यूक्रेन को लॉन्ग रेंज रॉकेट सिस्टम देने के लिए राज़ी हुआ अमेरिका, रखी ये शर्त

अमेरिका ने यूक्रेन को HIMARS यानी M142 हाई मोबिलिटी आर्टिलरी रॉकेट सिस्टम देने की बात कही है. ये लंबी दूरी तक हमला करने में सक्षम हैं.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा, रजनीश कुमार and अभिनव गोयल

  1. कोलकाता पुलिस ने सिंगर केके की मौत की जाँच शुरू की

      • Author, प्रभाकर मणि तिवारी
      • पदनाम, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए
    केके

    इमेज स्रोत, Sanjay das/BBC

    कोलकाता पुलिस ने बुधवार सुबह गायक कृष्ण कुमार कुन्नथ उर्फ़ केके की अस्वाभाविक मौत के सिलसिले में एक मामला दायर कर इसकी जाँच शुरू कर दी है.

    न्यू मार्केट थाने की एक टीम तड़के महानगर के उस पंचतारा होटल पहुंची जहां के.के.ठहरे थे. पुलिस ने वहाँ तमाम सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को अपने कब्ज़े में लेकर जाँच शुरू की है. उसने शिफ्ट मैनेजर के अलावा कई अन्य कर्मचारियों से भी पूछताछ की है. केके के साथ मुंबई से आने वाले उनके सहयोगियों ने अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कराया है.

    मंगलवार रात को एक कॉलेज के कार्यक्रम के दौरान लाइव शो करते हुए केकेकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी. वे होटल लौट गए ते. लेकिन वाहं तबीय़त और बिगड़ने पर उनको एक निजी अस्पताल ले जाया गया था. वहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया था.

    के.के.को जिस निजी अस्पताल में ले जाया गया था उसके एक अधिकारी ने बताया, के.के.के चेहरे और सिर पर चोट के निशान थे जो शायद होटल के कमरे में गिरने की वजह से लगे थे. उस अधिकारी का कहना था कि के.के. को रात करीब दस बजे अस्पताल लाया गया था. लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.

    अब मुंबई से उनकी पत्नी, पुत्र और पुत्री के पहुंचने का इंतजार है. उसके बाद शव का पोस्टमार्टम होगा और पिर उसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा.

    केके

    इमेज स्रोत, Sanjay das/BBC

    केके ने सोमवार को भी एक लाइव शो किया था और बुधवार को भी उनका एक शो होना था.

    नजरुल मंच में आयोजित लाइव शो के दौरान एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि केके पसीने से तरबतर हो रहे थे और बार-बार मंच के पीछे टेबल पर रखा पानी पी रहे थे और पसीना पोंछ रहे थे. बाद में उन्होंने आयोजकों से स्टेज के ऊपर लगी बत्तियों को भी बुझाने का अनुरोध किया.

    जिस ऑडिटोरियम में उनका शो चल रहा था वहां करीब 22 सौ लोगों के बैठने की क्षमता थी. लेकिन कॉलेज का कार्यक्रम होने के कारण वहां भारी भीड़ थी और बाहर तक लोग थे. एक दर्शक ने बताया कि भीतर काफी उमस वाली गर्मी थी और लगता था कि एसी काम नहीं कर रहा है.

  2. केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा जल्द लाया जाएगा जनसंख्या नियंत्रण कानून

    प्रह्लाद पटेल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, प्रह्लाद पटेल

    केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा है कि जल्द ही देश में जनसंख्या नियंत्रण कानून लाया जाएगा.

    केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री मंगलवार को छत्तीसगढ़ के रायपुर में 'गरीब कल्याण सम्मेलन' में शामिल होने पहुँचे थे.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार जब पटेल से जनसंख्या नियंत्रण कानून पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, "इसे जल्द लाया जाएगा, चिंता न करें. जब इस तरह के मज़बूत और बड़े फैसले लिए गए हैं तो बाकी को भी पूरा किया जाएगा."

    जम्मू-कश्मीर चरमपंथियों का टार्गेटड हत्याओं के बारे में उन्होंने कहा, "जो लोग अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद की स्थिति की बात करते हैं तो अनुच्छेद 370 हटने से पहले का जो समय था उससे वर्तमान की तुलना कर लें. जब भी कोई लक्षित हत्या होती है उसके पीछे बहुत सारी वजह होती है, उसके पीछे पाकिस्तान और पाकिस्तान समर्थित ताकतें है. लेकिन यह भी सच है कि आप 24 घंटे इंतजार कीजिए और पता चल जाएगा कि मारने वाला कहां रहेगा.''

    पटेल ने कहा, "मैं कहूँगा कि ये आतंकवादियों की ओर से आखिरी कोशिश है. भारत सरकार, हमारी सेना, अर्द्धसैनिक बल और जम्मू-कश्मीर पुलिस पूरी लगन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रही है, आतंकवादियों को उखाड़ फेंका जाएगा."

  3. पाकिस्तानी वित्त मंत्री ने कहा- रूस से तेल खरीदने को तैयार, विपक्ष ने किए तल्ख़ सवाल

    मिफ्ताह इस्माइल

    इमेज स्रोत, INSTAGRAM/drmiftahismail

    पाकिस्तान के वित्त मंत्री मिफ़्ताह इस्माइल ने कहा कि अगर अमेरिकी प्रतिबंधों का उल्लंघन न हो तो उनका देश रूस से सस्ते दामों पर तेल खरीदने को तैयार है.

    इस्माइल के इस बयान पर विपक्ष की नेता शिरीन मज़ारी ने उन्हें झूठा बताया है.

    सीएनएन को दिए इंटरव्यू के दौरान इस्माइल से पूछा गया था कि क्या भारत की तरह पाकिस्तान भी रूस से सस्ती कीमतों पर तेल खरीदने के लिए तैयार है. इस पर पाकिस्तान वित्त मंत्री ने कहा, "बिल्कुल, हम इसपर विचार करेंगे."

    छोड़िए X पोस्ट, 1
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 1

    हालाँकि, इस्माइल ने ये भी कहा कि रूस की ओर से अभी तक ऐसा कोई प्रस्ताव पाकिस्तान को नहीं मिला है.

    इस्माइल के इस इंटरव्यू क्लिप को शेयर करते हुए इमरान ख़ान की सरकार में मंत्री रह चुकीं शिरीन मज़ारी ने ट्वीट किया, "ये शख्स झूठा है! ये 45 दिन बाद कह रहे हैं कि अगर प्रतिबंधों का उल्लंघन न हो तो हम रूस से तेल खरीदने को तैयार हैं. अज्ञानी! रूस से तेल खरीदने पर कोई पाबंदी नहीं है. भारत से पूछो! तो फिर अमेरिका के ख़ौफ़ के अलावा ऐसा क्या है जो इन्हें तेल खरीदने से रोक रहा है?"

    छोड़िए X पोस्ट, 2
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 2

  4. गायक केके का कोलकाता में एक कंसर्ट के दौरान तबीयत बिगड़ने के बाद निधन

    केके

    इमेज स्रोत, Getty Images

    बॉलीवुड के जानेमाने गायक कृष्णकुमार कुन्नथ का मंगलवार को देर रात कोलकाता में निधन हो गया. उन्हें लोग केके के नाम से जानते थे. केके 53 साल के थे.

    केके कोलकाता के एक कॉलेज के समारोह में शिरकत करने गए थे. कार्यक्रम के दौरान ही उन्होंने तबीयत खराब होने की बात कही थी.

    कार्यक्रम से होटल लौटते ही उनको एक निजी अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके बाद उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया गया.

    अस्पताल पहुंचे राज्य के मंत्री अरूप विश्वास ने पत्रकारों से केकेकी मौत की पुष्टि की. उन्होंने पत्रकारों को बताया, "डॉक्टरों का प्राथमिक अनुमान है कि केके की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है. लेकिन मूल वजह का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. दफ्तर से घर लौटते समय मुझे पता चला. मुझे बताया गया है कि उनको मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था."

    हिंदी के अलावा तमिल,तेलुगु,कन्नड़, मलयालम, मराठी, बांग्ला और गुजराती फ़िल्मों में गाने वाले केके कोलकाता के गुरूदास कॉलेज के एक समारोह में शामिल होने यहां आए थे.

    यह लाइव शो नज़रूल मंच पर हो रहा था. लेकिन कार्यक्रम के दौरान ही उनकी तबीयत खराब हुई और वे होटल लौटे.

    होटल में प्रशंसकों ने उनके साथ फोटो खिंचाने का आग्रह किया था. लेकिन तबीयत बिगड़ने के कारण उन्होंने इससे मना कर दिया. तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उनको वहां के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

    केके ने बॉलीवुड की कई फिल्मों के लिए गाने गाए थे. 'हम दिल दे चुके सनम' में उनका गाया 'तड़प तड़प के इस दिल से...' और 'ओम शांति ओम' में गाया 'आंखों में तेरी...' को श्रोताओं ने काफी पसंद किया था.

  5. फ़्रेच ओपन में राफ़ेल नडाल का जलवा कायम, क्वॉर्टर फ़ाइनल में नोवाक जोकोविक को हराया

    फ्रेंच ओपन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    टेनिस खिलाड़ी राफेल नडाल ने फ्रेंच ओपन के क्वॉर्टर फ़ाइनल मुकाबले में फिलहाल दुनिया के नंबर एक पायदान पर चल रहे नोवाक जोकोविच को हरा दिया है. ये मुकाबला पेरिस के रोलैंड गैरोस में हुआ.

    नडाल ने 14वीं बार ये ख़िताब जीता है. उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी जोकोविच को 6-2, 4-6, 6-2. 7-6 (7-4) से हराया. दोनों के बीच चार घंटे से भी ज़्यादा समय तक मुकाबला चलता रहा.

    टेनिस इतिहास में कुल 21 ग्रैंड स्लैम अपने नाम करने वाले नडाल अब शुक्रवार को सेमीफ़ाइनल के लिए एलेक्ज़ेंडर ज्वेरेव से भिड़ेंगे.

    जर्मनी के 25 वर्षीय एलेक्ज़ेंडर मंगलवार को ही लगातार दूसरे साल सेमीफ़ाइनल मुकाबले में पहुँचे हैं.

    क्वॉर्टर फ़ाइनल में जीतने के बाद 35 वर्षीय नडाल ने कहा, "नोवाक से जीतने का एक ही रास्ता है, आपको शुरू से अंत तक अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा. मेरे लिए ये उन्हीं जादुई रातों में से एक है."

    मुकाबले के बाद जोकोविक ने कहा, "इसमें कोई शक नहीं कि नडाल इसके योग्य हैं. वो अहम पलों में बेहतर खिलाड़ी हैं. उन्होंने अच्छी शुरुआत की और मैंने उतना बेहतर नहीं किया."

    उन्होंने कहा, "मैंने दूसरे सेट में बढ़त हासिल की और मुझे लगा कि मैं गेम में वापस आ गया. लेकिन वो अपने खेल को एक अलग ही मुकाम पर ले जाने में कामयाब रहे."

  6. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 31 मई के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.