You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

चार बार की चैंपियन चेन्नई आईपीएल 2022 के प्लेऑफ़ से बाहर, मुंबई ने 5 विकेट से हराया

धोनी की टीम को 97 पर ऑल आउट करने के बाद मुंबई ने 31 गेंद और पांच विकेट रहते चेन्नई सुपकिंग्स को हरा दिया.

लाइव कवरेज

भूमिका राय and कमलेश मठेनी

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, ज्ञानवापी मस्जिद के सर्वे पर आया अदालत का फ़ैसला, जानिए क्या कहा है कोर्ट ने

      • Author, अनंत झणाणे
      • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, वाराणसी से

    वाराणसी की ज्ञानवापी मस्जिद में सर्वे को लेकर ज़िला अदालत का फ़ैसला आ गया है. अदालत ने मस्जिद में सर्वे करने की इजाज़त दी है और इसके लिए 17 मई से पहले का समय तय किया गया है.

    वहीं, कोर्ट ने एडवोकेट कमिश्नर अजय कुमार को हटाने की मांग को भी खारिज कर दिया है.

    कोर्ट ने बुधवार को इस मामले में फ़ैसला सुरक्षित रख लिया था.

    ज्ञानवापी मस्जिद में पिछले शुक्रवार को सर्वे और वीडियोग्राफी का काम किया जा रहा था, जिसे लेकर विवाद पैदा हो गया था.

    मस्जिद के पीछे चबूतरे में माँ श्रृंगार गौरी और दूसरे देवी-देवताओं के सत्यापन और उनके अस्तित्व को स्थापित करने के लिए शुक्रवार दोपहर को कोर्ट से नियुक्त एडवोकेट कमिश्नर ने निरीक्षण शुरू किया था.

    लेकिन शनिवार को एडवोकेट कमिश्नर की निष्पक्षता को लेकर अंजुमन इन्तिज़ामिया मसाजिद के वकीलों ने अदालत में अर्ज़ी दाखिल की थी. उनकी मांग की थी कि अजय कुमार को हटा कर कोर्ट या तो ख़ुद निरीक्षण करे या फिर किसी दूसरे वरिष्ठ वकील से करवाए.

    हिंदू याचिकाकर्ताओं के वक़ील मदन मोहन यादव ने बताया कि सर्वे के लिए दो और वकीलों को कमिश्नर के तौर पर नियुक्त किया गया है. उन्हें 17 मई तक रिपोर्ट सौंपनी होगी.

    कोर्ट का कहना है कि अगर मस्जिद का ताला बंद कर दिया गया है तो ज़िला प्रशासन को पूरा अधिकार होगा की वो ताला खुलवाकर या तुड़वाकर कमिशन की कार्रवाई करवाए.

    निरीक्षण कराने की व्यक्तिगत ज़िम्मेदारी ज़िला मजिस्ट्रेट, पुलीस कमिश्नर की होगी. उत्तर प्रदेश डीजीपी और मुख्य सचिव को भी निर्देश हैं कि वो कार्रवाई की निगरानी करें.

    कोर्ट के आदेश के मुताबिक निरीक्षण का समय सुबह 8 से दोपहर 12 बजे तक तय किया गया है. निरीक्षण रोज़ किया जाएगा.

    अंजुमन इन्तिज़ामिया मसाजिद के वकील अभय यादव ने बीबीसी से कहा, ''मैंने अभी ये आदेश पढ़ा है. क़ानूनी नज़रिए से ये आदेश बिल्कुल गलत है. इस आदेश में माननीय न्यायालय ने ये लिख दिया कि मां श्रृंगार गौरी कहां स्थित है अथवा नहीं, इसकी स्थिति कमिशन कार्रवाई के बाद तय होगी. जबकि दूसरे पक्ष ने खुद अपने केस में लिखा है कि श्रृंगार गौरी का वह स्थान मस्जिद की पश्चिमी दीवार के बाहर स्थित है. वो स्थान तो तय हो गया. यही बात स्टेट के काउंसिल ने भी कही है. मैंने भी यही बात कही है. लेकिन, माननीय न्यायालय ने इसे फिर से उलझन पैदा कर दी.''

    उन्होंने कहा कि इस पर जश्न या शोक व्यक्त करने का मतलब नहीं है. कोर्ट के आदेश का सम्मान होना चाहिए. अमन चैन कायम होना चाहिए. इस आदेश को चुनौती देने के बारे में हम निर्णय लेंगे. आदेश पढ़ने के बाद ही आगे के लिए फ़ैसला लेंगे. इस आदेश में कई नई बातें कही गई हैं जिसे चुनौती दी जाएगी.

    क्या है मामला

    पाँच महिलाओं ने कोर्ट में याचिका दायर कर ज्ञानवापी मस्जिद के पीछे वाले हिस्से में माँ श्रृंगार गौरी की पूजा और दर्शन करने की मांग की थी. साथ ही उन्होंने प्लॉट नंबर 9130 के निरीक्षण और वीडियोग्राफी की मांग भी की थी जिसे मंज़ूर करते हुए कोर्ट ने निरीक्षण और उसकी वीडियोग्राफी के आदेश दिए थे.

    निरीक्षण छह मई को शुरू हुआ लेकिन अंजुमन इन्तिज़ामिया मसाजिद ने एडवोकेट कमिश्नर की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए यह आरोप लगाया कि वो याचिकाकर्ताओं के वकीलों के निर्देशों पर चल रहे हैं और उन्हें मस्जिद के अंदर वीडियोग्राफी करने की इजाज़त नहीं है. उन्होंने अदालत में इसे लेकर अर्ज़ी दाखिल की थी.

    इसके बाद पाँच याचिकाकर्ताओं के वकीलों ने भी कोर्ट में अर्ज़ी दी थी कि अंजुमन इन्तिज़ामिया मसाजिद के आरोप पूरी तरह से झूठे और निराधार हैं. अपने जवाबी आवेदन में उन्होंने कहा कि ये मस्जिद की तरफ़ से एडवोकेट कमिश्नर की करवाई को बाधित करने की कोशिश है. उन्हें मस्जिद के अंदर जाने नहीं दिया गया.

    उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि ज़िला प्रशासन कोर्ट के आदेश को लागू करने में कोई रुचि नहीं ले रहा है. एडवोकेट कमिश्नर की करवाई में हर समय बाधा उत्पन्न हो रही है.

    अपनी अर्ज़ी में उन्होंने यह मांग रखी थी कि कोर्ट यह आदेश करे कि पूरी मस्जिद की वीडियोग्राफी सुनिश्चित की जाए और एडवोकेट कमिश्नर को वीडियोग्राफी पूरी कर रिपोर्ट देने के आदेश दिए जाए.

  2. पूर्व वित्त सचिव राजीव कुमार होंगे भारत के नए मुख्य चुनाव आयुक्त

    राजीव कुमार भारत के नए मुख्य चुनाव आयुक्त होंगे. पूर्व वित्त सचिव राजीव कुमार सुशील चंद्र की जगह लेंगे. केंद्रीय क़ानून मंत्री किरेन रिजिजू ने ट्वीट कर ये जानकारी दी है.

    किरेन रिजिजू के मुताबिक़ रविवार 15 मई को राजीव कुमार नए मुख्य चुनाव आयुक्त का पदभार संभालेंगे. सुशील चंद्रा 14 मई को रिटायर हो रहे हैं. 1984 बैच के आईएएस अधिकारी कई केंद्रीय मंत्रालयों में काम कर चुके है. इसके अलावा वे अपना काडर बिहार और झारखंड में भी काम कर चुके हैं. वे फ़रवरी 2020 में रिटायर हुए थे. उस समय वे वित्त सचिव थे.

  3. पाकिस्तान के पीएम शहबाज़ शरीफ़ के ख़िलाफ़ मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दाख़िल होगी चार्जशीट

    पाकिस्तान में लाहौर की एक अदालत ने आदेश दिया है कि मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ समेत सभी अभियुक्तों को 14 मई को अदालत में हाज़िर होना होगा. उसी दिन उनके ख़िलाफ़ चार्जशीट दाख़िल की जाएगी.

    बीबीसी उर्दू के संवाददाता शहबाज़ मलिक की रिपोर्ट के अनुसार, इससे पहले लाहौर की विशेष अदालत ने प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ की अपील पर उन्हें ख़ुद हाज़िर होने से छूट दे दी थी और उन्हें अंतरिम ज़मानत भी दे दी थी.

    लेकिन अब अदालत ने कहा है कि सभी अभियुक्तों को 14 मई को अदालत में हाज़िर होना होगा और अब इस मामले में आगे कोई तारीख़ नहीं दी जाएगी.

    शहबाज़ शरीफ़ और उनके बेटों हमज़ा और सुलैमान शरीफ़ पर पाकिस्तान की जाँच एजेंसी एफ़आईए ने नवंबर 2020 में भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मुक़दमा दर्ज किया था. बाद में 14 और लोगों के नाम को एफ़आईआर में जोड़ा गया था.

  4. गोवा में 12 साल की रूसी बच्ची से रेप का आरोप, अभियुक्त गिरफ़्तार

    गोवा के एक रिज़ॉर्ट में 12 साल की रूसी बच्ची के साथ कथित बलात्कार करने के आरोप में रूम अटेंडेंट को कर्नाटक के गडक ज़िले से गिरफ़्तार कर लिया गया है.

    गोवा पुलिस ने इस शख़्स को उसके गृहनगर से गिरफ़्तार किया.

    ख़बरों के मुताबिक़, रूसी बच्ची के साथ रेप की यह घटना छह मई की है. जिसके बाद गोवा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 मई को अभियुक्त को उसके घर से गिरफ़्तार किया.

    रूसी बच्ची की मां ने 9 मई को इस संबंध में शिकायत दर्ज करवायी थी.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए संबंधित पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर विक्रम नाइक ने बताया कि पीड़ित बच्ची की मां ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उनकी नाबालिग बच्ची के साथ रूम अटेंडेंट ने स्वीमिंग पूल में बलात्कार किया और उसके बाद होटल के कमरे में भी.

    उन्होंने बताया कि जिस समय यह घटना हुई बच्ची की मां कुछ ज़रूरी सामान लेने के लिए बाज़ार गई हुई थी.

    कथित रेप के अभियुक्त के ख़िलाफ़ आईपीसी की धारा 376 और पोक्सो के तहत मामला दर्ज किया गया है.

  5. कोलंबो से LIVE: श्रीलंका में आपातकाल लागू होने के बाद क्या हैं हालात?

  6. भारत में ट्रेड ऑफ़िसर की नियुक्ति के बाद पाकिस्तान ने क्यों दिया है स्पष्टीकरण

    पाकिस्तान के वाणिज्य मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि भारत के साथ व्यापार को लेकर नीति में कोई बदलाव नहीं आया है. दरअसल पाकिस्तान में शहबाज़ शरीफ़ की सरकार ने भारत में नए ट्रेड ऑफ़िसर की नियुक्ति की है. इसी के बाद ऐसी अटकलें चल रही थी कि पाकिस्तान की नई सरकार भारत के साथ व्यापार संबंध बहाल करना चाहती है. लेकिन वाणिज्य मंत्रालय ने बयान जारी करके इसका खंडन किया है.

    मंत्रालय का कहना है कि नई दिल्ली में ट्रेड ऑफ़िसर का पद पिछले दो दशकों से है और इसे मौजूदा स्थिति में भारत के साथ व्यापार संबंध बहाल करने या किसी अन्य परिप्रेक्ष्य में देखने की आवश्यकता नहीं. मंत्रालय ने ये भी बताया है कि नई दिल्ली के लिए ट्रेड ऑफ़िसर की नियुक्ति की पहल पिछले साल दिसंबर में शुरू हुई थी. जिसके बाद इंटरव्यू बोर्ड की सिफ़ारिशें एक अप्रैल को प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजी गई थी. मंत्रालय का कहना था कि ऐसा पहले की सरकार में हुआ था. पाकिस्तान के वाणिज्य मंत्रालय का कहना है कि मौजूदा सरकार ने सिर्फ़ उन सिफ़ारिशों को मंज़ूरी दी है.

  7. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- राजनीति के लिए नहीं, देशवासियों की सेवा के लिए आया हूँ

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के भरूच में ‘उत्कर्ष-समारोह’ में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि कई बार जानकारी के अभाव में लोगों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता है. योजनाएँ सिर्फ़ काग़ज़ पर ही रह जाती हैं. लेकिन इरादा साफ़ हो तो नतीजे भी मिलते हैं.

    पीएम मोदी ने कहा, “दिल्ली से देश की सेवा करते हुए मुझे आठ साल पूरे हो रहे हैं. ये आठ वर्ष सेवा सुशासन और ग़रीब कल्याण को समर्पित रहे. आज जो कुछ भी मैं कर पा रहा हूं, वो मैंने आपके बीच ही सीखा है.”

    पीएम मोदी ने साल 2014 के अपने पहले कार्यकाल का ज़िक्र करते हुए कहा कि साल 2014 में जब देश ने सेवा का मौक़ा दिया था, तो देश की क़रीब-क़रीब आधी आबादी शौचालय की सुविधा से, टीकाकरण की सुविधा से, बिजली कनेक्शन की सुविधा से, बैंक अकाउंट की सुविधा से वंचित थी. लेकिन अनेक योजनाओं को शत प्रतिशत सेचुरेशन के क़रीब ला पाने में कामयाबी मिली है.

    वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुए इस कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा, “मैंने पहले भी कहा कि ऐसे काम कठिन होते हैं, राजनेता भी उन पर हाथ लगाने से डरते हैं.लेकिन मैं राजनीति करने के लिए नहीं, देशवासियों की सेवा करने के लिए आया हूँ.”

    इस कार्यक्रम का आयोजन राज्य सरकार की चार प्रमुख योजनाओं के शत-प्रतिशत पूर्ण होने के सिलसिले में किया गया.

  8. किरेन रिजिजू के बयान पर पी चिदंबरम ने कहा- क़ानून मंत्री को लक्ष्मण रेखा खींचने का अधिकार नहीं

    पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के नेता पी चिदंबरम ने केंद्रीय क़ानून मंत्री किरेन रिजिजू को उनकी लक्ष्मण रेखा वाली टिप्पणी पर घेरा है. बुधवार को राजद्रोह क़ानून पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद किरेन रिजिजू ने कहा था कि कोर्ट को विधायिका और सरकार का सम्मान करना चाहिए. उन्होंने कहा था कि सरकार को भी अदालतों का सम्मान करना चाहिए. दोनों के कार्यक्षेत्र निर्धारित हैं और किसी को लक्ष्मण रेखा नहीं पार करनी चाहिए.

    सुप्रीम कोर्ट ने राजद्रोह क़ानून को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए केंद्र को इस क़ानून पर फिर से विचार करने को कहा था और ये भी आदेश दिया था कि समीक्षा पूरी होने तक इस क़ानून के तहत कोई कार्रवाई नहीं होगी. अब पी चिदंबरम ने किरेन रिजिजू की टिप्पणी पर सवाल उठाते हुए कहा है कि भारत के क़ानून मंत्री को मनमाने तरीक़े से लक्ष्मण रेखा खींचने का कोई अधिकार नहीं है और उन्हें संविधान के अनुच्छेद 13 को पढ़ना चाहिए.

    उन्होंने आगे लिखा है- विधायिका क़ानून नहीं बना सकती और न ही उस क़ानून को क़ानून की किताब में बने रहने दिया जा सकता है, जो मौलिक अधिकारों का उल्लंघन करता है. पी चिदंबरम ने कहा कि क़ानून के कई जानकारों की नज़र में राजद्रोह क़ानून संविधान के अनुच्छेद 19 और 21 का उल्लंघन करता है. उन्होंने कहा कि सरकार के मंत्री या उनके लोग उस क़ानून को बचा नहीं सकते.

  9. सपा नेता आज़म ख़ान के बचाव में आईं मायावती, योगी सरकार पर उठाए सवाल

    बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने आज़म ख़ान के सवा दो साल से जेल में रहने को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है.

    मायावती ने ट्वीट किया है, "यूपी सरकार अपने विरोधियों पर लगातार द्वेषपूर्ण और आतंकित करने वाली कार्रवाई कर रही है. इसी क्रम में वरिष्ठ विधायक मोहम्मद आज़म ख़ान को क़रीब सवा दो साल से जेल में बंद रखने का मामला भी चर्चा में है."

    मायावती ने सवालिया अंदाज़ में लिखा है कि यह न्याय का गला घोंटना नहीं तो और क्या है?

    उन्होंने ट्वीट किया है, “यूपी और अन्य बीजेपी शासित राज्यों में, कांग्रेस की ही तरह, जिस प्रकार से टारगेट करके ग़रीबों, दलितों, अदिवासियों एवं मुस्लिमों को जुल्म-ज्यादती और भय आदि का शिकार बनाकर उन्हें परेशान किया जा रहा है यह अति-दुःखद है.”

    उन्होंने लिखा है कि देश के कई राज्यों में जिस प्रकार से दुर्भावना और द्वेषपूर्ण रवैया अपनाकर प्रवासियों, मेहनतकश समाज के लोगों को अतिक्रमण के नाम पर भय व आतंक का शिकार बनाकर, उनकी रोज़ी-रोटी छीनी जा रही है, वह अनेकों सवाल खड़े करता है.

    ज़मीन क़ब्ज़ाने से लेकर तमाम दूसरे मामलों में आज़म ख़ान पिछले कई महीनों से जेल में हैं. आज़म ख़ान की ज़मानत को लेकर सुप्रीम कोर्ट में भी सुनवाई चल रही है.

    इससे पहले मायावती ने अलग-अलग राज्यों में बुलडोज़र के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल उठाए थे.

    मायावती का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से ग़रीब लोग प्रभावित हो रहे हैं, लेकिन सरकार ऐसे अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं कर रही है जो अवैध निर्माण कराते हैं.

    उन्होंने ट्वीट कर कहा था, ''दिल्ली के जहांगीरपुरी सहित देश के अन्य राज्यों में भी अवैध निर्माण की आड़ में जो बुलडोज़र चलाए जा रहे हैं, जिसमें ग़रीब लोग भी प्रभावित हो रहे हैं, जबकि सरकार को उन अधिकारियों के विरुद्ध भी सख़्ती करनी चाहिए, जिनके भ्रष्टाचार की वजह से ही अवैध निर्माण हो रहे हैं.''

  10. एलन मस्क से यूक्रेन के कमांडर ने की ये अपील

    यूक्रेन के मारियुपोल में अज़ोवस्तल स्टीलवर्क्स में दूसरे कई लड़ाकों के साथ छिपे एक यूक्रेनी मरीन कमांडर ने निजी तौर पर एलन मस्क से मदद मांगी है.

    उन्होंने एलन मस्क से अपील की है कि वे यूक्रेन के दक्षिणी शहर से सुरक्षित बाहर निकलने में उनकी मदद करें.

    बीते कई सप्ताह से रूस के सैनिकों ने इलाक़े को अपने कब्ज़े में ले रखा है और लगातार हमले कर रहे हैं.

    एक ट्विटर पोस्ट में सेरी वोलिना ने लिखा है, “लोग कहते हैं कि आप दूसरे ग्रह से आए हैं और लोगों को यह बताने आए हैं कि जो असंभव नज़र आता है, उसे भी पाया जा सकता है.”

    ट्वीट में आगे लिखा गया है, “हमारे ग्रह एक-दूसरे के अगल-बगल हैं. फ़िलहाल जहाँ मैं रह रहा हूँ, वहाँ ज़िंदा रह पाना भी मुश्किल होता जा रहा है. हमारी अज़ोवस्तल से बाहर निकलने में मदद करें. अगर आप हमारी मदद नहीं करेंगे तो फिर कौन? मुझे कोई हिंट ही दे दीजिए.”

    एक अलग फ़ेसबुक पोस्ट में वोलिना ने एलन मस्क को सुपरमैन बताते हुए मदद की अपील की है.

    हालांकि मस्क की ओर से अभी तक इस पोस्ट पर कोई टिप्पणी नहीं की गई है.

    मारियुपोल के इस इलाक़े में कई यूक्रेनी लड़ाके और बहुत से लोग फँसे हुए हैं, जिन्हें सुरक्षित निकालने की तमाम कोशिशें अभी तक नाकाम रही हैं. हालांकि हाल के दिनों में सैकड़ों नागरिकों को वहां से जाने भी दिया गया है.

  11. श्रीलंका के राष्ट्रपति ने संकट के बीच की ये अहम घोषणा

    श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे ने नई सरकार के गठन को लेकर ट्विटर पर जानकारी साझा की है.

    उन्होंने ट्वीट करके इस संबंध में बताया, “देश में अराजकता की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए और ठप पड़ चुके मामलों को सुलझाने के लिए नई सरकार बनाने के लिए क़दम उठाए जाएंगे.”

    उन्होंने लिखा है कि इस सप्ताह के भीतर एक ऐसे प्रधानमंत्री की नियुक्ति कर दी जाएगी जिसे संसद में बहुमत हासिल हो और जो लोगों का विश्वास हासिल करने में सक्षम हों.

    गोटाबाया ने ट्वीट किया, “नई सरकार को नया कार्यक्रम पेश करने का मौक़ा दिया जाएगा और उसे ये अधिकारिक दिया जाएगा कि वो अपनी नीतियों से देश को आगे ले जाए.”

    "इसके अलावा, संसद को और अधिक सशक्त बनाने के लिए संविधान में संशोधन का क़दम भी उठाया जाएगा. साथ ही कार्यकारी अध्यक्ष पद को समाप्त करने के सुझाव पर भी विचार किया जाएगा."

    गोटाबाया ने इस संबंध में अपने आख़िरी ट्वीट में लिखा है, "मैं विनम्रतापूर्वक लोगों के जीवन और उनकी संपत्ति की रक्षा के लिए आप सभी से मदद का अनुरोध करता हूँ."

    राष्ट्रपति गोटाबाया का ये ट्वीट ऐसे समय में आया है जबकि श्रीलंका गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है.

    देश आर्थिक संकट से तो पहले से ही जूझ रहा था लेकिन सोमवार को देश के पीएम महिंदा राजपक्षे के इस्तीफ़े के बाद से देश राजनीतिक संकट का भी सामना कर रहा है.

    आर्थिक संकट से जूझ रहे श्रीलंका में सरकार विरोधी प्रदर्शन हिंसक हो चुके हैं. देश भर में फैली हिंसा के दौरान हुई गोलीबारी में एक मौजूदा सांसद सहित कुल पाँच लोगों की जान जा चुकी है.

    आर्थिक संकट से जूझ रहे श्रीलंका में प्रधानमंत्री पद से महिंदा राजपक्षे का इस्तीफ़ा कोई अचानक नहीं हुआ है. इसके कयास काफ़ी पहले से ही लगाए जा रहे थे. ऐसा माना जा रहा है कि राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे ने ही महिंदा राजपक्षे से इस्तीफ़ा देने को कहा था.

  12. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ पहुँचे लंदन

    मौजूदा समय में पाकिस्तान गंभीर आर्थिक और राजनतीतिक संकट से जूझ रहा है.

    इन हालात से निपटने के लिए सरकार आज अपने ‘फ़ाइनल’ फ़ैसले का एलान कर सकती है.

    नव-निर्वाचित सरकार में सूचना मंत्री मरियम औरंगज़ेब ने बताया कि आज यानी गुरुवार को अहम घोषणा हो सकती है.

    इससे पहले देश को मौजूदा आर्थिक संकट और राजनीतिक उथल-पुथल से निकालने के तरीक़ों पर चर्चा के लिए लंदन में नवाज़ शरीफ़ की मौजूदगी में एक बैठक हुई.

    इस बैठक में पीएम शहबाज़ शरीफ़ समेत पीएमएल-एन नेता और पूर्व प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ ने हिस्सा लिया.

    पीएमएल-एन के ट्विटर अकाउंट से जारी एक बयान के मुताबिक़, ये सारे फ़ैसले सहयोगी दलों को भरोसे में लेकर तय किए गए हैं.

    मरियम औरंगज़ेब के मुताबिक़, बुधवार को पूर्व प्रधानमंत्री की मौजूदगी में एक बेहद अहम बैठक हुई. इसमें नवाज़ शरीफ़ ने आर्थिक, संवैधानिक और राजनीतिक मोर्चों पर जूझ रही सरकार से विस्तार से चर्चा की और अपने सुझाव दिए.

    एक बयान में कहा गया है कि गुरुवार को भी नवाज शरीफ़ के नेतृत्व में एक बैठक होनी है ताकि इन मसलों के मद्देनज़र जो आख़िरी फ़ैसला लिया जाना है, उसे सुनिश्चित किया जा सके.

  13. अरविंद केजरीवाल ने अब गुजरात में किया ये दावा

    आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुजरात के राजकोट में बुधवार को एक रैली को संबोधित किया.

    रैली में अपने संबोधन के दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा, “दिल्ली और पंजाब के बाद अब गुजरात के लोग भी ‘आप’ को ख़ूब प्यार करने लगे हैं.”

    रैली को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली और पंजाब की तर्ज़ पर गुजरात में भी फ्री बिजली देने की बात कही.

    उन्होंने कहा, “अगर आपको मुफ़्त बिजली चाहिए तो आम आदमी पार्टी को वोट दीजिए. हम आपको 24 घंटे मुफ़्त बिजली देंगे.”

    उन्होंने दिल्ली में अपनी सरकार के काम गिनवाते हुए दावा किया,“दिल्ली में अगर किसी को बुख़ार हो जाए या बड़ी बीमारी पर 40-50 लाख का ख़र्च भी आए, तो सारा इलाज फ्री है. पाँच साल में सरकारी स्कूलों को ठीक कर ग़रीबों के बच्चों को अच्छा भविष्य दिया गया है. दिल्ली के सरकारी स्कूल के 450 छात्रों का IIT में एडमिशन हुआ है.दिल्ली में तीन साल में ही 50000 लोगों को फ्री तीर्थ यात्रा कराई है.”

    रैली को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने दावा किया कि अगर राज्य में उनकी सरकार आती है तो वे स्वास्थ्य, शिक्षा और बिजली को सुधारने की दिशा में काम करेंगे.

    उन्होंने दिल्ली की तर्ज़ पर गुजरात के लोगों को भी फ्री तीर्थ यात्रा कराने का वादा किया.

    उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस का एक बहुत बड़ा नेता उनकी पार्टी ज्वाइन करने वाला था. उसको बीजेपी ने कहा "ख़बरदार! कांग्रेस में ही रहना, कांग्रेस हमारी छोटी बहन है."

  14. उत्तर कोरिया में लॉकडाउन, पहली बार आधिकारिक तौर पर कोविड मामले की पुष्टि

    उत्तर कोरिया में कोरोना संक्रमण की पहली बार आधिकारिक पुष्टि हुई है.

    संक्रमण की पुष्टि होने के बाद से देश भर में सख़्त लॉकडाउन की घोषणा कर दी गई है. देश के सरकारी मीडिया के अनुसार, देश की राजधानी प्योंगयांग में कोरोना के ओमिक्रॉन वेरिएंट के मामले का पता चला है. हालांकि कितने लोग संक्रमित हुए हैं, इस संबंध मे कोई जानकारी नहीं दी गयी है.

    केसीएनए के मुताबिक़, “यह सबसे बड़ी आपातकाल स्थिति है जिसने देश के क्वारंटीन नियमों को नाकाफ़ी साबित कर दिया है. देश के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन अधिकारियों से आपात बैठक कर रहे हैं ताकि देश को इस स्थिति के लिए तैयार किया जा सके.”

    हालांकि जानकारों का मानना है कि उत्तर कोरिया से भले ही पहली बार कोरोना संक्रमण की ख़बर आई हो लेकिन देश इस संक्रमण से अछूता नहीं था. देश में लंबे समय से संक्रमण मौजूद रहा होगा.

    उत्तर कोरिया ने अपने देश में कोविड-वैक्सीन प्रोग्राम नहीं चलाया. उत्तर कोरिया ने चीन में बनी वैक्सीन सिनोवैक और रूस में बनी एस्ट्राज़ेनेका वैक्सीन के प्रस्ताव को भी अस्वीकार कर दिया था.

    उत्तर कोरिया ने कोरोना महामारी से दूर रहने के लिए जो सबसे अहम और पहला क़दम उठाया था, वह था- अपनी सीमाओं को बंद कर देना.

    महामारी के पहले शुरुआती चरण से ही उत्तर कोरिया ने अपनी सीमाओं को बंद कर दिया था. इसके कारण देश को गंभीर आर्थिक स्थिति का सामना करना पड़ा था.सीमाएं बंद हो जाने से खाद्यान्न की सप्लाई बंद हो गयी थी.

    महामारी के शुरुआती दौर में ऐसी कई रिपोर्ट्स आई थीं, जिसमें देश में कोरोना के कई मामलों के होने को लेकर संदेह जताया गया था.

    आश्चर्य इस बात को लेकर भी जताया गया था कि पड़ोसी मुल्क दक्षिण कोरिया और चीन में कोरोना के मामले होने के बावजूद, उत्तर कोरिया में कैसे कोई भी केस नहीं है.

    मौजूदा समय में चीन एकबार फिर बढ़ते कोरोना मामलों स जूझ रहा है.

  15. सऊदी अरब की अरामको फिर एपल पर पड़ी भारी

    दुनिया की सबसे बड़ी तेल कंपनी सऊदी अरब की अरामको की बाज़ार क़ीमत अमेरिकी टेक कंपनी एपल से अधिक हो गई है. एपल को पछाड़ने के साथ ही अरामको दुनिया की सबसे अधिक मार्केट वैल्यू वाली कंपनी बन गई है.

    बुधवार को अरामको का कारोबार अपने उच्चतम स्तर पर रहा. ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को कंपनी ने 2.3 ट्रिलियन डॉलर का कारोबार किया.

    इसके साथ ही कंपनी का बाज़ार मूल्य 2.464 ट्रिलियन डॉलर हो गया जबकि एपल का मूल्य 2.461 ट्रिलियन डॉलर था.

    साल 2020 के बाद से यह पहला मौक़ा है, जब एपल पिछड़ा है. बुधवार को आईफ़ोन के बाज़ार में 5.2 फ़ीसद की मंदी देखी गई और यह 146.5 डॉलर प्रति शेयर पर बंद हुआ.

    हो सकता है कि बाज़ार में हुआ ये फेरबदल बहुत लंबे समय तक के लिए ना हो और एपल दोबारा से शीर्ष कंपनी बन जाए क्योंकि बाज़ार में कौन सी कंपनी शीर्ष पर होगी और कौन नहीं, यह वैश्विक अर्थव्यवस्था को प्रभावित करने वाली ताक़तों और कारकों पर निर्भर करता है.

    ब्लूमबर्ग के अनुसार, इस साल की शुरुआत में एपल ने तीन ट्रिलियन डॉलर की बाज़ार क़ीमत का दावा किया था, जो कि उस समय अरामको के मार्केट वैल्यू से क़रीब एक ट्रिलियन डॉलर अधिक था.

    लेकिन तब से लेकर, एपल की मार्केट वैल्यू में क़रीब 20 फ़ीसद तक की गिरावट आई है वहीं अरामको की क़ीमत में 28 फ़ीसद का उछाल.

    तेल की बढ़ी क़ीमतें और मांग अरामको के शीर्ष पर पहुँचने की एक अहम वजह है.

    टावर ब्रिड एडवाइज़र्स के चीफ़ इंवेस्टमेंट ऑफ़िसर जेम्स मेयर का कहना है कि आप व्यापार और फंडामेंटल्स के मामले में एपल की तुलना सऊदी अरामको से नहीं कर सकते हैं. वे तेल की बढ़ती क़ीमत और आपूर्ति के कारण फ़ायदे में हैं.

  16. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है.11 मई के अपडेट्स लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.