गुजरात टाइटंस ने जीत लिया IPL 2022 का ख़िताब, फ़ाइनल में राजस्थान को हराया

इमेज स्रोत, BCCI/IPL
कप्तान हार्दिक पंड्या के ऑलराउंड प्रदर्शन से फ़ाइनल में राजस्थान को 7 विकेट से हराकर गुजरात टाइटंस आईपीएल 2022 का नया चैंपियन बन गया है.
हार्दिक पंड्या ने पहले अपने चार ओवरों में तीन विकेट लेकर राजस्थान को महज 130 रन पर रोकने में बड़ा किरदार निभाया और फिर जब बल्लेबाज़ी के लिए उतरे तो 34 रनों की अहम पारी खेली और इसके साथ ही गुजरात टाइटंस की टीम पहली बार में ही आईपीएल चैंपियन बन गई.

इमेज स्रोत, BCCI/IPL
राजस्थान ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवरों में 130 रन बनाए इसके जवाब में गुजरात ने भी लड़खड़ाते हुए अपनी बल्लेबाज़ी की शुरुआत की.
ट्रेंट ओवर के पहले ओवर की चौथी गेंद पर पिच के पास स्क्वायर लेग पर खड़े युज़वेंद्र चहल ने शुभमन गिल का कैच टपका दिया. लेकिन अगले ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा की दूसरी गेंद पर चौका लगाने के बाद चौथी गेंद पर रिद्धिमान साहा को बोल्ड हो गए. कृष्णा ने उनका मिडिल स्टंप उखाड़ दिया. साहा सात गेंद पर पांच रन बना कर पवेलियन लौट गए.
मैथ्यू वेड पिच पर आए. इसके तुरंत बाद मैच का तीसरा ओवर ट्रेंट बोल्ट ने मेडेन डाला और मैच के पांचवे ओवर की तीसरी गेंद पर उन्होंने मैथ्यू वेड को पवेलियन लौटा दिया.
दो विकेट गिरने के बाद कप्तान हार्दिक पंड्या पिच पर आए और एक छोर संभाल लिया और यहां से गुजरात ने मैच पर अपनी पकड़ मजबूत की.
8वें ओवर में एक बार फिर राजस्थान को शुभमन गिल का विकेट लेने का मौक़ा मिला लेकिन हेटमायर एक मुश्किल कैच नहीं ले सके.
9वें ओवर में पंड्या और गिल ने 10 रन बनाए और यहां से आगे हार्दिक और शुभमन पिच पर जम गए. दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 53 गेंदों में 63 रनों की मजबूत साझेदारी हुई.

इमेज स्रोत, BCCI/IPL
पंड्या 30 गेंदों पर 34 रन बनाकर युज़वेंद्र चहल को उनका पर्पल कैप विकेट दे गए.
हार्दिक पंड्या के आउट होने पर डेविड मिलर पिच पर आए और शुभमन गिल के साथ अंत तक आउट हुए बग़ैर टीम को चैंपियन बना दिया.
डेविड मिलर 19 गेंदों पर 32 रन बनाकर और शुभमन गिल 45 रन (43 गेंदों पर) बनाकर आउट नहीं हुए और गुजरात ने 7 विकेट से मैच जीतने के साथ ही ट्रॉफ़ी अपने नाम कर लिया.

इमेज स्रोत, BCCI/IPL
हार्दिक पंड्या की बेहतरीन कप्तानी
इससे पहले हार्दिक पंड्या की अच्छी कप्तानी और गेंदबाज़ी की बदौलत गुजरात ने राजस्थान को महज़ 130 रन ही बनाने दिए.
टॉस जीत कर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी राजस्थान की टीम के सलामी बल्लेबाज़ यशस्वी जायसवाल और जॉस बटलर गुजरात टाइटंस के गेंदबाज़ों मोहम्मद शमी और यश दयाल के सामने रन बनाने के लिए जूझते नज़र आए.
रन गति तेज़ करने की कोशिश में जायसवाल 16 गेंदों पर 22 रन बनाकर आउट हो गए.
इसके बाद कप्तान संजू सैमसन आए और 11 गेंदों की अपनी छोटी सी पारी में 14 रन बनाकर आउट हो गए. गुजरात के कप्तान हार्दिक पंड्या ने संजू का विकेट लिया. इस दौरान बटलर का बल्ला खामोश रहा.
पंड्या इस दौरान गेंदबाज़ी में बढ़िया परिवर्तन करते रहे और गुजरात के गेंदबाज़ों ने राजस्थान के बल्लेबाज़ों को रन नहीं बनाने दिए.
देवदत्त पड्डिकल पिच पर आए तो पंड्या ने राशिद ख़ान को गेंद थमाई. राशिद ने पड्डिकल को आउट कर दिया और इसके बाद पिच पर जो भी राजस्थान का बल्लेबाज़ आया वो कुछ ख़ास नहीं कर सका.
गुजरात के गेंदबाज़ों ने राजस्थान के बल्लेबाज़ों को इसके बाद रन नहीं बनाने दिया. 12वें ओवर में 79 रन पर तीसरा विकेट गिरने के बाद से गुजरात के गेंदबाज़ों ने अगले 9 ओवरों में केवल 51 रन बनने दिए और राजस्थान की टीम 20 ओवरों में 9 विकेट पर केवल 130 रन बना सकी.

























