पाकिस्तान में पेट्रोल प्रति लीटर 30 रुपए महंगा होने का ये बड़ा असर हुआ
पाकिस्तान की शहबाज़ शरीफ़ सरकार ने गुरुवार को पेट्रोल की क़ीमत में प्रति लीटर 30 रुपए की बढ़ोतरी करने का फ़ैसला किया था. कहा जा रहा है कि ऐसा अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष से क़र्ज़ लेने की शर्तों को पूरा करने के लिए किया गया है.
पाकिस्तान में एक लीटर पेट्रोल की क़ीमत अब 179.88 रुपए हो गई है. यह अब तक की सबसे ऊंची क़ीमत है. पाकिस्तान के वित्त मंत्री मिफ़्ताह इस्माइल ने कहा कि सरकार एक लीटर पेट्रोल पर 56 रुपए की सब्सिडी दे रही थी और उनकी सरकार ने प्रति लीटर 30 रुपए सब्सिडी में कटौती की है.
पाकिस्तान में पेट्रोल की क़ीमत बढ़ाने का असर वहाँ की मुद्रा रुपया पर पड़ा है. शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर की तुलना में पाकिस्तानी रुपए में 2.50 रुपए की मज़बूती आई है.
एक डॉलर की क़ीमत अब 199.50 रुपए हो गई है. वहीं गुरुवार को एक डॉलर के लिए 202 रुपए देने पड़ रहे थे.
10 मई से ही पाकिस्तानी रुपए में गिरावाट दर्ज की जा रही थी. इसके लिए तेल के आयात में आई बढ़ोतरी को ज़िम्मेदार ठहराया जा रहा था. पाकिस्तान का चालू खाता घाटा भी लगातार बढ़ रहा है. यह क़रीब 17 अरब डॉलर तक हो गया है.