उदयपुर में हत्या के बाद तनाव बरकरार, सीएम गहलोत बोले- अंतरराष्ट्रीय लिंक की भी होगी जाँच
- Author, मोहर सिंह मीणा
- पदनाम, जयपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

इमेज स्रोत, Getty Images
उदयपुर में एक दर्जी की हत्या के बाद से पूरे राजस्थान में इंटरनेट बंद है. उदयपुर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात कर दी गई है और तनाव बरकरार है. कर्फ़्यू लगा है और सभी बाज़ार-दुकानें बंद हैं.
घटना की जाँच के लिए एसआईटी गठित कर दी गई है. सीएम अशोक गहलोत ने कहा है कि इस हत्या का अंतरराष्ट्रीय लिंक है या नहीं, इसकी भी जाँच की जाएगी.
जोधपुर में मीडिया से बातचीत में अशोक गहलोत ने कहा, "देखिए घटना बहुत बड़ी है, जघन्य है, बहुत जघन्य घटना है."
"मैंने कल भी कहा कि जितनी निंदा करें उतनी कम है और हमने इसीलिए एसआईटी गठित की है. एसआईटी ने अपना काम शुरू कर दिया है कल रात से ही, रात को ही गठन कर दिया उसका और अभी जयपुर पहुंचते ही हम लोग लॉ एंड ऑर्डर को लेकर भी मीटिंग कर रहे हैं और ये जो खबरें आ रही हैं, जिसने मारा है, उनके क्या प्लान थे, क्या षड्यंत्र था, किससे लिंक है, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय कोई ऐसी एजेंसी है क्या जिससे लिंक है, वो तमाम बातों का खुलासा होगा."
उन्होंने कहा, "तो इसको हम उस गंभीरता से ले रहे हैं कि घटना कोई मामूली नहीं है और ऐसे हो नहीं सकती, जब तक कि इसका कोई अंतर्राष्ट्रीय या राष्ट्रीय स्तर पर कुछ जो ऐसे रेडिकल एलिमेंट हैं, उससे लिंक नहीं हो, तब तक ऐसी घटना होती ही नहीं है, ये अनुभव कहता है, उसी रूप में इसकी जांच-पड़ताल शुरू की गई है."
"जयपुर में मीटिंग करेंगे बाद में जो आउटकम आएगा, जो फीडबैक आएगा, वो मैं बताऊंगा मीडिया को."
उन्होंने कहा, "उदयपुर मंत्री पहुँच चुके हैं रात को ही, जो प्रभारी मंत्री हैं वो पहुंच चुके थे वहां पर और अभी जाने के बाद तय करेंगे कि और किसको भेजना है, क्या करना है."







