नहीं आया. इसलिए हमारे 40-50 विधायकों ने ये भूमिका ली."

    शिंदे ने कहा, "मैंने कई बार चर्चा की कि महा विकास अघाड़ी में जो हम बैठे हैं इससे हमें फायदा नहीं हैं, नुकसान है. हमारे विधायक चिंतित हैं कि कल चुनाव कैसे लड़ें. नगर पंचायत चुनाव में हम 4 नंबर पर गए. मतलब सरकार का फायदा शिवसेना को नहीं हो रहा."

    देवेंद्र फडणवीस को डिप्टी सीएम बनाए जाने पर शिंदे ने कहा, "देवेंद्र फडणवीस बड़े दिल से उपमुख्यमंत्री बन गए. लेकिन जब पार्टी का आदेश आता है तो वो उस आदेश को मानते हैं, और मेरे जैसे बालासाहेब के कार्यकर्ता को मुख्यमंत्री पद पर बैठा दिया. मैं पीएम मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी अध्यक्ष को धन्यवाद करता हूं. "

    शिवसेना से बाग़ी होकर बीजेपी के साथ सरकार बनाने पर नियमों के उल्लंघन को लेकर एकनाथ शिंदे ने कहा, "हम लोग कोई भी गैरकानूनी काम नहीं कर रहे. लोकशाही में कानून है, नियम हैं, उसी के मुताबिक ही काम करना पड़ता है. आज हमारे पास बहुमत है. सुप्रीम कोर्ट में भी हमारे खिलाफ जो लोग गए थे, उन्हें भी कोर्ट ने डांट लगाई है."

  7. लालू यादव अस्पताल में भर्ती, तेजस्वी ने की समर्थकों से अपील, पीएम मोदी ने पूछा हाल

    राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की सेहत ठीक नहीं है और रविवार को घर में गिरने के बाद उन्हें पटना में एक अस्पताल में आईसीयू में भर्ती कराया गया है. उनकी बेटी ने अस्पताल के कमरे से लालू यादव की तस्वीरें ट्वीट की हैं.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को लालू यादव के बेटे और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को फ़ोन कर उनके पिता के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली.

    आरजेडी प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने एक बयान में कहा है, "प्रधानमंत्री ने मंगलवार को तेजस्वी यादव से बात की और आरजेडी सुप्रीमो के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली. प्रधानमंत्री ने आरजेडी प्रमुख के जल्द स्वस्थ होने की कामना की."

    लालू यादव के इलाज को लेकर तेजस्वी यादव ने भी एक वीडियो जारी कर अपील की है.

    उन्होंने इसमें कहा है, "लालू यादव के चाहने वाले अस्पताल न आएं क्योंकि इससे दूसरे मरीज़ों को दिक़्क़त हो रही है. उन्होंने कहा कि लोग अपनी-अपनी जगहों पर रहकर केवल दुआ करें."

    बिहार के पूर्व उपमुख्यंत्री और राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने भी ट्वीट कर के लालू प्रसाद यादव के जल्द ठीक होने की कामना की है. उन्होंने कहा है कि राज्य सरकार को उनके स्वास्थ्य की चिंता करनी चाहिए और यदि अनावश्यक हो, तो बेहतर इलाज के लिए तुरंत दिल्ली भेजने की व्यवस्था की जानी चाहिए.

    लालू प्रसाद रविवार को पटना में 10 सर्कुलर रोड पर अपने घर की सीढ़ियों पर गिर गए और उन्हें शहर के एक अस्पताल में ले जाया गया था.

    आरजेडी प्रमुख की हालत स्थिर बताई जा रही है. कई डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, आरजेडी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक पूरी टीम उनके हर अंग की निगरानी कर रही है.

  8. नूपुर शर्मा का सिर कलम करने पर मकान देने का वादा करने वाले अजमेर शरीफ़ के खादिम गिरफ़्तार

      • Author, मोहर सिंह मीणा
      • पदनाम, जयपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    राजस्थान के अजमेर ज़िले के दरगाह थाना पुलिस ने मंगलवार देर रात हिस्ट्रीशीटर सलमान चिश्ती को गिरफ़्तार किया है. सलमान चिश्ती से पूछताछ की जा रही है.

    चार जुलाई को सलमान चिश्ती का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. वीडियो में वह नुपुर शर्मा का सिर कलम करने की बात कह रहे हैं.

    इस वीडियो में वो सिर कलम करने वाले को अपना घर देने की बात भी कहते हुए नज़र आ रहे हैं. वीडियो वायरल होने के बाद से सलमान फरार चल रहे थे. वीडियो सामने आने के बाद दरगाह थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर बीती रात गिरफ़्तार किया है.

    सलमान चिश्ती के खिलाफ़ दरगाह थाने में संगीन धाराओं में लगभग 15 मुकदमें दर्ज हैं.

    28 जून को उदयपुर में हुए कन्हैया लाल हत्याकांड के बाद से राज्य में तनावपूर्ण शांति है. ऐसे में सलमान का वीडियो सामने आने के बाद से ही पुलिस को उनकी तलाश थी.

    अजमेर पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने बीबीसी से फ़ोन पर बताया, "सलमान चिश्ती को मगलवार रात दरगाह थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है, उससे पूछताछ की जा रही है. सलमान ने भड़काऊ बयान दिया था जिसका वीडियो वायरल हुआ."

    एसपी ने बताया, "सलमान चिश्ती दरगाह का खादिम है. वह दरगाह थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है जिस पर एक दर्जन से ज़्यादा मामले दर्ज हैं."

  9. फ़लस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास और हमास नेता इस्माइल हानिया 15 साल बाद मिले

    फ़लस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास और उनके चिर प्रतिद्वंद्वी हमास नेता इस्माइल हानिया के बीच करीब 15 साल बाद पहली बार मुलाक़ात हुई है.

    दोनों के बीच ये मुलाक़ात अल्जीरिया में हुई जो फ़लस्तीनियों के बड़े समर्थकों में से एक माना जाता है.

    अल्जीरिया के राष्ट्रपति अब्दुलमाजिद तेब्बून ने दोनों नेताओं को देश के 60वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दोनों नेताओं को न्योता भेजा था.

    अल्जीरियाई टीवी चैनलों पर प्रसारित वीडियो में राष्ट्रपति तेब्बून को फ़लस्तीनी प्रशासन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास और इस्माइल हानिया को हाथ मिलाते देखा जा सकता है.

    हालाँकि, ये अभी तक स्पष्ट नहीं है कि हानिया और अब्बास के बीच कोई बातचीत हुई या नहीं.

    राष्ट्रपति अब्बास ने तेब्बून को तोहफ़े के रूप में अल्जीरिया के 60वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बनाया फ़लस्तीनी स्टैंप दिया.

    वेस्ट बैंक क्षेत्र की शासन व्यवस्था अब्बास की पीए के हाथों में है, जबकि गज़ा पट्टी पर हमास का नियंत्रण है.फ़लस्तीन प्रशासन और हमास के बीच साल 2006 से चुनाव में हमास की जीत के बाद से ही तनाव है. इसके बाद से फ़लस्तीन में आंतरिक गुटबाज़ी के कारण कोई चुनाव नहीं कराए गए.

  10. देवेंद्र फडणवीस ने बताई महाराष्ट्र के सीएम से डिप्टी सीएम बनने की वजह

    महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री रहकर पाँच साल सरकार चलाने के बाद अब डिप्टी सीएम का पद मिलने को लेकर उठ रहे सवाल और आलोचनाओं का देवेंद्र फडणवीस ने जवाब दिया है.

    उन्होंने कहा है कि एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री बनाने का प्रस्ताव उनका ही था.

    मंगलवार को मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, "अगर मैंने निवेदन किया होता, तो सीएम बन जाता. हमने विचारधारा की ख़ातिर शिव सेना का सीएम बनाया...ये मेरा प्रस्ताव था कि शिंदे को सीएम बनाया जाए..लेकिन पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने ज़ोर दिया कि अगर मैं बाहर रहा तो सरकार नहीं चल पाएगी, इसलिए मैंने डिप्टी सीएम का पद स्वीकार कर लिया."

    फडणवीस ने कहा, "एकनाथ शिंदे को एक सफल मुख्यमंत्री बनाना मेरी ज़िम्मेदारी है."

    फडणवीस ने ये भी कहा, "2019 में भाजपा-शिवसेना को शासनादेश मिला लेकिन जनता का ये शासनादेश चोरी हो गया और कुछ लोगों ने उसे चुराकर सरकार तैयार की और ढाई साल तक ये सरकार भगवान भरोसे चलती रही. भ्रष्टाचार चरम सीमा पर थी, मंत्री जेल जा रहे थे."

    उन्होंने कहा, "मैं मुख्यमंत्री नहीं था मुझे इस बात का दुख नहीं था बल्कि दुख इस बात का था कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश जिस रफ़्तार से आगे जा रहा था वहां महाराष्ट्र का विकास रुक गया था."

  11. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 05 जुलाई के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.