ईरान ने ब्रिक्स की सदस्यता के लिए किया आवेदन
ईरान ने औपचारिक रूप से ब्रिक्स की सदस्यता के लिए आवेदन किया है. ईरान में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने इसकी पुष्टि की है. ब्रिक्स में ब्राज़ील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ़्रीका है.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सईद ख़ातिबज़ादेह ने बताया कि चीन के राष्ट्रपति ने ईरान के राष्ट्रपति को ब्रिक्स में शामिल होने का न्योता दिया था. उन्होंने कहा कि ईरान और ब्रिक्स एक दूसरे के लिए अहम साबित हो सकते हैं.
रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़खारोवा ने कहा है कि अर्जेंटीना ने भी ब्रिक्स में शामिल होने के लिए आेदन किया है. हालाँकि अभी तक अर्जेंटीना ने इस बारे में कोई आधाकारिक टिप्पणी नहीं की है.
'ब्रिक्स' दुनिया की पाँच उभरती हुई अर्थव्यवस्थाओं का एक समूह है. ये देश हैं - ब्राज़ील, रुस, भारत, चीन और दक्षिण अफ़्रीका. ब्रिक्स का आइडिया सबसे पहले इनवेस्ट बैंक गोल्डमैन सैक्स के चेयरमैन जिम ओ नील ने 2001 में की थी.
दिसंबर, 2010 से पहले तक इस समूह में दक्षिण अफ़्रीका शामिल नहीं हुआ था, इसे तब ब्रिक देशों के नाम से जानते थे. साउथ अफ़्रीका के शामिल होने के बाद इसमें 'एस' जोड़ा गया तो ये ब्रिक्स बन गया. ब्रिक्स देशों में दुनिया भर की करीब 43 फ़ीसदी से अधिक आबादी रहती है.