नेशनल हेराल्ड से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने कांग्रेस नेता राहुल
गांधी को आज, तीसरे दिन भी पूछताछ के लिए बुलाया है.
इससे पहले प्रवर्तन निदेशालय ने सोमवार को राहुल गांधी से क़रीब 11 घंटे की
पूछताछ की थी. मंगलवार को भी लगभग आठ घंटे से अधिक समय तक पूछताछ चली.
कांग्रस के वरिष्ठ
नेता दिग्विजय सिंह ने लगातार तीसरे दिन पूछताछ के लिए राहुल गांधी को बुलाने पर
ट्वीट किया है.
उन्होंने लिखा है, “तीसरे दिन लगातार राहुल गांधी को ईडी पूछताछ के लिए बुला रही है. 22 घंटे की पूछताछ हो चुकी है. आज फिर बुलाया है. किस प्रकरण में? जिसकी कोई FIR नहीं है. जिसे जांच के बाद स्वयं मोदी सरकार ने तथ्यों के अभाव में समाप्त कर दिया था. यह सरासर बदले की भावना है.”
उन्होंने आगे लिखा है, “राहुल गांधी का कसूर क्या है? वे डरते नहीं हैं. वे भाजपा सरकार से प्रश्न पूछते हैं.”
मंगलवार को कांग्रेस नेता टीएस सिंह देव ने दावा किया था कि ईडी के पास सवाल ही नहीं हैं, पूछने के लिए.
उन्होंने कहा था, “मुझे नहीं लगता है कि इनके पास ऐसा कोई सवाल है जो ये पूछना चाहते हैं. अगर उनके पास कोई मामला या सवाल होता तो वे सीधे पूछ लेते. आपको जानकारी लेने में इतना समय लग रहा है तो आप जानते ही नहीं है कि आपको क्या पूछना है.”
मंगलवार को भी हिरासत में लिए गए नेता
इससे पहले कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने आरोप लगाया था कि दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी के समर्थन में खड़े कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं को पीटा.
दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन में शामिल कई कार्यकर्ताओं और नेताओं को मंगलवार को भी हिरासत में लिया था. हालांकि बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया.
इससे पहले सोमवार को कांग्रेस नेता जब मार्च के लिए निकले तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया. राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छ्त्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी, केसी वेणुगोपाल, हरीश रावत, जयराम रमेश और रणदीप सुरजेवाला को भी हिरासत में लिया गय था.
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी अपने भाई राहुल गांधी के साथ ईडी के दफ़्तर पहुंची थीं. बाद में वो तुगलक रोड पुलिस थाने गईं जहां कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया गया था.
नेशनल हेराल्ड के स्वामित्व वाली कांग्रेस प्रायोजित यंग इंडियन प्राइवेट लिमिटेड में वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगे हैं. इसमें नौ महीने पहले मनी लॉन्ड्रिंग क़ानून के तहत मामला दर्ज किया गया है. नेशनल हेराल्ड अख़बार का प्रकाशन एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (एजेएल) करती है, जिस पर यंग इंडियन प्राइवेट लिमिटेड का स्वामित्व है.