You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

श्रीलंका के पीएम ने कहा- हम देश बचाना चाहते हैं किसी व्यक्ति या परिवार को नहीं

संविधान के 21वें संशोधन से 20ए रद्द होने की संभावना है जो 19वें संशोधन के निरस्त होने के बाद राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे को असीमित शक्तियां देता है

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and अभिनव गोयल

  1. दिल्ली में अतिक्रमण अभियान पर अरविंद केजरीवाल ने कहा- ये आज़ाद भारत का सबसे बड़ा विध्वंस

    दिल्ली में अवैध निर्माण हटाए जाने की कार्रवाई को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को बीजेपी पर निशाना साधा.

    उन्होंने कहा कि बीजेपी 63 लाख लोगों की दुकानों या मकानों पर बुलडोज़र चला सकती है.

    अरविंद केजरीवाल ने इसे आज़ाद भारत का सबसे बड़ा विध्वंस बताया.

    सोमवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर केजरीवाल ने कहा, "पिछले कुछ हफ़्तों से दिल्ली के अंदर भारतीय जनता पार्टी शासित नगर निगम की ओर से दिल्ली में कई जगह बुलडोज़र चलाए जा रहे हैं और कहा जा रहा है कि अगले कई महीनों तक बुलडोज़र चलाए जाएंगे."

    "वो कह रहे हैं कि हम दिल्ली से सारा अतिक्रमण हटाएंगे. हम ख़ुद भी अतिक्रमण के ख़िलाफ़ हैं. हम नहीं चाहते कि अतिक्रमण हो, अवैध इमारतें बनें."

    उन्होंने कहा, "पिछले 75 सालों में दिल्ली जिस तरह से बनी है उसमें 80 फ़ीसदी से ज़्यादा हिस्से में अवैध या अतिक्रमण के दायरे में आती है. सवाल उठता है कि क्या 80 प्रतिशत दिल्ली को तोड़ा जाएगा."

    "दूसरी बात ये है कि जिस तरह से अतिक्रमण हटाया जा रहा है, उसमें किसी को नोटिस नहीं दिया जा रहा. बुलडोज़र लेकर किसी भी कॉलोनी में पहुँच जाते हैं और किसी का भी घर तोड़ने लग जाते हैं, किसी की भी दुकानें तोड़ने लग जाते हैं. आदमी कागज़ लेकर दया की भीख मांग रहा लेकिन कोई देख नहीं रहा, बस बुलडोज़र चलाया जा रहा है."

    उन्होंने कहा कि जिस तरह से अतिक्रमण हटाया जा रहा है, हम उसके ख़िलाफ़ हैं. इनकी योजना सभी कच्ची कॉलोनियों को तोड़ने की है, सारी झुग्गियों को तोड़ने की है. इनमें करीब 60 लाख़ लोग रहते हैं. 63 लाख़ लोगों पर बुलडोज़र चलेंगे. ये आज़ाद भारत का सबसे बड़ा विध्वंस होगा.

    केजरीवाल ने एक बार फिर से नगर निगम चुनाव कराए जाने की मांग की.

  2. ज्ञानवापी मस्जिद का सर्वे पूरा, जानकारी लीक होने पर क्या बोले अधिकारी

      • Author, अनंत झणाणे
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए

    वाराणसी के ज्ञानवापी मस्जिद का सर्वेक्षण सोमवार को पूरा हो गया. एडवोकेट कमिश्नर की कार्रवाई शनिवार को सुबह शुरू हुई थी, जिसमें ज्ञानवापी मस्जिद के अंदर जाकर सर्वे किया गया और सभी वादी-प्रतिवादियों की मौजूदगी में वीडियोग्राफ़ी की गई.

    12 मई को वाराणसी कोर्ट की एक बेंच ने वहाँ वीडियोग्राफ़ी जारी कराने का आदेश दिया था.

    इस सर्वे की समाप्ति और उससे जुड़ी जानकारी देते हुए बनारस के पुलिस कमिश्नर सतीश गणेश ने कहा, "सबसे पहले तो मैं यह बताना चाहूंगा कि व्यापक स्तर की जो सुरक्षा हमने दी थी, उसके कई चरण थे. हमने सभी स्टेकहोल्डर्स के साथ बैठक कर एक कंसेंसस बनाया कि यह कोर्ट का आदेश है और उसका पालन करना हम सबका संवैधानिक दायित्व है."

    क्योंकि मस्जिद के सर्वेक्षण से जुड़ा मामला संवेदनशील था, तो उसकी व्यापक तैयारियाँ की गईं थीं. उनके बारे में जानकारी देते हुए सतीश गणेश ने कहा, "शहर में हर थाना स्तर पर लोगों के साथ संवाद किया, बातचीत की, उनके मन में भ्रांतियों को दूर किया."

    "हमने सुरक्षाबलों की तैनाती भी की और एक और हमने भरोसा बढ़ाने का काम भी किया. इस वजह से यह तीन दिन की कार्रवाई आज औपचारिक तौर पर समाप्त हो गई है."

    सतीश गणेश ने यह भी हिदायत दी कि इस मामले में किसी भी आधिकारिक बयान के अलावा किसी अन्य बयान पर ध्यान ना दिया जाए.

    क्या है मामला

    पाँच महिलाओं ने कोर्ट में याचिका दायर कर ज्ञानवापी मस्जिद के पीछे वाले हिस्से में मां शृंगार गौरी की पूजा और दर्शन करने की मांग की थी.

    साथ ही उन्होंने प्लॉट नंबर 9130 के निरीक्षण और वीडियोग्राफी की मांग भी की थी जिसे मंज़ूर करते हुए कोर्ट ने निरीक्षण और उसकी वीडियोग्राफी के आदेश दिए थे.

    जानकारी लीक होने पर क्या बोले अधिकारी

    कमीशन की करवाई की गोपनीयता एक बार दोहराते हुए बनारस के डीएम कौशल राज शर्मा ने कहा, "एडवोकेट कमिश्नर के द्वारा सभी पक्षों को यह निर्देश दिए गए थे कि रिपोर्ट कोर्ट में 17 मई को पेश होगी और तब तक कोई यह बताइए कि अंदर क्या मिला है."

    "लेकिन किसी ने अपनी निजी इच्छा से बताने की कोशिश की है, तो कोई भी उसकी प्रमाणिकता साबित नहीं कर सकता. सिर्फ़ कोर्ट इस सूचना का कस्टोडियन है. अगर किसी ने भी आपको यह बात बताई है तो यह उनके निजी विचार है. इससे कोर्ट कमीशन की करवाई का कोई लेना देना नहीं है."

    अब एडवोकेट कमिश्नर मंगलवार को अपनी रिपोर्ट बनारस के सिविल जज को सौंपेंगे.

  3. उमरान मलिक को लेकर शोएब अख़्तर ने कहा- तोड़ दो मेरा रिकॉर्ड, लेकिन हड्डियाँ न तुड़वा बैठना

    पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर और अपनी तेज़ गति की गेंदबाज़ी के कारण रावलपिंडी एक्सप्रेस कहे जाने वाले शोएब अख़्तर ने भारत के नए तेज़ गेंदबाज़ उमरान मलिक की गति को लेकर अपनी राय रखी है. इस साल आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के लिए खेल रहे उमरान मलिक अपनी गति को लेकर चर्चा में हैं. कई पूर्व क्रिकेटरों ने उन्हें भारतीय टीम में जगह देने की वकालत की है. अब शोएब अख़्तर ने स्पोर्ट्सकीड़ा से बातचीत में कहा है कि रिकॉर्ड तो टूटना ही चाहिए. उन्होंने कहा- मुझे ख़ुशी होगी अगर वे मेरा रिकॉर्ड तोड़ देंगे. लेकिन रिकॉर्ड तोड़ते-तोड़ते अपनी हड्डियाँ न तुड़वा बैठें. बस मेरी यही दुआ होगी कि वे फ़िट रहे और घायल न हों. शोएब अख़्तर ने कहा कि उमरान का एक्शन बहुत बढ़िया है. वो ऐसा कर सकते हैं. ये बीसीसीआई को सोचना है कि वो उनका कैसे इस्तेमाल करते हैं.

    जम्मू के रहने वाले उमरान मलिक इस आईपीएल की खोज माने जा रहे हैं. उन्होंने इस आईपीएल में 157 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से गेंद फेंकी है और कई बार 150 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार पार की है. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज़ गेंद फेंकने का रिकॉर्ड शोएब अख़्तर के नाम है.

    उन्होंने 2003 क्रिकेट विश्व कप में 161.3 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से गेंद फेंकी थी. दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के शॉन टेट हैं, जिनके नाम 161.1 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से गेंद फेंकने का रिकॉर्ड है. जबकि तीसरे नंबर पर हैं ऑस्ट्रेलिया के ब्रेट ली. ब्रेट ली के नाम 160.8 किमी प्रति घंटे की गति से गेंद फेंकने का रिकॉर्ड है.

  4. नेपाल के लुम्बिनी में पीएम मोदी ने महामाया मंदिर में की पूजा-अर्चना

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुद्ध पूर्णिमा के मौक़े पर नेपाल के लुम्बिनी पहुँच गए हैं.

    यहाँ आने के बाद पीएम मोदी ने सबसे पहले अपने नेपाल के पीएम शेर बहादुर देउबा के साथ महामायादेवी मंदिर में पूजा-अर्चना की.

    इससे पहले नेपाल पहुँचने पर पीएम शेर बहादुर देउबा ने मोदी का स्वागत किया. यहां से दोनों मंदिर के लिए रवाना हुए.

    लुम्बिनी भगवान बुद्ध की जन्मस्थली है. इसलिए ये बौद्ध धर्म के सबसे पवित्र स्थलों में से एक माना जाता है.

    पीएम मोदी शेर बहादुर देउबा से द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने को लेकर वार्ता भी करेंगे.

    साल 2014 में पीएम बनने के बाद से पीएम मोदी का ये पाँचवां नेपाल दौरा है.

    इससे पहले पीएम मोदी ने खुद ट्वीट कर ये जानकारी दी थी कि वो बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर नेपाल पहुँच गए हैं. लुम्बिनी में मोदी कई अन्य कार्यक्रमों का भी हिस्सा बनेंगे.

  5. नेपाल से LIVE: पीएम मोदी के लुम्बिनी दौरे पर कैसा है महामाया मंदिर के बाहर का माहौल

    नेपाल से LIVE: पीएम मोदी का लुम्बिनी दौरा, महामाया देवी मंदिर के बाहर से ज़्यादा जानकारी के साथ बीबीसी के राघवेंद्र राव (कैमरा- मनीष जालुई)

  6. सुब्रमण्यम स्वामी ने चीन पर मोदी और नेहरू की क्यों की तुलना?

    राज्य सभा में बीजेपी के सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चीन के कब्ज़े में गई भारतीय भूमि के मुद्दे पर चीन का सामना न करने का फ़ैसला किया है.

    बीजेपी से सांसद होने के बावजूद सुब्रमण्यम स्वामी अक्सर पार्टी और सरकार पर बेबाक राय रखते रहते हैं.

    सोमवार सुबह एक ट्वीट कर स्वामी ने कहा, "यह बिल्कुल स्पष्ट है कि (प्रधानमंत्री) मोदी ने हमारी ज़मीन को फिर से हासिल करने के लिए चीन का सामना नहीं करने का फैसला किया है. इस प्रकार से हम नेहरू की तरह, चीन को हज़ारों वर्ग किलोमीटर का भारतीय क्षेत्र खो देंगे. S-400 (मिसाइल डिफ़ेंस सिस्टम) की वजह से चीन के जूनियर पार्टनर रूस की, भारत पर कुछ रहस्यमय पकड़ है. तो मास्को वही चाहता है जो चीन चाहता है."

    स्वामी पहले भी मौजूदा सरकार की चीन नीति पर राय देते रहे हैं.

    दिसंबर 2021 में भी स्वामी ने इस विषय पर अपनी राय रखी थी. उन्होने लिखा था कि लद्दाख और अरुणाचल में चीनी कब्ज़े पर मोदी की ख़ामोशी ने उनकी 'सच्चा इंसान' होने की साख को हानि पहुँचा रहा है.

  7. ज्ञानवापी मस्जिद के तीसरे दिन का सर्वे शुरू, 65 फ़ीसदी पूरा हो चुका है निरीक्षण

    वाराणसी के ज्ञानवापी मस्जिद में तीसरे दिन का सर्वे शुरू हो गया है. रविवार तक निरीक्षण का 65 फ़ीसदी काम पूरा हो चुका था.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, ज़िला न्यायाधीश कौशल राज शर्मा पुलिस कमिशनर ए सतीश गणेश ने बताया, "ज्ञानवापी मस्जिद परिसर का सर्वे शुरू हो गया है."

    ज्ञानवापी मस्जिद काशी विश्वनाथ मंदिर के पास स्थित है. स्थानीय अदालत में कुछ महिलाओं ने अर्ज़ी देकर बाहरी हिस्से में लगी प्रतिमाओं की पूजा-अर्चना करने देने की इजाज़त मांगी थी.

    इससे पहले रविवार को डीएम ने कहा था कि सोमवार को सुबह आठ बजे सर्वे शुरू हो जाएगा और सभी पक्षों को इस दौरान मौजूद रहने के लिए कहा गया है.

    रविवार को हिंदू पक्ष के वकील मदन मोहन यादव ने कहा, "सर्वे का 65 फ़ीसदी काम पूरा हो गया है. सोमवार को भी ये जारी रहेगा. ये पुरातत्व संबंधी काम है. चूंकि, वकील इस सर्वे के काम को ठीक से नहीं जानते, इसलिए इस काम में समय लगा."

    बीते सप्ताह मस्जिद कमेटी की आपत्ति के बाद सर्वे का काम रुक गया था. कमेटी ने दावा किया था कि कोर्ट के नियुक्त किए गए एडवोकेट कमिशनर को परिसर के अंदर वीडियोग्राफ़ी करने की इजाज़त नहीं है.

  8. भारत के निर्यात पर रोक के बाद अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में बढ़े गेहूँ के दाम

    गेहूँ के निर्यात पर भारत के रोक लगाने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में इसके दामों में बढ़ा उछाल आया है.

    अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में बिकने वाले गेहूं की कीमत शिकागो में 5.9 फ़ीसदी तक बढ़ गई है. ये बीते दो माह में सबसे ज़्यादा है.

    भारत में हीटवेव की वजह से गेहूँ की फ़सल प्रभावित हुई और दाम बढ़ गए, जिसके बाद इसके निर्यात पर रोक लगाई गई है.

    इस साल वैश्विक बाज़ार में गेहूँ के दाम करीब 60 फ़ीसदी तक बढ़ गए हैं, जिसकी वजह से ब्रेड से लेकर नूडल्स तक की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है.

    भारत सरकार ने कहा है कि जिन देशों के साथ पहले से समझौते हो गए हैं और जो देश अपने यहाँ खाद्य सुरक्षा के लिए आपूर्ति की मांग करेंगे, उन्हें गेहूँ का निर्यात जारी रहेगा.

    सरकारी अधिकारियों ने ये भी कहा है कि ये रोक स्थायी नहीं है और स्थिति सामान्य होने पर इसे हटाया जा सकता है.

    हालांकि, भारत के इस फ़ैसले की सात देशों के समूह यानी जी-7 के कृषि मंत्रियों ने आलोचना की है. इस समूह में कनाडा, फ़्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, ब्रिटेन और अमेरिका जैसे देश शामिल हैं.

    भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा गेहूँ उत्पादक देश है. हालाँकि इससे पहले भारत की अधिकांश फ़सल घरेलू बाज़ार में ही बिकती थी.

    लेकिन रूस के हमले के बाद यूक्रेन का गेहूँ निर्यात घटा है और कई बड़े उत्पादक देशों में सूखे और बाढ़ के ख़तरों को देखते हुए व्यापारियों को कमी की भरपाई करने के लिए भारत से आपूर्ति की उम्मीद थी.

    बैन से पहले भारत ने इस साल 1 करोड़ टन गेहूँ के निर्यात का लक्ष्य रखा था.

  9. अशोक गहलोत ने कहा देश में हिंसा के आरोप में पकड़े जाने वाले आरएसएस-बीजेपी के हैं

    राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि देशभर के राज्यों में हुई हिंसाओं के आरोप में जो पकड़े जा रहे हैं लोग आरएसएस-बीजेपी के हैं.

    राजस्थान के उदयपुर में कांग्रेस के चिंतन शिविर के बाद गहलोत ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत के दौरान कहा, "देशभर में जो पकड़े जा रहे हैं, वो आरएसएस-बीजेपी बैकग्राउंड के हैं."

    उन्होंने बीजेपी पर दंगों का फ़ायदा उठाने का आरोप लगाते हुए कहा, "दंगों का फ़ायदा जिस पार्टी को होता है, समझ लीजिए वो दंगे करा रही है. दंगों से फ़ायदा किसको होता है? कांग्रेस को फ़ायदा होता है क्या? जहां दंगे हो रहे हैं, कांग्रेस को बदनाम कर रहे हैं. कांग्रेस दंगे करवा नहीं सकती."

    "इनका जो हिंदुत्व का एजेंडा है, उसके लिए करवा रहे हैं. ध्रुवीकरण कर रहे हैं चुनाव में. दुनिया क्या सोचती होगी यूपी के बारे में. भारत का एक राज्य, जहां चुनाव में चार में से एक भी टिकट माइनॉरिटी को नहीं मिलती है. कौन नहीं दे रहा- भारतीय जनता पार्टी, जो सत्ताधारी पार्टी है. क्या संदेश जा रहा है दुनिया में."

    उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, "ध्रुवीकरण कर के आप हिंदुओं का वोट ले रहे हैं. दे भी रहा है हिंदू आपको वोट. लेकिन कब तक देगा. महंगाई की मार भयंकर पड़ रही है. नौकरी लग नहीं रही लोगों की. दो करोड़ रोज़गार देंगे, कहां से देंगे रोज़गार. तनाव और अशांति का माहौल है. लोकतंत्र और संविधान से देश चलता है. आज संविधान की धज्जियां उड़ रही हैं."

  10. अमेरिका के कैलिफ़ोर्निया राज्य की चर्च में गोलीबारी, एक की मौत

    अमेरिका में लगातार दूसरे दिन गोलीबारी में एक शख्स की मौत हो गई है और पाँच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.

    स्थानीय समयानुसार रविवार दोपहर, अमेरिका के कैलिफ़ोर्निया में एक चर्च में ये गोलीबारी हुई.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, ऑरेंज काउंटी के अंडर-शैरिफ़ जेफ़ हैलॉक ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा कि चर्च में मौजूद लोगों ने बाद में हमलावर को पकड़ लिया और पुलिस अधिकारियों के वहां पहुंचने से पहले "एक एक्सटेंशन कॉर्ड के साथ उसके पैरों को बांध दिया."

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, लॉस एंजिलस एफ़बीआई के प्रवक्ता ने बताया कि फिलहाल जांचकर्ता हमले के मकसद का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं.

    पुलिस ने इस हमले के बारे में करीब दोपहर दो बजे सूचना दी. फिलहाल संदिग्ध हमलावर को हिरासत में ले लिया गया है और उसके पास से हथियार भी बरामद कर लिया गया है.

    समाचर एजेंसी एएफ़पी के अनुसार, कैलिफ़ोर्निया के गवर्नर गैविन न्यूसम ने बताया कि वो स्थिति पर नज़र रखे हुए हैं और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं.

    इससे पहले शनिवार (स्थानीय समयानुसार) न्यूयॉर्क के बफ़ेलो सुपरमार्केट में एक किशोर ने गोलीबारी की थी, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई थी. मरने वालों में अधिकतर काले थे. हमलावर ने पुलिस के सामने ख़ुद समर्पण कर दिया था.

  11. बुद्ध पूर्णिमा पर लुंबिनी जा रहे पीएम मोदी, नेपाल के प्रधानमंत्री से भी होगी मुलाक़ात

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार यानी बुद्ध पूर्णिमा के दिन नेपाल के लुंबिनी का दौरा करेंगे. लुंबिनी गौतम बुद्ध की जन्मस्थली है.

    इसके बाद पीएम मोदी अपने नेपाली समकक्ष शेर बहादुर देउबा से द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने को लेकर वार्ता भी करेंगे.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, पीएम मोदी देउबा के न्योते पर नेपाल का दौरा कर रहे हैं.

    साल 2014 में पीएम बनने के बाद से मोदी पाँचवीं बार नेपाल जा रहे हैं.

    पीटीआई के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी स्थानीय समयानुसार सुबह 10 बजे नेपाल पहुंचेंगे और शाम पाँच बजे वो वापस भारत आ जाएंगे.

    इस दौरे पर पीएम मोदी माया देवी मंदिर जाएंगे. इसके अलावा वो बुद्ध जयंती के मौके पर लुंबिनी डेवलेपमेंट ट्रस्ट की ओर से आयोजित समारोह को भी संबोधित करेंगे.

    नेपाल के दक्षिण में तराई क्षेत्र में स्थित लुंबिनी को बौद्धों के पवित्र स्थल में से एक माना जाता है, क्योंकि यहां भगवान बुद्ध का जन्म हुआ था.

  12. कोरोना का पहला केस मिलने के बाद अब उत्तर कोरिया ने बुखार से आठ लोगों की मौत स्वीकार की

    बीते सप्ताह कोरोना से 'पहली' मौत की पुष्टि करने वाले उत्तर कोरिया ने "बुखार" से आठ और मौतों की बात मानी है.

    समाचार एजेंसी एएफ़पी के अनुसार, देश में दवाओं की आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं से निपटने के लिए सेना को तैनात किया गया है.

    उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने सैन्य कमिशन को आदेश दिया है कि वो तुरंत प्योंगयांग शहर में दवाओं की आपूर्ति को स्थिर करे.

    उत्तर कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी केसीएनए के हवाले से एएफ़पी ने बताया है कि देश में अभी तक कुल 50 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है.

    अप्रैल माह के आखिर से सामने आए रहस्यमय बुखार के बाद से अब तक उत्तर कोरिया में 12 लाख 13 हज़ार से अधिक लोग बुखार से पीड़ित हैं और कम से कम 5 लाख 64 हज़ार लोगों का इलाज चल रहा है. हालांकि, अभी तक ये स्पष्ट नहीं किया गया है कि दर्ज की गई मौतों में से कितनी कोरोना संक्रमण की वजह से हुई है.

    2.6 करोड़ की आबादी वाले उत्तर कोरिया में अधिकांश लोगों ने वैक्सीन नहीं ली है. उत्तर कोरिया ने संयुक्त राष्ट्र की ओर से गरीब देशों को दी जा रही मुफ़्त वैक्सीन लेने से भी मना कर दिया था.

    उत्तर कोरिया ने बीते सप्ताह गुरुवार को देश में पहला कोरोना केस मिलने की बात स्वीकार की थी.

  13. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 15 मई के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.