राजस्थान: उदयपुर के आईजी और एसपी का तबादला,10 ज़िलों में बदलाव
- Author, मोहर सिंह मीणा
- पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए

इमेज स्रोत, Getty Images
राजस्थान के उदयपुर में 28 जून को एक दर्जी कन्हैया लाल की हत्या के तीन दिन बाद गुरुवार देर रात उदयपुर रेंज आईजी हिंगलाजदान और ज़िला एसपी मनोज कुमार का तबादला कर दिया गया है.
अजमेर एसपी विकास कुमार उदयपुर के नए एसपी होंगे. वहीं, हिंगलाज की जगह अब रेंज आईजी प्रफुल्ल कुमार होंगे.
बाद बीते दिन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, चीफ़ सेक्रेटरी, डीजीपी समेत वरिष्ठ अधिकारी कन्हैया लाल के परिजनों से मुलाक़ात करने उदयपुर पहुंचे थे और देर रात राज्य के 32 आईपीएस अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी हुए. उदयपुर समेत 10 ज़िलों एसपी भी हटाए गए हैं.
राज्य में कानून व्यवस्था को लेकर बीते दिनों मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक के बाद से ही माना जा रहा था कि जल्द ही बड़े स्तर पर पुलिस अधिकारियों के तबादलों के आदेश जारी होंगे.
वैसे कन्हैया लाल हत्याकांड के बाद धान मंडी थाना थानाध्यक्ष और एक एएसआई को सस्पेंड कर दिया गया था.


