You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

IPL 2022: रोमांच से भरे मैच में लखनऊ ने कोलकाता को आखिरी गेंद पर 2 रन से हराया

लखनऊ सुपर जायंट्स ने रोमांचक मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स को 2 रन से हराकर प्लेऑफ़ में अपनी जगह बना ली. वहीं इस हार के साथ ही कोलकाता टूर्नामेंट से बाहर हो गया है.

लाइव कवरेज

भूमिका राय and चंदन शर्मा

  1. यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने कान फ़िल्मोत्सव में कहा- नफ़रत ख़त्म हो जाएगी और तानाशाह मारा जाएगा

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेस्की मौजूदा हालात पर दुनियाभर में कई संसदों और नेताओं को संबोधित कर चुके हैं.

    और इस बार पूर्व अभिनेता-कॉमेडियन ज़ेलेंस्की ने कान फ़िल्म फ़ेस्टिवल को संबोधित करते हुए संदेश जारी किया.

    वीडियो संदेश में ज़ेलेंस्की ने कहा- और अंत में...नफ़रत ख़त्म हो जाएगी और तानाशाह मारा जाएगा.

    उन्होंने द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान सिनेमा की ताक़त का उल्लेख भी किया. अपने संदेश में उन्होंने चार्ली चैपलिन की फ़िल्म 'द ग्रेट डिक्टेटर' का भी ज़िक्र किया, जो एडोल्फ़ हिटलर का मज़ाक उड़ाती है.

    उन्होंने कहा- हमें आज के समय में एक नए चार्ली चैपलिन की ज़रूरत है जो यह साबित कर सके कि सिनेमा मूक नहीं है.

    कान फ़िल्म फ़ेस्टिवल में जिस वक़्त ज़ेलेंस्की का यह संदेश सुनाया गया, लोगों ने खड़े होकर उनके लिए तालियाँ बजाई.

  2. FB LIVE: गेहूं निर्यात पर लगी रोक का असर

  3. सुप्रीम कोर्ट ने राजीव गांधी की हत्या के दोषी पेरारिवलन की रिहाई का आदेश दिया

    सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या मामले के दोषियों में से एक एजी पेरारिवलन को रिहा करने का आदेश सुनाया है.

    पेरारिवलन उन सात दोषियों में से एक हैं जिन्हें आजीवन कारावास की सज़ा मिली थी. उनके साथ ही इस मामले में संथन, मुरुगन, नलिनी, रॉबर्ट पायस, जयकुमार और रविचंद्रन जेल में सज़ा काट रहे हैं.

    पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी वर्ष 1991 के आम चुनाव में प्रचार के दौरान तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में एक आत्मघाती बम हमले में मारे गए थे.

  4. हार्दिक पटेल ने कांग्रेस पार्टी से दिया इस्तीफ़ा, प्राथमिक सदस्यता भी छोड़ी

    गुजरात में कांग्रेस के नेता हार्दिक पटेल ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफ़ा दे दिया है.

    हार्दिक पटेल ने ट्वीट करके इस बारे में जानकारी दी है.

    उन्होंने ट्वीट किया है, “आज मैं हिम्मत करके कांग्रेस पार्टी के पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफ़ा देता हूँ. मुझे विश्वास है कि मेरे इस निर्णय का स्वागत मेरा हर साथी और गुजरात की जनता करेगी. मैं मानता हूं कि मेरे इस क़दम के बाद मैं भविष्य में गुजरात के लिए सच में सकारात्मक रूप से कार्य कर पाऊँगा.”

    हार्दिक पटेल लंबे समय से कांग्रेस पार्टी से नाराज़ चल रहे थे. अप्रैल महीने में भी उन्होंने कांग्रेस को लेकर टिप्पणी की थी.

    हार्दिक पटेल ने कहा था कि उनकी स्थिति पार्टी में उस नए दूल्हे जैसी है, जिसकी नसबंदी करा दी गई हो.

    पार्टी पर उपेक्षा किए जाने का आरोप लगाते हुए हार्दिक पटेल ने कहा था, "मुझे प्रदेश कांग्रेस कमिटी की किसी भी बैठक में नहीं बुलाया जाता, कोई निर्णय लेने से पहले वो मुझसे राय-मशविरा नहीं करते, तब इस पद का क्या मतलब है."

    हार्दिक पटेल ने कहा, "हाल ही में उन्होंने (कांग्रेस) राज्य में 75 नए महासचिव और 25 नए उपाध्यक्षों के नाम घोषित किए. क्या उन्होंने मुझसे एक बार भी पूछा कि हार्दिक भाई आपकी नज़र में कोई मज़बूत नेता इस सूची से ग़ायब तो नहीं है."

  5. पंजाब में किसानों के धरने पर सिद्धू ने सीएम भगवंत मान को क्या सलाह दी

    पंजाब में मोहाली-चंडीगढ़ बॉर्डर पर 16 किसान संगठन अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे गए हैं. उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगे नहीं मानी गईं वे धरना बंद नहीं करेंगे.

    अन्य मांगों के अलावा किसान गेहूँ पर प्रति क्विटंल 500 रूपये के बोनस की मांग कर रहे हैं.

    किसानों के प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने ट्वीट किया है.

    सिद्धू ने राज्य के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया है, “सीएम भगवंत मान जी, अपने आईटी सेल से कहें कि वे थोड़ी नरमी बरतें और वे किसानों की जितना नीचे दिखाएंगे या उनका अपमान करेंगे उतना ही अधिक आपकी साख को नुकसान होगा. एक सरल और लचीले राजनेता बनिए ना की एक ज़िद्दी मुख्यमंत्री... किसानों को वार्ता के लिए आमंत्रित कीजिए और इस मसले को सुलझाइए.”

    अपने ट्वीट को आगे बढ़ाते हुए सिद्धू ने लिखा है कि आपसे निवेदन है कि आप किसानों के साथ टकराव की स्थिति पर ना बढ़ें. वे हमारी आबादी का 60% हिस्सा हैं और पंजाब की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं.

    उन्होंने लिखा है, “गेहूं पर बोनस को लेकर किसानों की मांग बिल्कुल जायज़ है. मैं तो शुरुआत से ही इस मुद्दे को उठा रहा हूं.”

    इस ट्वीट के साथ ही सिद्धू ने अपना एक पुराना वीडियो भी शेयर किया है.

    17 मई को राज्य के मुख्यमंत्री के साथ बैठक रद्द होने के बाद नाराज़ किसान चंडीगढ़ जाकर प्रदर्शन करना चाहते थे लेकिन पुलिस ने उन्हें बॉर्डर पर ही रोक दिया. जिसके बाद किसानों ने रात मोहाली-चंडीगढ़ बॉर्डर पर ही गुज़ारी.

    किसान अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के साथ बैठक करना चाहते थे लेकिन भगवंत मान के दिल्ली चले जाने से यह बैठक रद्द हो गयी.

  6. सीबीआई ने कार्ति चिदंबरम के क़रीबी को कथित ‘रिश्वत’ मामले में किया गिरफ़्तार

    सीबीआई ने कार्ति चिदंबरम के एक क़रीबी एस भास्करारमन को कथित रिश्वत मामले में गिरफ़्तार किया है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई ने अधिकारियों के हवाले से यह ख़बर दी है.

    इससे एक दिन पहले मंगलवार को, सीबीआई ने कार्रवाई करते हुए कांग्रेस नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम के आवास और कार्यालय पर छापेमारी की थी.

    पी चिंदंबरम ने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी थी.

    उन्होंने ट्वीट किया था, “आज सुबह, सीबीआई की एक टीम ने चेन्नई में मेरे घर और दिल्ली में मेरे सरकारी आवास पर तलाशी ली. टीम ने मुझे एक एफ़आईआर दिखाई, जिसमें मेरा नाम अभियुक्त के तौर पर शामिल नहीं था. इस टीम को कुछ नहीं मिला और न तो कुछ ज़ब्त ही किया गया है. मैं कहना चाहता हूँ कि तलाशी की टाइमिंग दिलचस्प है.”

    इसके अलावा पी चिदंबरम के बेटे और लोकसभा सांसद कार्ति चिदंबरम पर अवैध लाभ लेने के आरोप में नया केस दर्ज किया है और इसको लेकर तलाशी की जा रही है.

    बुधवार को हुई एस भास्करारमन की गिरफ़्तारी को इसी क्रम की नवीनतम कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है.

  7. ज्ञानवापी मस्जिद: आज किन-किन मामलों की सुनवाई करेगी वाराणसी की अदालत

      • Author, अनंत झणाणे
      • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, वाराणसी से

    श्रृंगार गौरी की पूजा के लिए याचिका दायर करने वाली पांच महिलाओं में से तीन महिला याचिकाकर्ताओं मंजू व्यास, रेखा पाठक और सीता साहू ने वाराणसी की अदालत में एक नयी अर्ज़ी दायर की है.

    इस याचिका पर बुधवार यानी आज सुनवाई होनी है.

    इस याचिका पर बनारस की अदालत ने दूसरे पक्ष को आज अपनी आपत्ति दाख़िल करने को भी कहा था.

    याचिका में ज्ञानवापी मस्जिद में मिले और कोर्ट द्वारा सुरक्षित किए गए 'शिवलिंग' के हवाले से नए दावे पेश किए गए हैं.

    इन महिलाओं ने अपनी याचिका में कहा है, "मस्जिद में जहां 'शिवलिंग' मिला है वहाँ पूर्व की तरफ़ दीवार में दरवाज़ा है, जिसे ईंट-पत्थर से बंद कर दिया गया है, यह दरवाज़ा काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के नंदी के मुख की ओर स्थित है."

    याचिका में मांग की गई है कि नंदी मुख के सामने वाले तहख़ाने से मलबा हटाकर कमिशन को निरीक्षण के आदेश दिए जाएं.

    याचिका में ज्ञानवापी मस्जिद की बैरिकेडिंग के अंदर पश्चिम दीवार के दरवाज़े को खोलकर अंदर मंडप का भी निरीक्षण कराने की अपील की गई है.

    वहीं उत्तर प्रदेश सरकार के वकील महेंद्र पांडेय ने कोर्ट से सील वज़ूख़ाने की मछलियों को कहीं और शिफ़्ट करने की मांग की है और इस मामले में याचिका दायर करके एडवोकेट कमीशन को नामित करने के लिए आदेश की मांग की है.

    बार एसोसिएशन की सांकेतिक हड़ताल

    बनारस बार एसोसिएशन ने आज एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल पर जाने का एलान किया है.

    बार एसोसिएशन से जुड़े वकील उत्तर प्रदेश सरकार के जारी किए गए उस पत्र का विरोध कर रहे हैं जिसमें अधिवक्ताओं के 'अराजकतापूर्ण' कृत्यों को रोकने के लिए ज़िला प्रशासन को आदेश दिए गए हैं.

    ऐसे में संशय इस बात पर भी है कि हड़ताल होती है तो बनारस कोर्ट ज्ञानवापी मामले में आई इन नई अर्ज़ियों पर कार्रवाई हो सकेगी या नहीं.

  8. इमरान ख़ान से पहले किन पाकिस्तानी प्रधानमंत्रियों ने जताई थी अपनी हत्या की आशंका?

  9. पंजाब में किसानों ने शुरू किया आंदोलन, चंडीगढ़-मोहाली बॉर्डर पर बड़ा धरना

    गेहूं पर बोनस और 10 जून से धान की बुवाई शुरू करने समेत कई मांगों को लेकर पंजाब के किसान धरने पर बैठ गए हैं.

    राज्य की आम आदमी पार्टी की सरकार पर दबाव बनाने के लिए किसान चंडीगढ़ की ओर जा रहे थे लेकिन उन्हें राजधानी में प्रवेश करने से रोक दिया गया. जिसके बाद किसान चंडीगढ़-मोहाली सीमा पर ही धरना देकर बैठ गए हैं.

    किसानों ने राज्य सरकार को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर सरकार उनकी मांगे नहीं मानती है तो वे पूरी ताक़त के साथ प्रदर्शन करेंगे और चंडीगढ़ पहुंचेंगे.

    किसानों के प्रदर्शन के मद्देनज़र चंडीगढ़-मोहाली सीमा पर पुलिसबल तैनात है. किसानों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग भी लगायी गयी है.

    ट्रॉली लेकर पहुंचे हैं किसान

    पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ सोमवार को बैठक रद्द होने के बाद किसानों ने अपनी मांगों को लेकर मोहाली-चंडीगढ़ सीमा पर प्रदर्शन किया और वे वहीं धरना दे रहे हैं.

    पंजाब के अलग-अलग ज़िलों के किसान ट्रॉली लेकर प्रदर्शन स्थल पहुंचे हैं. इस विरोध प्रदर्शन में 16 किसान संगठन शामिल हुए हैं.

    किसानों के आंदोलन पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि बातचीत का रास्ता खुला हुआ है.

    किसान नेता जगजीत सिंह दलवाल ने किसानों की मांगों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि किसानों की उपज पहले से कम हो चुकी है और ऐसे में सरकार से उम्मीद थी कि वो किसानों की मद करेगी लेकिन सरकार ने किसानों को परेशान करना शुरू कर दिया है.

    दलवाल ने कहा कि सरकार ने बोनस का भुगतान नहीं किया. साथ ही बासमती चावल पर एमएसपी देने की बात भी नहीं तय हुई.

  10. रूस-यूक्रेन युद्ध: रिटायर्ड वरिष्ठ रूसी सैन्य अधिकारी का दावा, हालात अभी और बिगड़ेंगे

    सोमवार को रूसी टीवी चैनल पर बैठे रिटायर्ड कर्नल और सैन्य विश्लेषक मिखाइल खोदरनोक ने अपने साथी पैनलिस्ट्स को सकते में डाल दिया.

    अपनी टिप्पणी में उन्होंने कहा, “रूस के लिए निश्चित तौर पर हालात और बिगड़ेंगे. यूक्रेन को पश्चिमी देशों से और सहायता मिल रही है. यूक्रेन अपने दस लाख लोगों को हथियार थमा सकता है.”

    उन्होंने कहा कि यूक्रेन के सैनिकों में अपनी मातृभूमि की रक्षा करने की भावना अभी भी बहुत प्रबल है.

    रूस पर युद्ध के असर के बारे में में खोदरोनोक ने कहा, “रूस की मौजूदा राजनीतिक और सैन्य समस्या यह है कि वो अलग-थलग पड़ गया है. सारी दुनिया उसके ख़िलाफ़ खड़ी है.”

    खोदरोनोक ने कहा कि सच्चाई यह है कि हमें इस परिस्थिति को जल्द से जल्द सुलझाने की कोशिश करनी चाहिए.

    उन्होंने कहा, “इस स्थिति को सामान्य नहीं माना जा सकता है कि हमारे ख़िलाफ़ 42 देशों का संगठन है. साथ ही यह भी समझना ज़रूरी है कि हमारे संसाधन, सैन्य ताक़त सीमित हैं.”

  11. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिनभर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है.

    17 मई के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं।