You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

चीन करना चाहता है चांद पर कब्ज़ा, नासा के चीफ़ ने लगाया आरोप

चीन ने अमेरिकी स्पेस एजेंसी प्रमुख की उस चेतावनी को खारिज कर दिया है जिसमें उन्होंने कहा था कि चांद पर कब्ज़ा करने के लिए चीन सैन्य रणनीति अपना रहा है.

लाइव कवरेज

कमलेश मठेनी and मानसी दाश

  1. देवेंद्र फडणवीस ने क्यों कहा- महाराष्ट्र में है ईडी की सरकार

    महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि राज्य में बीजेपी और शिवसेना के गठबंध को सरकार बनाने का जनादेश मिला था. एकनाथ शिंदे सरकार के विधानसभा में बहुमत हासिल करने के बाद फडणवीस ने कहा कि जान-बूझकर सरकार नहीं बनने दी गई.

    उन्होंने कहा- अब एकनाथ शिंदे के साथ मिलकर हमने शिवसेना के साथ सरकार बनाई है. एक सच्चे शिवसैनिक को मुख्यमंत्री बनाया गया है. मैं पार्टी के आदेश पर उप मुख्यमंत्री बना हूँ. फडणवीस ने कहा कि अगर पार्टी उनसे कहती, तो वे घर भी बैठ जाते. उसी पार्टी ने मुझे सीएम बनाया था.

    उन्होंने कहा- आज मैं आपको बताना चाहता हूँ कि इस सरकार में सत्ता को लेकर टकराव नहीं होगा. हम सहयोग करते रहेंगे. फडणवीस ने कहा कि लोग ये व्यंग्य करते हैं कि ये एक ईडी सरकार है. उन्होंने कहा- हाँ ये ईडी सरकार है, एकनाथ और देवेंद्र की सरकार.

    पिछले दिनों उस समय महाराष्ट्र में सियासी संकट गहरा हो गया था, जब एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में शिवसेना के कई विधायकों ने उद्धव ठाकरे की सरकार के ख़िलाफ़ बग़ावत कर दी थी. कई दिनों तक चली उठापटक के बाद जब उद्धव ठाकरे को बहुमत साबित करने को कहा गया और सुप्रीम कोर्ट से भी उन्हें राहत नहीं मिली, तो उन्होंने इस्तीफ़ा दे दिया.

    उस समय विपक्ष ने बीजेपी पर ये आरोप लगाया था कि वो ईडी और अन्य एजेंसियों का इस्तेमाल कर विधायकों को डरा रही है. अब एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में नई सरकार बनी है और देवेंद्र फडणवीस उप मुख्यमंत्री बने हैं. हालाँकि वे पहले सीएम थे.

  2. दिल्ली में विधायकों का वेतन बढ़ाने वाले विधेयक को विधानसभा से मिली मंज़ूरी

    सोमवार को दिल्ली विधानसभा ने विधायकों का वेतन बढ़ाने से संबंधी बिल पारित कर दिया है.

    दिल्ली सरकार में मंत्री कैलाश गहलोत ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी है और लिखा है, "दिल्ली विधानसभा ने आज मंत्रियों, विधायकों, चीफ़ व्हिप, स्पीकर, डिप्टी स्पीकर और सदन में विपक्ष के नेता की तनख़्वाह बढ़ाने से संबंधित पाँच बिल पारित कर दिए हैं. 11 साल पहले विधानसभा सदस्यों की तनख़्वाह बढ़ाई गई थी."

    उन्होंने लिखा है कि राष्ट्रपति की सहमति मिलने के बाद ये बिल लागू हो जाएगा.

    सोमवार को दिल्ली विधानसभा का दो दिन का विशेष सत्र शुरू हुआ है. सत्र के पहले दिन कैलाश गहलोत ने वेतन, अलाउंस एंड पेन्शन अमेन्डमेंट बिल 2022 पेश किया था.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार आम आदमी पार्टी ने कहा था कि बिल को मंज़ूरी मिली तो दिल्ली में विधायक की तनख़्वाह 54,000 से बढ़कर 90,000 हो जाएगी.

  3. तुर्की में महंगाई का 24 साल का रिकॉर्ड टूटा

    तुर्की सरकार की एजेंसी टर्किश स्टेटस्टिकल इंस्टीट्यूट के आँकड़ों के मुताबिक़ तुर्की में महंगाई दर जून में 78.62 प्रतिशत पर पहुँच गई है. ये पिछले 24 सालों में सबसे ज़्यादा महंगाई दर है.

    एजेंसी के मुताबिक़ मासिक महंगाई में सबसे कम बढ़ोतरी 0.8 प्रतिशत और सबसे ज़्यादा बढ़ोतरी घरेलू सामानों में 16.51 प्रतिशत हुई थी.

    रॉयटर्स के सर्वे के मुताबिक़ जून में 78 प्रतिशत से अधिक महंगाई जाने के आशंका जताई गई थी. संभावना है कि इस साल के अंत तक महंगाई 70 प्रतिशत से कुछ कम हो सकती है.

    जून में महंगाई की दर 1998 के बाद से सबसे ज़्यादा है. तब महंगाई दर 80.4 प्रतिशत तक पहुँच गई थी.

    वित्त मंत्री नुरेद्दीन नेबाती ने ट्विटर पर मई में महंगाई के आँकड़े जारी करते हुए कहा था कि महंगाई अब नीचे जानी शुरू हो गई है. मई में ये दर 73.5 प्रतिशत थी.

    ब्लूमबर्ग एचटी के मुताबिक़ तुर्की उच्चतम महंगाई दर वाले दुनिया के 20 बड़े देशों में शामिल है. तुर्की के बाद अर्जेंटीना 51.27 प्रतिशत महंगाई दर के साथ दूसरे नंबर पर है.

  4. द्रौपदी मुर्मू को किस मुद्दे पर प्रतिज्ञा लेने को कह रहे हैं यशवंत सिन्हा

    राष्ट्रपति पद के लिए विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने कहा है कि एनडीए की उम्मीदवार द्रोपदी मुर्मू ये प्रतिज्ञा करें कि अगर वो जीतती हैं, तो वे सरकार की रबर स्टैम्प नहीं बनेंगी.

    क़रीब 17 विपक्षी पार्टियों ने यशवंत सिन्हा को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया है, जबकि बीजेपी की अगुआई में एनडीए ने द्रौपदी मुर्मू को अपना उम्मीदवार बनाया है.

    एनडीए उम्मीदवार मुर्मू को बीजू जनता दल, वाईएसआर कांग्रेस और अकाली दल का भी समर्थन हासिल है. यशवंत सिन्हा ने ट्वीट कर लिखा है- सभी भारतीयों के बेहतर भविष्य को सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रपति को निष्ठापूर्वक काम करना चाहिए.

    उन्होंने आगे लिखा है- मैं ये प्रतिज्ञा करता हूँ कि राष्ट्रपति चुने जाने पर मैं संविधान के निष्पक्ष संरक्षक के रूप में काम करूँगा, सरकार के रबर स्टैम्प के रूप में नहीं.

    यशवंत सिन्हा ने आगे लिखा है कि वे ये प्रतिज्ञा कर रहे हैं और चाहते हैं कि बीजेपी उम्मीदवार भी ऐसी ही प्रतिज्ञा करें.

    ममता बनर्जी की पहल पर राष्ट्रपति उम्मीदवार चुनने के लिए कई विपक्षी पार्टियों की बैठक हुई थी. पहले एनसीपी प्रमुख शरद पवार का नाम आया था, लेकिन पवार ने प्रस्ताव ठुकरा दिया.

    फिर गोपाल कृष्ण गांधी और फ़ारूक़ अब्दुल्लाह का भी नाम आया. लेकिन आख़िरकार यशवंत सिन्हा के नाम पर सहमति हुई. यशवंत सिन्हा ने बीजेपी छोड़ने के बाद तृणमूल कांग्रेस ज्वाइन की थी और पार्टी के उपाध्यक्ष थे.

  5. देवेंद्र फडणवीस ने कहा- मैं वापस आ गया हूँ और साथ में एकनाथ शिंदे को लेकर आया हूँ

    महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि वे उन लोगों से बदला नही लेंगे, जिन्होंने उनके बयान का मज़ाक उड़ाया था. महाराष्ट्र विधानसभा में फडणवीस ने कहा- मैंने एक बार कहा था कि मैं वापस आऊँगा. लेकिन जब मैंने ऐसा कहा, तो कई लोगों ने मेरा मज़ाक उड़ाया. लेकिन आज मैं वापस आया हूँ और अपने साथ एकनाथ शिंदे को लेकर आया हूँ.

    उन्होंने कहा कि उनका मज़ाक उड़ाने वाले लोगों को वे माफ़ कर देंगे, क्योंकि राजनीति में हर चीज़ को दिल पर नहीं लिया जाता. पिछले दिनों हुई महाराष्ट्र में राजनीतिक उठापटक के बाद एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में सरकार बनी है और देवेंद्र फडणवीस उप मुख्यमंत्री बने हैं. एकनाथ शिंदे ने उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना से बग़ावत कर दी थी.

    शिंदे के गुट में शिवसेना के क़रीब 39 विधायक थे. आख़िरकार उद्धव ठाकरे को इस्तीफ़ा देना पड़ा. फडणवीस ने कहा कि राजनीति में हर व्यक्ति को असहमति की आवाज़ को सुनने के लिए तैयार रहना चाहिए. उन्होंने कहा- हमने देखा है कि बयान देने और सोशल मीडिया पर पोस्ट डालने के लिए लोगों को जेल भेजा गया था. हमें आलोचनाओं का जवाब देना चाहिए लेकिन उचित तरीक़े से.

  6. अखिलेश यादव के ख़िलाफ़ महिला आयोग ने की शिकायत, नूपुर शर्मा पर किया था ट्वीट

    राष्ट्रीय महिला आयोग ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के एक ट्वीट को लेकर उत्तर प्रदेश पुलिस से शिकायत की है.

    अखिलेश यादव ने बीजेपी की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा को लेकर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी पर एक ट्वीट किया था, जिस पर महिला आयोग ने ये कार्रवाई की है.

    महिला आयोग ने शिकायत में लिखा है, ''आयोग ने अखिलेश यादव का श्रीमति नूपुर शर्मा के ख़िलाफ़ नफ़रत और बुरी भावना भड़काने वाला और दो धार्मिक समूहों के बीच सांप्रदायिक अशांति बढ़ाने वाला ट्वीट देखा, जो निंदनीय है.''

    ''आयोग ने प्राथमिक तौर पर पाया है कि इस मामले में ये धाराएँ लगाई जा सकती हैं- आपराधिक इरादे, महिला की मॉडेस्टी के अपमान के इरादे से कही गई बात, हावभाव या कोई काम करना और शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना.''

    आयोग ने कहा है कि इस मामले में की गई विस्तृत कार्रवाई को लेकर तीन दिनों में आयोग को सूचित किया जाए..

    अखिलेश यादव ने सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी की ख़बर ट्वीट करते हुए लिखा था, ''सिर्फ़ मुख से नहीं शरीर को भी माफ़ी मांगनी चाहिए और देश में अशांति और सौहार्द बिगाड़ने की सज़ा भी मिलनी चाहिए.''

    महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने इस ट्वीट पर लिखा, ''इस शख़्स को देखो जो ख़ुद को एक पार्टी का नेता कहते हैं. ये नुपूर शर्मा को नुक़सान पहुँचाने के लिए लोगों को उकसा रहे हैं. उनके ख़िलाफ़ कार्रवाई के लिए यूपी पुलिस को लिखा गया है. सुप्रीम कोर्ट से उनके ख़िलाफ़ स्वत: संज्ञान लेने का अनुरोध करती हूँ.''

    नूपुर शर्मा ने एक टीवी डिबेट में पैगंबर मोहम्मद को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. उन्होंने अलग-अलग जगहों पर अपने ख़िलाफ़ हुईं एफ़आईआर को दिल्ली शिफ्ट कराने के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी.

    सुप्रीम कोर्ट ने नूपुर शर्मा को उनके बयान के लिए कड़ी फटकार लगाई थी और याचिका हाई कोर्ट में दायर करने के लिए कहा था.

  7. महाराष्ट्रः शिंदे सरकार ने हासिल किया विश्वास मत, मिले 164 वोट

    महाराष्ट्र विधानसभा में शिंदे सरकार ने विश्वास मत हासिल कर लिया है. उन्हें 164 मत मिले. बहुमत के लिए 143 मतों की ज़रूरत थी.

    वहीं, महाविकास अघाड़ी सरकार के पक्ष में 99 मत मिले हैं. बताया जा रहा है कि कुछ विधायक समयसीमा ख़त्म होने के कारण सदन में नहीं आ पाए थे.

    पहले विधानसभा में ध्वनिमत से परीक्षण कराया गया लेकिन उससे कोई स्पष्टता ना होने और विपक्ष के एतराज के बाद मतदान किया गया. इसके बाद पक्ष और विपक्ष में विधायक गिने गए.

    महाराष्ट्र में रविवार को स्पीकर पद के लिए हुए चुनाव में बीजेपी और शिंदे गुट के उम्मीदवार राहुल सुरेश नार्वेकर 164 वोटों के साथ जीत गए. हालांकि जीत के लिए उन्हें सिर्फ़ 145 वोट ही चाहिए थे.

    वहीं, शिवसेना नेता और महा विकास अघाड़ी के उम्मीदवार राजन साल्वी स्पीकर का चुनाव हार गए. साल्वी को 107 वोट मिले. चुनाव प्रक्रिया के दौरान एक-एक विधायक से उनका मत पूछा गया.

    महाराष्ट्र में चल रहे सियासी घमासान में शिवेसना के कई विधायक बाग़ी हो गए थे जिसके चलते उद्धव ठाकरे को इस्तीफ़ा देना पड़ा और महाविकास अघाड़ी सरकार गिर गई.

    इसके बाद शिंदे गुट और बीजेपी ने सरकार बनाने का दावा किया. हालांकि, पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस के मुख्यमंत्री बनने की चर्चाएं थीं लेकिन एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री बनाया गया. वहीं, फडणवीस ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली.

  8. संजय राउत का शिंदे सरकार पर हमला, किया कसाब का ज़िक्र

    शिवसेना सांसद संजय राउत ने महाराष्ट्र की एकनाथ शिंदे सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि ये एक अस्थायी व्यवस्था है और शिंदे और उनके सहयोगी जनता के पास नहीं जा पाएंगे.

    उन्होंने कहा, ''वो (बाग़ी विधायक) शिवसेना में शेर थे. कसाब को भी उतनी सुरक्षा नहीं दी गई थी जितनी ज़्यादा सुरक्षा उन्हें मुंबई पहुंचने पर दी गई. उन्हें किसका डर है?''

    शिवसेना की स्थिति को लेकर संजय राउत बोले, ''पार्टी कमज़ोर नहीं हुई है. सत्ता हमारी ऑक्सीजन नहीं है. हम सत्ता में होने के चलते मजबूत नहीं होते. हम मजबूत हैं और इसलिए सत्ता में होते हैं. लोग आते-जाते रहते हैं. उन्होंने हमारी पार्टी को चुना था और बाहरी ताकतों चलते उसे छोड़ा. हम गांवों तक जाएंगे और दूसरे कार्यकर्ता ढूंढेंगे.''

    शिवसेना में पिछले महीने विधान परिषद के चुनाव के बाद उद्धव ठाकरे सरकार में मंत्री एकनाथ शिंदे की अगुआई में कई विधायकों ने बग़ावत कर दी थी. इसके बाद अंततः उद्धव ठाकरे ने इस्तीफ़ा दे दिया और एकनाथ शिंदे ने भारतीय जनता पार्टी के साथ सरकार बनाई.

  9. हिमाचल के कुल्लू में खाई में गिरी बस, स्कूली बच्चों समेत कम-से-कम 10 की मौत

    हिमाचल प्रदेश के कुल्लू ज़िले में एक निज़ी बस के खाई में गिरने से कम-से-कम 10 लोगों की मौत हो गई है. मृतकों में कई स्कूली बच्चे शामिल हैं.

    मृतकों की संख्या ज़्यादा भी हो सकती है. समाचार एजेंसी पीटीआई ने अधिकारियों के हवाले से मृतकों की संख्या 16 बताई है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक कुल्लू में निओली-शंशेर सड़क पर सेंज घाटी के जंगला इलाक़े में सुबह करीब आठ बजे ये हादसा हुआ है. मौके पर बचाव कार्य जारी है.

    घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पतालों में ले जाया गया है.

    हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस हादसे पर शोक जताया.

    उन्होंने ट्वीट किया, ''कुल्लू की सैंज घाटी में एक निजी बस के हादसे का दुखद समाचार मिला. पूरा प्रशासन मौके पर है,घायलों को अस्पताल ले जाया जा रहा है. ईश्वर इस घटना में दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोकग्रस्त परिवारजनों को संबल प्रदान करें. ईश्वर से कामना करता हूं कि कम से कम लोग हताहत हुए हों.''

    पीएम कार्यालय ने भी ट्वीट में कहा है, ''हिमाचल प्रदेश में कुल्लू में हुई बस दुर्घटना हृदय विदारक है. इस दुखद घड़ी मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं. जो लोग घायल हैं वो जल्द से जल्द ठीक हो जाएं. स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की हर संभव मदद कर रहा है.''

  10. लालू यादव की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती

    राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को पटना के पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उन्हें सीढ़ियों से गिरने के कारण चोट आई है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार लालू यादव रविवार को अपने घर में सीढ़ियों से गिर गए थे जिसके कारण उनके दाहिने कंधे पर छोटा फ्रैक्चर आया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने लिखा है कि लालू यादव के कंधे पर फ्रैक्चर आया है और पीठ में चोट लगी है.

    पारस अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉक्टर आसिफ़ रहमान ने बताया कि लालू प्रसाद यादव को रात करीब 3:30 बजे इमरजेंसी में लाया गया था. उस समय कंधे की चोट के कारण उनकी स्थिति ठीक नहीं थी. डॉक्टर्स आईसीएयू में उनकी स्थिति पर नज़र बनाए हुए हैं. अभी हालत स्थिर है.

    लालू यादव पहले से ही बीमार चल रहे हैं. उन्हें किडनी की भी समस्या है और हाल ही में ट्रांसप्लांट के लिए विदेश जाने को लेकर उन्होंने कोर्ट में याचिका भी दायर की थी.

  11. शरद पवार का दावा- ख़ुश नहीं विधायक, छह महीने में गिर सकती है शिंदे सरकार

    राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री शिंदे का समर्थन कर रहे कई विधायक ख़ुश नहीं हैं और छह महीने में ये सरकार गिर सकती है.

    शरद पवार रविवार को बहुमत परीक्षण को लेकर पार्टी विधायकों और अन्य नेताओं के साथ बैठक कर रहे थे. समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ इस बैठक में शामिल एक एनसीपी नेता ने शरद पवार के बयान की जानकारी दी.

    एनसीपी नेता ने बताया, ''शरद पवार ने कहा कि महाराष्ट्र में बनी नई सरकार अगले छह महीनों में गिर सकती है. ऐसे में सभी को मध्यावधि चुनाव के लिए तैयार रहना चाहिए. शिंदे का समर्थन करने वाले कई विधायक मौजूदा व्यवस्था से खुश नहीं हैं. उनकी नाराज़गी बाहर आएगी और सरकार गिर जाएगी.''

    उन्होंने कहा कि ये प्रयोग असफ़ल होगा और बाग़ी विधायक अपनी मूल पार्टी में लौट आएंगे. अगर हमारे पास सिर्फ़ छह महीने हैं तो एनसीपी विधायकों को ये समय अपने विधानसभा क्षेत्र में बिताना चाहिए.

    शिवसेना में बगावत के बाद से पार्टी दो धड़ों उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे के बीच बंट गई है. दोनों ही अपने गुट को असली शिवसेना बता रहा है. कई दिनों तक बाग़ी विधायकों को मनाने की कोशिश के बाद उद्धव ठाकरे को गुरुवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा देना पड़ा.

    महाविकास अघाड़ी सरकार गिरने के बाद शुक्रवार को शिंदे गुट और बीजेपी ने सरकार बनाने का दावा किया. उम्मीदों के विपरीत एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री बने और बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली.

    आज शिंदे सरकार को विधानसभा में बहुमत साबित करना है. रविवार को बीजेपी और शिंदे गुट के उम्मीदवार राहुल सुरेश नार्वेकर 164 वोटों के साथ जीत गए.

  12. नूपुर शर्मा पर सख़्त टिप्पणियां करने वाले एक जज की ये मांग

  13. महाराष्ट्र: शिंदे सरकार के बहुमत परीक्षण से पहले उद्धव ठाकरे को बड़ा झटका

    महाराष्ट्र में रविवार को चुने गए स्पीकर राहुल नार्वेकर ने एक बड़ा फ़ैसला लेते हुए शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे की मुश्किलें बढ़ा दी हैं.

    स्पीकर ने रविवार को शिवसेना विधायक अजय चौधरी को पार्टी विधायक दल के नेता के पद से हटा दिया. उनकी जगह मुख्यमंत्री और शिवसेना के बाग़ी गुट के नेता एकनाथ शिंदे को शिवसेना के विधायक दल का नेता चुना गया है.

    स्पीकर ने शिवसेना के चीफ़ व्हिप में भी बदलाव किया है. पूर्व चीफ़ व्हिप सुनील प्रभु की जगह ये पद भरत गोगावले को दे दिया गया है.

    महाराष्ट्र में रविवार को स्पीकर पद के लिए हुए चुनाव में बीजेपी और शिंदे गुट के उम्मीदवार राहुल सुरेश नार्वेकर 164 वोटों के साथ जीत गए. हालांकि जीत के लिए उन्हें सिर्फ़ 145 वोट ही चाहिए थे.

    वहीं, शिवसेना नेता और महा विकास अघाड़ी के उम्मीदवार राजन साल्वी स्पीकर का चुनाव हार गए. साल्वी को 107 वोट मिले. चुनाव प्रक्रिया के दौरान एक-एक विधायक से उनका मत पूछा गया.

    आज विधानसभा में शिंदे सरकार का बहुमत परीक्षण भी होना है. महाराष्ट्र में चल रहे सियासी घमासान में शिवेसना के कई विधायक बाग़ी हो गए थे जिसके चलते उद्धव ठाकरे को इस्तीफ़ा देना पड़ा और महाविकास अघाड़ी सरकार गिर गई.

    इसके बाद शिंदे गुट और बीजेपी ने सरकार बनाने का दावा किया. हालांकि, पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस के मुख्यमंत्री बनने की चर्चाएं थीं लेकिन एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री बनाया गया. वहीं, फडणवीस ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली.

  14. डेनमार्क के मॉल में हुई फायरिंग में तीन की मौत, कई घायल

    डेनमार्क के सबसे बड़े शॉपिंग मॉल में हुई फायरिंग में तीन लोगों की जान चली गई और कई लोग घायल हो गए. पुलिस के मुताबिक़ घायलों में तीन लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है.

    साउथ कोपनहेगन में फील्ड्स मॉल में रविवार को एक लड़के ने अचनाक फायरिंग शुरू करी दी और मॉल में अफ़रातफ़री मच गई. 22 साल के इस हमलावर को गिरफ़्तार कर लिया गया है.

    पुलिस चीफ़ सोएरेन थॉमसन ने कहा कि हमले का मक़सद साफ़ नहीं है और फ़िलहाल इसके 'आतंकवादी हमला' होने की बात से इनकार नहीं किया जा सकता.

    प्रधानमंत्री मैट फ्रेडरिक्सन ने कहा कि डेनमार्क पर एक क्रूर हमला हुआ है.

    उन्होंने कहा, ''कई लोग मारे गए हैं और कई घायल हुए हैं. निर्दोष परिवार ख़रीदारी कर रहे थे और खाना खा रहे थे. वहाँ बच्चे और नौजवान थे. हमारी सुंदर और सुरक्षित राजधानी कुछ सेकंड में बदल गई.''

    मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वह चाहती हैं कि इस मुश्किल समय में डेनमार्क एकजुट हो और एक-दूसरे का सहयोग करें.

    डेनमार्क के शाही परिवार ने पीड़ितों और उनके परिवार के लिए गहरी संवेदना व्यक्त की है.

    पुलिस के मुताबिक़ हमलावर के पास एक राइफ़ल और हथियार थे. इस हमले में किसी और के शामिल होने को लेकर फ़िलहाल कोई जानकारी नहीं है. दुकानदारों को उनके पास मौजूद किसी भी वीडियो को जांच के लिए सौंपने को कहा गया है.

    कई मंज़िलों वाले इस मॉल में क़रीब 140 दुकानें और रेस्टोरेंट्स हैं. घटना के समय मौजूद लोगों का कहना है कि जैसे ही उन्हें गोली चलने की आवाज़ आई तो वो घबरा गए और अफ़रा-तफ़री मच गई.

    इसाबेल नाम की चश्मदीद ने मीडिया को बताया, ''अचानक हमें गोली चलने की आवाज़ सुनाई दी. शायद मैंने 10 बार फायरिंग की आवाज़ सुनी होगी. तभी हम भागे और शौचालय में छुप गए. हम वहाँ क़रीब 11 लोग थे.''

    ''हमारी हालत बहुत ख़राब थी और हम डरे हुए थे. ये बहुत भयानक अनुभव था.''

  15. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 03 जुलाई के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिककर सकते हैं.