You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

अमेरिकी खुफिया विभाग की चीफ ने कहा, रूस यू्क्रेन में लंबी लड़ाई की तैयारी में

रूस यूक्रेन के पूर्वी इलाके डोनबास में जीत के बावजूद रुकना नहीं चाहता

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and दीपक मंडल

  1. तेजिंदर बग्गा को हाई कोर्ट से राहत, 5 जुलाई तक गिरफ़्तारी पर रोक

    पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने बीजेपी नेता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा को राहत देते हुए पाँच जुलाई तक गिरफ़्तारी पर रोक लगा दी है.

    पिछले दिनों हाई कोर्ट ने तेजिंगर बग्गा को अंतरिम राहत दी थी. दरअसल मोहाली कोर्ट ने तेजिंदग बग्गा के ख़िलाफ़ दूसरी बार वारंट जारी किया था.

    जिसके ख़िलाफ़ बग्गा ने पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया था. रात में सुनवाई करते हुए हाई कोर्ट ने बग्गा को अंतरिम राहत दी थी.

    अब हाईकोर्ट ने आज बग्गा की गिरफ्तारी पर 5 जुलाई तक रोक लगाने का फैसला लिया है.

    बीते शुक्रवार की सुबह पंजाब पुलिस ने दिल्ली के जनकपुरी इलाक़े से तेजिंदर पाल सिंह बग्गा को गिरफ़्तार किया. पंजाब पुलिस अपने अभियुक्त को लेकर पंजाब जा रही थी, जब रास्ते में कुरुक्षेत्र में हरियाणा पुलिस ने पंजाब पुलिस को रोक लिया..

    पंजाब पुलिस दल और तजिंदर बग्गा को हरियाणा पुलिस पीपली थाने लेकर पहुंची. इसी बीच दिल्ली में तेजिंदर पाल बग्गा के पिता की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज किया और लुकआउट नोटिस जारी किया.

    दिल्ली पुलिस की टीम ने तेजिंदर पाल बग्गा को हरियाणा पुलिस की मदद से अपनी कस्डटी में लिया और वापस लेकर दिल्ली आ पहुँची.

    तेजिंदर पाल सिंह बग्गा ने 'कश्मीर फाइल्स' फिल्म को लेकर आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के ख़िलाफ़ टिप्पणी करने के बाद आम आदमी पार्टी के नेता और मोहाली निवासी सनी अहलूवालिया की शिकायत पर 1 अपैल को पंजाब पुलिस ने एफ़आईआर दर्ज की थी.

  2. ब्रेकिंग न्यूज़, मशहूर संगीतकार और संतूर वादक शिव कुमार शर्मा का निधन

    मशहूर संगीतकार शिव कुमार शर्मा का निधन हो गया है. वे चर्चित संतूर वादक थे. हरि प्रसाद चौरसिया के साथ उनकी जोड़ी थी और शिव-हरि की जोड़ी ने कई फ़िल्मों में संगीत दिया था. शिव कुमार शर्मा 84 वर्ष के थे और कई बीमारियों से पीड़ित थे.

    पिछले कुछ महीनों से वे डायलिसिस पर थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक़ उनकी मौत कार्डियक अरेस्ट के कारण हुई. शिव-हरि की जोड़ी ने कई चर्चित फ़िल्मों में संगीत दिया था, जिनमें प्रमुख फ़िल्में थी- सिलसिला, लम्हे और चांदनी.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शिव कुमार शर्मा के निधन पर दुख व्यक्त किया है.

  3. मोदी सरकार की सहयोगी पार्टी जनता दल (यू) ने कहा- देश की अर्थव्यवस्था के हालात बहुत अच्छे नहीं

    केंद्र की एनडीए सरकार के सहयोगी और बिहार में सत्ताधारी जनता दल (यूनाइटेड) ने कहा है कि देश की अर्थव्यवस्था के हालात बहुत अच्छे नहीं है. पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा है कि रिज़र्व बैंक के फ़ैसलों पर भी आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि आरबीआई ने जो दो फ़ैसले सीआरआर और रेपो रेट पर लिए हैं, उस पर आरबीआई और केंद्र के बीच सहमति नहीं है. ये एक दिन बाद केंद्रीय वित्त मंत्री के बयान से भी स्पष्ट होता है.

    राजीव रंजन प्रसाद ने डॉलर के मुक़ाबले रुपए की गिरती क़ीमत पर भी चिंता जताई और कहा कि इससे आयात और महंगे होंगे और भारत को अपनी विदेशी पूँजी का बड़ा हिस्सा और ज़्यादा ख़र्च करने के लिए तैयार रहना होगा. उन्होंने मांग की कि केंद्र सरकार को आरबीआई और आर्थिक विशेषज्ञों की सहायता से अल्पकालिक और दीर्घकालिक रणनीति पर काम करना चाहिए. एक दिन पहले कांग्रेस पार्टी और इसके सांसद राहुल गांधी ने रुपए की क़ीमत को लेकर मोदी सरकार को घेरा था. कांग्रेस का कहना था कि मोदी सरकार की नीतियों के कारण अर्थव्यवस्था रसातल में जा रही है. कांग्रेस का कहना था कि रुपया आईसीयू में है.

  4. दिल्ली में शाहीन बाग़ के बाद न्यू फ़्रेंड्स कॉलोनी और मंगोलपुरी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई

    दिल्ली के शाहीन बाग़ के बाद नगर निगम ने न्यू फ़्रेंड्स कॉलोनी और मंगोलपुरी में अतिक्रमण के ख़िलाफ़ अभियान शुरू किया है. मंगोलपुरी और न्यू फ़्रेंड्स कॉलोनी में बुलडोज़र से अतिक्रमण हटाए जा रहे हैं.

    इन इलाक़ों में एमसीडी के अधिकारियों के साथ-साथ पुलिसकर्मी भी मौजूद हैं. सोमवार को शाहीन बाग़ में भी एमसीडी ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की थी. लेकिन यहाँ स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया. विरोध करने वालों में आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह ख़ान और पार्षद अब्दुल वाजिद ख़ान भी शामिल थे.

    दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के मेयर मुकेश सूर्यान ने इन दोनों के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज करने की मांग की थी. मुकेश सूर्यान ने इन दोनों नेताओं पर सरकारी कार्य में बाधा पहुँचाने का आरोप लगाया था. जबकि अमानतुल्लाह ख़ान ने इसे राजनीति कहा था.

    आम आदमी पार्टी के विधायक मुकेश अहलावत ने कहा है कि जब लोगों ने इलाक़ा ख़ाली कर दिया है, तो एमसीडी बुलडोज़र लाकर असुविधा क्यों खड़ी कर रही है. उन्होंने कार्रवाई तुरंत रोकने की मांग की है.

  5. दानिश सिद्दीक़ी सहित चार भारतीय पत्रकारों को मिला इस साल का पुलित्ज़र अवॉर्ड

    पत्रकारिता के सबसे सम्मानित पुरस्कार पुलित्ज़र अवॉर्ड 2022 का एलान सोमवार को किया गया और विजेताओं में दानिश सिद्दीक़ी सहित चार भारतीयों को ये सम्मान दिया गया है.

    रॉयटर्स के चार फोटो पत्रकारों दानिश सिद्दीक़ी, अमित दवे, अदनान अबिदी और सना इरशाद मट्टू का नाम इस साल के पुलित्ज़र विजेताओं की लिस्ट में शामिल है.

    इन सभी पत्रकारों को भारत में कोरोना महामारी के दौरान ली गई तस्वीरों के लिए ये अवॉर्ड दिया गया है.

    इससे पहले साल 2018 में दानिश सिद्दीक़ी को रोहिंग्या मुसलमानों के संकट पर ली गई एक तस्वीर के लिए पुलित्ज़र सम्मान से नवाज़ा गया जा चुका है.

    इसके अलावा यूक्रेन के पत्रकारों को विषम परिस्थियों में काम करते रहने के लिए पुलित्ज़र संस्थान ने प्रशस्ति पत्र दिया गया.

    इसके अलावा बीते साल 6 जनवरी को हुए अमेरिका के कैपिटल हिल हमले को कवर करने वाले पत्रकारों और अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान के सत्ता में वापसी की घटना को कवर करने वाले पत्रकारों के काम की भी सराहना की गई.

    इस साल 16 जुलाई को अफ़ग़ानिस्तान में अफ़ग़ान सुरक्षाबलों और तालिबान लड़ाकों के बीच संघर्ष को कवर करते हुए एक हमले में दानिश सिद्दीकी की मौत गई.

    दानिश अफ़ग़ानिस्तान के विशेष बल के साथ कंधार प्रांत में तैनात थे जहाँ से वो अफ़ग़ान कमांडो और तालिबान लड़ाकों के बीच संघर्ष की ख़बरें भेज रहे थे.

    वो तस्वीरें जिसके लिए मिला पुलित्ज़र अवॉर्ड

  6. पंजाब: पुलिस ख़ुफ़िया मुख्यालय पर हुए ग्रेनेड हमले को लेकर सीएम भगवंत मान ने क्या कहा?

    पंजाब के मोहाली में पुलिस ख़ुफ़िया मुख्यालय पर सोमवार देर शाम हुए ग्रेनेड हमले पर राज्य के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा है कि अपराधियों को बख़्शा नहीं जाएगा.

    मंगलवार की सुबह ट्वीट करते हुए मुख्यमंत्री मान ने लिखा, “मोहाली में हुए ब्लास्ट की जांच पुलिस कर रही है. जिसने भी हमारे पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिश की उसे बख़्शा नहीं जाएगा.”

    वहीं, दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इस हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है, “मोहाली ब्लास्ट उन लोगों की कायराना हरकत है जो पंजाब की शांति भंग करना चाहते हैं. आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार उन लोगों के मंसूबे पूरे नहीं होने देगी. पंजाब के सब लोगों के साथ मिलकर हर हालत में शांति क़ायम रखी जाएगी और दोषियों को कड़ी से कड़ी सज़ा दिलवाई जाएगी.”

    सोमवार की देर शाम 7.45 बजे रॉकेट जैसी चीज़ से पंजाब पुलिस ख़ुफ़िया मुख्यालय पर ग्रेनेड से हमला किया गया. धमाके से इमारत की खिड़की के दरवाज़े टूट गए.

    पंजाब पुलिस ने कहा है कि धमाके में किसी तरह का बड़ा नुकसान नहीं हुआ है और इलाक़े की घेराबंदी कर दी गई है. इस घटना के बाद पंजाब में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है.

    पुलिस की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया, “ शाम क़रीब 7:45 बजे एसएएस नगर में पंजाब पुलिस के ख़ुफ़िया मुख्यालय में एक मामूली विस्फोट की सूचना मिली. इसमें किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है, जांच के लिए फोरेंसिक टीमों को बुलाया गया है.”

    “इस मामले की जांच चल रही है और हमारे वरिष्ठ अधिकारी मौक़े पर मौजूद हैं. विस्फोट एक रॉकेट जैसी चीज़ से किया गया है और इसमें कोई हताहत नहीं हुआ है.”

    इससे पहले सोमवार को, खुफिया विंग ने राज्य की क़ानून प्रवर्तन एजेंसियों को कथित रूप से जैश-ए-मोहम्मद से मिली चिट्ठी के बाद सुरक्षा कड़ी करने के लिए कहा था.

    चिट्ठी में राज्य में वीआईपी लोगों को निशाना बनाने की धमकी दी गई थी. इसके साथ ही रेलवे स्टेशन, धार्मिक स्थलों और भीड़-भाड़ वाली जगहों पर धमाके करने की धमकी दी गई थी.

  7. तालिबान के नए ‘हिजाब नियम’ पर मलाला ने कहा- ये कदम महिलाओं को मिटा देगा

    नोबेल पुरस्कार विजेता और जानी-मानी पाकिस्तानी मानवाधिकार कार्यकर्ता मलाला यूसुफ़ज़ई ने तालिबान की ओर से महिलाओं के हिजाब को लेकर लाए गए नए नियम की आलोचना करते हुए कहा है कि ये लड़कियों को सार्वजनिक जीवन से मिटा देने वाला क़दम है.

    सात मई को अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार ने महिलाओं के लिए नए हिजाब नियम का एलान करते हुए कहा कि हर सम्मानित महिला को हिजाब पहनना होगा.

    सरकारी नोटिस में कहा गया है कि चंदोरी यानी नीले रंग का वो अफ़ग़ान बुर्का जिससे सिर से पैर तक ढक जाता है वो महिलाओं के लिए सबसे ‘बेहतर हिजाब’ है.

    मलाला ने इस नए फ़रमान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “लड़कियों को स्कूल जाने से रोक कर, काम पर जाने से रोक कर, बिना पुरुष अकेले सफ़र करने पर पाबंदी लगा कर और अब सिर से पैर तक महिलाओं को ज़बरदस्ती बुर्का पहना कर- तालिबान अफ़ग़ानिस्तानी महिलाओं को सार्वजनिक जीवन से मिटा देना चाहता है.”

    “हमें अफ़ग़ान महिलाओं की चिंता अपने बीचकायम रखना चाहिए, क्योंकि तालिबान अपने वादों को तोड़ता जा रहा है. अब भी, महिलाएं अपने मानवाधिकारों और सम्मान के लिए सड़कों पर उतर रही हैं, हम सभी को, और खासकर मुस्लिम देशों के लोगों को उनके साथ खड़ा होना चाहिए.”

    तालिबान के नए फ़रमान के तहत अब अफ़ग़ान महिलाओं को अपना पूरा चेहरा ढकना होगा.

    कोई भी महिला जो अपने परिवार के पुरुष सदस्यों की चेतावनियों का पालन करने से इनकार करती है या उनकी उपेक्षा करती है तो उस घर के पुरुष को तीन दिनों के जेल की सज़ा होगी.

  8. विक्ट्री डे के मौके पर रूस के राजदूत के ऊपर लाल रंग से हमला

    पोलैंड में रूस के राजदूत सर्गेई एंद्रीव पर विक्ट्री डे की सालगिरह के मौके प्रदर्शनकारियों ने लाल रंग के पेंट से हमला किया.

    एंद्रीव वारसॉ में सोवियत सैनिकों के सैन्य स्मारक पर फूल चढ़ाने पहुंचे थे जब प्रदर्शनकारियों ने उन पर लाल रंग का पेंट फेंका. रूस की सरकारी समाचार एजेंसी तास ने ये जानकारी दी है.

    उन पर हुए इस हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर ख़ूब वायरल हो रहा है.

    वीडियो में दिख रहा है कि वह प्रदर्शनकारियों की भीड़ से घिरे हैं और एक प्रदर्शनकारी बेहद करीब से उन पर लाल रंग फेंकता है. लेकिन एंद्रीव बिना उत्तेजित हुए शांत खड़े रहते हैं, वह अपना चेहरा साफ़ करते हैं लेकिन प्रदर्शनकारियों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देते.

    समाचार एजेंसी तास के मुताबिक़, “रूसी संघ के राजदूत, उनकी पत्नी और उनके साथ मौजूद राजनयिकों के एक समूह पर लाल रंग से हमला किया गया और उन्हें सैन्य स्मारक में भी नहीं जाने दिया गया.”

    "कार से बाहर निकलते ही एंद्रीव को आक्रामक प्रदर्शनकारियों ने घेर लिया. ये प्रदर्शनकारी सैन्य स्मारक पर यूक्रेनी झंडों के साथ रूस के विरोध नारेबाज़ी कर रहे थे."

    इसके बाद पुलिस ने राजनयिकों को सुरक्षित उनकी कार तक पहुंचाने में उनकी मदद की.

    द्वितीय विश्व युद्ध में नाज़ी जर्मनी पर जीत की याद में रूस 9 मई को विक्ट्री डे मनाता है.

    विक्ट्री डे के मौके पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भाषण में कहा कि रूस यूक्रेन में मातृभूमि की खातिर लड़ रहा है.

    इस साल फरवरी में रूस ने यूक्रेन पर हमला किया और दोनों देशों के बीच युद्ध अब तक युद्ध जारी है. पोलैंड की राजधानी में लोग यूक्रेन के समर्थन में और इस जंग के खिलाफ़ विरोध प्रदर्शन कर रहे थे.

  9. पंजाब पुलिस के ख़ुफ़िया विभाग मुख्यालय पर ग्रेनेड हमला, हाई अलर्ट जारी

    पंजाब के मोहाली में पुलिस ख़ुफ़िया मुख्यालय पर सोमवार की रात रॉकेट जैसी चीज़ से ग्रेनेड हमला किया गया.

    धमाके से इमारत की खिड़की के दरवाज़े टूट गए.

    पंजाब पुलिस ने कहा है कि धमाके में किसी तरह का बड़ा नुकसान नहीं हुआ है और इलाक़े की घेराबंदी कर दी गई है. ये धमाका सोमवार की रात 7.45 बजे हुआ. इस घटना के बाद पंजाब में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है.

    पुलिस की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया, “ शाम क़रीब 7:45 बजे एसएएस नगर में पंजाब पुलिस के ख़ुफ़िया मुख्यालय में एक मामूली विस्फोट की सूचना मिली. इसमें किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है, जांच के लिए फोरेंसिक टीमों को बुलाया गया है.”

    “इस मामले की जांच चल रही है और हमारे वरिष्ठ अधिकारी मौक़े पर मौजूद हैं. विस्फोट एक रॉकेट जैसी चीज़ से किया गया है और इसमें कोई हताहत नहीं हुआ है.”

    इस घटना पर पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने ट्वीट कर लिखा, “मोहाली में पुलिस ख़ुफ़िया मुख्यालय में विस्फोट के बारे में सुनकर हैरान हूँ. गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई. हमारे पुलिस बल पर यह हमला बेहद चिंताजनक है और मैं सीएम भगवंत मान से आग्रह करता हूँ कि अपराधियों पर जल्द से जल्द कार्रवाई करके न्याय करें.”

    इससे पहले सोमवार को, खुफिया विंग ने राज्य की क़ानून प्रवर्तन एजेंसियों को कथित रूप से जैश-ए-मोहम्मद से मिली चिट्ठी के बाद सुरक्षा कड़ी करने के लिए कहा था.

    चिट्ठी में राज्य में वीआईपी लोगों को निशाना बनाने की धमकी दी गई थी. इसके साथ ही रेलवे स्टेशन, धार्मिक स्थलों और भीड़-भाड़ वाली जगहों पर धमाके करने की धमकी दी गई थी.

  10. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है.9 मई के अपडेट्सके लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.