You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लद्दाख में एलएसी के पार चीनी गतिविधियां चौंकाने वाली- अमेरिकी जनरल

एक शीर्ष अमेरिकी जनरल ने बुधवार को कहा कि लद्दाख थिएटर में एलएसी के दूसरी तरफ चीनी गतिविधियां चौंकाने वाली हैं

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and अभिनव गोयल

  1. RBI ने रेपो रेट बढ़ाकर किया 4.90%, बढ़ेगा EMI का बोझ

    भारत के केंद्रीय बैंक रिज़र्व बैंक ऑफ़ इंडिया ने बुधवार को एक बार फिर से रेपो दर में इज़ाफ़ा किया है. इससे ईएमआई चुकाने वालों पर बोझ बढ़ेगा.

    आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) ने बुधवार को रेपो रेट में 50 बेसिस पॉइंट बढ़ाकर 4.90% कर दिया है.

    इसकी घोषणा आरबीआई के गवर्नर शक्तिकांत दास ने की.

    इसके पहले 4 मई को अचानक रिज़र्व बैंक ऑफ़ इंडिया ने इसे 40 बेसिस प्वाइंट रेपो रेट बढ़ाने का फैसला लिया था.

    माना जा रहा है कि बढ़ती महँगाई को काबू में करने के लिए ये फैसला लिया गया है. शक्तिकांत दास ने कहा कि यूक्रेन युद्ध के कारण वैश्विक स्तर पर महंगाई बढ़ी है.

    आरबीआई गवर्नर ने कहा कि स्टैंडिग डिपोजिट फैसिलिटी(एसडीएफ़ रेट) को 4.65% और मार्जिनल स्टैंडिंग फैसिलिटी (एमएसएफ़ रेट) और बैंक रेट को 5.15% तक एडजस्ट किया गया है.

    शक्तिकांत दास ने कहा कि महंगाई दर इस साल दिसंबर महीने तक 6 फ़ीसदी तक रहने का अनुमान है. उन्होंने कहा कि प्रोविज़नल अनुमानों के अनुसार, 2021-22 में भारत की जीडीपी विकास दर 8.7% रहने का अनुमान है और 2021-22 में रियल जीडीपी का स्तर महामारी से पहले यानी 2019-20 के स्तर से अधिक हुआ है.

  2. सुब्रमण्यम स्वामी बोले- अरब देशों के सामने झुकी रहती है मोदी सरकार

    पैग़ंबर मोहम्मद पर टीवी डिबेट के दौरान की गई टिप्पणी से नाराज़ इस्लामिक देशों के बयान और उसके बाद बीजेपी की कार्रवाई को लेकर राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है.

    सुब्रमण्यम स्वामी ने ट्वीट किया है,"मोदी सरकार अरब देशों के सामने खड़ी नहीं हो सकती. भारत सरकार ने इसराइल के ख़िलाफ़ और आतंकवादी हमास के पक्ष में मतदान किया था. अफ़गानिस्तान संकट के समय भारत सरकार क़तर से गुहार लगा रही थी कि वो तालिबान के साथ भारत को भी एक पार्टी बनाए. दुबई को काले धन का अड्डा माना जाता है और उसका बीसीसीआई पर नियंत्रण है. और चाहिए?"

    नूपुर शर्मा ने एक न्यूज़ चैनल पर डिबेट शो में पैग़ंबर मोहम्मद को लेकर विवादित टिप्पणी की थी. नूपुर शर्मा के अलावा बीजेपी के एक और प्रवक्ता नवीन कुमार जिंदल ने भी पैग़ंबर को लेकर आपत्तिजनक ट्वीट किया था.

    इन दोनों की टिप्पणी को लेकर अरब के इस्लामिक देशों से तीखी प्रतिक्रिया आई. क़तर ने तो भारत से माफ़ी मांगने के लिए कहा. विवाद बढ़ता देख बीजेपी ने कहा कि यह पार्टी की राय नहीं है और नूपुर शर्मा को निलंबित किया और नवीन कुमार जिंदल को पार्टी से बाहर कर दिया गया.

  3. भारत-पाकिस्तान के बीच सिंधु जल समझौता की अहमियत समझिए

  4. भारत के मुसलमान बोलते रहे लेकिन पीएम हरकत में क़तर और सऊदी से आए: ओवैसी

    ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष और हैदराबाद के लोकसभा सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने मंगलवार को कहा कि बीजेपी ने नूपुर शर्मा और नवीन कुमार जिंदल पर कार्रवाई मुस्लिम देशों की तीखी प्रतिक्रिया बाद की है.

    ओवैसी ने कहा कि जब अपने मुल्क के मुसलमान इस मुद्दे पर आवाज़ उठा रहे थे तो बीजेपी ने अनसुना कर दिया था. ओवैसी ने महाराष्ट्र के लातूर में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, ''10 दिन के बाद मोदी को ख़्याल आया. हम बोलते रहे लेकिन टस से मस नहीं हुए. हरकत में तब आए जब क़तर, बहरीन, सऊदी और यूएई में कुछ होता है.''

    ''तब प्रधानमंत्री को लगता है कि गड़बड़ हो गई. मैं तो उन्हें चाय भी नहीं पिला सकता. आपको मालूम है कि 40 फ़ीसदी तेल और 50 फ़ीसदी गैस इन देशों से आता है. 80 लाख लोग खाड़ी के देशों में काम कर रहे हैं. 55 फ़ीसदी रेमिटेंस वहाँ से आता है. देश के प्रधानमंत्री को भारत के मुसलमानों की तकलीफ़ दिखाई नहीं देती. देश के प्रधानमंत्री 20 करोड़ मुसलमानों की तकलीफ़ नहीं समझेंगे तो किसकी समझेंगे. मोदी को समझ में आया कि सऊदी, तुर्की, बहरीन और क़तर में क्या होगा तब नींद खुली. मैं बार-बार कह रहा था कि आप सबके प्रधानमंत्री हैं लेकिन आप हरकत में सऊदी, क़तर और बहरीन के बोलने पर आए. भारत की कितनी बदनामी हुई है. हम मुसलमान अपना सियासी हक़ हासिल करेंगे.''

  5. जोधपुर में दो गुटों के बीच झगड़े में पत्थर चलने से फिर तनाव, पुलिस तैनात

      • Author, मोहर सिंह मीणा
      • पदनाम, जोधपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    जोधपुर के सूरसागर थाना इलाक़े में मंगलवार रात क़रीब सवा आठ बजे दो गुटों में मारपीट की घटना हुई.

    इस दौरान झड़प हुई और पत्थर भी फेंके गए. कुछ लोगों को चोटें आईं, जिन्हें अस्पताल भेजा गया. इस मामले में पुलिस ने कुछ युवकों को हिरासत में लिया.

    पूर्व में हुई सांप्रदायिक घटनाओं के बाद अनियंत्रित हुई स्थिति को ध्यान में रखते हुए मारपीट की सूचना मिलते ही सूरसागर थाना पुलिस मौक़े पर पहुंची और लोगों को तितर-बितर किया.

    उसके बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और आरएसी को तैनात किया गया. घटना के तुरंत बाद हुई पुलिस कार्रवाई से इलाक़े में फ़िलहाल शांति है.

    सूरसागर थाना इलाक़े के रॉयल्टी नाके के पास बाइक सवार युवकों का साइड देने को लेकर एक ऑटो चालक से विवाद के बाद मारपीट हुई.

    जानकारी के अनुसार घटना की जानकारी आसपास के लोगों की मिलते ही दो संप्रदायों के लोग आमने सामने हो गए. यह पूरी घटना नज़दीक लगे सीसीटीवी में कैद हुई है. हालांकि, पुलिस इस घटना को सांप्रदायिक घटना होने से इनकार कर रही है.

    जोधपुर पश्चिम की डीसीपी वंदिता राणा ने घटना के बाद मीडिया को जानकारी देते हुए बताया, "यह दो मुस्लिम युवकों के बीच आपसी झगड़ा था, एक हिंदू युवक बचाव करने पहुंचा तो उसके साथ भी मारपीट हुई. सारी घटना सीसीटीवी में कैद है. पुलिस कार्रवाई जारी है."

    इससे पहले दो मई को ईद के मौके पर भी जोधपुर में हिंसा छिड़ गई थी.

  6. अवनी लेखरा ने पैरा शूटिंग वर्ल्ड कप में जीता गोल्ड

  7. कानपुर हिंसा के बाद डीएम नेहा शर्मा का तबादला, स्थानीय बीजेपी नेता भी गिरफ़्तार

    बीते शुक्रवार कानपुर में हुई हिंसक झड़पों के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को कानपुर की डीएम नेहा शर्मा का तबादला कर दिया है.

    नेहा शर्मा की जगह अब विशाख जी. को कानपुर नगर का डीएम बनाया गया है. विशाख. जी फ़िलहाल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विशेष सचिव के तौर पर काम कर रहे थे.

    उधर हिंसा के मामले में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के पूर्व ज़िला सचिव हर्षित श्रीवास्तव को भी सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्मों पर भड़काऊ पोस्ट करने के लिए गिरफ़्तार किया गया है.

    नेहा शर्मा के तबादले को रूटीन बताया जा रहा है क्योंकि उनके साथ 21 आईएएएल अफसरों को ट्रांसफर किया गया है. कानपुर में बीते शुक्रवार उस समय हिंसा हुई जब कुछ ही दूरी पर पीएम मोदी और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए शहर में थे.

    इस दौरान हुई पत्थरबाज़ी से पुलिसकर्मियों सहित दो दर्जन से अधिक लोग घायल हुए थे. मुख्य अभियुक्त हयात ज़फ़र हाशी को पहले ही गिरफ़्तार किया जा चुका है.

    कानपुर पुलिस ने 40 संदिग्धों का पोस्टर जारी किया है, जिनकी पहचान वीडियो क्लिप और सीसीटीवी फुटेज से की गई है. मामले में अब तक कुल 51 लोगों की गिरफ़्तारी हो चुकी है.

    नूपुर शर्मा के पैग़ंबर मोहम्मद को लेकर दिए बयान के विरोध में शुक्रवार की नमाज़ के बाद कानपुर में मुस्लिम समुदाय के लोग दुकानें बंद करवा रहे थे. इसी दौरान विवाद बढ़ा और हिंसा फैल गई.

  8. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 07 जून के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.