IPL 2022 में सबसे बड़ी जीत, कोलकाता को 75 रन से हरा कर लखनऊ पॉइंट टेबल में टॉप पर

आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स को 75 रनों से हरा कर लखनऊ सुपर जायंट्स पॉइंट टेबल में टॉप पर पहुंच गया है. यह आईपीएल 2022 में रनों के अंतर से सबसे बड़ी जीत है.

लाइव कवरेज

भूमिका राय and दीपक मंडल

  1. IPL 2022 में सबसे बड़ी जीत, कोलकाता को 75 रन से हरा कर लखनऊ पॉइंट टेबल में टॉप पर

    IPL 2022, LSGvsKKR

    इमेज स्रोत, BCCI/IPL

    आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स को 75 रनों से हरा कर लखनऊ सुपर जायंट्स पॉइंट टेबल में टॉप पर पहुंच गया है. यह आईपीएल 2022 में रनों के अंतर से सबसे बड़ी जीत है.

    लखनऊ सुपर जायंट्स ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स के सामने जीत के लिए 178 रनों का लक्ष्य रखा है.

    जबाव में कोलकाता की पूरी टीम 101 रन बनाकर आउट हो गई.

    178 के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता की टीम के 25 रन बनने तक कप्तान श्रेयस अय्यर (6 रन) समेत शुरुआती चार खिलाड़ी पवेलियन लौट चुके थे.

    ओपनर्स बाबा इंद्रजीत बग़ैर खाता खोले आउट हुए तो एरॉन फिंच ने 14 रन बनाए. नीतीश राणा भी केवल दो रन ही बना सके.

    इसके बाद आंद्रे रसेल पिच पर आए और उन्होंने काफी तेज़ रन बनाने शुरू किए.

    केवल 19 गेंदों पर 45 रन बनाने के बाद रसेल के आउट होने के बाद कोलकाता की पूरी टीम 101 रन पर आउट हो गई.

    इसके साथ ही कोलकाता को आईपीएल 2022 में सातवीं बार हार का सामना करना पड़ा.

    यह लखनऊ की आठवीं जीत है. इसके साथ ही लखनऊ पॉइंट टेबल में टॉप पर पहुंच गया.

    लखनऊ के लिए आवेश ख़ान और जेसन होल्डर ने तीन तीन विकेट लिए. वहीं मोहसीन ख़ान, दुशमंथा चमीरा और रवि बिश्नोई ने एक एक विकेट लिए.

  2. उत्तर कोरिया का एक और मिसाइल परीक्षण, जापान ने कहा- अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए खतरा

    उत्तर कोरिया

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, उत्तर कोरिया का शक्ति प्रदर्शन

    उत्तर कोरिया ने अपनी पनडुब्बी से एक और बैलेस्टिक मिसाइल की टेस्टिंग की है. दक्षिण कोरिया और जापान ने ये जानकारी दी है.

    अगर इसकी पुष्टि होती है तो यह उत्तर कोरिया की ओर से की जा रही मिसाइल टेस्टिंग की नई कड़ी होगी.

    ये मिसाइल टेस्टिंग ऐसे वक्त हुई है, जब कुछ ही दिनों बाद दक्षिण कोरिया के नए राष्ट्रपति युन सुक इयोल शपथ लेने जा रहे हैं.

    युन ने उत्तर कोरिया के खिलाफ कड़ा रवैया अपनाने के संकेत दिए हैं.

    जापान के रक्षा मंत्री ने उत्तर कोरिया की इस मिसाइल टेस्टिंग अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए खतरा बताया है.

  3. पानी की कमी के चलते महाराष्ट्र के इस गांव में टूट रही हैं शादियां

    वीडियो कैप्शन, पानी की कमी के चलते महाराष्ट्र के इस गांव में टूट रही हैं शादियां

    महाराष्ट्र के शाहापुर तालुका का दांड गांव उन 169 गांवों में से एक है जहां पानी का गंभीर संकट है.

    पानी का संकट यहां इतना गंभीर है कि लोगों की शादियां नहीं हो रहीं. कुछ लोगों की शादियां भी टूट गई हैं.

    देखिए बीबीसी संवाददाता दीपाली जगताप की रिपोर्ट.

  4. सुप्रीम कोर्ट में राजद्रोह क़ानून पर केंद्र ने अपने हलफनामे में कहा- पुनर्विचार की जरूरत नहीं

      • Author, सुचित्र मोहंती, बीबीसी हिंदी के लिए
    सु्प्रीम कोर्ट

    इमेज स्रोत, ANI

    केंद्र सरकार ने राजद्रोह कानून की संवैधानिक मान्यता को चुनौती देने वाली याचिकाओं के जवाब में सुप्रीम कोर्ट में अपना हलफनामा दायर किया है.

    केंद्र सरकार ने अपने हलफनामे में कहा है कि केदारनाथ बनाम बिहार राज्य मामले में दिया गया फैसला एक अच्छा कानून है और इस पर पुनर्विचार करने की कोई जरूरत नहीं है.

    इसमें आगे कहा गया है कि यह फैसला एक नजीर बन गया है और इसके लिए और अब इसमें आगे किसी संदर्भ की कोई जरूरत नहीं है.

    हलफनामे में कहा गया है, ‘’ केदारनाथ सिंह मामले को पढ़ने से साफ पता चलता है कि संवैधानिक बेंच ने सेक्शन 124-ए की संवैधानिक मान्यता पर संविधान के तीसरे हिस्से में मौजूद अनुच्छेद 14,19 और 21 समेत सभी संवैधानिक सिद्धांतों के नजरिये से विचार किया है.

    केंद्र सरकार ने अपने हलफनामे में आगे कहा है कि राजद्रोह कानून के दुरुपयोग के किसी एक उदाहरण को केदारनाथ मामले पर दोबारा विचार करने का आधार नहीं बनाया जा सकता.

  5. रूस से गैस लेना बंद कर देगा यूरोप, तो क्या हैं उसके पास विकल्प? दुनिया जहान

    वीडियो कैप्शन, रूस से गैस लेना बंद कर देगा यूरोप, तो क्या हैं उसके पास विकल्प? Duniya Jahan

    यूरोप के कई देश अपनी ऊर्जा और दूसरी ज़रूरतों के लिए रूस की गैस पर निर्भर हैं.

    यूक्रेन पर हमले के बाद से यूरोप में कई देशों को ये लगने लगा है कि वो गैस ख़रीदकर रूस के सैन्य अभियान के लिए भुगतान कर रहे हैं और अब वो रूस की गैस के विकल्प तलाश रहे हैं.

    लेकिन क्या यूरोप इस स्थिति में है कि वो रूस से गैस लेना बंद कर सके, दुनिया जहान में इस बार इसी सवाल की पड़ताल.

  6. IPL 2022: KKRvsLSG: 19वें ओवर में पांच छक्के, लखनऊ ने रखा 177 रनों का लक्ष्य

    क्विंटन डीकॉक

    इमेज स्रोत, BCCI/IPL

    इमेज कैप्शन, क्विंटन डीकॉक ने सबसे अधिक 50 रन बनाए

    19वें ओवर में पांच छक्कों की बदौलत लखनऊ सुपर जायंट्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स के सामने जीत के लिए 177 रनों का लक्ष्य रखा है.

    आईपीएल-15 के 52वें मुक़ाबले में कोलकाता ने टॉस जीत कर लखनऊ को पहले बल्लेबाज़ी के लिए उतारा.

    पहले ओवर की पांचवीं गेंद पर लखनऊ के कप्तान केएल राहुल बिना अपना खाता खोले रन आउट हो गए.

    इसके बाद क्विंटन डीकॉक और दीपक हुडा ने दूसरे विकेट के लिए 71 रनों की साझेदारी निभाई.

    73 के कुल स्कोर पर डीकॉक 50 रन बना कर आउट हो गए. इसके बाद दीपक हुडा ने 41, क्रुणाल पंड्या ने 25, मार्कस स्टोइनिस ने 28 और जेसन होल्डर ने 13 रन बनाए.

    मैच के 19वें ओवर में शिवम मावी की गेंद पर पहले मार्कस स्टोइनिस ने लगातार तीन छक्के जड़े. चौथी पर स्टोइनिस आउट हो गए. अंतिम दो गेंदों पर जेसन होल्डर ने भी छक्का जड़ा.

    इसके साथ ही इस ओवर में कुल पांच छक्के लगे और लखनऊ 176 रन का स्कोर खड़ा करने में कामयाब हुआ.

    कोलकाता की ओर से आंद्रे रसेल ने दो जबकि टिम साउदी, शिवम मावी और सुनील नरेन ने एक एक विकेट लिए.

  7. 'मैं गैस बचाने के लिए एक वक़्त खाना बनाती हूं, दो महीने सिलेंडर चलाना पड़ता है'

    मनभरी देवी

    दिल्ली के कल्याणपुरी में गुमटी में चाय की दुकान चलाने वाली पप्पी देवी को जैसे ही एलपीजी सिलेंडर के दाम पचास रुपये बढ़ने का पता चला उन्होंने गहरी सांस ली.

    किराये के कमरे में अकेली रहने वाली पप्पी कहती हैं, "मैं फुटकर में गैस ख़रीदती हूं, सौ रुपये देने पड़ते हैं एक किलो के, अब और ज्यादा पैसे देने पड़ेंगे. लेकिन चाय के दाम नहीं बढ़ा सकती."

    पास ही रहने वाली शांति देवी के बेटे 12 हज़ार रुपये महीना की नौकरी करते हैं.

    वो कहती हैं, "घर की कमाई बढ़ नहीं रही है लेकिन हर चीज़ महंगी होती जा रही है. बाकी चीज़ों से समझौता किया जा सकता है लेकिन गैस सिलेंडर के बिना काम कैसे चलेगा?"

    शांति कहती हैं, "महंगाई का ये झटका ऐसा है कि इसके आगे करंट भी हलका है. ऐसा लग रहा है सरकार हमें करंट लगा रही है और हम बिलबिला रहे हैं."

    पप्पी देवी और शांति देवी जैसी महिलाओं को नहीं पता कि इस बढ़ती महंगाई से कैसे निबटा जाएगा.

    शनिवार को गैस कंपनियों ने घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में पचास रुपये की वृद्धि की है.

    दिल्ली में अब घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर 999 रुपये का है.

  8. ज्ञानवापी मस्जिद सर्वे पर बोले ओवैसी, बीजेपी-संघ फिर भड़काना चाहते हैं नब्बे के दशक जैसी नफरत

    असदुद्दीन ओवैसी

    इमेज स्रोत, ANI

    एआईएमआईएम के चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने वाराणसी में ज्ञानवापी मस्जिद के सर्वे से जुड़े विवाद पर कहा है कि भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस देश में एक बार फिर 1990 के दशक जैसी नफरत भड़काना चाहते हैं.

    हैदराबाद की एक जनसभा में ओवैसी ने कहा, "भारत और उत्तर प्रदेश सरकार को कोर्ट को बताना चाहिए था कि संसद ने उपासना स्थल (विशेष प्रावधान) कानून, 1991 कानून पारित किया है. इसमें कहा गया है कि 15 अगस्त, 1947 को जो पूजा स्थल जैसी स्थिति में था, उसमें कोई छेड़छाड़ नहीं की जाएगी. केंद्र सरकार जानती है कि जब बाबरी मस्जिद का फैसला आया था तो उसने इस कानून को संविधान के मूलभूत ढांचे से जोड़ा था."

    ओवैसी ने कहा, "सरकार का ये संवैधानिक कर्तव्य है कि वो कोर्ट को ये बताए कि वो जो कुछ कर रहे हैं गलत हैं. लेकिन चूंकि वे नफरत की राजनीति करते हैं इसलिए चुप हैं. बीजेपी को यह बताना चाहिए कि क्या वे उपासना स्थल (विशेष प्रावधान) 1991 को मानते हैं. ये बीजेपी और संघ परिवार है, जो इस मामले पर फोकस किए हुए है. वे एक बार फिर इस देश में 1990 के दशक जैसी नफरत भड़काना चाहते हैं."

    इससे पहले भी ओवैसी ने ज्ञानवापी मस्जिद में सर्वे कराने के कोर्ट के फैसले की आलोचना की थी और कहा था कि यह उपासना स्थल (विशेष प्रावधान) कानून 1991 का उल्लंघन है.

  9. मुनव्वर फ़ारूक़ी: कॉमेडियन के पुलिस हवालात से 'लॉक अप' तक पहुंचने की कहानी

    Insta/Munawar Faruqui

    इमेज स्रोत, Insta/Munawar Faruqui

    इमेज कैप्शन, मुनव्वर फ़ारूक़ी

    एक जनवरी, 2021 को जब दुनिया नया साल मना रही थी, तब लाखों लोगों को हँसाने वाला एक गुजराती कॉमेडियन लॉक अप यानी जेल भेजा जा रहा था.

    ये साल 2022 है और एक बार फिर यही कॉमेडियन मुनव्वर फ़ारूक़ी 'लॉक अप' के पीछे भेजा गया लेकिन ये 'लॉक अप' साल 2021 वाला नहीं, बल्कि एक रिएलिटी शो है, जिसकी होस्ट एक्ट्रेस कंगना रनौट हैं.

    'लॉकअप', 'बिग बॉस' जैसा रिएलिटी शो है, जिसमें कुछ मेहमान कुछ वक़्त के लिए शो में आते हैं और धीरे-धीरे शो से बाहर होते जाते हैं.

    शो में बचे रहने के तरीकों में अपने राज़ बताना भी शामिल है.

    लॉक अप शो में एंट्री के बाद मुनव्वर फ़ारूक़ी लगातार चर्चा में रहते हैं. कभी अपनी मां की कहानी सुनाकर तो कभी बचपन में हुए यौन शोषण की कहानी बताकर. सोशल मीडिया पर कई लोगों का अनुमान है कि लॉकअप शो मुनव्वर फ़ारूक़ी जीत सकते हैं.

  10. ब्रेकिंग न्यूज़, तेजिंदर पाल सिंह बग्गा के ख़िलाफ़ पंजाब की अदालत ने गिरफ़्तारी का वारंट जारी किया

    दिल्ली बीजेपी के नेता आदेश गुप्ता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा के पिता को मिठाई खिलाते हुए

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, दिल्ली बीजेपी के नेता आदेश गुप्ता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा (बीच में) के पिता को मिठाई खिलाते हुए

    पंजाब में मोहाली की एक अदालत ने भारतीय जनता पार्टी के नेता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा के ख़िलाफ़ गिरफ़्तारी वारंट जारी किया है.

    अदालत ने पंजाब पुलिस को उन्हें गिरफ़्तार कर कोर्ट के समक्ष पेश करने का निर्देश दिया है.

    शुक्रवार सुबह पंजाब पुलिस ने तेजिंदर पाल सिंह बग्गा को उनके घर से गिरफ़्तार किया था.

    पंजाब पुलिस उन्हें दिल्ली से ले जा रही थी, लेकिन रास्ते में पिपली के पास हरियाणा पुलिस ने पंजाब पुलिस की टीम को रोक लिया.

    इस बीच वहां दिल्ली पुलिस पहुंच गई और बग्गा को वापस लेकर आई.

    दिल्ली पुलिस का कहना था कि बग्गा के पिता ने उनके अगवा किए जाने की रिपोर्ट लिखवाई थी जिसके बाद उन्हें कार्रवाई करनी पड़ी.

  11. रवींद्रनाथ टैगोर ने क्यों की थी 'नाइट' की उपाधि वापस करने की घोषणा: विवेचना

    वीडियो कैप्शन, दुनिया में रवींद्रनाथ टैगोर अकेले कवि हैं, जिन्होंने दो देशों के राष्ट्रगान लिखे हैं.

    दुनिया में रवींद्रनाथ टैगोर अकेले कवि हैं, जिन्होंने दो देशों के राष्ट्रगान लिखे हैं, भारत का 'जन गण मन' और बांग्लादेश का 'आमार सोनार बांग्ला.' वहीं श्रीलंका के राष्ट्रगान पर भी उनकी छाप दिखाई देती है.

    वैसे श्रीलंका के राष्ट्रगान को 1939-40 में आनंद समाराकून ने तब लिखा था, जब वो विश्वभारती में टैगोर के शिष्य हुआ करते थे. 'जन गण मन' की रचना 1911 में हुई थी और इसे पहली बार उसी साल कांग्रेस के 27वें सत्र में गाया गया था.

  12. IPL 2022: RRvsPBKS: पंजाब को हरा कर राजस्थान नंबर-3 पर बरकरार

    यशस्वी जायसवाल

    इमेज स्रोत, BCCI/IPL

    इमेज कैप्शन, यशस्वी जायसवाल ने 41 गेंद पर 68 रन बनाए

    राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल के एक अहम मुक़ाबले में पंजाब किंग्स को 6 विकेट से हरा कर पॉइंट टेबल में तीसरा स्थान बरकरार रखा है.

    पंजाब किंग्स ने जीत के लिए 190 रन का लक्ष्य रखा था जिसे राजस्थान ने यशस्वी जायसवाल के अर्धशतक (68 रन), जॉस बटलर (30 रन), देवदत्त पड्डिकल (31 रन), हेटमायर (नाबाद 31 रन) की महत्वपूर्ण पारियों की बदौलत छह विकेट रहते हासिल कर लिया.

    पंजाब की ओर से अर्शदीप सिंह ने दो, कगिसो रबाडा और रिषि धवन ने एक एक विकेट लिए.

    इससे पहले टॉस जीत कर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी पंजाब की टीम की ओर से जॉनी बेयरेस्टो ने अर्धशतक (40 गेंदों पर 56 रन), विकेटकीपर जीतेश शर्मा ने 18 गेंदोंं पर नाबाद 38 रन, भानुका राजपक्षे ने 18 गेंदों पर 27 रन और लियम लिविंग्सटन ने 14 गेंदों पर 22 रन बनाए.

    पंजाब ने 20 ओवरों में पांच विकेट पर 189 रन बनाए. राजस्थान की तरफ़ से युज़वेंद्र चहल ने 4 ओवरों में 28 रन देकर तीन विकेट लिए. वहीं रविचंद्रन अश्विन और प्रसिद्ध कृष्णा को एक एक विकेट मिले.

  13. बीबीसी इंडिया बोल, 07 मई 2022, केजरीवाल क्यों लाए बिजली सब्सिडी का नया 'प्लान'?, सुनिए वात्सल्य राय से

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  14. नीट पीजी की परीक्षा 21 मई को ही होगी, पीआईबी ने फेक खबरों के बाद जारी किया स्पष्टीकरण

    नीट पीजी परीक्षा

    इमेज स्रोत, ANI

    प्रेस इनफॉरमेशन ब्यूरो ने कहा है कि नीट पीजी परीक्षा स्थगित नहीं हुई है. यह परीक्षा अपने निर्धारित कार्यक्रम 21 मई को होगी.

    पीआईबी ने नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन के नाम से जारी परीक्षा रद्द होने के नोटिस को फर्जी करार दिया है.

    इसमें कहा गया था कि परीक्षा की नई तारीख 9 जुलाई को तय की गई है.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइसेंज यानी एनबीईएमएस ने भी उसके नाम से परीक्षा के बारे में फैलाई जा रही इस तरह की भ्रामक और फर्जी सूचनाओं से सावधान रहने को कहा है.

    मीडिया में आई कुछ खबरों में कहा गया था कि नीट पीजी परीक्षा अब 9 मई के बजाय 9 जुलाई को होगी. इसके बाद ही प्रेस इन्फॉरमेशन ब्यूरो ने परीक्षा को लेकर स्पष्टीकरण जारी किया.

  15. कोरोना के मामलों में कमी, फिर भी सख़्ती कर रहा चीन

    वीडियो कैप्शन, कोरोना के मामलों में कमी, फिर भी सख्ती कर रहा चीन

    चीन के शंघाई में एक महीने से ज़्यादा वक़्त से सख्त लॉकडाउन के बाद नए मामले कम हो रहे हैं, लेकिन सख्ती जारी है. सरकारी क्वारंटीन सेंटरों में अभी भी हज़ारों लोग मौजूद हैं.

    बीबीसी के पास ऐसे सबूत हैं जिससे पता चलता है कि बुजुर्गों को कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद घर से बाहर निकाला गया है. बीबीसी संवाददाता रॉबिन ब्रांट की शंघाई से रिपोर्ट.

  16. अमित शाह के साथ डिनर के बाद सौरव गांगुली ने की ममता की जम कर तारीफ

    सौरव गांगुली और अमित शाह

    इमेज स्रोत, ANI

    गृह मंत्री अमित शाह के घर आने के एक दिन बाद बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की जम कर तारीफ की. गांगुली ने बीजीपी की कट्टर विरोधी ममता से अपनी नजदीकियों का जिक्र किया. अमित शाह शुक्रवार को कोलकाता में सौरव गांगुली के घर पहुंचे थे और उनके साथ डिनर किया था.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक शनिवार को सौरव गांगुली ने कहा, "माननीय मुख्यमंत्री मुझसे काफी करीब हैं. मैं इस संस्था के लिए मदद मांगने उनके पास गया था."

    सौरव क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल का जिक्र कर रहे थे.

    भारतीय क्रिकेट के पूर्व कप्तान गांगुली ने कोलकाता के मेयर फरहाद हकीम की भी तारीफ की और कहा, "मैं फरहाद भाई के भी काफी करीब हूं. जब मैं पहली क्लास में था तभी से मेरी उनसे मुलाकात है. वह हमारे पारिवारिक मित्र हैं. उनके पास जो भी जाता है, उसे मदद मिलती है. मैंने कई बार उनसे मदद मांगी है."

    सौरव गांगुली और अमित शाह

    इमेज स्रोत, ANI

    शुक्रवार को शाह के गांगुली के घर पहुंचने के बाद उनके राजनीति में उतरने के कयास तेज हो गए थे.लेकिन इस डिनर को पारिवारिक आयोजन बताया गया था. डिनर के दौरान सौरव उनके बड़े भाई स्नेहाशीष गांगुली मौजूद थे.

    सौरव की पत्नी डोना गांगुली भी मौजूद थीं. शाह के साथ बीजेपी नेता स्वप्न दासगुप्ता, पश्चिम बंगाल के बीजेपी प्रमुख सुकांत मजूमदार और राज्य में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी मौजूद थे.

    शुक्रवार को इस डिनर के बाद सौरव ने कहा था कई तरह की खबरें चल रही हैं. लेकिन वह अमित शाह को 2008 से ही जानते हैं. खेलने के दौरान वह कई बार शाह से मिल चुके हैं.

  17. ग्राउंड रिपोर्ट: जानिए शांत जोधपुर में क्यों और कैसे मचा हंगामा

    वीडियो कैप्शन, मूर्ति और झंडे को लेकर हुए हंगामे ने कैसे बदल दी शहर की सूरत

    1992 में जब देश के तमाम क्षेत्रों में सांप्रदायिक हिंसा फैल गई थी तब भी जोधपुर के लोगों के बीच ऐसा कुछ नहीं हुआ. नीली दीवारों और संकरी गलियों वाले जोधपुर शहर ने दो धर्मों के बीच विवाद कभी देखा ही नहीं.

    लेकिन इस साल ईद की एक रात पहले यहां हालात तेज़ी से बदले. दो मई की रात 11 बजे जो विवाद यहां शुरू हुआ और जिस तरह वो फैलता गया वो कुछ ऐसा था जैसा जोधपुर के इतिहास में आज़ादी के बाद कभी नहीं हुआ.

    इसके बाद शहर में आठ मई तक कर्फ़्यू बढ़ा दिया गया है.

  18. अल-अक्सा मस्जिद परिसर में इसराइली सेना की कार्रवाई पर ईरान ने क्या कहा

    अल-अक्सा मस्जिद

    इमेज स्रोत, Getty Images

    ईरान ने यरूशलम में अल-अक्सा मस्जिद के कंपाउंड पर हो इसराइली सेना के 'लगातार हमले' की निंदा की है. ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सईद कातिबजादा ने कहा है कि हड़पने वाले लोगों के खिलाफ संघर्ष फलस्तीनियों का कानूनी हक है.

    ईरानी विदेश मंत्रालय की वेबसाइट ने प्रवक्ता के हवाले से कहा है, "कब्जा और कब्जा करने वाले लगातार कमजोर हो रहे हैं. कुद्स (यरूशलम) और फलस्तीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ संघर्ष फलस्तीन के लोगों का स्वाभाविक, कानून और वैध अधिकार है."

    ईरानी विदेश मंत्रालय ने कहा कि फलस्तीन लोगों को उनकी आत्मरक्षा और यहूदी समर्थक कब्जा करने वाले लोगों के खिलाफ संघर्ष में सभी देशों, सरकारों, इलाकों और अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लोगों को मदद करनी चाहिए.

    यरूशलम में अल-अक्सा मस्जिद में फलस्तीनी श्रद्धालुओं और इसराइली सैनिकों के बीच 15 अप्रैल को झड़प हुई थी.

    इसके बाद ईरानी विदेश मंत्री हुसैन अमीर अब्दुल्लाहियान ने कहा था कि ये झड़प कुछ अरब मुस्लिम देशों और इसराइल के बीच संबंध बेहतर करने की कोशिश को नुकसान पहुंचा सकती है.

  19. 100 साल तक भाईचारे का संकल्प लेने वाला गाँव

    वीडियो कैप्शन, 100 साल तक भाईचारे का संकल्प लेने वाला गांव

    ऐसे समय में जब भारत के कई हिस्सों से सांप्रदायिक तनाव की खबरें सामने आ रही हैं, तब महाराष्ट्र के एक गांव के लोगों ने अगले सौ साल के लिए धार्मिक सौहार्द, आपसी मेलजोल और भाईचारे का संकल्प लिया है.

    देखिए बीबीसी के लिए मुश्ताक़ ख़ान की रिपोर्ट.

  20. IPL 2022: RRvsPBKS: पंजाब ने राजस्थान के सामने रखा 190 रन का लक्ष्य

    Jonny Bairstow, जॉनी बेयरेस्टो

    इमेज स्रोत, BCCI/IPL

    इमेज कैप्शन, जॉनी बेयरेस्टो

    आईपीएल के 52वें मुक़ाबले में पंजाब किंग्स ने राजस्थान रॉयल्स के सामने जीत के लिए 190 रनों का लक्ष्य रखा है.

    टॉस जीत कर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी पंजाब की टीम की ओर से जॉनी बेयरेस्टो ने अर्धशतक (40 गेंदों पर 56 रन), विकेटकीपर जीतेश शर्मा ने 18 गेंदोंं पर नाबाद 38 रन, भानुका राजपक्षे ने 18 गेंदों पर 27 रन और लियम लिविंग्सटन ने 14 गेंदों पर 22 रन बनाए.

    20 ओवरों में पंजाब ने पांच विकेट पर 189 रन बनाए.

    राजस्थान की तरफ़ से युज़वेंद्र चहल ने 4 ओवरों में 28 रन देकर तीन विकेट लिए. वहीं रविचंद्रन अश्विन और प्रसिद्ध कृष्णा को एक एक विकेट मिले.

    पंजाब ने अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया है वहीं राजस्थान की टीम में करुण नायर की जगह यशस्वी जायसवाल लाए गए हैं.