You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

द्रौपदी मुर्मू होंगी राष्ट्रपति पद के लिए एनडीए उम्मीदवार: बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा

झारखंड की पूर्व राज्यपाल और आदिवासी नेता द्रौपदी मुर्मू को भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन ने राष्ट्रपति पद के लिए अपना उम्मीदवार बनाया है.

लाइव कवरेज

कमलेश मठेनी and अभिनव गोयल

  1. महाराष्ट्र में राजनीतिक संकट के बीच बीजेपी ने कहा- राजनीति में कुछ भी कभी भी हो सकता है

    महाराष्ट्र में चल रहे राजनीतिक संकट के बीच प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील ने कहा है कि सरकार गठन को लेकर न तो एकनाथ शिंदे ने बीजेपी को कोई प्रस्ताव भेजा है और न ही बीजेपी ने एकनाथ शिंदे को प्रस्ताव भेजा है.

    उन्होंने कहा कि अभी मौजूदा स्थिति पर कुछ भी कहना जल्दबाज़ी होगी. चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि वे स्थिति पर नज़र रखे हुए हैं.

    पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि राजनीति में कभी भी कुछ भी हो सकता है. शिवसेना के नेता एकनाथ शिंदे पार्टी के कुछ विधायकों के साथ गुजरात के सूरत में हैं. कुछ समय से पार्टी नेताओं से उनका संपर्क नहीं है. इसको लेकर अटकलों का बाज़ार गर्म है.

    हालाँकि एकनाथ शिंदे ने अपने ट्वीट में बीजेपी के साथ जाने को लेकर कोई संकेत नहीं दिया है. उन्होंने सिर्फ़ इतना ही लिखा है कि वे बालासाहेब के सच्चे शिवसैनिक हैं. एकनाथ शिंदे ने ये भी कहा है कि सत्ता में आने के लिए कभी धोखा नहीं दिया है और न देंगे.

    दूसरी ओर महाराष्ट्र की गठबंधन सरकार में शामिल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख शरद पवार ने कहा है कि पहले भी बीजेपी ने सरकार गिराने की कोशिश की है.

    हालाँकि उन्होंने ये भी कहा कि ये शिवसेना का आंतरिक मामला है और उन्हें उम्मीद है कि शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे इसका हल निकाल लेंगे. शरद पवार ने इससे इनकार किया कि उनकी पार्टी बीजेपी के साथ जा सकती है.

    इस समय महाराष्ट्र में कांग्रेस, शिवसेना और एनसीपी की गठबंधन सरकार है, जिसका नेतृत्व उद्धव ठाकरे कर रहे हैं.

    इस बीच कांग्रेस ने मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को महाराष्ट्र में पार्टी का ऑब्जर्वर नियुक्त किया है.

  2. महाराष्ट्र में जारी सियासी उठापठक के बीच एकनाथ शिंदे आए सामने, जानिए क्या कहा

    महाराष्ट्र में जारी राजनीतिक संकट के बीच एकनाथ शिंदे की पहली प्रतिक्रिया आई है.

    उन्होंने ट्वीट कर लिखा, "हम बालासाहेब के पक्के शिवसैनिक हैं. बालासाहेब ने हमें हिंदुत्व सिखाया है. बालासाहेब के विचारों और धर्मवीर आनंद दिघे साहब की शिक्षाओं के बारे में सत्ता के लिए हमने कभी धोखा नहीं दिया और न कभी धोखा देंगे."

    महाराष्ट्र में विधान परिषद चुनाव के नतीजे आने के बाद से राज्य की उद्धव ठाकरे सरकार में शहरी विकास मंत्री एकनाथ शिंदे से संपर्क नहीं हो पा रहा था. उनके साथ कुछ विधायक भी हैं.

    मंगलवार की सुबह एकनाथ शिंदे के सूरत में होने की ख़बर आई और इसके बाद से ही महाराष्ट्र की महा विकास अघाड़ी सरकार के भविष्य पर अटकलबाज़ी का दौर भी शुरू हो गया.

    एनसीपी के अध्यक्ष शरद पवार ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि भारतीय जनता पार्टी ढाई साल से महाराष्ट्र की गठबंधन सरकार को गिराने की कोशिश कर रही है.

    महाराष्ट्र में जारी सियासी उठापठक के बीच उन्होंने कहा कि ये शिवसेना का आंतरिक मामला है. हालाँकि उन्होंने ये भी स्पष्ट किया कि वे शिवसेना के साथ हैं और गठबंधन में कोई मतभेद नहीं है.

    ढाई साल पहले मुख्यमंत्री पद की दौड़ में एकनाथ शिंदे का नाम था लेकिन राजनीतिक समीकरण बदले और उद्धव ठाकरे ख़ुद सीएम बन गए.

    ठाणे जिला एकनाथ शिंदे का गढ़ है. एकनाथ शिंदे के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और महाराष्ट्र के पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस के साथ भी अच्छे संबंध हैं.

  3. अजीत डोभाल ने कहा, बिल्कुल वापस नहीं होगी अग्निपथ योजना

    राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने समाचार एजेंसी एएनआई को दिए इंटरव्यू में अग्निपथ योजना, सेना में बदलाव की ज़रूरत, राष्ट्रीय सुरक्षा, कश्मीर, चीन और पाकिस्तान के साथ संबंधों पर बात की.

    उन्होंने अग्निपथ योजना को सेना और राष्ट्र की सुरक्षा के अहम बताया और कहा कि इसे वापस नहीं लिया जाएगा.

    अजीत डोभाल ने कहा, ''ये योजना बिल्कुल वापस नहीं होगी. इस पर दशकों से बात हो रही है और नौजवान सेना की मांग हो रही है. हर किसी ने इसकी ज़रूरत महसूस की लेकिन उनमें इसे लागू करने की राजनीतिक इच्छा शक्ति और हिम्मत नहीं थी. 2007 में विदेश मंत्री ने इसे पूरी तरह नंज़रअंदाज किया.''

    उन्होंने कहा कि इस योजना को लेकर भ्रम फैला हुआ है.

    उन्होंने कहा, ''ये बिल्कुल भ्रम है कि अग्निवीरों का सम्मान नहीं होगा. इनका गाँव में ही नहीं बल्कि वहाँ से बाहर भी उतना ही सम्मान होगा. ये देश की बहुत बड़ी निधि होंगे. वो परिवर्तन को एक नई दिशा देंगे. कई लोगों को निजी कारणों से सेना को छोड़कर आना पड़ता है. क्या उनको सम्मान नहीं मिलता था. इन्हें तो और ज़्यादा मिलेगा क्योंकि उनके लिए आगे भी संभावनाएँ हैं.''

    ''जब भी कोई परिवर्तन आता है, उसके साथ जुड़े हुए डर, चिंताएँ और आकाक्षाएँ आती हैं. जैसे-जैसे लोगों को अधिक सूचना और बातों का पता चल रहा है वैसे-वैसे लोग इसे समझ रहे हैं. ये तो हमारी पुरानी आवश्यकता थी. वो राष्ट्र के प्रति समर्पित हैं और धीरे-धीरे उनकी चिंताएँ कम हो रही हैं.''

    चार साल बाद सेवानिवृत्त होने वाले अग्निवीरो को लेकर उन्होंने कहा, ''इसे लेकर ग़लतफ़हमी है. हम एक नौजवान व्यक्ति की बात करते हैं तो 22-23 साल का है जिसने सेना में काम किया है और आप बाज़ार में है. वह अनुशासित होगा, उसमें टीम में काम करने क्षमता, कौशल और आत्मविश्वास होगा. उसके लिए सारे रास्ते खुले होंगे. उनके पास 11 लाख रुपए भी हैं जिनसे वो आगे पढ़ सकते हैं और टेक्निकल कौशल भी हासिल कर सकते हैं.''

    ''इस देश के हर उस युवा को अवसर मिलता है जिसमें देश की रक्षा के लिए इच्छा और प्रेरणा है और प्रतिबद्धता की भावना है. उनकी ऊर्जा और प्रतिभा का इस्तेमाल इस देश को मजबूत बनाने में किया जाता है.''

    कोचिंग सेंटर के शामिल होने को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा, विरोध प्रदर्शनों के मामले में एफ़आईआर की जाएगी, अभियुक्तों की पहचान होगी और जाँच के बाद हम बता पाएँगे कि इसके पीछे कौन था.

    अजीत डोभाल ने अग्निपथ योजना की ज़रूरत पर ज़ोर देकर कहा, ''इस योजना को एक परिप्रेक्ष्य में देखने की ज़रूरत है. अग्निपथ अपने आप में एक अकेली योजना नहीं है. जब पीएम मोदी 2014 में सत्ता में आए थे उनकी एक प्राथमिकता ये थी कि भारत तो सुरक्षित और मजबूत कैसे बनाएँ. इसके लिए कई क़दम उठाने की ज़रूरत है. विस्तार से देखें तो ये चार श्रेणियों में आता है- भविष्य को ध्यान में रखते हुए उपकरण, प्रणाली और ढाँचे में बदलाव, तकनीक में बदलाव, श्रमशक्ति और नीतियों में बदलाव.''

    ''सुरक्षा एक परिवर्तनशील विषय है, यह स्थिर नहीं रह सकता. ये उस माहौल से जुड़ा होता है जिसमें हमें अपने राष्ट्र हित और राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा करनी होती है. युद्ध के तरीक़े बदल रहे हैं. हम संपर्करहित युद्ध और अनेदखी सेना के साथ युद्ध की तरफ़ बढ़ रहे हैं. तकनीक तेज़ी से बदल रही है. अगर हमे कल के लिए तैयार होना है तो हमें आज बदलना होगा.''

    उन्होंने कहा, ''सेना में जो लोग जाते हैं वो पैसे के लिए नहीं जाती उनमें देशप्रेम, राष्ट्रभक्ति और यौवन की शक्ति होती है. अगर वो भावना नहीं तो आप इसके लिए नहीं बने हैं. शारीरिक क्षमताओं के साथ-साथ देश, नेतृत्व और समाज पर भरोसा रखें.''

  4. शरद पवार ने कहा- पहले भी बीजेपी ने की है सरकार गिराने की कोशिश

    राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख शरद पवार ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी पिछले ढाई साल से महाराष्ट्र की गठबंधन सरकार को गिराने की कोशिश कर रही है. दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि सरकार गिराने की ये बीजेपी की तीसरी कोशिश है.

    विधान परिषद चुनाव में क्रॉस वोटिंग का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसा पहले भी होता रहा है, लेकिन इससे सरकार को कोई ख़तरा नहीं है. शिवसेना के मंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में कुछ विधायक गुजरात के सूरत में हैं. इसे लेकर शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने विधायकों के साथ बैठक भी की है.

    शरद पवार ने कहा- ऐसा सुनने में आया है कि एकनाथ शिंदे सीएम बनना चाहते हैं. लेकिन एकनाथ शिंदे ने हमें कभी नहीं कहा कि वे सीएम बनना चाहते हैं. मुझे भरोसा है कि उद्धव ठाकरे इस मसले को हल कर लेंगे.

    उन्होंने कहा कि ये शिवसेना का आंतरिक मामला है. हालाँकि उन्होंने ये भी स्पष्ट किया कि वे शिवसेना के साथ हैं और गठबंधन में कोई मतभेद नहीं है. शरद पवार ने कहा कि महाराष्ट्र में ढाई साल से सरकार अच्छी चल रही है. पहले एनसीपी के विधायकों को भी तोड़ने की कोशिश हुई थी.

  5. महाराष्ट्र में सियासी संकट के बीच बीजेपी ने कहा- बदलाव पर कुछ कहना अभी जल्दबाज़ी

    महाराष्ट्र में चल रहे सियासी संकट के बीच प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील ने कहा है कि वो स्थिति पर नज़र रखे हुए हैं. उन्होंने कहा कि बदलाव पर अभी कुछ कहना जल्दबाज़ी होगी. महाराष्ट्र में शिवसेना के मंत्री एकनाथ शिंदे के साथ कुछ विधायक गुजरात में हैं. शिवसेना इस मामले पर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की अगुआई में एक बैठक कर रही है.

    महाराष्ट्र बीजेपी के प्रमुख चंद्रकांत पाटील ने आरोप लगाया कि शिवसेना का संकट पार्टी के सांसद संजय राउत के बयानों के कारण हुआ है. उन्होंने कहा- संजय राउत के भड़काऊ बयानों को लोग बर्दाश्त नहीं करेंगे. एकनाथ शिंदे का विद्रोह एक उदाहरण है. संजय राउत को हर मामले पर बहुत कड़वा बोलते हैं. पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के दिल्ली जाने के बारे में सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा- ये हमारी परंपरा है कि अगर हमारी पार्टी चुनाव जीतती है तो हमारे नेता मिठाई लेकर दिल्ली जाते हैं.

    महाराष्ट्र के बीजेपी नेता प्रवीण दारेकर ने कहा है कि महाराष्ट्र के लोगों के लिए जो भी सही होगा, वो किया जाएगा. उन्होंने कहा- जनता का हित सत्ता से ज़्यादा अहम है.

    संजय राउत के इस बयान पर कि महाराष्ट्र की स्थिति मध्य प्रदेश और राजस्थान से अलग है, प्रवीण दारेकर ने कहा- महाराष्ट्र अलग है, लेकिन क्या ये उनकी संपत्ति है? बीजेपी यहाँ सबसे बड़ी पार्टी है. देवेंद्र फडणनीस एक लोकप्रिय नेता हैं. महाराष्ट्र किसी की संपत्ति नहीं है. पिछले ढाई साल में आपने क्या किया है, ये हम देख सकते हैं. ये हमारे कर्तव्य है कि हम चीज़ों को सही करें. उन्होंने कहा कि बीजेपी महाराष्ट्र का ख़्याल करती है, जबकि वे सत्ता का ख़्याल करते हैं.

    इस बीच महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा है कि एमएलसी चुनाव के दौरान बहुमत कम हुआ है और ये चिंता का विषय है. उन्होंने कहा कि वे इस पर टिप्पणी नहीं करेंगे कि दूसरे दलों में क्या हो रहा है और अगर ज़रूर पड़ेगी, तो वे इस पर सही जगह पर चर्चा करेंगे. दूसरी ओर शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा है कि एकनाथ शिंदे जी सच्चे शिवसैनिक हैं और वे बिना किसी शर्त के वापस लौटेंगे.

  6. मालदीव में योग दिवस पर हंगामा, स्टेडियम में घुस आए प्रदर्शनकारी

    मालदीव के नेशनल फुटबॉल स्टेडियम में तब प्रदर्शनकारी अचानक घुस आए, जब अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर लोग स्टेडियम में योग कर रहे थे.

    योग दिवस पर इस समारोह का आयोजन यूथ, स्पोर्ट्स एंड कम्यूनिटी एम्पावरमेंट मंत्रालय के साथ भारतीय संस्कृति केंद्र ने किया था.

    स्टेडियम में कई लोग बैठकर ध्यान में लगे थे कि तभी लोगों की भीड़ अचानक घुस आई और शोर मचाते हुए स्टेडियम ख़ाली करने के लिए बोलने लगी.

    स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने स्टेडियम में आंसू गैस के गोले छोड़े.

    मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहमद सोलिह ने कहा, ''स्टेडियम में हुई इस घटना की मालदीव पुलिस जाँच कर रही है. इसे गंभीर मामला माना जा रहा है और इसके लिए ज़िम्मेदार लोगों पर क़ानूनी कार्रवाई की जाएगी.''

    मालदीव में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने का पहले से ही एक वर्ग विरोध कर रहा था. इसे लेकर चेतावनी भी दी गई थी क्योंकि योग में सूर्य की पूजा की जाती है, जो इस्लाम की मान्यताओं के अनुरूप नहीं है.

    हालांकि, संयुक्त राष्ट्र ने साल 2014 में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया था. मालदीव उन 177 देशों में शामिल था जिन्होंने योग दिवस मनाने के संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव के पक्ष में मतदान दिया था.

  7. राजद के चर्चित विधायक अनंत सिंह को 10 साल की सज़ा, विधायकी पर ख़तरा

      • Author, सीटू तिवारी
      • पदनाम, पटना से, बीबीसी हिंदी के लिए

    बिहार में पटना के एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट ने राजद के चर्चित विधायक अनंत सिंह को 10 साल की सज़ा सुनाई है.

    अनंत सिंह के साथ साथ उनके केयरटेकर सुनील राम को भी 10 साल की सज़ा हुई है. इस सज़ा के बाद मोकामा से राजद विधायक अनंत सिंह की विधायकी ख़तरे में पड़ गई है.

    अनंत सिंह के वकील सुनील सिंह ने बताया, "एमपी-एमएलए कोर्ट के इस फ़ैसले को हम लोग हाईकोर्ट में चुनौती देंगें. कोर्ट ने अनंत सिंह की उम्र, स्वास्थ्य और उनकी पाँच टर्म की विधायकी को ध्यान में रखते हुए उन्हें ओवरऑल 10 साल की सजा सुनाई है."

    अनंत सिंह की विधायकी के सवाल पर सुनील सिंह कहते हैं- अगर हाईकोर्ट इस फ़ैसले पर स्टे लगाता है तो विधायकी बनी रहेगी, लेकिन अगर स्टे नहीं मिलता है तो ख़तरा है.

    बाढ़ के लदमा गांव स्थित अनंत सिंह के पुश्तैनी घर से 16 अगस्त 2019 को पुलिस की छापेमारी में एके -47,हैंड ग्रेनेड और मैग्जीन बरामद हुई थी. जिसके बाद यूएपीए एक्ट के तहत बाढ थाने में एफ़आईआर (389/19) दर्ज हुई थी. इस एफ़आईआर के बाद अनंत सिंह फ़रार हो गए.

    दिल्ली के साकेत कोर्ट में 23 अगस्त 2019 को अनंत सिंह ने सरेंडर किया था और 25 अगस्त 2019 को उन्हे बाढ़ कोर्ट में पेश किया गया था. बीती 14 जून को एमपी-एमएलए कोर्ट में स्पेशल जज त्रिलोकी दूबे ने उन्हें इस मामले में दोषी पाया था. अनंत सिंह फ़िलहाल पटना के बेऊर जेले में बंद है और हड्डी की परेशानियों से जूझ रहे है.

  8. नूपुर शर्मा मामले को OIC की ओर से पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र में उठाया

    पाकिस्तान ने इस्लामिक देशों के संगठन ओआईसी की ओर से संयुक्त राष्ट्र में भारत में पैग़ंबर मोहम्मद के ख़िलाफ़ हुई विवादित टिप्पणी का मामला उठाया है. संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के स्थायी प्रतिनिधि मुनीर अकरम ने संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में भारत की सत्ताधारी पार्टी के नेताओं की ओर से विवादित टिप्पणी पर चिंता जताई.

    बीजेपी की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा ने पिछले महीने एक टीवी डिबेट के दौरान पैग़ंबर मोहम्मद को लेकर विवादित टिप्पणी की थी, जिसे लेकर काफ़ी हंगामा हुआ था. पाकिस्तान समेत कई मुस्लिम देशों ने इस पर आपत्ति जताई थी.

    बाद में बीजेपी ने नूपुर शर्मा को पार्टी से निलंबित कर दिया था, जबकि विवादित ट्वीट करने वाले एक और नेता नवीन कुमार जिंदल को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था. भारत के कई शहरों में विरोध प्रदर्शनों के दौरान हिंसा भी हुई थी. झारखंड में तो दो लोगों की मौत भी हो गई थी.

    सोमवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा की एक बैठक में इस्लामोफ़ोबिया से जुड़ी घटनाएँ डेढ़ अरब से ज़्यादा मुसलमानों की भावनाओं को आहत करती हैं और अभिव्यक्ति की आज़ादी के नाम पर इसका दुरुपयोग होता है.

    मुनीर अकरम ने कहा है कि अगर इस तरह की घटनाओं को ऐसे ही छोड़ दिया जाएगा, तो इससे शांति और विकास पर असर पड़ेगा. उन्होंने कहा कि इससे संघर्ष की स्थिति पैदा हो सकती है,

    धार्मिक तनाव बढ़ सकता है और मानवाधिकार उल्लंघन की घटनाएँ भी व्यापक स्तर पर होती हैं. पाकिस्तान के स्थायी प्रतिनिधि ने भारत में हुई घटना के साथ-साथ स्वीडन के प्रदर्शनों और अन्य ऐसी ही घटनाओं का ज़िक्र किया. उन्होंने कहा कि ओआईसी इस तरह के उकसावे वाली घटनाओं से चिंतित है.

  9. मुंबई से LIVE: शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे कुछ विधायकों के साथ गायब

    क्या है पूरा मामला?, बता रहे हैं बीबीसी संवाददाता के मयूरेश कोण्णूर.

  10. MPPSC में कश्मीर को लेकर पूछा गया विवादित सवाल, हंगामा होने पर हुई कार्रवाई

      • Author, शुरैह नियाज़ी
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए, भोपाल से

    मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) की प्रारंभिक परीक्षा में कश्मीर को लेकर पूछे गए एक सवाल से विवाद पैदा हो गया है. यह परीक्षा 19 जून को आयोजित की गई थी.

    मामला बढ़ता देख सरकार ने पेपर सेट करने वालों पर कारवाई की है. गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि दोनों पेपर सैटर को आयोग के सभी काम से अलग कर दिया गया है. वहीं, उच्च शिक्षा विभाग को भी कारवाई के लिये कहा गया है.

    परीक्षा में एक प्रश्न पूछा गया था कि क्या भारत को कश्मीर को पाकिस्तान को दे देने का निर्णय कर लेना चाहिए? इसमें परीक्षार्थियों को प्रश्न के साथ दो तर्क भी दिए गए थे.

    उसमें विकल्प में लिखा था पहला हाँ, क्योंकि यह भारत के पैसे बचाएगा और दूसरा विकल्प नहीं, ऐसे निर्णय से इसी तरह की और भी मांगे बढ़ जायेंगी. इसी आधार पर परीक्षार्थियों से जवाब देने के लिए कहा गया था.

  11. शिवसेना के संजय राउत ने कहा- महाराष्ट्र में सरकार गिराने की कोशिश, बीजेपी को ये सलाह भी दी

    शिवसेना के सांसद संजय राउत ने कहा है कि महाराष्ट्र में महा विकास अघाड़ी की सरकार को गिराने की कोशिशें की जा रही हैं. उन्होंने कहा कि बीजेपी को ये याद रखना चाहिए कि महाराष्ट्र राजस्थान या मध्य प्रदेश से काफ़ी अलग है.

    संजय राउत ने कहा- हमारे विधायक गुजरात के सूरत में हैं और उन्हें वहाँ से जाने नहीं दिया जा रहा है. लेकिन वे ज़रूर वापस आएँगे क्योंकि उनमें से सभी शिवसेना के प्रति समर्पित हैं. मुझे भरोसा है कि हमारे सभी विधायक वापस आएँगे और सब कुछ ठीक हो जाएगा.

    उन्होंने कहा कि सूरत में मौजूद विधायकों से वे संपर्क में हैं. संजय राउत ने कहा- हम उद्धव ठाकरे जी और पवार साहिब से स्थिति पर विचार कर रहे हैं. जो ये सोच रहे हैं कि वे किंगमेकर हैं, वे नाकाम होंगे. महाराष्ट्र में ताज़ा सियासी स्थिति को देखते हुए शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने पार्टी विधायकों की बैठक बुलाई है.

    महाराष्ट्र में सोमवार को हुए एमएलसी चुनाव में बीजेपी को 10 में से पांच सीटों पर जीत हासिल हुई है. वहीं, महाविकास अघाड़ी में शामिल एनसीपी और शिवसेना के दो-दो उम्मीदवार जीते हैं और कांग्रेस ने एक सीट हासिल की है. माना जा रहा है कि सत्ताधारी गठबंधन के कुछ विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है.

  12. क्या यशवंत सिन्हा बनेंगे विपक्ष की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार?

    पूर्व वित्त मंत्री और तृणमूल कांग्रेस के उपाध्यक्ष यशवंत सिन्हा को विपक्ष राष्ट्रपति उम्मीदवार के तौर पर खड़ा कर सकता है.

    अंग्रेज़ी अख़बर टेलिग्राफ़ की ख़बर के मुताबिक टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी राष्ट्रपति उम्मीदवार के तौर पर आज यशवंत सिन्हा के नाम का प्रस्ताव दे सकते हैं.

    राष्ट्रपति उम्मीदवार के चुनाव को लेकर आज एनसीपी प्रमुख शरद पवार दिल्ली में विपक्ष दलों की बैठक करने वाले हैं जिसमें अभिषेक बनर्जी टीएमसी की तरफ़ से शामिल होंगे.

    अभिषेक ने सोमवार को कहा था, ''कल बैठक होने वाली है, मैं पार्टी का प्रतिनिधित्व करूंगा. शरद पवार के नाम पर सभी विपक्षी दलों की सहमति थी लेकिन वो चुनाव नहीं लड़ना चाहते.''

    यशवंत सिन्हा ने भी इस संबंध में संकेत देते हुए एक ट्वीट किया है.

    उन्होंने कहा, ''टीएमसी में ममता जी ने मुझे जो सम्मान और प्रतिष्ठा दी, उसके लिए मैं उनका आभारी हूँ. अब समय आ गया है जब एक बड़े राष्ट्रीय उद्देश्य के लिए मुझे पार्टी से हटकर विपक्षी एकता के लिए काम करना होगा. मुझे यक़ीन है कि वे इस क़दम को स्वीकार करेंगी.''

    राष्ट्रपति चुनाव की घोषणा के बाद से विपक्ष दलों की ओर से संयुक्त राष्ट्रपति उम्मीदवार के नाम को लेकर चर्चा चल रही है. पिछली बैठक में एनसीपी प्रमुख शरद पवार के नाम का प्रस्ताव दिया गया था लेकिन उन्होंने राष्ट्रपति चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था.

    उन्होंने ट्वीट किया था, ''मैं दिल्ली में हुई बैठक में भारत के राष्ट्रपति चुनाव के लिए उम्मीदवार के तौर पर मेरा नाम सुझाने के लिए विपक्षी दलों के नेताओं की तहे दिल से सराहना करता हूं. हालांकि, मैं यह बताना चाहता हूं कि मैंने अपनी उम्मीदवारी के प्रस्ताव को विनम्रतापूर्वक अस्वीकार कर दिया है.''

    उनके बाद पूर्व राज्यपाल गोपालकृष्ण गांधी और नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष फ़ारूक़ अब्दुल्लाह का नाम भी सामने आया था लेकिन उन्होंने भी उम्मीदवार बनने से इनकार कर दिया है.

  13. शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे 11 विधायकों के साथ गायब, उद्धव ठाकरे ने बुलाई बैठक

    महाराष्ट्र में एमएलसी चुनाव के बाद सरकार में मंत्री एकनाथ शिंदे अचानक गायब हो गए हैं और उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है. चुनाव से पहले ऐसी चर्चा थी कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे के बीच संबंध ठीक नहीं चल रहे है.

    एकनाथ शिंदे शिवसेना के 11 विधायकों के साथ सूरत में एक होटल में ठहरे हैं जिससे महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ गठबंधन, महाविकास अघाड़ी में चिंताएं बढ़ गई हैं.

    उद्धव ठाकरे ने आज 12 बजे एक बैठक बुलाई है और एकनाथ शिंदे भी उसी दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकते हैं.

    बताया जा रहा है कि एकनाथ शिंदे सोमवार शाम से ही नाराज़ चल रहे हैं. जैसे ही शिंदे और उनके साथ विधायकों से संपर्क नहीं हो पाया तो मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास पर अन्य विधायकों की बैठक ली गई जिसमें मुबंई और आसपास के इलाक़ों के विधायक शामिल हुए. ये बैठक रात करीब दो बजे तक चली.

    शिवसेना की नेता नीलम गोडे़ ने कहा कि अफवाहों पर भरोसा नहीं करना चाहिए. उन्होंने कहा, ''एकनाथ शिंदे कई सालों से हमारे सहकर्मी हैं. एकनाथ शिंदे हमेशा मिलते हैं लेकिन सभी नेता रोज एक-दूसरे से नहीं मिलते. मुझे नहीं पता कि कितने घंटे, कितने सेकंड से वो फोन पर उपलब्ध नहीं हैं. वो बहुत ही मेहनती नेता है.''

    वहीं, केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता नारायण राणे ने कहा, ''ऐसी चीज़ों पर कोई टिप्पणी नहीं की जानी चाहिए. नॉट रिचेबल होने का क्या मतलब है.''

    महाराष्ट्र में सोमवार को हुए एमएलसी चुनाव में बीजेपी को 10 में से पांच सीटों पर जीत हासिल हुई है. वहीं, महाविकास अघाड़ी में शामिल एनसीपी और शिवसेना के दो-दो उम्मीदवार जीते हैं और कांग्रेस ने एक सीट हासिल की है.

  14. अग्निवीरों को लेकर हरियाणा के सीएम खट्टर की यह घोषणा

    हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने अग्निवीरों को नौकरी की गारंटी देने का एलान किया है. उन्होंने मंगलवार को ट्वीट करके ये जानकारी दी है.

    सीएम खट्टर ने कहा, ''मैं घोषणा करता हूँ कि 'अग्निपथ योजना' के तहत चार वर्ष देश की सेवा करने के बाद वापिस आने वाले अग्निवीरों को गारंटी के साथ हरियाणा सरकार में नौकरी दी जाएगी.''

    इससे पहले सोमवार को उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने अग्निपथ योजना का समर्थन करते हुए घोषणा थी कि वो चार साल पूरे कर चुके अग्निवीरों को नौकरियों का मौक़ा देंगे.

    उन्होंने कहा था कि अग्निवीरों को मिला अनुशासन और कौशल उन्हें उत्कृष्टता के साथ रोज़गार योग्य बना देगा. महिंद्रा ग्रुप ऐसे प्रशिक्षित, सक्षम युवाओं को भर्ती करने के मौक़े का स्वागत करता है.

    सेना में भर्ती की अग्निपथ योजना में चार साल बाद सेवानिवृत्त होने वाले 75 प्रतिशत जवानों के भविष्य को लेकर ही विवाद हो रहा है. इसे लेकर देशभर में कई जगह हिंसक विरोध प्रदर्शन हुए और विपक्ष ने योजना को वापस लेने की मांग की है.

    लेकिन, केंद्र सरकार का कहना है कि अग्निपथ योजना के तहत चार साल नौकरी करने वाले अग्निवीरों को पब्लिक सेक्टर, पीएसयू और उद्योगों में नौकरियों में वरीयता दी जाएगी. असम राइफ़ल्स और अर्धसैनिक बलों में अग्निवीरों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण किया गया है. सेना के एक बैच के अधिकतम 25% अग्निवीरों को स्थायी नौकरी का मौका दिया जाएगा.

  15. FB LIVE: योग दिवस पर लखनऊ में कई मदरसों में हो रहा योग

    ज़्यादा जानकारी के साथ बीबीसी के अनंत झणाणे

  16. दुनिया भर में मनाया जा रहा योग दिवस, मोदी बोले- इस बार मानवता के लिए योग

    भारत के साथ-साथ आज पूरे विश्व में आठवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग दिवस पर कर्नाटक के मैसूर में एक सामूहिक कार्यक्रम में लोगों के साथ योग किया. इस दौरान आयुष मंत्री सर्वानंद सोनेवाल भी मौजूद थे.

    साल 2015 से पूरे विश्व में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है. योग दिवस पर हर साल नई थीम रखी जाती है. इस साल 'योगा फॉर ह्यूमैनिटी' यानी मानवता के लिए योग थीम रखी गई है.

    देश भर में कई जगह योग दिवस मनाया जा रहा है. अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने अपने राज्यों में योग दिवस समारोह में हिस्सा लिया.

    बीजेपी सरकार के 75 मंत्री सांस्कृतिक महत्व वाली 75 जगहों पर सामूहिक रूप से लोगों के साथ योगाभ्यास कर रहे हैं.

    मैसूर में इस दौरान पीएम मोदी ने कहा, ''मैसूर जैसे भारत के आध्यात्मिक केन्द्रों ने जिस योग-ऊर्जा को सदियों से पोषित किया, आज वो योग ऊर्जा विश्व स्वास्थ्य को दिशा दे रही है. योग अब एक वैश्विक पर्व बन गया है. योग किसी व्यक्ति मात्र के लिए नहीं, संपूर्ण मानवता के लिए है. इसलिए, इस बार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम है- मानवता के लिए योग.''

    ''भारत में हम इस बार योग दिवस एक ऐसे समय पर मना रहे हैं जब देश अपनी आजादी के 75वें वर्ष का पर्व मना रहा है, अमृत महोत्सव मना रहा है. योग दिवस की ये व्यापकता, ये स्वीकार्यता भारत की उस अमृत भावना की स्वीकार्यता है जिसने भारत के स्वतंत्रता संग्राम को ऊर्जा दी थी. हम कितने तनावपूर्ण माहौल में क्यों न हों, कुछ मिनट का ध्यान हमें राहत देता है, हमारी उत्पादकता बढ़ा देता है.''

    पीएम ने कहा, ''इसलिए, हमें योग को एक अतिरिक्त काम के तौर पर नहीं लेना है. योग हमारे लिए शांति लाता है. योग से आई शांति सिर्फ़ व्यक्तिगत तौर पर नहीं बल्कि हमारे समाज के लिए है. योग हमारे राष्ट्र और विश्व के लिए शांति लाता है. योग हमारे ब्रह्मांड के लिए शांति लाता है.''

    राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी योग दिवस में हिस्सा लिया. उन्होंने कहा, ''योग हमारी प्राचीन भारतीय विरासत का हिस्सा है. भारत का मानवता को तोहफ़ा. यह स्वास्थ्य और कल्याण के लिए एक समग्र दृष्टिकोण है, हमारे मन, शरीर और आत्मा को संतुलित करता है.''

    राज्यों में योग दिवस समारोह

    हिमाचल, छत्तीसगढ़, यूपी, पंजाब और दिल्ली में भी योग दिवस मनाया गया है. हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम रमेश और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी अपने-अपने राज्य में योग किया.

    योग दिवस पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी 'योगाभ्यास कार्यक्रम' में पहुंचे. उन्होंने योग को भारत ही नहीं दुनिया तक पहुंचाने के लिए पीएम मोदी का आभार जताया. लखनऊ के मदरसा अलफिरदोस रहमानी स्कूल में भी विश्व योगा दिवस मनाया गया.

    पंजाब के अमृतसर में दुर्गियाना तीरथ के गोल बाग मैदान के बाहर लोगों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया.

    वहीं, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश में योग किया. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की योगशाला के समारोह में हिस्सा लिया. गुवाहाटी के बह्रमपुत्र नदी के लाचित घाट पर 33 बटालियन आईटीबीपी के जवानों ने योगाभ्यास किया.

    सेना के जवानों ने भी लद्दाख में बर्फीली वादियों के बीच योग किया. भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के जवानों ने 17000 फीट की ऊंचाई पर लद्दाख में और सिक्किम में योग किया.

    योग गुरु बाबा रामदेव ने हरिद्वार के पतंजलि योगपीठ में सैंकड़ों लोगों को योगाभ्यास कराया. योगपीठ में आयोजित कार्यक्रम में सैंकड़ों की संख्या में बच्चे और महिलाएं शामिल हुए.

  17. सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मिस्र, जॉर्डन और तुर्की के दौरे पर हुए रवाना

    सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान सोमवार को मिस्र पहुँचे हैं. सऊदी की सरकारी समाचार एजेंसी एसपीए के मुताबिक़ देश के राष्ट्रपति अब्देल-फतह अल-सीसी ने क्राउन प्रिंस का स्वागत किया.

    मिस्र के बाद क्राउन प्रिंस जॉर्डन और तुर्की की यात्रा पर जाएंगे. ये यात्राएं किंग सलमान बिम अब्दुलअज़ीज़ के निर्देशों पर हो रही हैं. सऊदी अरब इन देशों के साथ अपने संबंध मज़बूत करना चाहता है.

    क्राउन प्रिंस मिस्र, जॉर्डन और तुर्की के साथ द्विपक्षीय संबंध बढ़ाने और साझा हित के मसलों पर चर्चा करेंगे.

    क्राउन प्रिंस की इस यात्रा के बाद अगले महीने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन सऊदी अरब के दौरे पर आने वाले हैं.

    बाइडन के इस दौरे पर सऊदी अरब गल्फ़ कोऑपोरेशन काउंसिल के सम्मेलन का आयोजन करेगा, जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति हिस्सा लेंगे. मिस्र, इराक़ और जॉर्डन भी इस सम्मेलन में हिस्सा लेंगे.

    वहीं, रविवार को अब्देल-फतह अल-सीसी ने जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला द्वितीय और बहरीन के किंग हमाद बिन ईसा के साथ एक त्रिपक्षीय सम्मेलन किया था जिसमें तीनों देशों ने साझा हित के मसलों पर सहयोग, क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर बातचीत की.

  18. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 20 जून के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिककर सकते हैं.