श्रीलंका में सरकार समर्थक और विरोधियों के बीच हिंसक झड़प, महिंदा राजपक्षे की जनता से अपील

इमेज स्रोत, Ranjan Arun Prasad/ BBC Tamil
श्रीलंका में सोमवार को सरकार विरोधी और समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हो गई. कोलंबो में गॉल फेस में प्रदर्शन के दौरान सरकार समर्थक और प्रदर्शनकारी भिड़ गए. प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे के समर्थकों और सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों ने एक दूसरे पर हमले कर दिए.
गॉल फेस पर पिछले एक महीने से प्रदर्शनकारी जमा हैं. हालांकि अब तक प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा है. प्रदर्शनकारी राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे और उनके मंत्रिमंडल से इस्तीफे की मांग कर रहे हैं.
लेकिन सोमवार को महिंदा राजपक्षे के समर्थक कोलंबो में उनके घर के आगे जमा हो गए और उनसे इस्तीफा न देने को कहा. इनमें से कुछ लोगों ने महिंदा राजपक्षे से मुलाक़ात कर उनसे बात भी की. बाद में वे वहाँ से निकले और एलान किया कि वे गॉल फेस पर प्रदर्शन स्थल की ओर कूच करेंगे.
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त
पुलिस ने इन घटनाओं को कवर कर रहे पत्रकारों के खिलाफ भी बल प्रयोग भी किया. इस बीच, महिंदा राजपक्षे के समर्थक गॉल फेस के प्रदर्शन स्थल पर पहुँच गए. हालांकि सुरक्षा बल उन्हें रोकते रहे. राजपक्षे समर्थकों ने वहाँ मौजूद अस्थायी तंबुओं में तोड़फोड़ शुरू कर दी. वे प्रदर्शनकारियों पर भी हमले करते दिखे.

इमेज स्रोत, Ranjan Arun Prasad/ BBC Tamil
कोलंबो के कई इलाकों में कर्फ्यू
समर्थकों की इस कार्रवाई को रोकने के लिए स्पेशल टास्क फोर्स वहाँ पहुंच गई और उसने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल शुरू कर दिया. लेकिन हालात तब और ख़राब हो गए जब महिंदा राजपक्षे समर्थक और सरकार विरोधियों में झड़प शुरू हो गई.
इस संघर्ष में कई लोग घायल हो गए. घटनास्थल से इस मामले की रिपोर्टिंग कर रहे बीबीसी तमिल के संवाददाता रंजन अरुण प्रसाद ने कहा कि कम से तीन लोग घायल हो गए हैं और उन्हें एंबुलेंस की ओर ले जाया गया. इनमें से एक शख्स के सिर पर काफ़ी चोट लगी है.
प्रदर्शन स्थल पर हालात काबू करने के लिए सेना तैनात की गई है. हालाँकि वहां अब भी तनाव है. इस बीच पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि उत्तरी, दक्षिणी और मध्य कोलंबो में अगली सूचना तक कर्फ्यू लागू कर दिया गया है















