नेशनल हेराल्ड
मामले में राहुल गांधी की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पेशी से पहले कांग्रेस
ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी पर हमला बोला है.
कांग्रेस
प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने बीजेपी पर राहुल गांधी को झूठे आरोपों में फंसाने का
आरोप लगाया और कहा कि बीजेपी कांग्रेस से डरी हुई है. उन्होंने बताया कि कांग्रेस
राहुल गांधी के नेतृत्व में सत्याग्रह मार्च निकालेगी.
उन्होंने कहा,
''केंद्र में कायर
मोदी सरकार ने पुलिस के हज़ारों नाके लगाकर, जवान लगाकर, दिल्ली को छावनी बनाकर, अघोषित आपातकाल लगाकर ये बात साबित कर दी है कि
कांग्रेस के सत्याग्रह को राहुल गांधी और कांग्रेस मोदी सरकार की चूलें हिल गईं
हैं.''
''राहुल गांधी के
नेतृत्व में शांतिप्रिय और गांधीवादी तरीक़े से सत्याग्रह का मार्च निकलेगा. ना
इसे अंग्रेज़ दबा पाए और ना ही उस समय अंग्रेज़ों के मुखबिर बने आज के सत्ताधारी
हुक्मरान दबा पाएंगे. हम दृढ़ता से, शांतिप्रिय तरीक़े से बीजेपी के 'इलेक्शन मैनेजमेंट डिपार्टमेंट' के कार्यालय जाएंगे और हर सवाल का जवाब भी देंगे.''
उन्होंने कहा कि
कांग्रेस को झुकाने के लिए मोदी जी ने पिछले आठ सालों से एड़ी चोटी का जोर लगा रखा
है लेकिन, राहुल गांधी और
कांग्रेस का हर नेता और कार्यकर्ता देश के साधारण व्यक्ति, मध्यम वर्ग, ग़रीब और दलित की आवाज़ उठाता रहेगा.
सुरेजवाला ने नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर कहा, ''नेशनल हेराल्ड अख़बार स्वतंत्रता संग्राम की साल 1937 में स्थापित पहचान भी है और आवाज़ भी. जब नेशनल हेराल्ड अख़बार (और उसकी मालिक1937 में बनी एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड) पर क़र्ज़ का गंभीर संकट आया, तब कांग्रेस पार्टी ने साल 2002 और 2011 तक दस वर्षों में 90 करोड़ रुपया इस संस्थान को देकर देश की विरासत को बचाने का काम किया.''
''कांग्रेस एक राजनीतिक दल है और वो किसी कंपनी की हिस्सेदारी नहीं ख़रीद सकता. इसलिए 'यंग इंडियन' के नाम से एक ग़ैर-लाभकारी कंपनी को नेशनल हेराल्ड और एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड के शेयर दिए गए ताकि 90 करोड़ का कर्ज़ ख़त्म हो सके. इसमें से 67 करोड़ का इस्तेमाल वेतन, बकाया और बिजली बिल के भुगतान के लिए किया गया. हमने मोदी सरकार की तरह देश की संपत्ति अपने उद्योगपति मित्रों को बेच डाली.''
उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा, ''गोडसे के वंशज एक बार फिर गांधी को चुनौती दे रहे हैं. गांधी की हत्या जिस विचारधारा ने की आज फिर वो गांधी के उत्तराधिकारियों को, उनकी सोच और विचार के प्रणेताओं को एक बार फिर चुनौती दे रहे हैं. ना गोडसे गांधी को मार पाए, ना मोदी जी मार पाएंगे और उनकी सरकार.''
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी आज यानी सोमवार को नेशनल हेराल्ड मामले में प्रवर्तन निदेशालय के सामने पेश होंगे. इस मामले में नेशनल हेराल्ड के स्वामित्व वाली कांग्रेस प्रायोजित यंग इंडियन प्राइवेट लिमिटेड में वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगे हैं, जिनकी जांच हो रही है. इसमें नौ महीने पहले मनी लॉन्ड्रिंग क़ानून के तहत मामला दर्ज किया गया है.