You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

नूपुर शर्मा की टिप्पणी के ख़िलाफ़ अब मालदीव, जॉर्डन और इंडोनेशिया ने जारी किया बयान

पैग़ंबर मोहम्मद के बारे में बीजेपी की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा की विवादास्पद टिप्पणियों पर एक के बाद एक मुस्लिम देश आपत्ति जता रहे हैं.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा, रजनीश कुमार and कमलेश मठेनी

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, भारत में कोरोना के साढ़े चार हज़ार से अधिक नए मामले आए

    भारत में एक दिन के अंदर कोरोना संक्रमण के चार हज़ार 518 नए मामले आए हैं. इस दौरान नौ कोरोना मरीज़ों की मौत भी हुई है.

    स्वास्थ्य मंत्रालय के ताज़ा आँकड़ों के अनुसार, देश में कोरोना संक्रमण के एक्टिव केस बढ़कर 25 हज़ार 782 हो गए हैं. रविवार को ये आंकड़ा 24 हज़ार 52 था.

    भारत में अब तक कोरोना संक्रमण के 4 करोड़ 32 लाख 81 हज़ार से अधिक मामले दर्ज किए जा चुके हैं. वहीं, इस संक्रमण से कुल 5 लाख 24 हज़ार 701 लोगों ने दम तोड़ा है.

  2. इमरान ख़ान इस समय हो जाएँगे गिरफ़्तार, पाकिस्तान के गृह मंत्री ने बताया

    पाकिस्तान के गृह मंत्री राणा सनाउल्लाह ने रविवार को कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री और पीटीआई प्रमुख इमरान ख़ान की अंतरिम ज़मानत की अवधि ख़त्म होते ही उन्हें गिरफ़्तार कर लिया जाएगा.

    पीटीआई के दूसरे लॉन्ग मार्च से पहले पेशावर हाई कोर्ट ने दो जून को इमरान ख़ान की बेल को 50 हज़ार रुपये के मुचलके पर तीन सप्ताह के लिए बढ़ा दिया था. अपनी गिरफ़्तारी की आशंका को देखते हुए इमरान ख़ान पेशावर हाई कोर्ट पहुँचे थे.

    ट्विटर पर राणा सनाउल्लाह ने लिखा कि हिंसा, दंगे, राजद्रोह, हथियारबंद हमलों सहित दो दर्जन से अधिक मामलों में इमरान ख़ान का नाम है.

    उन्होंने लिखा कि इमरान ख़ान के बनी गला आवास की सुरक्षा में लगे कर्मी ही 25 जून को उनकी ज़मानत की मियाद ख़त्म होते ही ख़ान को गिरफ़्तार करेंगे.

    पाकिस्तान के गृह मंत्री ने इमरान ख़ान पर सवाल उठाते हुए कहा, "एक लोकतांत्रिक समाज में ऐसा शख्स किसी राजनीतिक पार्टी का प्रमुख कैसे हो सकता है, जो लोगों को भड़काता हो और जिसके मन में नैतिक और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति ज़रा सा भी सम्मान का भाव न हो."

  3. दिल्ली सरकार के मंत्री सत्येंद्र जैन के घर ईडी का छापा, हवाला लेन-देन से जुड़े मामले में हुई कार्रवाई

    प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को दिल्ली सरकार के गिरफ़्तार मंत्री सत्येंद्र जैन के घर और अन्य ठिकानों पर छापा मारा है. ये कार्रवाई कोलकाता स्थित एक कंपनी के साथ हवाला लेन-देन के मामले में की गई है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार अधिकारियों ने बताया कि जिन जगहों पर छापे मारे गए हैं उनमें दिल्ली और अन्य ठिकानों पर जैन के रिहायशी ठिकाने भी शामिल हैं.

    ईडी ने सत्येंद्र जैन को 30 मई को गिरफ़्तार किया था और फिलहाल जैन को 9 जून तक हिरासत में रखा जाएगा.

    ईडी ने पिछले महीने कहा था कि जैन परिवार और उनके द्वारा नियंत्रित और उनके स्वामित्व वाली अकिंचन डेवलेपर्स प्राइवेट लिमिटेड और इंडो मेटल इंपेक्स प्राइवेट लिमिटेड और अन्य कंपनियों की 4.81 करोड़ रुपये की परिसंपत्तियां ज़ब्त की गई हैं.

    सीबीआई ने सत्येंद्र जैन के ख़िलाफ़ 25 अगस्त, 2017 को पैसे के अवैध लेन-देन का मामला दर्ज किया था. इसी एफ़आईआर के आधार पर ईडी ने भी जैन के ख़िलाफ़ केस दर्ज किया था. साल 2018 में ईडी ने इस केस के सिलसिले में उनसे पूछताछ भी की थी.

    ईडी का आरोप है कि सत्येंद्र जैन अपनी शेयर होल्डिंग वाली इन चार कंपनियों में निवेश किए गए पैसे का स्रोत नहीं बता सके.

  4. महाराष्ट्र में शायद आ गई है कोरोना की चौथी लहर, बोले मंत्री आदित्य ठाकरे

    महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के तेज़ी से बढ़ते मामलों के बीच राज्य के परिवहन मंत्री आदित्य ठाकरे ने कहा है कि शायद ये चौथी लहर हो सकती है.

    हालाँकि, उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे घबराए नहीं. उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे मास्क पहने और कोरोना वैक्सीन की बूस्टर खुराक समय से लें.

    आदित्य ठाकरे ने कहा, "शायद ये चौथी लहर हो सकती है, लेकिन अभी भी आईसीएमआर से हो, भारत सरकार से हो या हमारे डॉक्टर से हो, जो भी निर्देश आते हैं हम वैसे ही उसका पालन करते हैं. सबसे अहम बात यही है कि कोई भी डरे न. हमारी अर्थव्यवस्था मज़बूत हो रही है."

    मीडिया से बातचीत के दौरान ठाकरे ने कहा कि राज्य में कोरोना से मौतें नहीं बढ़ी हैं. इसलिए लोगों को डरना नहीं चाहिए.

    उन्होंने पत्रकारों से कहा, "हम लोगों से अपील कर रहे हैं कि घर से निकलते समय मास्क ज़रूर लगाएं. हमने अभी तक मास्क को अनिवार्य नहीं किया है लेकिन जल्द ही कर देंगे. हम लोगों से अपील करते हैं कि वे समय से वैक्सीन की बूस्टर डोज़ ले लें."

    महाराष्ट्र में बीते एक सप्ताह से कोरोना के केस बढ़ रहे हैं और बीते पाँच दिनों से ये एक हज़ार के पार रहे हैं. रविवार को भी राज्य में संक्रमण के 1494 नए मामले आए हैं.

  5. सलमान ख़ान और पिता सलीम ख़ान को मिली जान से मारने की धमकी वाली चिट्ठी, एफ़आईआर दर्ज

    बॉलीवुड अभिनेता सलमान ख़ान और उनके पिता सलीम ख़ान को रविवार को जान से मारने की धमकी वाली चिट्ठी मिली है. मुंबई पुलिस ने इस मामले में एफ़आईआर दर्ज की है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने एक अधिकारी के हवाले से बताया है कि रविवार सुबह को एक अज्ञात शख्स ने सलीम ख़ान को ये चिट्ठी दी.

    अधिकारी ने बताया कि रोज़ाना की मॉर्निंग वॉक के बाद सलीम ख़ान बांद्रा के बैंडस्टैंड पर बेंच पर बैठे थे तभी एक व्यक्ति ने उन्हें एक चिट्ठी दी, जिसमें उन्हें और सलमान ख़ान को जान से मारने की धमकी दी गई है.

    बाद में सलीम ख़ान ने अपने सुरक्षाकर्मी की मदद से पुलिस से संपर्क किया. बांद्रा थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 506 (2) के तहत मामला दर्ज किया गया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार मुंबई पुलिस ने बताया कि ये घटना रविवार सुबह 7:30 से 8:00 बजे की है.

  6. उत्तराखंडः बस हादसे में मारे गए मध्य प्रदेश के 25 तीर्थयात्री, उत्तरकाशी पहुँचे शिवराज सिंह चौहान

    उत्तराखंड के उत्तरकाशी ज़िले में रविवार शाम एक बस के गहरे खड्ड में गिर जाने से मध्य प्रदेश के 25 तीर्थयात्रियों की मृत्यु हो गई. तीन अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, दुर्घटना के समय बस में ड्राइवर और सहायक के अलावा एमपी के पन्ना ज़िले के 28 तीर्थयात्री सवार थे जो उत्तरकाशी के यमुनोत्री मंदिर जा रहे थे.

    उत्तरकाशी के ज़िला आपदा प्रबंध अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने पीटीआई को बताया कि ये हादसा एनएच-94 पर डम्टा से दो किलोमीटर दूर रिखावु खड्ड के पास हुआ.

    दुर्घटना के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान देर रात उत्तराखंड पहुँचे और स्थिति का जायज़ा लिया.

    उन्होंने ट्वीट किया, "उत्तराखंड में हुई दुखद दुर्घटना के सभी घायलों के इलाज की समुचित व्यवस्था कर दी गई है. सभी शव निकाले जा चुके हैं,दो की तलाश जारी है. हम परिवारजनों के साथ सतत संपर्क में हैं. उनकी इच्छानुसार शवों को ससम्मान वाया रोड और जरूरत हुई तो हवाई मार्ग से ले जाने की व्यवस्था की जा रही है."

    सीएम शिवराज ने ट्वीट किया, "देहरादून पहुंचकर पुलिस कंट्रोल रूम में उत्तराखंड सरकार के अधिकारियों के साथ बैठक राहत एवं बचाव कार्यों के संबंध में वीसी के माध्यम से विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक दिशा निर्देश दिया."

    हादसे पर पीएम मोदी, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह ने शोक व्यक्त किया है.

    हादसे में मारे गए लोगों के परिवार के लिए पीएम मोदी ने 2-2 लाख रुपये के मुआवज़े का एलान किया है. घायलों को 50-50 हज़ार रुपये दिए जाएंगे.

  7. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 05 जून के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.