You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

आतंकवाद को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे प्रधानमंत्री मोदी: एस जयशंकर

विदेश मंत्री एस जयंशकर का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आतंकवाद, खासतौर पर सीमा पार से होने वाले आतंकवाद को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करने को लेकर बिलकुल साफ़ रहे हैं.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and अभय कुमार सिंह

  1. ज्ञानवापी मस्जिद में दूसरे दिन का सर्वे शुरू, इलाके में लोगों की आवाजाही रोकी गई

      • Author, अनंत झणाणे
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए

    वाराणसी के ज्ञानवापी मस्जिद में रविवार को दूसरे दिन के सर्वे के लिए वकील परिसर में पहुंच चुके हैं. रविवार को सर्वे सुबह 8 बजे के आसपास शुरू हुआ. हालांकि, अभी तक पूरी कार्रवाई को गोपनीय रखा जा रहा है.

    12 मई को वाराणसी कोर्ट की एक बेंच ने वहां वीडियोग्राफ़ी जारी कराने का आदेश दिया था.

    शनिवार को ये प्रक्रिया 3 से चार घंटे तक चली. पहले दिन का निरीक्षण बहुत शांति से किया गया.

    इलाके में लोगों की आवाजाही को रोका गया है. मीडिया को भी दूर रखा गया है. श्रद्धालुओं को भी फिलहाल रोका जा रहा है.

    सर्वे के लिए पहुंची टीम का नेतृत्व कर रहे एडवोकेट विशाल वर्मा ने बीबीसी संवाददाता अनंत झणाणे को बताया, "दूसरे दिन का काम शांतिपूर्ण तरीके से हो रहा है. वादी और प्रतिवादी पक्ष पूरा सहयोग कर रहे हैं. बिना किसी रुकावट और बाधा के कार्रवाई पूरी की जा रही है."

    पहले दिन के सर्वे के बाद डीएम कौशल राज शर्मा ने जानकारी दी थी कि "लगभग 50 फीसदी से अधिक सर्वे हो चुका है."

    बता दें कि पांच महिलाओं ने कोर्ट में याचिका दायर कर ज्ञानवापी मस्जिद के पीछे वाले हिस्से में मां शृंगार गौरी की पूजा और दर्शन करने की मांग की थी.

    साथ ही उन्होंने प्लॉट नंबर 9130 के निरीक्षण और वीडियोग्राफी की मांग भी की थी जिसे मंज़ूर करते हुए कोर्ट ने निरीक्षण और उसकी वीडियोग्राफी के आदेश दिए थे.

  2. अमेरिका: न्यूयॉर्क के सुपरमार्केट में भीषण गोलीबारी, 10 लोगों की मौत

    अमेरिका के न्यूयॉर्क में 'बफ़ेलो सुपरमार्केट' में एक किशोर ने अंधाधुंध फ़ायरिंग की जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई और तीन घायल हो गए. हमले के बाद किशोर ने आत्मसमर्पण कर दिया.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एक 18 वर्षीय युवक ने सैनिकों की तरह दिखने वाली वर्दी और कवच पहना था. हमलावर किशोर ने हेल्मेट पहना था, जिसमें कैमरा फ़िक्स था और वो इस हमले की लाइव स्ट्रीमिंग कर रहा था.

    शहर के पुलिस कमिश्नर जोसफ़ ग्रैमागलिया ने कहा कि किशोर ने स्टोर के बाहर चार लोगों को गोली मारी.

    उन्होंने कहा कि स्टोर के अंदर घुसने के बाद गार्ड ने किशोर पर गोली चलाई लेकिन बुलेट प्रूफ़ जैकेट पहने होने के कारण इसका कोई असर नहीं हुआ.

    कमिश्नर ने बताया कि इसके बाद बंदूकधारी किशोर ने गार्ड की भी हत्या कर दी.

    पुलिस ने बताया कि हमले के 11 पीड़ित काले थे और दो गोरे. पुलिस इसे "नस्लीय रूप से प्रेरित हिंसक उग्रवादी" हमला मानकर जांच कर रही है.

  3. ब्रेकिंग न्यूज़, दिल्ली-एनसीआर में फिर बढ़े CNG के दाम, 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी

    दिल्ली और एनसीआर में इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) ने कम्प्रेस्ड नेचुरल गैस (सीएनजी) की कीमतें रविवार से 2 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ गई हैं. ये कीमतें सुबह 6 बजे से लागू होंगी.

    समाचार एजेंसी एएनआई की ख़बर के अनुसार, इस बढ़ोतरी के बाद अब दिल्ली में सीएनजी का दाम 73.61 प्रति किलोग्राम हो गया है और नोएडा में 76.17 प्रति किलोग्राम. वहीं, गुरुग्राम में सीएनजी 81.91 रुपये प्रति किलोग्राम मिलेगी.

    इस बीच आईजीएल ने देश के अन्य हिस्सों में भी गैस की कीमतें बढ़ा दी हैं. रेवाड़ी में सीएनजी की कीमत 84.07 प्रति किलोग्राम, करनाल और कैथल में 82.27 रुपये प्रति किलोग्राम, कानपुर, हमीरपुर और फ़तेहपुर में 85.40 रुपये प्रति किलोग्राम और अजमेर, पाली और राजसमंद में 83.88 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है.

    बता दें कि अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में गैस के दाम बढ़ने के बाद बीते साल अक्टूबर महीने से भारत में गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स ने समय-समय पर कीमतें बढ़ानी शुरू की थीं.

  4. ऑस्ट्रेलिया के जाने-माने क्रिकेट ऑलराउंडर एंड्रयू साइमंड्स की कार दुर्घटना में मौत

    ऑस्ट्रेलिया के जाने माने क्रिकेट ऑलराउंडर एंड्रयू साइमंड्स की एक कार दुर्घटना में मौत हो गई है.

    साइमंड्स की कार शनिवार की रात क्वींसलैंड के टाउन्सविले में दुर्घटनाग्रस्त हो गई.

    वर्ल्ड कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के सदस्य रह चुके साइमंड्स 46 साल के थे.

    आईसीसी के अनुसार, साइमंड्स गाड़ी में अकेले थे और दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर ही उनकी मौत हो गई. फ़ॉरेंसिक क्रैश यूनिट अब जांच कर रही है.

    2008 की भारत-ऑस्ट्रेलिया सिरीज़ के दौरान क्रिकेटर हरभजन सिंह और साइमंड्स की मैदान में ही झड़प हो गई थी. इसके बाद से साइमंड्स भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के बीच खासे चर्चित रहे.

    एंड्रयू साइमंड्स को 2003 के वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के ख़िलाफ़ शतक के साथ ऑस्ट्रेलिया को जीत दिलाने के लिए विशेष तौर पर याद किया जाएगा.

    दाएं हाथ के बल्लेबाज़ साइमंड्स ने 26 टेस्ट मैचों में भी ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व किया. भारत और इंग्लैंड के ख़िलाफ़ उन्होंने टेस्ट शतक भी बनाए.

    साइमंड्स ऑस्ट्रेलियाई टीम में ऑफ़-ब्रेक और मिडियम पेस गेंदबाज़ी के भी अच्छे विकल्प थे.

    मैदान में अपनी शानदार फील्डिंग की बदौलत साइमंड्स की गिनती रिकी पॉन्टिंग और माइकल क्लार्क सरीखे दिग्गज क्रिकेटरों के साथ होती थी.

    विश्व क्रिकेट ने हाल ही के दिनों में एंड्रयू साइमंड्स के रूप में अपने युग के दूसरे बड़े क्रिकेटर को खोया है.

    इसी साल मार्च के महीने में दिग्गज स्पिनर शेन वॉर्न की मौत हो गई थी. उससे ठीक पहले विकेटकीपर रॉड मार्श की भी मौत हो गई थी.

  5. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 14 मई के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.