You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

अमेरिकी खुफिया विभाग की चीफ ने कहा, रूस यू्क्रेन में लंबी लड़ाई की तैयारी में

रूस यूक्रेन के पूर्वी इलाके डोनबास में जीत के बावजूद रुकना नहीं चाहता

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and दीपक मंडल

  1. प्ले ऑफ़ में जगह बनाने वाली पहली टीम बनी गुजरात टाइटंस

    आईपीएल की शीर्ष दो टीमों के बीच मुक़ाबले में गुजरात टाइटंस ने अपना दबदबा साबित करते हुए लखनऊ सुपर जाइटंस को 62 रनों से हरा दिया.

    पहले बल्लेबाज़ी करते हुए गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए लो स्कोरिंग पिच पर चार विकेट पर 144 रन बनाए. सलामी बल्लेबाज़ शुभमन गिल ने टीम की ओर से सबसे ज़्यादा नाबाद 63 रन बनाए.

    49 गेंदों की अपनी पारी में उन्होंने सात चौके लगाए. उनक अलावा डेविड मिलर ने 26 रन बनाए जबकि राहुल तेवतिया ने महज 16 गेंदों पर नाबाद 22 रन बनाए. जबकि कप्तान हार्दिक पांड्या महज 11 रन बना सके.

    लखनऊ की ओर से मोहसिन ख़ान ने चार ओवरों में 18 रन देकर एक विकेट लिया. जबाव में लखनऊ सुपर जाइटंस की टीम शुरुआत से ही संभल नहीं सकी. क्विंटन डि कॉक, दीपक हुड्डा और आवेश ख़ान के अलावा कोई बल्लेबाज़ दहाई अंक में नहीं पहुंच सका. पूरी टीम 13.5 ओवरों में 82 रनों पर सिमट गई. कप्तान लोकेश राहुल महज आठ रन बना सके.

    गुजरात टाइटंस की ओर से राशिद ख़ान न 3.5 ओवरों में 24 रन देकर चार विकेट चटकाए. इस जीत के साथ ही इस सीज़न प्ले ऑफ़ में जगह बनाने वाली पहली टीम बन गयी है.

  2. अमेरिकी खुफिया विभाग की चीफ ने कहा, रूस यू्क्रेन में लंबी लड़ाई की तैयारी में

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन में लंबी लड़ाई की तैयारी कर रहे हैं. अमेरिका ने चेतावनी दी है कि अमेरिका यूक्रेन की लड़ाई को लंबा खींचना चाहता है. यूक्रेन के पूर्वी इलाके डोनबास में जीत के बावजूद वह रुकना नहीं चाहता.

    अमेरिका में नेशनल इंटेलिजेंस की प्रमुख एवरिल हैन्स ने सीनेट की सुनवाई के दौरान कहा कि अगले कुछ महीनों में रूस यूक्रेन में अपने हमले और तेज कर सकता है.उन्होंने कहा कि युद्ध के मौजूदा ट्रेंड को देख कर ऐसा लग रहा है कि पुतिन और नाटकीय कदम उठा सकते हैं.

    हैन्स ने चेतावनी दी है कि रूस ट्रांसनिस्ट्रिया के टूटे हुए मोलडोवा इलाके के लिए एक लैंड ब्रिज की तलाश कर रहा है. पुतिन रूस में मार्शल लॉ लागू भी लगा सकते हैं.

    लेकिन रूस अपने परमाणु हथियारों का इस्तेमाल तभी करेगा जब उसके अस्तित्व को खतरा होगा.

  3. यूक्रेन का दावा, अब तक 26 हजार रूसी सैनिकों को मारा

    यूक्रेन ने दावा किया है कि 24 फरवरी को उस पर आक्रमण के बाद उसकी सेना ने 26 हजार रूसी सैनिकों को मार दिया है. यूक्रेन के सेनाध्यक्ष ने इसका ब्योरा भी दिया है.

    यूक्रेनी सेना के मुताबिक 26 हजार रूसी सैनिकों के मारने के साथ ही उसने उसके 1170 टैंक, 2808 बख्तरबंद गाड़ियां, 519 आर्टिलरी सिस्टम, 185 मल्टीपल लॉन्च रॉकेट सिस्टम और 87 एंटी एयक्राफ्ट वारफेयर सिस्टम जब्त कर लिया है.

    इसके अलावा 199 लड़ाकू विमान, 158 हेलीकॉप्टर, 1980 गाड़ियां और फ्यूल टैंकर भी बरामद किए गए हैं. 380 ड्रोन, 94 क्रूज मिसाइलें और 41 यूनिट खास तरह के उपकरण भी बरामद हुए हैं.

  4. कश्मीर फाइल्स पर शशि थरूर का विवेक अग्निहोत्री को जवाब, कहा- इसमें मेरी पत्नी को घसीटना ठीक नहीं

    कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने फिल्म ‘कश्मीर फाइल्स’ पर सिंगापुर में बैन से जुड़े ट्वीट के बाद मिली प्रतिक्रिया पर जवाब दिया है. शशि थरूर ने ट्वीट किया था कि जिस फिल्म को भारत की सत्ताधारी पार्टी प्रचारित कर रही थी उसे सिंगापुर ने बैन कर दिया है. इसके बाद फिल्म के निर्देशक विवेक अग्निहोत्री ने इस पर कमेंट किया था और इसमें उनकी पत्नी का नाम लिया था.

    इस पर शशि थरूर ने अपने जवाब में कहा, ‘’ मैंने तो एक तथ्यात्मक खबर को ट्ट्वीट किया था. मैंने 'कश्मीर फाइल्स' के कंटेंट पर कोई टिप्पणी नहीं की थी. ये फिल्म मैंने देखी भी नहीं है. मैंने कहीं भी कश्मीरी पंडितों की त्रासदी का मजाक नहीं उड़ाया है. लेकिन इसमें मेरी पत्नी सुनंदा को घसीटने की कोई जरूरत नहीं है.

    इस जवाब में उन्होंने लिखा है, '' इस तरह के कमेंट अवमानना हैं. उनके विचारों के बारे में कोई भी मुझसे ज्यादा नहीं जानता. मैं सोपोर के बोमाई में खंडहर में तब्दील हो चुके सुनंदा के पैतृक घर तक गया था. उस दौरान मैंने उनके पड़ोसियों से बात की थी. उनमें हिंदू भी थे और मुसलमान भी . उनके न रहने पर उनके बारे में इस तरह की बात की जा रही है. लेकिन मैं जानता हूं वह मिलजुल कर रहने में विश्वास करती थीं, नफरत में नहीं. ''

    विवेक अग्निहोत्री ने शशि थरूर के ट्वीट पर कमेंट करते हुए लिखा था. ‘’ आपकी जानकारी के लिए बता दूं कि सिंगापुर का सेंसर बोर्ड सबसे पुरातनपंथी है. अपनी मैडम से पूछिएगा, सिंगापुर ने तो ‘लास्ट टेंपटेशन ऑफ जीसस क्राइस्ट को भी बैन कर दिया था. ‘ वहां तो TheLeelaHotelFiles कही जाने वाली रोमांटिक फिल्म भी बैन हो जाएगी. प्लीज कश्मीरी हिंदुओं के नरसंहार का मजाक न उड़ाएं.

    अनुपम खेर ने कहा - थरूर साहब, थोड़ी संवेदनशीलता दिखाइए

    फिल्म अभिनेता अनुपम खेर ने भी इस मामले में शशि थरूर को घेरने की कोशिश की. खेर ने ट्वीट किया, '' डियर शशि थरूर कश्मीरी हिंदुओं के नरसंहार पर आपकी यह बेरुखी दुखदायी है. और कुछ नहीं तो आपको सुनंदा की खातिर कश्मीरी पंडितों के प्रति थोड़ी संवेदनशीलता दिखानी चाहिए थी. कोई देश अगर कश्मीर फाइल्स को बैन कर दे तो आपको इस तरह खुश नहीं होना चाहिए. ''

  5. बीबीसी हिंदी का डिजिटल बुलेटिन 'दिनभर', 10 मई 2022, सुनिए फ़ैसल मोहम्मद अली से

  6. नवनीत राणा को बीएमसी का नोटिस, अवैध निर्माण पर कार्रवाई की चेतावनी

    बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने अमरावती से निर्दलीय सांसद नवनीत राणा और उनके विधायक पति रवि राणा को कारण बताओ नोटिस भेजा है. बीएमसी ने सेक्शन 351 (1ए) के अंतर्गत ये नोटिस भेजा है. ये नोटिस उनके खार स्थित आवास में कथित रूप से अवैध निर्माण को लेकर है. नवनीत राणा और रवि राणा से एक सप्ताह के अंदर जवाब भेजने को कहा गया है.

    बीएमसी ने नोटिस में कहा है कि अगर एक सप्ताह के अंदर वाजिब वजह बताने में वे नाकाम रहते हैं, तो बीएमसी उनकी अनुमति के बिना नोटिस में ज़िक्र निर्माण पर कार्रवाई करेगा और उन पर भी सेक्शन 475 ए के अंतर्गत मुक़दमा दर्ज होगा. बीएमसी के अधिकारियों ने नवनीत राणा और रवि राणा के खार स्थित आवास का सोमवार को निरीक्षण किया था.

    नवनीत राणा और रवि राणा उस समय सुर्ख़ियों में आए थे, जब उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के निजी निवास मातोश्री के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ करने की घोषणा की थी. इसके बाद शिवसैनिकों ने उनके घर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया. बाद में मुंबई पुलिस ने उन्हें गिरफ़्तार कर लिया. मुंबई पुलिस ने उनके ख़िलाफ़ राजद्रोह का मामला दर्ज किया है. फ़िलहाल राणा दंपती ज़मानत पर बाहर हैं.

  7. Live: मोहाली में हुआ धमाका क़ानून-व्यवस्था के लिए कितनी बड़ी चुनौती?

    पंजाब के पूर्व पुलिस महानिदेशक शशि कांत से बात कर रहे हैं बीबीसी के अरविंद छाबड़ा.

  8. राज ठाकरे ने उद्धव ठाकरे को लिखी चिट्ठी और कहा- हमारे सब्र का इम्तिहान न लें

    महाराष्ट्र में सरकार और राज ठाकरे की पार्टी मनसे के बीच तनातनी और बढ़ गई है.

    मनसे की ओर दी जा रही चेतावनी और उद्धव ठाकरे सरकार की ओर से पार्टी कार्यकर्ताओं के ख़िलाफ़ कार्रवाई के बाद राज ठाकरे ने उद्धव को चिट्ठी लिखी है.

    उद्धव ठाकरे को लिखी चिट्ठी में राज ठाकरे ने लिखा है, '' मुझे राज्य सरकार को सिर्फ़ एक ही बात कहनी है. हमारे धैर्य के चूकने का इंतज़ार न करें. सत्ता आती-जाती रहती है. कोई भी सत्ता का ताम्रपत्र लेकर नहीं आया है. उद्धव ठाकरे, आप तो इसे नहीं ही लाए हैं. ‘’

    मनसे कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई पर भड़के

    उन्होंने आगे चिट्ठी में लिखा है- सभी देशवासियों को मैंने मस्जिद से लाउडस्पीकर हटाने को कहा था. इसके बाद महाराष्ट्र सरकार अपना होश खो बैठी है. सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के आदेश का पालन कराने के लिए चार मई को लाउडस्पीकर हटाने का आंदोलन शुरू किया था.'

    राज ठाकरे ने लिखा है, ‘’सरकार ने 28 हज़ार कार्यकर्ताओं को प्रतिबंधात्मक नोटिस दी, उनको तड़ी पार किया और जेल मे डाला. आख़िर क्यों? मनसे कार्यकर्ताओं के ख़िलाफ़ कारवाई करने के आदेश पुलिस को किसने दिए ये महाराष्ट्र की जनता खुली आंखों से देख रही है. राज्य सरकार को मेरा एक ही निवेदन है. हमारे सब्र का अंत न देखे. सत्ता आती-जाती रहती है. उद्धव ठाकरे आप की भी. ‘’

    महाराष्ट्र में राज ठाकरे ने पिछले कुछ दिनों से मस्जिदों से लाउडस्पीकरों को हटाने की मांग को लेकर अभियान चला रखा है.

    उन्होंने सरकार के लिखे एक पत्र में साफ चुनौती दी थी कि किसी भी मस्जिद से लाउडस्‍पीकर से आवाज़ आई, तो वो वहाँ पर हनुमान चालीसा का पाठ उसी तरह से करेंगे.

    इसे देखते हुए राज्‍य सरकार ने न सिर्फ धार्मिक स्‍थलों पर सुरक्षा व्‍यवस्‍था को चाक-चौबंद कर दिया था बल्कि राज ठाकरे के घर के बाहर भी सुरक्षा व्‍यवस्‍था पुख्ता कर दी थी.

  9. कर्नाटक में लाउडस्पीकर के इस्तेमाल के लिए करना होगा नए सिरे से आवेदन

      • Author, इमरान क़ुरैशी
      • पदनाम, बेंगलुरु से, बीबीसी हिंदी के लिए

    कर्नाटक की सरकार ने फ़ैसला किया है कि धार्मिक और अन्य संस्थानों में लाउडस्पीकर के इस्तेमाल के लिए अगले 15 दिनों में नए सिरे से आवेदन देना होगा. मुख्य सचिव पी रवि कुमार ने पर्यावरण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव जावेद अख़्तर को भेजे एक नोट में कहा है- सभी संबंधित पक्षों को तत्काव प्रभाव से ये ज़रूरी सरकारी आदेश या दिशा-निर्देश भेजा जाए. शीर्ष पुलिस अधिकारियों और अन्य विभागों के शीर्ष अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई की मुलाक़ात के बाद ये आदेश जारी हुआ है.

    इस बैठक में ये स्पष्ट किया गया कि सुप्रीम कोर्ट का आदेश और राज्य सरकार के पहले के आदेश सख़्ती से लागू होने चाहिए. ध्वनि प्रदूषण (नियमन और नियंत्रण) नियम, 2000 के मुताबिक़ दिन का समय सुबह छह बजे से रात 10 बजे तक निर्धारित किया गया है, जबकि रात्रि का समय रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक तय है. नियम के मुताबिक़ रात में लाउडस्पीकरों का इस्तेमाल प्रतिबंधित है. सरकारी नोट के मुताबिक़ जो भी संस्था लाउडस्पीकर के इस्तेमाल के लिए ताज़ आवेदन नहीं करेगी, उन्हें अपने आप लाउडस्पीकर हटा लेना चाहिए, अन्यथा संबंधित विभाग इसे हटा देगा. इसके अलावा लाउडस्पीकरों के इस्तेमाल को लेकर आवेदन पर फ़ैसला करने के लिए अलग-अलग स्तर पर कमेटी का भी गठन किया जाएगा.

    बेंगलुरू में जुम्मा मस्जिद के मौलाना मक़सूद इमरान रशीदी ने बीबीसी हिन्दी को बताया- हम मुस्लिम विधायकों और धार्मिक प्रमुखों से चर्चा कर रहे हैं. हम कल तक कोई फ़ैसला लेने की स्थिति में होंगे, इसके बाद ही कोई औपचारिक घोषणा होगी. अपना नाम न ज़ाहिर करने की शर्त पर एक विधायक ने बीबीसी हिन्दी को बताया- ये संभव है कि ये सहमति हो जाए कि सुबह की अज़ान मस्जिद के परिसर में बिना लाउडस्पीकर्स के हो. सोमवार को श्रीराम सेने ने राज्य के कई ज़िलों में मंदिरों में हनुमान चालीसा और भजन का पाठ किया था. वे इसका विरोध कर रहे थे कि राज्य सरकार मस्जिदों से अज़ान को नहीं रोक पा रही है.

  10. महबूबा मुफ़्ती ने कहा- अगर इनमें दम है, तो ताजमहल और लाल क़िले को मंदिर बनाकर दिखाएँ

    जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की प्रमुख महबूबा मुफ़्ती ने कहा है कि केंद्र की बीजेपी सरकार लोगों को नौकरी देने में नाकाम रही है. पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि महंगाई बढ़ रही है और देश की संपत्ति बेची जा रही है.

    महबूबा मुफ़्ती ने कहा- हमारा देश ग़रीबी के मामले में बांग्लादेश, पाकिस्तान और नेपाल से भी पीछे हैं. केंद्र सरकार के पास लोगों को देने के लिए कुछ नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि ध्यान भटकाने के लिए लोगों को मुसलमानों के पीछे लगाया जा रहा है. उन्होंने कहा- मुग़लों के वक़्त जो चीज़ें बनी हुई हैं जैसे, ताजमहल, मस्जिदें, क़िले- ये उन्हें बिगाड़ना चाहते हैं, उनके पीछे पड़े हुए हैं. इससे कुछ हासिल नहीं होगा. देश का पैसा लूटकर विदेश भाग गए लोगों से पैसा वसूलने की बजाए ये लोग मुग़ल काल की इमारतों को बिगाड़ना चाहते हैं.

    महबूबा मुफ़्ती ने कहा- अगर इनमें दम है, तो ताजमहल, लाल क़िले को मंदिर बनाकर दिखाएँ, फिर देखते हैं कि कितने लोग इस देश को देखने के लिए यहाँ आएँगे.

    इस बीच मंगलवार को हिंदूवादी संगठन महाकाल मानव सेना के कार्यकर्ता दिल्ली की ऐतिहासिक इमारत कुतुब मीनार का नाम बदल कर विष्णु स्तंभ करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं.

    ये विरोध प्रदर्शन दक्षिण दिल्ली के महरौली इलाके में स्थित कुतुबमीनार के पास ही किया जा रहा है. कुतुबमीनार को यूनेस्को ने विश्व धरोहर घोषित किया है.

  11. श्रीलंका में हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बीच भारत ने कहा- हम अपने क़रीबी पड़ोसी के साथ

    भारत ने कहा है कि श्रीलंका का क़रीबी पड़ोसी होने और उसके साथ ऐतिहासिक संबंध होने के नाते, भारत उसके लोकतंत्र, स्थिरता और आर्थिक स्थिति में सुधार को लेकर पूरी तरह साथ है. भारतीय विदेश मंत्रालय ने एक सवाल के जवाब में कहा कि पड़ोसियों को प्राथमिकता देने की अपनी नीति के मद्देनज़र भारत ने मौजूदा कठिनाइयों से निपटने के लिए श्रीलंका के लोगों को सिर्फ़ इस साल 3.5 अरब डॉलर से ज़्यादा की राशि का सहयोग दिया है.

    विदेश मंत्रालय के मुताबिक़ इसके अलावा भारत ने ज़रूरी सामनों जैसे खाद्यान्न और दवाओं की कमी को पूरा करने में भी मदद दी है. इस समय श्रीलंका अब तक की सबसे बुरे आर्थिक दौर से गुज़र रहा है. भारत ने कई मौक़े पर श्रीलंका की मदद की है. एक दिन पहले ही मौजूदा स्थिति को देखते हुए महिंदा राजपक्षे ने प्रधानमंत्री के पद से इस्तीफ़ा दे दिया था. सोमवार का दिन श्रीलंका में हिंसक प्रदर्शनों का दिन रहा. कई बार सरकार समर्थकों और सरकार विरोधियों में झड़प हुई. कई सांसदों के घरों में आ लगा दी गई. प्रदर्शनकारियों ने महिंदा राजपक्षे के पैतृक घर में भी आग लगा दी.

  12. तेजस्वी यादव की सलाह, पेपर लीक होने पर परीक्षार्थियों को ज़्यादा मौक़े मिलने चाहिए

    बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कहा है कि बीपीएससी या इस तरह की राज्य की कोई प्रतियोगी परीक्षा रद्द होती है या रिजल्ट आने में देरी होती है, तो छात्रों के लिए ख़ास प्रावधान किए जाने चाहिए. इन वजहों से किसी परीक्षार्थी का कोई अवसर हाथ से निकलता है, तो उसे एक्सटेंशन मिलना चाहिए.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक तेजस्वी यादव ने कहा कि बीजेपी बिहार में लोगों को असली मुद्दों से भटकाने की कोशिश कर रही है. बेरोज़गारी, महंगाई, ग़रीबी और जाति जनगणना जैसे मुद्दों पर बात नहीं हो रही है. सिर्फ़ हिंदू-मुस्लिम, लाउडस्पीकर, बुलडोज़र की बात हो रही है.

    इससे पहले सोमवार को उन्होंने कहा था बिहार लोक सेवा आयोग का नाम ‘लीक’ आयोग होना चाहिए. उन्होंने नीतीश कुमार सरकार से उन उम्मीदवारों को मुआवज़ा देने की मांग की, जो लंबी दूरी तय कर परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देने पहुँचे थे.

    इस रविवार को पेपर लीक होने के कारण बीपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा रद्द कर दी गई थी.

  13. मोदी पर राहुल का वार, कहा- गरीबों के संसाधन चंद अमीरों को बांट रहे हैं

    गुजरात में अगले साल चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को आदिवासी सत्याग्रह रैली में पीएम नरेंद्र मोदी पर जोरदार हमले किए.

    राहुल ने कहा, ''मोदी पीएम के तौर पर देश में वही कर रहे हैं जो उन्होंने गुजरात में सीएम रहते हुए कहा. वो दो भारत बना रहे हैं. एक अमीरों का एक और गरीबों का. इस देश के संसाधन गरीबों के हैं लेकिन उन्हें चंद अमीर लोगों को बांटा जा रहा है.''

    राज्य के दाहोद जिले की आदिवासी सत्याग्रह रैली में राहुल ने कहा, ''गुजरात की हर ईंट को आदिवासियों ने अपने खून-पसीने से सींचा है. लेकिन उन्हें उनके हक़ और हिस्से की भागीदारी से वंचित रखा गया. आदिवासी, जल, जंगल और जमीन का आंदोलन है. मैं गारंटी देता हूं कि गुजरात की कांग्रेस सरकार में जो आदिवासी की आवाज़ और इच्छा है, सरकार वही करेगी.''

    राहुल ने पीएम नरेंद्र मोदी पर हमले करते हुए कहा, ''जब बीजेपी सत्ता में आई तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनरेगा का मजाक उड़ाते हुए कहा था वो इसे रद्द नहीं कर करेंगे ताकि दुनिया को पता चल सके कि कांग्रेस ने क्या किया है. लेकिन अगर मनरेगा नहीं होता तो हर शख्स को कोविड के दौरान देश की हालत के बारे में पता चल गया होता. आप सोच सकते हैं कि कोविड में देश की क्या हालत होती.''

    वडगाम के विधायक जिग्नेश मेवाणी का जिक्र करते हुए राहुल ने कहा कि गुजरात ही एक ऐसा राज्य है जहां हमें विरोध प्रदर्शन के लिए अनुमति लेनी होती है. जिग्नेश मेवाणी को इसी वजह से तीन महीने जेल में रहना पड़ा. लेकिन उन्हें दस साल भी जेल में रखा गया तो वह झुकेंगे नहीं.

  14. पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान चुनावी मोड में क्या-क्या कर रहे हैं? वुसअत का व्लॉग

    पाकिस्तान भीषण गर्मी और बिजली संकट से जूझ रहा है. और इस भीषण गर्मी के बीच पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ये चाहते हैं कि देश के कोने-कोने से कम से कम 20 लाख लोग इस्लामाबाद में धरना दें ताकि सरकार जल्द से जल्द चुनाव कराने पर मजबूर हो जाए.

    इमरान ख़ान अपनी सरकार गिरने को लेकर तरह-तरह के दावे भी करते हैं, कभी कहते हैं कि अमेरिका ने उनकी सरकार गिराई है. कभी वो कहते हैं कि पिछले साल जुलाई में उन्हें अंदाजा हो गया था कि नवाज़ शरीफ़ उनकी सरकार गिराने की साजिश रच रहे हैं.

    कभी वो कहते हैं कि वो जनरल फैज़ हमिद को और छह महीने के लिए आईएसआई का चीफ़ रखना चाहते थे इसलिए बात बिगड़ गई. देखिए पाकिस्तान की राजनीतिक उथल-पुथल पर वहां के वरिष्ठ पत्रकार वुसअतुल्लाह ख़ान की ख़ास टिप्पणी.

  15. हिंदुओं को अल्पसंख्यक का दर्जा मिले या नहीं, ये तय करने के लिए केंद्र के पास तीन महीने का वक़्त: सुप्रीम कोर्ट

      • Author, सुचित्र मोहंती, बीबीसी हिंदी के लिए

    सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को कुछ राज्यों में हिंदुओं को अल्पसंख्यक का दर्जा दिए जाने के मुद्दे पर चर्चा के लिए तीन महीने का वक़्त दिया है.

    सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से कहा है कि अगर वह कुछ राज्य, जहां हिंदुओं की आबादी अन्य धर्मों की तुलना में कम है, वहां उन्हें अल्पसंख्यक का दर्जा देने के लिए राज्यों के साथ चर्चा करना चाहती है तो उसे ऐसा करना चाहिए. ये ऐसे मामले हैं जिनके समाधान की आवश्यकता है, सबकुछ एक वक्त में तय नहीं किया जा सकता है.

    जस्टिस संजय किशन कौल की अगुवाई वाली सुप्रीम कोर्ट की दो जजों की पीठ ने यह टिप्पणी की. कोर्ट ने ऐसा इसलिए कहा क्योंकि केंद्र ने इस मामले में अधिक समय की मांग की थी.

    केंद्र ने सोमवार को अदालत में हलफ़नामा दायर कर कहा था कि इस मुद्दे के दूरगामी प्रभाव होंगे और इस मामले में राज्यों से परामर्श करने के लिए उसे और समय चाहिए.

    सुप्रीम कोर्ट में बीजेपी के नेता और वकील अश्विनी कुमार उपाध्याय ने एक जनहित याचिका दायर की है जिसमें पंजाब सहित नौ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में हिंदुओं को अल्पसंख्यक का दर्जा देने की मांग की गई है, तर्क है कि इन राज्यों में हिंदू बाकि धर्मों के मुकाबले संख्या में कम हैं.

  16. श्रीलंका में अराजक हुए हालात, महिंदा राजपक्षे के इस्तीफ़े से क्या होगा

    अंग्रेज़ों की 150 साल की हुक़ूमत के बाद साल 1948 में आज़ाद होने वाला श्रीलंका, आज़ादी के बाद के अपने सबसे बुरे दौर से गुज़र रहा है.

    सोमवार को देश के प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे ने इस्तीफ़ा दे दिया. उन्होंने राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे को अपना इस्तीफ़ा भेज दिया. राष्ट्रपति उसे स्वीकार करते हैं या नहीं, यह आज स्पष्ट हो जाएगा.

    स्थानीय मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक़, राष्ट्रपति भवन में गोटाबाया राजपक्षे के नेतृत्व में सोमवार को हुई बैठक में शामिल महिंदा राजपक्षे से इस्तीफ़ा देने का अनुरोध किया, जिसे उन्होंने मान लिया.

    श्रीलंका में कैबिनेट को सूचना दी गई कि प्रधानमंत्री राजपक्षे ने देश के ख़राब आर्थिक हालात को संभालने में नाकाम रहने का हवाला देते हुए इस्तीफ़ा दिया है. उनके इस्तीफ़े से कैबिनेट भी भंग हो गई है.

    राजपक्षे ने इस्तीफ़ा देने से पहले कहा कि अगर उनके इस्तीफ़े से देश का मौजूदा आर्थिक संकट ख़त्म होता है तो वो इसके लिए तैयार हैं.

  17. कुतुब मीनार का नाम बदल कर विष्णु स्तंभ करने की मांग, दिल्ली में विरोध प्रदर्शन

    हिंदूवादी संगठन महाकाल मानव सेना के कार्यकर्ता दिल्ली की ऐतिहासिक इमारत कुतुब मीनार का नाम बदल कर विष्णु स्तंभ करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं.

    ये विरोध प्रदर्शन दक्षिण दिल्ली के महरौली इलाके में स्थित कुतुबमीनार के पास ही किया जा रहा है.

    कुतुबमीनार को यूनेस्को ने विश्व धरोहर घोषित किया है.

    इसके अलावा यूनाइटेड हिंदू फ्रंट सहित कुछ हिंदूवादी संगठनों ने यहां हनुमान चालीसा का पाठ भी किया जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया.

    यूनाइटेड हिंदू फ्रंट नाम के संगठन का कहना है कि कुतुब मीनार वास्तव में विष्णु स्तंभ ही है. इस मीनार को जैन और हिंदू मंदिरों को तोड़कर बनाया गया था.

  18. यूक्रेन में जंग के बीच रूस का शक्ति प्रदर्शन

    रूस में विक्ट्री डे के मौके पर माना जा रहा था कि राष्ट्रपति पुतिन कोई बड़ा एलान कर सकते हैं.

    लेकिन उनके भाषण में ज़्यादा फ़ोकस यूक्रेन पर रूस के हमले को जायज़ ठहराने पर था.

    पुतिन ने जंग का दोष नेटो और पश्चिमी देशों पर मढ़ा है.

    लेकिन दूसरी ओर ऐसे वीडियो सामने आ रहे हैं, जो बता रहे हैं कि रूसी सैनिक यूक्रेन में आम लोगों को निशाना बना रहे हैं.

  19. एलन मस्क ने ताजमहल पर की टिप्पणी और फिर सामने आया एक दिलचस्प किस्सा

    टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने अपनी ताजमहल यात्रा को याद करते हुए कहा कि ये वाकई में अजूबा है.

    हिस्ट्री डिफाइनंड नाम के एक अकाउंट से किए गए एक ट्वीट के जवाब में एलन मस्क ने लिखा- यह बेहद ख़ूबसूरत है. मैं 2007 में यहाँ गया और ताजमहल देखा,ये वास्तव में दुनिया का एक अजूबा है.”

    इस ट्वीट पर उनकी मां मय मस्क ने एलन के दादा-दादी की साल 1954 में की गई ताजमहल यात्रा की तस्वीरें शेयर करते हुए एक दिलचस्प किस्सा शेयर किया.

    उन्होंने लिखा, “1954 में तुम्हारे दादा-दादी दक्षिण अफ़्रीका से ऑस्ट्रेलिया जाते समय ताजमहल देखने गए थे. वे एक इंजन वाले प्रोपेलर विमान में रेडियो या जीपीएस के बिना इस यात्रा को करने वाले एकमात्र कपल थे. उनकी ज़िंदगी का उद्देश्य था- सावधानी के साथ ख़तरनाक तरीक़े से जियो.”

    फिर सुर्खियों में ताजमहल

    ताजमहल इन दिनों सुर्खियों में बना हुआ है. इलाहाबाद हाई कोर्ट में दायर याचिका में दावा किया गया है कि ताजमहल एक शिव मंदिर पर बना है.

    बीते दिनों इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ बेंच में एक याचिका दायर कर आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ़ इंडिया से ताजमहल के 22 बंद दरवाज़ों की जाँच करवाने की मांग की है ताकि वहाँ हिंदू देवी-देवताओं की मूर्तियों का पता लगाया जा सके.

    याचिका में मांग की गई है कि इसके लिए फ़ैक्ट फ़ाइंडिंग कमेटी का गठन किया जाए और एएसआई अपनी जाँच रिपोर्ट अदालत के समक्ष दाख़िल करे.

    याचिका में कहा गया है, “कुछ हिंदू समूह और प्रबुद्ध संतों का दावा है कि यह मक़बरा एक पुराना शिव मंदिर है और उनके इस दावे को कई इतिहासकारों का भी समर्थन है. हालाँकि बहुत से इतिहासकार मानते हैं कि यह मुग़ल बादशाह शाहजहाँ का बनवाया ताजमहल ही है .कुछ लोगों का यह भी मानना ​​है कि तेजो महालय उर्फ़ ​​ताज महल एक ज्योर्तिलिंग है.”

  20. पाकिस्तान के राष्ट्रपति ने पीएम शहबाज़ शरीफ़ की ये सलाह ठुकराई

    पाकिस्तान के राष्ट्रपति आरिफ़ अल्वी ने पंजाब के गवर्नर उमर सरफ़राज़ चीमा को हटाने की प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ की सलाह को ठुकरा दिया है. सोमवार रात राष्ट्रपति कार्यालय ने ट्वीट कर विस्तार से इस फ़ैसले की वजह बताई है. राष्ट्रपति कार्यालय ने बताया है कि पंजाब के गवर्नर को राष्ट्रपति की स्वीकृति के बिना हटाया नहीं जा सकता. राष्ट्रपति कार्यालय ने पाकिस्तान के संविधान में अनुच्छेद 101 (3) के मुताबिक़- राष्ट्रपति की सहमति तक गवर्नर अपने पद पर बने रहेंगे.

    राष्ट्रपति आरिफ़ अल्वी ने ये भी कहा है कि पंजाब के गवर्नर पर किसी तरह के ग़लत व्यवहार का आरोप नहीं है और न ही किसी अदालत ने उन्हें किसी मामले में दोषी ठहराया है. उन्होंने ये भी कहा कि पंजाब के मौजूदा गवर्नर उमर सरफ़राज़ चीमा ने कोई भी असंवैधानिक काम नहीं किया है, जिससे उन्हें हटाया जा सके.

    शहबाज़ शरीफ़ की सरकार ने पिछले सप्ताह राष्ट्रपति के पास चीम को हटाने की सिफ़ारिश भेजी थी. इमरान ख़ान ने अपनी सत्ता के आख़िरी दिनों में चीमा को पंजाब का गवर्नर नियुक्त किया था. पिछले दिनों पंजाब में उस समय संवैधानिक संकट पैदा हो गया था, जब चीमा ने हम्ज़ा शहबाज़ को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाने से इनकार कर दिया था. बाद में इस मामले में लाहौर हाई कोर्ट ने हस्तक्षेप किया और फिर नेशनल असेंबली के स्पीकर ने हम्ज़ा को शपथ दिलाई.